ब्रेकिंग न्यूज़
सड़क किनारे मिला 4 महीने का भ्रूण; कुत्तों ने नोचा:अज्ञात व्यक्ति द्वारा फेंकने की आशंका, मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू

भीलवाड़ा के धोला भाटा सड़क के किनारे शुक्रवार को करीब चार माह का एक भ्रूण पड़ा मिला।सड़क के कुत्ते उसे नोच रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में उसे कोटड़ी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भ्रूण को वहां कौन छोड़कर गया। सड़क किनारे पड़ा था भ्रूण, कुत्ते नोच रहे थे मामला भीलवाड़ा के बड़लियास थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि धोला भाटा की सड़क के किनारे करीब चार माह का एक भ्रूण पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां भ्रूण के आसपास कई कुत्ते जमा थे, जो उसे नोच रहे थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार कुत्ते भ्रूण के निचले हिस्से को खा चुके थे। भ्रूण को देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना की जानकारी गांव और आसपास के इलाके में फैलने के बाद लोग मौके पर पहुंचते रहे। पुलिस ने करवाया पोस्टमॉर्टम पुलिस भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर कोटड़ी हॉस्पिटल पहुंची, जहां उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस भ्रूण को सड़क किनारे कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं। अज्ञात व्यक्ति द्वारा फेंकने की आशंका प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भ्रूण को यहां लाकर फेंक दिया। हालांकि घटना के पीछे की असली वजह और पूरी स्थिति का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि देर रात या सुबह के समय इलाके में कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं देखी गई थी। पुलिस आसपास से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जरूरत पड़ने पर मेडिकल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की भी मदद ली जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।

रीको के सीनियर-DGM रिटायरमेंट से 21-दिन पहले रिश्वत लेते गिरफ्तार:जूनियर असिस्टेंट को भी पकड़ा; 2 कामों के लिए मांगी थी अलग-अलग घूस

अजमेर में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) के सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) को शुक्रवार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। सीनियर डीजीएम का 31 जुलाई को रिटायरमेंट था। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने ब्यावर में रीको के जूनियर असिस्टेंट को भी घूस लेते पकड़ा है। दोनों अधिकारी प्लॉट अलॉटमेंट के बाद पट्टा जारी करने और प्रोडक्ट चेंज की अनुमति देने के नाम पर रिश्वत मांग रहे थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर करीब 2 बजे सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर जयपुर हेड ब्रांच जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन एसीबी ने दोपहर करीब 12 बजे ही गिरफ्तार कर लिया। पहले देखिए, कार्रवाई से जुड़ी 2 PHOTOS.. एक ही प्लॉट के लिए 2 अफसरों ने मांगी अलग-अलग रिश्वत
एडिशनल एसपी मनोज गुप्ता ने बताया- शिकायतकर्ता की ओर से एसीबी को एक शिकायत मिली थी। इसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि सरथाना इंडस्ट्रियल एरिया में प्लॉट अलॉटमेंट के बाद पट्टा जारी करने और प्रोडक्ट चेंज की अनुमति देने के नाम पर रीको के अफसर रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के वेरिफिकेशन के बाद एसीबी ने ब्यावर और अजमेर में एक साथ ट्रैप की कार्रवाई की। अजमेर में रीको के यूनिट हेड (सीनियर डीजीएम) अंजय विश्वकर्मा को 50 हजार रुपए और ब्यावर में जूनियर असिस्टेंट कमलेश गुर्जर को 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। एडिशनल एसपी ने बताया- जूनियर असिस्टेंट कमलेश गुर्जर के पास पट्टा जारी करने की फाइल पेंडिंग थी, जबकि यूनिट हेड अंजय विश्वकर्मा के पास प्रोडक्ट चेंज का काम पेंडिंग था। एक ही प्लॉट के काम के लिए दोनों अधिकारियों ने अलग-अलग रिश्वत मांगी थी। फिलहाल इस मामले में एसीबी की जांच जारी है। दोनों आरोपियों के आवास और ठिकानों पर सर्च जारी है। 31 जुलाई को रिटायर होने वाले थे सीनियर DGM
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए यूनिट हेड (सीनियर डीजीएम) अंजय विश्वकर्मा 31 जुलाई को रिटायर होने वाले थे। विश्वकर्मा की मूल पोस्टिंग किशनगढ़ में है, लेकिन उनके पास अजमेर का अतिरिक्त कार्यभार (चार्ज) भी था। ये खबर भी पढ़िए… भरतपुर में 2 पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार:बाजार में 30 हजार लेते पकड़े गए; जमीन की माप और निशानदेही की एवज में मांगी थी घूस भरतपुर एसीबी ने 30 हजार की रिश्वत लेते दो पटवारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पटवारी भू-प्रबंधन विभाग में तैनात थे। पढ़ें पूरी खबर

