ब्रेकिंग न्यूज़
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में भजनों पर झूमे भक्त:15 फीट ऊंचे रथ पर बहन सुभद्रा-भाई बलदाऊ के साथ विराजे; श्रद्धालुओं ने रस्सों से खींचा रथ

सीकर में मंगलवार को भगवान जगन्नाथ की 11वीं रथयात्रा निकली। भगवान कृष्ण (चकानैन), बहन सुभद्रा और भाई बलदाऊ के साथ 15 फीट ऊंचे रथ पर विराजे। आरती के बाद रामलीला मैदान से सवा 5 बजे के बाद रथयात्रा रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने रस्सों से खींचकर रथ को आगे बढ़ाया। रस्से खींचने के लिए लोगों में होड़ दिखाई दी। विभिन्न टोलियों में इस्कॉन मंदिर के अनुयायी और अन्य श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते हुए शामिल हुए। देखें रथयात्रा के PHOTOS… आरती की, रथयात्रा पर की फूला की बारिश श्रीकल्याण धाम के सामने रथयात्रा पहुंचने पर महंत विष्णुप्रसाद शर्मा ने आरती की। रथयात्रा में शामिल लोगों के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई। शहरवासियों ने फूलों की बारिश कर रथयात्रा का स्वागत किया। घंटाघर, तापड़िया बगीची और बजाज रोड होते हुए रथयात्रा गणेश मंदिर पहुंची, फिर सुभाष चौक में संपन्न हुई। रथयात्रा के दौरान कोतवाल सुनील जांगिड़ के साथ पुलिस और RAC का जाब्ता मौजूद रहा। रथयात्रा में सबसे आगे डीजे और रथ पर वेदांती प्रभु की झांकी निकली। महिलाओं ने ग्रुप्स में भजनों की प्रस्तुति दी। एकरूप साड़ी में महिलाएं, ऊंट-घोड़ी की सवारी, महाडीजे और इस्कॉन अनुयायी आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में पुष्प वर्षा, सुगंधित फव्वारे, आतिशबाजी और महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। गौरतलब है कि सीकर में 10 साल पहले भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की शुरूआत हुई थी।

कांग्रेस ने पीएम मोदी का पुतला जलाया:नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा, युवाओं पर हुए लाठीचार्ज का विरोध

डूंगरपुर में कांग्रेस पार्टी ने नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और विधायक गणेश घोगरा के नेतृत्व में हुआ। कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर एकत्रित हुए और नीट पेपर लीक और दिल्ली में युवाओं पर लाठीचार्ज की घटना के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक गणेश घोगरा ने इस अवसर पर कहा कि लाखों छात्रों ने डॉक्टर बनने के लिए दिन-रात मेहनत की, कोचिंग पर लाखों रुपए खर्च किए और उनके माता-पिता ने गहने व जमीनें तक गिरवी रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक होने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सपने टूट रहे हैं। घोगरा ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रख रहे युवाओं और छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की भी निंदा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दल भी छात्रों के समर्थन में लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से पारदर्शी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे और पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

कोटा में मां-बेटी ने पड़ोसियों पर पथराव किया:सीसीटीवी कैमरे तोड़े, लोगों पर मिर्च पाउडर फेंका; दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद

कोटा में मंगलवार रात पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। एक महिला और उसकी बेटी पर पड़ोसियों के घर पर पथराव करने, सीसीटीवी कैमरे तोड़ने, मारपीट करने और लोगों पर मिर्च पाउडर फेंकने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। पीड़िता ने बताया- पड़ोस में रहने वाली मां बेटी पिछले करीब छह महीने से विवाद कर रही हैं। विवाद की शुरुआत तब हुई जब उन्होंने लड़की को अपने घर के सामने एक युवक से बात करते देख टोक दिया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ है। डंडे से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए महिला का आरोप है कि मंगलवार रात उनके घर के बाहर मां बेटी पहुंची। पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद लोहे के डंडे से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। विरोध किया तो उनके सिर पर वार किया गया, जिससे उन्हें चोट आई और टांके लगाने पड़े। साथ ही, आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया गया। घर के अंदर रखा सामान भी फेंक दिया गया। गाली-गलौज और बदसलूकी की पीड़िता ने बताया कि बीच-बचाव करने पहुंचे कॉलोनी के लोगों के साथ भी गाली-गलौज और बदसलूकी की गई। उनका कहना है कि घटना की शिकायत थाने में दर्ज करवा दी गई है। वहीं, पड़ोसी ने बताया कि दोनों मां-बेटी आए दिन कॉलोनी में विवाद करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलोनी के कई लोग उनके व्यवहार से परेशान हैं। पहले भी पुलिस में शिकायतें की जा चुकी है। उन्होंने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका:बोले-युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ; पार्टी कार्यालय के बाहर हुआ प्रदर्शन

