ब्रेकिंग न्यूज़
पूर्व क्रिकेटर राजेश चौहान पर 17.52 लाख ठगी का आरोप:नवीन जिंदल से पहचान बताकर काम में पार्टनर बनाने ठेकेदार को फंसाया; FIR के आदेश

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान पर 17.52 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगा है। जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रांसपोर्ट का काम दिलाने का झांसा देकर ठेकेदार से फ्रॉड किया गया। अब कोर्ट ने उन पर FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित दिनकर विश्वमित्र का कहना है कि, राजेश चौहान ने खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बताते हुए उद्योगपति नवीन जिंदल से करीबी संबंध होने का दावा किया था। भरोसा दिलाने के लिए जिंदल इस्पात का कथित वर्क ऑर्डर भी दिखाया और ट्रांसपोर्ट के काम में पार्टनर बनाने की बात कही। बाद में पता चला कि पूरा दस्तावेज फर्जी था। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) कोर्ट ने मोहन नगर पुलिस को केस दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है। वर्तमान में राजेश चौहान बिजनेसमैन और क्रिकेट एकेडमी के संचालक हैं। दोस्त के जरिए हुई पहचान, करोड़ों के काम का दिया लालच पीड़ित दिनकर विश्वमित्र ने कोर्ट में बताया कि, उसकी मुलाकात दोस्त सरोज कुमार के जरिए राजेश चौहान से हुई थी। बातचीत के दौरान राजेश ने कहा कि उसकी गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी को ओडिशा के क्योंझर स्थित जिंदल इस्पात लिमिटेड में आयरन और अन्य सामग्री के ट्रांसपोर्ट का बड़ा ठेका मिला है। अगर वह ट्रक लगाकर इस काम में पार्टनर बनता है, तो उसे अच्छा मुनाफा मिलेगा। भरोसा बढ़ाने के लिए आरोपी ने जिंदल इस्पात का कथित वर्क ऑर्डर और दूसरे दस्तावेज भी दिखाए। इन्हें देखकर दिनकर ने साझेदारी के लिए हामी भर दी। इकरारनामा हुआ, फिर अलग-अलग किस्तों में लिए 17.52 लाख रुपए शिकायत के अनुसार, 30 जुलाई 2021 को दोनों पक्षों के बीच इकरारनामा हुआ। उसी दौरान दिनकर ने 2.51 लाख रुपए का पहला भुगतान किया। इसके बाद आरोपी के कहने पर गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी के खाते में दो किस्तों में 15.01 लाख रुपए और ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 17.52 लाख रुपए ले लिए। पीड़ित को भरोसा था कि जल्द ही ट्रांसपोर्ट का काम शुरू होगा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो काम मिला और न ही किसी तरह का फायदा। जिंदल प्लांट पहुंचने पर खुला पूरा मामला जब लंबे समय तक कोई काम शुरू नहीं हुआ तो दिनकर खुद ओडिशा स्थित जिंदल इस्पात लिमिटेड पहुंचा। वहां कंपनी अधिकारियों से जानकारी लेने पर उसे पता चला कि राजेश चौहान या उसकी गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी को ऐसा कोई ट्रांसपोर्ट ठेका कभी दिया ही नहीं गया था। पीड़ित का आरोप है कि उसे जो वर्क ऑर्डर और दूसरे दस्तावेज दिखाए गए थे, वे फर्जी थे। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस से शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई पीड़ित ने मोहन नगर थाना और दुर्ग के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दी। उसका आरोप है कि शिकायत के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने अपने अधिवक्ता सौरभ चौबे के माध्यम से न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 175(3) के तहत आवेदन लगाया। कोर्ट ने कहा- प्रथम दृष्टया बनता है मामला इस मामले की सुनवाई के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ऐश्वर्या दीवान ने आवेदन के साथ पेश किए गए बैंक लेन-देन, इकरारनामा और अन्य दस्तावेजों का परीक्षण किया। अदालत ने माना कि उपलब्ध रिकॉर्ड से प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध का मामला बनता है और इसकी जांच जरूरी है। इसके बाद कोर्ट ने मोहन नगर थाना प्रभारी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर विधि अनुसार जांच करने और अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में पेश करने का निर्देश दिया है। जानिए कौन हैं पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान? राजेश चौहान भारत के पूर्व ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने 1993 से 1998 के बीच भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली। 90 के दशक में वे अनिल कुंबले और वेंकटपति राजू के साथ भारत की स्पिन तिकड़ी का अहम हिस्सा रहे। …………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… रायपुर का कारोबारी 1000 करोड़ फ्रॉड केस में अरेस्ट: MP के विधायक परिवार की कंपनियों पर कब्जे की कोशिश, फर्जी साइन से डायरेक्टर बदले रायपुर के बिजनेसमैन महेंद्र गोयनका 1000 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में अरेस्ट हुए हैं। कोलकाता पुलिस ने उन्हें दिल्ली से पकड़ा और कोर्ट में पेश करने के बाद 10 दिन की रिमांड पर लिया है। यह मामला मध्यप्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय पाठक के परिवार की कंपनियों से जुड़ा है। पढ़ें पूरी खबर…

वेस्टइंडीज ने आखिरी वनडे 2 विकेट से जीता:न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-3 से सीरीज गंवाई, हेटमायर की फिफ्टी

