भोपाल-जोधपुर-भोपाल ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलेगी:कोट स्टेशन पर काम के चलते किया बदलाव; पटरी पार करने वाले 350 लोगों पर रेलवे ने की कार्रवाई

पश्चिम-मध्य रेलवे की ओर से कोटा स्टेशन के प्लेटफार्म नं. 4 पर पुनर्विकास कार्य के कारण ब्लॉक लिया जा रहा है। ब्लॉक के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार- इस कार्य के कारण उत्तर-पश्चिम रेलवे पर संचालित भोपाल-जोधपुर-भोपाल ट्रेन मार्ग परिवर्तित रहेगी। मार्ग परिवर्तित ट्रेन (प्रारम्भिक स्टेशन से) पटरी पार करने वालों पर रेलवे सख्त, 350 से अधिक पर कार्रवाई रेलवे स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज और पाथ-वे जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद ट्रैक पार कर नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ जोधपुर मंडल ने सख्ती बढ़ा दी है। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री जल्दबाजी में अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते हुए पाए जा रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएफ नियमित कार्रवाई कर रही है। प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 147 के तहत पटरी पार करने के 350 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। इनमें करीब 45 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है,जबकि 36 मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। धारा 147 के तहत होती है कार्रवाई रेलवे अधिनियम 1989 की धारा 147 के अनुसार रेलवे ट्रैक,यार्ड अथवा अन्य गैर-यात्री क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश करना दंडनीय अपराध है। इसके लिए छह माह तक का कारावास, पांच सौ रुपए तक का जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है। जन विश्वास अधिनियम के तहत निर्धारित जुर्माना मौके पर जमा कराया जा सकता है। जुर्माना जमा नहीं कराने पर संबंधित व्यक्ति को सक्षम न्यायालय में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। यात्रियों से नियमों की पालना की अपील मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए केवल फुटओवर ब्रिज,लिफ्ट या एस्केलेटर का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि कई बार एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनें बीच के स्टेशनों पर बिना रुके तेज गति से गुजरती हैं। ऐसे में ट्रैक पार करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है। यात्रियों को किसी भी परिस्थिति में शॉर्टकट अपनाने के बजाय अधिकृत मार्ग का ही उपयोग करना चाहिए।

सरकारी हॉस्पिटल में कपड़े उतारकर घूमता रहा डॉक्टर:बारिश में भीगता हुआ आया, बाथरूम में कपड़े उतारे; बोला- मैं डिप्रेशन में हूं

जोधपुर के एक सरकारी अस्पताल में एक डॉक्टर कपड़े उतारकर घूमने लगा। यह देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। इसके बाद अस्पताल स्टाफ और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उसे वार्ड में भर्ती कराया। डॉक्टर अस्पताल के ओपीडी (OPD) हॉल में बिना कपड़ों के घूमता रहा। जब उसे पकड़ा गया, तो वह बोला- ‘मैं उदास हूं और डिप्रेशन में हूं।’ मामला सामने आने के बाद उसे अस्पताल के ही एक वार्ड में भर्ती करवाया गया है, जहां उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। यह मामला शुक्रवार शाम 4:30 बजे मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल का है। शाम को बारिश में भीगता हुआ पहुंचा था, बाथरूम में उतारे कपड़े MDM हॉस्पिटल के अधीक्षक (सुपरिटेंडेंट) डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि डॉक्टर मानसिक रूप से बीमार है। शुक्रवार को शहर में बारिश हो रही थी। डॉक्टर भीगता हुआ मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के ओपीडी हॉल में पहुंचा। इसके बाद वह ओपीडी हॉल में बने बाथरूम में गया और अपने कपड़े उतारकर हॉल में आ गया। कुछ देर तक वह बिना कपड़ों के ही वहां घूमता रहा। बोला- मैं उदास हूं, डिप्रेशन में हूं, पिता भी बीमार रहते हैं डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि जैसे ही इस घटनाक्रम की जानकारी मिली, तुरंत पुलिस चौकी के स्टाफ को सूचित (इन्फॉर्म) कर दिया गया था। उसे संभालकर वार्ड में ले जाया गया। डॉक्टर ओपीडी हॉल में घूमते हुए कह रहा था- “मैं काफी डिप्रेशन में हूं और उदास हूं।” उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि साल 2017 में उसने एमबीबीएस (MBBS) पूरा किया था। अभी वह शहर के एक हॉस्टल में रह रहा था। जानकारी में सामने आया है कि वह नौकरी नहीं लगने की वजह से काफी समय से तनाव में था। डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि डॉक्टर के पिता भी मानसिक रूप से बीमार रहते हैं। ऐसे में आशंका है कि हेरेडिटी (Heredity) यानी आनुवंशिक बीमारी की वजह से भी डॉक्टर में ये लक्षण (सिम्पटम्स) देखने को मिले हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टर को वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है और अभी उसे डॉक्टरों की निगरानी (ऑब्जर्वेशन) में रखा गया है।

