ब्रेकिंग न्यूज़
सलूम्बर में समान नागरिक संहिता पर दूसरे दिन भी चर्चा:वीसी से जनसुनवाई, अधिवक्ता-जनप्रतिनिधियों के सुझाव समिति को भेजे जाएंगे

राजस्थान में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (UCC) 2026 के प्रारूप को जनहितकारी बनाने के लिए सलूम्बर में मंगलवार को दूसरे दिन भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनसुनवाई हुई। इसमें नागरिकों ने लिखित प्रपत्र के माध्यम से भी अपने सुझाव दर्ज कराए।
जनसुनवाई की अध्यक्षता प्रारूप समिति के सदस्य और राजस्थान उच्च न्यायालय के अतिरिक्त महाधिवक्ता बसंत सिंह छाबा ने की। सलूम्बर जिला मुख्यालय स्थित सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के वीसी कक्ष से अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि वर्चुअली शामिल हुए।
इस दौरान सलूम्बर जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने संहिता के विभिन्न प्रावधानों पर अपने विचार रखे। उन्होंने संहिता को व्यवहारिक बनाने और जनहित से जुड़े पहलुओं को प्रारूप में शामिल करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस तरह आम नागरिकों को सीधे अपनी राय संहिता के प्रारूप में शामिल कराने का मौका मिला। लिखित सुझाव लिए
वीसी में शामिल प्रतिभागियों से निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से लिखित सुझाव भी लिए गए। इन सभी सुझावों को संकलित कर प्रारूप समिति के समक्ष विचार के लिए भेजा जाएगा। समिति इन सुझावों का अध्ययन कर संहिता के प्रारूप को अधिक व्यापक, व्यवहारिक और जनहितकारी बनाने पर विचार करेगी।
अधिकारियों के अनुसार, जनसुनवाई प्रक्रिया का उद्देश्य विभिन्न समुदायों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आमजन की राय को सामने लाना है। दूसरे दिन की जनसुनवाई में भी प्रतिभागियों ने सक्रियता से अपनी बात रखी और प्रारूप को लेकर सुझाव दिए।

आनंद नगर में बिजली कटौती की समस्या का हुआ समाधान:नाली, सड़क, बिजली, पेयजल और पार्किंग से जुड़ी कई समस्याएं आई सामने, कई समाधानों पर काम जारी

