ब्रेकिंग न्यूज़
लिफ्ट गिरने से हुई गेटमैन की मौत, सहमति बनी:धरना खत्म, कल होगा पोस्टमॉर्टम; आर्थिक मदद का मिला आश्वासन

पाली में फैक्ट्री की लिफ्ट गिरने से गेटमैन की मौत के मामले में शनिवार को दिनभर चले विरोध प्रदर्शन के बाद शाम को दोनों पक्षों के बीच मुआवजे को लेकर समझौता हो गया। इसके बाद मृतक के परिजन और समाज के लोग धरना समाप्त करने तथा पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इससे पहले मृतक के परिजन और समाज के लोग बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे रहे। उनकी मांग थी कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। आक्रोशित लोगों ने बांगड़ हॉस्पिटल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन भी किया। धरने के दौरान कई बार दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई। समझौता होने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। धरनास्थल पर सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू, सदर थानाप्रभारी कपूराराम मय जाब्ता मौजूद रहे। वहीं विधायक भीमराज भाटी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित, कांग्रेस नेता संगीता बेनीवाल, महावीर सिंह सुकरलाई, शिवराम जाट, अमराराम बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में जाट समाज के लोग भी मौजूद रहे। फैक्ट्री में लिफ्ट गिरने से हुई थी मौत
रोहट क्षेत्र के काला पीपल की ढाणी निवासी और वर्तमान में महाराणा प्रताप सर्किल के पास रहने वाले भैराराम(52) पुत्र मगाराम जाट पूनायता औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रांजल फैक्ट्री में गेटमैन के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार दोपहर ड्यूटी के दौरान फैक्ट्री में लगी लिफ्ट उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी। तीन बच्चों और बुजुर्ग मां का था सहारा
भैराराम की पत्नी का करीब 6 साल पहले निधन हो चुका है। उनके दो बेटे 12वीं क्लास में पढ़ते हैं, जबकि बेटी अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही है। परिवार में 90 वर्षीय मां झमकूदेवी बच्चों की देखभाल करती हैं। भैराराम की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब तीनों बच्चों की जिम्मेदारी उनकी बुजुर्ग दादी के कंधों पर आ गई है। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद से झमकूदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। यह भी पढ़ें… फैक्ट्री में लिफ्ट गिरने से गेटमैन की मौत: परिजन बोले- मालिकों ने सबूत मिटाने का प्रयास किया; मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे

गरीबों के नाम पर लिए शराब ठेके,मालिकों से होगी वसूली:भास्कर के खुलासे के बाद लाइसेंस की छंटनी शुरू, माफिया की संपत्ति कुर्क होगी

