ब्रेकिंग न्यूज़
'मल्लिका' आम ने बदली किस्मत, हर साल लाखों की कमाई:प्राइवेट नौकरी छोड़कर शुरू की बागवानी; इनोवेशन के लिए मिला सम्मान

इलेक्ट्रिकल में पॉलिटेक्निक डिप्लोमा करने के बाद चार साल प्राइवेट कंपनियों में नौकरी की। सैलरी ज्यादा नहीं थी और परिवार से भी दूर रहना पड़ता था। पिता की तबीयत खराब होने पर भी नौकरी की वजह से समय पर घर नहीं पहुंच पाते थे। ऐसे में नौकरी छोड़कर खेती करने का फैसला किया। काफी रिसर्च के बाद 7 साल पहले दो बीघा जमीन में आम की ‘मल्लिका’ वैरायटी के पौधे लगाए। चार महीने तक फल देने वाली इस वैरायटी से अब हर साल लगातार मुनाफा बढ़ रहा है। म्हारे देश की खेती में आज बात चित्तौड़गढ़ के किसान की… पारंपरिक फसल छोड़कर बागवानी को चुना
कन्हैयालाल धाकड़ (37) चित्तौड़गढ़ जिले की निंबाहेड़ा तहसील के भैरूखेड़ा गांव के किसान हैं। खेती में कुछ नया करने की इच्छा से उन्होंने पारंपरिक फसलों के बजाय बागवानी को चुना। साल 2025 में पिता मोहनलाल धाकड़ का निधन हो गया, लेकिन उनकी प्रेरणा आज भी परिवार के साथ है। मां धापूबाई, पत्नी ममता, बेटा चंद्रप्रकाश और अन्य भाई बागवानी में पूरा सहयोग करते हैं। चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे कन्हैयालाल को साल 2025 में उदयपुर में इनोवेटिव फार्मर के रूप में सम्मानित भी किया गया। आंध्र प्रदेश से मंगवाए 270 पौधे कन्हैयालाल धाकड़ ने बताया- साल 2017 में उदयपुर में नौकरी करते समय पिता की तबीयत खराब हुई। नौकरी के कारण घर नहीं आ पा रहा था तो सबकुछ छोड़कर वापस आ गया। भैरूखेड़ा गांव में खेती करना शुरू कर दिया। पिता के सहयोग से दो बीघा में आम का बगीचा लगाने का प्लान किया। काफी रिसर्च के बाद आंध्र प्रदेश से 270 पौधे मंगवाए। जुलाई-अगस्त में डेढ़ से ढाई फीट गहरे गड्ढे तैयार कर उनमें गोबर की सड़ी खाद या वर्मी कम्पोस्ट के साथ थोड़ी डीएपी और एसएसपी मिलाकर पौधे लगाए। पौधों के बीच 8×12 फीट या जरूरत के अनुसार दूरी रखी। सिंचाई के लिए मैंने कम खर्च वाला पारंपरिक तरीका अपनाया। शुरुआत में खराब मिट्टी के कारण कुछ पौधे खराब हुए, जिन्हें नए पौधों से बदल दिया गया। पहले साल पौधों पर आए फूल और छोटे फल हटा दिए, ताकि पेड़ मजबूत हो सकें। करीब पांच-छह साल बाद अच्छी पैदावार मिलने लगी और आज सभी पेड़ लगभग 15 फीट ऊंचे होकर भरपूर फल दे रहे हैं। आम से लगातार बढ़ रहा मुनाफा
चुनौतियों के बावजूद पौधे विकसित हुए और 2020 से उत्पादन शुरू हुआ, जो 10 क्विंटल से बढ़कर 2025 में लगभग 150 क्विंटल तक पहुंच गया। आम की मांग बढ़ने के साथ कीमतें भी बढ़ीं और अब उनकी सप्लाई चित्तौड़गढ़ के अलावा प्रतापगढ़, नीमच, उज्जैन और उदयपुर तक हो रही है। इस समय आम 100 से 120 रुपए किलो बिक रहे हैं, जबकि बड़े और अच्छी गुणवत्ता वाले फल 150 से 200 रुपए किलो तक बिक जाते हैं। साल 2025 में उन्हें करीब 1.40 लाख रुपए का शुद्ध लाभ हुआ, जबकि इस साल ढाई से तीन लाख रुपए तक मुनाफे की उम्मीद है। दूसरे किसानों के लिए भी बना सफल मॉडल कन्हैयालाल ने बताया- मल्लिका आम का स्वाद बेहद अच्छा होता है। इसकी गुठली छोटी, पल्प ज्यादा और यह लगभग रेशारहित होता है। यही वजह है कि इसे खाने के साथ-साथ अचार बनाने के लिए भी खूब पसंद किया जाता है। नीलम और दशहरी किस्मों को मिलाकर तैयार की गई इस हाइब्रिड वैरायटी में विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। उनका मानना है कि नई तकनीक अपनाकर, नई किस्मों की जानकारी रखकर और बाजार की मांग को समझकर किसान कम जमीन से भी अच्छी कमाई कर सकते हैं। उनका बगीचा अब जिले के अन्य किसानों के लिए एक सफल और प्रेरणादायक मॉडल बन गया है। … खेती-किसानी से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… आम के 100 साल पुराने पेड़ों की कैरी का अचार:स्वाद ऐसा कि विदेशों तक है डिमांड, किसान को हर साल लाखों की कमाई बेहतर उत्पादन की उम्मीद में किसान नए-नए बीज और पौधों की वैरायटी की तलाश में रहते हैं। खराब बीज और पौधों से न केवल किसानों की उम्मीदें टूटती हैं, बल्कि नुकसान भी होता है। पूरी खबर पढ़िए