बांसवाड़ा में NEET पेपर लीक को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर शाम के समय केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश में पिछले लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होना पूरी तरह से शासन-प्रशासन और सरकार की नाकामी को दर्शाता है। इस विरोध प्रदर्शन की मुख्य वजह पेपर लीक का विरोध, केंद्र सरकार की नाकामी और उनका हिटलरशाही व्यवहार है। ​गरीब परिवार के संघर्षों का होता है सौदा ​कांग्रेस वक्ताओं ने अपनी बात रखते हुए कहा कि एक मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार का बच्चा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत करता है। उसकी तैयारी के लिए गरीब परिवार अपनी चल-अचल संपत्ति तक को गिरवी रख देता है या बेच देता है। ऐसे में परीक्षा का पेपर लीक होना उस नौजवान के सपनों पर सीधा कुठाराघात है। इस व्यवस्था से व्यथित होकर कई छात्रों ने आत्महत्या तक कर ली है। ऐसे में केंद्र सरकार को अपनी जवाबदेही तय करनी ही होगी, लेकिन इसके विपरीत केंद्र सरकार द्वारा युवाओं की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है। ​छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा ​पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि देशभर में युवा छात्र-छात्राएं, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर पुलिस द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया गया है, जो बेहद निंदनीय है। ​प्रदर्शन के दौरान ये रहे मौजूद ​पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान ने बताया कि इस उग्र प्रदर्शन और पुतला दहन के दौरान अमजद हुसैन, देवबाला राठौर, नवाब फौजदार, रूपेश जैन, जाहिद अहमद सिंधी, बुरहान रतलामी, सुभाष निनामा, रितेश नानी, अरविंद डामोर, मिलन चाहिल, संजय जैन, चंदा डामोर, अनीता सिसोदिया, शाहरुख खान, धनेश्वर यादव, पार्थ त्रिवेदी, आसिफ मुस्तफा, अजय मईडा, भारत दोषी, इकबाल लोखंडवाला, सुनील मीणा, दिलीप पटेल, मास्टर रामलाल डिंडोर, भरत यादव और तुफैल अहमद सिंधी सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खैरथल-तिजारा में मिलावटी दूध रोकने के लिए अभियान:दूध, दही, पनीर के 5 सैंपल लिए, सफाई मिलने पर नोटिस

खैरथल-तिजारा जिले में दूध में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भिवाड़ी और मुंडावर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान दूध, दही और पनीर के कुल पांच नमूने संग्रहित किए गए। सफाई नहीं मिलने पर नोटिस मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया-शिकायत के आधार पर भिवाड़ी स्थित मनसा चौक के श्री श्याम रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट से दही और पनीर के नमूने लिए गए। परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाए जाने पर संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुंडावर तहसील के ग्राम बल्लूवास में स्थित सखी मिल्क प्रोड्यूसर प्राइवेट लिमिटेड डेयरी, श्री श्याम डेयरी और दिया डेयरी पर कार्रवाई की। यहां से मिश्रित दूध के तीन नमूने लिए गए। सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। चार दिनों तक चलेगा अभियान डॉ. गेट ने बताया कि जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगामी चार दिनों तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एनडीपीएस के दो फरार आरोपी गिरफ्तार:पहले पकड़े गए आरोपियों ने दोनों के शामिल होने की बात कबूली थी

करौली में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर दोनों को राजपुर मोड़ से पकड़ा गया और कोर्ट में पेश किया गया। सदर थानाधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णुचंद सैनी पुत्र सुगन्या और जितेंद्र पुत्र धर्मी उर्फ धर्मसिंह दोनों निवासी गूलर घटा, करौली के रूप में हुई है। ये दोनों अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में वांछित थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने राजपुर मोड़ पर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में संबंधित मामलों में उनकी संलिप्तता पाए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि अप्रैल में स्मैक के साथ गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने पूछताछ में विष्णुचंद सैनी से अवैध मादक पदार्थ खरीदने की बात कबूली थी। तभी से पुलिस विष्णुचंद की तलाश कर रही थी। इसी तरह जून में स्मैक तस्करी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी ने बताया था कि तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी का मालिक जितेंद्र था। घटना के बाद से जितेंद्र फरार था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। इस पूरी कार्रवाई को सदर थाना प्रभारी यदुवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गैटोर-जगतपुरा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट पकड़े 437 यात्री:टिकट चेकिंग अभियान में 55 अधिकारियों-जवानों ने 2.49 लाख रुपए का वसूला जुर्माना

