ब्रेकिंग न्यूज़
फॉर्च्यूनर ने भैंसों के झुंड को मारी टक्कर:4 पशुओं की मौत, पति-पत्नी और पशुपालक गंभीर घायल

डीग जिले के पहाड़ी रोड पर बेलखेड़ा गांव के पास गुरुवार रात एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी ने सड़क से गुजर रहे भैंसों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में 4 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी सवार पति-पत्नी और मवेशियों का मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर गाड़ी पहाड़ी की तरफ तेज रफ्तार में जा रही थी। अचानक मवेशी सड़क पर आ गए, जिससे ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पति-पत्नी अंदर फंस गए। ग्रामीणों ने उनकी चीख-पुकार सुनकर कांच तोड़कर उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला। दोनों घायलों को तुरंत पहाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद लगा जाम
इस भीषण टक्कर की चपेट में आने से भैंसों का मालिक भी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मवेशियों के खोने और मालिक के घायल होने से परिवार में चिंता का माहौल है। हादसे के बाद बेलखेड़ा के पास पहाड़ी रोड पर जाम लग गया, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पहाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाकर आगे की जांच शुरू की।

राजकीय आईटीआई जालोर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू:मैकेनिक डीजल सहित आठ ट्रेड में होंगे प्रवेश, 23 जुलाई तक करें आवेदन

जालोर मुख्यालय स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 और 2026-28 के लिए राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) योजना के तहत विभिन्न ट्रेड में प्रवेश के लिए केंद्रीकृत ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 23 जुलाई 2026 तक एसएसओ पोर्टल या ई-मित्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता संबंधित ट्रेड के अनुसार 8वीं या 10वीं पास निर्धारित की गई है। आठ ट्रेड में होंगे प्रवेश संस्थान प्रभारी विनोद पचार ने बताया कि मैकेनिक डीजल ट्रेड में 48 सीट, सोलर टेक्नीशियन में 20 सीट, वायरमैन में 20 सीट, कोपा में 48 सीट, कम्प्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटेनेंस में 20 सीट, स्टोन माइनिंग मशीन ऑपरेटर में 20 सीट, स्टोन प्रोसेसिंग मशीन ऑपरेटर में 20 सीट और वेल्डर ट्रेड में 20 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। 23 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 23 जुलाई 2026 तक एसएसओ पोर्टल या ई-मित्र के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन संस्थान प्रभारी के अनुसार संबंधित ट्रेड के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं अथवा 10वीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार संबंधित ट्रेड के लिए आवेदन कर सकते हैं। छात्राओं के लिए प्रशिक्षण रहेगा निःशुल्क विनोद पचार ने बताया कि छात्राओं के लिए प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। प्रवेश प्रक्रिया और अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जालोर से संपर्क कर सकते हैं।

झोटवाड़ा और शास्त्री नगर में जनता परेशान:आगरा रोड और मांग्यावास को मिली बड़ी राहत, पार्षद और निगम के एक्शन से कई इलाकों में समाधान

दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ के तहत जयपुर के कई इलाकों से जनता की समस्याएं और उनके तुरंत समाधान की खबरें सामने आई हैं। जहां एक ओर जनता कॉलोनी में कचरे के ढेर, शास्त्री नगर में बंद स्ट्रीट लाइट, झोटवाड़ा में धंसी सड़कों और विद्याधर नगर में दोबारा उभरी सीवर लीकेज की समस्या से आमजन त्रस्त हैं। वहीं दूसरी ओर सजग प्रशासन ने कई गंभीर मामलों पर तुरंत एक्शन भी लिया है। शास्त्री नगर में पार्षद शिव सोनी के प्रयासों से बेसहारा पशुओं के आतंक से मुक्ति मिली है, तो मांग्यावास में सीवर रिपेयर, पालड़ी मीना में टूटे नाले का ढक्कन बदलने और उमा पथ पर निगम के जरिए कचरा गाड़ी भेजने से निवासियों को बड़ी राहत मिली है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्या और शहर की जमीनी हकीकत को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें।) रवि पथ पर कचरे का अंबार, सफाई की मांग
जयपुर शहर की जनता कॉलोनी रवि पथ से कचरे की समस्या पोस्ट हुई है। क्षेत्रवासी राजेश कुमार वर्मा ने दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ पर लिखा कि कॉलोनी में कचरे की समस्या बनी हुई है। खाली प्लॉट में लोगों ने कचरा डाल कर ढेर जमा कर लिया है। लोगों ने मांग की है कि इस कचरे को साफ किया जाए और लोगों को बदबू और गंदगी से राहत दी जाए।
स्ट्रीट लाइट न होने से राहगीर परेशान
शास्त्री नगर के लेन नंबर 6 तुलसी नगर से गिरिराज प्रसाद शर्मा ने ‘भास्कर समाधान’ पर स्ट्रीट लाइट की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि बिजली का पोल तो है लेकिन लाइट नहीं होने से अंधेरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि गली में रोशनी न होने के कारण काफी असुविधा हो रही है।
खस्ताहाल सड़कें दे रही हैं हादसों को न्यौता
झोटवाड़ा की कुमावत कॉलोनी के रहने वाले प्रकाश चंद्र कुमावत ने समस्या पोस्ट की है कि इलाके में रोड खराब हो रही है। लोगों ने समस्या पोस्ट कर बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो रहे है। रोड कई जगहों से पूरी तरह धंस गई है, जो कि हादसों का कारण बन सकती है।
विद्याधर नगर में सीवर लीकेज की समस्या
विद्याधर नगर सेक्टर 1 रोड से सीवर लीकेज की समस्या सामने आई है। वहां रहने वाले प्रभु सैनी ने लिखा कि कॉलोनी के घरों की सीवर लाइन में खराबी होने के कारण पूरी कॉलोनी परेशान हो रही है। रोड पर सीवर ने निकली गंदगी बह रही है। बदबू के कारण जीना मुहाल हो गया है। साथ ही बताया कि इस मामले में शिकायत करने पर 1 दिन से लिए समाधान हुआ लेकिन, समस्या जस की तस हो गई है।
कई समस्याओं का हुआ तुरंत समाधान शास्त्री नगर में बेसहारा पशुओं की समस्या का समाधान
शास्त्री नगर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से अनुभव चतुर्वेदी ने कुछ समय पहले बेसहारा जानवरों की समस्या दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की थी। जिसमें लिखा था कि गली में जानवरों के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। समस्या पोस्ट होने के बाद पार्षद ने इसका समाधान करवा दिया। समाधान होने से लोगों को काफी राहत मिली है।
शिव सोनी बने आज ‘पब्लिक के स्टार’
