ब्रेकिंग न्यूज़
राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:7 दिन की देरी से आया मानसून; तहसीलदार से महिला बोली- पैसे खाए; प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मानसून से जुड़ी है। राजस्थान में 7 दिन की देरी से मानसून की एंट्री हो गई है। इसके साथ प्रदेशभर के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. राजस्थान में 7 दिन की देरी से मानसून की एंट्री
राजस्थान में 7 दिन की देरी से गुरुवार को मानसून की एंट्री हुई। जयपुर समेत 10 से ज्यादा जिलों में गुरुवार सुबह से रुक-रुककर बरसात हुई। टोंक के टोरडी सागर में 4 इंच से ज्यादा बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ में डेढ़ इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। अलवर में तेज बारिश से रूपारेल नदी बहने लगी है। पूरी खबर पढ़ें 2. डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड की हाईकोर्ट ने रिपोर्ट मांगी
अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में हुए डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड की रिपोर्ट हाईकोर्ट ने तलब की है। कोर्ट ने कहा- प्रदेश की जेलों में यह क्या हो रहा है। हाई सिक्योरिटी जेल में कैमरे में रिकोर्डिंग नहीं हो रही है। जेलों में आसानी से मोबाइल पहुंच रहे हैं। जेल से मुख्यमंत्री को भी धमकी मिल चुकी है। पूरी खबर पढ़ें 3. सीमेंट प्लांट के बाहर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज
झुंझुनूं जिले के गोठड़ा थाना इलाके में सीमेंट प्लांट के आगे ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सीमेंट फैक्ट्री के गेट के बाहर हंगामा कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। पूरी खबर पढ़ें 4. स्कूल वैन के रेडिएटर का पाइप फटा, 3 बच्चे झुलसे
दौसा जिले के मानपुर कस्बे में एक प्राइवेट स्कूल की वैन के रेडिएटर का पाइप फट गया। इस दौरान रेडिएटर का गर्म पानी केबिन में बैठे बच्चों पर गिरा, जिसके कारण 3 छात्रों के चेहरे, सीने और हाथ-पैर बुरी तरह से झुलस गए। तीनों छात्र 5 और 9 साल के हैं। पूरी खबर पढ़ें 5. बेटी को बचाने के लिए गाय से भिड़े मां-बाप
श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान में ट्यूशन पढ़कर लौट रही 5 साल की बच्ची पर घर के सामने गाय ने हमला कर दिया। बेटी को बचाने के लिए मां ने गाय के सींग पकड़ लिए। गाय ने उसको भी 2 बार पटक कर कुचल दिया, जिससे पसलियां टूट गईं। बच्ची के पिता और पड़ोसियों ने गाय को भगाया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. महिला ने तहसीलदार पर पैसे खाने का आरोप लगाया
बाड़मेर में ट्रांसफॉर्मर लगाने का विरोध होने पर तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार लोगों से बात कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने कहा- इन्होंने अंदर ही अंदर पैसे खा लिए। इस पर तहसीलदार ने कहा- आप साथ थे क्या? सोच समझकर बोलो। फालतू बकवास मत करो। पूरी खबर पढ़ें 7. ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 15 महिलाएं दबीं, 2 की मौत
भरतपुर के रायपुर गांव में जानवर को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 15 महिलाएं दब गईं। इनमें से 2 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 घायल हो गईं। घायल महिलाएं दर्द से कराहने लगीं। आरोप है कि टोकने के बाद भी ड्राइवर स्पीड में ट्रैक्टर दौड़ाता रहा। पूरी खबर पढ़ें 8. टूरिस्ट जिप्सी की ओर दौड़ा लेपर्ड, कुत्ते का शिकार किया
जयपुर की झालाना सेंचुरी में लेपर्ड ने अचानक 3 टूरिस्ट जिप्सी की ओर दौड़ लगा दी। इससे कुछ देरी के लिए जिप्सी में बैठे 10 से ज्यादा पर्यटक डर गए। हालांकि, लेपर्ड के निशाने पर जिप्सी के नीचे बैठा कुत्ता था। करीब 12 सेकेंड में लेपर्ड ने कुत्ते को गर्दन से दबोचकर मार दिया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. सरिस्का टाइगर रिजर्व में दिखा सफेद मोर
अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व के इतिहास में पहली बार दो बेहद दुर्लभ जीव देखे गए हैं। इनमें से एक ‘सफेद रंग का मोर’ है, तो दूसरा धूप में सोने की तरह चमकता ‘गोल्डन सांभर’। इससे पहले प्रदेश के किसी भी फॉरेस्ट में सफेद मोर नहीं देखा गया है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. RAS-2026 के लिए आवेदन का कल अंतिम दिन
RPSC की ओर से निकाली गई RAS-2026 के 607 पदों के लिए आवेदन की कल 3 जुलाई को लास्ट डेट है। प्री-एग्जाम 6 दिसंबर को होगा, जबकि मेंस एग्जाम 1 से 2 मई को किया जाना प्रस्तावित है।