सीकर शहर के लोग दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ पर लगातार अपनी समस्याएं पोस्ट कर रहे हैं, जिन पर प्रशासन भी लगातार कार्रवाई कर रहा है। शहर में नाली, सड़क, बिजली, पेयजल और पार्किंग से जुड़ी कई समस्याएं सामने आई हैं। वहीं शिकायतों के बाद कुछ मामलों का समाधान भी हुआ है। बकरा मंडी स्थित खटीकान मोहल्ले में नाली ओवरफ्लो की समस्या के समाधान के लिए जेईएन पिंकी मीणा को आज का ‘स्टार ऑफिसर’ चुना गया है। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… आज की स्टार ऑफिसर : जेईएन पिंकी मीणा बकरा मंडी स्थित खटीकान मोहल्ले निवासी गोविंद खटीक ने समस्या पोस्ट की थी कि लंबे समय से नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा था, जिससे कीचड़ जमा हो गया था और राहगीरों, बुजुर्गों व स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। समस्या मिलने के बाद जेईएन पिंकी मीणा ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित टीम से नाली की सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था करवाई। समय पर कार्रवाई से सड़क पर बह रहा गंदा पानी रुका और क्षेत्रवासियों को राहत मिली। नाली की सफाई के बाद जल निकासी सुचारू बकरा मंडी स्थित खटीकान मोहल्ले में लंबे समय से नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र के निवासी गोविंद खटीक ने समस्या में बताया था कि नाली ओवरफ्लो होने से सड़क पर कीचड़ जमा रहता था, जिससे राहगीरों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में कठिनाई होती थी। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके थे। समस्या के बाद संबंधित विभाग ने मौके पर पहुंचकर नाली की सफाई और जल निकासी व्यवस्था ठीक कराई। इससे सड़क पर बह रहा गंदा पानी रुक गया और आवागमन पहले की तुलना में सुचारू हो गया। आनंद नगर में रात की बिजली कटौती से मिली राहत आनंद नगर क्षेत्र में देर रात करीब 1 बजे होने वाली बार-बार बिजली कटौती से परेशान लोगों को अब राहत मिल गई है। क्षेत्र के निवासी आर्यन ने रात के समय लगातार बिजली गुल होने की समस्या पोस्ट की थी, जिससे लोगों की नींद प्रभावित हो रही थी और गर्मी के कारण काफी दिक्कत होती थी। समस्या पोस्ट करने के बाद विद्युत विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक सुधार कार्य किए। इसके बाद रात में होने वाली अनियमित बिजली कटौती बंद हो गई और क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सामान्य हो गई। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिली। गली में दोपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से रास्ता बाधित स्टेशन रोड स्थित सुभाष चौक क्षेत्र में गली के बाहर दोपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। क्षेत्र के निवासी शुभम अग्रवाल ने बताया कि गली में बाइक इस तरह खड़ी की जाती हैं कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार घरों के सामने पूरी तरह रास्ता अवरुद्ध हो जाता है, जिससे मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को आने-जाने में दिक्कत होती है। उनके घर पर हार्ट और किडनी से संबंधित मरीज आते-जाते हैं, लेकिन संकरी गली में वाहनों की भीड़ के कारण उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर बड़े गड्ढों से हादसे का खतरा कंवरपुरा रोड स्थित कुमावत नगर क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय निवासी विकाश किरोड़ीवाल ने बताया कि पूरी सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और बीच सड़क पर बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। दोपहिया वाहन चालक संतुलन खो सकते हैं, जबकि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा भी नहीं लग पाता। स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरवाने की मांग की है ताकि हादसों पर रोक लग सके। टूटी नाली और फेरा कवर से जलभराव, आवागमन प्रभावित पालवास रोड से जाने वाले मार्ग पर टूटी नाली और क्षतिग्रस्त फेरा कवर के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र के निवासी मुकेश भिंडा ने बताया कि बरसात के दौरान नाली ओवरफ्लो हो जाती है, जिससे गंदा पानी सड़क और गली में फैल जाता है। सड़क पर जलभराव होने से पैदल चलना मुश्किल हो जाता है और वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने टूटी नाली और फेरा कवर की मरम्मत कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान, स्वास्थ्य पर खतरा पालवास रोड स्थित कलवारिया कुंज क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र के निवासी मुकेश भिंडा ने बताया कि घरों में आने वाला पानी काफी गंदा और मटमैला है, जिससे उसका उपयोग पीने और घरेलू कामों के लिए करना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि दूषित पानी से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है और उन्हें मजबूरन पानी खरीदकर उपयोग करना पड़ रहा है। कई बार समस्या पोस्ट करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग से पाइपलाइन की जांच कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए…. 1.भास्कर समाधान : जलभराव की समस्या से मिली राहत:सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट की परेशानी बरकरार, अमित स्वामी बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 2.भास्कर समाधान : बिजली लाइन हुई ठीक, खतरा टला:सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं से लोग परेशान, वाजिद अली बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 3.भास्कर समाधान: लगातार बिजली कटौती की समस्या का हुआ समाधान:सड़क, बिजली, पानी और सफाई की समस्याओं से लोग परेशान 4.भास्कर ‘समाधान’: शिकायत के बाद प्रशासन हुआ अलर्ट:गड्ढे, गंदगी और आवारा पशुओं से बढ़ी लोगों की मुश्किलें, अमित स्वामी बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 5.सीकर में जनता की समस्याओं पर जागा प्रशासन:जर्जर सड़कें, सीवर और नंगे तारों की शिकायतों पर अधिकारियों ने की कार्रवाई 6.सीकर में बहानेबाजी पर भारी पड़ा ऐक्शन:कहीं सिस्टम की सुस्ती से बढ़ा खतरा, तो कहीं ‘स्टार अफसर’ ने दूर की जनता की परेशानी 7.भास्कर समाधान: पोस्ट करने के 4 घंटे में हुआ समाधान:सीवर समस्या सुलझी; नाला, जलभराव और आवारा पशु बने परेशानी, अमित स्वामी बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 8.सीकर शहर की समस्याएं भास्कर समाधान पर पहुंचीं:कहीं टूटी सड़क तो कहीं जलभराव और नाली की परेशानी, सुरेंद्र गोदारा बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 9.भास्कर समाधान: लाइट की समस्या का हुआ समाधान:सीकर में पानी, बिजली, सड़क और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं से लोग परेशान 10.भास्कर समाधान: कचरा हटने पर लोगों को मिली राहत:आवारा पशुओं का आतंक, अंधेरे में डूबी गलियां और सड़क पर गहरे गड्ढे से बढ़ी परेशानी

