ब्रेकिंग न्यूज़
'छात्र संवाद' की परमिशन नहीं मिलने पर NSUI-कार्यकर्ताओं का हंगामा:कोटा के सरकारी कॉलेज में घुसने के लिए चैनल गेट पर धक्के मारे; ABVP छात्रों को भगाया

कोटा के राजकीय महाविद्यालय में ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम की परमिशन नहीं मिलने से नाराज NSUI कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। NSUI कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में घुसने के लिए पुलिस की मौजूदगी में चैनल गेट को धक्के मारे। इतना ही नहीं ABVP मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए ABVP से जुड़े छात्रों के पीछे भागे। यह हंगामा सोमवार को राजकीय महाविद्यालय कोटा में देखने को मिला। वहीं हंगामे की सूचना पर नयापुरा थाना सीआई, पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। इस दौरान NSUI कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। मिट टर्म परीक्षा का दिया हवाला दरअसल, NSUI की और से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत कोटा में सोमवार को ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम तय था। इस कार्यक्रम में गुजरात के कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवानी को शामिल होना था। कार्यक्रम के लिए एनएसयूआई ने कॉलेज के रामानुजन हॉल उपलब्ध करवाने की परमिशन मांगी थी। इसे लेकर 1 जुलाई को सहायक निदेशक कॉलेज शिक्षा विभाग को लेटर लिखा था। कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया, प्रतियोगी परीक्षा और 7 जुलाई से मिड टर्म परीक्षा का हवाला देते हुए परमिशन देने से इनकार कर दिया था। परमिशन नहीं मिलने पर विधायक जिग्नेश मेवानी लौटे NSUI प्रदेश सचिव रिदम शर्मा ने बताया- जिग्नेश मेवानी रविवार को कोटा में थे। कार्यक्रम की परमिशन नहीं मिलने पर वे सोमवार सुबह कोटा से लौट गए। वहीं NSUI कार्यकर्ता ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम के लिए कॉलेज पहुंचे। प्रशासन ने कॉलेज चैनल गेट पर ताला लगाया हुआ था। बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया लिया गया। रिदम शर्मा ने कहा- एबीवीपी के छात्र अंदर कमरों में बैठे हुए थे। हमने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को भगाया। कॉलेज प्रशासन से छात्र संवाद कार्यक्रम के लिए दोबारा से परमिशन मांगी।

उदयपुर में महिला का मोबाइल छीनने की कोशिश, VIDEO:बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारा, फिर मौके से भाग निकला

उदयपुर में एक बाइक सवार ने महिला का मोबाइल लूटने की कोशिश की। लेकिन मोबाइल सड़क पर गिर गया। जिसे महिला ने तुरंत उठा लिया। वहीं, बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गया। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 स्थित संजीव नगर में 4 जून की रात 11:15 बजे की है। महिला खुशबू मोहल्ले में पैदल घूमते हुए अपने मोबाइल में कुछ देख रही थी। तभी सामने से बाइक सवार बदमाश तेज स्पीड में आया। महिला के मोबाइल पर तेजी से झपट्टा मारा।
घटना के दौरान मोबाइल बदमाश के हाथ नहीं लग पाया। महिला ने घर पहुंचकर परिवार को घटना के बारे में बताया। परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए। सीसीटीवी से आसपास के लोगों को घटना का पता लगा। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

शराब तस्करों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत:एक साथी पकड़ा; ANTF से बचने के लिए कई किमी तक भागे; गाड़ी में मिली गुजरात नंबर की प्लेट

बालोतरा में ANTF (एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स) से बचने के लिए भाग रहे शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। तस्करों को पकड़ने के लिए एएनटीएफ और पुलिस टीम ने कई किलोमीटर तक पीछा किया। हादसे में एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और उसमें भरी शराब जब्त कर ली। कार पर कर्नाटक की नंबर प्लेट लगी थी, वहीं गुजरात नंबर की प्लेट कार से मिली है। हादसा गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के आमलियाला-भैडाणा रोड पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बागोड़ा टोल से शुरू हुआ पीछा, तस्करों ने बदल लिया रास्ता जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ टीम को बागोड़ा टोल से शराब से भरी एक कार निकलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने कार का पीछा शुरू किया। एएनटीएफ और कार के बीच काफी दूरी थी। इसी दौरान गुड़ामालानी पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस की भनक लगते ही तस्करों ने बीच रास्ते में लूणवा जागीर टर्न लेकर आमलियाला की तरफ गए, वहां से भैडाणा रोड़ पर चले गए। सामने से पिकअप आने पर पेड़ से टकराई कार भागने के दौरान आमलियाला-भैडाणा रोड पर अचानक सामने से एक पिकअप गाड़ी आ गई। इससे कार बेकाबू होकर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। टक्कर ड्राइवर साइड से होने के कारण कार पूरी तरह पिचक गई और उसके एयरबैग भी खुल गए। हादसे के बाद पुलिस और एएनटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल तस्कर पुनेश (22) पुत्र लाधुराम निवासी नारली नाड़ी को प्राथमिक उपचार के बाद सांचौर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एक तस्कर हिरासत में, फायरिंग से किया इनकार एसपी रमेश ने बताया कि पुलिस ने एक तस्कर को हिरासत में लिया है। कार में भरी शराब बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई। कार पेड़ से टकराने के कारण हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