12 दिन पहले डकैती करने वाले 6 बदमाशों को दबोचा:30 पुलिसकर्मियों ने 300 से ज्यादा कैमरे खंगाले, यूपी तक पीछा करके पकड़ा

झुंझुनूं में पीपली चौक के मलसीसर रोड पर 21 जून की रात को घर में घुसकर हथियार की नोक पर की गई डकैती का पुलिस ने 12 दिनों में पर्दाफाश किया है। झुंझुनूं पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक सक्रिय अंतर्राज्यीय डकैत गिरोह के 6 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हथियारों के दम पर की थी लूट झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- ​21 जून की रात को हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों का एक गिरोह मलसीसर रोड स्थित एक मकान में घुसा था। बदमाशों ने घर के सदस्यों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन और यहां तक की सीसीटीवी डीवीआर भी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल था। एसपी ने बताया- आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की टीमों ने तकनीक और मुखबिर की मदद से 6 आरोपी राशिद कुरैशी (31) निवासी मेरठ, सतार (36) निवासी बागपत, ​सरफराज उर्फ भुटन (32) निवासी मेरठ, जाहिद उर्फ लंबू (47) निवासी बागपत, ​राजीव उर्फ राजू खट्टा (38) निवासी बागपत, ​आरिफ (22) निवासी हापुड़ को गिरफ्तार किया है। ये सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। ​30 पुलिसकर्मियों की मेहनत, 300 कैमरे खंगाले एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया- घटना की गंभीरता को देखते हुए 5 विशेष टीमों का गठन किया गया था। लगभग 30 पुलिसकर्मियों की टीम ने पिछले 12 दिनों से दिन-रात एक कर दिया। जांच के दौरान पुलिस ने झुंझुनूं शहर और आसपास के क्षेत्रों के 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों को देखा। ​तकनीकी साक्ष्यों और टोल प्लाजा के डेटा के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को ट्रेस किया। ये गाड़ियां झुंझुनूं से राजगढ़, भादरा, हिसार और सोनीपत होते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत और मेरठ तक गई थीं। कबाड़ी का काम करने वाले ने रची पूरी साजिश ​जांच में सामने आया कि गिरोह का सदस्य आरिफ, जो पहले झुंझुनूं में कबाड़ी का काम कर चुका था, उसने इस वारदात की पूरी कहानी लिखी थी। उसे घर की और आसपास की जानकारी थी। उसने उत्तर प्रदेश के हार्डकोर अपराधियों, जाहिद और सरफराज के साथ मिलकर योजना बनाई। ​ इनका साथी जाहिद उर्फ लंबू एक आदतन अपराधी है। जिस पर डकैती और लूट के 16 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं सरफराज भी गिरोह का एक मुख्य और शातिर अपराधी है। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी ​पुलिस ने अंतर्राज्यीय समन्वय का परिचय देते हुए बागपत, मेरठ और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में दबिश दी। पहले तीन आरोपियों राशिद, सत्तार और सरफराज को वारदात में काम मे ली जाने वाली गाड़ी के साथ पकड़ा। पूछताछ के बाद मिली जानकारी पर दूसरी टीम ने दिल्ली-अलवर एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी कर मुख्य आरोपी राजीव उर्फ राजू खट्टा, जाहिद और आरिफ को भी दबोच लिया। इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका ​DSP गोपाल ढाका के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में गठित टीम का अहम योगदान रहा। इस खुलासे में कांस्टेबल प्रवीण कुमार और योगेंद्र सिंह का विशेष योगदान रहा। वहीं श्रवण कुमार मील, विरेन्द्र कुमार, ​मनीष कुमार, दिनेश, विक्रम सिंह, जितेन्द्र थाकन, अमित, प्रवीण, चेनाराम, योगेन्द्र सिंह, प्रदीप कुमार, संदीप, पुरुषोत्तम, संदीप, विकास, ​सुरेन्द्र सिंह, राजेश कुमार, प्रदीप, दिनेश, रुपेन्द्र, आनन्द मान,सतेन्द्र और रोहित शामिल थे।

10 साल के मासूम की जोहड़ में डूबने से मौत:घर से खेलने के लिए निकला था, रातभर परिजन ढूंढते रहे; दूसरे दिन मिला शव