नांदड़ा कलां में तीन साल पुरानी बिजली समस्या का समाधान:जर्जर सड़क, क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन और कचरे के ढेर से लोग परेशान

जोधपुर में बुनियादी सुविधाओं और नागरिक व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं जर्जर सड़क, क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन और कचरे के ढेर से लोग परेशान हैं तो कहीं ट्रैफिक नियमों की अनदेखी हादसों का कारण बन रही है। वहीं, भास्कर समाधान पर उठाई गई शिकायतों के बाद प्रशासन ने नांदड़ा कलां गांव को उच्चियारड़ा जीएसएस से जोड़कर बिजली आपूर्ति सुचारु की और सोजती गेट के खुले नाले पर लोहे की जाली लगवाकर लोगों को राहत पहुंचाई। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… आज की ‘पब्लिक की स्टार’: शिवानी आज की हमारी स्टार ऑफिसर शिवानी, एग्जीक्यूटिव, डिस्कॉम कॉल सेंटर बनी हैं। जोधपुर शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित नांदड़ा कलां गांव के निवासी विक्रम ने भास्कर समाधान पर समस्या पोस्ट की थी कि पिछले तीन वर्षों से गांव में बिजली आपूर्ति बाधित रहती थी। उच्चियारड़ा जीएसएस से कनेक्शन नहीं होने के कारण करीब 500 घरों के लोगों को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा था। समस्या मिलने के बाद शिवानी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करवाई। इसके बाद गांव को उच्चियारड़ा जीएसएस से जोड़ दिया गया, जिससे बिजली आपूर्ति सुचारु हुई और ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिली। उनकी त्वरित एवं प्रभावी कार्यशैली के लिए उन्हें आज का ‘स्टार ऑफिसर’ चुना गया। बिजली कनेक्शन मिलने पर ग्रामीणों को राहत जोधपुर शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित नांदड़ा कलां गांव में पिछले तीन वर्षों से बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई थी। शिकायतकर्ता विक्रम ने बताया कि कई बार गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित उच्चियारड़ा जीएसएस से बिजली कनेक्शन जोड़ने की मांग की थी, लेकिन सुनवाई नहीं होने से करीब 500 घरों के लोगों को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विद्युत विभाग ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए गांव को उच्चियारड़ा जीएसएस से जोड़ दिया। इससे बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुचारू हो गई और लंबे समय से परेशान ग्रामीणों को राहत मिली। सोजती गेट के खुले नाले पर लगी मजबूत लोहे की जाली, हादसों का खतरा टला शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र सोजती गेट पर लंबे समय से खुला नाला राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का कारण बना हुआ था। स्थानीय निवासी जयकिशन प्रजापत ने इस समस्या को उठाते हुए नाले को सुरक्षित करने की मांग की थी। शिकायत के बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए खुले नाले पर मजबूत लोहे की जाली लगवा दी। इससे राहगीरों और दुकानदारों को राहत मिली है तथा दुर्घटना की आशंका काफी हद तक कम हो गई है। मुख्य सड़क बदहाल, कीचड़ और गड्ढों से राहगीर परेशान चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित सेक्टर-14 को सेक्टर-21 से जोड़ने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। क्षेत्र