प्रतापगढ़ पुलिस ने 2 साल से फरार आरोपी पकड़ा:ट्रक कंटेनर से 30 क्विंटल अफीम-डोडाचुरा किया था बरामद, एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार

प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में दो साल से फरार वांछित अभियुक्त कमल उर्फ कमलेश पाटीदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमल उर्फ कमलेश को उसके साथी दिनेश उर्फ कालू फींच की गिरफ्तारी के बाद से ही तलाश कर रही थी। यह मामला धमोतर थाने में दर्ज किया गया था, जब मुंशी मोहम्मद उनि. थानाधिकारी धमोतर ने एक आईसर ट्रक कंटेनर से 30 क्विंटल 41 किलो 100 ग्राम अफीम का अधकुचला डोडाचूरा जब्त किया था। यह ट्रक सुमेरराम पुत्र देवाराम विश्नोई, निवासी चिरडाणी, थाना पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर का था। कमल उर्फ कमलेश इस डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त में संलिप्त था और लगभग दो साल से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने गहनता से पड़ताल करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

चलती कार बनी आग का गोला:बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य, झुंझुनूं से भारु गांव जा रहा था परिवार

झुंझुनूं से भारु गांव की ओर जा रहे एक परिवार की चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई, लेकिन समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते देखते कार आग से भभक उठी। आग लपटें निकलने लगी। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल मेघवाल पुत्र बजरंग मेघवाल (उम्र 23 वर्ष), अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर झुंझुनू से अपने पैतृक गांव भारु जा रहे थे। रास्ते में अचानक कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ​चालक की सतर्कता ने बचाई जान ​जैसे ही कार के अंदर धुआं उठा और आग की लपटें दिखाई दीं, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया। बिना देरी किए परिवार के सभी सदस्यों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 5 मिंट में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। उसमें से काले धुएं का गुबार निकलने लगें। ​आसपास के लोग पहुंचे मदद के लिए ​कार में लगी आग को देखकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

असिस्टेंट कमिश्नर बाथरूम जाने से डर रहे:बेटा-बेटी स्कूल नहीं जा रहे, मंत्री बाेले- पुलिस बदमाशों तक पहुंची, जल्दी होगा खुलासा

अलवर शहर की पॉश यूआईटी कॉलोनी शालीमार योजना में जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के घर पूरे परिवार को बंधक बनाकर हुई लूट मामले में पुलिस आरोपियों तक पहुंच चुकी है। प्रदेश के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और परिवार को ढांढस बंधाया। असिस्टेंट कमिश्नर के बेटे से कहा कि ये हमारा बहादुर बेटा है। मंत्री से बात करते हुए पीड़ित असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश का दर्द और खौफ छलक उठा। उन्होंने बताया, “हम सब अभी तक इतने डरे हुए हैं कि बाथरूम जाने में भी डर लग रहा है। डर के मारे बेटा-बेटी स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। बदमाशों ने हमें जान से मारने की धमकी दी थी।” वारदात के दौरान बदमाशों की ‘अजीब हरकतें’ पीड़ित परिवार ने मंत्री संजय शर्मा को बदमाशों की उन हरकतों के बारे में बताया, जो उन्होंने बंधक बनाने के दौरान कीं: बदमाशों ने घर को बंधक बनाने के बाद आराम से किचन में जाकर आम खाए। बदमाशों ने असिस्टेंट कमिश्नर से चाय बनाने को भी कहा था। वारदात के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर की पत्नी उर्मिला का डर के मारे गला सूखने लगा, तो बदमाशों ने उन्हें पानी लाकर दिया। लेकिन खौफ के कारण वह पानी नहीं पी सकीं। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि 20 लाख के जेवर लूटने के बाद जाते-जाते बदमाश घर के मंदिर के सामने हाथ जोड़कर निकले। बहादुर बेटा: बदमाशों से भिड़ गया था प्रिंस मुलाकात के दौरान मंत्री संजय शर्मा ने असिस्टेंट कमिश्नर के बेटे प्रिंस की पीठ थपथपाई। मंत्री ने कहा, “यह बहादुर बेटा है।” दरअसल, वारदात के दौरान प्रिंस ने अकेले ही बदमाशों से लोहा लेने की कोशिश की थी। इसी कशमकश में बदमाशों ने उसके सिर पर बल्ले (बेट) से हमला कर दिया था, जिससे वह लहूलुहान हो गया था। जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर लूट:परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाया, बचाने आए बेटे का सिर फोड़ा; बदमाशों ने आम भी खाए

