कलेक्टर चिन्मयी गोपाल पहुंचीं नवगठित नगरपालिका कैंप:बोलीं-कॉलोनियों को लिस्टेट कर जल्द करेंगे नियमन; विधायक ने बांटे पट्‌टे

बाड़मेर की नवगठित चौहटन नगरपालिका में शहर से‌वा शिविर लगा। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल गुरुवार को कैंप में पहुंचीं। यहां लोगों को स्टेट ग्रांट के पट्‌टे वितरित किए गए। चौहटन विधायक आदूलाल भी शिविर में मौजूद रहे। चौहटन विधायक आदूराम ने बताया- शहर सेवा शिविर के तहत पट्‌टे वितरित किए हैं। लंबे समय से इनके पास पट्‌टे नहीं थे। शहर के अंदर रहते हैं। उनको किसी भी तरह का लोन लेना हो तो आसानी से मिल जाएगा। इन शिविरों में पट्‌टे की शुरूआत हुई है। स्टेट ग्रांट के पट्‌टे बनाकर दिए जा रहे हैं। कलेक्टर ने कहा- ग्रामीण नगर पालिका में हमने प्लानिंग की है कि यहां पर पट्‌टे दिए जाएंगे। क्योंकि ग्राम पंचायत से नई नगर पालिका बनी है। इसलिए यहां पर पट्‌टे देने का काफी स्कोप है। ग्राम पंचायत से नगरपालिका बना चौहटन दरअसल, ग्राम पंचायत से चौहटन नई नगर पालिका बनी। इसको लेकर लोगों में कंफ्यूजन की स्थिति थी। चर्चा थी कि ग्राम पंचायत की ओर से जारी पट्‌टों को नगर पालिका की मान्यता नहीं मिलेगी। साथ ही यह भी कहा जा रहा था कि नगरपालिका में रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। भ्रामक चर्चाओं पर विराम लगाते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से समझाइश की और शंका को दूर किया। कलेक्टर और विधायक ने सुनी समस्याएं कलेक्टर चिन्मयी गोपाल और विधायक आदूराम मेघवाल ने इस दौरा लोगों की पानी, बिजली समेत अनेकों समस्याओं को सुना है। उन समस्याओं को जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा- चौहटन नगर पालिका के अंतर्गत आने वाली हमने अभी कॉलोनियां लिस्टेट करवा दी है। पुरानी आबादी के लोगों को स्टेट ग्रांट के पट्‌टे 1 रुपए में दिए जाए। प्रयास रहेगा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्टेट ग्रांट के पट्‌टे जारी किए जाएं। इसके अलावा भी कृष्ण लैंड को कंवर्ट कर जो कॉलोनियां बनी है। उसमें भी पट्‌टे दिए जाएं। 69 ए के पट्‌टे दिए जाएंगे। इसके लिए एसडीएम को निर्देशित कर दिया गया है।

बिजली तार चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार:आउ-चिमाणा के बीच 5 लाख के तार चोरी मामले में कार्रवाई

जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और चाखू थाना पुलिस ने आउ से चिमाणा के बीच निर्माणाधीन विद्युत लाइन से हुई तार चोरी की वारदात का खुलासा किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है। चोरी हुए तारों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि 15 मई 2026 को चाखू पुलिस थाने में परिवादी ओमसिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, मरुधरा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा आउ से चिमाणा के बीच 33 केवी विद्युत लाइन का कार्य चल रहा था। 3 मई 2026 को अज्ञात चोरों ने तीन किलोमीटर की लाइन से तार और अन्य सामान चुरा लिया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और फील्ड सूचना एकत्रित कर जांच शुरू की। घटना में शामिल आरोपी सलीमदीन पुत्र नसीर खां मुसलमान निवासी घंटियाली को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी सलीमदीन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस आरोपी से चोरी किए गए विद्युत तार और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही, इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

सीनियर टीचर भर्ती अब 10 हजार 537 पदों पर होगी:RPSC ने 4037 पद बढ़ाए; 12 से 18 जुलाई तक 12 लाख से ज्यादा कैंडिडेट्स देंगे एग्जाम

