ब्रेकिंग न्यूज़
गुड़ला पांचना लिफ्ट परियोजना का काम शुरू कराने की मांग:संघर्ष समिति ने अधिकारियों से की मुलाकात, वर्क ऑर्डर जारी करने की अपील

गुड़ला पांचना लिफ्ट परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर गुड़ला पांचना संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को करौली सर्किट हाउस पहुंचा। समिति ने वरिष्ठ अधिकारियों से परियोजना का वर्क ऑर्डर तत्काल जारी करने, स्वीकृत मसौदे की प्रति उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। साथ ही परियोजना की स्वीकृति, भूमि पूजन और शिलान्यास के लिए सरकार व प्रशासन का आभार भी जताया। वरिष्ठ अधिकारियों से की मुलाकात संघर्ष समिति अध्यक्ष अशोक सिंह धाबाई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी बीजू जॉर्ज जोसेफ, भरतपुर रेंज आईजी कैलाश चंद बिश्नोई, संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया, जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा और पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल से मुलाकात की। इस दौरान परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग दोहराई गई। वर्क ऑर्डर जारी करने का आग्रह समिति ने अधिकारियों से परियोजना का वर्क ऑर्डर तुरंत जारी करने, स्वीकृत मसौदे की प्रति उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि परियोजना का काम समय पर शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा और उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। सरकार और जनप्रतिनिधियों का जताया आभार
संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री, सिंचाई मंत्री सुरेश सिंह रावत, प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढम तथा संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। कई किसान और पदाधिकारी रहे मौजूद प्रतिनिधिमंडल में हाकिम बैंसला, वेदप्रकाश उर्फ बटरू गुर्जर सहित संघर्ष समिति के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। समिति ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराएगी, ताकि परियोजना का लाभ समय पर किसानों तक पहुंच सके।

प्रभारी सचिव ने सेवा शिविरों का लिया जायजा:हर पात्र व्यक्ति को मौके पर मिले योजनाओं का लाभ, अधिकारियों को निर्देश

बारां जिले के प्रभारी सचिव हरिमोहन मीणा ने गुरुवार को अंता में आयोजित शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान, मीणा ने आमजन से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और अधिकतम प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित हो। प्रभारी सचिव ने पट्टा वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, जन आधार, राजस्व प्रकरणों के निस्तारण, कृषि एवं पशुपालन विभाग की योजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने को कहा गया। मीणा ने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और तय समय-सीमा में उनका समाधान किया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी निर्देश दिया, ताकि कोई भी जरूरतमंद लाभ से वंचित न रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। इस दौरान उपखंड अधिकारी हवाई सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभारी सचिव को शिविर की व्यवस्थाओं और अब तक किए गए कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया।

सीटों के नीचे शराब छिपाकर गुजरात ले जा रहा था:गश्त में रुकवा कर चेक की तो 17 कार्टन मिले; गाड़ी जब्त, तस्कर गिरफ्तार

बांसवाड़ा में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ और ‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र’ के तहत आनंदपुरी थाना पुलिस ने मानगढ़ बॉर्डर के पास नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी मदिरा जब्त की है। मामले में गुजरात के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गश्त पर पकड़ में आई बोलेरो ​डीएसपी बागीदौरा श्याम सिंह के निकटतम पर्यवेक्षण में आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा मानगढ़ बॉर्डर एरिया पर सख्ती से गश्त की जा रही थी। इसी दौरान आनंदपुरी की तरफ से आ रही एक संदिग्ध बोलेरो कार को पुलिस टीम ने रोका। ​जब पुलिस ने ड्राइवर से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम पीयूष कुमार पिता लाला भाई डिंडोर, निवासी बटक्वाड़ा, थाना संतरामपुर, जिला माहिसागर (गुजरात) बताया। ​सीटों के नीचे छिपा रखी थी शराब ​पुलिस ने जब बोलेरो कार की तलाशी ली तो गाड़ी के अंदर और सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। ड्राइवर पीयूष कुमार के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं पाया गया। पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अवैध शराब और बोलेरो कार को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ​पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की कुल 17 कार्टून अवैध शराब बरामद की है। इसे अवैध रूप से गुजरात ले जाया जा रहा था।