के निवासी नवीन रांकावत ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से कीचड़ फैल जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है और आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त, घरों के बाहर फैल रहा गंदा पानी गुड़ा रोड स्थित झालामंड क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन के कारण घरों के बाहर गंदा पानी जमा हो रहा है। क्षेत्र की निवासी रीमा इशिका ने बताया कि लंबे समय से सीवरेज का गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है। इससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
खाली प्लॉट बना कचरा घर, गंदगी से लोग परेशान सूर्य कॉलोनी के एचयू-62 क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से खाली पड़ा एक प्लॉट स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। शिकायतकर्ता चौहान ने बताया कि प्लॉट के चारों ओर बाउंड्री वॉल नहीं होने से यहां गाय, कुत्ते और अन्य पशु घूमते रहते हैं तथा लोगों द्वारा कचरा भी डाला जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेड लाइट पर नियमों की अनदेखी, दुर्घटना का बढ़ा खतरा जालोरी गेट की ओर जाने वाले सोजती गेट मार्ग पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से हादसे का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्र के निवासी विष्णु प्रजापत ने बताया कि रेड लाइट होने के बावजूद कई वाहन चालक ग्रीन सिग्नल का इंतजार किए बिना रॉन्ग साइड से आगे निकल जाते हैं। इससे चौराहे पर बार-बार जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए… 1.भास्कर समाधान : सीवरेज पाइपलाइन की रुकावट हुई दूर:गंदगी और जलभराव से राहत की उम्मीद, भास्कर समाधान पर उठी जनता की आवाज 2.जोधपुर में बिजली विभाग और डिस्कॉम का एक्शन:दो बड़ी समस्याओं का हुआ स्थाई समाधान, एग्जीक्यूटिव कुंदन बने ‘पब्लिक के स्टार 3.जोधपुर के लक्ष्मण नगर में सीवर ब्लॉकेज खुला:जुनावो की ढाणी को मिली बिजली-पानी के संकट से मुक्ति, डिस्कॉम के सूर्यभान बने ‘पब्लिक के स्टार’ 4.भास्कर समाधान: कचरा हटा, रोड लाइट चालू; लोगों को राहत:गंदे पानी, जाम सीवर और खुले चैंबर की समस्या, दिव्या दैया बनी आज की ‘स्टार ऑफिसर’ 5.’भास्कर समाधान’ पर एक पोस्ट से हल:3 साल से 500 घर जी रहे अंधेरे में, सरकारी पाइपलाइन पर लगाए अवैध वॉल्व, सप्लाई में आ रहा गंदा पानी 6.भास्कर समाधान, कई दिनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाईट चालू:अजमेर में कहीं गंदा पानी, कही पेयजल संकट, सड़क और सीवरेज समस्याओं से जूझ रहे लोग 7.‘भास्कर समाधान’: एक पोस्ट से मिल रहा हल:अजमेर में अधिकारी शिकायतों पर ले रहे एक्शन, यूजर बोले 25 साल से नालियां ठीक नहीं हुईं तो दरगाह बाजार का 15 दिन से गड्‌ढा 8.‘भास्कर समाधान’: समस्याओं का हल एक पोस्ट से:अधिकारी शिकायतों का खुद करवा रहे समाधान, अजमेर में नाली, सफाई और पानी सबसे बड़ी बुनियादी समस्या 9.भास्कर समाधान का असर; बेसहारा पशुओं की समस्या का निस्तारण:हाईटेंशन लाइन और पानी लीकेज से लोग परेशान, देवेन्द्र सिंह बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 10.‘भास्कर समाधान’: अधिकारी खुद करवा रहे सॉल्यूशन:दरगाह बाजार में नहीं सुधर रही सफाई व्यवस्था, 6 महीने से खराब हैंडपंप