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सीनियर टीचर (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती-2025 में 4037 पदों की बढ़ोतरी की है। अब ये भर्ती 10 हजार 537 पदों पर होगी। इसके लिए आयोग ने नोटिफिकेशन जारी किया है। सीनियर टीचर भर्ती के लिए 12 से 18 जुलाई तक एग्जाम होगा। इसमें 12 लाख से ज्यादा कैंडिडेट्स ने आवेदन किए हैं। इस भर्ती में सबसे ज्यादा साइंस में 2260 पद पर वैकेंसी है। ये है एग्जाम शेड्यूल अलग-अलग सब्जेक्ट की परीक्षाओं को चार ग्रुप (ए, बी, सी और डी) में बांटा है। ग्रुप-ए में सोशल साइंस विषय है। इसके अभ्यर्थियों की 12 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान की परीक्षा होगी। दोपहर 3 से 5:30 बजे तक सोशल साइंस की परीक्षा होगी। ग्रुप-बी में हिंदी विषय है। इस सब्जेक्ट के अभ्यर्थियों की 13 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान की परीक्षा होगी। दोपहर 3 से 5:30 बजे तक हिंदी की परीक्षा होगी। ग्रुप-सी में साइंस और संस्कृत सब्जेक्ट है। इन विषयों के सभी अभ्यर्थियों की 14 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान की परीक्षा होगी। इसके बाद दोपहर 3 से 5:30 बजे तक साइंस विषय की परीक्षा होगी। 15 जुलाई को सुबह 10 से 12:30 बजे तक संस्कृत विषय के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। ग्रुप-डी में गणित, इंग्लिश, उर्दू, पंजाबी, सिंधी और गुजराती सब्जेक्ट रखे गए हैं। इन सब्जेक्ट के सभी अभ्यर्थियों की 16 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान की परीक्षा होगी। इसके बाद दोपहर 3 से 5:30 बजे तक गणित विषय के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 17 जुलाई को सुबह 10 से 12:30 बजे तक इंग्लिश और दोपहर 3 से 5:30 बजे तक उर्दू विषय के अभ्यर्थियों की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 18 जुलाई को सुबह 10 से 12:30 बजे तक पंजाबी और दोपहर 3 से 5:30 बजे तक सिंधी और गुजराती सब्जेक्ट के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। ————– ये खबरें भी पढ़ें… राजस्थान में 2005 पदों पर होगी भर्ती:बिजली निगमों में जेईएन, जूनियर अकाउंटेंट और जूनियर असिस्टेंट की वैकेंसी, जानें-कब शुरू होंगे आवेदन राजस्थान सरकार ने बिजली निगमों में 2005 पदों पर भर्ती निकाली है। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RRVUNL) ने बुधवार को भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया। इस भर्ती के तहत पांचों बिजली कंपनियों में जूनियर इंजीनियर (JEN), जूनियर अकाउंटेंट और जूनियर असिस्टेंट के पद भरे जाएंगे। (पूरी खबर पढ़ें) VDO भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी:जनरल वर्ग की कटऑफ 169.38 रही; 850 पद के लिए 5 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती-2025 का फाइनल रिजल्ट बुधवार देर रात जारी कर दिया। लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह राहत भरी खबर है। (पूरी खबर पढ़ें)

विकसित भारत जी-रामजी योजना के लिए प्रशासन अलर्ट:'लक्ष्य पूरा करें, रोजगार बढ़ाएं'- बारां कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

1 जुलाई से शुरू होने वाली विकसित भारत जी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बारां कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (ईजीएस) बालमुकुंद असावा ने सभी तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप श्रमिक नियोजन सुनिश्चित करने, स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने तथा वर्षा ऋतु में पौधारोपण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही एक्टिव जॉब कार्ड की ई-केवाईसी में कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को 10 दिनों में उल्लेखनीय सुधार लाने के निर्देश दिए। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर गुरुवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने जिले के सभी लाइन विभागों तथा पंचायत समितियों के विकास एवं कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-रामजी योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप श्रमिकों का नियोजन किया जाए तथा स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। पौधारोपण और हरियाली अभियान को प्राथमिकता असावा ने वर्षा ऋतु के दौरान पौधारोपण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए वृक्ष कुंज, हरियालो राजस्थान अभियान और सड़क किनारे पौधारोपण कार्यों को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्कूल मैदानों सहित अन्य खाली भूमि को विकसित कर वहां पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए। किशनगंज-शाहाबाद में चिरौंजी विकास पर फोकस बैठक में किशनगंज और शाहाबाद क्षेत्र में चिरौंजी विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। ई-केवाईसी की धीमी प्रगति पर नाराजगी एक्टिव जॉब कार्ड की ई-केवाईसी में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर जिला कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर अगले 10 दिनों में ई-केवाईसी कार्य में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभिन्न योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक में लाइन विभागों और पंचायत समितियों की कार्ययोजनाओं, स्वीकृति के लिए प्राप्त प्रस्तावों, स्वीकृत कार्यों की प्रगति, शून्य व्यय और 30 प्रतिशत से कम प्रगति वाले कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा अपूर्ण कार्यों को पूरा कराने, श्रमिक नियोजन एवं मानव दिवस सृजन, लंबित जियोटैग (फेज-1 एवं फेज-2), वृक्ष कुंज कार्यों, हरियालो राजस्थान अभियान, सड़क किनारे पौधारोपण, ग्राम सेवा शिविरों की प्रगति तथा विकसित भारत जी-रामजी योजना के प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जिला परिषद के सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, विभिन्न पंचायत समितियों के विकास अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कोटपूतली के कंवरपुरा में कीचड़ से निकलनी पड़ी शवयात्रा:ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- सालों से जलभराव की समस्या से जूझ रहा गांव, नहीं हो रही सुनवाई

