ब्रेकिंग न्यूज़
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए टीम घोषित की:कमिंस, हैजलवुड और नाथन लियोन की वापसी, 13 अगस्त से पहला मैच डार्विन में

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ अगस्त में होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 13 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। कप्तान पैट कमिंस, तेज गेंदबाज जोश हैजलवुड और अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की वापसी हुई है। तीनों चोट के कारण हालिया मैचों से बाहर थे। कमिंस पीठ की चोट से उबरने के बाद एशेज में सिर्फ एक टेस्ट खेल पाए थे। हैजलवुड एड़ी और हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पूरी सीरीज से दौरे से बाहर रहे थे। लियोन को एडिलेड टेस्ट में हैमस्ट्रिंग चोट के बाद सर्जरी करानी पड़ी थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने X पोस्ट के जरिए टीम जारी की… ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट 13-17 अगस्त तक डार्विन और दूसरा 22-26 अगस्त तक मैके में खेला जाएगा। फिलहाल, ऑस्ट्रेलिया आठ मैचों में सात जीत के साथ 87.50% अंक लेकर WTC तालिका में टॉप पर है। एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन देखिए… नेसर और डॉगेट को टीम से बाहर किया सीनियर बॉलर्स की वापसी के साथ माइकल नेसर और ब्रेंडन डॉगेट को टीम से बाहर कर दिया गया है। सिलेक्टर्स ने कहा कि जरूरत पड़ने पर एक्स्ट्रा प्लेयर्स को टीम से जोड़ा जा सकता है। टॉप ऑर्डर में बदलाव नहीं हुआ ओपनर उस्मान ख्वाजा के रिटायर होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने टॉप ऑर्डर में कोई बदलाव नहीं किया। ट्रैविस हेड ओपनिंग करेंगे और जेक वेदराल्ड को एक और मौका मिला है। खराब फॉर्म के बावजूद मार्नस लाबुशेन टीम में बरकरार हैं। स्टार्क, बोलैंड, ग्रीन और वेबस्टर भी टीम में मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड तेज गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा होंगे। ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन और ब्यू वेबस्टर प्लेइंग इलेवन की दौड़ में हैं। विकेटकीपर जोश इंग्लिस को मध्यक्रम में मौका मिल सकता है। ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, जोश हैजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड और ब्यू वेबस्टर। —————————————– क्रिकेट की यह खबरें भी पढ़िए… रोहित बोले- बाहर शोर नहीं होगा तो मजा कैसे आएगा टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपने रिटायर्डमेंट की खबरों को खारिज कर दिया। रोहित ने कहा- मेरा काम मैदान के अंदर है और दूसरों का काम बाहर। बाहर की बातें मेरे लिए कोई मायने नहीं रखतीं। पढ़ें पूरी खबर

गुरुग्राम में डॉक्टर के बेटे पर गिरा बास्केटबॉल पोल,VIDEO:प्रैक्टिस मैच में हादसा, रीढ़ की हड्डी में 3 फ्रैक्चर; 2 खिलाड़ियों ने भागकर बचाई अपनी जान

हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-84 स्थित हाईक्लास सोसायटी अंतरिक्ष हाइट्स में बड़ा हादसा हो गया। सोसायटी के बास्केटबॉल कोर्ट में प्रैक्टिस मैच खेल रहे खिलाड़ियों के ऊपर अचानक लोहे का भारी-भरकम बास्केटबॉल पोल गिर गया। दो खिलाड़ियों ने तो कूद कर अपनी जान बचा ली, जबकि डॉक्टर का 22 वर्षीय बेटा इसकी चपेट में आ गया। अचानक हुए हादसे से कोर्ट में अफरा तफरी मच गई। वहां मौजूद लोग और अन्य खिलाड़ियों ने किसी तरह पोल के नीचे दबे बच्चे को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की पीठ पर गंभीर चोट आई है। उनकी रीढ़ की हड्डी में तीन अलग-अलग स्थानों पर फ्रैक्चर हुए हैं। इससे पहले रोहतक में 750 किलोग्राम का बास्केटबॉल पोल गिरने से नेशनल प्लेयर हार्दिक की मौत हो चुकी है। झज्जर के बहादुरगढ़ में भी एक खिलाड़ी की इसी तरह मौत हुई थी। उधर, गुरुग्राम की घटना को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन ने उपायुक्त और हरियाणा के रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज को पत्र भेजकर सभी सार्वजनिक खेल परिसरों और ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में स्थापित खेल ढांचे की तत्काल सुरक्षा जांच कराने की मांग की है। बास्केटबॉल पोल गिरने से हुए हादसे के PHOTOS… गुरुग्राम में कैसे हुआ बास्केटबॉल पोल हादसा, सिलसिलेवार पढ़ें… रोहतक और झज्जर में भी हो चुके हादसे इससे पहले रोहतक के लाखनमाजरा में बास्केटबॉल खेलते समय नेशनल प्लयेर हार्दिक (16) की पोल गिरने से मौत हो गई थी। इसका एक वीडियो भी सामने आया था, इसमें खिलाड़ी बास्केटबॉल कोर्ट में प्रैक्टिस करता दिखाई दे रहा था। जैसे ही वह दौड़कर बास्केटबॉल पोल पर लटकता है, वैसे ही पूरा पोल टूटकर उसकी छाती पर गिर जाता है। इस पोल का वजन करीब 750 किलोग्राम था। हार्दिक 10वीं कक्षा का छात्र था। पिता संदीप एफसीआई में नौकरी करते हैं। वहीं, ऐसा ही एक हादसा बहादुरगढ़ में भी हुआ था। शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में जर्जर बास्केटबॉल पोल गिरने से घायल 15 वर्षीय खिलाड़ी अमन की मौत हो गई थी। अमन दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता सुरेश कुमार डीआरडीओ कार्यालय में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं और परिवार लाइन पार वत्स कॉलोनी में रहता है। ————————– ये खबर भी पढ़ें… रोहतक में बास्केटबॉल पोल गिरने से नेशनल प्लेयर की मौत,VIDEO:प्रैक्टिस करते वक्त छाती पर गिरा 750 किलो का पोल; बहादुरगढ़ में भी ऐसा ही हादसा रोहतक के लाखनमाजरा में बास्केटबॉल खेलते समय एक खिलाड़ी की पोल गिरने से मौत हो गई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें खिलाड़ी बास्केटबॉल कोर्ट में प्रैक्टिस करता दिखाई दे रहा है। जैसे ही वह दौड़कर बास्केटबॉल पोल पर लटकता है, वैसे ही पूरा पोल टूटकर उसकी छाती पर गिर जाता है। (पूरी खबर पढ़ें) बहादुरगढ़ में बास्केटबॉल पोल गिरने से खिलाड़ी की मौत:दो बहनों का इकलौता भाई था, परिजनों ने लगाया डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप बहादुरगढ़ के शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में जर्जर बास्केटबॉल पोल गिरने से घायल 15 वर्षीय बास्केटबॉल खिलाड़ी अमन की मौत हो गई। सोमवार रात पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान अमन ने दम तोड़ दिया। मंगलवार शाम गमगीन माहौल में दिवंगत का अंतिम संस्कार किया गया। (पूरी खबर पढ़ें)

शतरंज खिलाड़ी जुडित पोलगर बन सकती हैं हंगरी की राष्ट्रपति:आनंद-कार्लसन को हराया, 26 साल नंबर-1 रहीं, यंगेस्ट ग्रैंडमास्टर का रिकॉर्ड तोड़ा