तेज रफ्तार बोलेरो ने युवक को कुचला, मौत:बैंक खाता खुलवा साइबर फ्रॉड की राशि डलवाई; पढ़ें जोधपुर की अन्य क्राइम खबरें

जोधपुर में तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य मामले में साइबर ठगों द्वारा बैंक खाता खुलवाकर उसमें ठगी की रकम डलवाने का खुलासा हुआ है। शहर में सामने आए इन मामलों सहित अन्य प्रमुख आपराधिक घटनाओं पर एक नजर डालिए। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में गुरुवार को धोखाधड़ी, मादक पदार्थ तस्करी को लेकर मामले दर्ज किए गए। फिलहाल पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है। तेज रफ्तार बोलेरो ने युवक को कुचला मथानिया थाना इलाके के नेवरा गांव में तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने एक युवक की जान ले ली। नेवरा गांव निवासी जगदीश मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी प्रेमाराम मेघवाल निवासी चान्दरख, खेड़ापा ने अपनी बोलेरो गाड़ी को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़े उसके भाई को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि भाई की मौके पर ही मौत हो गई। मथानिया पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर जांच एएसआई बंशीलाल को सौंपी है। झांसा देकर खोला बैंक खाता महामंदिर थाने में साइबर ठगी से जुड़ा एक मामला दर्ज हुआ है। मंगेरिया भोपालगढ़ हाल तिलक नगर निवासी रविन्द्र ताड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फलोदी के घंटीयाली निवासी आरोपी प्रकाश डारा पुत्र हिरकन राम ने उसे अपने विश्वास में लिया। आरोपी ने बहला-फुसलाकर रविन्द्र के नाम पर एक बैंक खाता खुलवा दिया। इसके बाद आरोपी उस खाते का उपयोग साइबर फ्रॉड की राशि ट्रांसफर करने में करने लगा। जब अन्य राज्यों की पुलिस ने रविन्द्र के खिलाफ साइबर शिकायतें दर्ज की, तब जाकर उसे ठगी का पता चला। एएसआई हुक्माराम मामले की जांच कर रहे हैं। अब पढ़िए, जोधपुर की अन्य क्राइम की खबरें मादक पदार्थ तस्करी को लेकर कार्रवाई पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कमिश्नरेट में धरपकड़ अभियान चलाया। बोरानाडा थाना पुलिस ने सरहद नारनाडी में कार्रवाई करते हुए झंवर निवासी केनाराम भील को 103 ग्राम अवैध मेफेड्रोन (एमडी) के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, विवेक विहार पुलिस ने सेक्टर-बी में दबिश देकर ओसियां निवासी विश्नाराम विश्नोई और प्रतापनगर निवासी अशोक विश्नोई को अवैध डोडा पोस्त के साथ दबोचा। उधर, प्रतापनगर पुलिस ने हुडको क्वार्टर के पास दबिश देकर फलोदी निवासी रूघाराम जाट और एक बाल अपचारी को अवैध एमडी के साथ पकड़ा है। पैसे लेकर मुकरा युवक जोधपुर शहर के बनाड़ थाने में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। बसंत विहार खोखरियां निवासी ताराचन्द मेघवाल ने नागौर निवासी पप्पूराम के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। ताराचन्द ने बताया कि आरोपी पप्पूराम को विश्वास में लेकर 2,50,000 रुपए उधार दिए थे। समय पूरा होने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने रुपए देने से साफ मना कर दिया और धोखाधड़ी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीमेंट के ट्रेलर से 100 कट्टे चोरी कुड़ी भगतासनी थाने में श्रवणराम विश्नोई ने डोली निवासी रमेश डारा के खिलाफ शताब्दी सर्किल के पास से सीमेंट से भरे ट्रेलर से 100 कट्टे सीमेंट चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया है। शराब तस्कर गिरफ्तार बासनी थाना पुलिस ने सांगरिया फांटा और नागाजी किराना स्टोर के पास कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब बेचने के आरोप में अनिल भाटी और यूपी निवासी रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया है। किराना दुकानदार पर एक्शन बासनी थाना पुलिस ने सांगरिया फांटा स्थित पवन किराना स्टोर पर दबिश देकर स्कूल के 100 मीटर के दायरे में अवैध रूप से धूम्रपान सामग्री बेचने के आरोप में दुकानदार रामदयाल माली को गिरफ्तार किया।