नगर परिषद की लहरवाही से बासनी पुलिया पर खतरा:आधा उखड़ा सांकेतिक बोर्ड कभी भी बन सकता है हादसे की वजह

नागौर की बासनी पुलिया पर लगा सांकेतिक बोर्ड लंबे समय से क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा है। बोर्ड का एक हिस्सा उखड़ चुका है और वह केवल लोहे के फ्रेम के सहारे टिका हुआ है। बारिश के मौसम में चल रही तेज हवाओं और अंधड़ के बीच इसके कभी भी नीचे गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसा होने पर पुलिया के नीचे बनी सर्विस रोड से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा हादसा हो सकता है। बासनी पुलिया शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल लोगों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बोर्ड कई दिनों से इसी हालत में है, लेकिन नगर परिषद ने अब तक न तो इसे हटाया है और न ही इसकी मरम्मत करवाई है। ऐसे में लोगों को लग रहा है कि जिम्मेदार विभाग किसी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से नगर परिषद, प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों का रोजाना आना-जाना रहता है। इसके बावजूद क्षतिग्रस्त बोर्ड पर किसी अधिकारी या कर्मचारी की नजर नहीं पड़ी, या फिर नजर पड़ने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे नगर परिषद की नियमित निगरानी व्यवस्था और रखरखाव के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बारिश और तेज हवाओं का दौर अभी जारी है। ऐसे में यदि बोर्ड गिरता है तो किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने या जानमाल के नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से बोर्ड को तुरंत हटाने या सुरक्षित तरीके से दोबारा स्थापित करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही खतरे को टाला जा सके।

प्रतापगढ़ में पुलिस प्रशासन में फेरबदल:90 पुलिसकर्मियों का किया ट्रांसफर, 9 नए अधिकारी

उदयपुर रेंज पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। महानिरीक्षक पुलिस गौरव श्रीवास्तव ने 9 जुलाई को ट्रांसफर आदेश जारी किए। इन आदेशों के तहत प्रतापगढ़ जिले में 9 नए अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि विभिन्न रैंक के कुल 90 पुलिसकर्मियों का अन्य जिलों में तबादला किया गया है। ये आदेश प्रशासनिक एवं कार्यहित में तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। प्रतापगढ़ में 8 नए सीआई अधिकारी आदेशों के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले को पुलिस निरीक्षक (सीआई) स्तर के आठ नए अधिकारी मिले हैं। इनमें कानाराम, कैलाश सोनी, ओम सिंह, ओमप्रकाश गोदारा, देवेन्द्र सिंह कविया, शिवराज सिंह गुर्जर, ईश्वरानन्द और लक्ष्मण सिंह शामिल हैं। वहीं, प्रतापगढ़ से प्रवीण टांक का चित्तौड़गढ़ और रोहित कुमार का राजसमंद तबादला किया गया है। पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) स्तर पर देवी सिंह का उदयपुर से प्रतापगढ़ स्थानांतरण हुआ है। दूसरी ओर, देवलाल मीणा, इन्द्रजीत, नारायण लाल, सोहन लाल, रविन्द्र पाटीदार और जयेश पाटीदार सहित छह एसआई को प्रतापगढ़ से अन्य जिलों में भेजा गया है। सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) श्रेणी में प्रतापगढ़ से 29 अधिकारियों का तबादला किया गया है। इनमें से 13 को चित्तौड़गढ़, 11 को राजसमंद और 5 को उदयपुर स्थानांतरित किया गया है। इस श्रेणी में प्रतापगढ़ को कोई नई पोस्टिंग नहीं मिली है। 45 कॉन्स्टेबलों का ट्रांसफर किया गया इसके अतिरिक्त, 45 हेड कॉन्स्टेबलों का भी जिले से स्थानांतरण किया गया है। इनमें से 31 को चित्तौड़गढ़, 11 को उदयपुर और 3 को राजसमंद भेजा गया है। हेड कांस्टेबल श्रेणी में भी प्रतापगढ़ को कोई नई तैनाती प्राप्त नहीं हुई है। कुल मिलाकर, प्रतापगढ़ जिले में 8 पुलिस निरीक्षक और 1 पुलिस उप निरीक्षक सहित कुल 9 अधिकारियों की नई पोस्टिंग हुई है। वहीं, प्रतापगढ़ से 2 सीआई, 5 एसआई, 45 हेड कांस्टेबल और 38 अन्य कार्मिकों सहित कुल 90 पुलिसकर्मियों का अन्य जिलों में स्थानांतरण किया गया है। इन सभी स्थानांतरण आदेशों पर महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज, गौरव श्रीवास्तव के हस्ताक्षर हैं। ये आदेश प्रशासनिक दक्षता और कार्यहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से जारी किए गए हैं।

