ब्रेकिंग न्यूज़
SMS समेत 3 क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर रोक:पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पर NGT की सख्ती; 17 अगस्त को अगली सुनवाई

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम समेत देश के 3 प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। NGT ने पर्यावरणीय नियमों के पालन में कथित लापरवाही को गंभीर मानते हुए इन स्टेडियमों में सभी खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। जिन 3 क्रिकेट स्टेडियमों में सभी खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगाई गई है, उनमें SMS स्टेडियम के अलावा रायपुर (छत्तीसगढ़) के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम भी शामिल है। एनजीटी ने स्पष्ट किया है कि अगली सुनवाई (17 अगस्त) तक या फिर ट्रिब्यूनल से विशेष अनुमति मिलने तक इन तीनों स्टेडियमों में किसी भी प्रकार का क्रिकेट मैच या अन्य खेल आयोजन नहीं किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। ट्रिब्यूनल ने अपने आदेश में कहा- संबंधित स्टेडियमों को पूर्व में भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों के जरिए पहले दिए गए पर्यावरणीय निर्देशों के अनुपालन की जानकारी और जवाब मांगा गया था, लेकिन बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं किया गया। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आदेशों की पालना जरूरी
दरअसल, एनजीटी ने पहले इन स्टेडियमों को भूजल का इस्तेमाल कम करने, मैदानों के रख-रखाव और सिंचाई के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से निकलने वाले ट्रीटेड पानी का इस्तेमाल करने और वर्षा जल संरक्षण (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) की प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए थे। ट्रिब्यूनल बड़े खेल परिसरों में जल संरक्षण को बढ़ावा देना और भूजल पर निर्भरता कम करना चाहता था। एनजीटी ने माना कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उसके आदेशों का पालन सुनिश्चित करना सभी संस्थाओं की जिम्मेदारी है। ऐसे में अगर किसी संस्था की ओर से निर्देशों का पालन नहीं किया जाता या अनुपालन रिपोर्ट समय पर दाखिल नहीं की जाती है तो ट्रिब्यूनल आवश्यक अंतरिम आदेश पारित कर सकता है। मामले में अगली सुनवाई 17 अगस्त को
अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है। इस दौरान संबंधित स्टेडियम प्रबंधन को ट्रिब्यूनल के सामने अपने पक्ष के साथ यह भी बताना होगा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े निर्देशों का पालन किस स्तर तक किया गया है। इसके बाद ही आगे खेल गतिविधियों पर लगी रोक को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

गर्लफ्रेंड के पति पर 3 बार चढ़ाई थी कार:बेवफा पत्नी ने कराया था लाखों का इंश्योरेंस; जज ने प्रेमी को सुनाई उम्रकैद