बांसवाड़ा में आज 5 घंटे तक बिजली कटौती:सुबह 10 से शाम 5 बजे तक अलग-अलग इलाकों में रहेगा शटडाउन

बांसवाड़ा जिले में आज 3 से 5 घंटे तक बिजली कटौती रहेगी। अलग-अलग क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चरणबद्ध तरीके से शटडाउन लिया जाएगा। मेंटेनेंस और बिजली लाइनों के पास पेड़ों की टहनियों की छंटाई के चलते दर्जनों गांव और कई शहरी-ग्रामीण इलाके प्रभावित होंगे। विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं से समय रहते जरूरी काम निपटाने की अपील की है। झरी और गागरी लाइन पर दो चरणों में रहेगा शटडाउन विद्युत विभाग के अनुसार निचला घंटाला जीएसएस से निकलने वाली 11 केवी झरी और गागरी लाइन पर बिजली तारों के पास आई पेड़ों की टहनियों की छंटाई की जाएगी। इसके चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपला घंटाला, बड़वी और गणेशीलाल पाड़ला क्षेत्र में करीब 3 घंटे बिजली बंद रहेगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक गागरी क्षेत्र में 4 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। घाटोल क्षेत्र में 4 घंटे बंद रहेगी बिजली घाटोल क्षेत्र में 33/11 केवी जीएसएस घाटोल, देवदा और बड़ी पड़ाल पर रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसके चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक यानी 4 घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इन गांवों में रहेगा बिजली का असर शटडाउन के दौरान घाटोल प्रथम फीडर, द्वितीय फीडर, रूंजिया, देवदा, कानेला, पड़ोली, अमरथुन, बड़ी पड़ाल, छोटी पड़ाल, चौकड़ी, सवनिया और कंठाव सहित इन फीडरों से जुड़े दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

'तू ना संभाले तो हमे कौन संभाले':भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने की मची होड़, 25 जुलाई को मौसी घर से लौटेंगे निजधाम

ओडिशा के पुरीधाम की विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की परंपरा गुरुवार को भीलवाड़ा में भी पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ निभाई गई। शहर में भगवान जगन्नाथ की दो अलग-अलग रथयात्राएं निकाली गईं। कावांखेड़ा स्थित जगन्नाथ मंदिर से शाम 4 बजे 24वीं रथयात्रा रवाना हुई, जबकि अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) की 10वीं रथयात्रा शाम 5 बजे लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरू हुई। यात्रा के दौरान ‘तू ना संभाले तो हमें कौन संभाले’ और भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। श्रद्धालुओं में रथ की पवित्र रस्सी पकड़कर रथ खींचने की होड़ देखने को मिली। कावांखेड़ा से निकली रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई हरीसेवा धाम पहुंची। यहां भगवान जगन्नाथ, बलदेव और देवी सुभद्रा आठ दिनों तक मौसी घर में विराजेंगे और 25 जुलाई को पुनः अपने निजधाम लौटेंगे। दोनों यात्राओं में भगवान जगन्नाथ, बलदेव और देवी सुभद्रा सुसज्जित लकड़ी के रथ में विराजे और श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से रथ खींचकर दर्शन किए। 2003 में शुरू हुई परंपरा, 2015 से नक्काशीदार रथ में नगर भ्रमण मंदिर के पंडित प्रभुदयाल ने बताया कि वर्ष 2003 में जयपुर में निर्मित संगमरमर की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ रथयात्रा की शुरुआत हुई थी। शुरुआत में रथयात्रा बैलगाड़ी से निकाली जाती थी, बाद में श्रद्धालु स्वयं रथ खींचने लगे। इसके बाद पुरीधाम से भगवान जगन्नाथ, बलदेव और देवी सुभद्रा के लकड़ी के विग्रह मंगवाए गए। वर्ष 2015 से उदयपुर में तैयार नक्काशीदार लकड़ी के रथ में भगवान जगन्नाथ, बलदेव और देवी सुभद्रा विराजकर नगर भ्रमण कर रहे हैं। फूल बरसाकर किया स्वागत, हरिनाम संकीर्तन से गूंजे रास्ते इस्कॉन की रथयात्रा लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरू होकर मुरलीविलास रोड, रेलवे स्टेशन, गोलप्याऊ, बालाजी मार्केट, महावीर पार्क, कॉलेज रोड, गुरुद्वारा रोड और बड़ला चौराहा होते हुए अग्रसेन भवन पहुंची। पूरे रास्ते हरे कृष्णा… हरे कृष्णा… कृष्णा कृष्णा… हरे हरे के हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और भगवान जगन्नाथ के जयकारे गूंजते रहे। युवा भक्ति में झूमते नजर आए, जबकि कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर रथयात्रा का स्वागत किया। महाप्रसाद वितरण के साथ भक्तिमय माहौल यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कीर्तन मंडलियां और श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में महाप्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान के दर्शन किए और रथ की पवित्र रस्सी खींचने का सौभाग्य प्राप्त करने के लिए उत्साह दिखाया। पूरे शहर में दिनभर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा। देखिए… संबंधित अन्य तस्वीरें

भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाकर्मी से हथियार छीनने की कोशिश, 1 की मौत

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भद्रवाह के में एक गोलीबारी हुई है। यह हादसा तब हुआ जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों की सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की। इस दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के तीन जवान घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। आज की अन्य बड़ी खबरें… बंगाल के मुर्शिदाबाद में ट्रेन की स्कूल वैन से टक्कर, 3 की मौत पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन ने एक पूल कार (स्कूली गाड़ी) को टक्कर मार दी। अधिकारियों के मुताबिक, टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई है, जिनमें दो स्कूली छात्र शामिल हैं। गाड़ी रेलवे ट्रैक को पार करने की कोशिश कर रही थी। टक्कर में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घायलों को तुरंत मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पूरी खबर पढ़ें… संसद के मानसून सत्र से पहले विपक्षी दलों की बैठक, साझा रणनीति पर चर्चा संभव संसद के मानसून सत्र से पहले राज्यसभा और लोकसभा में विपक्षी दलों के नेता संयुक्त बैठक करेंगे। इस बैठक में पूरे सत्र के लिए साझा रणनीति तय की जाएगी और केंद्र सरकार के विधायी एजेंडे के साथ विपक्ष जिन मुद्दों को उठाएगा, उन पर चर्चा होगी। 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलने वाले मानसून सत्र में विपक्ष सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर रहा है। वहीं, केंद्र सरकार भी कई महत्वपूर्ण विधेयक संसद में पेश करने की तैयारी में है। आज से दो दिनों के बंगाल दौरे पर अमित शाह, BSF जवानों से मुलाकात करेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 17 से 19 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस सीमा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, सुशासन और विकास परियोजनाओं पर रहेगा। मई में राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह उनका पहला बंगाल दौरा होगा। 18 जुलाई को शाह सिलीगुड़ी के जुमागाछ बॉर्डर आउटपोस्ट पहुंचकर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों से मुलाकात करेंगे और BSF की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे सीमा से जुड़े मुद्दों और राज्य में लागू नए तीन आपराधिक कानूनों की समीक्षा भी करेंगे। दौरे के आखिरी दिन कोलकाता में कानून-व्यवस्था पर बैठक करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय पुस्तकालय में ‘म्यूजियम ऑफ वर्ड्स’ के पहले चरण का उद्घाटन और अमूल डेयरी के दही प्रसंस्करण संयंत्र का शिलान्यास भी करेंगे। पुणे में ठेकेदार ने की आत्महत्या, पूर्व विधायक समेत 14 लोगों पर केस महाराष्ट्र के पुणे में 65 साल के ठेकेदार खलील शेख ने गुरुवार को अपने घर में आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड किया और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें पूर्व शिवसेना विधायक रवींद्र धंगेकर, उनकी पत्नी समेत कई लोगों के नाम लिखे। इसके बाद पुलिस ने धंगेकर, उनकी पत्नी और अन्य 12 लोगों सहित 14 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, खलील शेख ने सुसाइड नोट और वीडियो में आरोप लगाया कि कारोबार में साझेदारों की धोखाधड़ी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। स्वारगेट पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

MLA नौक्षम के सामने मंत्रीजी ने जोड़े हाथ:सांसद संजना गुस्से में बोलीं-'केस कर दो'; BMW कार देखकर रोने लगे पूर्व विधायक