मेजबान वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच में 2 विकेट की जीत हासिल की। हालांकि, बुधवार को मिली इस जीत के बावजूद टीम ने 5 मैचों की सीरीज 2-3 से गंवा दी। ब्रिजटाउन में कैरेबियाई टीम ने 269 रन का टारगेट 47.3 ओवर में 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। शिमरोन हेटमायर ने नाबाद 69 रनों की पारी खेली। वे प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। जॉयडन लेनिक्स को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत टॉस हराने के बाद पहले बैटिंग कर रही न्यूजीलैंड 50 ओवर में 9 विकेट पर 268 रन बनाए। टीम ने 16 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया था। यहां पर हेनरी निकोलस 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैथ्यू फोर्ड ने बोल्ड किया। यंग-केली ने पारी संभाली, दोनों की फिफ्टी 5वें ओवर में पहला विकेट गंवाने के बाद ओपनर विल यंग और निक केली ने कीवियों की पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 90 गेंद पर 86 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को विटेल लुईस ने विल यंग को बोल्ड करके तोड़ा। विल यंग ने 56 रन बनाए। यंग के आउट होने के बाद केली ने मार्क चैपमैन के साथ पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन चैपमैन 11 रन बनाकर आउट हो गए। चैपमैन के आउट होने के बाद विल यंग 64 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टॉम लैथम ने स्कोर 200 पार पहुंचाया मार्क चैपमैन के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे टॉम लैथम ने न्यूजीलैंड की पारी को 200 पार पहुंचा दिया। उन्होंने 69 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। आखिर में कप्तान मिचेल सैंटनर और नाथन स्मिथ ने 50 ओवर में टीम का स्कोर 268/9 पहुंचा दिया। विटेल लुइस और अल्जारी जोसेफ को दो-दो विकेट मिले। कैरेबियाई ओपनर्स में फिफ्टी पार्टनरशिप
269 रन का टारगेट चेज करने उतरे कैरेबियाई ओपनर्स ने फिफ्टी पार्टनरशिप की। हालांकि, 59 रन के टीम स्कोर पर पवेलियन भी लौट गए। एकीम ऑगस्टे 34 और जस्टिन ग्रीव्स 22 रन बनाकर आउट हुए। केसी कर्टी 20 और कप्तान शाई होप 39 रन बनाकर आउट हुए। एक समय टीम का स्कोर 123/4 हो गया था। हेटमायर-रदरफोर्ड में 95 रनों की साझेदारी, स्कोर 200 पार शुरुआती विकेट जल्दी गंवाने के बाद शेरफन रदरफोर्ड ने शिमरोन हेटमायर के साथ मिलकर वेस्टइंडीज को 200 पार पहुंचाया। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 90 गेंद पर 95 रनों की साझेदारी की। यह साझेदारी रदरफोर्ड के आउट होने से टूटी। उन्हें 61 रन के निजी स्कोर पर टॉम लैथम ने माइकल ब्रेसवेल की गेंद पर स्टंप किया। हेटमायर मैच जिताकर लौटे, नाबाद 69 रन बनाए 218 रन के टीम स्कोर पर रदरफोर्ड का विकेट गंवाने के बाद शिमरोन हेटमायर ने टीम की नैया पार लगाई। वे 69 रन बनाकर नाबाद लौटे। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और जॉयडन लेनिक्स को 3-3 विकेट मिले। आखिर में ब्रीफ स्कोर देखिए… —————————————- इंटरनेशनल क्रिकेट की यह खबरें भी पढ़िए… ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए टीम घोषित की, कमिंस, हैजलवुड और लॉयन की वापसी ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ अगस्त में होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 13 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। कप्तान पैट कमिंस, तेज गेंदबाज जोश हैजलवुड और अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लॉयन की वापसी हुई है। तीनों चोट के कारण हालिया मैचों से बाहर थे। पढ़ें पूरी खबर

स्पोर्ट्स अपडेट:डेविड वॉर्नर को जेल हो सकती है, ड्रिंक एंड ड्राइव केस में जुर्म स्वीकार किया