पूर्व शतरंज स्टार जुडित पोलगर हंगरी की राष्ट्रपति बन सकती हैं। उन्हें हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने राष्ट्रपति पद के लिए इन्विटेशन भेजा है। पीएम पीटर ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा की वह राष्ट्रपति पद जुडित को सौंपने का प्रस्ताव देंगे।’ 49 साल की जुडित दुनिया की सर्वश्रेष्ठ महिला चेस प्लेयर्स में शामिल रहीं। उन्होंने सिर्फ 15 साल 4 महीने की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनकर यंगेस्ट प्लेयर का रिकॉर्ड बनाया था। इस साल उनकी जिंदगी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘द क्वीन ऑफ चेस’ भी रिलीज हुई। जानिए जुडित पोलगर की जर्नी… महिला वर्ग की बजाय ओपन टूर्नामेंट्स खेले जुडित सिर्फ 6 साल की उम्र से ही चेस टूर्नामेंट्स खेलने लगी थी। वे करियर में महिला वर्ग खेलने की जगह ओपन टूर्नामेंट्स खेलीं। उन्होंने पुरुष खिलाड़ियों से भी मैच खेले। 2005 में वह विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान तक पहुंचीं, जो किसी महिला खिलाड़ी की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। वे इकलौती शतरंज महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 2700+ येलो रेटिंग का आंकड़ा पार किया। बॉबी फिशर का रिकॉर्ड तोड़ा, 11 वर्ल्ड चैंपियंस को हराया पोलगर ने 15 साल 4 महीने की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनकर बॉबी फिशर का सबसे कम उम्र में ग्रैंडमास्टर बनने का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। उन्होंने गैरी कास्पारोव, विश्वनाथन आनंद, अनातोली कार्पोव, बोरिस स्पास्की और मैग्नस कार्लसन सहित 11 विश्व चैंपियनों को क्लासिकल या रैपिड मुकाबलों में हराया। 26 साल तक नंबर-1 महिला खिलाड़ी रहीं पोलगर लगातार 26 साल 28 दिनों तक महिला विश्व रैंकिंग में नंबर-1 रहीं। वे 1 फरवरी 1989 से लेकर 1 मार्च 2015 तक रैकिंग में लगातार पहला पोजिशन बरकरार रखा। उन्होंने पांच बार शतरंज ओलंपियाड का खिताब जीता। उन्हें हंगरी के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल ‘ऑर्डर ऑफ सेंट स्टीफन’ से भी सम्मानित किया गया। जुडित ने भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ की थी मार्च 2026 में एक इंटरव्यू में जुडित पोलगर ने कहा था कि अगली ‘जुडित पोलगर’ भारत से आ सकती है। उन्होंने भारतीय जूनियर खिलाड़ियों और देश में तेजी से बढ़ रहे शतरंज के स्तर की भी तारीफ की थी। PM बोले- ऐसी राष्ट्रपति चाहिए जिस पर हर नागरिक गर्व करे पीटर मग्यार ने कहा कि हमारे देश को एकता, शांति और ऐसी राष्ट्रपति की जरूरत है जिसपर हर हंगेरियन गर्व कर सके। जुडित पोलगर की पहचान राजनीति से नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा, मेहनत और ईमानदारी से बनी है। मग्यार ने कहा अगर जुडित जिम्मेदारी स्वीकार करती हैं, तो यह उनके लिए सम्मान की बात होगी। ———————————– स्पोर्ट्स की ये खबर भी पढ़ें… स्पेन को फुटबॉल वर्ल्डकप जिताने वाले 7 हीरो:गोलकीपर सिमोन ने सिर्फ एक गोल खाया, रोड्री ने 803 पास दिए; टोरेस का फाइनल में गोल स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर फुटबॉल वर्ल्ड कप का दूसरा खिताब जीता। टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका दमदार डिफेंस रहा। उसके खिलाफ पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल हुआ। पूरी खबर पढ़ें…

रोहित बोले- बाहर शोर नहीं होगा तो मजा कैसे आएगा:रिटायरमेंट की रिपोर्ट्स को किया खारिज; गिल बोले- टीम में ऐसी कोई चर्चा नहीं

मेरा काम बल्ले से प्रदर्शन करना और देश का प्रतिनिधित्व करना है। डेब्यू के बाद से मुझे यही सिखाया गया है और मैं यही करता रहूंगा। जब मैंने डेब्यू किया था, तब से बाहर शोर है और जब तक खेलूंगा, तब तक रहेगा। अगर बाहर शोर नहीं होगा तो मजा कैसे आएगा? यह बातें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने BCCI TV से बातचीत में कहते हुए अपने रिटायर्डमेंट की खबरों को खारिज कर दिया। रोहित ने कहा- मेरा काम मैदान के अंदर है और दूसरों का काम बाहर। बाहर की बातें मेरे लिए कोई मायने नहीं रखतीं। रविवार को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 138 रन की शानदार पारी खेलने के बाद राेहित ने यह बातचीत की। उन्होंने कहा- मेरा पूरा ध्यान सिर्फ टीम के लिए योगदान देने पर है। रिपोर्ट में दावा था- लॉर्ड्स का मैच रोहित का आखिरी मुकाबला होगा इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में शुक्रवार को दावा किया गया था कि लॉर्ड्स में खेला गया यह मुकाबला रोहित के वनडे करियर का आखिरी मैच हो सकता है और वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, शनिवार को ही BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ऐसी अटकलों को खारिज कर दिया था। शुभमन गिल बोले- टीम में रोहित के संन्यास पर कोई चर्चा नहीं हुई मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कप्तान शुभमन गिल ने कहा- मुझे लगता है कि यह सब मीडिया में ही चल रहा है। टीम के अंदर इस तरह की कोई बातचीत नहीं हुई है। रोहित भाई ने हमसे संन्यास के बारे में कुछ भी नहीं कहा है। विराट के साथ खेला 400वां इंटरनेशनल मुकाबला लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा और विराट कोहली का एक साथ खेला गया 400वां अंतरराष्ट्रीय मैच था। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 86 गेंदों में 113 रन की साझेदारी की। इसमें रोहित ने 48 गेंदों में 71 रन और विराट ने 38 गेंदों में 38 रन बनाए। कोहली के साथ बल्लेबाजी पर रोहित ने कहा, ‘हमने अपना पूरा करियर साथ खेला है। उनके साथ क्रीज पर होना हमेशा खास रहता है। हम एक-दूसरे के खेल को अच्छी तरह समझते हैं और बल्लेबाजी के दौरान लगातार बात करते रहते हैं कि मैच को कैसे आगे बढ़ाना है।’ भारत के सबसे उम्रदराज वनडे खिलाड़ी बने रोहित शर्मा भारत के लिए वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इससे पहले जून में धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित ने 16, 48 और 79 रन की पारियां खेली थीं। ———————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… रोहित लॉर्ड्स पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में भारत को 27 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। लॉर्ड्स में रोहित शर्मा ने 138 रन की पारी खेली। वे लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। रोहित का यह इंग्लैंड की धरती पर आठवां वनडे शतक रहा। इसके साथ ही वे किसी एक विदेशी देश में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने अपने नाम एक और उपलब्धि जोड़ते हुए सबसे ज्यादा उम्र में वनडे शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी बनाया। पूरी खबर…