जोधपुर में चार महीने बाद ही बदले कमिश्नर:अब अंशुमन भोमिया को सौंपी कमान, ग्रामीण में पत्नी की जगह पति को बनाया SP

प्रदेश में 18 आईपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर की लिस्ट मंगलवार देर रात जारी की गई। इन आदेशों में जोधपुर के कमिश्नर भी बदल दिए गए। जोधपुर के वर्तमान कमिश्नर शरत कविराज का तबादला जयपुर कर दिया गया। वहीं अंशुमन भोमिया अब जोधपुर के कमिश्नर होंगे। पंकज यादव होंगे ग्रामीण एसपी इसके अलावा ग्रामीण की एसपी पीडी नित्या को भी एसीबी जोधपुर का एसपी लगाया गया है। जबकि ग्रामीण एसपी पंकज यादव को लगाया गया है। नित्या की जोधपुर में यह दूसरी पोस्टिंग है। जारी आदेश के मुताबिक 2006 बैच के आईपीएस अंशुमन भोमिया अब कमिश्नरेट की कमान संभालेंगे। वे पूर्व में महानिरीक्षक पुलिस एसएसबी पर कार्यरत थे। जबकि शरत कविराज को महानिरीक्षक पुलिस अपराध शाखा में लगाया गया है। इसके अलावा 2022 बैच के आईपीएस पंकज यादव को कमांडेट प्रथम बटालियन आरएसी जोधपुर से ग्रामीण एसपी लगाया गया है। वहीं पीडी नित्या को ग्रामीण एसपी से एसीबी जोधपुर का एसपी लगाया गया है। 4 महीने में बदले कमिश्नर शहर के कमिश्नर शरत कविराज पांच माह का कार्यकाल भी पूरा नहीं कर पाए। इससे पहले ही उन्हें हटा दिया गया। हालांकि हटाने को लेकर कई कारण और चर्चाएं भी चल रही है, लेकिन अचानक से आए इन आदेशों ने कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। बता दें कि कमिश्नर कविराज विभिन्न थानों में कैमरे लगवाने, अभय कमांड से माॅनिटरिंग की वजह से भी चर्चाओं में रहे। उन्होंने कमिश्नरेट के थानों को हाईटेक बनाने का प्रयास किया था।

जयपुर में ज्वेलर को लूटने वाले तीन और आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया, मौका परेड निकाली

खोराबीसल पुलिस ने ज्वेलर पर जानलेवा हमला कर लाखों के सोने-चांदी के जेवर लूटने वाली गैंग के तीन बद‌माशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। खोराबीसल ज्वेलर से लूट के आरोपियों की पुलिस ने मौका परेड निकाली। इस दौरान इलाके में बड़ी संख्या में भीड़ नजर आई। लोगों ने आरोपियों की फटे हाल तस्वीरें वीडियो अपने मोबाइल में कैद किए। ज्वेलरी से भरा बैग लूटा था पुलिस ने बताया कि खोराबीसल के नांगल लाड़ी में 3 जुलाई की रात ज्वेलर शंकरलाल शर्मा पर जानलेवा हमला कर खोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लूटने वाली गैंग के तीन आरोपो कमलेश बाज्या (27), अशोक मीणा उर्फ गोलू मीणा (21) चुगलिया कालवाड़ और विशाल मीणा (20) की गिरफ्तारी और माल बरामदगी के बाद वारदात में शामिल तीन और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारशुदा आरोपी वारदात में प्रयुक्त हथियार और लाठी डण्डों की उपलब्ध कराने के साथ चोरी किए ज्वैलरी को पिघलाने और रेंटल कार दिलाने में आरोपियों की प्रत्यक्ष भूमिका बताई जा रही है। इनको किया गिरफ्तार शिवशंकर यादव (21) पिपली की ढ़ांणी देवपुरा टाकलडा चौमूं, राहुल शर्मा (21) भोलपुरा कालाडेरा, और राजेश कुमार शर्मा भीलपुरा अनुपपुरा कालाडेरा (24) को गिरफ्तार किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें गठित की। घटनास्थल से मिले एक कार के शीशे पर लगे स्टिकर के आधार पर पुलिस ने रूटमैप बनाकर तलाश की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट पर काला कपड़ा बांध रखा था। पुलिस ने आरोपितों को कालवाड़ रोड सिरसी लिंक रोड से दबोच लिया। 75 हजार में रेंटल कार दिलाने और ज्वैलरी गलाने के दिए एसआई अभिषेक स्वामी ने बताया कि मुख्य आरोपी ने प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि उसने तीनों को 25-25 हजार रुपए दिए थे। जिसके बदले आरोपियों ने पांच हजार रुपए प्रति दिन के हिसाब से चौमूं से कार रेंट पर लेकर दी। वारदात के बाद लूटी गई ज्वैलरी को पिघलाने में तीनों गिरफ्तारशूदाओं की भूमिका रही। आरोपी राहुल के घर के पीछे चांदी पिघलाने के उपकरणों में चांदी को पिघला कर सिल्ली का रूप दिया गया। पुलिस आरोपियों से उपकरणों के अलावा मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है।