सरकारी अस्पतालों की बदहाल स्थिति पर सरकार को नोटिस:हाईकोर्ट ने पूछा- कैग की रिपोर्ट पर क्या कदम उठाए, याचिका में समान मुआवजा नीति की मांग

हाईकोर्ट ने राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में बुनियादी ढांचे और सुरक्षा व्यवस्था में कमियों को लेकर राज्य सरकार से जवाब मांगा है। कोर्ट ने राज्य के प्रमुख चिकित्सा सचिव को कैग की 2024 की रिपोर्ट में बताई गई खामियों को दूर करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देने के लिए कहा। यह आदेश कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा व जस्टिस मनीष शर्मा ने बेंच ने असीम सिमलोट की जनहित याचिका ​पर सुनवाई करते हुए दिए। याचिका में कहा गया कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में बुनियादी सुरक्षा और परिचालन मानकों की पालना नहीं हो रही है। इनमें भारतीय सार्वजनिक स्वास्थ्य मानक (आईपीएचएस) बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियम और अनिवार्य अग्निशमन सुरक्षा मानदंड शामिल है। कैग की रिपोर्ट में भी चेताया गया याचिकाकर्ता ने बताया- इन व्यवस्थागत विफलताओं को पहले भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) की 2024 की रिपोर्ट में भी बताया गया था, लेकिन कैग की स्पष्ट चेतावनियों के बावजूद राज्य सरकार ने कोई प्रभावी सुधारात्मक कदम नहीं उठाए। इसके कारण सरकारी अस्पतालों में मरीजों की मौत, चोटिल होना, चिकित्सा लापरवाही और अन्य दुर्घटनाओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कैग की सिफारिशों को समय रहते और प्रभावी ढंग से लागू किया होता, तो कई दुखद घटनाओं को रोका जा सकता था। समान मुआवजा नीति बनाए सरकार याचिका में चिकित्सा लापरवाही और अस्पताल से जुड़ी दुर्घटनाओं के पीड़ितों के लिए पूरे राज्य में एक समान मुआवजा योजना तैयार करने की भी मांग की गई है। कोर्ट ने मामले में सरकार को नोटिस देते हुए सुनवाई 19 अगस्त तक टाल दी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने श्री राणी भटियाणी मंदिर में किए दर्शन:संगठन महामंत्री अजय कुमार भी रहे साथ, रिफाइनरी उद्घाटन की सफलता के लिए प्रार्थना की

