ब्रेकिंग न्यूज़
एग्जाम में लेक्चरर ने कराई नकल, VIDEO:स्टूडेंट्स को बोल-बोलकर आंसर लिखवाए; 93 कॉपियां सील

जैसलमेर के एक निजी कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर के हिंदी साहित्य के पेपर में नकल करवाने का मामला सामने आया है। एग्जाम रूम में लेक्चरर (वीक्षक) ही स्टूडेंट्स को सवालों के आंसर लिखवा रहे थे। जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने मौके पर पहुंचकर 93 कॉपियों को सील किया और सामूहिक नकल का मामला दर्ज करवाया। जैसलमेर के श्री करणी कॉलेज कजोई में शनिवार सुबह 7 से 10 बजे की पारी में एग्जाम चल रहा था। यूनिवर्सिटी की फ्लाइंग टीम में शामिल प्रोफेसर अमन सिंह, डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. ललित झाला और डॉ. गौरव जैन सुबह 9 बजे कॉलेज में निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान एग्जाम रूम में लेक्चरर (वीक्षक) जय करण और ओम प्रकाश स्टूडेंट्स को सामूहिक रूप से सवालों के जवाब लिखवाते मिले। कॉपियों की जांच में सभी के उत्तर लगभग समान पाए गए। सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी लेक्चरर की ओर से परीक्षार्थियों को उत्तर डिक्टेट कर (बोल- बोलकर) नकल करवाने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने सभी 93 कॉपी सील कर दी।
सरकारी और निजी कॉलेजों में पहुंची फ्लाइंग टीम फ्लाइंग टीम ने जैसलमेर शहर के साथ ही अनडू, फतेहगढ़, रामगढ़ और बाड़मेर जिले के शिव क्षेत्र में स्थित कॉलेजों के परीक्षा केंद्रों पर जांच की। इसके अलावा बाड़मेर के शिव केंद्र पर भी नकल का एक मामला दर्ज किया गया। कुछ निजी कॉलेजों में परीक्षा के दौरान गड़बड़ी पाई गई। इन केंद्रों की भी जांच की जा रही है। परीक्षा की पारदर्शिता के साथ समझौता नहीं कुलगुरु प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। विश्वविद्यालय जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रहा है और नकल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुलगुरु ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:4 दिन बक्से में रखा पत्नी का शव; झालावाड़ में मंदिर-पुल डूबा; टीचर को महिलाओं ने चप्पल से पीटा