जयपुर में गैटोर-जगतपुरा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्री कर रहे लोगों पर कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना वसूला गया। उत्तर-पश्चिम रेलवे ने मंगलवार को यह कार्रवाई की। इस दौरान 13 ट्रेनों की जांच में बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन करने वाले 437 लोगों पर 55 अधिकारियों ने कार्रवाई की। इनसे 2 लाख 49 हजार 690 रुपए का जुर्माना वसूला गया। जयपुर सीनियर डीसीएम भूपेश यादव ने बताया- अभियान में 434 यात्री बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते मिले। उनसे 2 लाख 43 हजार 690 रुपए का जुर्माना वसूला गया। वहीं रेलवे परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान करते मिले 3 लोगों पर 6 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। 55 अधिकारियों और जवानों ने संभाला मोर्चा अभियान मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. जगदीश कुमार की निगरानी में चलाया गया। इसमें 38 टिकट चेकिंग स्टाफ और 17 आरपीएफ जवान शामिल रहे। रेलवे ने कहा- लगातार हो रही सख्ती का असर दिखने लगा है। खासकर जयपुर-दौसा रेलखंड के स्टेशनों पर टिकट बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि हमेशा वैध टिकट लेकर यात्रा करें, क्योंकि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

250 साल प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर में वार्षिकोत्सव-ध्वजारोहण:भजन संध्या में गाए माता की स्तुति में भजन, मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई

पाली के झालरवा स्थित 250 साल प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर के नवीनीकरण के बाद 20वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर ध्वजारोहण एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर दोनों महालक्ष्मी मंदिरों में रात्रि जागरण (रातिजगा) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रीमाली समाज अध्यक्ष एडवोकेट पी.एम. जोशी ने बताया कि पंडित संजय अवस्थी, विशाल जोशी, ओमदत्त दवे, कृष्णकांत मिश्रा, गंगाशंकर, राकेश जोशी, निर्मल दवे, सुरेश दवे, हितेश व्यास, लोमेश व्यास, मुकेश त्रिवेदी, जितेश व्यास, विकास दवे सहित 15 विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां महालक्ष्मी, मां सरस्वती एवं मां काली का विधिवत पूजा अर्चना की गई। मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई ध्वजालाभार्थी अमित कांतीलाल दवे परिवार (पांती) ने किया। मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई गई। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में समाज के उपाध्यक्ष रविशंकर, सचिव योगेन्द्र ओझा, संचालक दिनेश दवे, कोषाध्यक्ष राकेश दवे, उपाध्यक्ष नरपत दवे एवं सांस्कृतिक मंत्री अभिषेक व्यास सहित समाज के पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर एडवोकेट कमलेश दवे, राजेन्द्र व्यास, कैलाश त्रिवेदी, हरिशंकर जोशी, प्रमोद दवे सहित कई जने मौजूद रहे। भजन संध्या भी आयोजित हुई महिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जोशी ने बताया कि पूर्व संध्या पर ब्रह्मपुरी एवं झालरवा स्थित महालक्ष्मी मंदिरों में आयोजित रात्रि जागरण में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। ब्रह्मपुरी मंदिर में जयश्री जोशी, ऊषा त्रिवेदी, संतोष व्यास, अरुणा दवे, दीपिका ओझा, माया जोशी एवं ललिता दवे सहित अनेक महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुति दी। झालरवा महालक्ष्मी मंदिर में निर्मल कांता दवे, अनिता त्रिवेदी एवं मोनिका जोशी के नेतृत्व में 150 से अधिक महिलाओं ने माता के भजन गाए।

'धुरंधर' फेम खान रॉयल जयपुर में करेंगी रैंप वॉक:राजस्थान फैशन फेस्टिवल में जुटेंगी बॉलीवुड हस्तियां, 7 अगस्त से 75 मॉडल्स बिखेरेंगे जलवा