बीकानेर में 10 साल के बालक की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। वह 5वीं क्लास का छात्र था। बुधवार शाम को घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक भी वापस नहीं लौटा। रातभर परिजनों और ग्रामीणों ने उसे ढूंढते रहे। गुरुवार सुबह गांव के पास बने कच्चे जोहड़ से उसका शव बरामद हुआ। मामला महाजन थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव का है। घर से खेलने के लिए निकला था जानकारी के अनुसार, जैतपुर निवासी सूर्य पुत्र ओमप्रकाश नायक बुधवार को स्कूल से घर लौटने के बाद शाम को खेलने के लिए निकला था। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से आसपास खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। जोहड़ किनारे मिली चप्पल गुरुवार सुबह मोहल्ले के पास पानी निकासी के लिए बनाए गए कच्चे जोहड़ के किनारे सूर्य की चप्पलें पड़ी मिलीं। इसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते ग्रामीणों ने तैराकों की मदद से जोहड़ में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बालक का शव जोहड़ से बाहर निकाल लिया गया। परिजन तुरंत सूर्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मासूम बच्चे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे जैतपुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने भी इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख जताया है। कंटेंट : गणेश रांकावत, अरजनसर

सांवलिया सेठ को चढ़ाया चांदी का बैट:चित्तौड़गढ़ के कुशाग्र भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम शामिल: श्रीलंका दौरे पर पहुंचे

चित्तौड़गढ़ में बस्सी के 19 साल के क्रिकेटर कुशाग्र ओझा का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। परिवार ने गुरुवार को सांवलिया सेठ के दरबार में 500 ग्राम चांदी का बैट चढ़ाया। कुशाग्र के पिता ने बताया कि बेटे के चयन के लिए मन्नत मांगी थी। सांवलिया सेठ को अर्पित सिल्वर बैट.. श्रीलंका में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रार्थना कुशाग्र के पिता ओमप्रकाश जयपुर में HDFC बैंक में मैनेजर हैं। उन्होंने बताया- कुशाग्र 30 जून को ही टीम के साथ श्रीलंका के दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं। चांदी का बैट चढ़ाकर भगवान से कुशाग्र के श्रीलंका में बेहतरीन प्रदर्शन की प्रार्थना की है। उन्होंने बताया- कुशाग्र का चयन भारतीय अंडर-19 पुरुष क्रिकेट की वनडे और टेस्ट दोनों टीमों में हुआ है। पहला मुकाबला 4 जुलाई को खेला जाएगा। आशा है कि कुशाग्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करेंगे और भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने का दावा मजबूत कर लेंगे। उनके चयन से बस्सी के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है। लोग बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। तीसरी कक्षा से शुरू हुआ क्रिकेट का सफर कुशाग्र ओझा का जन्म साल 2006 में जयपुर में हुआ था और फिलहाल उनकी उम्र 19 साल है। परिवार ने बताया कि जब वह तीसरी कक्षा में पढ़ते थे, तभी से क्रिकेट खेलने का शौक था। स्कूल के दिनों में जयपुर से क्रिकेट की शुरुआत हुई और बाद में उन्होंने नियमित कोचिंग लेना शुरू किया। क्रिकेट के प्रति उनका जुनून शुरू से ही साफ दिखाई देता था। परिवार के अनुसार उनका एक ही सपना था कि एक दिन भारतीय टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करें। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने लगातार मेहनत की और अपने प्रदर्शन में सुधार करते रहे। कूच बिहार ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद मिली बड़ी सफलता पिता ओमप्रकाश ओझा ने बताया कि कुशाग्र ने हाल ही में कूच बिहार ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें बेंगलुरु में आगे की ट्रेनिंग और कोचिंग का मौका मिला। लगातार बेहतर खेल के दम पर आखिरकार उनका चयन भारतीय अंडर-19 टीम में हो गया। पिता जयपुर के एचडीएफसी बैंक में मैनेजर हैं, जबकि मां निशा ओझा गृहिणी हैं। परिवार अब पूरी तरह से जयपुर शिफ्ट हो चुका है। परिवार का कहना है कि बेटे ने हमेशा क्रिकेट को ही अपना लक्ष्य माना और उसी दिशा में मेहनत करता रहा। अब भारतीय टीम में चयन होने से सालों की मेहनत सफल हुई है। परिवार को भरोसा है कि कुशाग्र श्रीलंका दौरे पर भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे और भविष्य में सीनियर भारतीय टीम तक पहुंचने का अपना सपना भी पूरा करेंगे।

सीएम ने 424 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास:किसान के घर चाय पी, 'वीबी जी राम जी योजना' की शुरुआत की