अजमेर में बर्थडे पार्टी से लौट रही महिला से लूट:गले से डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़ ले गए बदमाश, झपट्टा मारकर तोड़ ले गए बाइक सवार

अजमेर शहर में चेन स्नैचिंग की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वैशाली नगर स्थित झूलेलाल मंदिर के पास मंगलवार रात बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के गले से करीब डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। झूलेलाल मंदिर गई थी पुलिस के अनुसार माकड़वाली स्थित बलदेव नगर निवासी कंचन पत्नी श्याम सुंदर मंगलवार रात पड़ोसी के घर जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झूलेलाल मंदिर गई थीं। कार्यक्रम से वापस घर जाते समय पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर करीब डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर कृष्णगंज थाना प्रभारी अरविंद चारण पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

नागौर में 12 होटल-गेस्ट हाउस पर छापे, 15 लोग डिटेन:रिकॉर्ड खंगाले; कुचामन में बांग्लादेशी महिलाओं के मिलने पर एक्शन

कुचामन में होटल से तीन बांग्लादेशी महिलाओं के मिलने के अगले ही दिन नागौर पुलिस ने शहर में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। मंगलवार को पुलिस ने 12 होटल और गेस्ट हाउस पर एक साथ छापेमारी की। करीब 3 से 4 घंटे तक चली इस कार्रवाई में होटल संचालकों, कर्मचारियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल महिलाओं समेत 15 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मोबाइल फोन, होटल के एंट्री रजिस्टर और पहचान संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए हैं। अब इनकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शहर के कई इलाकों में एक साथ पहुंची पुलिस टीम उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस, डीएसटी और क्यूआरटी की संयुक्त टीमों ने बीकानेर रोड, बस स्टैंड रोड, दिल्ली दरवाजा समेत शहर के कई इलाकों में स्थित होटल और गेस्ट हाउसों पर एक साथ दबिश दी। टीमों ने कमरों की तलाशी ली और होटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। बाहर से युवतियां बुलाकर ग्राहकों से कराया जा रहा था संपर्क प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ होटल और गेस्ट हाउसों में बाहर से युवतियों को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जा रहा था। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, एंट्री रजिस्टर और पहचान संबंधी दस्तावेज जब्त किए हैं। अब इनकी जांच कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। कुचामन के होटल कनेक्शन की भी हो रही जांच यह कार्रवाई उस मामले के बाद की गई, जिसमें कुचामन सिटी के स्टेशन रोड स्थित एक होटल से तीन बांग्लादेशी महिलाएं और बिहार की एक युवती मिली थीं। जांच एजेंसियों को शक है कि बांग्लादेशी महिलाओं को सीमावर्ती इलाकों के रास्ते अवैध तरीके से भारत लाया गया था। इसी कड़ी में अब नागौर के संदिग्ध होटल और गेस्ट हाउस भी जांच के दायरे में हैं। CO बोले- लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें नागौर सीओ जतिन जैन ने बताया कि होटलों में अनैतिक गतिविधियों और अवैध रूप से लोगों को ठहराने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसी आधार पर पुलिस टीमों ने कार्रवाई कर तलाशी ली। होटल संचालकों के रिकॉर्ड, दस्तावेज और जब्त सामग्री की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि करीब 15 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया है। जांच में सबूत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नागौर में पालना गृह का अलार्म बंद मिला:25 मिनट तक नहीं पहुंचा कोई कर्मचारी, CHC प्रभारी बोले-सिस्टम खराब है

