पत्नी बोलीं-वॉचमैन नहीं था, स्कूल में सोने गए थे:मां ने कहा-धोखे से बुलाकर बेटे की हत्या की, ट्रस्टी बोले–एक महीने में 51 लाख ट्रांसफर हुए राघवेंद्र के अकाउंट में

‘रात करीब साढ़े 11 बजे वे घर आए और बोले कि स्कूल में वॉचमैन नहीं है, इसलिए आज वहीं सोऊंगा। मैंने पूछा कि आप स्कूल में क्यों सोएंगे, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और चले गए। अगर पता होता कि सुबह उनकी लाश देखने को मिलेगी तो उन्हें कभी जाने नहीं देती।’ यह कहते हुए साक्षी की आंखें भर आईं। वहीं मां पुष्पादेवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। राघवेन्द्र को धोखे से बुलाया गया और फिर उसकी जान ले ली गई। दरअसल, पाली शहर के टैगोर नगर स्थित एडी डागा पब्लिक स्कूल में गुरुवार सुबह राघवेन्द्र शर्मा (30) का शव फंदे से लटका मिला। स्कूल के रिकॉर्ड रूम में आग भी लगी हुई थी। राघवेन्द्र इसी स्कूल में बाबू के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। ट्रस्ट बोलाः स्कूल खाते से 1 महीने में 51 लाख रुपए राघवेंद्र के खाते में ट्रांसफर हुए ट्रस्ट अध्यक्ष केसी डागा का कहना है कि घटना के बाद बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया। स्कूल के खाते से राघवेंद्र के खाते में 17 मई से 20 जून तक के बीच 51 लाख रुपए ट्रांसफर हुए हैं। अकाउंट में 12 रुपए ही बचे। हमने रात में कभी स्कूल नहीं बुलाया। प्रताड़ना के आरोप झूठे हैं। रिकॉर्ड, डीवीआर जला दी आग उस कमरे में लगी, जहां दस्तावेज और डीवीआर लगी थी। कुछ दस्तावेज और डीवीआर का हिस्सा स्कूल के सामने खाली प्लॉट में जलता हुआ मिला। अब पढ़िए … सिलसिलेवार घटनाक्रम 1. सुबह फोन नहीं उठाने पर स्कूल पहुंची पत्नी
मृतक राघवेन्द्र की पत्नी साक्षी ने बताया – गुरुवार सुबह उन्होंने राघवेन्द्र को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद वह गाड़ी लेकर स्कूल पहुंची। वहां पहुंचने पर स्कूल परिसर में आग लगी हुई दिखाई दी। स्थिति को देखकर वह घबरा गई और समझ नहीं पाई कि क्या करे। वहां मौजूद दो युवकों से स्कूल का दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन फिर वह घर लौट आई और अपने भाई को साथ लेकर दोबारा स्कूल पहुंची। 2. फायर ब्रिगेड ने खोला गेट, फंदे पर लटके दिखे
साक्षी ने बताया कि जब वह भाई के साथ दोबारा स्कूल पहुंची तब तक बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो चुके थे। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्कूल का गेट खोला गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें राघवेन्द्र की फोटो दिखाई, जिसमें वह फंदे से लटके हुए नजर आ रहे थे। यह देखकर वह सदमे में आ गईं। 3. मां ने हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की
घटना के बाद मृतक की मां पुष्पादेवी ने रोते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया गया है। राघवेन्द्र को धोखे से बुलाया गया और फिर उसकी जान ले ली गई। उनके अनुसार राघवेन्द्र स्कूल को लेकर परेशान जरूर रहता था, लेकिन ऐसा कदम उठाने की बात कोई सोच भी नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार बिखर गया है और छोटे-छोटे पोता-पोती की जिम्मेदारी सामने खड़ी है। 4. कलेक्ट्रेट के बाहर धरना, पोस्टमॉर्टम से इनकार
घटना के विरोध में गुरुवार शाम को मृतक के परिजन और समाज के लोग कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने मामले में स्कूल के प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग की और पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। मृतक के मौसी के बेटे नीरज शर्मा ने कहा कि राघवेन्द्र द्वारा छोड़े गए 20 पेज के नोट में प्रिंसिपल द्वारा प्रताड़ित किए जाने का स्पष्ट उल्लेख है। उन्होंने प्रिंसिपल की गिरफ्तारी, मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा आर्थिक सहायता देने की मांग की। 5. परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
राघवेन्द्र की शादी 26 फरवरी 2020 को साक्षी के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। उनकी बारात अजमेर गई थी। शादी से करीब 10 दिन पहले उनके पिता का अचानक निधन हो गया था, लेकिन सभी तैयारियां और बुकिंग पहले से होने के कारण सादे समारोह में विवाह संपन्न कराया गया। राघवेन्द्र ने एमएससी और बीएड तक शिक्षा प्राप्त की थी, जबकि साक्षी ने एमए तक पढ़ाई की थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी है। परिवार खुशहाल जीवन जी रहा था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। अब दोनों बच्चों की जिम्मेदारी उनकी मां साक्षी और दादी पुष्पादेवी पर आ गई है। 6. हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज, जांच शुरू
घटना को लेकर मृतक के मामा राकेश पुत्र जगदीश ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में राघवेन्द्र की हत्या किए जाने और सबूत नष्ट करने का आरोप लगाया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह खिंची ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। — यह भी पढ़े … प्रिंसिपल से परेशान बाबू ने आत्महत्या की:20 पेज का सुसाइड नोट लिखकर स्कूल में फंदे से लटका, परिजन बोले- हत्या के बाद शव लटकाया पाली के एक प्राइवेट स्कूल में बाबू ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह पत्नी ने फोन किया तो बाबू ने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद पत्नी स्कूल पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। पूरी खबर पढ़िए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *