ब्रेकिंग न्यूज़
टीचर भर्ती एग्जाम में मन्नत धागे और हेयर-बकल तक उतरवाए:अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद सेंटर्स में मिली एंट्री

पाली में राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से वरिष्ठ अध्यापक(ग्रेड सेकंड) प्रतियोगी परीक्षा-2025 सोमवार को भी हुई। परीक्षा के लिए 17 केंद्र बनाए गए, जहां कड़ी जांच के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। दोनों पारियों में रजिस्टर्ड 10878 अभ्यर्थियों में से 7732 अभ्यर्थियों में परीक्षा दी। 71.07 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। जिलेभर में नकल का कोई मामला सामने नहीं आया। दोनों पारियों में कड़ी जांच के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। एंट्री से पहले अभ्यर्थियों के पहने मन्नत के धागे खुलवाए गए। बालों में लगे बकल भी लड़कियों से खुलवाए गए। इसके साथ की मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद एंट्री दी गई। पहली पारी में पंजीकृत 5439 में से 3876 अभ्यर्थी (71.26 प्रतिशत) परीक्षा देने पहुंचे। दूसरी पारी में पंजीकृत 5439 में से 3856 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे, जो करीब 70.90 प्रतिशत रहा। पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई, जिसमें 9 बजे तक ही अभ्यर्थियों को एंट्री दी। दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 से शाम साढ़े 5 बजे तक हुई। यह परीक्षा प्रदेश के कई जिलों में 12 जुलाई से 18 जुलाई तक चलेगी।

जोधपुर में अवैध मॉडिफाई वाली बसें सीज:लग्जरी और स्लीपर बसों में छेड़छाड़ कर किए बदलाव; पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें

जोधपुर में नियमों के विपरीत मॉडिफिकेशन कर संचालित की जा रही लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को जांच के दौरान कई बसों में अवैध बदलाव पाए जाने पर उन्हें सीज कर दिया गया। वहीं, शहर में दिनभर हुई अन्य प्रमुख घटनाओं और अहम खबरों पर भी एक नजर डालिए। जोधपुर शहर में लग्जरी और स्लीपर बसों को लेकर सोमवार को बड़ी कार्रवाई हुई। इस दौरान 10 बसों को सीज कर चालान किए गए। बताया जा रहा है कि इन बसों को अवैध तरीके से इनके स्ट्रक्चर में बदलाव किया गया था, जो यात्रियों के लिए जान का खतरा साबित हो रहा था। वहीं शहर की सिटी बसों को लेकर भी अभियान चलाया गया है। इसे लेकर इन पर कार्रवाई भी की गई। इधर, शहर के वीतराग सिटी में बालिका सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर जागरूकता वर्कशॉप हुई। जोधपुर शहर की प्रमुख खबरों के लिए पढ़ें लाइव ब्लॉग..

इंटरनेशनल फिजिक्स ओलम्पियाड में भारत को गोल्ड मैडल:87 देशों में हासिल की पहली रैंक; कोटा कोचिंग के स्टूडेंट्स ने देश को दिलाए 5 मैडल

कोलंबिया के बुकारामंगा में 4 से 12 जुलाई तक आयोजित 56वें इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड-2026 में भारत ने इतिहास रच दिया। इस प्रतियोगिता के फाइनल में भारतीय टीम के सभी पांचों स्टूडेंट्स ने गोल्ड मैडल जीते। इस प्रदर्शन की बदौलत दुनिया के 87 देशों के बीच भारत पहले पायदान पर रहा। इन होनहारों में कनिष्क जैन, रिद्धेश बेंडाले, ऋषित गर्ग और स्वरित जोशी शामिल हैं। कठिन चार चरणों को पार कर मिली सफलता इस मुकाम तक पहुंचने के लिए छात्रों को कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। पहले चरण में ‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स’ की ओर से आयोजित एनएसईपी परीक्षा में कोटा के 138 छात्र चुने गए। इसके बाद ‘होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन’ द्वारा आयोजित दूसरे चरण में 20 छात्रों ने अगले दौर में जगह बनाई। तीसरे चरण के ओरिएंटेशन कम सेलेक्शन कैंप के बाद भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 5 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम का चयन किया गया। इसमें 4 छात्र कोटा कोचिंग के थे। आखिरी चरण में कोलंबिया के बुकारामांगा में आयोजित फाइनल मुकाबले में 87 देशों के 381 दिग्गजों के बीच भारतीय टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तिरंगा लहराया। कनिष्क जैन को मिला वर्ल्ड की नंबर-1 यूनिवर्सिटी एमआईटी का साथ जेईई एडवांस्ड में ऑल इंडिया रैंक 8 हासिल करने वाले और दुनिया की नंबर-1 रैंकिंग यूनिवर्सिटी मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी यूएसए) के लिए चयनित कक्षा 12वीं के छात्र कनिष्क जैन ने इसे बेहतरीन अनुभव बताया। कनिष्क के अनुसार- कोटा में जो अकेडमिक सपोर्ट उन्हें मिला, वह सर्वश्रेष्ठ था। फाइनल मुकाबले में दुनियाभर के प्रतिभावान छात्रों से मिलने का मौका मिला। संस्थान की मजबूत पढ़ाई बेहद उपयोगी साबित हुई। भारत की इस ऐतिहासिक सफलता में कोटा के कोचिंग संस्थान एलन का दबदबा रहा। टीम के पांच में से चार मैडल्स संस्थान के स्टूडेंट्स ने जीते हैं। इंटरनेशनल ओलम्पियाड्स की मेडल टैली में कोटा कोचिंग का दबदबा ऑफिशियल इंटरनेशनल ओलम्पियाड्स के इतिहास में कोटा कोचिंग के स्टूडेंट्स का प्रदर्शन शानदार रहा। संस्थान के छात्रों ने अब तक विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुल 188 मेडल अपने नाम किए हैं। इसमें 90 गोल्ड, 75 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।

यूसीसी पर सलूंबर में जनसुनवाई:संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव, कानून की भूमिका के बारे में बताया

सलूंबर में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मसौदे पर सोमवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई हुई। जिला कलेक्ट्रेट वीसी कक्ष में उदयपुर संभाग से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर ये जनसुनवाई हुई। जनसुनवाई की अध्यक्षता समान नागरिक संहिता प्रारूप समिति के सदस्य और राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर बेंच के अतिरिक्त महाधिवक्ता बसंत सिंह छाबड़ा ने की। गृह विभाग के प्रतिनिधि के रूप में प्रारूप समिति के सदस्य एवं संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल भी मौजूद थे। संगठनों-राजनीतिक दलों ने दिए सुझाव सलूंबर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, बार एसोसिएशन और जनप्रतिनिधियों ने मसौदे पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। छाबड़ा ने कानून निर्माण में प्रारूप समिति की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार देता है। राज्य सरकार की मंशा है कि समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण कानून का निर्माण व्यापक जनभागीदारी से हो। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में जनसुनवाई आयोजित कर विभिन्न वर्गों और समाजों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं, ताकि प्रभावी एवं समावेशी कानून बन सके। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ दिनेश राय सापेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला सहित कार्मिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दैनिक भास्कर का 'लोक सेवक सम्मान 2026' संपन्न:जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