नागौर के पुराने अस्पताल परिसर स्थित पालना गृह में बड़ी लापरवाही सामने आई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता के सचिव संजय कुमार मालवीय औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उन्होंने पालना गृह के अलार्म सिस्टम की जांच की तो वह बंद मिला। उन्होंने कई बार पालने को दबाकर अलार्म चेक किया, लेकिन करीब 20 से 25 मिनट तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और अलार्म सिस्टम तुरंत ठीक कराने के साथ भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होने के निर्देश दिए। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष तारा अग्रवाल के निर्देश पर सचिव संजय कुमार मालवीय ने पालना गृह, वन स्टॉप सेंटर, राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह और जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी जगह की व्यवस्थाएं देखीं, अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए और लाभार्थियों व बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी। एमसीएच प्रभारी बोले- अलार्म सिस्टम खराब है पालना गृह में अलार्म बजने के बाद भी कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा तो एमसीएच विंग के प्रभारी मूलाराम कड़ेला को बुलाया गया। उन्होंने माना कि अलार्म सिस्टम खराब है। सचिव ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए सिस्टम तुरंत ठीक कराने, उसकी वीडियोग्राफी करवाने और रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजने के निर्देश दिए। वन स्टॉप सेंटर में महिला से लिया फीडबैक जेएलएन अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में सचिव ने वहां रह रही एक महिला से बात की। उन्होंने उससे उसके मामले और मिल रही मदद के बारे में जानकारी ली। इसके बाद केंद्र प्रभारी शिल्पा आडवाणी को महिला की बेहतर देखभाल, समय पर सहायता और जरूरी कानूनी मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही काउंसलिंग, पुनर्वास और रिकॉर्ड की भी जांच की। किशोर गृह में सुविधाएं देखीं, अधिकारों की जानकारी दी राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह में निरीक्षण के दौरान 15 विधि से संघर्षरत किशोर और एक शिशु मिले। सचिव ने भोजन, साफ-सफाई, रहने की व्यवस्था और डाइट की जांच की। यहां आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में किशोरों को उनके अधिकार, किशोर न्याय अधिनियम और निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। जेल में बंदियों से मिले, निःशुल्क कानूनी सहायता के आवेदन भरवाए जिला कारागार में निरीक्षण के दौरान बंदियों के लिए विधिक साक्षरता शिविर लगाया गया। जिन बंदियों के पास वकील नहीं था, उनसे मौके पर ही निःशुल्क विधिक सहायता के आवेदन भरवाए गए। सचिव ने भोजन, साफ-सफाई, बैरकों और दूसरी जरूरी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और सुधार के निर्देश दिए। इसके अलावा हाल ही में जेल पहुंचे बंदियों से अलग-अलग बात कर उनके मामलों और उन्हें मिल रही कानूनी सहायता की जानकारी भी ली।

कोरोना में लगे स्टेरॉयड से गल रहीं हड्डियां, नसें सिकुड़ीं:17 वर्षीय युवती बैठ नहीं पाती, युवक का कमर से घुटने तक का हिस्सा नहीं करता काम