जर्सी के किसान ने खेत पर बना दिया इंटरनेशनल मैदान:जिमी परचार्ड के मैदान पर खेलती है जर्सी की नेशनल टीम; उन्हीं के बेटे कप्तान भी

साल 2005 क्रिकेट फैंस के लिए इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया की ऐतिहासिक एशेज सीरीज का साल था। लेकिन इसी दौरान यूनाइटेड किंगडम के पास स्थित छोटे से द्वीप जर्सी में क्रिकेट की एक अनोखी कहानी लिखी जा रही थी। यहां सेंट मार्टिन इलाके के किसान जिमी परचार्ड ने अपने घर के पीछे मौजूद आलू के खेत को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में बदल दिया। आज यही मैदान फार्मर्स क्रिकेट ग्राउंड के नाम से जाना जाता है और जर्सी क्रिकेट का प्रमुख केंद्र है। इस मैदान की शुरुआत 1977 में हुई, जब स्थानीय किसान दिनभर खेतों में काम करने के बाद शाम को क्रिकेट खेलते थे। खेल खत्म होने पर अक्सर एक ही बात होती थी ‘काश, हमारा अपना मैदान होता।’ जिमी ने इस सपने को सच करने का फैसला किया। 2003 में उन्होंने अपने खेत में क्रिकेट पिच बनाने की अनुमति ली और दो साल बाद 2005 में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइक गैटिंग ने मैदान का उद्घाटन किया। शुरुआत बेहद साधारण थी। खिलाड़ियों के लिए सिर्फ एक अस्थायी चेंजिंग केबिन था। लेकिन जिमी के जुनून ने लोगों को प्रभावित किया। स्पॉन्सर्स जुड़े और धीरे-धीरे यहां पैवेलियन, साइटस्क्रीन, बाउंड्री और दूसरी आधुनिक सुविधाएं तैयार हो गईं। आज क्लब हाउस की दीवारों पर अमेरिका से लेकर वानुअतु तक की टीमों की कैप, तस्वीरें और यादगार चीजें सजी हैं। यह मैदान जिमी के लिए सिर्फ क्रिकेट ग्राउंड नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी का सपना है। यह सपना तब और खास हो जाता है, जब उनके बेटे चार्ल्स परचार्ड इसी मैदान पर जर्सी टीम के कप्तान के रूप में उतरते हैं। बचपन से इसी मैदान पर क्रिकेट सीखने वाले चार्ल्स 2010 में जर्सी के लिए डेब्यू कर चुके हैं और लंबे समय से टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। चार्ल्स कहते हैं, ‘अपने ही घर के मैदान पर कप्तान के तौर पर उतरना सबसे भावुक पल होता है। बाउंड्री के बाहर पिता और परिवार को मुझे चीयर करते देखना दुनिया का सबसे खास एहसास है।’ जर्सी फिलहाल आईसीसी टी20 रैंकिंग में 29वें स्थान पर है। टीम मामूली रन-रेट के अंतर से 2026 टी20 वर्ल्ड कप में जगह बनाने से चूक गई थी। अब उसकी पूरी नजर 2028 टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने पर है। जब 4 हजार की आबादी ने 27 लाख को दी मात मैदान बनने के करीब दो दशक बाद, ‘फार्मर्स क्रिकेट क्लब’ ने बड़ा कारनामा किया। सेंट मार्टिन जैसे छोटे से इलाके (जिसकी आबादी महज 4,000 है) के इस क्लब ने यूरोपियन क्रिकेट लीग (टी10 टूर्नामेंट) का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने इटली की राजधानी रोम (जिसकी आबादी 27.5 लाख है) की टीम को 42 रनों से शिकस्त दी। इतना ही नहीं, इसी मैदान पर जर्सी की राष्ट्रीय टीम ने इटली को हराकर पहली बार ‘वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालिफायर’ में भी अपनी जगह पक्की की थी।