नमस्कार, सांसद संजना जाटव की डीग में ASP अखिलेश शर्मा से जमकर तकरार हुई। विधायक नौक्षम चौधरी के सामने शिक्षामंत्री जी के हाथ जोड़ने वाली तस्वीर चर्चा में है और पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला को बेटे-बेटी ने दी खास तोहफा दिया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. सांसद संजना जाटव बोलीं-गिरफ्तार करो मुझे सांसद महोदया ने कम उम्र में लोकसभा की सीढ़ियां चढ़ीं। आम घरेलू महिला से लोकसभा सांसद का सफर उन्होंने सहजता से तय किया।
खेत-खलिहान में किसान गृहिणी की तरह काम भी किया। लोकसभा चुनाव में जीत की खुशी में जब डांस किया तो गजब वायरल हुआ। सौम्य सामाजिक छवि के चलते सोशल मीडिया ने उन्हें स्टार बना दिया। लेकिन डीग में एक युवक की मौत के मामले में उनका उग्र रूप दिखाई दिया। न्याय की मांग करते हुए वे शव को आईजी ऑफिस ले जाने पर अड़ गईं। ASP अखिलेश शर्मा ने रास्ता रोक लिया। समझाने की कोशिश की। लेकिन सांसद महोदया आपे में नहीं। ASP पर चिल्लाकर बोलीं-केस कर दो मुझ पर। मुझे गिरफ्तार कर लो। ASP साहब क्या केस करें और क्या गिरफ्तार करें? वे खुद अपने निराले अंदाज के लिए जाने जाते हैं। सोशल मीडिया उनकी रीलों से भरा है। गजब का सिंगिंग टैलेंट भी है। एक रील में सुरीला गीत गाते नजर आ रहे हैं- जादू तेरी नजर खुशबू तेरा बदन..। 2. तस्वीर के मायने तबादलों का दौर चला। लिस्ट पर लिस्ट आई। लिस्टों में चिपककर गफलतें भी आईं। किसी को दो जगह भेज दिया, कहीं दो को भेज दिया। आरोप ये कि पार्टी-संगठन के खासमखास कार्यकर्ताओं के भी काम नहीं हुए। संगठन के मुखिया ने मंत्रियों को तलब भी किया। पता चला कि अफसरों ने अपने स्तर पर फैसले कर लिए। इस दौर के बीच एक तस्वीर ने सबका ध्यान खींचा। शीश महल जैसा कमरा। जिसकी दीवारें कांच से बनी हैं। यह शिक्षा मंत्री जी का जनसुनवाई चैंबर है। चैंबर में टेबल के इस तरह शिक्षा मंत्री और दूसरी तरफ कामां विधायक नौक्षम चौधरी। नौक्षम चौधरी के पास एक एप्लीकेशननुमां लेटर पड़ा हुआ है। वे सवालिया नजरों से मंत्रीजी को देख रही हैं। जबकि मंत्री हाथ जोड़े नजर आ रहे हैं। हाथ जोड़ने का अंदाज अभिवादन वाला है या नहीं, पता नहीं। मजबूरी वाला भी हो सकता है। मुहावरे वाला भी हो सकता है। मांग नकारने वाला भी हो सकता है। खैर, इसी तस्वीर में विधायक रेवंतराम डांगा भी ‘नंबर लगाकर बैठने’ के अंदाज में दिख रहे हैं। चेहरे से काम हो जाने को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं। फिलहाल मुलाकात का मकसद और हासिल क्या रहा, नेतागण जानें। हमें तो नौक्षमजी की वह रील बहुत पसंद आई, जिसके बैकग्राउंड में गाना है- वो भी अपने न हुए, दिल भी गया हाथों से.. 3. चलते-चलते.. आपको यह वीडियो इमोशनल लग सकता है। इसमें दो बार के विधायक को उनके बेटे-बेटी आंखों पर पट्‌टी बांधकर BMW के शोरूम ला रहे हैं। माता-पिता दोनों की आंखों पर पट्‌टी है। भव्य शोरूम। जगमग। चकाचौंध। बेटे-बेटी पिता को लग्जरी कार के पास लाकर खड़ा करते हैं। पट्‌टी हटाते हैं। आंखों के सामने BMW कार देखकर पूर्व विधायक की आंखें छलछला जाती हैं। बताया जा रहा है कि ये खुशी के आंसू हैं। यकीनन खुशी के आंसू ही होंगे। नेताजी को भरोसा हो गया कि उनकी राजनीति सफल रही। इतनी कम उम्र में बच्चे पिता को BMW जैसी बहुत मंहगी कार गिफ्ट कर दें तो यह राजनीतिक सफर की सफलता है। हम अगर हमारे पिताजी को इस तरह आंखों पर पट्‌टी बांधकर शोरूम ले जाते और पट्‌टी खोलते ही उन्हें BMW कार दिखती तो उनके 2 तरह के रिएक्शन होते। एक तो यह कि कान पकड़कर कहते-बेटा, इतना पैसा कहां से आया कि इतनी मंहगी कार तोहफे में दे रहे हो? दूसरा यह कि कान पकड़कर कहते-बेटा, इस कार के लिए मैं एक नया पैसा नहीं देने वाला। कमाओ और अपनी हैसियत के हिसाब से स्कूटर ले लो। इनपुट सहयोग- मुकेश कुमार जांगिड़ (डीग), राघवेंद्र सिंह (दौसा)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

