ब्रेकिंग न्यूज़
चार हजार श्रद्धालु नाचते-गाते पहुंचा गाजण माता:दर्शन कर मांगी खुशहाली, भजन संध्या में झूमे श्रोता

पाली से मंगलवार सुबह बजरंग बाग से गाजे-बाजे के पैदल संघ गाजण माता मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जिसे विधायक भीमराज भाटी ने रवाना किया। नाचते-गाते हुए श्रद्धालु रवाना हुए। रास्ते में कई मंदिरों में दर्शन किए। जगह-जगह लोगों ने आइस्क्रीम, कोल्ड ड्रिंक, नाश्ते से संघ में शामिल लोगों का स्वागत किया। सुबह करीब साढ़े छह बजे रवाना हुआ संघ साढ़े दस बजे जागण माता मंदिर पहुंचा। जहां श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर खुशहाली की कामना की।
भजन संध्या में झूमे श्रोता

गेस्ट हाउस में जुआ खेलते सात गिरफ्तार:एक लाख कैश, स्विफ्ट डिजायर कार और 8 मोबाइल भी जब्त; मालिक फरार

उनियारा थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने मंगलवार को 7 लोगों को जुआ खेलते हुए एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने 1 लाख 12 हजार 700 रुपए, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक बाइक और 8 मोबाइल जब्त किए हैं। यह कार्रवाई एसपी रोशन मीणा के निर्देशानुसार, एएसपी रतनलाल भार्गव और उनियारा डीएसपी अशोक कुमार के निर्देशन में उनियारा के सवाई माधोपुर रोड स्थित लग्जरी गेस्ट हाउस में की गई। डीएसटी और उनियारा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गेस्ट हाउस में ताश के पत्तों से रुपए का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि, इस दौरान भनक लगते ही गेस्ट हाउस संचालक दीपक उर्फ सत्यनारायण साहू निवासी वार्ड नंबर-6, उनियारा मौके से फरार हो गया। इन्हें किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी मनराज गुर्जर (30) निवासी महवा, थाना अलीगढ़, जिला टोंक, ओमप्रकाश मीणा (40) निवासी सहादतनगर, थाना अलीगढ़, राकेश प्रजापत (35) निवासी सोप, थाना सोप, जिला टोंक, चेतराम मीणा (34) निवासी बेलनगंज, थाना इंद्रगढ़, जिला बूंदी, फिरोज (30) निवासी सोप, जिला टोंक, राजेंद्र माली (40) निवासी अलीगढ़ और राधेश्याम माली (40) निवासी अलीगढ़, थाना अलीगढ़, जिला टोंक को गिरफ्तार किया है।

1.10 करोड़ की लागत से बने बीसीएमओ ऑफिस का उद्घाटन:प्रभारी मंत्री बोले- स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग होगी बेहतर

बायतू विधानसभा क्षेत्र के गिड़ा मुख्यालय पर नवनिर्मित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (बीसीएमओ) कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने फीता काटकर और पट्टिका का अनावरण कर भवन का उद्घाटन किया। प्रभारी मंत्री ने बताया कि गिड़ा में बीसीएमओ कार्यालय की स्वीकृति वर्ष 2023 में मिली थी। नया भवन बनने से पहले बीसीएमओ कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से किया जा रहा था। 1.10 करोड़ की लागत से बना भवन गिड़ा में करीब 1.10 करोड़ रुपये की लागत से बीसीएमओ कार्यालय भवन का निर्माण कराया गया है। भवन शुरू होने से ब्लॉक स्तर पर चिकित्सा अधिकारियों और प्रशासनिक कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में भी सुधार होगा। 2 सीएचसी, 8 पीएचसी और 43 सब-सेंटर की होगी बेहतर निगरानी प्रभारी मंत्री ने कहा कि नया कार्यालय क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों की प्रभावी मॉनिटरिंग में मददगार साबित होगा। बीसीएमओ कार्यालय के अधीन 2 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), 8 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और 43 सब-सेंटर संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि नए भवन के संचालन से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की निगरानी बेहतर होगी और आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।

नागौर में युवक को तलवार मारी, हाथ काटने की कोशिश:सड़क पर खड़ा चिल्लाता रहा- सबको मारूंगा; पहले भी हमला कर चुका