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने अप्रैल में शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में अदालत में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। 18 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी। उन पर 6 महीने का ड्राइविंग बैन, 2200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर जुर्माना और अधिकतम 9 महीने की जेल हो सकती है। अप्रैल में ईस्टर संडे के दिन सिडनी में पुलिस चेकिंग के दौरान वॉर्नर शराब के नशे में पाए गए थे। वॉर्नर के दोषी पाए जाने के बाद बिग बैश लीग में सिडनी थंडर टीम की उनकी कप्तानी भी जा सकती है। कुलदीप यादव काउंटी क्रिकेट में डेब्यू करेंगे, यॉर्कशर के साथ करार किया भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव पहली बार काउंटी क्रिकेट में खेलते नजर आएंगे। 31 साल के कुलदीप ने यॉर्कशर के साथ करार किया है। वे 5 वनडे कप मैच और सितंबर में काउंटी चैंपियनशिप के 3 मुकाबलों के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्हें शुक्रवार को ग्लैमर्गन के खिलाफ होने वाले 50-ओवर के मैच के लिए यॉर्कशर की टीम में शामिल किया गया। कुलदीप ने इस पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने इंग्लैंड में खेलने को रोमांचक बताया।
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भारत के खिलाफ T20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे टीम का ऐलान जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। कप्तान सिकंदर रजा की अगुआई वाली टीम में ऑलराउंडर वेस्ली मधेवेरे और तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी की वापसी हुई है। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज ताफदजवा त्सिगा को पहली बार टी-20 में जगह मिली है। बांग्लादेश सीरीज वाली टीम से क्लाइव मडांडे, टिनोटेंड मापोसा और ताशिंगा मुसेकिवा को बाहर किया गया है। टेस्ट और वनडे में बांग्लादेश को हराने वाली जिम्बाब्वे की टीम T20 सीरीज हारने के बावजूद घरेलू मैदान पर भारत को चुनौती देने के इरादे से उतरेगी। तीनों मुकाबले 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। भारत के खिलाफ 15 सदस्यीय जिम्बाब्वे टीम सिकंदर रजा, ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी, डियोन मायर्स, मिल्टन शुम्बा, ताफदजवा त्सिगा, वेलिंग्टन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड नगरवा, न्यूमैन न्यामहुरी, तनाका चिवांगा हशमतुल्लाह शाहिदी ने अफगानिस्तान की वनडे कप्तानी छोड़ी अफगानिस्तान के 31 साल के बल्लेबाज हशमतुल्लाह शाहिदी ने वनडे टीम की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि निजी कारणों से यह फैसला लिया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अभी नए वनडे कप्तान का ऐलान नहीं किया है। शाहिदी ने 2022 में अफगानिस्तान की वनडे टीम की कमान संभाली थी। उनकी कप्तानी में टीम ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी खेली। 2023 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड्स को हराया था, लेकिन सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका। इस्तीफे का ऐलान करते हुए शाहिदी ने लिखा,’निजी कारणों से मैं कप्तान पद छोड़ रहा हूं। यह जिम्मेदारी निभाना मेरे लिए सम्मान की बात रही। मैंने पूरी ईमानदारी और टीम के साथ मिलकर अपना काम किया।’ उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और बोर्ड का भी धन्यवाद दिया। अब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड जल्द नए वनडे कप्तान के नाम का ऐलान कर सकता है। शाहिदी बल्लेबाज के रूप में टीम के लिए खेलते रहेंगे। चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स में वर्ल्ड चैंपियन गुकेश की लगातार दूसरी हार चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स-2026 चेस टूर्नामेंट के छठे राउंड में मंगलवार को एम प्रनेश ने वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को 39 चालों में हराया। टूर्नामेंट में यह गुकेश की लगातार दूसरी हार है। वहीं, निहाल सरीन ने अर्जुन एरिगैसी को 60 चालों में हराया। इस हार के बाद अर्जुन दूसरे स्थान पर खिसक गए, जबकि फ्रांस के अलीरेज़ा फिरोजा 4 अंकों के साथ अकेले टॉप पर पहुंच गए। नोदिरबेक अब्दुसातोरोव भी 3.5 अंकों के साथ अर्जुन के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। गुकेश पूरे मुकाबले में कई बार गलत कैलकुलेशन कर बैठे, जिसका फायदा उठाते हुए प्रनेश ने टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत दर्ज की। दूसरी ओर, ड्रॉ की ओर बढ़ रहे मुकाबले में निहाल ने शानदार रुक सैक्रिफाइस खेलकर बाजी अपने पक्ष में कर ली और एरिगैसी ने 60 चालों के बाद हार स्वीकार कर ली। अन्य मुकाबलों में अलीरेजा फिरोजा और नोदिरबेक अब्दुसातोरोव तथा हंस नीमन और दिमित्री अंद्रेकिन के बीच बाजी ड्रॉ रही। अब बुधवार को होने वाले अंतिम राउंड में गुकेश का सामना हंस नीमन से होगा, जबकि फिरोज़ा और एरिगैसी के बीच मुकाबला खिताब का फैसला करेगा। हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप: भारत ने पाकिस्तान को 7-4 से हराया, महिला टीम की 16-0 से जीत एफआईएच यूथ हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप-2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को एलीट पूल मुकाबलों में पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 7-4 और मेजबान ओमान को 14-0 से हराया। वहीं महिला टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलने के बाद उज्बेकिस्तान को 16-0 से मात दी। इन नतीजों के साथ भारत की दोनों टीमें टूर्नामेंट में अजेय हैं और यूथ हॉकी 5s वर्ल्ड कप में जगह बनाने के करीब पहुंच गई हैं। पाकिस्तान के खिलाफ करण गौतम ने हैट्रिक लगाई, जबकि राहुल यादव, प्रह्लाद राजभर, कप्तान केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने एक-एक गोल किया। इससे पहले ओमान पर 14-0 की जीत में केतन ने चार और आशीष तानी पूर्ति ने तीन गोल दागे। अल्टीमेट टेबल टेनिस: कोलकाता ने यू मुंबा को 8-7 से हराया अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 में मंगलवार को एचवीआर कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने यू मुंबा टीटी को 8-7 से हरा दिया। इस जीत के साथ कोलकाता ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। हार के बावजूद बेहतर गेम काउंट के आधार पर यू मुंबा भी अंतिम-4 में पहुंच गया। डेम्पो गोवा चैलेंजर्स के साथ अब तीन सेमीफाइनलिस्ट तय हो चुके हैं। कोलकाता ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की। एडुआर्ड इयोनेस्कू ने पहला गेम गंवाने के बाद वापसी करते हुए मानुष शाह को 2-1 (9-11, 11-8, 11-7) से हराकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद कोलकाता के लिए तनीषा कोटेचा ने इस सीजन में पहली बार एना हर्सी को हराया, जबकि जेंग जियान ने निर्णायक तीसरा गेम जीतकर टीम को मुकाबला जिताया। कुलदीप का काउंटी से करार, यॉर्कशर के लिए खेलेंगे वनडे कप और 3 फर्स्ट क्लास मैच भारतीय चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने इंग्लैंड के घरेलू सीजन के बाकी मैचों के लिए काउंटी क्लब यॉर्कशर से बतौर ओवरसीज खिलाड़ी करार किया है। इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में भारतीय स्क्वॉड में होने के बावजूद उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। अब वे यॉर्कशर के लिए वनडे कप के 5 मैच खेलेंगे, जिसकी शुरुआत शुक्रवार को ग्‍लेमॉर्गन के खिलाफ होगी। इसके बाद सितंबर में काउंटी चैंपियनशिप के 3 फर्स्ट क्लास मैच भी खेलेंगे। यॉर्कशर से जुड़ने पर कुलदीप ने कहा कि इस प्रतिष्ठित क्लब का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने की चुनौती उन्हें हमेशा पसंद रही है और वह टीम की सफलता में योगदान देने के लिए उत्साहित हैं।