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मौसम की है। झालावाड़ में नदी के उफान में पुल और मंदिर डूब गया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. झालावाड़ में नदी के उफान में पुल डूबा, रास्ता बंद
राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। 8 जिलों में बारिश हुई। झालावाड़ जिले में तेज बारिश के कारण परवन नदी उफान पर है। यहां एक छोटा पुल और मंदिर डूब गया। बारां में मूसलाधार बारिश के कारण दुकानों में पानी घुस गया। पूरी खबर पढ़ें 2.अब हर प्रेग्नेंट महिला की डिलीवरी की होगी लिस्टिंग
प्रदेश में प्रसूताओं की मौत को रोकने के लिए सरकार ने एक्शन प्लान तैयार किया है। अब हर महीने होने वाली डिलीवरी की हर जिले में लिस्टिंग होगी। उनका हेल्थ कार्ड बनेगा। जिसमें यह होगा कि उनका इलाज कहां, कौनसे अस्पताल में होगा। पूरी खबर पढ़ें 3. पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला
झुंझुनूं में पति ने पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतनी बुरी तरह से पीटा कि उसकी हड्डियां तक टूट गईं। इसके बाद महिला के दोनों हाथ बांधे और शव को लोहे के संदूक(बक्सा) में बंद कर ताला लगा दिया। पूरी खबर पढ़ें 4. रिटायर्ड-ASI ने परिवार के साथ मिलकर युवक की हत्या की
भरतपुर में रिटायर्ड ASI ने परिवार के साथ मिलकर युवक की लाठी-डंडों और सरिए से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि ASI का परिवार युवक की करोड़ों रुपए की जमीन अपने नाम करवाना चाहता था। पूरी खबर पढ़ें 5. जयपुर में RTO दस्ते ने ट्रक मालिक का सिर फोड़ा
जयपुर में RTO दस्ते ने ट्रक मालिक का सिर फोड़ दिया। ट्रक ओवर लोड बताकर 50 हजार रुपए का चालान भरने लगे। वीडियो बनाने पर गुस्साएं आरटीओ कर्मियों ने डंडा निकालकर मारपीट की। पीड़ित के बेटे ने कानोता थाने में मामला दर्ज करवाया है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. श्रीसांवलियाजी मंदिर के भंडार से निकले 38.23 करोड़ रुपए
चित्तौड़गढ़ के श्रीसांवलियाजी मंदिर में कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोले गए भंडार की गिनती मंगलवार को पूरी हो गई। नकद राशि, ऑनलाइन दान और मनीऑर्डर से मिले दान को मिलाकर कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए मिले हैं। 7. ग्रामीण सेवा शिविर में युवक ने खुद पर डाला पेट्रोल
दौसा जिले के खुरी कलां गांव में ग्रामीण सेवा शिविर में युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया। रास्ते के विवाद का समाधान नहीं होने से युवक परेशान है। पूरी खबर पढ़ें 8. सरकारी स्कूल के टीचर को महिलाओं ने चप्पल से पीटा
उदयपुर जिले के एक सरकारी स्कूल के टीचर को महिलाओं ने चप्पल से पीटा। आरोप है कि बच्ची टीचर के पास कॉपी चेक कराने गई थी। इस दौरान टीचर ने बच्ची से छेड़छाड़ की। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. 7 महीने के बेटे की मां बनीं मिसेज इंडिया
अजमेर की आकांक्षा चौधरी ने 18 जुलाई को मिसेज इंडिया 2026 का खिताब जीता। वह सात महीने के बेटे अर्शिव की मां हैं। आकांक्षा ने कहा- यह ताज सिर्फ उनकी जीत नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं की जीत है जो शादी और मां बनने के बाद अपने सपनों को अधूरा मान लेती हैं। पूरी खबर पढ़ें कल क्या है खास 10. जवाहर कला केंद्र में सॉल्ट पेपर सीजर नाटक का मंचन
जयपुर के जवाहर कला केंद्र में कल सॉल्ट पेपर सीजर नाटक का मंचन किया जाएगा। इसमें कच्ची बस्तियों से आने वाले बच्चे परफॉर्म करेंगे।

सांवलियाजी के भंडार से निकले 38.23 करोड़ रुपए:7 दिन तक चली गिनती, भक्तों ने 4 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना- चांदी दान की

चित्तौड़गढ़ के मंडफिया स्थित श्रीसांवलिया जी मंदिर में कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोले गए भंडार की गिनती मंगलवार को पूरी हो गई। सातवें और आखिरी राउंड में सिर्फ सिक्कों की गिनती हुई, जिसमें 8 लाख 33 हजार 905 रुपए के सिक्के निकले। नकद राशि, ऑनलाइन दान और मनीऑर्डर को मिलाकर इस बार मंदिर में कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए चढ़ावा आया है। भक्तों ने करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना और चांदी भी चढ़ाई है। मंदिर प्रशासन ने 13 जुलाई को भंडार खोला था। 7 दिन तक चढ़ावे की गिनती चली। 14 जुलाई को अमावस्या और 19 को रविवार होने के कारण गिनती नहीं हुई। भंडार, दानपेटियों से कुल 29 करोड़ 77 लाख 17 हजार 869 रुपए नकद निकले। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और मनीऑर्डर के 8 करोड़ 45 लाख 95 हजार 993 रुपए चढ़ावा आया। कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए दानराशि मिली। भक्तों ने 4 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना- चांदी दान की नकद राशि के अलावा श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सोना और चांदी भी अर्पित की है। भंडार, दानपेटियों और मंदिर कार्यालय से कुल 1 किलो 148 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना और 103 किलो 497 ग्राम चांदी निकली। यानी 1 करोड़ 60 लाख रुपए का सोना और 2 करोड़ 70 लाख रुपए की चांदी भक्तों ने दान की है। …………………………. ये खबर भी पढ़ें… सांवलियाजी को 34 साल में पहली बार 337-करोड़ का चढ़ावा:200 का स्टाफ, मशीनों से काउंटिंग, ऐसी आस्था…अमाउंट स्टाम्प पर लिख कर लाते हैं भक्त चित्तौड़गढ़ के मंडफिया स्थित श्रीसांवलिया जी मंदिर में इस साल (2025-26) करीब 337 करोड़ का चढ़ावा आया है। ये 34 साल में सबसे ज्यादा है। बीते लगभग चार दशक में ऐसा कोई साल नहीं है जब मंदिर में चढ़ावे में कमी आई है। पूरी खबर पढ़ें

