ब्रेकिंग न्यूज़
4,123 खसरों की आपत्तियां निस्तारित:अब पूरा होगा विकास का रिंग; 67 गांवों से गुजरेगी नॉर्दर्न रिंग रोड, दिल्ली-अजमेर के वाहन शहर में नहीं आएंगे

राजधानी के विकास और ट्रैफिक को रफ्तार देने वाले उम्मीद की रिंग जल्द आकार लेने लगेगी। 20 साल पहले 2004 इसकी कवायद शुरू हुई थी। सात साल पहले आधी (साउथ) रिंग बन गई थी, अब बची हुई आधी (नॉर्दर्न रिंग रोड परियोजना) भी अगले तीन साल में नजर आने लगेगी। यह 10 तहसीलों से होकर गुजरेगी। 67 गांवों के 4,123 खसरों की 3,845 बीघा भूमि इस परियोजना में आएगी। इससे प्रभावित लोगों की आपत्तियां एडीएम-द्वितीय ने निस्तारण कर दी हैं। अब एनएचएआई को धारा 3डी की कार्रवाई के लिए फाइल सौंप दी है। प्रशासन संबंधित गांवों में राजस्व रिकॉर्ड और खसरों का भौतिक सत्यापन कर रहा है। निर्माण शुरू होने के बाद सड़क दो साल में तैयार हो सकती है। इसके बनने से अजमेर हाईवे से दिल्ली हाईवे जाने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। साथ ही 10 तहसीलों में विकास का रास्ता खुलेगा। अब धारा 3डी की कार्रवाई होगी, मुआवजा तय होते ही कब्जा प्रक्रिया शुरू होगी इन गांवों से होकर गुजरेगी रिंग रोड

मध्यप्रदेश की बारिश ने भर दी परवन की झोली, तीनों एनीकटों पर चली चादर

सकतपुर| जिले में भले ही अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है लेकिन मध्यप्रदेश की जोरदार बारिश से परवन और पार्वती नदी में पानी की अच्छी आवक हो गई है। परवन नदी का जलस्तर बढ़ने से शेरगढ़ पिकअप वियर के बाद शनिवार को बलदेवपुरा-गोरड़ी और मायथा एनीकट लबालब भर गए है। तीनों एनीकट के ओवरफ्लो होकर चादर चलने लगी ​है। इनमें शेरगढ़ पिकअप वियर से किसानों को नहरी तंत्र के जरिए सिंचाई का पानी मिलता है। जबकि मायथा से अडानी बिजली पावर प्लांट को पानी की आपूर्ति होती ​है। मायथा और बलदेवपुरा से किसान खेतों की सिंचाई भी करते है और भू जलस्तर में भी बढोत्तरी ​हुई ​है। बारां जिले में मानसून में 1 जून से 11 जुलाई तक औसतन 145 मिमी बारिश होती है। वहीं पिछले साल इस दौरान 527.93 मिमी बारिश होने से अधिकांश बांध व तालाब लबालब हो गए थे। वहीं इस साल 1 जून से 11 जुलाई तक 187.5 मिमी औसत बारिश हो चुकी है। यानी 42.5 मिमी बारिश औसत से अधिक हुई है। अब तक औसत से 42.5 मिमी ज्यादा बारिश

संगठित महिला शक्ति राष्ट्र निर्माण में मुख्य भूमिका निभा सकती है: पाटिल

भास्कर न्यूज| बारां
कैट वुमन विंग बारां के शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्वलन से किया। स्वागत में दिव्या सुलेखा जैन ने स्वागत नृत्य की प्रस्तुति दी। पूर्व अध्यक्ष चंदा ठाकुरिया ने पिछले वर्ष की गतिविधियों का ब्यौरा दिया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के जलगांव से राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता पाटिल मुख्य अतिथि रही। कोटा की अध्यक्ष नीलम विजय विशिष्ट अतिथि व संस्थापिका सुमन गोयल उपस्थित रही। चंदा ठाकुरिया एवं चारु गुप्ता के नेतृत्व में मुख्य अतिथि संगीता पाटिल, सुधीरा शर्मा, सुमन गोयल का स्वागत किया। कैट यूथ विंग के निशांत सेठी, अंशुल ने अतिथियों का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता पाटिल ने कहा कि महिला उद्यमियों को संगठन की शक्ति के साथ आगे बढ़ते हुए व्यापार, समाजसेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त करनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि नीलम विजय ने संगठन की मजबूती और महिला नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं सुधीरा शर्मा ने बेटियों एवं महिलाओं से सामाजिक जागरूकता और सुरक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। संस्थापिका सुमन गोयल ने महिला उद्य​िमयों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर होने जाने वाले स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी। संचालन अंशिका अग्रवाल एवं हर्षित ठाकुरिया ने किया। इस दौरान अध्यक्ष चारु गुप्ता, सचिव जिनेशा पतिरा सहित लगभग 30 सदस्यीय कार्यकारिणी को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शपथ दिलाई। नीलम विजय ने सभी का पिन लगाकर अभिनंदन किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष चारु गुप्ता ने आगामी कैट एग्जिबिशन के पोस्टर का विमोचन अतिथियों से करवाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त को होने जा रही भारतीय व्यापार महोत्सव एग्जिबिशन में सभी सदस्यों को आमंत्रित किया।

सुबह था गृह प्रवेश मुहूर्त, रात में घुसे चोर, 3 सूने मकानों के ताले तोड़ जेवर-नकदी चुराई

कांकरोली थाना क्षेत्र के जेके सर्कल स्थित भवानी नगर और आसपास की कॉलोनियों में शुक्रवार देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने तीन मकानों के ताले तोड़े, जिनमें दो घरों से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली, जबकि एक मकान में सामान नहीं होने से वारदात टल गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। शनिवार सुबह भवानी नगर गली नंबर-2 स्थित एक मकान में गृह प्रवेश का मुहूर्त था। परिवार देर रात तक पूजा की तैयारियों के बाद मकान बंद कर चला गया था। सुबह करीब साढ़े चार बजे लौटने पर मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। सूचना पर कांकरोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कांकरोली थाने के एएसआई धनसिंह ने बताया कि भवानी नगर गली नंबर-1 निवासी गोवर्धनलाल कीर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवार पैतृक गांव कुंवारिया में शोक कार्यक्रम में गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर का गेट और दो अलमारियों के ताले तोड़कर लॉकर से करीब 300 ग्राम चांदी और एक ग्राम सोने की बाली चुरा ली। घर का सामान भी बिखेर दिया। वहीं भवानी नगर गली नंबर-2 में लक्ष्मणसिंह के मकान के मुख्य द्वार और अंदर के लॉक तोड़कर बदमाश करीब एक तोला सोने के कान के टॉप्स, चांदी के सिक्के और नकदी ले गए। पास ही एक अन्य नए मकान के भी ताले तोड़े गए, लेकिन उसमें अभी सामान नहीं होने से कोई चोरी नहीं हुई। चोरी की बाइक से वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी : पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात से पहले उन्होंने शिव कॉलोनी निवासी प्रकाश कुमावत के घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी की थी। उसी बाइक से भवानी नगर में अलग-अलग मकानों की रैकी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और बाद में फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान में जुटी है। जांच में यह भी सामने आया कि बदमाशों ने वारदात से पहले जेके सर्कल स्थित एंजल विंग्स हॉस्पिटल के बाहर खड़ी एक बाइक भी चुराई थी। तीन बदमाश होने के कारण बाइक की सीट छोटी लगी तो उसे कुछ दूरी बाद वापस अस्पताल के बाहर ही खड़ा कर दिया। इसके बाद शिव कॉलोनी से बड़ी बाइक चोरी कर उसी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखाई दिया कि बदमाश भवानी नगर गली नंबर-1 के एक अन्य सूने मकान तक पहुंचे थे। उन्होंने दरवाजे का ताला भी परखा, लेकिन उसे तोड़े बिना ही लौट गए। इस दौरान एक बदमाश बाइक पर बैठा रहा, जबकि दो साथी मकानों की रैकी करते रहे।