फेमा केस में ललित मोदी को राहत:ट्रिब्यूनल ने ईडी का जुर्माना रद्द किया, IPL-2009 साउथ अफ्रीका में कराने पैसे भेजने का आरोप था

IPL-2009 को साउथ अफ्रीका में आयोजित कराने से जुड़े 15 साल पुराने फेमा (FEMA) मामले में पूर्व IPL चेयरमैन ललित मोदी को बड़ी राहत मिली है। स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट (SAFIMA) के तहत अपीलेट ट्रिब्यूनल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) का उन पर लगाया जुर्माना रद्द कर दिया है। यह मामला 2009 में लोकसभा चुनाव के दौरान सुरक्षा कारणों से आईपीएल का दूसरा सीजन दक्षिण अफ्रीका में आयोजित कराने से जुड़ा है। ईडी का आरोप था कि BCCI ने IPL 2009 के आयोजन के लिए करीब 4.98 करोड़ अमेरिकी डॉलर (243 करोड़ रुपए से अधिक) भारतीय रिजर्व बैंक की पूर्व अनुमति के बिना विदेश भेजे थे। ट्रिब्यूनल ने कहा- ललित मोदी इस लेनदेन के जिम्मेदार नहीं 105 पन्नों के फैसले में ट्रिब्यूनल ने कहा कि ललित मोदी की जिम्मेदारी साबित करने वाला कोई ठोस साक्ष्य नहीं है। ट्रिब्यूनल ने कहा कि मोदी BCCI के मामलों के प्रभारी नहीं थे। उन्हें पर्याप्त सबूतों के बिना इस मामले में शामिल किया गया था। इसलिए उन पर लगाया गया जुर्माना गलत था। 2018 में ED ने जुर्माना लगाया था ईडी ने 2011 में इस मामले में शो-कॉज नोटिस जारी किए थे। 2018 में ललित मोदी, BCCI के कुछ पूर्व पदाधिकारियों और अन्य पर जुर्माना लगाया था। इसके बाद सभी ने SAFEMA अपीलीय न्यायाधिकरण में इसे चुनौती दी थी। ललित मोदी ने कहा- कोई गलत काम नहीं किया फैसले के बाद ललित मोदी ने कहा कि उन्होंने हमेशा भारतीय क्रिकेट और IPL के हित में काम किया और कोई व्यक्तिगत गलत कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि यह भी पुष्टि करता है कि किसी भी आरोप का फैसला कानून और साक्ष्यों के आधार पर ही होना चाहिए। आखिरी में ललित मोदी का करियर देखिए… ——————————————– IPL से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर रेप का आरोप, कोलकाता हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी के आदेश दिए कोलकाता हाईकोर्ट ने रेप मामले में IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने पुलिस को अभिषेक के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने का आदेश दिया है। बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर एक महिला ने शादी का वादा कर संबंध बनाने और दोनों के निजी पलों की रिकॉर्डिंग करने के आरोप लगाए हैं। क्रिकेटर पर धमकियां देने के भी आरोप हैं। पढ़ें पूरी खबर

BCCI ने घरेलू-इंटरनेशनल मैचों की टाइटल स्पॉन्सरशिप टेंडर निकाला:IDFC फर्स्ट बैंक का कॉन्ट्रैक्ट अगस्त में खत्म, एसोसिएट पार्टनर के लिए भी बिड मांगी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट और भारत में खेले जाने वाले इंटरनेशनल मैचों के टाइटल स्पॉन्सरशिप राइट्स के लिए टेंडर जारी किया है। मौजूदा स्पॉन्सर IDFC फर्स्ट बैंक का तीन साल का करार अगस्त 2026 में खत्म हो रहा है। बोर्ड ने एसोसिएट पार्टनर राइट्स के लिए भी आवेदन मांगे हैं। IDFC से पहले मास्टरकार्ड था टाइटल स्पॉन्सर
IDFC से पहले टाइटल स्पॉन्सर का अधिकार मास्टरकार्ड के पास था। उसके बाद पेटीएम के पास था। घरेलू और इंटरनेशनल मैच शामिल चुनी गई कंपनी को भारत में होने वाले पुरुष और महिला टीमों के टेस्ट, वनडे और टीञ20 इंटरनेशनल मैचों के साथ रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, ईरानी कप और जूनियर घरेलू टूर्नामेंटों के टाइटल स्पॉन्सरशिप अधिकार मिलेंगे। 4 अगस्त तक दस्तावेज, 13 अगस्त तक बिड टेंडर पेपर खरीदने के लिए 1 लाख रुपए (GST अलग) की नॉन-रिफंडेबल फीस तय की गई है। टेंडर पेपर खरीदने की अंतिम तारीख 4 अगस्त और बिड जमा करने की आखिरी तारीख 13 अगस्त है। 2023 में IDFC फर्स्ट बैंक से हुई थी डील
IDFC फर्स्ट बैंक ने सितंबर 2023 में BCCI के साथ तीन साल का करार किया था, जिसकी अवधि अगस्त 2026 में पूरी होगी। इसके बाद बोर्ड नए टाइटल स्पॉन्सर का चयन करेगा। एसोसिएट पार्टनर के लिए भी आवेदन
BCCI ने एसोसिएट पार्टनर राइट्स के लिए भी बोली मंगाई है। टेंडर पेपर 14 अगस्त तक खरीदे जा सकेंगे, 16 अगस्त तक स्पष्टीकरण मांगा जा सकेगा और 25 अगस्त तक कोटेशन जमा किए जा सकेंगे। केवल फीस जमा करने से एलिजिबिलिटी नहीं
BCCI ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ टेंडर की फीस जमा करने से कोई कंपनी टेंडर प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेगी। बोर्ड की सभी शर्तें पूरी करने वाली कंपनियों को ही इसमें शामिल होने की अनुमति मिलेगी।