ट्रेन की चपेट में आने से मिस्त्री घायल:पैर में गंभीर फ्रैक्चर, रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा

झालावाड़ के भवानीमंडी कस्बे में सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय एक मिस्त्री ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में जारी है। गेहूं पिसाने जाते समय हुआ हादसा घायल की पहचान राजूलाल (50) पुत्र केसरीलाल सुमन निवासी आरटीएम कॉलोनी, भवानीमंडी के रूप में हुई है। वह पेशे से मिस्त्री है और अविवाहित है। उसकी मां रुक्मणि बाई (80) ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे राजूलाल घर से गेहूं लेकर आटा चक्की के लिए निकला था। असंतुलित होकर ट्रेन के पास गिरा परिजनों के अनुसार, रेलवे पटरी पार करते समय राजूलाल अचानक असंतुलित हो गया और उसी दौरान पास से गुजर रही ट्रेन के दौरान नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर आया। लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, फिर किया रेफर घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी मदद की और परिजनों को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे भवानीमंडी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेलवे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार वर्तमान में राजूलाल का इलाज एसआरजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा रेलवे पटरी पार करते समय हुआ। हालांकि, इस मामले में रेलवे सूत्रों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बोलेरो-बाइक की टक्कर में महिला और युवक की मौत:बेटी गंभीर हालत में जयपुर रेफर, बस पकड़ने के लिए पीछे जा रहे थे

नीमकाथाना के कुल्हाड़ा गांव के पास सोमवार सुबह 10:30 बजे बोलेरो और बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, वहीं महिला की बेटी गंभीर रूप से घायल हुई है। बेटी को जयपुर रेफर किया गया है। पीहर आई थी महिला, बेटी के साथ नीमकाथाना जा रही थी सदर थाना अधिकारी राजेश डूडी ने बताया- श्रीमाधोपुर के अजमेरी निवासी मृतका महिला भगवती देवी (65) अपनी बेटी संतरा के साथ पीहर गणेश्वर आई हुई थी। सोमवार को वे बेटी के साथ नीमकाथाना जा रही थी। वे गणेश्वर निवासी सुरेंद्र कुमावत (27) के साथ अपनी बाइक से नीमकाथाना आ रहे थे। बाइक पर अजमेरी निवासी 65 वर्षीय भगवती देवी कुमावत और उनकी बेटी संतरा देवी भी सवार थीं। बताया गया है कि भगवती देवी अपनी बेटी संतरा के पीहर गणेश्वर आई हुई थीं। सोमवार को वे बेटी के साथ नीमकाथाना जाने के लिए निकली थी। जब वे पहला बस स्टैंड पर पहुंची तो बस पहले ही निकल चुकी थी। पहला बस स्टैंड पर ही गणेश्वर निवासी सुरेंद्र कुमावत की बाइक रिपेयरिंग की दुकान थी। महिला ने सुरेंद्र को बस निकलने के बारे में बताया और बस तक पहुंचाने की बात कहीं। जिसके बाद सुरेंद्र ने दोनों को अपनी बाइक पर बैठाया और बस के पीछे निकल गया। गणेश्वर से 3 किलोमीटर दूर कुल्हाड़ा गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। बोलेरो के एयरबैग खुले मिले टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में सुरेंद्र कुमावत और भगवती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। संतरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। क्षतिग्रस्त बाइक और बोलेरो को जब्त कर थाने भिजवाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। थाना अधिकारी ने बताया कि बोलेरो गाड़ी के भी एयरबेस खुलने से उसमें सवार युवक बच गए। गाड़ी कौन चला रहा था, हादसे की वजह क्या थी उसकी जांच की जा रही है।

APP भर्ती के लिए कल तक भर सकेंगे फॉर्म:RPSC की 371 पदों पर वैकेंसी; सीनियर साइंटिस्ट भर्ती की 10 जुलाई लास्ट डेट