कोटपूतली क्षेत्र के कंवरपुरा गांव में गुरुवार को एक बुजुर्ग की शव यात्रा को मुख्य रास्ते पर भरे कीचड़ और गंदे पानी के बीच से निकालना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन, ग्राम पंचायत और जनप्रतिनिधियों के प्रति गहरा रोष देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्या के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई प्रभावी समाधान नहीं किया। गांव का मुख्य मार्ग लंबे समय से जलभराव और नालियों के अभाव की समस्या से जूझ रहा है। बारिश और गंदे पानी के जमा होने से रास्ता दलदल में तब्दील हो चुका है। हालात ऐसे हैं कि आम लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए नहीं मिला दूसरा रास्ता गुरुवार को गांव के एक बुजुर्ग के निधन के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं। परिजनों और ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती श्मशान घाट तक शव यात्रा पहुंचाने की थी। गांव से श्मशान तक जाने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरन कीचड़ भरे मुख्य रास्ते से ही गुजरना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और तस्वीरें घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वीडियो में ग्रामीणों को जलभराव और कीचड़ के बीच शव यात्रा निकालते हुए देखा जा सकता है। इन तस्वीरों ने गांव की मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण बोले- वर्षों से कर रहे शिकायत, नहीं हुई सुनवाई ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के मुख्य रास्ते पर जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से वे इस मुद्दे को लेकर ग्राम पंचायत, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने शिकायतें दर्ज कराते आ रहे हैं। कई बार लिखित और मौखिक रूप से अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाला निर्माण और सड़क सुधार का कार्य कराया गया होता तो आज इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती। लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग करते हुए गांव के मुख्य मार्ग को दुरुस्त कराने और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई है।

सीनियर वुमेंस टूर्नामेंट में जयपुर की शानदार जीत:DLS मेथड से उदयपुर को 29 रन से हराकर बाजी मारी, फाइनल में बनाई जगह

राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में जयपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को आरसीए अकादमी मैदान पर खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में जयपुर ने उदयपुर को बारिश से प्रभावित मैच में DLS मेथड के आधार पर 29 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए उदयपुर की टीम 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रिजा शेख ने सबसे अधिक 56 रन की पारी खेली, जबकि अल्पना रावत ने नाबाद 47 रन का योगदान दिया। दिव्यांशी शेखावत ने 23 रन देकर हासिल किए 2 विकेट जयपुर की गेंदबाजी काफी प्रभावी रही। दिव्यांशी शेखावत ने 23 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। अर्चना योगी ने 24 रन पर 2 विकेट और प्रिया सामोता ने 26 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं अंशिका चौधरी और संजू चौधरी ने एक-एक विकेट लिया। 40 रन बनाकर नाबाद रहीं ज्योति चौधरी 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयपुर टीम ने बारिश के व्यवधान के बीच 5 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए। टीम की ओर से मेघा सैनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। ज्योति चौधरी 40 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि अंशिका चौधरी ने 19 और अर्चना योगी ने नाबाद 15 रन का योगदान दिया। उदयपुर की ओर से सोनल, अल्पना, अंशिका, ऋतु और तनिश्का ने एक-एक विकेट हासिल किया, लेकिन जयपुर की बल्लेबाजी को रोकने में सफल नहीं हो सकीं। बारिश के कारण मैच प्रभावित होने पर DLS मेथड लागू किया गया, जिसमें जयपुर को 29 रन से विजेता घोषित किया गया। इस जीत के साथ जयपुर टीम ने प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब जयपुर की नजर खिताब जीतने पर होगी। मैच के दौरान राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी के सदस्य सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी और जयपुर जिला एडहॉक कमेटी संयोजक राजेश कुमार ताम्बी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