फुटबॉल वर्ल्ड कप चैम्पियन स्पेन को तीन मेजर अवॉर्ड्स:गोल्डन बॉल, ग्लव और बेस्ट यंग प्लेयर का मिला खिताब; जानिए विजेताओं के बारे में

स्पेन ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप के तीन अहम व्यक्तिगत अवॉर्ड्स भी अपने नाम किए। मिडफील्ड के उस्ताद रोड्री ने शानदार खेल के लिए गोल्डन बॉल जीता। गोलकीपर उनाई सिमोन ने गोल्डन ग्लव हासिल किया, जिन्होंने 7 मैचों में बिना गोल खाए रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले कोई खिलाड़ी ऐसा 5 से ज्यादा बार नहीं कर पाया था। वहीं, 19 साल के युवा सनसनी पाउ कुबारसी ने बेस्ट यंग प्लेयर का अवॉर्ड जीता। ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ, जब चैम्पियन टीम ने ये तीन मेजर अवार्ड्स भी जीते। 2022 में अर्जेंटीना ने भी ऐसा किया था। जानिए स्पेन के इन खिलाड़ियों की कहानियां… रोड्री – करोड़पति खिलाड़ी, लेकिन आम इंसान जैसी जिंदगी, सेकंड हैंड कार खरीदी 30 साल के रोड्री सादगी के लिए मशहूर हैं। स्पेन के टॉप लेवल फुटबॉल में खेलने के बावजूद उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के लिए एक सामान्य यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहना जारी रखा। दिखावे की जिंदगी से दूर, उन्होंने एक बुजुर्ग महिला से पुरानी कार खरीदी थी। उनका मानना है कि कार का मकसद सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाना है, दिखावा करना नहीं। रोड्री सोशल मीडिया से दूर रहते हैं। उनके शरीर पर कोई टैटू नहीं है। मॉडर्न और फैशनेबल फुटबॉलर्स के बीच वह पुराने जमाने के दिग्गजों की तरह हमेशा अपनी जर्सी (शर्ट) शॉर्ट्स के अंदर (टक-इन) करके खेलते हैं। उनकी गर्लफ्रेंड लौरा कोई सुपरमॉडल नहीं बल्कि मेडिकल की छात्रा हैं। दोनों की मुलाकात यूनिवर्सिटी हॉस्टल में ही हुई थी। पाउ कुबारसी – बढ़ई के बेटे, 200 लोगों के गांव से निकले; मैच के बाद होमवर्क 19 वर्षीय पाउ कुबारसी की जड़ें ‘एस्टानयोल’ में हैं, जो 200 से भी कम आबादी वाला एक गांव है। कुबारसी एक बढ़ई (कारपेंटर) परिवार से आते हैं और फुटबॉल स्टार बनने से पहले अपने पिता की लकड़ी की दुकान में हाथ बंटाते थे। उनके माता-पिता अब भी गांव में यह दुकान चलाते हैं। कुबारसी अपने अनुशासन के लिए मशहूर हैं। बार्सिलोना के लिए शुरुआती दिनों में वह मैच के बाद हॉस्टल लौटकर अपना स्कूल का होमवर्क पूरा करते थे। चैम्पियंस लीग में पहला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने के बाद अगली सुबह वह आम बच्चों की तरह स्कूल पहुंच गए। कुबारसी बचपन में महान स्पेनिश डिफेंडर्स कार्लेस पुयोल और गेरार्ड पिके के टैकल और डिफेंस के वीडियो देखकर सीखते थे। उनाई सिमोन – सोशल मीडिया से दूर, बोले- मेरा काम गोल रोकना, सामान बेचना नहीं 29 साल के उनाई सिमोन चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं। इस गोल्डन ग्लव विजेता सिमोन का कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है। वह स्पॉन्सरशिप और विज्ञापनों से भी दूरी बनाकर रखते हैं। उनका मानना है कि उनका काम सिर्फ मैदान पर गोल रोकना है, टीवी पर प्रोडक्ट बेचना नहीं। मैदान से फुर्सत मिलते ही वह अपने बचपन के दोस्तों के साथ मछली पकड़ने के लिए होमटाउन ‘मुर्गिया’ चले जाते हैं। मैच से पहले जब बाकी खिलाड़ी तेज संगीत सुनते हैं, तब सिमोन ड्रेसिंग रूम के एक कोने में बैठकर किताबें पढ़ना पसंद करते हैं। उनके सख्त अनुशासन की नींव बचपन में ही पड़ गई थी, क्योंकि पिता पुलिस अधिकारी रहे हैं। वे स्पेन को 2024 में भी यूरो चैम्पियन बना चुके हैं।