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजय कुमार और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बाड़मेर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दौरा कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में सुख-समृद्धि, अच्छी बारिश, किसानों की खुशहाली, सामाजिक समरसता और 4 जुलाई को प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की। श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोलधाम में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी और श्री काला-गौरा भैरूजी के दर्शन-पूजन किए। इस अवसर पर प्रदेश की शांति, जनकल्याण, राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि की कामना की गई। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेम ओड (रामदेवरा), नरेश ओझा सहित प्रदेश, जिला और स्थानीय स्तर के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंदिर संस्थान ने अतिथियों को बताई इतिहास और विकास कार्यों की जानकारी मंदिर संस्थान के प्रवक्ता एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को मंदिरों के इतिहास, धार्मिक परंपराओं और संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं के लिए संचालित सेवा, प्रबंधन और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। दर्शन-पूजन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसर में विकसित दर्शन व्यवस्था, आवास सुविधा, प्रसाद वितरण, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, पेयजल और अन्य श्रद्धालु सुविधाओं का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान अध्यक्ष रावल किशन सिंह जसोल के मार्गदर्शन में किए गए विकास कार्यों और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे अन्य धार्मिक संस्थानों के लिए प्रेरणादायक बताया। अजय कुमार ने पहली बार किए जसोलधाम के दर्शन भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार पहली बार जसोलधाम पहुंचे। उन्होंने सभी प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की खुशहाली तथा जनकल्याण की कामना की। इसी दौरान आगामी 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भी विशेष प्रार्थना की गई। देशणोक करणी मंदिर ट्रस्ट ने भी किया व्यवस्थाओं का अध्ययन श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास, देशणोक के अध्यक्ष बादल सिंह और ट्रस्ट मंडल के सदस्यों ने भी जसोलधाम पहुंचकर मंदिरों में दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने मंदिर संस्थान की कार्यप्रणाली, श्रद्धालुओं के लिए विकसित सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि देशणोक करणी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से जसोलधाम की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया गया, ताकि यहां की उत्कृष्ट और श्रद्धालु-केंद्रित व्यवस्थाओं को आवश्यकतानुसार वहां भी लागू किया जा सके। मालाजाल और पालिया के मंदिरों में भी की विशेष पूजा-अर्चना जसोलधाम के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने संत शिरोमणि श्री रावल मल्लीनाथ जी मंदिर, मालाजाल और श्री राणी रूपादे जी मंदिर, पालिया (तिलवाड़ा) में भी विधिवत दर्शन-पूजन किया। यहां प्रदेश में समय पर अच्छी बारिश, किसानों की समृद्धि, गौ-संवर्धन, सामाजिक सौहार्द और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की गई। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कराया धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचय श्री रावल मल्लीनाथ–श्री राणी रूपादे संस्थान, तिलवाड़ा के ट्रस्टी एवं प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरिशचंद्र सिंह जसोल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों देवस्थलों के इतिहास, धार्मिक महत्व, लोकआस्था और संस्थान की ओर से संचालित संरक्षण एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसरों का अवलोकन कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। प्रदेश की खुशहाली और किसानों की समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद दर्शन-पूजन के दौरान भाजपा नेताओं ने संत शिरोमणि श्री रावल मल्लीनाथ जी और श्री राणी रूपादे जी के श्रीचरणों में प्रदेश में पर्याप्त वर्षा, किसानों की खुशहाली, जनकल्याण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम के सफल, भव्य और निर्विघ्न आयोजन की भी मंगलकामना की।

रिश्वतखोर कृषि अधिकारियों के घर एसीबी ने किया सर्च:एक अफसर के पास दिल्ली में फ्लैट; दूसरे के पास 10 प्लॉट-1 किलो चांदी के गहने