दावा- पेड्री ने स्पेन की जीत की भविष्यवाणी की थी:13 महीने पहले इंस्टाग्राम पर लिखा- 19 जुलाई 2026, अब बोले- यह पहले से तय था

स्पेन ने फुटबॉल वर्ल्ड कप जीत लिया है। उसने रविवार रात को न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। टीम दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनी है। 23 साल के स्पेनिश मिडफील्डर पेड्री ने सोशल प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि उन्होंने इस जीत की भविष्यवाणी 13 महीने पहले कर दी थी। पेड्री ने ट्रॉफी चूमते हुए फोटो पोस्ट की और लिखा- ‘यह पहले से लिखा था! 190726… वह दिन, जब पूरे देश का सपना सच हुआ। वह दिन, जब हम वर्ल्ड चैंपियन बने।’ जीत के बाद पेड्री की पोस्ट दरअसल, 10 जून 2025 को पेड्री ने इंस्टाग्राम पर सिर्फ ‘190726’ पोस्ट किया था। उस समय इसका कोई मतलब स्पष्ट नहीं था। अब फैंस ने इसे 19 जुलाई 2026, यानी फीफा वर्ल्ड कप फाइनल की तारीख से जोड़कर देखा, जिस दिन स्पेन ने खिताब जीत लिया। पूरे टूर्नामेंट में निभाई अहम भूमिका पेड्री ने पूरे टूर्नामेंट में स्पेन के लिए हर मैच खेला। मिडफील्ड में उनके नियंत्रण, रचनात्मक खेल और संयम ने कोच लुइस डे ला फुएंते की टीम को लगातार सफलता दिलाई। एक्स्ट्रा टाइम में टूटा अर्जेंटीना का सपना न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला गया फाइनल 90 मिनट तक गोलरहित रहा। अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने कई शानदार बचाव किए, जबकि इंजरी टाइम में एंजो फर्नांडेज़ दूसरे पीले कार्ड के बाद बाहर हो गए और टीम 10 खिलाड़ियों के साथ रह गई। एक्स्ट्रा टाइम में स्पेन को पहले निको विलियम्स के गोल से बढ़त मिलती दिखी, लेकिन फाउल के कारण गोल रद्द कर दिया गया। आखिरकार 106वें मिनट में निको विलियम्स के हेडर पर फेरान टोरेस ने जोरदार शॉट लगाकर गेंद जाल में पहुंचाई और स्पेन को 1-0 की ऐतिहासिक जीत दिला दी। 16 साल बाद फिर वर्ल्ड चैंपियन बना स्पेन इस जीत के साथ स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब जीता। साथ ही कोच लुइस डे ला फुएंते के नेतृत्व में टीम ने अपना लगातार 38वां अंतरराष्ट्रीय मैच बिना हार के पूरा किया, जो किसी भी यूरोपीय टीम का रिकॉर्ड है। UEFA यूरो 2024 जीतने वाली स्पेनिश टीम का हिस्सा रहे पेड्री ने अब अपने करियर में वर्ल्ड कप ट्रॉफी भी जोड़ ली। खास बात यह रही कि यह उपलब्धि ठीक उसी तारीख पर मिली, जिसका संकेत उन्होंने 13 महीने पहले अपनी रहस्यमयी पोस्ट में दिया था। ——————————————————————

रोहित के रिटायरमेंट पर भारतीय कप्तान बोले-हमें कुछ नहीं पता:गिल ने कहा- कुलदीप को पिच के कारण नहीं खिलाया, तीसरा वनडे हारा भारत