झालावाड़ में तेज बारिश, कालीसिंध बांध का एक गेट खोला:सरकारी दफ्तरों और हॉस्पिटल में भरा पानी, मरीज और परिजन होते रहे परेशान

झालावाड़ में मंगलवार को मानसून की तेज बारिश ने सरकारी कार्यालयों और अस्पताल में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। शहर में सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मिनी सचिवालय और जनाना अस्पताल के कुछ हिस्सों में पानी घुस गया। वहीं, जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद कालीसिंध का एक गेट खोला गया। जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय के समाज कल्याण कार्यालय में दीवार के सहारे ऊपर से रिसकर आ रहे तेज बारिश के पानी से सभी कमरे भर गए। जानकारी के अनुसार, पानी पूरे परिसर में फैल गया और अधिकारियों तथा कर्मचारियों के कमरों तक भी पहुंच गया। गंदा पानी भरने से लोग हुए परेशान
इसी तरह जिले के सरकारी जनाना अस्पताल के गायनिक (स्त्री एवं प्रसूति रोग) ओपीडी कक्ष में भी बारिश का पानी भर गया। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ा। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। मरीजों ने अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह पर इस तरह की अव्यवस्था पर चिंता व्यक्त की और प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। कालीसिंध बांध का एक गेट खोला
झालावाड़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद मंगलवार को कालीसिंध का एक गेट खोला गया। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शाम 4:10 बजे गेट नंबर 17 खोला गया है। इससे 850 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मानसून की बारिश के दौरान यह पहला अवसर है, जब किसी बांध का गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।

पत्नी की हत्या कर शव के हाथ बांधे,पैर तोड़ डाले:बक्से में छुपाया; 4 दिन तक बेटे को गुमराह करता रहा पिता

झुंझुनूं में पैसे के विवाद में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मर्डर के बाद शव के हाथ बांध दिए और पैर तोड़कर बक्से में डाल दिया। चार दिन तक बेटे को गुमराह करता रहा। मामला सूरजगढ़ इलाके के अगवाना खुर्द गांव का है। थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया- कृष्ण कुमार जाट (40) का पत्नी सिलोचना (34) से शनिवार को शराब के लिए रुपए मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए महिला के शव के दोनों हाथ बांध दिए और पैर तोड़कर बक्से में डाल दिया। बेटे को तीन दिन तक बहानों से टालता रहा आरोपी घटना के समय दंपती का बेटा (16) घर पर मौजूद नहीं था। जब वह आया तो पिता ने बताया कि मां कहीं गई हुई है। इसके बाद बेटा लगातार तीन दिन तक मां के बारे में पूछता रहा, लेकिन आरोपी हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालता रहा। गांव के एक व्यक्ति को बात बताई तो पूरा मामला खुला वारदात के चौथे दिन मंगलवार सुबह जब बक्से से ज्यादा बदबू आने लगी, तो आरोपी ने खुद गांव के एक व्यक्ति को पूरी घटना बताई। इसी व्यक्ति ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके तुरंत बाद थानाधिकारी रामसिंह यादव मौके पर पहुंचे और बक्से को खुलवाकर शव बरामद किया। बक्से में बंधे मिले महिला के दोनों हाथ बक्से को खोलने पर पता चला कि महिला की नृशंस तरीके से हत्या की गई थी। महिला के हाथ बंधे हुए थे और उसके पैर तोड़कर बक्से में ठूंसे गए थे। शव चार दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था, जिससे बदबू आ रही थी। 2009 में हुई थी दोनों की शादी सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया है, लेकिन हत्या किस तरीके से और किस हथियार से की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। दोनों की शादी साल 2009 में हुई थी।

प्रसूताओं की मौत रोकने के लिए सरकार का बड़ा फैसला:हर गर्भवती की डिलीवरी से पहले होगी लिस्टिंग; कार्ड में होगी मेडिकल हिस्ट्री