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को ब्यावर जिले के देवमाली गांव पहुंचे। उन्होंने भगवान देवनारायण मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गांव के किसान रामलाल गुर्जर के घर पहुंचकर उनके परिवारजनों से मुलाकात की और उनके साथ चाय पी। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत प्रशासक समिति के सदस्यों और ग्रामीणों से भी संवाद किया। सीएम ने मसूदा कृषि उपज मंडी में ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी योजना’ (वीबी जी राम जी) का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 424 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया, जिसमें देवमाली में 2 करोड़ रुपए की लागत से दर्शनार्थियों के लिए आश्रय स्थल का निर्माण भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने गांव के स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से शिक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बालिका शिक्षा को विशेष महत्व देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रॉपआउट की स्थिति न बने और विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। देवमाली में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने इसके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने देवनारायण मंदिर तक रोपवे निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकास भी और विरासत भी’ विजन के अनुरूप देवमाली गांव में विकास कार्यों को गति दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि गांव की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि देवमाली की विशिष्ट पहचान और परंपराओं का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं की नियमित जानकारी लेकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नमो उपवन देवमाली में ‘वीबी जी राम जी योजना’ के तहत पौधारोपण अभियान का शुभारंभ गांव की बुजुर्ग महिला प्रेम देवी से करवाया। उन्होंने स्वयं पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान के अंतर्गत पौधारोपण करने वाले स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

IGP बोले- एक्सप्रेसवे के डायवर्जन पॉइंट पर क्लियरेटी नहीं:ट्रेलर ड्राइवर की लापरवाही रही; लेन ड्राइविंग पर करेंगे फोकस

दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत के बाद जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश गुरुवार दोपहर घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में आईजी ने ट्रेलर चालक की लापरवाही और स्लीपर बस के ओवरस्पीड होने की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की बात कही। आईजी राहुल प्रकाश ने कहा – यह बेहद दुखद हादसा है, जिसमें आठ लोगों की दर्दनाक मौत हुई। मौके का निरीक्षण करने के बाद प्रारंभिक तौर पर यह सामने आया कि दिल्ली से जयपुर जाने वाले वाहनों को डायवर्जन से बाईं ओर जाना होता है, जबकि दिल्ली से सवाई माधोपुर जाने वाले वाहनों को सीधे जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि डायवर्जन पॉइंट पर यह स्पष्ट नहीं है कि वाहन चालक को किस दिशा में मुड़ना है, जिससे भ्रम की स्थिति बन रही है। सीसीटीवी में सामने आया हादसे का घटनाक्रम आईजी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में स्पष्ट दिख रहा है कि स्लीपर बस ट्रेलर के पीछे चल रही थी। ट्रेलर डायवर्जन पॉइंट से थोड़ा आगे निकल गया था और उसने स्पीड कम कर टर्न लेने की कोशिश की। इसी दौरान सीधे आ रही बस ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन हाईवे के मीडियन में उतर गए और उनमें आग लग गई। उन्होंने कहा कि बस के ओवरस्पीड होने की भी संभावना है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घायल यात्रियों के बयान लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है। लेन ड्राइविंग पर रहेगा फोकस जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे की तर्ज पर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने के सवाल पर आईजी ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लेन ड्राइविंग को सख्ती से लागू करने पर फोकस किया जाएगा, ताकि वाहन चालक अपनी-अपनी लेन में चलें और हादसों की संभावना कम हो। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर नो-पार्किंग नियमों की पालना को लेकर दौसा और अलवर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, जिसे आगे और सख्ती से लागू किया जाएगा। चालान सिस्टम की कमियां भी होंगी दूर आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि एनआईसी और एनएचएआई की ओर से संचालित ई-चालान प्रणाली की भी बारीकी से मॉनिटरिंग की जा रही है। पहले इसमें लेन ड्राइविंग का विकल्प नहीं था, जिसे अब जोड़ा गया है। ओवरस्पीड वाहनों के लगातार चालान किए जा रहे हैं, वहीं सिस्टम की अन्य कमियों को भी जल्द दूर किया जाएगा। घटनास्थल पर आईजी राहुल प्रकाश ने एक्सप्रेस-वे पर तैनात डायल-112 पुलिस वाहन के उपकरणों की भी जानकारी ली। इस दौरान बांदीकुई डिप्टी एसपी लक्ष्मीकांत शर्मा, सदर थाना प्रभारी मुकेश चौधरी और कोलवा थाना पुलिस का जाप्ता भी मौजूद रहा।

कपड़े-बर्तन बेचने के बहाने रेकी करते, रात में चोरी:राजस्थान समेत कई राज्यों में था नेटवर्क, 20 तोला सोना और कार बरामद