यूपी से पकड़कर ला-रहे बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग:भागने समय बदमाश के पैर में लगी गोली, 5 दिन पहले व्यापारियों पर किया था फायर

भरतपुर में 5 जुलाई को बदमाशों ने किराना व्यापारी और बर्तन व्यापारी को गोली मारी थी। जिसमें बर्तन व्यापारी चंद्रभान की मौत हो गई थी, जबकि किराना व्यापारी का इलाज चल रहा है। बदमाश व्यापारी से 60 हजार रुपए से भरा बैग भी लूटकर ले गए थे। इस मामले में 8 जुलाई को आरोपी महेश (28) निवासी कासौट (डीग) को गिरफ्तार किया था। दो आरोपी फरार चल रहे थे। जिन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की थी। पुलिस को सूचना मिली की दोनों फरार आरोपी यूपी में देखें गए है। पुलिस की टीम यूपी पहुंची। वहां पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों को पकड़कर भरतपुर लेकर आ रहे थे। चिकसाना थाना इलाके में पुलिसकर्मी टॉयलेट करने रुके। उस समय आरोपी प्रवीण ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में प्रवीण के पैर में गोली लगी और बलराम भागते समय गिर गया। जिससे उसके पैर में चोट आई है। दोनों को RBM अस्पताल में भर्ती किया गया है। दोनों आरोपी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन किया एसपी राजेश मीणा ने बताया- 5 जुलाई की रात दो व्यापारियों को तीन बदमाशों ने गोली मार दी थी। उसमें से 1 आरोपी को 8 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया था। दो आरोपी फरार चल रहे थे। दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी CCTV कैमरों की मदद ली गई। दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें लगातार काम कर रहीं थी। उत्तर प्रदेश से पकड़े दोनों आरोपी एसपी राजेश मीणा ने बताया- पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों फरार आरोपियों को उत्तर प्रदेश में कहीं देखा गया है। सूचना पर पुलिस की कई टीमें उत्तर प्रदेश पहुंची। दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। साथ ही जो बाइक आरोपियों ने वारदात के समय उपयोग में ली थी उसे भी जब्त कर लिया गया है। गुरुवार रात को जब आरोपियों को भरतपुर लाया जा रहा था। आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल से की फायरिंग एसपी ने बताया- उस समय पुलिस की टीमें चिकसाना थाना इलाके में टॉयलेट के लिए रुकी। इस दौरान आरोपी प्रवीण ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस के ऊपर फायर किया और दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में प्रवीण के पैर में गोली लगी और बलराम भागते समय गिर गया। जिससे उसके पैर में चोट आई है। दोनों को RBM अस्पताल में भर्ती किया गया है। 8 जुलाई को भी पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की थी एसपी ने बताया- महेश निवासी कासौट को 8 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसने भी पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसके भी पैर में भी गोली लगी थी। आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम दिया था। फिलहाल दोनों वारदातों को लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

घर में घुसकर बुजुर्ग महिला के परिवार पर हमला:पोती के सिर में आई गंभीर चोट, 8 के खिलाफ मामला दर्ज

खैरथल के नांगल संतोकड़ा गांव में एक बुजुर्ग महिला और उसके परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला की पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। सिर में लोहे की रॉड लगने से कई टांके आए हैं। पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डंडे और लोहे की रॉड लेकर घर में घुसे आरोपी पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में बताया- नांगल संतोकड़ा निवासी मूर्ति देवी (72) ने बताया- 7 जुलाई की शाम करीब 7:20 बजे वह अपने घर पर थीं। इसी दौरान विनोद, तारा, अन्नू, अमीचंद, खिल्लू, मामचंद, दुल्ली सहित उनके परिवार के अन्य लोग कथित तौर पर लकड़ी के डंडे, लोहे की रॉड और तलवार लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, उन्हें घसीटा और लाठियों से हमला किया। इस दौरान मूर्ति देवी के हाथ और पैर में चोटें आईं। उनकी पोती कुसुम के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोग पहुंचने पर आरोपी मौके से भागे आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर वहां से चले गए। पीड़िता का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। परिवार ने आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। खैरथल थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल भीम सिंह को सौंपी गई है।

नहाते वक्त महिला का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया:महिला ने आरोपी को रुपए भी दिए, आखिर परेशान होकर पति को बताया

सीकर में 29 साल की महिला का नहाते वक्त वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को ब्लैकमेल कर रुपए भी हड़प लिए। महिला ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है। महिला ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि गांव के ही रहने वाले आरोपी ने 16 जून को नहाते वक्त वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद आरोपी ने महिला को ब्लैकमेल किया। डर के मारे महिला ने आरोपी को रुपए भी दे दिए। लेकिन इसके बाद भी आरोपी लगातार महिला को परेशान करता रहा। अंत में यह बात महिला ने अपने पति को बताई और पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। 17 साल की नाबालिग से घर और होटल में रेप हुआ वहीं, दूसरी तरफ 17 साल की नाबालिग लड़की से रेप का मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि गांव के ही रहने वाले आरोपी ने उनकी बेटी को अपने झांसे में लेकर रेप किया। रेप करने के दौरान आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। बाद में इन अश्लील फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर घर और होटल में कई बार रेप किया। नाबालिग लड़की की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