पत्नी गुटखा खाती, बार-बार पैसे मांगती, पति ने मार डाला:उदयपुर घुमाने लेकर गया, दोस्त की आईडी से बुक की कार, लौटते समय गला दबाया

पत्नी की गुटखा खाने की आदत से परेशान पति ने उसकी हत्या कर दी। सिरोही में पूनम कंवर की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति गजेंद्र सिंह ने यह खुलासा किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी से गुटखा खाने और हर वक्त पैसों की डिमांड को लेकर झगड़ा होता रहता था। पैसे नहीं भेजने पर ससुराल वालों से झगड़ा करती थी। इससे वह गुस्सा और दुखी था। किसी भी तरह पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था। इसके लिए उसने हत्या की प्लानिंग की। पत्नी को उदयपुर घुमाने लेकर गया था। घर लौटते समय कार में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और घरवालों को बताया कि उसे हार्ट अटैक आ गया। घरवालों को उसकी बनाई कहानी पर यकीन तक हो गया था और अंतिम संस्कार की तैयारी में थे। लेकिन उससे पहले पुलिस को शक हो गया और हत्याकांड की पूरी साजिश सामने आ गई। सिलसिलेवार पढ़िए पत्नी की हत्या की प्लानिंग और आरोपी के पकड़े जाने की कहानी… 1 . वादा किया था-पूनम को खुश रखेगा सिरोही के जावाल निवासी गजेंद्रसिंह राजपूत कोयंबटूर (तमिलनाडु) में इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप चलाता है। उसकी शादी 5 साल पहले पाली जिले के सादड़ी के निकट सरथूर गांव की पूनम कंवर से हुई थी। दोनों के एक बेटी हुई। शादी के बाद गजेंद्र को पता चला कि उसकी पत्नी दिन-रात गुटखा खाती है, जिसके लिए उसने कई बार टोका था। मनाही के बाद भी वह गुटखा खाने की आदत को नहीं छोड़ रही थी। गजेंद्र कोयंबटूर में था, लेकिन पीछे से पूनम दिन-रात कॉल कर उससे पैसे की डिमांड करती थी। पैसे नहीं भेजने पर फोन पर उससे झगड़ा करती थी। उसने यह भी बताया कि पीहर-ससुराल में पत्नी का व्यवहार झगड़ालु था, जिसकी शिकायत लोग उससे करते थे। पूनम झगड़ा करके बेटी को लेकर पीहर सरथूर चली गई थी। जून में पूनम कंवर ने सादड़ी थाने में पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दी। इसके बाद पुलिस ने काउंसलिंग कराई। गजेंद्र ने सादड़ी पुलिस व पूनम के परिजनों को भरोसा दिलाया था कि वह पूनम को खुश रखेगा और उसका पूरा ख्याल रखेगा। 2. कोयंबटूर में कुछ नहीं किया, क्योंकि पता था-शक उस पर होगा सादड़ी थाने में आरोपी ने परिजनों से वादा किया था कि वह पत्नी व बेटी को अपने साथ कोयंबटूर ले जाएगा और वहीं रखेगा। परिजनों का भरोसा जीतने और दिखावे के लिए आरोपी ने ऐसा ही किया। पत्नी पूनम और अपनी बेटी को लेकर वह 30 जून को ही कोयंबटूर चला गया। करीब एक सप्ताह रहने के दौरान भी दोनों के बीच खटपट खत्म नहीं हुई। आरोपी ने पूनम की हत्या कर उसे हादसे का रूप देने की प्लानिंग पहले ही बना रखी थी। वह कोयंबटूर में पत्नी की हत्या नहीं करना चाहता था, क्योंकि उसे पता था कि यदि कोयंबटूर में हत्या कर हादसा बताया तो परिवार वालों को यकीन नहीं होगा और वह पकड़ा जाएगा। 3. घुमाने के बहाने उदयपुर ले गया, सेल्फी वाला स्टेट्स लगाया सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि तय प्लान के हिसाब से आरोपी ने पत्नी पूनम कंवर को झीलों की नगरी उदयपुर घुमाने का लालच दिया। कहा- दो दिन घूमेंगे और फिर तुम लोगों (पत्नी और बच्ची) को पीहर छोड़ दूंगा। 