17 साल की युवती न ढंग से चल पाती, न बैठ पाती। लेटे-लेटे पढ़ती है। वहीं, 24 साल के युवक को सहारा लेकर चलना पड़ता है। मुंबई निवासी एक युवक के कमर से लेकर घुटने तक के हिस्से ने काम करना बंद कर दिया। तीनों का दर्द एक है और दर्द की वजह भी एक- स्टेरॉयड। कोविड के दौरान इन्हें स्टेरॉयड दिए गए थे। जिसके साइड इफेक्ट अब सामने आ रहे हैं। स्टेरॉयड से ​न केवल की हड्डियां गल रहीं हैं, बल्कि नसें सिकुड़ने से खून की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में ऐसे दो ऑपरेशन हुए थे। जब डॉक्टर्स ने इनकी हिस्ट्री खंगाली तो सामने आया कि कोविड के दौरान ये लोग हॉस्पिटल में एडमिट थे। कोरोना से बचाने और इंफेक्शन को खत्म करने के लिए इन्हें स्टेरॉयड भी ​दिए गए थे। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… केस 1 : 17 साल की छात्र को सोते-सोते पढ़ना पड़ता था महात्मा गांधी हॉस्पिटल के बोन एंड जॉइंट डिपार्टमेंट में सहायक आचार्य डॉ. निरोत्तम सिंह मील ने बताया कि दो साल पहले महात्मा गांधी हॉस्पिटल में ही 17 साल की लड़की आई थी। बच्ची न तो ढंग से चल पा रही थी और न ही बैठ पा रही थी। हाल ये था कि उसे लेटे-लेटे पढ़ना पड़ रहा था। कोविड के दौरान उसका इलाज चला था। बच्ची की हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी हुई और इसके बाद वह सही हो पाई। केस 2 : सहारा लेकर चल रहा 24 साल का युवक फलोदी के रहने वाले 24 साल के युवक की स्टेरॉयड की वजह से हड्डियां गल गई थीं। पिछले एक साल से ज्यादा समय से वह बीमारी से परेशान था। उसकी जांच की तो सामने आया कि कूल्हे की हड्डियां गल चुकी थीं। युवक को सहारा लेकर चलना पड़ रहा था। इस युवक की भी हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी की गई। केस 3 : मुंबई से आया युवक, चल-फिर नहीं पा रहा था एक युवक मुंबई से आया था। कोविड के दौरान काफी तबीयत खराब हुई और हॉस्पिटल में भी एडमिट हुआ। वह भी चलने-फिरने की स्थिति में नहीं था। उसके कूल्हे की दोनों हड्डियां काम करना बंद हो गई थी। स्टेरॉयड के इफेक्ट से दर्द भी असहनीय था। आखिर में उसकी भी सर्जरी करनी पड़ी। दावा : स्टेरॉयड ब्लड फ्लो को कम कर देता है एक्सपर्ट का दावा है कि जब भी किसी बीमारी में स्टेरॉयड दिया जाता है तो वह उस पर तुरंत रिएक्ट करता है और एक बार के लिए मरीज को ठीक कर देता है। इसके बाद स्टेरॉयड ब्लड फ्लो को कम कर देता है। हाल ही में जो केस सामने आए, उनमें भी ये ही पाया गया है कि कोविड में जिन लोगों को स्टेरॉयड लगे थे, उनमें ब्लड फ्लो कम हो गया और नसें सिकुड़ गई थीं। नसें सिकुड़ने की वजह से इसका इफेक्ट हड्डियों पर दिखने लगा। डॉक्टर्स बोले- कोविड के बाद सबसे ज्यादा केस बढ़े, इनमें युवा सबसे ज्यादा सिंह ने बताया- कोविड के बाद सबसे ज्यादा इस तरह के केस सामने आ चुके है। पिछले दो सालों की बात की जाए तो सबसे ज्यादा समस्या स्टेरॉयड की वजह से ​कूल्हे की हड्डियों में आई है। हालांकि उनका कहना है कि स्मोकिंग, एलर्जी की मेडिसिन और अल्कोहल लेने वालों में भी ये समस्या रहती है। उन्होंने बताया कि हैरानी की बात ये है कि इस तरह के केस सबसे ज्यादा 17 से 40 साल तक के उम्र के लोगों में है। इसकी वजह से वे अर्थराइटिस का भी शिकार हो रहे है। हर महीने ओपीडी में करीब 10 से ज्यादा ऐसे केस आ रहे हैं।

भीलवाड़ा में आज 4 घंटे तक बिजली बंद रहेगी:सुबह 8 बजे से होगा पावर कट, जानिए किन-किन क्षेत्रों में होगी कटौती

भीलवाड़ा में आज बुधवार को कुछ क्षेत्रों में 3 से 4 घंटे बिजली बंद रहेगी। बिजली कटौती शहर में अलग-अलग समय पर की जाएगी। एवीएनएल के सहायक अभियंता नीरज शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई को 11 केवी रिको-1 फीडर से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इस दौरान नया बापू नगर, सी, डी, ई, एफ, जी, एच और आई सेक्टर, देव नारायण सर्किल, सेंट्रल अकादमी स्कूल, अक्षय पात्र, समाज कल्याण छात्रावास, बिलिया, प्रतापनगर थाना, हुडको कॉलोनी, बालिका विद्यालय, आवरी माता के सामने बापू नगर तथा रिको-1 फीडर से जुड़े अन्य क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी। सिटी सेकंड फीडर के क्षेत्रों में दोपहर 1 से 4 बजे तक पावर कट इसी तरह 11 केवी सिटी सेकंड फीडर से जुड़े क्षेत्रों में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इस दौरान पुराना बापूनगर, कर्मचारी कॉलोनी, बीमा हॉस्पिटल, पी एंड टी चौराहा, नाकोड़ा चौराहा, बापूनगर सब्जी मंडी, कम्युनिटी हॉल, न्यू इरा पब्लिक स्कूल, गुरुजी की होटल के आसपास, पुर रोड स्थित एच और आई सेक्टर, बापूनगर तथा इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद रहेगी। विद्युत विभाग के अनुसार बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से निर्धारित समय के दौरान संबंधित फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद रहेगी।