शादीशुदा महिला ने प्रेमी के हाथों अपने पति का मर्डर कराया। पति की मौत का फायदा उठाने के लिए उसने कई बीमा कंपनियों से उसका 50 लाख का बीमा कराया था। वारदात दिसंबर 2024 में बांसवाड़ा में हुई। शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी प्रेमी को आजीवन कारावास और 1 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। एडवोकेट योगेश सोमपुरा ने बताया- प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड के पति को पहले शराब पिलाई थी। इसके बाद वो बेसुध हुआ तो सड़क पर लिटाकर कार चढ़ा दी थी। उसकी पहचान मिटाने के लिए सिर के ऊपर से 3 बार टायर गुजारा। युवक के हाथ पर कालू नाम के टैटू से उसकी शिनाख्त हुई। सोमपुरा ने बताया- इस केस में ​सदर पुलिस थानाधिकारी और जांच अधिकारी बुद्धाराम विश्नोई ने अहम सबूत जुटाए। कोर्ट में ठोस चार्जशीट पेश की। कोर्ट में प्रभावी पैरवी हुई। 23 गवाह और 98 दस्तावेज पेश किए गए। अपराध के क्रूर तरीके को देखते हुए जज ने दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अब अपराध की पूरी दास्तान बांसवाड़ा जिले के सदर थाना इलाके के पलोडरा गांव के रहने वाले दिनेश मईडा (38) का अफेयर इसी गांव की शादीशुदा महिला कांता (35) से चल रहा था। कांता की बहन कमला (42) को भी इस रिलेशन की जानकारी थी। तीनों ने मिलकर कांता के पति कालू (37) को रास्ते से हटाने का प्लान बनाना शुरू कर दिया। लेकिन दिनेश को सिर्फ प्यार नहीं चाहिए था, बल्कि पैसा भी चाहिए था। ऐसे में तीनों ने मिलकर अप्रैल 2024 और नवंबर 2024 में कालू का 5 बीमा कंपनियों से 50 लाख का बीमा करा दिया। इसके बाद उसकी हत्या की प्लानिंग करने लगे। वे चाहते थे कि हत्या एक्सीडेंट लगे। ताकि इंश्योरेंस का पैसा आसानी मिले। दिनेश ने हत्या के लिए अपने साथी विनोद और श्रवण निवासी लांबा वड़ाला को तैयार किया। 25 दिसंबर 2024 की शाम को कालू को पलोदरा से अपनी कार में बैठाकर बांसवाड़ा लाया। कार में विनोद और श्रवण भी थे। शहर से शराब खरीदी। इसके बाद शराब में नशे की दवा मिलाकर कालू को पिला दी। तीनों ने बेहोशी की हालत में कालू को आगे वाली सीट पर बैठाया। हाईवे पर ले जाकर सिर पर डंडे से वार किए। लाश को सड़क हादसे का रूप देने के लिए हाईवे पर फेंक कर उस पर 3 बार कार चढ़ा दी। पुलिस ने खुलासा कर तीनों को गिरफ्तार किया कार से कालू का सिर बुरी तरह कुचल दिया गया था। लेकिन उसके दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में गोदे टैटू (नाम KALU) से उसके भाई कैलाश ने उसकी पहचान कर ली। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दिनेश मईडा, कांता और कमला को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक पुलिस को वारदात के बाद से ही कालू की पत्नी पर शक था। पूछताछ में पता चला था कि कांता का गांव के ही युवक दिनेश से अफेयर चल रहा है। इसके बाद एक टीम कांता की निगरानी करने लगी। पूछताछ के लिए पुलिस दिनेश तक पहुंची तो वह पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे अरेस्ट कर लिया और उसके कबूलनामे के बाद दोनों बहनों को भी पकड़ लिया।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:रिटायरमेंट से 21 दिन पहले रिश्वत लेते गिरफ्तार; महिला-युवक एक फंदे से लटके मिले; मौत के 8 दिन बाद ट्रांसफर