अपनी बेहतर कार्यशैली, पारदर्शिता, नवाचार और जनसेवा के जरिए समाज से सकारात्मक बदलाव लाने वाले सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान किया गया। बीकानेर के रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिद्धि-सिद्धि पैलेस में रविवार शाम दैनिक भास्कर की ओर से ‘लोक सेवक सम्मान समारोह- 2026’ आयोजित किया गया। इस दौरान 43 लोक सेवकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सरकारी विभागों के चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने दी बधाई कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर निशांत जैन और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडेय रहे। दोनों अतिथियों ने सम्मानित लोकसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि ईमानदारी, सेवा भावना और नवाचार के साथ किया गया कार्य समाज के लिए प्रेरणा बनता है। समारोह में शहर के प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा दैनिक भास्कर के यूनिट हेड संदीप चतुर्वेदी और स्थानीय संपादक पीयूष मिश्रा भी समारोह में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि लोकसेवकों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मंच पर प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके उल्लेखनीय योगदान का सम्मान किया गया। समारोह सफलतापूर्वक संपन्न होने पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इनका हुआ सम्मान भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी मनु गर्ग, प्रशिक्षु आईएएस महिमा कसाना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, इंगांनप मुख्य अभियंता विवेक गोयल, कोषाधिकारी धीरज जोशी, महिला अधिकारिता विभाग की उप निदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना, प्रशासनिक अधिकारी संजय पुरोहित, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मंजू रैण गोदारा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप कुमार, सहायक कलेक्टर रणजीत बिजारणियां, बीडीए उपायुक्त कुणाल राहड़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार, सहायक प्रशासनिक अधिकारी किशन गोपाल पुरोहित, सहायक निदेशक मुकेश गहलोत, जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डॉ. सी.एस. मोदी, आईटी विभाग के अतिरिक्त नदेशक सत्येंद्र सिंह राठौड़, देवस्थान विभाग की निरीक्षक सोनिया रंगा, संभागीय रोजगार कार्यालय के उप निदेशक हरगोबिन्द मित्तल, रीडर जिला कलेक्टर मनीष जोशी, लेखाधिकारी श्रम विभाग सीपी शर्मा, सहायक अभियंता पंचायत समिति मुकेश आहूजा, जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश राजपुरोहित, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक महेश व्यास, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र शर्मा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मनीष स्वामी, एमडी सीसीबी मोहम्मद फारुख, जिला परिवहन अधिकारी भारती नैथानी, जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष, सहायक प्रशासनिक अधिकारी प्रेम कंवर, न्याय शाखा के राजेश किराडू, जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष, मंडी सचिव नवीन गोदारा, कलेक्ट्रेट विकास शाखा के शहजाद अली, सानिवि अधीक्षण अभियंता विमल गहलोत, कलेक्ट्रेट से हनुमान आचार्य, , आरएसआरडीसी की परियोजना प्रबंधक शिल्पा कच्छावा, सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी बृजेंद्र सिंह, आईसीडीसएस के डीडी सुभाष बिश्नोई, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी महावीर ओझा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएमएचओ ऑफिर श्रवण कुमार वर्मा, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी संदीप कुमार, नगर पालिका खाजूवाला के अधिशासी अभियंता मोहनलाल नायक, पांचू पंचायत समिति के विकास अधिकारी जसवंत सिंह बिश्नोई। कार्यक्रम के सहयोगी रहे—
मेन स्पॉन्सर जिंदल रिन्यूबल, एसोसिएट स्पॉन्सर बीएनपी इंटीरियर, टाइटल स्पॉन्सर इंडिया सोलर, इवेंट पार्टनर अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (विनोद बाफना) तथा को-स्पॉन्सर के रूप में एक पेड़ एक ज़िन्दगी, बीकेईएसएल, उरमूल डेयरी, राराम धारणिया, जिनोवा सोलर (खाजूवाला) और कॉन्सेप्ट रहे।

कारखाने में घुसकर युवक-परिवार पर हमला, VIDEO:कारीगर से पैसे वसूली के विवाद में मारपीट, घटना CCTV में कैद

डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बोरी गांव में स्थित ‘महादेव मोटर्स’ पर सोमवार शाम को मारपीट की घटना सामने आई है। तीन लोगों ने कारखाने के संचालक और उसके परिवार पर हमला कर गाली-गलौज की। पीड़ित युवक ने कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित शैलेन्द्र कुमावत निवासी बोरी अपने कारखाने ‘महादेव मोटर्स’ पर काम कर रहे थे। इसी दौरान ‘हरिओम मोटर्स’ के मालिक छगन कुमावत अपने दो बेटों साहिल कुमावत और हरीश कुमावत के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने शैलेन्द्र से उनके यहां काम करने वाले कारीगर आसिफ खान के बारे में पूछा। शैलेन्द्र ने बताया कि आसिफ आज उनके यहां भी काम पर नहीं आया है। इस पर तीनों आरोपी उग्र हो गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने शैलेन्द्र पर नाजायज दबाव बनाते हुए कहा कि वे आसिफ से पैसे मांगते हैं, और यह पैसा शैलेन्द्र को देना होगा अन्यथा उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इतना कहते ही छगन कुमावत और उसके दोनों बेटों ने शैलेन्द्र, उसके भाई चाहत और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े और शोर-शराबे की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित शैलेन्द्र को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया। पीड़ित ने इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

9.81 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार:गश्त के दौरान दबोचा; खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ

कोतवाली थाना पुलिस ने 9.81 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर स्मैक के सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी रोहिताश देवंदा के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान दौलतपुरा रोड स्थित शराब ठेके से आगे ग्राम कलमण्डा के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 9.81 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी शाहिद खान (23) पुत्र शब्बीर अली निवासी बडौरा, थाना मोठपुर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सदर थाना पुलिस को सौंपी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक खेमराज के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक परशुराम, नदीम अहमद, हेड कॉन्स्टेबल अर्जुनराम, कॉन्स्टेबल जुगल सिंह और ड्राइवर कॉन्स्टेबल मुकेश की टीम शामिल रही। सहायक उपनिरीक्षक परशुराम की भूमिका विशेष रूप से अहम रही।

सीकर से गंगोत्री के लिए रवाना हुई 16वीं कांवड़ पदयात्रा:20 शिवभक्त लाएंगे गंगाजल, हर्ष पर्वत पर भोलेनाथ का करेंगे अभिषेक

सीकर में श्रावण मास के कावड़ मेले के तहत सीकर से गंगोत्री के लिए शिवभक्तों की 16वीं कांवड़ पदयात्रा रविवार को राधाकिशनपुरा की मोदी कोठी से रवाना हुई। 20 शिवभक्तों का जत्था लगभग 1300 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर 1 महीने बाद गंगोत्री से गंगाजल लेकर सीकर लौटेगा। हर्ष पर्वत पर स्थित भैरूनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के साथ पदयात्रा संपन्न होगी। जत्थे की रवानगी के अवसर पर पालवास बगीची के भगवान दास महाराज और अमरदास महाराज ने शिवभक्तों को दुपट्टा पहनाकर और पुष्पवर्षा कर रवाना किया। गंगोत्री के गंगाजल से 16वीं बार भोलेनाथ का होगा अभिषेक यात्रा प्रमुख सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि लगातार 16वीं बार सीकर में गंगोत्री के गंगाजल से भोलेनाथ का अभिषेक होगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज कल्याण के लिर निकाली जा रही है। शहर के शिवालयों में पहुंचाया जाता है गंगोत्री से लाया गंगाजल भगवान दास महाराज और अमरदास महाराज ने कहा कि शिवभक्तों की टोली जब गंगोत्री से कांवड़ लेकर लौटती हैं तो पूरे शहर के विभिन्न शिवालयों में गंगा नदी के उद्गम स्थल का गंगाजल पहुंचाया जाता है। गंगोत्री से पैदल कांवड़ लेकर आएंगे शिव भक्त रतनलाल सैनी ने बताया कि 20 पदयात्री गंगोत्री से पैदल कांवड़ लेकर आएंगे। पिछले 15 साल से सीकर के युवा 1000 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा का हिस्सा बन रहे हैं। यात्रा में सुरेश सैनी, विनोद सैनी, अभिषेक गुर्जर, पन्नालाल गुर्जर, मुकेश सैनी, गोपाल सैनी, गोगाराम सैनी, राकेश सैनी, पंकज सैनी, संजय सैनी, प्रह्लाद सैनी, मूलचंद सैनी, राहुल सैनी, मनीष शर्मा, बजरंग हर्ष और रोहित सैनी समेत कई शिवभक्त शामिल रहेंगे।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:लड़की को थप्पड़ मारा तो चाकू घोंपकर हत्या; 100 मीटर तक डिवाइडर पर दौड़ी कार,2 की मौत; बाजार में लंगड़ाकर चले हत्यारे