सिरोही में दो ट्रेलर की भिंड़त के बाद लगी आग,VIDEO:जिंदा जला ड्राइवर, तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान; टायरों में हुए धमाके

दो ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। घटना में एक ट्रेलर का ड्राइवर जिंदा जल गया। घटना सिरोही जिले के अनादरा थाना क्षेत्र में कांडला हाईवे की है। थाना सीआई कमलेश गहलोत ने बताया- घटना शनिवार रात 9 बजे सिरोड़ी अस्पताल के पास की है। एक ट्रेलर जयपुर से मोरबी (गुजरात) की ओर जा रहा था। वहीं दूसरा ट्रेलर अनादरा से सिरोड़ी की ओर आ रहा था। सिरोड़ी अस्पताल के आगे दोनों ट्रेलर की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों ट्रेलर में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि ट्रेलरों के टायर लगातार फटते रहे। जिंदा जला ट्रेलर ड्राइवर, मौत इस दौरान मोरबी जा रहे ट्रेलर के ड्राइवर और हेल्पर के साथ दूसरे ट्रेलर के हेल्पर ने कूदकर जान बचा ली। मगर ड्राइवर आग की चपेट में आने से जिंदा जल गया। दो दमकल मौके पर पहुंची घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना के 40 मिनट एक दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। हादसे के डेढ़ घंटे बाद पहुंची दूसरी दमकल के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हाइवे पर दोनों ओर लंबा जाम लगा है। … यह खबर भी पढ़े राजस्थान में कंटेनर में ब्लास्ट के बाद आग लगी, VIDEO:ड्राइवर जिंदा जला, कंकाल मिला; दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पोल से टकराने से हादसा राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कंटेनर में LED पोल से टकरा गया। टक्कर के बाद कंटेनर में ब्लास्ट हो गया और आग लग गई, जिससे ड्राइवर जिंदा जल गया। (पढ़े पूरी खबर)

100 करोड़ से संवरेगा चंबल गार्डन-किशोरपुरा मुक्तिधाम:ओम बिरला बोले- सिर्फ कोचिंग सिटी नहीं, खेल और पर्यटन का हब बनेगा कोटा

हाड़ौती की विरासत और कोटा की लाइफलाइन कहे जाने वाले ऐतिहासिक चंबल गार्डन का अब कायाकल्प होने जा रहा है। चंबल गार्डन और किशोरपुरा मुक्तिधाम के पुनर्विकास के लिए शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने करीब 100 करोड़ रुपए के कार्यों का शिलान्यास किया। ओम बिरला ने कहा कि 50 साल पुराने इस ऐतिहासिक स्थल को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर नया स्वरूप दिया जाएगा। आगामी दो वर्षों में यह गार्डन देश और प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
सिर्फ कोचिंग सिटी नहीं, खेल और पर्यटन का हब बनेगा कोटा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा के विकास का जो सपना हमने देखा था, वह अब धरातल पर उतर रहा है। आने वाले समय में कोटा सिर्फ कोचिंग सिटी ही नहीं, बल्कि खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और कनेक्टिविटी के मामले में देश के अग्रणी शहरों में शामिल होगा। कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र आने वाले समय में सबसे बेहतरीन कनेक्टिविटी वाला इलाका होगा। लोकसभा अध्यक्ष ने प्रशासनिक सुधारों पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से नगर निगम और कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) की कार्यप्रणाली को और सरल किया जाएगा। कोटा को मिल रही है नई वैश्विक पहचान: यूडीएच मंत्री खर्रा
स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के विजन के कारण ही आज कोटा की पर्यटन परियोजनाओं को नई दिशा मिल रही है। रिवर फ्रंट और चंबल गार्डन जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए कोटा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में कोटा विकास का नया मॉडल बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ‘सफेद हाथी’ साबित हो रहे रिवर फ्रंट को लेकर भी आगे काम करवाए जाएंगे।