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर श्रीगंगानगर से है। यहां नेशनल हाईवे-62 पर ट्रक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. रीको के सीनियर DGM समेत 2 अफसर रिश्वत लेते गिरफ्तार
एसीबी ने अजमेर में रीको के सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सीनियर डीजीएम 31 जुलाई को रिटायर होने वाले थे। इसके अलावा ब्यावर में रीको के जूनियर असिस्टेंट को भी पकड़ा है। दोनों अधिकारियों ने लीज डीड के एवज में रिश्वत मांगी थी। पूरी खबर पढ़ें 2. ट्रक-कार की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत
श्रीगंगानगर के नेतेवाला गांव में नेशनल हाईवे-62 पर ट्रक और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में 3 युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह से फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर शव बाहर निकाले। पूरी खबर पढ़ें 3. बर्थडे के दिन ही नेवी के जवान का अंतिम संस्कार
झुंझुनूं के घरडू गांव के रहने वाले नेवी के जवान की मुंबई में हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले उनका शव घर पहुंचा तो मां, पत्नी और भाई फूट-फूट कर रोने लगे। नेवी के जवान का आज जन्मदिन था। पूरी खबर पढ़ें 4. बदमाश ने SHO को गोली मारी, बुलेटप्रूफ जैकेट से बची जान
भरतपुर पुलिस पर उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर में बदमाशों ने पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। एक गोली SHO के मारी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण जान बच गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे का भागते समय गिरने से पैर टूट गया। पूरी खबर पढ़ें 5. कंटेनर में घुसी कार, AEN समेत 2 दोस्तों की मौत
अजमेर के किशनगढ़ में नेशनल हाईवे-48 पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में घुस गई। हादसे में कार सवार PHED विभाग के AEN समेत 2 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे की सीट पर बैठा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. पड़ोसी युवक ही निकले व्यापारी के हत्यारे
अलवर में व्यापारी की हत्या और नकदी लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। व्यापारी के पड़ोस में रहने वाले 2 युवक ही हत्यारे निकले। आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसे थे। बुजुर्ग के जागने पर उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर कपड़ा बांध दिया। दम घुटने से उनकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 7. महिला-युवक के शव एक ही फंदे से लटके मिले
बीकानेर के लिखमीसर दिखनादा गांव में एक महिला और युवक के शव खेजड़ी के पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले। घटनास्थल पर बोलेरो गाड़ी खड़ी थी, जिसमें मोबाइल, करीब 20 लीटर डीजल से भरा जरीकेन और शराब की खाली बोतल भी मिली है। पूरी खबर पढ़ें 8. मौत के 8 दिन बाद ASI का ट्रांसफर
जोधपुर रेंज आईजी ने 9 जुलाई को 39 ASI का ट्रांसफर आदेश जारी किया। इस लिस्ट में एक ऐसे ASI का नाम भी है, जिनकी 1 जुलाई को मौत हो चुकी है। बाड़मेर के बाटाडू चौकी इंचार्ज रहे ASI अनोपाराम का ट्रांसफर बालोतरा जिले में किया गया है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. 50 LPG सिलेंडर लेकर ड्राइवर फरार
सीकर में एक गैस एजेंसी का ड्राइवर ग्राहकों के 50 LPG गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गया। वह गोदाम से डिलीवरी देने निकला था, लेकिन लौटा नहीं। उसकी गाड़ी राधाकिशनपुरा अंडरपास के पास एक गली में खड़ी मिली और सिलेंडर गायब थे। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. सीनियर साइंटिस्ट भर्ती के आवेदन की लास्ट डेट
राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में सीनियर साइंटिस्ट अधिकारी के कुल 3 पदों पर भर्ती के लिए 11 जुलाई को ऑनलाइन आवेदन की लास्ट डेट है।

सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड ही चुरा ले गया स्कूटी:CCTV में महिला प्रोफेसर की गाड़ी ले जाते दिखा, बोला-मेरा चोरी का इरादा नहीं था

उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड ही एक महिला प्रोफेसर की स्कूटी चुरा ले गया। कॉलेज परिसर के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने पर मामले का खुलासा हुआ। CCTV में आरोपी पहले अपनी पूरी वर्दी (ड्रेस) पहने नजर आ रहा है और उसके हाथ में एक शर्ट दिखाई दे रही है। बाद में, उसी शर्ट को पहनकर (शर्ट बदलकर) आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामला सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने आरोपी होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया है। साथ ही लिखित सूचना होमगार्ड कमांडेंट को भेज दी गई है। प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन ने बताया- महिला प्रोफेसर की स्कूटी होमगार्ड दिलीप खराड़ी ने ही चुराई थी और स्कूटी उसी के कब्जे से बरामद हुई है। महिला प्रोफेसर पिछले 4-5 दिनों से अपनी स्कूटी इधर-उधर ढूंढ रही थीं। मामले की शिकायत हाथीपोल थाने को भेज दी गई है, जिसके बाद अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। घटनाक्रम के 2 PHOTOS… 30 जून को चोरी हुई स्कूटी, 6 दिन बाद मिली 30 जून 2026 की सुबह महिला प्रोफेसर ने अपनी स्कूटी को कॉलेज कैंपस में पार्क किया था। सुबह करीब 9:30 बजे जब उन्होंने देखा, तो कैंपस से उनका वाहन गायब था। करीब 6 दिनों तक वे आसपास अपनी स्कूटी तलाशती रहीं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 7 जुलाई को जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो कॉलेज का ही एक होमगार्ड उनकी स्कूटी ले जाते हुए नजर आया। CCTV फुटेज के आधार पर कॉलेज प्रिंसिपल ने संबंधित होमगार्ड को बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में होमगार्ड ने बताया- मेरी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया था। बाहर खड़ी महिला प्रोफेसर की स्कूटी में चाबी लगी हुई थी, इसलिए मैं उसे स्टार्ट कर बाल चिकित्सालय की पार्किंग तक ले गया था। मेरा इरादा चोरी का नहीं था। पीड़िता शिकायत देंगी तो कार्रवाई करूंगी थानाधिकारी हाथीपोल राजू देवी ने बताया- पीड़िता (महिला प्रोफेसर) ने अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। अगर उनकी तरफ से शिकायत आती है, तो जरूर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रिंसिपल ने शिकायत वॉट्सएप पर भेजी है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया में यह मान्य नहीं है। हालांकि, हमने होमगार्ड को थाने बुलाकर पूछताछ की है, होमगार्ड ने पुलिस को बताया- मुझे वह स्कूटी संदिग्ध लगी थी, इसलिए मैं उसे सुरक्षित करने के लिए दूसरी पार्किंग में लेकर गया था। सुरक्षा के लिए ही अस्पतालों में तैनात किए गए थे होमगार्ड मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़े अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से करीब 28 होमगार्ड तैनात किए गए थे। इनमें पन्नाधाय महिला चिकित्सालय में 6, महाराणा भूपाल चिकित्सालय में 15 और मेडिकल कॉलेज में 7 होमगार्ड लगाए गए थे, लेकिन अब सुरक्षाकर्मी ही चोरी के संदेह के घेरे में हैं।