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बालोतरा से है। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर में घुस गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर में घुसी, 5 की मौत
बालोतरा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो गाड़ी के अंदर घायल तड़प रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 2. डकैत जगन गुर्जर हत्याकांड में SHO लाइन हाजिर
कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या के 12 दिन बीतने के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो परिजनों-ग्रामीणों ने बाड़ी की तरफ कूच कर दिया। इस पर धौलपुर कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। 5 प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रशासन ने बाड़ी SHO को लाइन हाजिर कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 3. लड़की को थप्पड़ मारने पर कर दी दोस्त की हत्या
जयपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान लड़की को थप्पड़ मारने पर बदमाशों ने चाकू घोंपकर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोपियों में शामिल दो बदमाश भरतपुर ओपन जेल से भागकर जयपुर आए थे। बदमाश अपने साथियों के साथ मेट्रो स्टेशन के पास स्थित आतिश मार्केट में इक्का क्लब में बर्थडे पार्टी कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 4. बुटाटी धाम अध्यक्ष ने जांच रिपोर्ट को फर्जी बताया
नागौर के बुटाटी धाम में 22.74 करोड़ रुपए की वित्तीय गड़बड़ी को लेकर आई जांच रिपोर्ट को मंदिर समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने फर्जी बताया। उन्होंने SDM और जांच समिति पर राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। पूरी खबर पढ़ें 5. व्यापारी की हत्या करने वाले बदमाश लंगड़ाते हुए चले
भरतपुर में बर्तन व्यापारी की हत्या करने वाले बदमाशों ने पुलिस ने बाजार परेड निकाली। इस दौरान दोनों बदमाश लंगड़ाते हुए चल रहे थे। पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले गई और क्राइम सीन रिक्रिएट भी करवाया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. मरीज की जांच रिपोर्ट बदली, गलत दवा देने से मौत
अजमेर के JLN हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। बेटे का आरोप है कि पेट दर्द के कारण पापा को हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। स्टाफ की लापरवाही से उनकी जांच रिपोर्ट बदल गई। इसके कारण डॉक्टर ने किडनी की बीमारी की दवा दे दी और उनकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 7. 100 मीटर तक डिवाइडर पर दौड़ी कार, 2 की मौत
कोटा में ढाबे पर खाना खाकर लौट रहे दोस्तों की कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 2 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। बेकाबू कार करीब 100 मीटर तक डिवाइडर के ऊपर दौड़ती चली गई। इसके बाद सड़क के दूसरी तरफ जाकर पलट गई। पूरी खबर पढ़ें 8. ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल, 10 हजार ट्रकों के पहिए थमे
राजस्थान में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), परमिट और ई-डिटेक्शन चालान को लेकर ट्रांसपोर्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे प्रदेश में करीब 10 हजार ट्रकों के पहिए थम गए हैं। ट्रांसपोर्ट संगठनों का कहा- जब तक मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। पूरी खबर पढ़ें 9. शराब पीकर सरकारी स्कूल पहुंचा हेडमास्टर
ब्यावर जिले के शिवनाथपुरा गांव में सरकारी स्कूल का हेडमास्टर शराब के स्कूल पहुंच गया। उसने रसोई में पहले खुद के लिए और फिर बच्चों के लिए खाना बनाने का दबाव डाला। सूचना पर ग्रामीण स्कूल पहुंचे तो हेडमास्टर ने कहा- मैं बीमार हूं, इसलिए दवाई ली है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
10. बिजनेसमैन का इंजीनियर बेटा बनेगा संत
पाली के 30 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर शुभम श्रीश्रीमाल 40 लाख रुपए सालाना पैकेज की नौकरी छोड़कर संत बनेंगे। 4 सितंबर को बीकानेर में आचार्य रामलाल महाराज एवं उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि की निश्रा में दीक्षा ग्रहण करेंगे। शुभम के पिता का टेक्सटाइल का बिजनेस है। पूरी खबर पढ़ें