सिंधु ने कमबैक का क्रेडिट विराट को दिया:लिखा- वे मिले और कुछ समझाया, इससे नजरिया बदला; सिंधु ने 2 साल बाद टूर्नामेंट जीता

2 बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने अपनी दमदार वापसी का क्रेडिट भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को दिया है। उन्होंने 2 दिन पहले शनिवार को जापान ओपन सुपर-750 का खिताब जीता। सिंधु ने करीब 2 साल बाद कोई खिताब जीता था। इससे पहले वे करियर के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही थीं। 31 साल की पीवी सिंधु ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने कमबैक में कोहली की भूमिका का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि करियर के सबसे मुश्किल दौर में उन्होंने विराट से सलाह ली थी और उनकी एक सीख ने पूरी सोच बदल दी। सिंधु की 2 बातें सिंधु की वापसी में किसका क्या योगदान? 1. कोहली; ट्रॉफी के पीछे भागने के बजाय खेल में खुशी तलाशने की सलाह दी सिंधु ने कहा कि उस मुलाकात में हुई बातचीत निजी रहेगी, लेकिन विराट की सबसे बड़ी सीख थी कि ट्रॉफी के पीछे भागने के बजाय खेल में दोबारा खुशी तलाशनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब वह सुबह 5:30 बजे अभ्यास के लिए ट्रॉफी जीतने नहीं, बल्कि खेल के प्रति अपने जुनून की वजह से उठती हैं। इस मानसिक बदलाव के साथ सिंधु ने अपने खेल में कई सुधार किए। उन्होंने करीब 3.5 किलो वजन कम किया, नेट गेम को मजबूत बनाया, डेटा आधारित ट्रेनिंग अपनाई और इंडोनेशियाई कोच इरवांशाह व स्ट्रेंथ ट्रेनर वेन लोम्बार्ड के साथ फिटनेस पर विशेष काम किया। 2. पति वेंकट दत्ता; वापसी के लिए मेंटली तैयार किया पैर के लिगामेंट की चोट के बाद डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला ने सिंधु को पूरा आराम करने की सलाह दी। इसके बाद दत्ता साई उन्हें अमेरिका के अटलांटा ले गए। जहां परिवार के बीच रहकर मानसिक रूप से सिंधु ने खुद को फिर से तैयार किया। पेरिस ओलिंपिक के बाद डेटा एनालिटिक्स की मदद से सिंधु के खेल का विश्लेषण किया। सात ट्रैकिंग डिवाइस के जरिए फिटनेस, हार्ट रेट, नींद, रिकवरी और ट्रेनिंग लोड की लगातार निगरानी की गई। लगभग 3.5 किलो वजन कम कराया गया, जबकि मसल्स बरकरार रखी गईं। 3. कोच इरवांशाह; गेम के कई पहलुओं में सुधार किया कोच इरवांशाह ने उनके नेट गेम, धैर्य और अटैकिंग पैटर्न पर काम किया। टीम ने अनफोर्स्ड एरर कम करने और लंबे समय तक उच्च स्तर पर खेलने की क्षमता विकसित करने पर फोकस किया। इन बदलाव का असर सिंधु के खेल में देखने को मिला। उन्होंने यामागुची को महज 50 मिनट में सीधे गेम में हरा दिया। उन्होंने सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-4 चीनी खिलाड़ी चेन यूफेई को हराया। सिंधु की नजर वर्ल्ड चैंपियनशिप पर अब सिंधु की नजर चीन ओपन, विश्व चैंपियनशिप और लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 पर है। उनके पति वेंकट दत्ता साई का कहना है कि टीम का अंतिम लक्ष्य अभी भी ओलिंपिक स्वर्ण पदक जीतना है। ————————————————– पीवी सिंधु से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… पीवी सिंधु जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय बनीं भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट जीत लिया है। वे यह टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय बनी हैं। 31 साल की सिंधु ने रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में जापान की अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराया। पढ़ें पूरी खबर

IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर रेप का आरोप:कोलकाता हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी के आदेश दिए; डिवाइस जब्त करने को कहा

कोलकाता हाईकोर्ट ने रेप मामले में IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने पुलिस को अभिषेक के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने का आदेश दिया है, ताकि कथित निजी फोटो और वीडियो शेयर ना किए जा सकें। बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर एक महिला ने शादी का वादा कर संबंध बनाने और दोनों के निजी पलों की रिकॉर्डिंग करने के आरोप लगाए हैं। क्रिकेटर पर धमकियां देने के भी आरोप हैं। 23 साल के अभिषेक विकेटकीपर बैटर हैं। वे बंगाल के लिए 116 और आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के लिए 35 मैच खेल चुके हैं। दिल्ली ने उन्हें 4 करोड़ रुपए में रीटेन किया था। पीड़िता का आरोप- फ्लैट पर संबंध बनाए, अब धमकी दे रहा शिकायत के अनुसार अभिषेक पोरेल की महिला से जनवरी 2023 में पहचान हुई थी। महिला का आरोप है कि पोरेल उसे मंकुंडू स्थित अपने फ्लैट में ले गया और शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी के अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध थे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अभिषेक ने उसे अवैध रूप से रोके रखा, खाना नहीं दिया और अलग-थलग रखा गया। दो अप्रैल 2026 को दिल्ली में हुई कथित घटना के बाद उसकी शारीरिक स्थिति बिगड़ गई थी और उसे तत्काल इलाज कराना पड़ा। महिला ने फोन और सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है। अदालत ने कहा- जांच के दौरान एक पेन ड्राइव जब्त की गई है, जिसमें अहम डिजिटल सामग्री होने की आशंका है। ऐसे में आरोपी की गिरफ्तारी और उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जब्ती आवश्यक है, ताकि कथित आपत्तिजनक डेटा को आगे शेयर होने से रोका जा सके। अब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी हाईकोर्ट ने कहा कि पुलिस पहले से आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अदालत ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी और डिजिटल सबूतों को सुरक्षित करने के लिए कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। क्रिकेटर ने आरोपों को झूठा बताया था क्रिकेटर अभिषेक पोरेल इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर उनके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज की गई है, तो आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। यह मामला मोगरा पुलिस स्टेशन में 23 जून 2026 को दर्ज किया गया था। आखिर में अभिषेक पोरेल का करियर ————————————————————— क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनजोत कालरा श्रीलंका में गिरफ्तार पूर्व भारतीय अंडर-19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका में गिरफ्तार किया गया है। उन पर लंका प्रीमियर लीग (LPL) में एक खिलाड़ी को रिश्वत देने का आरोप लगा है। कालरा LPL की टीम जाफना किंग्स के को-ऑनर हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी टूर्नामेंट के छठे सीजन की शुरुआत से कुछ घंटे पहले की गई। पढ़ें पूरी खबर