इंग्लैंड से तीसरा वनडे हारने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने रोहित शर्मा के भविष्य पर बात की है। मैच के बाद उनसे पूछा गया कि क्या यह रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच था, तो उन्होंने कहा कि टीम के भीतर इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है। गिल ने कुलदीप यादव को पूरे टूर में मौका नहीं देने के फैसले का बचाव किया और इसके पीछे पिच को वजह बताया। लॉर्ड्स स्टेडियम में रविवार को टीम इंडिया को तीसरे वनडे में 27 रन से हारकर भारत ने 1-2 से सीरीज गंवा दी। इस मैच में गिल ने फिफ्टी लगाई। लेकिन, टीम को जीत नहीं दिला सके। गिल ने कहा- हमें अभी तक कुछ नहीं पता है। रोहित भाई ने हमें कुछ नहीं बताया है। मुझे लगता है कि यह सिर्फ मीडिया में चल रही बातें हैं। टीम में इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई है। दावा था- लॉर्ड्स में रोहित आखिरी वनडे मैच खेलेंगे द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों को देखते हुए सिलेक्टर्स ने 39 साल रोहित शर्मा को इंग्लैंड सीरीज के बाद के प्लांस के बारे में बताया था। हालांकि, इस पर BCCI या रोहित शर्मा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पहले 2 वनडे में नाकाम रहने के बाद रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में 138 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। गिल ने रोहित की बैटिंग की तारीफ की कप्तान गिल ने रोहित शर्मा की बल्लेबाजी की तारीफ की। गिल ने कहा- ‘रोहित भाई, जिस तरह गेंदबाजों का सामना कर रहे थे, वे पूरी तरह सहज दिख रहे थे। मैं नॉन-स्ट्राइकर एंड पर था और महसूस कर सकता था कि वह अच्छी लय में हैं। पावरप्ले में हमने आक्रामक खेलने पर बात की थी, लेकिन नई गेंद पर शॉट लगाना आसान नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और तेजी से बड़ी पारी खेली।’ कुलदीप यादव को बाहर रखने पर पिच का हवाला इंग्लैंड दौरे में कुलदीप यादव को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। तीसरे वनडे में भी जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बावजूद भारत ने अतिरिक्त स्पिनर की बजाय पांच गेंदबाजों के साथ उतरना बेहतर समझा। इस फैसले पर गिल ने कहा- ‘पहले दोनों मैचों में हमने देखा था कि पिच से स्पिनरों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी। जब स्पिनर गेंदबाजी करते थे तो हमें ज्यादा रक्षात्मक फील्ड लगानी पड़ती थी, जबकि तेज गेंदबाजों के साथ विकेट लेने की संभावना ज्यादा दिख रही थी। इसी सोच के साथ अतिरिक्त स्पिनर नहीं खिलाया गया।’ मैच बढ़ने के साथ बदला विकेट का मिजाज गिल ने माना कि दूसरी पारी में विकेट अपेक्षा से अधिक धीमा हो गया। उन्होंने कहा- ‘शुरुआत में ऐसा नहीं लग रहा था कि विकेट इतना धीमा होगा। लेकिन, जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, पिच धीमी होती गई। उस समय स्पिनरों को कुछ मदद मिलने लगी, लेकिन शुरुआत में हमारी रणनीति तेज गेंदबाजों से दबाव बनाने की थी।’ भारत ने 1-2 से गंवाई सीरीज भारत ने पहला वनडे जीतकर बढ़त बनाई थी, लेकिन इंग्लैंड ने अगले दोनों मुकाबले जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। ———————————————– भारत-इंग्लैंड सीरीज से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… रोहित शर्मा के शतक के बावजूद हारा भारत, इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में 27 रन से हराया इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में भारत को 27 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 387/3 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 360 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा ने 138 रन की पारी खेली, लेकिन जीत नहीं दिला सके। इंग्लैंड की जीत के हीरो जैकब बेथेल रहे। उन्होंने 91 रन बनाए और 1 विकेट भी लिया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पढ़ें पूरी खबर

स्पेन को फुटबॉल वर्ल्डकप जिताने वाले 7 हीरो:गोलकीपर सिमोन ने सिर्फ एक गोल खाया, रोड्री ने 803 पास दिए; टोरेस का फाइनल में गोल