आबकारी विभाग उन शराब लाइसेंस की छंटनी कर रहा है, जिनमें आवेदक गरीब हैं। साथ ही किसी अन्य व्यक्ति और शराब माफिया का मोबाइल नंबर ठेके से लिंक है। भास्कर एप के खुलासे के बाद विभाग ने यह एक्शन लिया है। दरअसल, भास्कर ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया था कि अलवर में गरीबों के नाम पर शराब ठेके लिए जा रहे हैं। उनके नाम पर करोंड़ों रुपए का जुर्माने का नोटिस आ रहा है। ये पूरा खेल शराब ठेकों के मालिकों और आबकारी के अधिकारियों की मिलिभगत से चल रहा है। नियमों के मुताबिक, जो शराब की दुकान आबकारी विभाग से तय माल (कोटा) नहीं उठाती, उसे 7 दिन के भीतर बंद करना होता है। लेकिन अधिकारियों की मिलीभगत से इन दुकानों को पूरे साल चलने दिया गया। अब आबकारी विभाग ने तय किया है कि दुकानों के लाइसेंस और बैंक खातों में जिनके मोबाइल नंबर हैं, उनसे रिकवरी होगी। अधिकतर केस में मोबाइल नंबर शराब के ठेके चलाने वालों के हैं। अब इनसे रिकवरी हो सकती है। अकेले अलवर में 216 केस में करीब 160 करोड़ रुपए बाकी हैं। पूरे प्रदेश में कई हजार करोड़ की रिकवरी होनी है। आबकारी विभाग ने अब इस लूपहोल को भरने के लिए डिजिटल रास्ता निकाला है। अब मोबाइल नंबर और बैंक खातों की कड़ियों को जोड़कर असली माफिया की पहचान की जाएगी। रिकवरी सीधे उसी की संपत्ति कुर्क करके की जाएगी। दरअसल, भास्कर एप ने अपनी खबर ‘महिला की इनकम 5 हजार, 2 करोड़ का नोटिस आया:गरीबों के नाम पर करोड़ों के शराब ठेके, माफिया ने धोखे से लिए आधार-अकाउंट नंबर’ में खुलासा किया था कि अलवर समेत पूरे राजस्थान में शराब ठेकेदार गरीबों को 10 से 15 हजार रुपए का लालच देकर लाइसेंस ले रहे हैं। राजस्थान के कई शहरों में शराब माफिया ने आबकारी विभाग को ऐसे ही ठगा है। पूरे राजस्थान में विभाग का ऐसे ठेकेदारों पर करीब 160 करोड़ रुपए बकाया हो गया है। अलवर में ऐसी दुकानों से अकेले वित्तीय वर्ष 2024-25 में ही विभाग को करीब 50 से 60 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है, जिसकी रिकवरी आज भी विभाग नहीं कर पाया है। (पूरी खबर पढ़ें) शराब ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए धांधली नियम के अनुसार- गरीबों की दुकान से तय समय में शराब नहीं बिकने पर 7 दिन में इनका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाना चाहिए था। इसके बावजूद अलवर के इन पीड़ितों का लाइसेंस साल भर 2024-25 में चालू रखा। मार्च 2025 में इनका लाइसेंस निरस्त किया गया। ऐसे में सीधे तौर पर इन्हें फंसाने वाले शराब ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया गया।
अलवर में शराब ठेकेदार और अफसरों की मिलीभगत से 60 करोड़ का घाटा सूत्रों के अनुसार- शराब ठेकेदार गरीब लोगों के नाम पर ली दुकान पर अपना माल बेचकर कम समय में मोटा मुनाफा कमाते हैं। उनके इस काले कारनामे में आबकारी विभाग के कई अफसरों की मिलीभगत होना भी सामने आया है। सरकार के दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ाते हुए आबकारी अधिकारी ने सालभर (2024-2025) ‘मिलीभगत का खेल’ खेला और डिफॉल्टर शराब दुकानों को समय पर निरस्त करने के बजाय वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन का इंतजार किया। इस पूरे खेल में न केवल राजस्व को भारी नुकसान हुआ है, बल्कि उन्हीं डिफॉल्टर ठेकेदारों को नए नामों से दोबारा दुकानें भी आवंटित कर दी गई हैं। इसका नतीजा रहा कि अलवर जिला शराब के ठेकों से प्राप्त रेवेन्यू में सबसे पीछे चला गया। 2024-2025 में करीब 50 से 60 करोड़ रुपए का घाटा हुआ। ये वो दुकानें हैं जिनको गरीबों के नाम आवंटित कराया गया।

सीकर में मानसून सुस्त, बारिश का इंतजार बढ़ा:गर्मी-उमस ने बढ़ाई परेशानी, 3 दिन नहीं बरसेंगे बादल, 20 जुलाई के बाद बदलेगा मौसम

सीकर में पिछले डेढ़ सप्तास से मौसम ड्राई बना हुआ है। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आज सुबह सीकर में बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर बाद हल्की हवाएं शुरू हुई, लेकिन बारिश नहीं होने से गर्मी-उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई के बाद मानसून फिर सक्रिय हो सकता है, जिससे जिले में बारिश की संभावना बनेगी। फिलहाल दिनभर की तपिश और उमस से लोगों को राहत मिलने के आसार कम हैं। सीकर में इस साल मानसून के फर्स्ट फेज में अच्छी बारिश नहीं हुई। बीती रात हवाएं नहीं चलने से न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। आज सुबह से सीकर में बादलों की वजह से उमस बढ़ने से लोग परेशान हैं। बंगाल की खाड़ी, अरब सागर से निकलेंगी बरसाती हवाएं सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी तक औसत से काफी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में मानसून की एंट्री के बाद एक नया मौसमी डिस्टर्बेंस बना, जिससे बरसाती हवाओं की डायरेक्शन बदल गई। अब फिर से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से बरसाती हवाएं निकलेंगी, जिनसे शेखावाटी इलाके में बारिश की संभावना है। सीकर का आज दिन का तापमान 39.3 डिग्री रहा बात करें, सीकर के तापमान की, तो सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री और इससे पहले आज सुबह का न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में आज बादलों की वजह से धूप की तल्खी कम है और उमस बढ़ी हुई है। इस कारण तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मानसून के सेकेंड फेज में बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दिनों पश्चिमी दक्षिणी राजस्थान में एंट्री करने के बाद बरसाती हवाओं की स्पीड कम हो गई थी, जो वापस साउथ इंडिया की तरफ मुड़ गईं। अब एक नया एयर विंड सिस्टम बनेगा, जिससे मानसून के सेकेंड फेज में राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। सीकर में 20 जुलाई तक मौसम रहेगा ड्राई जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सीकर में 20 जुलाई तक मौसम ड्राई रहेगा। बारिश और धूप की वजह से उमस बढ़ेगी। सीकर में इस सीजन में सामान्य बारिश होने की उम्मीद है।