8 जुलाई को पत्नी व बेटी को लेकर उदयपुर घुमाने के लिए पहुंचा। 9 जुलाई को उनको लेकर उदयपुर के सेलिब्रेशन मॉल में ले गया। वहां पत्नी व बेटी के साथ सेल्फी ली और अपना स्टेट्स लगाया। इसके अलावा उदयपुर में कई जगहों पर उसने पत्नी और बच्ची के साथ सेल्फी ली और स्टेटस लगाए। ताकि उसके व पूनम के घर वालों को यकीन हो जाए कि अब दोनों खुश हैं और कोई शक भी नहीं करेगा। 4. दोस्त की आईडी से राजसमंद से मंगाई कार, ड्राइवर फरार क्यों हुआ? मामले की जांच कर रहे डीएसपी मुकेश सीरवी ने बताया कि आरोपी गजेंद्र सिंह ने उदयपुर से अपने एक दोस्त को फोन कर कहा कि वह पत्नी व बेटी को गांव छोड़ने जा रहा है तो वह उसके लिए एक कार की व्यवस्था कर दे। उसने यह भी कहा कि उसका पहचान पत्र (आईडी) गुम हो गया है तो वह अपनी आईडी से कार बुक कर ले, जिसका किराया वह दे देगा। उस दोस्त ने एक ट्रेवल एजेंट के जरिए राजसमंद के लिए कार की व्यवस्था कराई। 5. मां-बेटी गहरी नींद में थी, पत्नी का गला दबा मार डाला 9 जुलाई की रात को आरोपी उदयपुर से अपने गांव जाने के लिए रवाना हुआ। वह ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा, जबकि उसकी पत्नी पूनम अपनी तीन साल की बेटी के साथ पिछली सीट पर बैठी थी। उदयपुर से गोगुंदा पार करते ही पिछली सीट पर सो रही मां-बेटी को नींद आ गई। आरोपी ने कार को गोगुंदा से पिंडवाड़ा हाईवे के बजाय सायरा-रणकपुर रुट पर मोड़ने को कहा। आरोपी को पता था कि रात के समय सायरा-रणकपुर रोड पर ज्यादा वाहनों की आवाजाही नहीं है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक जगह कार खड़ी कर ड्राइवर टॉयलेट करने गया था, तभी उसने पत्नी का गला दबा कर हत्या कर दी। उसी रात 2 बजे वह अपने गांव जावाल घर पहुंचा और नाटक किया कि उसकी पत्नी की बीच रास्ते हार्ट अटैक से मौत हो गई। 6. आरोपी बोला- हार्ट अटैक से मौत, गले पर खरोंच से पुलिस को शक, तब खुला मामला 10 जुलाई को परिवार के लोग जावाल पहुंचे तो उन्हें भी शक नहीं हुआ कि पूनम की मौत हादसा नहीं, बल्कि एक सोची समझी हत्या है। मृतक के भाई ने मामले में मर्ग (स्वभाविक मौत) की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पूनम की बॉडी देखी तो उसके गले पर खरोंच के निशान थे। इस दौरान पुलिस को शक हुआ कि यह मामला हत्या का है तो मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुला राज 2 दिन बाद मेडिकल बोर्ड की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कॉज ऑफ डेथ यानि मौत की वजह दम घुटना सामने आया। रिपोर्ट में बताया गया कि महिला का हार्ट एकदम स्वस्थ है। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के दायरे में लेकर आरोपी पति से पूछताछ शुरू की। सख्ती के बाद वह टूट गया। उसने हत्या की वजह, प्लानिंग और पकड़े जाने की सारी जानकारी दे दी। ड्राइवर पर भी शक, तलाश जारी पुलिस को शक है कि गला दबा कर हत्या करने की घटना की जानकारी कार ड्राइवर को थी, जो बाद में फरार हो गया। कार सिरोही पुलिस ने जब्त कर ली है। हालांकि आरोपी ने पत्नी की हत्या में ड्राइवर की भूमिका नहीं बताई है, लेकिन पुलिस को आरोपी द्वारा बताई कहानी पर भरोसा शक है। ऐसे में फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