नागौर में आपसी रंजिश में आरोपी ने युवक पर तलवार से हमला कर दिया। खुद को बचाने के चक्कर में युवक के हाथ पर तलवार लग गई। इससे हाथ पर गहरा घाव हो गया। हमलावर पड़ोसी सड़क पर ही तलवार लेकर खड़ा रहा। बोला- सबको मारूंगा। इसके बाद एक युवक उसे हाथ से पकड़ कर सड़क किनारे ले गया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल युवक को स्थानीय लोगों ने जवाहरलाल नेहरू (JLN) जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। मामला नागौर की दरगाह रोड का मंगलवार शाम 6:30 बजे कोतवाली थाना इलाके का है। रंजिश में तलवार मारी जानकारी के अनुसार, युसूफ (32) नाम के युवक पर उस्मान (30) ने तलवार से हमला किया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पहले भी जान का खतरा बता चुका था जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पीड़ित यूसुफ ने 23 मार्च को भी आरोपी उस्मान के खिलाफ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर जान का खतरा बताया था। उस समय पुलिस ने आरोपी को पाबंद किया था। फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। यदि पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई जाती है तो उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चेन स्नेचिंग कर भागे बदमाशों को 30km पीछा कर पकड़ा:पुलिस ने 400 CCTV फुटेज खंगाले, ज्वेलर को आधी कीमत के बेची थी लूटी हुई चेन

जयपुर की जवाहर नगर थाना पुलिस ने 30 किलोमीटर दूर तक 400 सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चेन स्नेचिंग कर भागे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपी सुनसान जगह पर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। फिर लूटी हुई चेन को अपने ज्वेलर दोस्त को बेच देते थे। पुलिस ने लूटी चेन को आधी कीमत में खरीदने वाले ज्वेलर दोस्त को भी पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी हुई चेन भी बरामद कर ली है। पुलिस पूछताछ में आरोपी चेन स्नेचर ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बुजुर्ग महिला को टारगेट करना बताया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मामले में फरार उसके दोस्त की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम चन्द्रप्रकाश उर्फ चंदू (27) निवासी जगतपुरा रामनगरिया और ज्वेलर विष्णु सोनी (30) निवासी केशव नगर जयसिंहपुरा खोर हाल शॉप चांदपोल बाजार है। गिरफ्तार आरोपी चन्द्रप्रकाश के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानो में 20 और ज्वेलर विष्णु सोनी के खिलाफ 8 आपराधिक मामले दर्ज है। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया- 19 जुलाई को अचल गुप्ता निवासी जवाहर नगर ने चेन स्नेचिंग की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। 400 CCTV फुटेजों से पहचाना SHO (जवाहर नगर) सरला यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वारदातस्थल पर लगे CCTV फुटेजों को खंगालाना शुरू किया। सीएसटी के कॉन्स्टेबल जुगल किशोर और ओमप्रकाश ने करीब 30 KM दूर तक 400 CCTV फुटेजों को खंगाल शातिर चेन स्नेचर चन्द्रप्रकाश उर्फ चंदू की पहचान की गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा पुलिस टीम ने चेन स्नेचर को चिन्हिृत कर दबिश देकर धर-दबोचा। पुलिस पूछताछ में चेन लूट की वारदात अपने दोस्त राजकुमार के साथ मिलकर करना बताया। प्लानिंग के तहत वह सुनसान जगह पर बुजुर्ग महिला को लूट के लिए टारगेट करते थे। लूटी चेन को ज्वेलर साथी विष्णु सोनी को आधे दाम में बेचना बताया। मिले रुपए से शराब-स्मैक पीकर मौज-शौक पूरा करना बताया। पुलिस ने लूट का माल खरीदने वाले ज्वेलर विष्णु सोनी को पकड़ चेन बरामद की।

बाड़मेर में रेप के आरोपी का केस नहीं-लड़ने की अपील:अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बोले- दरिंदे को सजा मिलनी चाहिए, पीड़ित परिवार का सहयोग करेंगे