जोधपुर RTO ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी:सुबह 7 बजे आया था मेल, सर्वर डाउन की वजह से अधिकारियों को शाम को पता चला

जोधपुर आरटीओ (RTO) कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। धमकी भरा यह ईमेल सुबह 7 बजे ही आ गया था, लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से अधिकारियों ने इसे शाम को देखा। इसके बाद आनन-फानन में पूरे कार्यालय को खाली करवाकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दरअसल, बीजेएस कॉलोनी स्थित आरटीओ कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर यह धमकी भेजी गई थी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबह 7 बजे आए ईमेल को शाम को देखा गया, जबकि उस ईमेल में दोपहर करीब एक बजे ही कार्यालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी। यानी अगर यह धमकी सच होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, अधिकारी इसके पीछे सर्वर डाउन होने का तर्क दे रहे हैं। महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र देवड़ा ने बताया- शाम को आरटीओ कार्यालय से इस संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और क्यूआरटी (QRT) टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुट गई है। कर्मचारियों को बाहर निकाला, चलाया सर्च ऑपरेशन आरटीओ अधिकारी ने बताया- जैसे ही शाम को सर्वर सही होने के बाद मेल मिला तो अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद सभी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मेल में धर्म विशेष के अपमान को लेकर जिक्र किया था। साथ ही लिखा था- आरटीओ ऑफिस में सायनाइड वाले 5 जहरीले गैस धमाके होंगे। इसके बाद आरटीओ ऑफिस को खाली करवाया गया और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। मौके पर महामंदिर थाना पुलिस समेत डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची और आरटीओ ऑफिस के सभी कमरों को खंगाला। करीब डेढ़ घंटे चले इस सर्च में कुछ नहीं मिला। मेल में धार्मिक अपमान का जिक्र प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरे मेल में खुद को एक कथित इस्लामिक संगठन से जुड़ा बताया गया है। मेल में धर्म विशेष के अपमान का बदला लेने की बात लिखी गई है। फिलहाल पुलिस इस दावे की सत्यता की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसियां ई-मेल की तकनीकी पड़ताल कर रही हैं और यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि मेल किस आईपी एड्रेस और किस सर्वर से भेजा गया।

एक साल से बंद रास्ता खुलवाया, अब बनेगी सड़क:JCB से कब्जा हटवाया, PWD ने निर्माण शुरू किया

नागौर की पोटलिया माजरा ग्राम पंचायत में प्रशासन ने गुरुवार को ‘रास्ता खोलो अभियान’ के तहत करीब एक साल से बंद पड़े रास्ते को खुलवाकर किसानों को बड़ी राहत दी। जेसीबी की मदद से रास्ते पर किया गया कब्जा हटाया गया। इसके तुरंत बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू करवा दिया। नागौर तहसीलदार नृसिंह टाक ने बताया कि पोटलिया माजरा क्षेत्र के किसानों की ओर से लंबे समय से रास्ता खुलवाने की मांग की जा रही थी। शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और पांचौड़ी थाना पुलिस के जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया। खेत मालिक ने रोक रखा था रास्ता नृसिंह टाक ने बताया कि गुढ़ा भगवानदास से पोटलिया माजरा ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली इस सड़क का निर्माण पहले ही स्वीकृत हो चुका था। प्रारंभ में यहां कच्चा रास्ता संचालित था, लेकिन सड़क निर्माण शुरू होने पर एक खेत मालिक ने अपने खेत के पास से गुजरने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था। इससे सड़क निर्माण कार्य रुक गया और ग्रामीणों व किसानों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने मौके पर जेसीबी से अवरोध हटवाया और रास्ता बहाल कराया। रास्ता खुलते ही पीडब्ल्यूडी ने सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया।