भरतपुर में 2 पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार:बाजार में 30 हजार लेते पकड़े गए; जमीन की माप और निशानदेही की एवज में मांगी थी घूस

भरतपुर एसीबी ने 30 हजार की रिश्वत लेते दो पटवारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पटवारी भू-प्रबंधन विभाग में तैनात थे। पटवारियों ने परिवादी से जमीन की माप और निशानदेही के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत की डिमांड की थी। सत्यापन के दौरान 30 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। दोनों पटवारियों ने बाजार में परिवादी को रिश्वत देने के लिए बुलाया था। 30 हजार रुपए में हुआ था सौदा भरतपुर ACB चौकी के एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि 7 जुलाई को एक परिवादी की शिकायत मिली थी कि भू-प्रबंधन के दो पटवारी उसके खेत की माप और निशानदेही के लिए उससे 50 हजार रुपए की डिमांड कर रहे हैं। उसी दिन शिकायत का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन में 30 हजार रुपए में सौदा होना तय हुआ। बाजार में पैसे लेने के लिए परिवादी को बुलाया था आज दोनों पटवारी प्रदीप सिंह और दिगंबर सिंह ने परिवादी को रिश्वत देने के लिए शहर के चौबुर्जा चौराहे पर बुलाया। वहां पर दोनों पटवारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। वहां से दोनों पटवारियों को ACB कार्यालय लाया गया, जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है।

हाइटेंशन-लाइन के टावर पर चढ़ा युवक, तारों पर झूलने लगा:पुलिस बोली- नशे की हालत में था, बिजली बंद होने से बची जान

शहर के जोधपुर रोड स्थित थीम पार्क के पास शराब के नशे में एक मजदूर हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और ऊपर बिजली की लाइनों के बीच पहुंच गया। लोगों की सूचना पर विद्युत विभाग ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद पुलिस ने मजदूर को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पहले देखिए- 2 तस्वीरें कोतवाली थानाधिकारी सुरजाराम जाखड़ ने बताया- मध्यप्रदेश के दमोह जिले के कुंडनपुर पटेल निवासी कमलेश(45) पुत्र मनु वर्मन नशे की हालत में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे थाने लाकर संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमलेश को टावर पर चढ़ता देख राहगीरों ने तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दी। विभाग ने एहतियात के तौर पर संबंधित लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे करंट लगने का खतरा टल गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ठेकेदार के मुनीम से विवाद की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, कमलेश जैसलमेर में गुलशन कंपनी के लिए प्लास्टर का काम करता है। बताया जा रहा है कि उसका ठेकेदार के मुनीम से विवाद चल रहा था और वह मानसिक व आर्थिक प्रताड़ना से परेशान था। इसी तनाव में उसने शराब पीकर टावर पर चढ़ गया। हालांकि, इस दावे की जांच की जा रही है। पुलिस की समझाइश से नीचे उतरा
करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लगातार कमलेश से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया। काफी मशक्कत के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए भेजा और थाने लाकर कानूनी कार्रवाई शुरू की।