बाड़मेर में 7 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना के बाद मंगलवार को बाड़मेर अधिवक्ता संघ ने मार्मिक अपील की है। संघ का कहना है कि आरोपी पक्ष की कोई वकील पैरवी न करे। संघ के अध्यक्ष विष्णुराम चौधरी ने कहा कि ऐसा जघन्य अपराध करने वाले आरोपी को कठोर से कठोर सजा होनी चाहिए। संघ पीड़ित परिवार के साथ है। अगर उनको बार एसोसिएशन की जरूरत पड़ी, तो 24 घंटे हम लोग तैयार हैं। पुलिस के अनुसार रविवार को 7 साल की नाबालिग घर के पास खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक (30) बच्ची को बहला-फुसलाकर झाड़ियों में ले गया और उसके साथ रेप किया। इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। दर्द से कराहते हुए मासूम घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजन मासूम को लेकर हॉस्पिटल पहुंचे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से रिपोर्ट ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। संघ के अध्यक्ष बोले- नाबालिग के परिवार का पूरा सहयोग करेंगे
बाड़मेर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विष्णुराम चौधरी ने बताया कि 7 साल की बच्ची के साथ रेप का मामला दर्ज हुआ था। बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने पूरे संघ से मार्मिक अपील की है कि इस रेप के आरोपी की किसी प्रकार की कोई पैरवी न करें। नाबालिग के परिवार का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आरोपी को सजा दिलाने के लिए पूरी बार एसोसिएशन मदद करने के लिए तैयार है। परिवार को न्याय के लिए कानूनी जानकारी की जरूरत होगी तो हम लोग अपनी तरफ से निशुल्क सेवा देने के लिए तैयार हैं। ऐसे आरोपियों के लिए न्याय व्यवस्था में कठोर से कठोर आजीवन कारावास की सजा है। जज पर निर्भर करता है, क्योंकि वे उसे जघन्य अपराध में फांसी की सजा भी दे सकते हैं। बता दें कि मामले में सोमवार को एबीवीपी ने भी कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ जल्द चार्जशीट पेश की जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए और आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए। ———— इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बाड़मेर में 7 साल की बच्ची के साथ रेप:पड़ोसी ने झाड़ियों में ले जाकर की दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार

बीए के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप:छात्रों ने कॉलेज पर लगाया ताला, बिना शुल्क लिए री-चेकिंग की मांग

सलूंबर के हाड़ा रानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए तृतीय और पांचवें सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ABVP के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य गेट और प्रशासनिक भवन पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। 80 फीसदी स्टूडेंट्स को विभिन्न विषयों में फेल किया छात्रों का आरोप है कि हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणामों में करीब 80 फीसदी नियमित विद्यार्थियों को ‘बैक’ दे दी गई है। सबसे ज्यादा गड़बड़ी ‘इंग्लिश कम्युनिकेशन’ विषय के रिजल्ट में सामने आई है, जिसमें अधिकांश छात्रों को फेल किया गया है। इस परिणाम से पूरे जनजातीय क्षेत्र के छात्रों में भारी नाराजगी है। एबीवीपी के छात्र नेताओं प्रद्युम्न सिंह, गौरव भोई और निखिल भट्ट ने आरोप लगाया-यह जनजातीय क्षेत्र के गरीब और होनहार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जानबूझकर इतनी बड़ी संख्या में छात्रों को फेल किया गया है, ताकि री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) के नाम पर उनसे दोबारा मोटी फीस वसूली जा सके। अगर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के कॉपियों की दोबारा निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो यह आंदोलन सड़क से लेकर यूनिवर्सिटी मुख्यालय तक पहुंचेगा। तहसीलदार ने छात्रों से बात की हंगामे की खबर मिलते ही सलूंबर तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने एडीएम (ADM) को पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार से फोन पर बात की गई और छात्रों की मांगों को उनके सामने रखा गया। इसके बाद एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक (COE) के नाम एक ज्ञापन सौंपा। छात्रों की प्रमुख मांगें कॉलेज प्राचार्य मुकेश चौहान ने मामले पर कहा-अगर किसी एक विषय में 70 से 80 फीसदी छात्र फेल हो रहे हैं, जबकि बाकी विषयों में उनके नंबर बहुत अच्छे हैं, तो यह वाकई गंभीर मामला है। इस क्षेत्र के ज्यादातर छात्र आर्थिक रूप से कमजोर हैं, वे बार-बार री-इवैल्यूएशन की फीस नहीं दे सकते। यूनिवर्सिटी को किसी दूसरे प्रोफेसर से कॉपियों की जांच करानी चाहिए और इस गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुशल शर्मा, दीक्षित सुतार, हितेश शर्मा, गजेंद्र सिंह, जया दमामी, वर्षा शर्मा, भावेश जोशी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