श्रीगंगानगर पुलिस ने चार महीने की मशक्कत के बाद दीवार फांदकर घरों में चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पदमपुर थाना पुलिस ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में सक्रिय गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 20 तोला सोने के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है। पदमपुर थाना प्रभारी सुमन जयपाल ने बताया – 18 फरवरी की रात पदमपुर निवासी अमित छाबड़ा के घर में चोरी हुई थी। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे और कमरे का ताला व संदूक काटकर करीब 22-23 तोला सोने के जेवरात और दो लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। 500 CCTV और 50 टोल प्लाजा के कैमरों से मिला सुराग मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने एएसपी रायसिंहनगर रामेश्वर लाल और श्रीकरणपुर सीओ पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने लगातार चार महीने तक जांच की। करीब 500 सीसीटीवी फुटेज, 50 टोल नाकों के कैमरों की रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। इसके बाद राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में छापेमारी कर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चरल उर्फ दलेर (60) निवासी गोकुलपुर, तरनतारन (पंजाब), शंभू उर्फ जावर (35) निवासी मुरादपुरा, तरनतारन (पंजाब), कालीराम उर्फ बरंटू (52) निवासी रामामंडी, जालंधर (पंजाब) और अजय उर्फ अक्षय (25) निवासी फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। दिन में रेकी, रात में नंगे पैर घरों में घुसकर करते थे चोरी पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैंग के सदस्य गांवों में कपड़े और बर्तन बेचने के बहाने घूमते थे। इसी दौरान वे घरों की रेकी कर आसान निशाने चुनते थे। रात में नंगे पैर घरों में घुसकर चोरी करते और वारदात के बाद अपनी झुग्गी-झोपड़ी हटाकर दूसरे इलाके में शिफ्ट हो जाते थे, जिससे पुलिस के लिए उनका सुराग लगाना मुश्किल हो जाता था। चारों पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी चरल उर्फ दलेर पर 7, शंभू उर्फ जावर पर 7, कालीराम उर्फ बरंटू पर 5 और अजय उर्फ अक्षय पर 6 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य राज्यों में की गई चोरी की वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

डकैत जगन गुर्जर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा:पकड़ कर दो बार दबाया गया गला, बचने के लिए संघर्ष तक नहीं किया

अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर को पकड़ कर गला दबाया गया था। उसने बचने के लिए संघर्ष नहीं किया था। यह खुलासा गुरुवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में किया गया है। 5 सदस्यों की मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट में बताया गया है कि जगन की मौत गला घोंटने से हुई है। मेडिकल बोर्ड से जुड़े सूत्रों ने कहा- हत्या का तरीका किसी प्रशिक्षित या बेहद शातिर व्यक्ति की ओर इशारा करता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक- जगन की गर्दन पर करीब 29 सेंटीमीटर लंबा गहरा दबाव का निशान मिला है। यह निशान गर्दन के आगे से दोनों तरफ तक फैला हुआ है। इतना ही नहीं गर्दन के बाएं हिस्से पर मुख्य निशान से नीचे एक और अलग चोट है। मेडिकल बोर्ड से जुड़े सूत्रों ने बताया- गर्दन पर मिले दोनों निशानों का पैटर्न सामान्य नहीं है। इससे अंदेशा है कि पहले एक तरफ से गला दबाया गया। इसके बाद दूसरी तरफ से फिर ज्यादा ताकत लगाकर गले को दबाया गया, ताकि मौत कन्फर्म हो सके। वहीं रिपोर्ट में जगन के शरीर पर संघर्ष के ज्यादा निशान नहीं मिले हैं। अंदर भी चोट मिली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों को बाहरी चोटों के साथ गर्दन के अंदर भी गंभीर चोटें मिली हैं। त्वचा के नीचे खून जमा हुआ था। गर्दन की मांसपेशियों में ब्लीडिंग मिली। थायरॉयड के आसपास की मांसपेशियां क्षतिग्रस्त थीं और जीभ के निचले हिस्से तक खून जमा हुआ था। मेडिकल विशेषज्ञों ने कहा- ऐसी चोटें तभी आती हैं, जब गर्दन पर काफी देर तक लगातार दबाव बनाया जाए। रिपोर्ट में दम घुटने से मौत के लगभग सभी मेडिकल संकेत दर्ज किए गए हैं। आंखों की नसों सहित शरीर के कई अंगों में ब्लीडिंग, फेफड़ों-अन्य अंगों का काम बंद करना और नाखूनों का नीला पड़ना इसकी पुष्टि करते हैं कि मौत ऑक्सीजन की कमी से हुई। मेडिकल रिपोर्ट में जगन के पेट में खाना भी मिला पूरी वारदात को केवल गला कसकर अंजाम दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के दौरान पेट में करीब 300 ग्राम आधा पचा हुआ भोजन मिला है। इससे जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि खाना खाने के कितनी देर बाद हत्या हुई। वहीं फॉरेंसिक जांच के लिए छोटी आंत, लीवर और दोनों किडनी सहित अन्य नमूने सुरक्षित रखकर पुलिस को सौंप दिए गए हैं। जगन ने कोई संघर्ष नहीं किया रिपोर्ट में शरीर पर संघर्ष के ज्यादा निशान नहीं मिले हैं। इससे जांच अधिकारी इस संभावना पर भी काम कर रहे हैं कि वारदात अचानक हुई या फिर पहले जगन को किसी तरह काबू में कर लिया गया था। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर जांच में जुटी मेडिकल बोर्ड ने अपनी अंतिम राय में स्पष्ट लिखा है कि जगन गुर्जर की मौत जीवित अवस्था में गला घोंटने से हुई। दम घुटने के कारण जगन की जान गई। रिपोर्ट में सभी चोटों को मौत से पहले लगी हुई बताया गया है। अब यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जेल के भीतर हुई इस हाई-प्रोफाइल हत्या की जांच का सबसे अहम वैज्ञानिक साक्ष्य बन गई है। जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रदेश की सबसे सुरक्षित कही जाने वाली हाई सिक्योरिटी जेल के अंदर इतनी सुनियोजित हत्या कैसे हुई। मेडिकल रिपोर्ट ने जहां हत्या की पुष्टि कर दी है। वहीं गर्दन पर मिले निशान और अंदरूनी चोटें, इस वारदात को सामान्य जेल हिंसा नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के साथ अंजाम दी गई हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। पुलिस अब इसी एंगल से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार- डकैत जगन गुर्जर डायबिटिक पेशेंट था। जिस दिन उसकी मौत हुई, उसे दिन उसकी शुगर हाई थी। पुलिस ने कहा- सीसीटीवी फुटेज की कर रहे जांच सिविल लाइंस थाना पुलिस की ओर से जगन हत्याकांड में दर्ज मुकदमे में जांच जारी है। जांच अधिकारी शंभू सिंह ने बताया- हाई सिक्योरिटी जेल के दो जेल प्रहरी के पहले बयान लिए थे, उन बयानों को वापस कोर्ट में BNS की धारा 183 के तहत लिए गए।
बंदी विष्णु को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करने के लिए प्रार्थना पत्र भी कोर्ट में गुरुवार को लगाया है। साथ ही जेल में लगे हुए सीसीटीवी फुटेज वारदात वाले दिन और उससे पहले के प्राप्त किए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी मिल गई है, जिस पर अनुसंधान जारी है। जगन गुर्जर हत्याकांड की हाईकोर्ट ने रिपोर्ट मांगी डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड की रिपोर्ट हाईकोर्ट ने तलब की है। कोर्ट ने जेल में घटना से जुड़े कैमरों में क्या रिकॉर्ड हुआ, क्या नहीं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्या किसी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई है। इन तमाम बिंदुओं पर कोर्ट ने सरकार और जेल प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा और जस्टिस मनीष शर्मा की खंडपीठ ने यह आदेश जेल में व्यवस्थाओं के सुधार से जुड़े स्वप्रेरित प्रसंज्ञान मामले में सुनवाई करते हुए दिए। पूरी खबर पढ़ें… 29 जून को अजमेर जेल में हुई थी हत्या 29 जून को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में जगन गुर्जर की हत्या कर दी गई थी। भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु ने जगन गुर्जर का टॉवल (तौलिए) से गला दबाकर मर्डर किया था। जगन गुर्जर का अंतिम संस्कार 1 जुलाई को धौलपुर के डांग स्थित भवुतीपुरा गांव के श्मशान में हुआ।
जगन गुर्जर की हत्या से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… डकैत जगन गुर्जर की सेल तक कैसे पहुंचा हत्यारा?:जेल में दोनों की अलग-अलग सेल थी; मिलने के लिए आपसी सहमति थी जरूरी छावनी बना डकैत जगन का गांव,9 थानों की पुलिस तैनात:धौलपुर में हुआ अंतिम संस्कार, STF की सुरक्षा में तीनों भाइयों को लाया गया जगन गुर्जर की 3 मिनट में थम गई थीं सांसें:सुसाइड दिखाने की कोशिश; 13 फीट ऊंचे पंखे पर मिला गमछा, CCTV पर टूथपेस्ट लगाया

तहसीलदार से महिला बोली- आपने पैसे खाए:अधिकारी ने कहा- फालतू बकवास मत करो; आपको विरोध करने का अधिकार, गलत बोलने का नहीं