‘धुरंधर’ फेम खान रॉयल जयपुर में करेंगी रैंप वॉक
राजस्थान फैशन फेस्टिवल में जुटेंगी बॉलीवुड हस्तियां, 7 अगस्त से 75 मॉडल्स बिखेरेंगे जलवा
जयपुर एक बार फिर फैशन और ग्लैमर का बड़ा मंच बनने जा रहा है। 7 अगस्त से शुरू होने वाले राजस्थान फैशन फेस्टिवल में ‘धुरंधर’ फेम खान रॉयल विशेष आकर्षण के रूप में रैंप वॉक करेंगी। इस मेगा इवेंट में बॉलीवुड की कई हस्तियां शामिल होंगी, जबकि 22 नामचीन डिजाइनर्स अपने कलेक्शन पेश करेंगे और 75 प्रोफेशनल मॉडल्स रैंप पर फैशन का जलवा बिखेरेंगी। राजस्थान फैशन फेस्टिवल जयपुर कॉट्योर शो सीजन-14 में इस बार बॉलीवुड की हस्तियां रैम्पवॉक करती नजर आएगी। हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ से चर्चा में आई अभिनेत्री आयशा खान इस फैशन वीक की प्रमुख शो-स्टॉपर होंगी और जयपुर के रैंप पर डिजाइनर कलेक्शन को ग्लैमरस अंदाज में पेश करेंगी। सोमवार को टोंक रोड स्थित मर्रीरी रेस्तरां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फैशन वीक का फर्स्ट लुक लॉन्च किया गया। इस मौके पर फैशन इंडस्ट्री से जुड़े कई डिजाइनर्स, मॉडल्स और आयोजक मौजूद रहे। 22 फैशन डिजाइनर्स अपने नवीनतम डिजाइनर कलेक्शन करेंगे पेश शो के संस्थापक एवं निदेशक गौरव गौड़ ने बताया कि 7 से 9 अगस्त तक मानसरोवर स्थित अनंत महल रिसॉर्ट में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय फैशन फेस्टिवल में देशभर के 22 प्रमुख फैशन डिजाइनर्स अपने नवीनतम डिजाइनर कलेक्शन प्रस्तुत करेंगे। इनके परिधानों को करीब 75 प्रोफेशनल मॉडल्स रैंप पर शोकेस करेंगी। एक खास कलेक्शन में ग्रामीण महिलाओं के बनाई ड्रेसेज को मॉडल्स पहनी हुई नजर आएगी। फर्स्ट लुक लॉन्च इवेंट में भी एक मॉडल ने उस कलेक्शन की एक झलक सामने रखी। पहले देखिए, फर्स्ट लुक लॉन्च की PHOTO’S बॉलीवुड अभिनेत्रियां शो-स्टॉपर के रूप में रैंप पर आएंगी नजर फैशन शो की सबसे बड़ी खासियत हर शाम आयोजित होने वाली बॉलीवुड नाइट होगी, जहां बॉलीवुड अभिनेत्रियां शो-स्टॉपर के रूप में रैंप पर नजर आएंगी। आयोजकों ने इस बार आठ बॉलीवुड अभिनेत्रियों को आमंत्रित किया है। इनमें सबसे पहले अभिनेत्री आयशा खान के नाम की घोषणा की गई है। आयशा अपने स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस के साथ डिजाइनर कलेक्शन को विशेष आकर्षण देंगी। नायरा शाह भी बिखेरेंगी जलवा फैशन वीक में अभिनेत्री नायरा शाह भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगी। वह मावली कॉट्योर के लिए शो-स्टॉपर बनकर रैंप वॉक करेंगी। वहीं सेलिब्रिटी और मॉडल्स का विशेष मेकओवर पनैश ब्यूटी बाय नीलम की टीम करेगी, जिससे उन्हें ग्लैमरस और आकर्षक लुक मिलेगा। फर्स्ट लुक लॉन्च के दौरान तीन प्रमुख डिजाइनर्स ने अपने आगामी कलेक्शन की झलक भी प्रस्तुत की। इनमें भरतपुर के मावली कॉट्योर की उषा सोलंकी और मोनिका सिंह, जयपुर की आरिम से दीपिका और क्लचइट से अंकिता शामिल रहे। अंकिता ने अपने विशेष डिजाइनर बैग्स के नए कलेक्शन की भी घोषणा की, जो फैशन वीक का खास आकर्षण रहेगा।

तलाई में मिला युवक का शव, मर्डर की आशंका:गले पर मिले चोट के निशान, एएसपी बोले- शिनाख्त के प्रयास कर रहे हैं

दौसा के भांडारेज मोड़ के पास मंगलवार शाम को सुनसान इलाके में एक तलाई में अज्ञात युवक का शव मिला है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। एएसपी शंकर लाल मीणा, डिप्टी एसपी धर्मेंद्र शर्मा और सदर थाना प्रभारी युधिष्ठिर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए साक्ष्य जुटाए। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एएसपी बोले- मर्डर एंगल से जांच कर रहे एएसपी शंकर लाल मीणा ने बताया- मृतक युवक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। इससे प्रथम दृष्टया मर्डर का मामला प्रतीत होता है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवा दिया गया है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।