दंपती और बेटे का एक चिता पर अंतिम संस्कार:जहर खाने से एक ही परिवार के 3 लोगों की हुई थी मौत, एक बेटे का चल रहा इलाज

करौली के सपोटरा उपखंड की ग्राम पंचायत बालौती में एक ही परिवार के तीन सदस्यों का मंगलवार को एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। जहरीला पदार्थ खाने से पति, पत्नी और उनके एक बेटे की मौत हो गई थी। परिवार के एक अन्य बेटे जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। सपोटरा थानाधिकारी अबजीत कुमार ने बताया कि बालौती निवासी रामदयाल बैरवा, उनकी पत्नी राजबाई और दोनों पुत्र विजय व लक्ष्मी नारायण ने सोमवार को जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। उपचार के दौरान रामदयाल की जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। राजबाई और लक्ष्मी नारायण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार को रामदयाल का शव जयपुर के एसएमएस अस्पताल से और राजबाई और लक्ष्मी नारायण के शव सपोटरा अस्पताल से गांव लाए गए। घटना में घायल विजय का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। गरीबी और बीमारी से परेशान होकर उठाया कदम ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार यह परिवार लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। दोनों पुत्र हाइड्रोसील की बीमारी से पीड़ित थे, जिसके उपचार पर काफी खर्च हो चुका था। परिजनों ने बताया कि बीमारी और आर्थिक बोझ के कारण परिवार गहरे तनाव में था। मृतक रामदयाल के बड़े भाई हरिराम ने जानकारी दी कि पिछले कई महीनों से परिवार के सदस्य निराश थे और पहले भी आत्महत्या का प्रयास करने जैसी घटनाएं सामने आई थीं। अंतिम संस्कार में तहसीलदार दिलीप कुमार अग्रवाल, जिला प्रमुख प्रतिनिधि रक्षीलाल बैरवा, विधायक प्रतिनिधि रामसिंह, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रतापगढ़ में सोनम वांगचुक के समर्थन में पैदल मार्च:बीपीवीएम ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रतापगढ़ में लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में मंगलवार को भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर पैदल मार्च निकाला। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर मार्च निकाला और लोकतांत्रिक मूल्यों तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग उठाई। जंतर-मंतर की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग ज्ञापन में कहा गया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक और अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करती है। संगठन का कहना है कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार देता है। बीपीवीएम ने राष्ट्रपति से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना से जुड़े तथ्यों को सामने लाने की मांग की। भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने की अपील संगठन ने मांग की कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान तथा नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। ज्ञापन में संगठन ने विश्वास जताया कि संविधान की भावना के अनुरूप मामले में न्यायसंगत निर्णय लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह ज्ञापन भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) की ओर से राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को सौंपा गया।

घर में घुसे युवक से मारपीट, मूंछ-बाल और भौहें काटी:आधी रात परिजनों को बुलाकर सौंपा; पुलिस बोली- रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई करेंगे

बाड़मेर में युवक के सिर के बाल, मूंछ काटने और मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवक को बदमाशों ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। हालांकि पुलिस के पास अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार- एक युवक बाइक लेकर सोमवार की रात जिले के एक गांव में किसी के घर में घुसा था। इस दौरान परिजनों और वहां के करीब 15 से ज्यादा लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। कैंची से युवक के सिर के बाल काट दिए। मूंछें और भौंहें भी काट दीं। इसके बाद पीड़ित युवक के परिजनों को फोन कर मौके पर बुलाया, जो युवक को छुड़वाकर घर लेकर गए। मामले में संबंधित थानाधिकारी का कहना है कि रात को हमें सूचना मिली थी, लेकिन जब हम वहां गए तो हमें कुछ नहीं मिला। पूरे मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक कोई रिपोर्ट हमारे पास नहीं आई है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के चार वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें कुछ लोग युवक के बाल और भौहें कैंची से काटते हुए दिखाई दे रहे हैं।