जयपुर के ट्रैफिक पर नजर रखेगा AI:जिस दिशा में ट्रैफिक ज्यादा होगा, वहां ग्रीन सिग्नल का बढ़ जाएगा टाइम

स्मार्ट सिटी जयपुर में ट्रैफिक प्रबंधन अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए होगा। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की पहल पर जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने डेटा कोर इन्फोटेक के सहयोग से रामबाग सर्किल पर AI आधारित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) का 39 दिनों तक सफल परीक्षण किया। ट्रायल की सफलता के बाद अब शहर के 423 में से 253 प्रमुख चौराहों पर इस अत्याधुनिक तकनीक को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था में पारंपरिक फिक्स टाइमर की जगह AI कैमरे चौराहों पर वाहनों की संख्या और कतार की लंबाई का रियल टाइम विश्लेषण करेंगे। जिस दिशा में ट्रैफिक ज्यादा होगा, वहां स्वतः ग्रीन सिग्नल का समय बढ़ जाएगा, जबकि कम ट्रैफिक वाली लेन का समय घट जाएगा। पूरी प्रक्रिया बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के 24 घंटे स्वतः संचालित होगी। 3 जून से 11 जुलाई तक रामबाग सर्किल पर हुए पायलट प्रोजेक्ट के दौरान AI सिस्टम ने 4.88 लाख से अधिक वाहनों को सुचारु रूप से पार कराया। इस दौरान हर लेन में वाहन चालकों के 8 से 45 सेकंड तक का समय बचा और औसत ग्रीन टाइम 33.63 सेकंड दर्ज किया गया। ट्रैफिक का प्रवाह बेहतर होने से 39 दिनों में लगभग 2,535 किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम हुआ, जो प्रतिदिन करीब 65 किलोग्राम की बचत के बराबर है। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भी नजर रखेगा यह AI सिस्टम केवल ट्रैफिक सिग्नलों का संचालन ही नहीं करेगा, बल्कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भी नजर रखेगा। कैमरे ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट जंप, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और लेन उल्लंघन जैसे मामलों की स्वतः पहचान करेंगे। साथ ही यदि किसी वाहन पर पहले से कोई चालान लंबित है तो नंबर प्लेट स्कैन होते ही उसकी जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगी। ट्रायल के दौरान एक कैमरे ने प्रतिदिन औसतन 4,200 वाहनों को स्कैन किया और करीब 450 वाहनों के चालान संबंधी रिकॉर्ड स्वतः दर्ज किए। एक चौराहे का AI दूसरे चौराहे के AI से समन्वय कर रखेगा नजर ट्रैफिक डीसीपी योगेश गोयल की निगरानी में संचालित इस परियोजना के अगले चरण में शहर के विभिन्न चौराहों को आपस में जोड़कर मल्टी-जंक्शन सिंक्रोनाइजेशन विकसित किया जाएगा, जिससे एक चौराहे का AI दूसरे चौराहे के AI से समन्वय स्थापित कर पूरे रूट का ट्रैफिक स्वतः नियंत्रित करेगा। भविष्य में इस तकनीक के माध्यम से एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों को स्वतः ग्रीन कॉरिडोर देने की सुविधा भी विकसित की जाएगी। नई AI आधारित ट्रैफिक प्रणाली लागू होने से शहर में जाम कम होगा, यात्रा का समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही ट्रैफिक पुलिस को चौराहों पर मैनुअल संचालन के बजाय दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, स्कूलों और बाजारों जैसे संवेदनशील स्थानों पर अधिक प्रभावी निगरानी का अवसर मिलेगा।