सलूंबर के खेराड़ में 2100 पौधे लगाए:स्कूल के स्टूडेंट्स बने प्रकृति के संरक्षक, पेड़ों को जीवन का आधार बताया

सलूंबर के खेराड़ में ‘हरियालो राजस्थान अभियान’ के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेराड़ की ओर से शनिवार को एक विशाल पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने मिलकर 2100 छायादार एवं फलदार पौधे लगाए। गांव में बढ़ चढ़कर लिया हिस्सा पूरे गांव ने इस हरियाली महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। पेड़ों को मानव जीवन का आधार बताया स्कूल के संस्था प्रधान एवं प्राचार्य पंकज कुमार पटेल ने बताया-अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती का आभूषण ही नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। सड़क के दोनों किनारों पर किया पौधारोपण सुव्यवस्थित योजना के तहत विद्यालय परिसर, खेल मैदान, मंदिर परिसर, ग्राम पंचायत भवन और टोल नाके तक जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर पौधारोपण किया गया। सड़क किनारे लगाए गए ये पौधे भविष्य में राहगीरों को छाया देंगे और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता बढ़ाएंगे। अभियान की सबसे खास पहल यह रही कि विद्यालय के प्रत्येक छात्र-छात्रा को एक-एक पौधा गोद सौंपा गया। विद्यार्थियों को इन पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी दी गई है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लगाए गए पौधे बड़े होकर हरियाली का स्थायी आधार बनें और बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी विकसित हो। उत्साह के साथ किया श्रमदान इस अभियान में ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। ग्रामीणों ने सरकार की ऐसी जनभागीदारी आधारित योजनाओं को गांवों के पर्यावरण और भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए हरियाली के इस अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

डीग में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़:घर के बाहर खड़े व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला, पुरानी कहासुनी बनी वजह

डीग के सदर थाना क्षेत्र के रामबाग गांव में शनिवार दोपहर पुरानी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के सदस्यों के बीच हुए विवाद में धारदार हथियार से हमला कर 48 वर्षीय नेम सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले में उसकी आंख के पास गहरी चोट आई। घायल को तत्काल डीग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घर के बाहर हुआ हमला घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। नेम सिंह अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान परिवार के सतवीर और उनकी पत्नी अर्चना वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आंख के पास लगी गंभीर चोट हमले में नेम सिंह की आंख के पास गहरी चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल ने बताया कि उस पर बिना किसी उकसावे के हमला किया गया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। मामले में बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। आपसी विवाद बताया जा रहा कारण प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झगड़े की वजह परिवार के भीतर चल रहा पुराना विवाद और आपसी कहासुनी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दोषियों पर होगी कार्रवाई सदर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि रामबाग गांव में एक ही परिवार के लोगों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। जांच जारी है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल नेम सिंह का डीग जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

सरकारी टीचर ने खेत में फंदा लगाकर किया सुसाइड:पाली जिले में थी पोस्टिंग, छुट्टियों पर घर आया था

चूरू जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र के गांव सिरसला में एक सरकारी टीचर ने अपने खेत में बने झोपड़े में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान प्रदीप सहारण (35) के रूप में हुई है, जो पाली जिले में कार्यरत थे और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और दूधवाखारा के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। दूधवाखारा पुलिस थाने के रीडर राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई मोहनलाल ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदीप सहारण शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों को पहले खेत और फिर चूरू जाने की बात कही थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान प्रदीप अपने ही खेत में बने झोपड़े में फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही खेत में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीकर रेलवे स्टेशन पर उत्तर-पश्चिम रेलवे के GM का निरीक्षण:टॉयलेट्स, प्याऊ में गंदगी देख नाराजगी जताई; दीवारों में सीलन मिली