भोजशाला के पास नहीं, मस्जिदों में होगी जुमे की नमाज:प्रशासन तक नहीं पहुंचा सुप्रीम आदेश, इसलिए पुरानी व्यवस्था; हिंदू पक्ष निकालेगा 'चलो भोजशाला' यात्रा

धार भोजशाला मामले में सुप्रीम कोर्ट के 14 जुलाई के अंतरिम आदेश के बाद जुमे की नमाज को लेकर पसोपेश है। कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को मुस्लिम समाज के लिए भोजशाला के पास किसी खाली वैकल्पिक जगह पर जुमे की नमाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अभी तक कोर्ट का डिटेल्ड ऑर्डर प्रशासन को नहीं मिला है। इसलिए किसी वैकल्पिक जगह की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मुस्लिम पक्ष का कहना है कि बसंत पंचमी पर जहां नमाज कराई गई थी, वह कब्रिस्तान की जगह है और वहां नमाज जायज नहीं है। आदेश मिलने के बाद आगे की रणनीति तय होगी धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का विस्तृत आदेश मिलने के बाद उसका अध्ययन कर उसी के अनुरूप प्रशासनिक कार्रवाई और जरूरी व्यवस्थाएं तय की जाएंगी। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का भी कहना है कि आदेश मिलने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। वहीं, हिंदू पक्ष शुक्रवार को ‘चलो भोजशाला’ यात्रा निकालने जा रहा है। फिलहाल मस्जिदों में ही नमाज की तैयारी है मुस्लिम समाज के सदर अब्दुल समद ने कहा कि अभी तक सुप्रीम कोर्ट का विस्तृत आदेश अपलोड नहीं हुआ है। यदि आदेश अपलोड नहीं होता है तो पिछले दो माह से चली आ रही अस्थायी व्यवस्था के अनुसार शहर की मस्जिदों में ही जुम्मे की नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने कहा, “शुक्रवार तक सुप्रीम कोर्ट का आदेश आ जाता है तो मुस्लिम समाज की बैठक कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। ‘कब्रिस्तान की जगह पर नमाज नहीं हो सकती’ अब्दुल समद ने कहा कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी पर प्रशासन ने जिस स्थान पर जुमे की डमी नमाज कराई थी, वह कब्रिस्तान की भूमि है। उस समय भी मुस्लिम समाज ने आपत्ति दर्ज कराई थी। आसपास का पूरा क्षेत्र कब्रिस्तान है और वहां जुम्मे की नमाज अदा नहीं की जाती। इस संबंध में हमारा पक्ष सुप्रीम कोर्ट के सामने भी रखा गया है। अब्दुल समद ने कहा- अंतरिम आदेश में नमाजियों की संख्या को लेकर कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। मुस्लिम समाज जिलेभर के लोगों से जुमे की नमाज में शामिल होने का आह्वान करेगा। धार शहर में करीब 10 हजार मुस्लिम हैं और जिले भर से भी लोग नमाज अदा करने पहुंच सकते हैं। बजरंग दल निकालेगा ‘चलो भोजशाला’ यात्रा शुक्रवार को राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से धार के किला मैदान से ‘चलो भोजशाला’ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के महंत ओमप्रकाश भारती और प्रांत महामंत्री किशोर यादव होंगे। यात्रा दोपहर 12 बजे किला मैदान से शुरू होकर भोजशाला पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। एक ही दिन जुमे की नमाज और ‘चलो भोजशाला’ यात्रा प्रस्तावित होने के कारण प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। डिटेल्ड कोर्ट ऑर्डर मिलने के बाद आगे की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… धार भोजशाला परिसर के पास हर शुक्रवार नमाज होगी सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को धार भोजशाला मंदिर के पास नमाज के लिए कोई खुला स्थान देने को कहा है। कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि हर शुक्रवार दोपहर 1 से 3 बजे के बीच नमाज के लिए यह जगह दी जाए। पूरी खबर पढ़ें…

आज 19 जिलों में बारिश की संभावना:3 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून, तेज बारिश का अलर्ट; अब तक सामान्य से कम बरसात

राजस्थान में इस साल अब तक मानसून सीजन कमजोर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक सामान्य से 18 फीसदी कम बरसात हुई है। शुक्रवार को 19 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, 20 जुलाई को 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। साथ ही मानसून एक्टिविटी फिर से शुरू होने का भी अनुमान है। इधर, बारिश कम होने के कारण जयपुर सहित कुछ जिलों का तापमान बढ़ गया है। गुरुवार को चूरू में सर्वाधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर में पारा 40 डिग्री के ऊपर रहा। सर्वाधिक तापमान में पिछले कुछ दिनों से श्रीगंगानगर टॉप पर था, लेकिन गुरुवार को हुई 17 एमएम बारिश के बाद यहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। राजस्थान में बारिश की स्थिति गर्मी-बारिश के बड़े अपडेट्स खिसकी मानसून ट्रफ लाइन: मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन सामान्य से उत्तर की ओर यानी हिमालय की तरफ शिफ्ट हो गई है। आज यह ट्रफ लाइन जम्मू, बरेली और डाल्टनगंज से होकर गुजर रही है। गुरुवार को पूर्वी भारत के ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के ऊपर एक ‘वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया’ (WML – कम दबाव का क्षेत्र) बना हुआ था। इस मौसमी बदलाव के कारण राजस्थान में मानसून की परिस्थितियां कमजोर बनी हुई हैं। आज इन जिलों में बारिश की संभावना: 17 जुलाई को राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कोटपुतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बारां और झालावाड़ जिलों में बारिश की संभावना है। जयपुर में काफी कम बारिश: बीते 11 दिन से जयपुर में एक मिमी भी पानी नहीं बरसने से बारिश का आंकड़ा औसत से नीचे चला गया है। अगर हम शहर की बात करें तो अब तक जून-जुलाई माह में 135 मिमी पानी बरसा। जून में 80 और जुलाई में 55 मिमी बरसात रिकॉर्ड हुई, जबकि जुलाई महीने में 180 मिमी औसत बारिश मानी जाती है। पिछले 10 साल में जुलाई में चार बार 200 मिमी से कम बारिश हुई। 21 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून: राज्य में कमजोर पड़े मानसून के बीच राहत की खबर यह है कि 21 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में एक बार फिर बढ़ोतरी होगी। पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में 21 जुलाई से मेघगर्जन के साथ बारिश का दौर शुरू होगा। इसके बाद, 22-23 जुलाई से राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों में भी बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। राजस्थान के मौसम की PHOTO ये शहर सबसे ज्यादा गर्म आगे कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम जयपुर: प्रदेश की राजधानी जयपुर में गर्मी का असर बढ़ गया है। यहां गुरुवार को पारे में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान बढ़कर 37.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य दिनों की तुलना में करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, जयपुर में न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी उमस भरी गर्मी का अहसास बना रहा। जोधपुर: जिले में गुरुवार को मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर करीब 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर तेज धूप और हवा में भारी उमस रही। अलवर: जिले में गुरुवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण उमस भरी गर्मी का असर रहा। जिले का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे राहत मिलने की उम्मीद है। उदयपुर: लेक सिटी उदयपुर में गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस रही। हालांकि, शाम होते-होते ठंडी हवा चलने से मौसम में सुहावना हो गया। उदयपुर में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। कोटा: जिले में बारिश का दौर थमने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को कोटा का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश नहीं होने के कारण मौसम साफ है। लोग उमस व तेज धूप से परेशान हैं। सीकर: जिले में इस समय मौसम मुख्य रूप से शुष्क (ड्राई) बना हुआ है। गुरुवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रहने की वजह से हवा थम गई और उमस रही। जिले के फतेहपुर में दिन का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर: यहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर उमस भी रही। तेज धूप कारण भी लोग परेशान रहे। हालांकि शाम को हवा में नमी कम होने से गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं, लेकिन आगामी दिनों में मौसम में बदलाव की उम्मीद है।