बाइक चोरी के शक में युवक को पीट-पीटकर मार डाला:2 आरोपी गिरफ्तार, घर के बाहर से जबरन उठाकर ले गए थे साथ

जयपुर में आमेर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 48 घंटे में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया- 8 जुलाई को अशरफ खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अशरफ खान ने बताया था कि 7 जुलाई की दोपहर करीब 2:30 बजे बेटा वसीम घर से खाना खाने के बाद निकला था। इसी दौरान बाबुल, अकील, साहिल, अज्जू, इस्माइल, सक्का, अल्फा सहित अन्य लोगों ने उसे जबरन अपने साथ ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के लोगों को भी आरोपियों ने धमकाया। घायल वसीम को एसएमएस (SMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की रिपोर्ट के आधार पर आमेर थाने में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमें लगातार दबिश देकर फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
बाइक चोरी के विवाद में की हत्या जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मृतक वसीम पर पहले एक मोटरसाइकिल चोरी का आरोप लगा था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसे पकड़कर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल खान (22) पुत्र ताहिर खान, निवासी गणनाथ शाह की गली, रामचंद्रजी का चौक, थाना रामगंज और नासिर खान उर्फ बाबुल (24) पुत्र गफ्फार खान, निवासी छोटा दरवाजा के पीछे, ठाठर रोड, हींडनपुरा, थाना आमेर के रूप में हुई है। यह भी पढ़े: जयपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या:भाई बोला- 8-10 बदमाशों ने घर से ले जाकर खेत-फार्म हाउस पर लाठियों-सरियों से मारा

निकाय चुनाव पर मंत्री बोले-पिछली सरकार में दबाई गई फाइल:हमारा काम मार्च में ही पूरा हुआ, अब गेंद निर्वाचन-पिछड़ा वर्ग आयोग के पाले में

राजस्थान में लंबे समय से अटके निकाय चुनावों को लेकर स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बड़ा बयान दिया है। मंत्री खर्रा ने कहा- राज्य सरकार और मेरे विभाग के स्तर पर जो भी तैयारियां की जानी थीं, वो मार्च 2026 में ही पूरी की जा चुकी हैं। चुनाव में हो रही देरी के लिए सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए स्थिति स्पष्ट की। मंत्री ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के 2 स्पष्ट निर्णय हैं, जिनके अनुसार जब तक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ओबीसी (OBC) वर्ग की जनसंख्या के सटीक आंकड़े राज्य सरकार को नहीं सौंप देता, तब तक सरकार उन्हें राजनीतिक आरक्षण नहीं दे सकती। मंत्री खर्रा शनिवार देर शाम को कोटा में चंबल गार्डन के पुनर्विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे थे।
शुरुआती आंकड़ों में थीं खामियां, दोबारा रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश मंत्री खर्रा ने माना कि शुरुआती दौर में प्रशासन द्वारा जुटाए गए आंकड़ों में कई खामियां थीं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में स्थानीय प्रशासन को डेटा जुटाने का काम सौंपा गया था। जब हमने इस पर काम शुरू किया, तब ज्यादा मैनपावर एसआईआर (SIR) में लगी हुई थी। ऐसे में जब पिछड़ा वर्ग आयोग ने स्थानीय स्तर पर इसकी जांच की, तो रिपोर्ट में कई विसंगतियां (गलतियां) पाई गईं। इसके बाद हमने स्थानीय प्रशासन को दोबारा से सही रिपोर्ट जल्द तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने उम्मीद जताई है कि चूंकि अभी जनगणना के काम में मैनपावर लगी हुई है, फिर भी अगले एक महीने में स्थानीय प्रशासन आंकड़े इकट्ठा करके दे देगा। जैसे-जैसे आंकड़े आएंगे, पिछड़ा वर्ग आयोग स्थानीय स्तर पर उनकी दोबारा जांच करेगा। कांग्रेस की नीयत पर उठाए सवाल चुनावों में देरी को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए यूडीएच मंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया। खर्रा ने कहा- साल 2022 में ही सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला आ चुका था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार के पास डेढ़ साल का लंबा समय था, वे चाहते तो इस दिशा में कदम बढ़ा सकते थे, लेकिन उन्होंने जानबूझकर इस फाइल को दबाकर रखा। हमारी सरकार आते ही हमने तुरंत आयोग का गठन किया। मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- विधानसभा में जब यह सवाल उठा था, तब भी उन्होंने कहा था कि अगर विपक्ष बिना पिछड़ा वर्ग को राजनीतिक आरक्षण दिए ही चुनाव करवाना चाहता है, तो वे हमें लिखित में मांग सौंपें। राज्य सरकार उस विकल्प पर भी विचार करने को तैयार है, लेकिन आज तक विपक्ष की ओर से ऐसी कोई लिखित मांग नहीं आई है।
रेलवे के आरोपों पर मंत्री का बयान कोटा में रेलवे की जमीन पर बीजेपी ऑफिस के निर्माण मामले में मंत्री खर्रा ने कहा कि पहले ही जमीन की पैमाइश हो चुकी है। लेकिन आज फिर केडीए (KDA) के अधिकारियों को कहा है कि रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखकर उनके पास जो दस्तावेज हैं, उनकी प्रति मंगवा ली जाए। इसके बाद रेलवे, केडीए और राजस्व की टीम मिलकर अपने-अपने दस्तावेजों के आधार पर फिर से पैमाइश कर लेंगी। सेवा शिविर की बढ़ सकती है समय सीमा मंत्री खर्रा ने बताया कि प्रदेश में चल रहे शहरी-ग्रामीण सेवा शिविर को लेकर विचार किया जा रहा है। जिस प्रकार का रुझान लोगों में इन शिविरों को लेकर है, हमें लग रहा है कि इसकी अवधि पंद्रह दिनों के लिए और बढ़ानी चाहिए। इसके लिए मुख्यमंत्री से बात कर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