सीकर रेलवे स्टेशन पर आज नॉर्थ-वेस्टर्न रेलवे के जीएम पंकज शर्मा निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन पर टॉयलेट्स, कैंटीन, वेटिंग एरिया सहित कई जगह का निरीक्षण किया। दीवारों में सीलन देख हुए नाराज सबसे पहले होने वेटिंग एरिया में टॉयलेट्स के ऊपर आई सीलन को देखकर नाराजगी जताई। इतना ही नहीं उन्होंने टॉयलेट्स में जिंदगी देखकर संबंधित अधिकारियों को कहा कि इसे जल्दी से जल्दी साफ करवाएं। हमेशा यहां सफाई अच्छी तरह से हो इसका ध्यान रखें। इसके बाद जीएम ने स्टेशन पर चल रहे कंस्ट्रक्शन कार्यों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वह स्टेशन परिसर के बाहर आए। जहां उन्होंने गलत जगह लगे होर्डिंग्स को जल्द से जल्द हटाकर एरिया को किसी अन्य यूज में लेने की बात कही। जीएम ने टिकट काउंटर पर खिड़कियों को थोड़ा बड़ा करने की बात कही। इसके बाद जीएम इंस्पेक्शन कोच से वापस जयपुर चले गए। अब देखिए निरीक्षण के दौरान की फोटोज…

कांग्रेस नेता बोले-LDC एग्जाम पेपर नकल-मामले की जांच SOG करे:पेपरलीक होने का दावा किया; 25 जुलाई को जैसलमेर कलेक्ट्रेट के घेराव की चेतावनी

एलडीसी भर्ती परीक्षा के नकल मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से जांच की मांग की है। शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने चेतावनी दी है कि यदि अगले दो दिनों के भीतर इस पूरे प्रकरण में कोई ठोस और स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए आगामी 25 जुलाई को जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। वे शनिवार को जैसलमेर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के नामजद आरोपियों को जमानत मिलने के बावजूद विभाग ने अब तक निलंबन जैसी कोई सख्त विभागीय कार्रवाई नहीं की है। फकीर ने पूरे मामले की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) से निष्पक्ष जांच कराने, सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। मोबाइल तोड़ने पर उठाए सवाल, SOG जांच की मांग
जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने हाल ही में आरोपियों के पक्ष में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि यदि परीक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं हुई थी, तो मुख्य आरोपी पदम् सिंह को अपना मोबाइल तोड़कर नष्ट करने की जरूरत क्यों पड़ी? कांग्रेस ने मांग की है कि उक्त मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जाए और उससे जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए। फकीर ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया था, लेकिन केवल दो की गिरफ्तारी कर बाकी तीन को खुला छोड़ दिया गया। उन्होंने मांग की कि यदि पांचों नामजद हैं, तो सभी की सलाखों के पीछे गिरफ्तारी होनी चाहिए। तीन साल के रिकॉर्ड खंगालने और बड़े नेटवर्क की आशंका
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने आरोप लगाया कि यह मामला सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा नकल गिरोह सक्रिय हो सकता है। अमरदीन फकीर ने मांग की कि इस मामले में संलिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की पिछले 3 सालों में जिन-जिन भर्ती परीक्षाओं में ड्यूटी लगी थी, उन सभी केंद्रों की सघन जांच हो। उन संदिग्ध परीक्षा केंद्रों से चयनित हुए अभ्यर्थियों का पूरा रिकॉर्ड खंगाला जाए। पूर्व में हुई पटवारी, ग्राम सेवक और शिक्षक भर्ती में एक ही परिवार के कई सदस्यों के चयन के मामलों की भी निष्पक्ष जांच की जाए। नकल नहीं, पेपर लीक हुआ है
फकीर ने इस मामले को नकल का नहीं, बल्कि पेपर लीक का मामला बताते हुए कहा- विभागीय जांच में भी यह स्पष्ट रूप से माना जा चुका है कि प्रश्नपत्र परीक्षा कक्ष से बाहर गया था। ऐसे में इसे महज एक ‘नकल’ का मामला बताकर दबाया नहीं जा सकता, यह सीधे तौर पर ‘पेपर लीक’ का मामला है, जिसमें युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ……………………
इससे खबर भी पढ़ें… LDC भर्ती नकल मामले में आरोपियों को मिली जमानत:बोले- पुलिस ने FIR से पहले ही मारपीट की, कान का पर्दा फाड़ दिया जैसलमेर के चर्चित एलडीसी भर्ती परीक्षा नकल मामले में अदालत ने मुख्य आरोपी पदमसिंह और मनु कंवर को जमानत दे दी है। कोर्ट ने पदमसिंह को एक लाख रुपए के निजी बांड और पचास-पचास हजार रुपए की दो जमानतों पर रिहा करने के आदेश दिए हैं। इस दौरान आरोपियों की ओर से पुलिस पर एफआईआर से पहले अवैध हिरासत में रखने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए, जिस पर अदालत ने मेडिकल जांच कराने के आदेश भी जारी किए हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