24 घंटे में मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार:सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता, चोरी की बाइक भी बरामद

प्रतापगढ़ जिले की छोटीसादड़ी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन और छोटीसादड़ी थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को शाम करीब 5 बजे छोटीसादड़ी कस्बे के नीमच दरवाजा क्षेत्र में एक दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल (आरजे 09 वाईएस 9733) अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद वाहन मालिक ने छोटीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही शुरू हुई जांच शिकायत मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी में शामिल संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद पुलिस ने मामले में प्रकाश शर्मा (35), निवासी सेमरड़ा, थाना छोटीसादड़ी और श्यामलाल मीणा (32), निवासी उटाखेड़ा, थाना धमोतर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। सीसीटीवी कैमरे बने पुलिस की जांच का अहम आधार पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फुटेज के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया, जिससे पुलिस को जल्द सफलता मिली। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।

जाट छात्रावास के विकास को लेकर आमसभा:छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए होगा विकास समिति का गठन

महाराजा सूरजमल जाट छात्रावास में छात्रावास के विकास और भावी योजनाओं पर चर्चा के लिए अर्धवार्षिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ महाराजा सूरजमल के चित्र पर माल्यार्पण और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। बैठक की अध्यक्षता छात्रावास के संरक्षक रामजीलाल जाखड़ ने की। इसमें छात्रावास की प्रगति, आय-व्यय, निर्माण कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कोषाध्यक्ष लीलाधर लाम्बोरा ने छात्रावास की आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। समाज के वरिष्ठ नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों और युवाओं ने अपने विचार रखे तथा छात्रावास के विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सभागार के नवीनीकरण, मुख्य द्वार के निर्माण और छात्रावास में निर्माणाधीन 11 कमरों की प्रगति रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि छात्रावास प्रबंधन समिति के अतिरिक्त विद्यार्थियों के विकास और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक अलग छात्र विकास समिति का गठन किया जाएगा। साथ ही, समाज के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को छात्रावास से जोड़ने और उनके सुझाव लेने का भी निर्णय हुआ। अध्यक्ष बाबूलाल चौधरी ने कहा, “छात्रावास समाज की अमूल्य धरोहर है। इसके विकास में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।” महामंत्री एडवोकेट मनोज चौधरी ने बताया, “छात्रावास समाज के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का केंद्र है। समाज के सहयोग से इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।” बैठक में प्रोफ़ेसर पी सी जाट, प्रगतिशील किसान कैलाश धुंआ, एडवोकेट सुरेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी, आजाद मान, रोहिताश ताखर, कैलाश जाखड़, महेश जाखड़ और शिक्षाविद राजेश चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर युवा जाट महासभा के अध्यक्ष पुष्पेंद्र चौधरी, RES संजय चौधरी, राजेश धीधवाल, प्रकाश ओला, विजय गिठाला, सतपाल जाट और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने छात्रावास के विकास में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

री-नीट पेपर बेचने का दावा, 2 बीटेक स्टूडेन्ट्स गिरफ्तार:वीडियो कॉल पर मांगे थे 30 हजार, हरियाणा से पुलिस लेकर आई