खाद कंपनियों पर कार्रवाई का डर दिखाकर रिश्वत वसूलने में अरेस्ट आरोपी कृषि अधिकारियों के घर पर एसीबी ने शुक्रवार को सर्च किया। एसीबी को तलाशी के दौरान गहने-कैश और प्लॉट-फ्लैट के डॉक्यूमेंट मिले। दोनों घूसखोर कृषि अधिकारियों के करोड़पति होने के सबूत एसीबी के हाथ लगे हैं। बता दें कि कोटपूतली-बहरोड़ और भिवाड़ी में खाद कंपनियों पर कार्रवाई के नाम पर अफसरों ने रुपए वसूले थे। इस पर एसीबी ने गुरुवार को उनकी गाड़ी से रुपए बरामद किए थे। एसीबी टीमों ने जगतपुरा के प्रेम नगर में कृषि अधिकारी महेश मीणा के घर पर तलाशी ली। सर्च में घर से 5 लाख रुपए कैश सहित दिल्ली में एक फ्लैट और दौसा में एक प्लॉट होने के डॉक्यूमेंट मिले। वहीं कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव के कालवाड़ रोड गोकुलपुरा स्थित घर पर एसीबी ने सर्च किया। यहां तलाशी में भगवान सहाय के घर से 10 प्लॉट और 1 फ्लैट के डॉक्यूमेंट मिले। इसके अलावा 10 बैंक अकाउंट के साथ ही अलमारी में 184 ग्राम सोना और 1 किलो चांदी के गहने और दो कारें मिली हैं। कृषि अधिकारी चंदाराम और ड्राइवर रमेश मीणा के घर पर सर्च में कुछ खास नहीं मिल सका। अब गिरफ्तार दोनों कृषि अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस भी दर्ज होगा। एसीबी टीम फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। ये था मामला एसीबी ने गुरुवार को शाहपुरा के पास हाईवे पर कृषि अधिकारियों की सरकारी गाड़ी को रुकवाकर चेकिंग की थी। चेकिंग में इनके पास बैग में रखे सैंपल पैकेटों में 2.63 लाख रुपए छिपा कर रखे थे। जांच में मिले रुपए भिवाड़ी और कोटपूतली-बहरोड़ में संचालित खाद कंपनियों पर कार्रवाई का डर दिखाकर वसूला करते हुए पाए गए। गाड़ी में कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव और ड्राइवर रमेश चंद्र मीणा भी बैठे थे।
यह खबर भी पढ़ें… कृषि अधिकारियों की गाड़ी से 2.63 लाख रुपए जब्त:ACB टीम को खाद फैक्ट्री से अवैध वसूली की मिली थी सूचना; जयपुर-दिल्ली हाईवे पर कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कृषि विभाग के अधिकारियों से 2 लाख 63 हजार 500 रुपए बरामद किए हैं। एसीबी की स्पेशल इनवेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शाहपुरा पुलिया के पास टाटा सफारी गाड़ी को रोककर तलाशी ली, जिसमें यह नकदी मिली। (पूरी खबर पढ़ें)

श्रीगंगानगर में बच्चों को बचाने सांड से भिड़ा पिता, VIDEO:बेटे-बेटी की चीख सुनकर दौड़कर आया और मुक्के मारकर भगाया

श्रीगंगानगर में गुरुद्वारा में माथा टेकने घर से निकले मासूम भाई-बहन पर आवारा सांड ने हमला कर दिया। सींगों से दोनों मासूमों पर कई वार किए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर से पिता दौड़कर बाहर आए और सांड से भिड़ गए। घूंसों से सांड के चेहरे पर लगातार वार किए और बच्चों को बचाया। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जिले के केसरीसिंहपुर के वार्ड नंबर-14 के सिंधी मोहल्ले में गुरुवार सुबह हुई, जिसका एक सीसीटीवी भी शुक्रवार को सामने आया है। पहले देखिए- सिलसिलेवार तस्वीरें स्कूल जाने से पहले गुरुद्वारा जा रहे थे
घटना जिले के केसरीसिंहपुर के वार्ड नंबर-14 के सिंधी मोहल्ले में गुरुवार सुबह हुई। जानकारी के अनुसार, घर से स्कूल जाने से पहले रोज की तरह गुरुद्वारा माथा टेकने निकले सारांश(4) और उसकी बहन टीवीशा(7) पर अचानक एक सांड ने हमला बोल दिया। सांड की टक्कर और सींगों से बचते-बचाते दोनों बच्चे घर की ओर भागे, लेकिन सांड ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। सांड ने गेट के पास उन पर हमला कर दिया और सींग से दोनों पर कई वार किए। इससे सारांश का लिवर भी डैमेज हो गया। दोनों बच्चों की चीख सुनकर घर से किराना कारोबारी पिता संजय कुमार दौड़कर बाहर आए और बच्चों को बचाने की कोशिश की। लेकिन बेकाबू सांड ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद बच्चों के लिए संजय सांड से भिड़ गए और लगातार उसके चेहरे पर कई वार किए। इससे सांड पीछे हटा तो संजय ने घर में घुसकर जान बचाई। बेटे की हालत गंभीर, बेटी भी घायल
सांड के हमले से सारांश के पेट में गहरा घाव हो गया और लिवर भी डैमेज हुआ है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज जारी है। जबकि बेटी टीवीशा की हालत स्थिर बनी हुई है। कॉलोनी वासियों का कहना है कि सांड लंबे समय से इलाके में घूम रहा था और पहले भी लोगों को परेशान कर चुका था। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे आवारा पशुओं पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि जिले में लगातार सांड के आतंक की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिन्हें रोकने में प्रशासन फिलहाल नाकाम बना हुआ है।
………..
ये खबर भी पढ़िए…
बेटी को बचाने के लिए गाय से भिड़े मां-बाप; VIDEO:2 बार जमीन पर पटका, छाती में सींग मारा, पसलियां टूटीं ट्यूशन पढ़कर लौट रही 5 साल की बच्ची पर घर के सामने ही गाय ने अचानक हमला कर दिया। बच्ची की मां ने जैसे ही यह देखा, उसके होश उड़ गए। वह जान की परवाह किए बिना गाय से भिड़ गई। दोनों सींग पकड़ लिए। पूरी खबर पढ़िए