जयपुर शहर के शास्त्री नगर इलाके से बेसहारा जानवरों की समस्या सामने आई थी। इस मामले में कॉलोनी के रहने वाले अनुभव चतुर्वेदी ने पोस्ट किया था। जिसमें लिखा था कि लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही थी। समस्या पोस्ट होने पर पार्षद शिव सोनी ने कार्रवाई कर समाधान करवा दिया है। लोगों ने पार्षद और दैनिक भास्कर का आभार जताया है।
सीवर लीकेज की समस्या हुई खत्म
जयपुर के न्यू सांगानेर रोड मांग्यावास के मोहरू नगर से सीवर लीकेज की समस्या पोस्ट हुई थी। जिसमें वहां रहने वाले शुभम जैन ने लिखा था कि पिछले कई दिनों से सीवर का पानी रोड पर बह रहा है। जिसपर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई कर समाधान करवा दिया है।
आगरा रोड से सामने आई समस्या का किया गया समाधान
आगरा रोड के पालड़ी मीना से रहने वाले जोय ने अपनी समस्या में लिखा कि फुटपाथ पर नाली की ढक्कन टूटा हुआ था। जिससे आमजन को फुटपाथ पर चलने में परेशानी आ रही थी। हालांकि समस्या सामने आने के बाद प्रशासन ने इसका समाधान करवा दिया है।
निगम ने कचरा गाड़ी भेजकर किया समाधान
उमा पथ, रामनगर एक्सटेंशन निवासी जितेंद्र जांगिड़ ने कचरे की समस्या ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की थी। जिसमें लिखा था कि इलाके में काफी समय से कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आ रही थी। लोगों के घरों में कचरा जमा हो गया था। राहत की खबर है कि समस्या पोस्ट होने के बाद नगर निगम ने कचरा उठाने वाली गाड़ी भेजकर समाधान कर दिया है। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए… भास्कर एप से समस्याओं के समाधान की ये खबरें भी पढ़िए… 1.जयपुर में जनसमस्याओं पर तुरंत एक्शन:लापरवाही के खिलाफ धरातल पर दिखा बड़ा असर, निवर्तमान पार्षद मनोज मुदगल की तत्परता से बड़ी कार्रवाई 2.शास्त्री नगर में मनोज मुदगल ने करवाई सफाई:जयपुर के कई इलाकों से हटा कचरा, तो कई जगहों पर सीवर और गंदगी से जूझ रहे लोग 3.एईएन हिमांशु शर्मा बने ‘स्टार ऑफिसर’:जलभराव, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं सुलझीं; ESI डिस्पेंसरी की परेशानी बरकरार 4.जयपुर में अधूरी सड़कें और खतरनाक पेयजल का संकट:काना विहार से लेकर सिद्धार्थ कॉलोनी तक फैली अव्यवस्था, लोगों ने लगाई सुधार की गुहार 5.हनुमान वाटिका में 1 साल से टूटी रोड:मानसरोवर में बीच सड़क पर गैस पाइपलाइन का टैंक, पानी के संकट पर पार्षद शिव सोनी ने लिया एक्शन 6.कचरा, जलभराव और टूटी सड़कें बनी बड़ी समस्या:‘भास्कर समाधान’ पर उठी नागरिकों की आवाज, बनी पार्क और सांगानेर में हुआ समाधान 7.जयपुर में ‘भास्कर समाधान’ का असर:हरमाड़ा और विद्याधर नगर में चमकीं बंद पड़ी रोड लाइटें, शिकायत के महज 24 घंटे के अंदर जागा प्रशासन 8.जयपुर में कीचड़, धूल और अंधेरे से जनता परेशान:भास्कर समाधान से जनता को मिली राहत, शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन 9.जयपुर में एक क्लिक पर खुली प्रशासन की नींद:टूटी पाइप लाइन ठीक, सुधरी स्ट्रीट लाइट; शहर के कई इलाकों में अब भी हाल बेहाल 10.‘भास्कर समाधान’: बुनियादी समस्याओं का मिल रहा हल:सड़क, पानी और सीवरेज जयपुर की बड़ी समस्या, यूजर बोले दो महीने से न गड्‌ढा भरा, न सड़क, कॉलोनी में पीने का पानी नहीं