कोटा में NSUI-ABVP के कार्यकर्ता भिड़े:NSUI प्रदेश सचिव बोले- मेरा सिर फोड़ा, छात्रा नेता के बाल खींचे; बीच-बचाव में थानाधिकारी 2 बार गिरे

कोटा के राजकीय महाविद्यालय में एनएसयूआई और एबीवीपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंची नयापुरा थाना पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण किया। नयापुरा थानाधिकारी भी बीच-बचाव करते हुए 2 बार गिर पड़े। घटना दोपहर 2 बजे की है। एनएसयूआई ने प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा का लोहे की रॉड से सिर फोड़ने और अन्य छात्र नेता के बाल खीचने का आरोप लगाया है। नयापुरा थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया- गवर्नमेंट कॉलेज में एनएसयूआई और एबीवीपी के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद की मूर्ति खंडित होने के विवाद को लेकर आपस में झगड़ गए थे। मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करवाया गया है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत ले ली गई है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब देखिए, PHOTOS… छात्रों पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला NSUI के प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा ने कहा- ABVP कार्यकर्ताओं ने छात्र नेता मोहित वाल्मीकि, कावेरी कुमारी, हंसवी समेत कई छात्रों पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया। बीच-बचाव के दौरान पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के बाद एनएसयूआई ने नयापुरा थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रिद्धम शर्मा ने बताया- कॉलेज परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में पहले भी प्राचार्य को ज्ञापन दिया था। शुक्रवार को वे खून से लिखा पत्र लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे। उनकी मांग थी कि प्रतिमा को क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और सात दिन के भीतर नई प्रतिमा स्थापित की जाए। कॉलेज गेट के बाहर पहले से ही कुछ बाहरी युवक मौजूद थे, जिनमें से कई कॉलेज के नियमित छात्र भी नहीं थे। नारेबाजी के बीच अचानक मेरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। इस दौरान छात्रा नेता कावेरी कुमारी के बाल खींचे गए और अन्य छात्रों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। बाहरी छात्रों ने की गाली-गलौज, रिद्धम शर्मा खुद कॉलेज के छात्र नहीं एबीवीपी के विभाग संयोजक निखिल सिंह ने बताया- मेरे साथी छात्र शांतिपूर्वक प्रिंसिपल को ज्ञापन देने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बाहरी छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगे। इनमें से अधिकांश युवक गवर्नमेंट कॉलेज के छात्र नहीं थे। निखिल सिंह ने कहा- जेडीबी गर्ल्स कॉलेज की जिस छात्रा नेता कावेरी कुमारी के नाम पर शिकायत दी गई है, उनका कॉलेज अलग है। ऐसे में वह हमारे कॉलेज परिसर में क्या करने आई थीं? एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा खुद इस कॉलेज के छात्र नहीं हैं, वे केवल यहां राजनीति चमकाने आते हैं। जबकि एबीवीपी के सभी कार्यकर्ता इसी कॉलेज के नियमित (रेगुलर) छात्र हैं। हमारे किसी भी छात्र ने हमला नहीं किया है। घटना के समय नयापुरा थाना पुलिस मौके पर ही मौजूद थी। एबीवीपी की तरफ से भी नयापुरा थाने में शिकायत दर्ज करवाकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

फेरों में दूल्हा बेहोश, 20 दिन बाद मौत:वेंटिलेटर से भी नहीं लौटी सांसें, 28 साल उम्र, मौत की वजह बनी पहेली