प्रदेश में हो रही प्रसूताओं की मौत को लेकर राज्य सरकार ने अब एक्शन प्लान तैयार किया है। अब हर जिले में गर्भवतियों की डिलीवरी से पहले लिस्टिंग होगी। उनका हेल्थ कार्ड बनेगा, जिसमें ये जानकारी होगी कि उनका इलाज कहां, कौनसे अस्पताल में होगा। कितना खून चढ़ाना होगा। बता दें कि कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा और जोधपुर में प्रसूताओं की मौत के बाद प्रशासन की ओर से बैठकें हो रही हैं। हाल ही हुई मीटिंग में सभी अस्पतालों को गर्भवती की लिस्टिंग करने के लिए कहा गया है। सभी मेडिकल कॉलेज से जुड़े हॉस्पिटल से मीटिंग कर रिव्यू किया जा रहा है। जोधपुर में डिलीवरी के 26 दिन बाद खून की कमी और किडनी डैमेज होने से प्रसूता की मौत हो गई थी। प्रसूता में हिमोग्लोबीन का स्तर सिर्फ ढाई ग्राम था। डॉक्टर के अनुसार- एनीमिया से ग्रसित कई प्रसूताओं में हिमोग्लोबीन का स्तर सिर्फ 6 से 7 ग्राम मिलता है। डिलीवरी के बाद मरने वाली 40 प्रतिशत प्रसूताओं में एनीमिया होता है। प्रसूताओं की लिस्टिंग में यह होगी जानकारियां जोधपुर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने बताया- नई व्यवस्था के तहत जुलाई में होने वाली डिलीवरी की लिस्टिंग की गई है। वहीं अब आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। इसमें गर्भवती की पूरी डिटेल होगी कि उसके साथ कौन रहेगा। कौनसे हॉस्पिटल में उनकी डिलीवरी होगी। किन-किन महिलाओं को ब्लड चढ़ाना पड़ेगा। किन म​हिलाओं को आयरन चढ़ाने की जरूरत होगी। उम्मेद हॉस्पिटल में प्रसूता का ऑपरेशन हुआ, खून नहीं रुका डॉ. बीएस जोधा ने बताया- प्रसूता समू की 24 जून को तिंवरी हॉस्पिटल में नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद खून नहीं रुका तो उसे उम्मेद हॉस्पिटल रेफर किया गया था। डॉ. जोधा ने बताया- प्रसूता समू को बहुत ज्यादा खून बह रहा था। ऐसे में उसकी जान बचाने के लिए बच्चेदानी निकालनी पड़ी थी। उसका लीवर काम करना बंद कर दिया था और यूरिन भी नहीं बन रहा था। ऐसे में उसे 27 जून को महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया था। वह 25 दिन तक वेंटिलेटर पर रही। लगातार डायलिसिस चल रहा था। वह ऐसी स्टेज पर थी, जहां उस पर सारी दवाइयों ने काम करना बंद कर दिया था। 14 जुलाई से दोबारा उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और 19 जुलाई को देर रात उसकी मौत हो गई थी। वहीं डिंपल की 30 जून की रात डिलीवरी हुई थी और उसने लड़के को जन्म दिया था। डिंपल के सातवें-आठवें दिन स्टिच (टांकों) में पानी आने लगा था। इसके बाद दोबारा दो स्टिच लगाए गए थे। इसके बाद उसकी हालत में सुधार था। मरीज के परिजनों ने बताया- 19 जुलाई को उसे सांस में लेने में समस्या आने लगी। जब हम एमडीएम पहुंचे तो वह मृत अवस्था में थी। उन्होंने बताया- ऐसी आशंका है मरीज के कम चलने-फिरने और पानी कम पीने की वजह से ऐसा होता है। खून का थक्का जमने की वजह से उसका असर हार्ट या ब्रेन में आ जाता है, इसलिए हमने उसका पोस्टमॉर्टम भी करवाया है। अभी दो मरीज वेंटीलेटर पर, दो उम्मेद अस्पताल में डॉ. बीएस जोधा ने बताया- अभी दो मरीज महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट हैं। वे डायलिसिस पर हैं, जबकि दो प्रसूता उम्मेद हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर हैं। अभी उनकी हालत में सुधार है। उम्मेद अस्पताल में एक मरीज वेंटिलेटर पर है, उसे ​रविवार को दौरे आने पर रेफर किया गया था। इसी दौरान उसकी सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। 40 प्रतिशत महिलाओं में खून की कमी डॉ. बीएस जोधा ने बताया- प्रसूताओं में मौत के जो कारण सामने आए हैं, इनमें 40 प्रतिशत महिलाओं में खून की कमी पाई गई है। एंटीनेटल चेकअप में काफी गैप आ रहा है। एक बार डॉक्टर्स को दिखाने के बाद वे दोबारा चेकअप नहीं करवा रहे हैं। प्रसूताओं को लगता है कि उनमें आयरन-ब्लड की कमी नहीं है। वे अपना हीमोग्लोबिन-ब्लड प्रेशर चेक नहीं कराती हैं। इससे उनका खून का स्तर बहुत कम हो जाता है। ………..
ये खबर भी पढ़िए- राजस्थान- एक बीमारी के कारण हो रही प्रसूताओं की मौत:डॉक्टर बोले- अचानक हो जाती है खून की कमी; जानिए क्यों हो रही ये समस्या राजस्थान में सिजेरियन और नॉर्मल डिलीवरी के बाद कई प्रसूताओं की तबीयत खराब होने और मौत होने के मामले सामने लगातार सामने आ रहे है। वहीं कुछ महिलाओं में डिलीवरी के बाद लगातार खून में कमी हो रही है और उसका असर उनकी किडनी पर पड़ रहा है। (पूरी खबर पढ़ें) जोधपुर में 24 घंटे में दो प्रसूताओं की मौत:एक महिला की डिलीवरी के बाद खून नहीं रुका तो बच्चेदानी निकाली; दूसरी 20 दिन से थी एडमिट कोटा, बीकानेर, बांसवाड़ा के बाद अब जोधपुर में भी प्रसूताओं की मौत हुई। जोधपुर में दो प्रसूताओं की मौत हो गई थी। (पूरी खबर पढ़ें) उम्मेद हॉस्पिटल में भर्ती दो प्रसूताओं की स्थिति में सुधार:सिजेरियन डिलीवरी के बाद 5 प्रसूताओं की बिगड़ गई थी तबीयत; एक मरीज वेंटिलेटर पर जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 5 प्रसूताओं की ​तबीयत बिगड़ी है। इन सभी का इलाज उम्मेद हॉस्पिटल में चल रहा है। (पढ़िए पूरी खबर)

ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का संभागीय आयुक्त ने किया निरीक्षण:निर्माण कार्य में तेजी लाने और समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को बूंदी के शंभूपुरा में निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने कार्यस्थल का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में आ रही किसी भी बाधा को तुरंत दूर किया जाए ताकि काम की गति प्रभावित नहीं हो।
अग्रवाल ने अंतर-विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने केडीए, जेवीवीएनएल, आरवीपीएल और पीएचईडी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने वन विभाग से संबंधित क्लीयरेंस प्रक्रिया में तेजी लाने और इसे समय-सीमा के भीतर प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी और केडीए सचिव मुकेश चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कोटवास में 3 घरों में चोरी, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन:एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

सूरौठ थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवास में तीन घरों में हुई चोरी की वारदात के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवारों के सदस्यों ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें घटना का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि यह घटना 15 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे हुई थी। ग्राम कोटवास में राजो पत्नी राजेश, लक्ष्मी पत्नी दिनेश और सुनीता पत्नी हिम्मत सिंह के घरों को निशाना बनाया गया। चोर घरों से जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में सूरौठ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है, जिसकी जांच जगर चौकी के एएसआई हरिराम गुर्जर कर रहे हैं। पीड़ित परिवारों का कहना है कि वे मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं और चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो चोरी का सामान बरामद हुआ है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले का जल्द खुलासा कर चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के साथ एफआईआर की प्रति भी लगी हुई थी।

बारिश में भी NTA के खिलाफ स्टूडेंट्स का धरना जारी:तिरपाल का टेंट बनाया, छाते लेकर लगाए नारे; इस्तीफे की मांग दोहराई