सवाईमाधोपुर में सड़क पर खड़ी कार में लगी आग:10 मिनट की मशक्कत के बाद बुझीं लपटें, शॉर्ट सर्किट की आशंका

सवाई माधोपुर में णथंभौर रोड स्थित चौपाटी के पास गुरुवार देर शाम एक खड़ी रिट्ज कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से तेज लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रात करीब 9 बजे अचानक उठीं तेज लपटें प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 9 बजे रणथंभौर चौपाटी के पास खड़ी एक रिट्ज कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और कार से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने शुरू किया बचाव, फायर ब्रिगेड भी पहुंची स्थानीय लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही नगर परिषद की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब 10 मिनट तक लगातार मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय पर आग बुझा दिए जाने से आग आसपास खड़े अन्य वाहनों और दुकानों तक नहीं फैल सकी। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

विवाहिता के घर में जबरन घुसा युवक,शादी का बनाया दबाव:महिला ने कमरे में बंद किया तो सुसाइड की धमकी दी; खिड़की से अंदर जाकर पकड़ा

युवक देसी कट्टा लेकर जबरन घर में घुसा और विवाहिता पर शादी का दबाव बनाने लगा। युवक ने महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की कोशिश की। महिला ने सूझबूझ से युवक को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक ने सुसाइड की धमकी दे दी। खिड़की के रास्ते पुलिसकर्मी कमरे के अंदर गए और युवक को हिरासत में लिया। इस दौरान युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। मामला कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार का है। पिछले कई महीनों से कर रहा था परेशान पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 2023 में आरोपी युवक से जान-पहचान हुई थी। कुछ समय बाद उससे संपर्क तोड़ दिया था। इसके बाद भी आरोपी लगातार मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता रहा। बात नहीं करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देने लगा। महिला का आरोप है कि पिछले कई महीनों से आरोपी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। शिकायत के अनुसार- युवक बुधवार सुबह करीब 11 से 11.30 बजे देसी कट्टा लेकर उसके घर पहुंच गया। महिला का आरोप है कि उसने घर में घुसकर मारपीट की, थप्पड़ मारे और जबरन छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान जैसे-तैसे उसे बातचीत में उलझाकर एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। कूलर हटाकर खिड़की से अंदर गई पुलिस बोरखेड़ा थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो वह हाथ में देसी कट्टा लेकर खुद को गोली मारने की धमकी देने लगा। पुलिस ने बातचीत कर उसकी मांग पूछी तो उसने कहा कि वह महिला से शादी करना चाहता है और जब तक महिला अपने पति को तलाक देने की लिखित सहमति नहीं देगी, तब तक वह बाहर नहीं आएगा। करीब दो घंटे तक चली समझाइश के बाद पुलिस ने युवक को बाहर बनाने की रणनीति बनाई। जिस कमरे में युवक बंद था, वहां लगे कूलर को हटाकर जाली के रास्ते पुलिस अंदर पहुंची और दरवाजा खोला। पुलिस को अंदर आता देख युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तत्काल उसे हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत और पूरे घटनाक्रम के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के कब्जे से मिले देसी कट्टे की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विभिन्न धाराओं में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा ले जाकर करवाता था भ्रूण लिंग जांच:दलाल को डबवाली में ​दबोचा, पूरे नेटवर्क का होगा खुलासा

हनुमानगढ़ में लिंग जांच के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पीसीपीएनडीटी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने संगरिया निवासी दलाल राकेश कुमार को हरियाणा के डबवाली से गिरफ्तार किया।
आरोपी गर्भवती महिलाओं को हरियाणा ले जाकर अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच करवाता था। बेटी होने की जानकारी मिलने पर वह गर्भपात का प्रलोभन भी देता था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आरोपी राकेश कुमार पिछले 6 महीने से टीम की निगरानी में था। इस दौरान उसके जरिए कई मामलों की जानकारी जुटाई गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक डिकॉय ऑपरेशन चलाया, जिसमें संगरिया निवासी दलाल राकेश कुमार जाट एक गर्भवती महिला के संपर्क में आया। पूछताछ में हुए कई खुलासे
दलाल ने महिला को पहले डबवाली बुलाया और फिर भ्रूण लिंग जांच की व्यवस्था की। टीम ने पूरी कार्रवाई पर नजर रखते हुए आरोपी को मौके से पकड़ लिया। इसके बाद की गई पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पिछले कुछ समय से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर जिले की गर्भवती महिलाओं को हरियाणा ले जाकर अवैध भ्रूण लिंग जांच कराने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई। आरोपी के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।

कोटा में आज 3 से 4 घंटे बिजली कटौती:लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों के रख-रखाव के कारण पावर कट; जानिए-कौनसे इलाके होंगे प्रभावित

कोटा शहर में बिजली की लाइनों के मेंटेनेंस कार्य के चलते आज सुबह से शाम तक कई इलाकों में निर्धारित समय तक बिजली कटौती रहेगी। निजी बिजली कंपनी की ओर से यह शटडाउन लिया गया है ताकि लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों का रखरखाव किया जा सके। इस दौरान तकनीकी टीमों द्वारा वायरिंग, पोल और फीडर की जांच का कार्य किया जा रहा है। कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और सहयोग बनाए रखें। मेंटेनेंस पूरा होते ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। इन इलाकों में की जाएगी बिजली कटौती सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक: गुरुद्वारा गुमानपुरा के पास, वल्लभबाड़ी, जूता फैक्ट्री के आसपास, जोधपुर स्वीट्स के पीछे, मेहता नर्सिंग होम और पोरवाल भवन के आसपास 3:30 घंटे बिजली कटौती रहेगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक: आदित्य नगर, नम्रता आवास, गणेशपुरी धाम, गुरुद्वारा एन्क्लेव, कृष्णा नगर, नम्रता आवास कच्ची बस्ती, एलाइड एम्पल, आनंद नगर, नम्रता आवास विस्तार, विश्वकर्मा नगर इलाकों में 4 घंटे बिजली कटौती रहेगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक: श्रीनाथपुरम सेक्टर बी इलाके में 3:30 घंटे बिजली कटौती रहेगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक: रंग विहार एवं टीचर्स कॉलोनी इलाके में 4 घंटे बिजली कटौती रहेगी। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक: रॉयल सन सिटी में 3 घंटे बिजली कटौती रहेगी।