बाड़मेर शहर के रामा चौक इलाके में गुरुवार को डिस्कॉम की टीम ट्रांसफार्मर लगाने पहुंची तो स्थानीय लोग विरोध में उतर गए। महिलाएं कुर्सियां लेकर मौके पर बैठ गईं। जानकारी मिलने पर तहसीलदार हुकमीचंद और कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों ने अधिकारी के सामने सवाल उठाया कि जब यहां बिजली की कोई समस्या नहीं है तो ट्रांसफार्मर क्यों लगाया जा रहा है। अधिकारी लोगों से बात कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने तहसीलदार पर पैसे खाने का आरोप लगा दिया। महिला ने कहा- उन्होंने पैसे दिए और आपने खा लिए, इसलिए वहां ट्रांसफार्मर नहीं लगा रहो। इस पर तहसीलदार ने कहा- आप साथ थीं क्या? ऐसे कैसे कह रहे हो कि पैसे खा लिए। फालतू बकवास मत करो। महिलाओं ने ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध किया
दरअसल, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे डिस्कॉम की टीम ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पोल और मशीन लेकर रामा चौक इलाके में पहुंची थी। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय महिलाएं और लोग विरोध में उतर आए। लोगों ने कहा- पहले भैरव साड़ी स्टोर के पास ट्रांसफार्मर लगाने की योजना थी, इसे वहीं लगाया जाए। महिलाएं कुर्सियां लेकर मौके पर बैठ गईं। सूचना मिलने पर तहसीलदार हुकमीचंद और कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। महिला ने तहसीलदार पर लगाया रुपए खाने का आरोप
स्थानीय लोगों ने कहा- हमारे इलाके में बिजली की कोई समस्या नहीं है, इसलिए यहां ट्रांसफार्मर लगाने की जरूरत नहीं है। इलाके में रहने वाली लीला देवी ने कहा- घर के आगे डीपी लगाने से 20 साल पहले भी हादसा हुआ था। पहले डीपी करमु जी की गली में लग रही थी, लेकिन वहां लोगों ने विरोध किया तो अब इधर लगा रहे हैं। हम यहां पर नहीं लगने देंगे। पुलिस-प्रशासन की समझाइश के दौरान महिलाओं ने भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक महिला ने तहसीलदार पर पैसे खाने का आरोप लगा दिया। इस पर तहसीलदार नाराज हो गए और कहा- फालतू की बकवास मत करो। अब पढ़िए तहसीलदार और महिला के बीच बातचीत के अंश… महिला: उन्होंने पैसे दिए और आपने खा लिए, इसलिए वहां ट्रांसफार्मर नहीं लगा रहे। अंदर ही अंदर पैसे खा लिए। तहसीलदार: आप साथ थीं क्या? सोच-समझकर बोलो। गलत बात बोलने की जरूरत नहीं है। ऐसे कैसे कह रहे हो कि पैसे खा लिए। फालतू बकवास मत करो। महिला: फालतू बकवास आप करते हो। तहसीलदार: गलत कैसे बोल रहे हो कि पैसे खा लिए। आप महिला हो, तरीके से बोलो। गलत बात मत करो। अन्य लोग: आप भी सौतेला व्यवहार मत करो। तहसीलदार: आपको विरोध करने का अधिकार है, लेकिन किसी को गलत बोलने का अधिकार नहीं है। डीपी लगाने के विरोध में उतरे लोग, उनको समझाया
कोतवाली सीआई मनोज कुमार ने बताया- बिजली व्यवस्था सुचारू करने के लिए डिस्कॉम डीपी लगाना चाहता है। स्थानीय लोगों का विरोध है कि यहां डीपी नहीं लगाई जाए। पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझाया कि बिजली व्यवस्था को ठीक करने के लिए डीपी लगाई जा रही है। इसका विरोध नहीं करना चाहिए।

मॉडल ने ताश के पत्तों से बना आउटफिट पहना:कोई बनी आईफा ट्रॉफी, मां की ज्वैलरी से बनी ड्रेस; मिस राजस्थान फिनाले वीक में अनोखे लुक