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा निकाली गई सहायक लोक अभियोजक-APP (गृह विभाग-अभियोजन) के 371 पदों पर भर्ती के लिए प्रोसेस जारी है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की लास्ट डेट कल (7 जुलाई) है। वहीं आयोग की ओर से सीनियर साइंटिस्ट ऑफिसर भर्ती की तीन पदों के लिए प्रक्रिया भी जारी है, जिसकी लास्ट डेट 10 जुलाई है। APP भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 2 सितंबर को किया जाना प्रस्तावित है। आयु सीमा 1 जनवरी 2027 को न्यूनतम 21 साल और अधिकतम 40 साल से कम होनी चाहिए। इसके बाद आयु की गणना 1 जनवरी 2025 को आधार मानकर की गई। हालांकि, इन पदों के लिए कोई विज्ञापन जारी नहीं किया। इसलिए अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में एक साल की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। अभ्यर्थियों का सिलेक्शन प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षा दो चरणों में प्रारंभिक परीक्षा व मुख्य परीक्षा के रूप में ली जाएगी। यह रहेगा परीक्षा शुल्क सामान्य (अनारक्षित) और राजस्थान के क्रीमीलेयर श्रेणी के अन्य पिछड़ा वर्ग/अति पिछड़ा वर्ग के आवेदक के लिए 600 रुपए। राजस्थान के नॉन क्रीमीलेयर श्रेणी के अन्य पिछड़ा वर्ग/अति पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और दिव्यांग के लिए 400 रुपए। वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती- 10 जुलाई लास्ट डेट राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी (Senior Scientific Officer) के कुल 3 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा निकाली गई इस भर्ती के तहत टॉक्सिकोलॉजी, फिजिक्स और बैलिस्टिक्स डिवीजन में 1-1 पद शामिल हैं। इसके लिए योग्य अभ्यर्थी 10 जुलाई की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक डिवीजन (पद) के लिए योग्यता रखता है और आवेदन करना चाहता है, तो उसे प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग आवेदन फॉर्म भरना होगा। परीक्षा-2026 का आयोजन 13 अक्टूबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 के बीच में किया जाएगा। आयोग ने परीक्षा कम्पयूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट (सीबीआरटी) के माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसका शेड्यूल तय समय पर जारी कर दिया जाएगा। ……… पढें ये खबर भी…. राजस्थान बोर्ड-10वीं-12वीं एग्जाम के लिए आज से भरे फार्म:इस साल से 200 रुपए फीस बढ़ाई, जानिए-कब से कब तक क्या रहेगी फीस राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं-12वीं एग्जाम के लिए आवेदन फार्म आज से भरे जा सकते हैं। इस बार 200 रुपए की फीस बढ़ा दी गई है। 6 अगस्त तक 850 रुपए फीस होगी। बिना लेटफीस एक माह का समय दिया गया है। पूरी खबर पढें

कोटा में युवक के पैरों-पीठ पर चाकू घोंपे:काम से लौटते समय बदमाशों ने किया हमला, आरोपियों पर पत्थर फेंककर खुद को बचाया

कोटा में कैथूनीपोल थाना क्षेत्र के श्रीपुरा कोलीपाड़ा इलाके में 4 बदमाशों ने युवक पर पीछे से हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक के दोनों पैरों और पीठ पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे MBS अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। घायल आकाश महावर ने बताया- मैं लाइट फिटिंग का काम करता है। रविवार देर रात घर लौटते समय उसके घर के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन-चार बदमाशों ने पीछे से हमला कर दिया। आरोपियों ने उस पर लगातार चाकू से वार किए। बचाव के लिए पास पड़े पत्थर उठाकर बदमाशों की ओर फेंके, इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन उसे कैथूनीपोल थाने लेकर पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा। आकाश ने बताया कि कुछ दिन पहले इलाके के कुछ युवकों से उसकी मामूली कहासुनी हुई थी। उसी बात को लेकर आरोपियों ने रंजिश पाल ली और मौका देखकर उस पर हमला कर दिया। कोटा में फिर से बढ़ने लगी चाकूबाजी कोटा शहर में हाल के दिनों में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रविवार को नान्ता थाना क्षेत्र में दुकान पर बैठे युवक पर चाकू और गंडासे से हमला हुआ था। इससे पहले उद्योग नगर थाना क्षेत्र के बॉम्बे योजना और दादाबाड़ी थाना क्षेत्र के तीन बत्ती इलाके में भी चाकूबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कैथूनीपोल थाना अधिकारी अमरेश ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल का मेडिकल कराया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसका ताजा मामला कैथूनीपोल थाना क्षेत्र का है।