मामतानी बने सिंधी समाज झालावाड़ के अध्यक्ष:पिछले कार्यकाल के काम और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए फिर भरोसा जताया

जितेन्द्र मामतानी को सर्वसम्मति से सिंधी समाज, झालावाड़ का पुन: निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। समाज के गणमान्य नागरिकों ने उनके पिछले कार्यकाल के शानदार प्रदर्शन और समाज के प्रति अटूट समर्पण को देखते हुए उन पर एक बार फिर भरोसा जताया है। अध्यक्ष पद पर पुनर्नियुक्ति से पहले मामतानी ने नवयुवक मंडल के अध्यक्ष के रूप में छह वर्षों तक नेतृत्व किया था। इसके बाद उन्होंने पूज्य सिंधी पंचायत, झालावाड़ के अध्यक्ष के रूप में तीन वर्षों तक अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया। इन कार्यकालों के दौरान उन्होंने समाज को एकजुट करने, युवाओं को संस्कारित करने और सामुदायिक कार्यों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सराहनीय कार्य किया। समाज के सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि समाज की प्रगति और एकता बनाए रखने के लिए जितेन्द्र मामतानी ही सबसे योग्य नेतृत्वकर्ता हैं। वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों ने बताया कि मामतानी की कार्यशैली हमेशा निष्पक्ष और पारदर्शी रही है, जिससे उन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग का अपार समर्थन प्राप्त है। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें खैराज काशवानी, प्रभुलाल खुशलानी, इन्द्रजीत काशवानी, हंसराज खत्री, खेमराज खत्री, संदीप हरपालानी, मनोज रतनानी, पंकज काशवानी, दीपक खत्री और राजेन्द्र बरलानी शामिल थे। पदाधिकारियों और युवा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ श्री मामतानी का अभिनंदन किया। पुनः अध्यक्ष बनने पर जितेन्द्र मामतानी ने समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज ने उन पर जो विश्वास पुनः व्यक्त किया है, वह उनके लिए गर्व का विषय है। मामतानी ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि आगामी कार्यकाल में समाज के विकास, जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा के प्रोत्साहन और सामुदायिक मेल-मिलाप को गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ समाज के गौरव को बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।

IPS पंकज यादव ने जोधपुर ग्रामीण एसपी की संभाली कमान:बोले- तस्करी और संगठित अपराध पर करेंगे सख्त कार्रवाई, महिला सुरक्षा पहली प्राथमिकता

IPS अधिकारी पंकज यादव ने जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) का पदभार संभाल लिया है। शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठित अपराध और तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करना होगी। साथ ही महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना भी उनके एजेंडे में शामिल रहेगा। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय के साथ अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर देने की बात कही। इस मौके पर आईपीएस पंकज यादव को पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बेहतर पुलिसिंग करने की दिशा में करेंगे प्रयास उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नशे की तस्करी रोकने को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा इस इलाके में क्या प्रमुख मुद्दे है, इसे लेकर अभी अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे और यहां की समस्याओं पर भी चर्चा करेंगे। इसके बाद बेहतर पुलिसिंग करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। महिला सुरक्षा पहली प्राथमिकता उन्होंने कहा कि जो भी यहां पर अपराध है, उस पर DGP, IGP के निर्देशन में इस पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा महिला सुरक्षा से लेकर साइबर ठगी को रोकने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध के खात्मे के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इससे पूर्व उनका ग्रामीण के एडिशनल SP भोपाल सिंह लखावत सहित पुलिस अधिकारियों ने उनका गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।