बैंगन की सब्जी खाई, पानी पीते ही परिवार बेहोश:एक-एक चार लोग जमीन पर गिरे, इलाज के बाद खतरे से बाहर

जैसलमेर के देवा गांव में फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार के चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, दोपहर में बैंगन की सब्जी और रोटी खाने के बाद जैसे ही उन्होंने पानी पीया, सभी एक-एक कर बेहोश होने लगे। घबराए परिजन उन्हें तुरंत देवा के स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चारों को जैसलमेर के राजकीय जवाहिर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी हालत स्थित है। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. खाना खाने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
रिश्तेदार दिलीप कुमार ने बताया कि पाक विस्थापित भील परिवार के प्रेमाराम (65) के घर गुरुवार को बैंगन की सब्जी बनी थी। दोपहर में परिवार के सभी लोगों ने रोटी और सब्जी खाई। इसके बाद पानी पीते ही घर के सदस्य एक-एक कर बेहोश होकर गिरने लगे। आसपास के लोग और परिजन घबरा गए और तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर सभी को देवा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 2. पानी पीने वालों की तबीयत बिगड़ी
दिलीप ने बताया कि पानी पीने के बाद प्रेमाराम की पत्नी नाजा (60), बेटा मिठूराम (42), उसकी पत्नी धीया (28) और बेटे सागर की पत्नी संगीता (25) की तबीयत बिगड़ गई। प्रेमाराम ने भी वही खाना खाया था, लेकिन उन्होंने पानी नहीं पिया था, इसलिए उनकी तबीयत नहीं बिगड़ी। 3. सभी खतरे से बाहर, जांच के लिए टीम रवाना
जवाहिर हॉस्पिटल अस्पताल के डॉ. नरेश शर्मा ने बताया- देवा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद चारों को दो 108 एम्बुलेंस से जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। दूषित भोजन या पानी से यह परेशानी हुई है और समय पर इलाज मिलने से सभी मरीज अब खतरे से बाहर हैं। सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र पालीवाल ने बताया- घटना की सूचना मिलते ही फूड सेफ्टी टीम देवा गांव के लिए रवाना कर दी गई है। भोजन और पानी के सैंपल लेकर जांच की जाएगी।

फलोदी जिला अस्पताल में अंगदान की शपथ ली:स्वास्थ्यकर्मियों ने जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया, कहा-कई लोगों को मिल सकता है नया जीवन

फलोदी में गुरुवार को जिला अस्पताल फलोदी और ग्रामीण सेवा शिविर में अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को अंगदान के प्रति जागरूक कर मानव जीवन बचाने के लिए प्रेरित करना था। अधिकारी और कर्मचारियों ने अंगदान की शपथ ली कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने अंगदान की शपथ ली। उन्होंने समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया। आगामी विश्व अंगदान दिवस (3 अगस्त) और अंगदान माह (जुलाई) के उपलक्ष्य में भारत सरकार व राज्य सरकार द्वारा संचालित ऑनलाइन शपथ कार्यक्रम में भी लोगों ने हिस्सा लिया। जिला अस्पताल और ग्रामीण सेवा शिविरों में उपस्थित लोगों, डॉक्टरों और चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों ने ऑनलाइन शपथ ग्रहण की। 5 लाख लोगों ने डिजिटल अंगदान की शपथ ली मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया- देश में पांच लाख से अधिक नागरिक डिजिटल अंगदान की शपथ ले चुके हैं। हालांकि, वास्तविक अंगदान की संख्या अभी भी अपेक्षाकृत कम है। डॉ. राठौड़ ने जोर दिया कि एक मृत अंगदाता अपने अंगों के माध्यम से आठ लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। सीएमएचओ ने जिले के नागरिकों से स्वयं अंगदान के लिए आगे आने और अपने परिवार व समाज को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने अंगदान को ‘महादान’ बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अनेक लोगों को नया जीवन दे सकता है। कई कर्मचारी और अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को अंगदान की शपथ दिलाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर डॉ. सतीश कटारिया, डॉ. धर्मेंद्र पुनिया, नर्सिंग अधीक्षक चैनाराम गोगलु, पूर्णमल सोनी, शिवप्रकाश चांडा, रतन जैन और जयश्री सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