स्पोर्ट्स अपडेट्स:नेथन स्मिथ और डैनी व्याट-हॉज ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुने गए

जियोहॉटस्टार ने भारत में ‘द हंड्रेड 2026’ के पुरुष और महिला टूर्नामेंट्स के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स हासिल कर लिए हैं। छठे सीजन के सभी 68 मैचों का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। टूर्नामेंट की 21 जुलाई से द ओवल में शुरु होगा। फाइनल 16 अगस्त को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। द हंड्रेड के विमेंस लीग में कई भारतीय खिलाड़ी खेलेंगे। इनमें स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष और जेमिमा रोड्रिग्स भी शामिल हैं। स्पोर्ट्स की अन्य खबरें भी पढ़िए… नेथन स्मिथ और डैनी व्याट-हॉज ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुने गए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नेथन स्मिथ और इंग्लैंड की महिला बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज को जून के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 16 विकेट लेकर टीम की 2-1 से जीत दिलाई। उन्होंने भारतीय कप्तान शुभमन गिल और बांग्लादेश के मोसादेक हुसैन को पीछे छोड़ा। महिलाओं में डैनी व्याट-हॉज ने स्कॉटलैंड की कैथरीन ब्रायस और भारतीय स्पिनर श्री चरणी को पीछे छोड़ अवॉर्ड अपने नाम किया। डैनी ने महिला टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 105 और न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 89 रनों की पारियां खेली थीं। हॉकी वर्ल्डकप के लिए भारत टीम घोषित हॉकी इंडिया ने अगले महीने होने वाले FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप के लिए 20 मेंबर्स की भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम की कप्तानी करेंगे। प्रो लीग टीम में शामिल रहे चार खिलाड़ियों को अंतिम दल में जगह नहीं मिली है। इसमें डिफेंडर अमनदीप लकड़ा, मिडफील्डर राज कुमार पाल, रबीचंद्र सिंह मोइरांगथेम और फॉरवर्ड सेल्वम कार्थी के नाम हैं। सबसे अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह के अलावा हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, अभिषेक और अमित रोहिदास जैसे खिलाड़ी टीम की रीढ़ होंगे। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण है। फुल्टन ने भरोसा जताया कि 1975 विश्व कप जीत के 50 साल पूरे होने के मौके पर यह टीम भारतीय हॉकी इतिहास में नया अध्याय लिख सकती है। भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अभियान शुरू करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला होगा। सभी ग्रुप मैच नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में खेले जाएंगे। भारत की टीम गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा। डिफेंडर: जर्मनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच। मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे। फॉरवर्ड: मंदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लकड़ा। दलीप ट्रॉफी के लिए वेस्ट जोन की टीम जारी, ऋतुराज गायकवाड को कमान 23 अगस्त से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र के बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान और मुंबई के स्पिन ऑलराउंडर शम्स मुलानी को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान, पृथ्वी शॉ, मुशीर खान और तनुश कोटियान भी शामिल हैं। ऋतुराज इस टूर्नामेंट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करेंगे। वहीं, मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र से खेलने वाले पृथ्वी शॉ को रणजी ट्रॉफी 2025-26 में 537 रन बनाने के बाद टीम में मौका मिला है। उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ 156 गेंदों में 222 रन की पारी खेली थी। 19 साल के आयुष म्हात्रे चोट के कारण टीम में जगह नहीं बना सके। टूर्नामेंट 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा। वेस्ट जोन की टीम कप्तान: ऋतुराज गायकवाड़ (महाराष्ट्र) उपकप्तान: शम्स मुलानी (मुंबई), सरफराज खान, पृथ्वी शॉ, जयमीत पटेल, शिवालिक शर्मा, शार्दुल ठाकुर, मुशीर खान, अतित शेठ, हार्विक देसाई, उर्विल पटेल, तुषार देशपांडे, तनुश कोटियान, सिद्धार्थ देसाई, मुकेश चौधरी। आशुतोष शर्मा इंग्लैंड में हैम्पशायर क्रिकेट क्लब से खेलेंगे दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा इंग्लैंड के घरेलू वन-डे कप में हैम्पशायर क्रिकेट क्लब की ओर से खेलेंगे। काउंटी क्लब ने सोमवार को उनके साथ पूरे टूर्नामेंट के लिए करार की घोषणा की। जीएमआर ग्रुप दिल्ली कैपिटल्स और हैम्पशायर क्रिकेट क्लब दोनों का को-ओनर है। 27 साल के आशुतोष के नाम भारतीय क्रिकेट में सबसे तेज टी20 अर्धशतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 11 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। हैम्पशायर क्रिकेट क्लब के क्रिकेट डायरेक्टर जाइल्स व्हाइट ने कहा कि आशुतोष ने IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया और दबाव में अच्छा खेलने की क्षमता रखते हैं। पिछले सीजन में वन-डे कप का खिताब चूकने वाले हैम्पशायर क्रिकेट क्लब को उम्मीद है कि आशुतोष इस बार टीम को ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे। दूसरे यूथ टेस्ट के पहले दिन भारत U-19 का स्कोर 253/3 कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे यूथ टेस्ट के पहले दिन भारत अंडर-19 ने 0/2 की खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी करते हुए 65 ओवर में 3 विकेट पर 253 रन बना लिए। बारिश और खराब रोशनी के कारण खेल समय से पहले रोकना पड़ा। सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी और सागर विर्क बिना खाता खोले आउट हो गए थे। इसके बाद कप्तान यशवर्धन चौहान (78) और कुशाग्र ओझा (103 )* ने तीसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़कर पारी संभाली। यशवर्धन के आउट होने के बाद मनाल चौहान (55 )* ने कुशाग्र का साथ निभाया। दोनों चौथे विकेट के लिए अब तक नाबाद 131 रन जोड़ चुके हैं। श्रीलंका की ओर से गिमहान मेंडिस ने 2 और सेथमिका सेनेविरात्ने ने 1 विकेट लिया। जून के ICC प्लेयर ऑफ द मंथ नाथन स्मिथ और डैनी वैट-हॉज बनीं ICC ने जून महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड का ऐलान किया। पुरुष वर्ग में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ और महिला वर्ग में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी वैट-हॉज को सम्मान मिला। स्मित ने भारत के कप्तान शुभमन गिल और बांग्लादेश के मोसादेक हुसैन को पीछे छोड़ा, जबकि डैनी ने स्कॉटलैंड की कैथरीन ब्राइस और भारत की श्री चरणी को मात दी। न्यूजीलैंड की इंग्लैंड पर 2-1 की टेस्ट सीरीज जीत में स्मित सबसे ज्यादा 16 विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने मैच में 9 विकेट (दूसरी पारी में 6/70) लिए। अवॉर्ड मिलने पर उन्होंने कहा कि टीम की जीत में योगदान देना उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। महिला वर्ग में डैनी वैट-हॉज ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 62 गेंदों में नाबाद 105 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ 53 गेंदों में नाबाद 89 रन बनाए। दोनों मैचों में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा कि लॉर्ड्स में वर्ल्ड कप फाइनल खेलना हमेशा यादगार रहेगा। आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के विजेताओं का चयन फैंस की वोटिंग और पूर्व खिलाड़ियों व क्रिकेट विशेषज्ञों के पैनल की रेटिंग के आधार पर किया जाता है।