मदन राठौड़ बोले-यह न्याय की नहीं,मीडिया में प्रचार-पाने की कोशिश:भाजपा मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठा परिवार; अपार्टमेंट के पोर्च में मिला था युवती का शव

जयपुर में अपार्टमेंट के पोर्च में मिली युवती के शव के मामले में परिजन शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मामले की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग करते हुए दावा किया कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठे परिजनों से बातचीत की। परिवार से 10 दिन का समय मांगते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। मीडिया से बातचीत में मदन राठौड़ ने कहा- कई लोग ऐसे मामलों में प्रचार-प्रसार (पब्लिसिटी) पर भी ध्यान देते हैं और मीडिया को भी ऐसे मामलों में जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। मुझे लगता है कि यह केवल न्याय पाने की कोशिश नहीं, बल्कि मीडिया में प्रचारित होने की भी कोशिश है। जिसकी बेटी गई है, वह मीडिया में प्रचारित क्यों होना चाहता है, यह समझ में नहीं आता। मुझे लगता है कि इन्हें किसी ने प्रेरित करके यहां भेजा है और मैं इसकी निंदा करता हूं। दरअसल, जयपुर में एक अपार्टमेंट के पोर्च में 6 जून को युवती का शव मिला था। युवती घर से साइकिलिंग करने निकली थी। काफी समय बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजन उसे ढूंढने निकले थे, जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ था। युवती के परिवार ने कही ये बड़ी बातें… 1. लिखित आश्वासन मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन, भाजपा नेताओं को सौंपा ज्ञापन परिजनों ने साफ तौर पर कहा है कि जब तक सरकार की ओर से सीबीआई (CBI) जांच को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा, क्योंकि केवल मौखिक भरोसे से उन्हें संतुष्टि नहीं है। भाजपा पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच कराने और किसी स्वतंत्र एजेंसी से इसकी जांच कराने की मांग रखी है। अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए किसी भी हद तक संघर्ष करने को तैयार हैं। 2. प्रभावशाली लोगों और पुलिस पर लगाया दबाव बनाने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग मृतका के माता-पिता ने आरोप लगाया कि मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के कारण राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव के चलते इसे दबाने की कोशिश की जा रही है। हम पर लगातार दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है, मीडिया के सामने अपनी बात रखने से रोका जा रहा है और धरना समाप्त नहीं करने पर जबरन हटाने की धमकियां दी जा रही हैं मदन राठौड़ ने परिजनों से की बातचीत, डीजीपी को लगाया फोन और मांगा 10 दिन का समय धरने की सूचना मिलने के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने परिजनों से बातचीत की। उन्होंने तुरंत पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा से फोन पर संवाद किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी आदित्य पूनिया की डीजीपी से बात करवाकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। राठौड़ ने कहा कि सरकार और भाजपा संगठन पूरी तरह से निष्पक्ष जांच के पक्षधर हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार से 10 दिन का समय मांगते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। ‘सीएम को लिखकर भेज दूंगा, लेकिन लिखित गारंटी नहीं दे सकता’ सीबीआई जांच की मांग पर मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं सीबीआई जांच का आदेश नहीं दे सकते। वे मांग कर सकते हैं, मैं उनकी मांग मुख्यमंत्री को लिखकर भेज दूंगा कि परिवार सीबीआई जांच चाहता है। लेकिन मैं उन्हें यह लिखकर नहीं दे सकता कि जांच सीबीआई से ही होगी। उन्हें भी यह समझना चाहिए कि जांच की प्रक्रिया कैसे तय होती है। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर तैनात रही। फिलहाल परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जबकि भाजपा संगठन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए परिवार से 10 दिन का समय मांगा है। ——– यह खबर भी पढ़िए.. जयपुर में अपार्टमेंट के पोर्च में नाबालिग-छात्रा का शव मिला:घर से साइकिलिंग करने निकली थी; परिवार बोला- किडनैप करके मारा जयपुर में अपार्टमेंट के पोर्च में शनिवार सुबह एक नाबालिग छात्रा का शव मिला है। 16 साल की छात्रा 12वीं क्लास में पढ़ती थी। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह साइकिलिंग करने निकली थी। काफी समय बाद भी घर नहीं लौटने पर परिजन छात्रा को ढूंढने निकले। पढ़ें पूरी खबर

20 लाख का गांजा, स्मैक के साथ चार आरोपी गिरफ्तार:5 किलो गांजा, 69.35 ग्राम स्मैक और स्कॉर्पियो जब्त

उनियारा थाना पुलिस ने शनिवार को स्कॉर्पियो सवार चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 20 लाख रुपए का गांजा और स्मैक जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 60 ग्राम गांजा, 69.35 ग्राम स्मैक, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, चार स्मार्टफोन और 4,780 रुपए भी जब्त किए हैं। उनियारा थाने के एएसआई रतनलाल मीणा ने बताया कि थाना प्रभारी कप्तान सिंह मय टीम शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कामधेनु सर्किल, उनियारा के आगे नैनवां रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर काले रंग की एक स्कॉर्पियो गाड़ी की जांच की। कार में सवार चारों युवकों के कब्जे से 5 किलो 60 ग्राम गांजा और 69.35 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने गांजा, स्मैक और स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया। पुलिस ने सलमान (34) पुत्र रशीद खान निवासी हसनपुर कॉलोनी, वार्ड नं. 16, बड़ौदा मार्ग, बंजारा डैम, पुलिस थाना कोतवाली, श्योपुर, जिला श्योपुर (मध्यप्रदेश), अमन सिंह (26) पुत्र रविंद्र सिंह भदौरिया निवासी हीरापुर, पुलिस थाना मानपुर, जिला श्योपुर (मध्यप्रदेश), राकेश (32) पुत्र प्रकाश सिंह भदौरिया निवासी गिरधरपुर, पुलिस थाना मानपुर, जिला श्योपुर (मध्यप्रदेश) तथा सुरेश (30) पुत्र मीठालाल निवासी बंसल पेट्रोल पंप के पीछे, वार्ड नं. 18, शिव सज्जन कॉलोनी, उनियारा, पुलिस थाना उनियारा, जिला टोंक (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।