बेटे के सामने युवक ने नहर में लगाई छलांग:3 घंटे के रेस्क्यू के बाद मिला शव, जेसीबी की मदद से उतरी नाव

कोटा शहर में शुक्रवार शाम को युवक ने नहर में कूदकर अपनी जान दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने जब युवक को नहर में छलांग लगाते देखा, तो तुरंत नगर निगम के गोताखोरों को इसकी सूचना दी। घटना मानपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुमानपुरा सब्जी मंडी के पास स्थित दायीं मुख्य नहर की है। मौके पर मौजूद लोगों और युवक के बेटे ने भी उसे अपनी आंखों के सामने नहर में कूदते हुए देखा था। करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने नहर से युवक का शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान घोड़ा बस्ती निवासी प्रभु भोई (35) के रूप में हुई है। इसके बाद शव को गुमानपुरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए MBS अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया है। 70 फीट गहरी नहर में जेसीबी की मदद से उतरी नाव, नगर निगम के गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन नहर में रेस्क्यू अभियान चलाना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। नहर की दीवारें कई स्थानों पर टूटी हुई हैं, जिससे लोग आसानी से वहां चले जाते हैं। करीब 70 फीट की गहराई में नाव उतारने के लिए कोई स्थायी रास्ता नहीं होने के कारण टीम को जेसीबी (JCB) मशीन की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद गोताखोरों ने नाव के जरिए तलाशी अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। टूटी दीवारें ठीक हों और नाव उतारने का बने स्थायी रास्ता हादसे के बाद गोताखोरों ने प्रशासन से नहर की सुरक्षा को लेकर गंभीर मांग की है। उन्होंने कहा कि नहर की टूटी हुई दीवारों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जानी चाहिए ताकि लोग वहां तक न पहुंच सकें। इसके साथ ही, आपातकालीन स्थिति में रेस्क्यू नाव को नीचे उतारने के लिए एक स्थायी रास्ता बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी हादसे के दौरान रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया जा सके और समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।

नगर निगम के गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन नहर में रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि नहर की दीवारें कई स्थानों पर टूटी हुई हैं, जिससे लोग आसानी से नीचे उतर जाते हैं। वहीं करीब 70 फीट गहराई में नाव उतारने के लिए कोई स्थायी रास्ता नहीं होने से जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद गोताखोरों ने नाव के जरिए तलाशी अभियान चलाया और कई घंटे की मेहनत के बाद शव को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने भी प्रभु भोई को नहर में कूदते हुए देखा था और घटना के समय उसका बेटा भी वहीं मौजूद था। गोताखोरों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर की टूटी हुई दीवारों की जल्द मरम्मत कराई जाए और नाव उतारने के लिए एक स्थायी रास्ता बनाया जाए, ताकि भविष्य में रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया जा सके और समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।

हाईकोर्ट ने तहसीलदार-पटवारी को किया सस्पेंड:कहा- इन्होंने कोर्ट का अपमान किया; अधिकारियों ने 2 महीने तक नहीं हटाया था अतिक्रमण