50 साल की महिला ट्रेन से कटी:झुंझुनूं में अपने ननिहाल आई थी, मौके पर दम तोड़ा

50 साल की महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा नेता की ढाणी और गुढ़ा रोड के बीच हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कोतवाली थाने के ASI यूसुफ खान ने बताया- पहचान मनोहारी देवी (50) पत्नी किशन लाल सैनी के रूप में हुई है। मनोहारी देवी अपने पति के ननिहाल झुंझुनूं आई हुई थी। परिजन ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार थी। आज सुबह ही वह झुंझुनू पहुंची थी। सुबह लगभग 11:15 बजे वह घर से निकली थी, जिसके बाद दोपहर करीब 1:00 बजे यह दुखद हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार भटिंडा-जयपुर पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या 54703) भटिंडा से जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान नेता की ढाणी और गुढ़ा रोड के बीच महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

खैरथल स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का एजीएम ने निरीक्षण किया:यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी मांगें उठीं, ट्रेनों के ठहराव और जीआरपी-आरपीएफ चौकी की मांग

खैरथल रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे पुनर्विकास कार्यों का गुरुवार को असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) अशोक माहेश्वरी ने निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय संगठनों और नागरिकों ने यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाते हुए प्रमुख ट्रेनों के ठहराव, प्लेटफॉर्म संख्या दो का बंद गेट खोलने और जीआरपी-आरपीएफ चौकी स्थापित करने की मांग की। एजीएम अशोक माहेश्वरी ने स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग क्षेत्र, प्रतीक्षालय और फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्लेटफॉर्म-2 का गेट खोलने की मांग खैरथल विकास मंच के प्रतिनिधि श्यामलाल शर्मा और मनोहर लाल परवाना ने स्टेशन परिसर में टीन शेड का विस्तार, प्लेटफॉर्म संख्या दो की ओर जाने वाला मार्ग खोलने, प्लेटफॉर्म संख्या दो से रेलवे फाटक तक समानांतर रास्ता उपलब्ध कराने और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी। एजीएम ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जीआरपी-आरपीएफ चौकी की भी उठी मांग संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश रोघा के नेतृत्व में शहर के नागरिकों ने प्लेटफॉर्म संख्या दो की ओर हाल ही में बंद किए गए गेट को दोबारा खोलने की मांग की। उनका कहना था कि यह मार्ग करीब 50 वर्षों से यात्रियों और स्थानीय लोगों के उपयोग में था। गेट बंद होने से लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। नागरिकों ने स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ चौकी स्थापित करने के साथ-साथ प्रतीक्षालय में एक सुपरवाइजर की नियुक्ति की भी मांग की। बेहतर सुविधाओं की उम्मीद अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे आधुनिकीकरण कार्यों से खैरथल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने और क्षेत्र के रेल यातायात को नई गति मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम गौरव गौड़, डीसीएम जगदीश कुमार, सीनियर डिविजनल इंजीनियर मुकेश बाकोलिया सहित रेलवे विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।