जैसलमेर में 2 धार्मिक स्थलों को किया ध्वस्त:पाक सीमा से सटे 2 गांवों में अवैध अतिक्रमण हटाए; मौके पर पुलिस बल तैनात

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे नाचना क्षेत्र में प्रशासन ने गुरुवार शाम सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत ढाकलवाला और खारिया गांवों में धार्मिक स्थलों के रूप में किए गए करीब 5 साल पुराने अवैध निर्माणों को बुलडोजर से हटाया गया। सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर तैनात रहीं। चक 6-9 केआरएम में सरकारी जमीन पर था कब्जा नाचना थानाधिकारी सुमेरदान ने बताया कि नाचना क्षेत्र के ढाकलवाला और खारिया गांव के चक 6-9 केआरएम में राजरकबा यानी सरकारी भूमि पर पिछले करीब 5 साल से धार्मिक स्थल के रूप में अवैध कब्जा किया गया था। अतिक्रमण हटाने के लिए उपनिवेशन विभाग और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी सहित राजस्व विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। ऑपरेशन क्लीन के तहत हुई कार्रवाई प्रशासन ने इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत अंजाम दिया। अधिकारियों के अनुसार सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नाचना सर्किल के कई थानों का पुलिस जाब्ता और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। सुरक्षा एजेंसियां भी रहीं अलर्ट पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हनुमानगढ़ में एक ही दिन में 123 बदमाश पकड़े:255 ठिकानों पर दी दबिश, 54 टीमों ने चलाया एरिया डोमिनेशन अभियान

हनुमानगढ़ पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए बड़े पैमाने पर ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाया। गुरुवार देर शाम तक चले इस अभियान में जिलेभर के 255 स्थानों पर दबिश दी गई, जिसमें 123 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्यवाहक एसपी अरविंद ने बताया कि यह एक दिवसीय विशेष अभियान नशा तस्करी रोकने, वांछित अपराधियों को पकड़ने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया था। इसमें 240 पुलिसकर्मियों की 54 टीमों ने सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अपराधियों के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की। हेरोइन के साथ आरोपी को दबोचा
अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट में एक मामला दर्ज कर 38 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 8 मामले दर्ज कर 6 आरोपियों को पकड़ा गया।
यह कार्रवाई फेफाना, हनुमानगढ़ जंक्शन, सदर हनुमानगढ़, टिब्बी, रावतसर, पीलीबंगा और गोलूवाला थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। इसके अलावा अन्य अधिनियमों के तहत 4 मामले दर्ज कर 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। एक हिस्ट्रीशीटर भी पकड़ा
विशेष अभियान में 6 जघन्य अपराधों में वांछित, आठ सामान्य मामलों के फरार आरोपी, एक इनामी बदमाश और एक हिस्ट्रीशीटर को भी पकड़ा गया। साथ ही, 22 स्थायी वारंटियों और गिरफ्तारी वारंटियों को भी दबोचा गया। इसके अलावा 74 असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

12 साल के बच्चे को मगरमच्छ जिंदा खा गया, VIDEO:बहराइच में पैर जबड़े में दबाकर खींच ले गया, बच्चा तड़पता रहा…चाचा चिल्लाते रह गए