राजस्थान हाईकोर्ट ने अदालत के आदेशों की पालना नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा और जस्टिस मनीष शर्मा की खंडपीठ ने करौली जिले की नादौती तहसील के तहसीलदार दीनदयाल शर्मा और पटवारी भरत सिंह गुर्जर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामले की सुनवाई करते हुए खंडपीठ ने कहा- इन अधिकारियों के मन में कोर्ट के आदेशों के प्रति कोई सम्मान नहीं है, बल्कि इन्होंने कोर्ट का अपमान किया है। इसके साथ ही ये दोनों स्पष्ट रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करने के दोषी हैं। हाईकोर्ट ने राजस्व सचिव को निर्देश दिया है कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से विभागीय कार्रवाई शुरू की जाए। विभागीय जांच पूरी होने तक दोनों अधिकारी निलंबित ही रहेंगे। अधिकारियों ने 2 महीने तक आदेश की पालना नहीं की
याचिकाकर्ता के वकील ने बताया- नादौती तहसील में अतिक्रमण को लेकर रूपराज प्रजापत ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया था कि एक निश्चित क्षेत्र में बार-बार अतिक्रमण हटाने के बाद भी अतिक्रमणकारी उस जगह पर फिर से अतिक्रमण कर लेते हैं। इस पर हाईकोर्ट ने इन्हें आदतन अतिक्रमणकारी मानते हुए 27 अप्रैल 2026 को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था। 30 अप्रैल को मामला फिर से कोर्ट में आने पर हाईकोर्ट ने तहसीलदार और पटवारी से स्पष्टीकरण मांगा और मामला 20 मई को सूचीबद्ध करने के लिए कहा, लेकिन मामला उस दिन लिस्ट नहीं हो सका। इसके बाद 2 जुलाई को मामले पर सुनवाई के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वीकार किया कि अतिक्रमण मौजूद है और उन्हें हटाने के लिए 7 दिन का समय और दिया जाए। इस पर कोर्ट ने कहा कि यह हमारे लिए आश्चर्य की बात है कि दोनों आराम से स्वीकार कर रहे हैं कि कोर्ट के आदेश का पालन नहीं हुआ है। हम अवमानना की कार्रवाई जैसा कदम नहीं उठा रहे हैं
कोर्ट ने कहा- हालांकि हम दोनों अधिकारियों के खिलाफ फिलहाल अवमानना की कार्रवाई शुरू करने जैसा कदम नहीं उठा रहे हैं। लेकिन यह स्पष्ट है कि इन्होंने अतिक्रमण हटाने के अपने कर्तव्य का पालन नहीं किया, जबकि इन्हें अच्छे से पता था कि यह अतिक्रमण बार-बार हो रहा है। कोर्ट ने सरकार को निर्देशित किया कि वह संबंधित SHO और राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करें, ताकि अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और अगली सुनवाई से पहले इसकी पालना रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाए। कोर्ट अब 8 जुलाई को मामले की अगली सुनवाई करेगी। ये खबर भी पढ़ें राज्यपाल के आदेश पर हाईकोर्ट ने रोक लगाई:कहा- ये दुर्भावनापूर्ण और मनमाना; दिव्यांग यूनिवर्सिटी के कुलपति को बर्खास्त किया था राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की ओर से जारी बर्खास्तगी के आदेश पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। इससे राजस्थान यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में धांधली के आरोप में हटाए गए कुलपति देव स्वरूप को बड़ी अंतरिम राहत मिली है। कोर्ट ने कहा- यह आदेश पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण और मनमाना है। (पूरी खबर पढ़ें)

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, संगठन महामंत्री ने जसोलधाम में किए दर्शन:प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण के लिए की मंगलकामना की