झुंझुनूं में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और पेपर लीक के मामलों के विरोध में Gen Z के 11वीं और 12वीं के स्कूली स्टूडेंट्स का धरना मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर मूसलाधार बारिश के बावजूद स्टूडेंट्स डटे रहे। उन्होंने तिरपाल और प्लास्टिक से अस्थायी टेंट बनाया, छाते लेकर प्रदर्शन जारी रखा और NTA को निरस्त करने व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। फोटोज में देखें… ​बारिश भी नहीं रोक सकी छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार को शहर में अचानक तेज मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। आमतौर पर ऐसी स्थिति में प्रदर्शन स्थल खाली हो जाते हैं, लेकिन यहां स्टूडेंट्स अपनी जगह से नहीं हटे। बारिश शुरू होते ही स्टूडेंट्स ने तिरपाल और प्लास्टिक की मदद से अस्थायी टेंट तैयार कर लिया। इसके बाद हाथों में छाते लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर सड़क पर ही प्रदर्शन जारी रखा। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ थीम से कर रहे प्रदर्शन इस आंदोलन की खास बात इसका अलग तरीका है। ‘चेंज मोड ऑन’ ग्रुप के नेतृत्व में चल रहा यह प्रदर्शन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ थीम पर आधारित है। स्टूडेंट्स के इस तरीके की जिलेभर में चर्चा हो रही है। बच्चों के प्रदर्शन को देखकर झुंझुनूं के कई अन्य छात्र संगठन भी धरना स्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया। स्टूडेंट्स का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रा बोली- संविधान ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार दिया है धरना स्थल पर बारिश के बीच बैठी 12वीं क्लास की छात्रा अनुप्रिया ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर स्कूली और कॉलेज के स्टूडेंट्स के साथ पुलिस ने जिस तरह कार्रवाई की, वह गलत और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का अधिकार देता है। वहां किसी तरह की अशांति नहीं थी, फिर भी स्टूडेंट्स के साथ बर्बरता की गई। उन्होंने कहा कि वे इसके खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे। लोकतंत्र बचाने के लिए सड़क पर उतरने की बात धरने में शामिल एक अन्य छात्र ने कहा कि वे केवल अपने लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क पर उतरे हैं, ताकि देश का हर नागरिक बिना किसी डर के अपना हक मांग सके। कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट्स लगातार नारेबाजी करते रहे। धरना स्थल पर “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “NTA को निरस्त करो” और “छात्र एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए गए।

दुबई से 160 करोड़ की साइबर ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार:नेपाल-भूटान के रास्ते डूंगरपुर लौटा था, मामले में 5 आरोपी पहले ही पकड़े

डूंगरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुबई से संचालित होने वाले 160 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह भोले-भाले ग्रामीणों और विद्यार्थियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल साइबर अपराधों में करता था। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि साइबर ठगी के इस मामले में फरार चल रहे मुख्य सरगना घनश्याम कलाल, निवासी सीमलवाड़ा को उदयपुर के बलीचा क्षेत्र से पकड़ा गया। साइबर थाना डीएसपी हंसाराम चौधरी के अनुसार आरोपी दुबई से नेपाल और भूटान के रास्ते भारत लौटा था। पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद तकनीकी और पारंपरिक पुलिसिंग के माध्यम से उसे दबोच लिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, पैन कार्ड, बैंक खाता और लोन दिलाने का लालच देकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों के नाम पर 450 से अधिक बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम और इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी अपने कब्जे में लेकर, गिरोह देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए इनका उपयोग करता था। पुलिस के मुताबिक इन खातों के जरिए कुल 160 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। दुबई के साथ ही कुवैत ओर जॉर्जिया से चलता था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार ठगी का नेटवर्क दुबई, जॉर्जिया और कुवैत से संचालित होता था। टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए गिरोह के सदस्य आपस में संपर्क में रहते थे। ठगी की रकम बैंक खातों में आने के बाद उसे एटीएम और चेक के माध्यम से निकालकर कमीशन के आधार पर आपस में बांट लिया जाता था।

गिरोह के 5 आरोपी पहले गिरफ्तार
इस मामले में इससे पहले गिरोह के पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और विदेश में बैठे संचालकों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग जानकारी किसी भी तरह से न दे।