यूपी के बहराइच से रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां मगरमच्छ 12 साल के बच्चे को जिंदा खा गया। धान की रोपाई करने के बाद बच्चा नदी में हाथ-पैर धोने गया था, तभी मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। उसे जबड़े में दबोच लिया। बच्चे ने खुद को छुड़ाने के लिए हाथ-पैर मारे। उसके चाचा और ग्रामीणों ने भी ईंट-पत्थर फेंककर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने उसे छोड़ा नहीं। उसने दो-तीन बार बच्चे को उछालकर पानी में पटका, फिर गहरे पानी में खींच ले गया। देखते ही देखते बच्चे के आधे शरीर को निगल लिया। 5 घंटे बाद ग्रामीणों ने बच्चे का शव बरामद किया। घटना गुरुवार शाम की है। लेकिन इसका वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आया। थाना प्रभारी टीएन मौर्या ने घटना और वीडियो की पुष्टि की है। वन रेंजर साकिब अंसारी ने बताया- मगरमच्छ बच्चे का दाहिना पैर और कमर के नीचे का हिस्सा खा गया। मामला जिला मुख्यालय से 28 किमी दूर बौंडी थाना क्षेत्र का है। 3 तस्वीरें देखिए- माता-पिता की मौत हो चुकी, चाचा के साथ रहता था बच्चा सुनील टिकुरी गांव का रहने वाला था। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। पिता बुधराज की 5 साल पहले, जबकि मां की 7 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। चार भाई-बहनों में सुनील दूसरे नंबर पर था। उससे बड़ी बहन सुमन (14), छोटा भाई संजय (10) और सबसे छोटी बहन सीमा (7) है। तीनों भाई-बहन गांव के प्राथमिक स्कूल में पढ़ते हैं, जबकि सुनील पढ़ाई छोड़ चुका था। माता-पिता के निधन के बाद वह अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ रहता था। हाथ-मुंह धो रहा था, तभी खींच ले गया गांव वालों ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे सुनील अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। 3-4 घंटे तक रोपाई करने के बाद देर शाम दोनों खेत से लौटते समय घाघरा नदी में हाथ-पैर धोने लगे। इसी दौरान अचानक नदी से मगरमच्छ निकला और सुनील पर अटैक कर दिया। यह देखकर उसके चाचा घबरा गए। शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की। दौड़कर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने उसे नहीं छोड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। अंधेरा हुआ तो टॉर्च की रोशनी में ग्रामीणों ने तलाशा ग्रामीणों ने बड़े-बड़े बांस के डंडों की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। इस वक्त घाघरा नदी का बहाव काफी तेज है, इसलिए घटनास्थल से करीब 500 मीटर तक नदी में खोजबीन की गई। दो घंटे तक लगातार तलाश करने के बाद अंधेरा हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने खोजबीन नहीं रोकी। वे टॉर्च की रोशनी में बच्चे की तलाश करते रहे। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात 10 बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर नदी में बच्चे का आधा शव उतराता मिला। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। मगरमच्छ के हमले से शव क्षत-विक्षत हो चुका था। शुक्रवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। चाचा बोले- 7 मिनट तक डटा रहा, बचा नहीं पाया सुनील के चाचा के विजय राज सिंह ने बताया – हम अपने भतीजे को बचाने के लिए नदी में कूद गए। हमने बच्चे का हाथ पकड़ा। करीब सात मिनट तक उसे छुड़ाने प्रयास करता रहा। लेकिन वो उसे गहरे पानी में खींच ले गया। करीब एक घंटे के बाद मेरे बच्चे का शव पानी में उतराया। लेकिन उसका एक पैर व पेट बुरी तरह मगरमच्छ खा गया था। गांव के प्रधान संजय कुमार त्रिवेदी ने बताया- बच्चे सुनील के चाचा विजय कुमार दोपहर में धान रोपाई का काम रोककर घर खाना खाने आए थे। तभी सुनील जिद करके साथ में चला गया। थोड़ी देर बाद नदी किनारे उस पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। SDM प्रकाश सिंह ने बताया- घटना की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है। परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। ——————– ये खबर भी पढ़ें- पिता को 6 गोलियां मारने वाले से परिवार डरता था:भाई को भी मार चुका था गोली; गाजियाबाद में लड़की ने शादी से मना किया
गाजियाबाद में हरिओम चौधरी (52) की गिनती इलाके के संपन्न किसानों में होती थी। 75 बीघा जमीन, मार्केट और अच्छी-खासी आमदनी…। कुल 150 करोड़ की प्रॉपर्टी। परिवार में किसी चीज की कमी नहीं थी। लेकिन, 15 जुलाई (बुधवार) की आधी रात को उसी बेटे ने पिता की हत्या कर दी, परिवार जिसकी शादी की तैयारी कर रहा था। पढ़ें पूरी खबर