अजमेर पुलिस ने री NEET-2026 परीक्षा का फर्जी प्रश्नपत्र तैयार कर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि दोनों आरोपी बीटेक के छात्र हैं और सोशल मीडिया के जरिए फर्जी पेपर उपलब्ध कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से पैसे वसूलते थे। मामले का खुलासा गुरुवार को सीओ साउथ मनीष बडगूजर ने किया। बड़गुर्जर ने बताया- रामगंज थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसे एक छात्रा ने बताया कि उससे NEET परीक्षा का पेपर दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने खुद को साइबर एक्सपर्ट बताते हुए 30 हजार रुपए में प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा किया। विश्वास में लेने के लिए आरोपी ने मोबाइल पर एक पेपर भी भेजा। शिकायतकर्ता ने बताए गए क्यूआर कोड पर 30 हजार रुपए मांगे। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जागिड़, सीओ मनीष बडगूजर और थाना अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस हरियाणा के करनाल पहुंची और दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बीटेक के छात्र हैं। उन्होंने परीक्षा का फर्जी पेपर तैयार कर उस पर फर्जी आईडी और मुहरें लगाकर असली जैसा स्वरूप दिया था। दोनों आरोपी द्वारा फर्जी पेपर तैयार किया गया और इन्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर उस पर पेपर का वीडियों बनाकर अपलोड कर दिया। संपर्क करने के लिए व्हाटसअप नम्बर उपलब्ध करवाये गए। इसके बाद व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें परीक्षा से पहले पेपर उपलब्ध कराने का लालच दिया जाता था। आरोपी क्यूआर कोड के माध्यम से रकम वसूलते थे पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी आकाश कुमार (19) और अर्शवी कुमार (20) के रूप में की है। दोनों से मोबाइल फोन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने अभ्यर्थियों को निशाना बनाया और ठगी की राशि कितनी है।
इनको किया गिरफ्तार ………. पढें ये खबर भी… अजमेर में छात्रा को वीडियो कॉल पर दिखाया NEET पेपर:30 हजार रुपए में बेचने का दावा, छात्रसंघ अध्यक्ष ने पुलिस को दी शिकायत नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) से ठीक एक दिन पहले अजमेर में पेपर बेचने का एक मामला सामने आया है। डीएवी (DAV) कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एबीवीपी (ABVP) प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह ठाकुर ने पुलिस प्रशासन को इस संबंध में शिकायत दी है। मामले में वीडियो कॉल पर प्रश्न पत्र दिखाकर रुपये मांगने के आरोप लगे हैं। पूरी खबर पढें

फलोदी में कांग्रेस ने छात्रों के साथ किया संवाद:बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा, जिलाध्यक्ष बोले- आज के युवा सवाल पूछने से न डरें

जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के युवाओं और शिक्षा से जुड़े विचारों पर आधारित एक विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। छात्रों से संवाद कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के सहप्रभारी शंकर लाल गाडरी, जिलाध्यक्ष सलीम नागौरी, पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई, वरिष्ठ नेता प्रकाश छंगाणी और संगठन महासचिव शीशपाल विश्नोई मौजूद रहे। महासचिव प्रवीण सिंह बिश्नोई, श्रवण बिश्नोई और वल्लभ लखेश्री ने छात्रों के सवालों के जवाब दिए। सफल आयोजन के लिए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रामलाल विश्नोई का साफा पहनाकर सम्मान किया गया। युवा बेरोजगारी और पेपर माफिया से परेशान: गाडरी कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के सहप्रभारी शंकर लाल गाडरी ने कहा कि देश का युवा आज सबसे अधिक बेरोजगारी और पेपर माफिया की गतिविधियों से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम किए जाने की आवश्यकता है। छात्र सवाल पूछने से न डरें- सलीम नागौरी जिलाध्यक्ष सलीम नागौरी ने राहुल गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों को अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर सवाल पूछने से डरना नहीं चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET, SSC, RAS, IIT और UPSC जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। नागौरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को विधानसभा से लेकर संसद तक उठाने का काम करेगी। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों की कमी पर भी चिंता जताई। साथ ही कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के समर्थन के बावजूद कुछ समुदायों को निशाना बनाए जाने का कांग्रेस विरोध करती है। सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही- किशनाराम विश्नोई पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कांग्रेस शासनकाल की योजनाओं को बंद करने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज का युवा देश सेवा के साथ-साथ अपने परिवार का भविष्य भी सुरक्षित करना चाहता है, लेकिन मौजूदा नीतियों से उसकी उम्मीदों को झटका लग रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश छंगाणी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। एनएसयूआई ने संभाली कार्यक्रम की कमान कार्यक्रम का संचालन एनएसयूआई अध्यक्ष रामलाल विश्नोई और वल्लभ लखेश्री ने किया। वहीं प्रेस वार्ता को भी कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। आयोजन में डॉ. पवित्र सिंह, नटवर लाल मेघवाल, दिलेर सिंह भाटी, मोहम्मद अली, गिरीराज व्यास, प्रधान हाजी उमरदीन, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरू परिहार, एडवोकेट भैराराम मकवाना, डॉ. नवलकिशोर जोशी, प्रकाश सैन, सरपंच नेनु खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रामलाल विश्नोई और कांग्रेस प्रवक्ता एडवोकेट सतीश विश्नोई ने किया।