कार्यकर्ताओं से हिंदू सनातन वाहिनी को मजबूत बनाने पर चर्चा:अध्यक्ष ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की, सनातन परंपराओं के संरक्षण पर जोर

हिंदू सनातन वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल जोगी शुक्रवार को धौलपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सुबह करीब 9:30 बजे बरेठा टोल प्लाजा पर हिंदू सनातन वाहिनी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे पुरानी छावनी स्थित प्राचीन रामचंद्र जी एवं हनुमान जी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीराम और हनुमान के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी पंडित सीताराम जगरिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। उन्होंने राहुल जोगी को प्रभु का पावन पटका पहनाकर सम्मानित किया। दौरे के दौरान राहुल जोगी ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, हिंदू धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं जनजागरण पर चर्चा की। राहुल जोगी ने कार्यकर्ताओं से सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान भी किया। धौलपुर में निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद राहुल जोगी मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गए।

मंत्री के नाम से फर्जी अकाउंट बना:मंत्री ने खुद के असली अकाउंट पर पोस्ट डालकर आमजन काे सावधान रहने को कहा

राजस्थान के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के नाम से सोशल मीडिया पर शातिर ठगों ने मंत्री संजय शर्मा का फर्जी अकाउंट बनाकर आम लोगों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया है। इन मैसेजेस के जरिए लोगों को पैसे कमाने और विभिन्न निवेश योजनाओं का झांसा दिया जा रहा है। मामला संज्ञान में आते ही मंत्री ने खुद अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर लोगों को अलर्ट किया है। मंत्री संजय शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा— “मेरे संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया पर मेरे नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी अकाउंट संचालित किया जा रहा है। यह अकाउंट लोगों को मैसेज भेजकर विभिन्न ग्रुप, निवेश योजनाओं एवं अन्य गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।” मंत्री की अपील: “संदेश या लिंक पर विश्वास न करें” संजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस फर्जी अकाउंट से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए लिखा— “मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि इस अकाउंट का मुझसे कोई संबंध नहीं है। कृपया ऐसे किसी भी संदेश, लिंक या निवेश संबंधी प्रस्ताव पर विश्वास न करें और न ही अपनी कोई व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा करें।” साइबर ठगों के खिलाफ जनता से मांगा सहयोग मंत्री ने सोशल मीडिया पर सक्रिय यूज़र्स से इस फर्जी प्रोफाइल को ब्लॉक और रिपोर्ट करने की मांग की है। उन्होंने लिखा— “आप सभी से अनुरोध है कि इस फर्जी अकाउंट को तुरंत Report करें ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके। आपका सहयोग ही ऐसे साइबर अपराधों के विरुद्ध सबसे बड़ी शक्ति है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”

गुवाड़ी कलां स्कूल में 51 पौधे लगाए:स्टूडेंट्स को किया प्रेरित, भारत विकास परिषद ने मनाया 63वां स्थापना दिवस

झालावाड़ जिले में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गुवाड़ी कलां में भारत विकास परिषद का 63वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों के सहयोग से 51 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बच्चों को भारत विकास परिषद के कार्यों से अवगत कराया। जिलाध्यक्ष डॉ. सीताराम पाटीदार ने परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान कोलाना पीईईओ मनोज कोठारी ने “किसी की मुस्कुराहट पर हो निसार” और प्रवीण भाटिया ने “जहां होठों पे सच्चाई रहती है” गीत प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा हो गया। परिषद की ओर से बरगद, पीपल, नीम, गूलर, आंवला, कदम, करंज, आम और गुड़हल सहित 51 बड़े पौधे छात्रों की मदद से रोपे गए। इस अवसर पर परिषद के कोषाध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, सालिगराम दांगी, संस्कार संयोजक सुमंत शर्मा, सरिता शर्मा, विद्यालय के एसएमसी अध्यक्ष भोजराज गुर्जर, पटेल कन्हैयालाल गुर्जर, कालूलाल, हितेश डोई, राजेंद्र, चंद्रप्रभा शर्मा, प्रियंका सक्सेना, समाजसेवी मनोज मेवाड़ा, लक्ष्मीनारायण नागर, हेमराज, कमलेश गुप्ता, बनवारी परिहार और भैरूलाल मेरोठा सहित कई लोग मौजूद रहे। ?अंत में हेडमास्टर जितेंद्र दाधीच ने पौधारोपण और बच्चों के साथ खेल गतिविधियों के आयोजन के लिए भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त किया।