देहरादून में 7 हजार युवाओं से बातचीत करेंगे राहुल गांधी:बारिश के बीच शुरु हुआ 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम, हिंदी गानों पर थिरके कांग्रेस लीडर्स

देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शुरू हो चुका है। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यक्रम स्थल पर डटे हुए हैं। राहुल गांधी कुछ ही देर में यहां करीब 7 हजार छात्रों और युवाओं से बातचीत करेंगे। उनके मंच पर पहुंचने से पहले फेमस रैपर डकैत की परफॉर्मेंस चल रही है। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि राहुल गांधी के अलावा मुख्य मंच पर कोई भी कांग्रेस नेता या कार्यकर्ता मौजूद नहीं रहेगा। वरिष्ठ नेताओं के लिए मुख्य मंच के बगल में अलग व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी के पहुंचने से पहले गणेश गोदियाल समेत प्रदेश कांग्रेस के कई नेता हिंदी गानों पर झूमते और डांस करते नजर आए। उधर, राहुल गांधी के दौरे को लेकर दोपहर में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान ‘राहुल वापस जाओ’ के नारे लगाए गए, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। तस्वीरें देखिए- राहुल गांधी से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

PM मोदी का पंजाब-चंडीगढ़ दौरा:हरियाणा पहुंचे; लुधियाना में काफिले के घेराव का ऐलान करने वाले शिवसेना नेता नजरबंद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (17 जुलाई) चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर हैं। इस दौरान वह ₹12,070 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्टों का नींव पत्थर और उद्घाटन करेंगे। चंडीगढ़ में PM दोपहर करीब सवा 1 बजे आएंगे। फिर यहां 2 करोड़ रुपए के वाटरप्रूफ AC टेंट में रैली करेंगे। वे यहां 45 मिनट रुकेंगे। इसके बाद जालंधर में उनके 4 कार्यक्रम हैं। वह जालंधर से देश के 75 अमृत भारत स्कीम वाले रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। दोनों जगह को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। पीएम के दौरे से पहले लुधियाना में शिवसेना नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय प्रधान संजीव घनौली ने पहले ऐलान किया था कि लुधियाना में शिवसेना नेताओं पर दर्ज किए गए कथित झूठे मामलों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले का घेराव किया जाएगा। PM मोदी हरियाणा में जींद पहुंच चुके हैं। यहां वे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम की इस विजिट को पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दौरे से पहले पीएम मोदी ने पोस्ट कर कहा- 17 जुलाई को जालंधर में होने वाली भाजपा की रैली के दौरान पंजाब के लोगों के बीच जाने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। पंजाब के लोग बड़ी उम्मीद के साथ भाजपा की ओर देख रहे हैं। हमारी पार्टी का विकास का एजेंडा मेरे पंजाब के भाई-बहनों के लिए समृद्धि और जीवन को अधिक आसान तथा बेहतर बनाने को सुनिश्चित करेगा। PM के दौरे के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…