शादी में फेरों के समय पाली निवासी 28 साल के दूल्हे ओमप्रकाश की तबीयत बिगड़ गई। किसी तरह 7 फेरे पूरे कराए गए। इसके बाद लोग बेहोशी की हालत में दूल्हे को अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर सपोर्ट दिया। 20 दिन तक मौत से संघर्ष के बाद 9 जुलाई को दूल्हे की मौत हो गई। मौत के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता देवाराम का भी निधन हो चुका है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट फेरों के देर बाद दूल्हा हो गया था अचेत पाली के सुकरलाई गांव के वजाराम ने बताया कि उनका भतीजा ओमप्रकाश जयपुर के मानसरोवर के विजय पथ इलाके में जयपुर लेगेसी में काम करता था। पिता की मौत के बाद वह अपनी विधवा मां व इकलौती बहन का सहारा था। परिवार के लोगों ने पास के गांव मांडावास में कविता से उसकी शादी तय की। 20 जून को बारात लेकर हम लोग मांडावास गांव में गए। सुबह 10.15 बजे फेरे शुरू हुए। मैंने देखा तीसरे फेरे के बाद ही ओमप्रकाश असहज होने लगा। मैंने पूछा तो उसने कहा- सीने में दर्द हो रहा है। पसीने आ रहे हैं। हमने सोचा- गर्मी तेज होने की वजह से ऐसा होगा। हमने किसी तरह आनन–फानन में सात फेरे पूरे कराए। फेरों के कुछ देर बाद ओम की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। वह अचेत हो गया था। हम लोग उसे दुल्हन के घर के पास डेरे (बारात ठहराने वाली जगह) पर लेकर गए। जहां उसे रेस्ट कराने के लिए चारपाई पर लेटा दिया, लेकिन तबीयत ठीक नहीं हुई। वजाराम ने बताया- दूल्हे को बेहोशी की हालत में पाली के बांगड़ अस्पताल लेकर गए। डयूटी डॉक्टर्स ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए जोधपुर रेफर कर दिया। रात को ही जोधपुर के एमडीएम अस्पताल पहुंचे, जहां ओम को आईसीयू वार्ड में वेंटिलेटर पर रखा गया। उधर, दुल्हन कविता को लेकर बाकी बाराती सुकरलाई गांव पहुंचे। वहां दुल्हन को छोड़ कर वे लोग भी रात को जोधपुर अस्पताल पहुंच गए। वजाराम ने बताया कि 21 जून से लेकर 8 जुलाई की रात तक ओमप्रकाश जोधपुर के एमडीएम अस्पताल के आईसीयू वार्ड में वेंटिलेटर पर रहा। इलाज करने वाले डॉक्टर्स से ओम की बीमारी के बारे में पूछा, लेकिन उनका कहना था कि एमआरआई व सिटी स्कैन में भी कोई बीमारी पकड़ में नहीं आई। 9 जुलाई को ओमप्रकाश की मौत हो गई ऐसे में हमने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने बॉडी हमें सौंप दी। 9 जुलाई को दोपहर बाद परिजन जोधपुर के एमडीएम अस्पताल से उसकी बॉडी लेकर पाली के निकट सुकरलाई गांव पहुंचे। जहां देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया। डॉक्टर बोले- परिजनों ने पूरी बात नहीं बताई बांगड़ अस्पताल के डॉक्टर राजेंद्र कुमार का कहना है कि ओम प्रकाश को परिजन अस्पताल लेकर आए थे। वह उस समय भी बेहोशी हालत में था। परिजनों ने पूरी बात नहीं बताई। मरीज को गंभीर हालत में तुरंत ही हाई सेंटर पर रेफर कर दिया था।

रॉन्ग साइड आए ट्रक की टक्कर से 3-दोस्तों की मौत:चकनाचूर कार को काटकर निकाले शव; दोस्त की शादी के लिए शॉपिंग करने निकले थे