स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर फुटबॉल वर्ल्ड कप का दूसरा खिताब जीता। टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका दमदार डिफेंस रहा। उसके खिलाफ पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल हुआ। टीम ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 5450 पासेज दिए। इनमें से 4930 पासेज कम्प्लीट हुए। उनका एक्यूरेसी पर्सेंटेज 90 पर्सेंट रहा। इस टूर्नामेंट में स्पेन की पूरी टीम एकजुट होकर खेली। टीम के पास लामिन यमाल जैसा स्टार था। वहीं कप्तान रोड्री ने मिडफील्ड से गेम को कंट्रोल किया। टूर्नामेंट के बेस्ट गोलकीपर रहे उनाई सिमोन के खिलाफ सिर्फ एक गोल हुआ। स्पेन के 7 खिलाड़ी, जिनके दम पर स्पेन वर्ल्ड चैंपियन बना 1. फेरन टोरेस : फाइनल में गोल दागा टोरेस फाइनल में 62वें मिनट में ओयारजाबाल की जगह उतरे। उन्होंने पेड्रो पोरो के क्रॉस पर निको विलियम्स के हेडर से मिली गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। वे किसी वर्ल्ड कप फाइनल में विनिंग गोल करने वाले दूसरे सब्स्टीट्यूट बने। क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल के खिलाफ उनके पास पर मिकेल मेरिनो ने स्टॉपेज टाइम में निर्णायक गोल किया था। 2. लामिन यमाल: 30 सफल ड्रिबल किए यमाल ने सेमीफाइनल में फ्रांस के खिलाफ यमाल ने फाउल हासिल किया। इस पर पेनल्टी मिली और ओयारजाबाल ने गोल किया। महज 19 साल 1 दिन उम्र वाले यमाल ने टूर्नामेंट में 30 सफल ड्रिबल किए। यह इस टूर्नामेंट में किसी खिलाड़ी के किए गए सबसे ज्यादा ड्रिबल हैं। 3. रोड्री- मिडफील्ड से गेम चलाया रोड्री ने टूर्नामेंट में सबसे अधिक 803 पास दिए। इसमें उनकी एक्यूरेसी 94% रही। यह टूर्नामेंट में किसी खिलाड़ी द्वारा दिए सबसे ज्यादा पास हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में फ्रांस के किलियन एमबाप्पे और माइकल ओलिसे को आधे घंटे तक एक-दूसरे को पास तक नहीं करने दिया। उन्हें गोल्डन बॉल अवॉर्ड दिया गया। 4. मिकेल ओयारजाबाल- टीम के टॉप स्कोरर ओयारजाबाल ने टूर्नामेंट में 5 गोल और 1 असिस्ट के साथ टीम के टॉप गोल स्कोरर रहे। वर्ल्ड कप में नॉकआउट मैच में दो गोल करने वाले पहले स्पेनिश खिलाड़ी बने। 5. पॉ क्यूबार्सी- बेस्ट यंग प्लेयर चुने गए क्यूबार्सी को टूर्नामेंट का बेस्ट यंग प्लेयर चुना गया। वे टूर्नामेंट में 857 मिनट खेले। उन्होंने 97% एक्युरेसी के साथ 690 पास दिए। फाइनल मैच में क्यूबार्सी को अर्जेंटीना के फर्नांडेज ने गिराया और फर्नांडेज को रेड कार्ड मिला। अर्जेंटीना एक्स्ट्रा टाइम में 10 खिलाड़ियों से खेली और इसी दौरान स्पेन ने गोल किया। 6. उनाई सिमोन- टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाए सिमोन टूर्नामेंट के बेस्ट गोलकीपर चुने गए। उन्हें गोल्डन ग्लव अवॉर्ड दिया गया। सिमोन ने पूरे 857 मिनट मैदान पर बिताए। उन्होंने 14 गोल रोके। उन्होंने पेनल्टी एरिया के अंदर 120 और बाहर 93 इंटरसेप्ट किए। पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल खाया, वह भी क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम के खिलाफ। 7. निको विलियम्स: असिस्ट कर टीम को फाइनल जिताया विलियम्स को पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 159 मिनट मिले। उन्होंने फाइनल में उनके हेडर ने ही गेंद टोरेस तक पहुंचाई, जिस पर विनिंग गोल हुआ। दो साल पहले यूरो 2024 फाइनल में वे खुद गोल करके प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। —————————————————– फाइनल मैच की पूरी खबर पढ़ें… स्पेन ने 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप जीता:फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराया स्पेन ने 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। टीम ने न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 2022 की चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। स्पेन के लिए एक्स्ट्रा टाइम में फेरन टोरेस ने गोल किया। इसी के साथ स्पेन ने 2010 के बाद दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। तब टीम ने नीदरलैंड को 1-0 से हराया था। पूरी खबर पढ़ें…

स्पोर्ट्स अपडेट:न्यूजीलैंड ने चौथे वनडे में वेस्टइंडीज को 1 विकेट से हराया: बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे को 2-1 से हराकर टी-20 सीरीज अपने नाम की