जसोलधाम स्थित श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान में शुक्रवार को भाजपा और विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी पहुंचे। सभी अतिथियों ने श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी एवं श्री काला-गौरा भैरूजी के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, जनकल्याण और राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए विशेष मंगलकामना की। साथ ही, प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की सफलता के लिए भी प्रार्थना की गई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने किए दर्शन इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेम ओड (रामदेवरा) सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन महामंत्री अजय कुमार ने पहली बार जसोलधाम पहुंचकर दर्शन किए। भाजपा कार्यकर्ता नरेश ओझा के साथ प्रदेश, जिला एवं स्थानीय स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। मंदिर संस्थान के प्रवक्ता एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। दर्शन-पूजन के दौरान वे प्रतिनिधिमंडल के साथ उपस्थित रहे और उन्हें समस्त मंदिरों के इतिहास, धार्मिक महत्व, परंपराओं एवं मंदिर संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं के हित में संचालित सेवा, प्रबंधन एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रतिनिधिमंडल ने 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान की रिफाइनरी परियोजना के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम की सफलता, प्रदेश की खुशहाली, राष्ट्र की उन्नति एवं जनकल्याण के लिए समस्त आराध्य देवस्थलों में विशेष प्रार्थना की। विशेष उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री अजय कुमार ने प्रथम बार जसोलधाम पधारकर सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन किए। दर्शन-पूजन के उपरांत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मां का प्रसाद ग्रहण किया तथा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विकसित दर्शन व्यवस्था, आवास व्यवस्था, प्रसाद वितरण प्रणाली, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विश्राम व्यवस्था सहित विभिन्न जनसुविधाओं का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने सुविधाओं की सराहना की प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान अध्यक्ष किशन सिंह जसोल के मार्गदर्शन में मंदिर संस्थान द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विकसित आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु सेवा, उत्कृष्ट प्रबंधन, स्वच्छता एवं अनुशासित व्यवस्था की दृष्टि से श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोलधाम ने एक अनुकरणीय कार्यसंस्कृति स्थापित की है, जो अन्य धार्मिक संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इसी क्रम में कैलाशचंद्र (क्षेत्रीय प्रौढ़ कार्य प्रमुख, राजस्थान), अशोक (पर्यावरण संयोजक, जयपुर प्रांत) तथा कृष्णा (जिला प्रचारक, बालोतरा) भी जसोलधाम पहुँचे। उन्होंने मंदिर प्रांगण स्थित समस्त मंदिरों के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली, सामाजिक समरसता तथा अपने जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। दर्शन उपरांत उन्होंने हरिशचंद्र सिंह जसोल से शिष्टाचार भेंट कर मंदिरों के इतिहास, धार्मिक महत्त्व तथा संस्थान द्वारा संचालित सेवा एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। मंदिर संस्थान की कार्यप्रणाली देखी इस अवसर पर श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास, देशणोक के अध्यक्ष बादल सिंह सहित ट्रस्ट मंडल के माननीय सदस्य भी जसोलधाम पहुंचे। उन्होंने समस्त मंदिरों में दर्शन-पूजन के पश्चात हरिशचंद्र सिंह जसोल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्हें मंदिर संस्थान की कार्यप्रणाली, श्रद्धालुओं के लिए विकसित दर्शन एवं आवास व्यवस्था, प्रसाद वितरण प्रणाली, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा वर्तमान में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसर एवं श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास, देशणोक में भी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से वे श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोलधाम की व्यवस्थाओं का अध्ययन करने आए हैं, ताकि यहां विकसित उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं श्रद्धालु-केंद्रित व्यवस्थाओं का आवश्यकतानुसार अपने संस्थान में भी क्रियान्वयन किया जा सके।

बदमाश ने पीछे से चाकू मारकर लूटा सोने का मादलिया:घर में अकेली थीं बुजुर्ग; बच्चे बाहर काम करते हैं, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस।

उदयपुर में एक बुजुर्ग महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर बदमाश उसके गले से मादलिया लूटकर फरार हो गए। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसके चेहरे और हाथ पर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों को जब तक पता चलता, तब तक हमलावर भाग चुके थे। पड़ोसियों द्वारा घायल बुजुर्ग महिला को तुरंत स्थानीय सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगालते हुए लुटेरों की तलाश में जुटी है। यह मामला कानोड़ थाना क्षेत्र के कुम्हारों के मोहल्ले का है और घटना शुक्रवार शाम की है।” घर में अकेली बैठी थीं, पीछे से बदमाशों ने किया हमला थानाधिकारी हुकमसिंह ने बताया- घटना कुम्हारों का मोहल्ला क्षेत्र में शुक्रवार शाम की है। जब 75 वर्षीय घीसी बाई खटीक घर में अकेली बैठी हुई थीं, तभी अज्ञात बदमाशों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद बदमाश उनके गले से सोने का मादलिया लूटकर फरार हो गए। महिला के चीखने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, तो बुजुर्ग महिला को घायल अवस्था में देखकर दंग रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है। थानाधिकारी ने बताया- घीसी बाई घर में अकेली रहती हैं और उनके बच्चे बाहर काम करते हैं।