वर्ल्डकप फाइनल में प्लेयर्स की झड़प की जांच करेगा फीफा:दोषियों पर 3 मैच का प्रतिबंध संभव, स्पेन-अर्जेंटीना के खिलाड़ी भिड़े थे

फीफा ने फुटबॉल वर्ल्डकप फाइनल के बाद खिलाड़ियों की झड़प की जांच शुरू कर दी है। इसमें दोषी पाए जाने वाले खिलाड़ियों पर कम से कम तीन मैचों का प्रतिबंध लग सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डिसिप्लिन कमेटी ने डिसिप्लिनरी एंड एथिक्स प्रॉसीक्यूटर नियुक्त किया है, जो संभावित नियम उल्लंघन की जांच करेगा। न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। इसके बाद स्पेन के जश्न के दौरान अर्जेंटीना के लिएंड्रो परेडेस और थियागो अल्माडा, स्पेन के मिडफील्डर गावी से भिड़ गए। झड़प में क्या हुआ? प्लेयर्स पर 3 मैचों का प्रतिबंध लग सकता है FIFA अनुशासन संहिता के अनुच्छेद-14 के तहत हिंसक आचरण साबित होने पर खिलाड़ियों को न्यूनतम तीन आधिकारिक मैचों के लिए निलंबित किया जा सकता है। इसके अलावा जुर्माना और अर्जेंटीना फुटबॉल संघ (AFA) के खिलाफ कार्रवाई भी संभव है। अर्जेंटीना पर बैनर मामले की जांच भी जारी अर्जेंटीना पहले से ही इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल के बाद दिखाए गए ‘Las Malvinas son Argentinas’ (फॉकलैंड/माल्विनास अर्जेंटीना के हैं) बैनर को लेकर FIFA की जांच का सामना कर रहा है। अब फाइनल के बाद हुई झड़प ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ———————————————————– फीफा वर्ल्डकप फाइनल से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… स्पेन ने 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप जीता, अर्जेंटीना को 1-0 से हराया स्पेन ने 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। उसने न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 2022 की चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराया। स्पेन के लिए फेरन टोरेस ने एक्स्ट्रा टाइम में गोल किया। पढ़ें पूरी खबर वर्ल्डकप फाइनल में स्पेन-अर्जेंटीना के खिलाड़ी भिड़े, 2 को रेडकार्ड; फोटो देखिए स्पेन ने फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार फुटबॉल वर्ल्ड कप जीत लिया। मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। पढ़ें पूरी खबर