न्यूजीलैंड ने बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में चौथे वनडे में वेस्टइंडीज को 1 विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 3-1 की बढ़त बना ली है। इसके साथ ही सीरीज भी अपने नाम कर लिया।
189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 149/6 पर संकट में थी, लेकिन कप्तान मिचेल सैंटनर की नाबाद 34 रन की पारी ने टीम को जीत दिलाई। कैच छूटा, अगले ओवर में मैच खत्म जीत के लिए 3 रन चाहिए थे और न्यूजीलैंड के 9 विकेट गिर चुके थे। 44वें ओवर में सैंटनर का आसान कैच अकीन ऑगस्टे और जस्टिन ग्रीव्स की टक्कर के कारण छूट गया। इसके बाद 45वें ओवर की पहली गेंद पर सैंटनर ने चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया। चापमैन ने पारी संभाली 6 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद मार्क चापमैन ने 82 गेंदों में 80 रन बनाकर पारी संभाली। उनके आउट होने के बाद गुडाकेश मोती ने लगातार विकेट लेकर कीवी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। मोती ने 5 विकेट लिए, लेकिन सैंटनर आखिर तक टिके रहे और 11वें नंबर के जेडन लेनोक्स के साथ जीत दिला दी। सैंटनर ने गेंदबाजी में भी 2 विकेट लिए। वेस्टइंडीज 188 रन पर ऑलआउट पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज 188 रन पर सिमट गई। आमिर जांगू और गुडाकेश मोती ने 81 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। न्यूजीलैंड की ओर से सांटनर और मैथ्यू फिशर ने 2-2 विकेट लिए। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… बांग्लादेश ने जिम्बाब्वे को 3 मैचों की टी-20 (T20I) सीरीज में 2-1 से हराकर सीरीज अपने नाम की बांग्लादेश ने बुलावायो में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी-20 में जिम्बाब्वे को हराकर 3 मैचों की सीरीज 2-1 से जीत ली। 0-1 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए बांग्लादेश ने 2026 की अपनी पहली टी-20I सीरीज जीती। वहीं, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा का 314वां इंटरनेशनल मैच हार के साथ खत्म हुआ। रजा जिम्बाब्वे के लिए तीनों फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा 314 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। मायर्स की फिफ्टी, फिर डेथ ओवरों में बांग्लादेश का कमबैक पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे 150 रन से पहले ही सिमट गया। डिओन मायर्स ने अर्धशतक लगाया और ब्रायन बेनेट के साथ 71 रन की साझेदारी की, लेकिन आखिरी 4 ओवर में बांग्लादेश ने सिर्फ 25 रन देकर 4 विकेट झटक लिए। मोहम्मद सैफुद्दीन ने 2 विकेट लिए। तंजीद हसन ने दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए तंजीद हसन ने 45 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके टी20 करियर का 13वां 50+ स्कोर रहा, जिसके साथ उन्होंने शाकिब अल हसन की बराबरी कर ली। उन्होंने परवेज हुसैन इमोन और तौहीद हृदॉय के साथ अहम साझेदारियां कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। आखिरी ओवर में हाई-वोल्टेज ड्रामा
अंतिम ओवर में ब्रैड इवांस ने लगातार दो विकेट लेकर मैच रोमांचक बना दिया। इसके बाद मेहदी हसन मिराज के खिलाफ LBW की अपील ‘डेड बॉल’ करार दिए जाने पर खिलाड़ियों और अंपायर के बीच बहस हुई। हालांकि, अगली ही गेंद पर चौका लगाकर बांग्लादेश ने 2 गेंद शेष रहते जीत दर्ज कर ली। भारत दौरे से पहले जिम्बाब्वे की चिंता
जिम्बाब्वे ने टेस्ट और वनडे सीरीज जीती, लेकिन टी20 सीरीज गंवा दी। निर्णायक मुकाबले में मिडिल ऑर्डर की नाकामी टीम के लिए चिंता का विषय रही, खासकर अगले हफ्ते भारत के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से पहले।

वर्ल्डकप फाइनल में स्पेन-अर्जेंटीना के खिलाड़ी भिड़े, 2 को रेडकार्ड:मेसी रोए, फिर यमाल को गले लगाया; शकीरा-बीबर का परफॉर्मेंस, 15 PHOTOS

स्पेन ने फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार फुटबॉल वर्ल्ड कप जीत लिया। मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी हार के बाद भावुक हो गए। उन्होंने अपने से 20 साल छोटे स्पेनिश स्टार लामिन यमाल को गले लगाकर बधाई दी। 2007 में मेसी ने यमाल को गोद में खिलाया था और अब दोनों वर्ल्ड कप फाइनल में आमने-सामने नजर आए। फाइनल से पहले हुई क्लोजिंग सेरेमनी में शकीरा और जस्टिन बीबर ने परफॉर्म किया। अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प ने स्पेन को विजेता ट्रॉफी दी। मैदान पर खिलाड़ी भिड़े, वीडियो देखिए वर्ल्ड कप फाइनल की टॉप-15 फोटोज… पहली तस्वीर वर्ल्ड चैंपियंस की स्पेन के प्लेयर्स का सेलिब्रेशन इमोशनल मोमेंट्स शकीरा का परफॉर्मेंस क्लोजिंग सेरेमनी की फोटो… मैच के 2 फोटो ———————————————————– फुटबॉल वर्ल्ड कप के फाइनल की मैच रिपोर्ट भी पढ़िए… स्पेन ने 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप जीता, फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराया स्पेन ने 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। टीम ने न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 2022 की चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। स्पेन के लिए एक्स्ट्रा टाइम में फेरन टोरेस ने गोल किया। इसी के साथ स्पेन ने 2010 के बाद दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। तब टीम ने नीदरलैंड को 1-0 से हराया था। पढ़ें पूरी खबर