दोस्त की शादी की खरीदारी के लिए घर से निकले तीन युवकों की शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। नेशनल हाईवे-62 (श्रीगंगानगर-सूरतगढ़) पर गांव नेतेवाला के पास रॉन्ग साइड में आए ट्रक ने सामने से कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को बाहर निकालने के लिए कार को काटना पड़ा। हादसा चूनावढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे गणेश मंदिर के पास हुआ। थानाधिकारी ने बताया कि हादसे में मोनू वर्मा (25) पुत्र रायसाहब निवासी बींझबायला, कुलदीप सिंह (25) निवासी बींझबायला और प्रदीप लूणा (23) निवासी 48 LNP, श्रीगंगानगर की मौत हो गई। मृतक प्रदीप के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त अपने एक दोस्त की दो दिन बाद होने वाली शादी के लिए खरीदारी करने कार से श्रीगंगानगर आ रहे थे। इसी दौरान श्रीगंगानगर की ओर से आ रहे खाली ट्रक-ट्रेलर से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। गाड़ी में बुरी तरह फंसे तीनों के शव
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ड्राइवर आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान रॉन्ग साइड में आ गया। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तीनों युवक कार में बुरी तरह फंस गए। राहत दल ने कार को कई जगह से काटकर शव बाहर निकाले। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी हरिशंकर यादव, ग्रामीण डीएसपी भूपेंद्र सोनी, चूनावढ़ थाना प्रभारी रामप्रताप और सदर थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ढील मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। कार के पीछे आ रही एक बाइक भी हादसे की चपेट में आ गई। बाइक सवार ने अचानक ब्रेक लगाए तो बाइक फिसल गई। दोनों सवारों को मामूली चोटें आईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक प्रदीप लूणा के भाई संदीप की रिपोर्ट पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम शनिवार को कराया जाएगा। इस बीच एक साथ तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। बींझबायला और चक 48 एलएनपी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस दोस्त की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां भी खुशियां मातम में बदल गईं।

बाड़ी में पानी की टंकी से गिरा युवक, मौत:6 महीने से मामा के घर रह रहा था, ग्रामीण बोले-फोन पर बात कर रहा था

धौलपुर जिले के बाड़ी में शहर में पंचायत समिति ऑफिस के कैंपस में बन रही पानी की टंकी से 22 साल का युवक फोन पर बात करते हुए गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि रास्ते से निकल रही एक महिला ने कहा कि युवक फोन पर बात करते हुए टंकी पर चढ़ा और नीचे कूद गया। युवक की पहचान शिवकुमार (22) निवासी खूब नगर, मासलपुर (करौली) के रूप में हुई है। युवक ने 6 महीने से सरमथुरा रोड पर स्थित मीणा कॉलोनी में अपने मामा के पास रह रहा था। थाना अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया- दोपहर 11:30 बजे सूचना मिली कि पंचायत समिति ऑफिस में बन रही पानी की टंकी से एक युवक गिर गया है। जिसे बाड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक शिवकुमार के मामा जनवेद मीणा ने रिपोर्ट दी है। मामा के पास बाड़ी रह रहा था युवक जनवेद ने रिपोर्ट में बताया- उनका भांजा शिवकुमार 6 महीने से बाड़ी रह रहा था। 2 साल तक उसने जयपुर से आरएएस की तैयारी की थी। गुरुवार को पूरा परिवार अपने गांव सरमथुरा गया हुआ था। भांजा शिवकुमार घर पर अकेला था। फोन पर घटना की सूचना के बाद परिवार बाड़ी पहुंचा। पंचायत समिति के कार्मिकों को पत्थरों में पड़ा मिला पंचायत समिति के सहायक विकास अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया- घटना करीब सुबह 11:30 बजे की है। गिरने की आवाज सुनकर वे अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। युवक प्रधान कार्यालय के पास पत्थरों के बीच अचेत पड़ा मिला। उसे तुरंत पंचायत समिति के लेखा अधिकारी की गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर कुछ महिलाएं मौजूद थीं। जिनका कहना है कि युवक फोन पर बात करते हुए टंकी पर चढ़ गया। इसके बाद नीचे कूद गया। जांच में जुटी पुलिस थाना अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया- शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतक के मामा ने रिपोर्ट दी है। सुसाइड के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है। … यह खबर भी पढ़ें मुझे माफ कर देना भाई…बोलकर युवक ने लगाया फंदा:वीडियो बनाकर ससुराल वालों पर लगाया आरोप; जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहा भीलवाड़ा शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बुधवार को युवक ने सुसाइड से पहले एक वीडियो भी बनाया। जिसे अपने भाई और दोस्तों को सैंड कर दिया। वीडियो में युवक ने सुसाइड का कारण ससुराल वालों को बताया। (पढ़ें पूरी खबर)