मिस राजस्थान 2026 के फिनाले वीक में टॉप-28 फाइनलिस्ट मॉडल्स ने रैंप वॉक किया। इस दौरान सभी मॉडल्स अपनी अनोखी और रचनात्मक ड्रेसेस को लेकर काफी सुर्खियों में रहीं। रैंप वॉक के दौरान किसी मॉडल ने ताश के पत्तों से बना अनोखा आउटफिट पहना, तो किसी ने खुद को आईफा अवॉर्ड ट्रॉफी के रूप में खूबसूरती से प्रस्तुत किया। मॉडल ने हाथ में तलवार लेकर बेहद साहसी और अनोखे अंदाज में रैंप वॉक किया। इसके अलावा, तितली की थीम पर बनी बेहद आकर्षक ड्रेस भी एक मॉडल ने पहनी। वहीं, एक अन्य मॉडल ने सिंड्रेला थीम पर स्वयं तैयार किया हुआ आउटफिट पहना। राजस्थानी संस्कृति को दर्शाते हुए पारंपरिक बंधेज प्रिंट के साथ हाथ से बने मिट्टी के चाय के कुल्हड़ों को भी एक मॉडल ने अपने आउटफिट का हिस्सा बनाया। मिस राजस्थान 2026 के फिनाले वीक का आयोजन बुधवार रात को जामडोली स्थित ‘हैवा हैवन रिसॉर्ट’ में किया गया। फिनाले जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम मे 4 जुलाई को होगा। आयोजक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया- इस राउंड का उद्देश्य प्रतिभागियों की रचनात्मक क्षमता, डिजाइन सेंस, स्टाइलिंग और कॉन्सेप्ट प्रेजेंटेशन को परखना था। हर मॉडल ने अपने व्यक्तित्व के अनुरूप अलग पहचान बनाने की कोशिश की। इसमें एक मॉडल ने अपनी मां की ज्वैलरी को कपड़े पर लगाकर पूरी तरह से ‘ज्वैलरी ड्रेस’ बनाई और रैंप वॉक किया, वहीं कुछ मॉडल्स बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्रियों की तरह तैयार होकर रैंप पर उतरीं। टैग-1: आराध्या मदान
90 के दशक की बॉलीवुड ग्लैमर को जिया आराध्या मदान ने टैग-2: नेहा हंसराजानी
हरे रंग में शक्ति और सौम्यता का संदेश टैग-3: पलक शर्मा
गॉथिक विंटेज स्टाइल में दिखीं टैग-4: शुभांगी शर्मा
अखबार की सुर्खियों से बना फैशन टैग-5: आस्था भूटानी
ब्लैंक कैनवास बनी आस्था भूटानी टैग-6: जाह्नवी कुमावत
ओल्ड हॉलीवुड की झलक लेकर आईं जाह्नवी कुमावत टैग-7: आशा जांगिड़
बार्बी बनी आशा जांगिड़ टैग-8: श्रुति कुमारी
ओल्ड हॉलीवुड एस्थेटिक्स से प्रेरित टैग-8: लक्षिता गोदारा
‘हॉरर और वैम्पायर’ लुक पेश किया टैग-10: निहारिका राठौड़
फूलों से सजी प्रकृति की खूबसूरती बनी निहारिका राठौड़ की पहचान टैग-11: मेघना चौधरी
ताश के पत्तों से सफलता की कहानी सुनाती दिखीं मेघना चौधरी टैग-12: प्राची हिंदूजा
सभी प्रतिभागियों को आईफा अवॉर्ड मानती हैं प्राची हिंदूजा टैग-13: कुसुम सोनी टैग-14: शगुन राठौड़
ड्रेस पर डिजाइन हुई ज्वैलरी, मां का मिला साथ टैग-15: दिव्यांशी जांगिड़
सिंड्रेला बनी दिव्यांशी जांगिड़ टैग-16: श्रुति नायक
करीना कपूर के आइकॉनिक लुक से प्रेरित श्रुति नायक टैग-17: श्रीजा गुप्ता
मरमेड वाइब्स के साथ मंच पर उतरीं श्रीजा गुप्ता टैग-18: वंशिका नूनिया
आधुनिक महिला की सोच को दर्शाया टैग-19: निहारिका माथुर
दादी के लहंगे को नया जीवन देने वाली निहारिका माथुर टैग-20: कोमल वर्मा
तितली बन उड़ने का सपना लेकर आईं कोमल वर्मा टैग-21: सुहानी जैन
कैटरीना कैफ की झलक बनी सुहानी जैन टैग-22: अक्षिता सिंह तंवर
‘द डेविल वियर्स प्राडा’ से प्रेरित अक्षिता सिंह तंवर टैग-23: अनुष्का माथुर
राजस्थान की बंधेज और कुल्हड़ चाय का अनोखा संगम टैग-24: वर्षा शर्मा
हॉलीवुड ग्लैमर लेकर आईं वर्षा शर्मा टैग-25: खुशी धिनवा
बचपन की प्रेरणा बनी खुशी धिनवा की पहचान टैग-26: ज्योति चौधरी
सेल्फ लव का संदेश लेकर आईं ज्योति चौधरी टैग-27: अनमोल शेखावत
ऑरेंज और ब्लैक से व्यक्तित्व की अभिव्यक्ति टैग-28: प्रज्ञा चौधरी
लैटिना स्टाइल में दिखा जुनून