भाजपा नेता को घेरकर लोहे के सरिए से पीटा:सिर पर गहरा घाव, हाथ में फैक्चर; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर रात 11 बजे तक धरना

एक भाजपा नेता और वकिल पर बुधवार की देर शाम को कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोट आई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सिरोही रेफर किया गया। घटना के विरोध में सियाणा क्षेत्रपाल व्यापार संघ और राजपुरोहित समाज के लोगों ने सियाणा पुलिस चौकी के बाहर रात 11 बजे तक धरना देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। दरअसल, वह कचहरी से अपना काम निप्टाकर शाम को अपनी कार से सियाणा गांव जा रहे थे। इसी दौरान गांव के आसपास सामने से आ रही गाड़ी में अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। यह घटना जालोर जिले के बागरा थाना क्षेत्र के सियाणा गांव में बुधवार शाम की है। आकोली और सियाणा के बीच कार रुकवाकर किया हमला बिशनगढ़ थाने के सीआई मोहनलाल गर्ग ने बताया कि सियाणा निवासी भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता और वकील नटवर सिंह राजपुरोहित (37) बुधवार को जालोर कचहरी से काम खत्म कर अपनी कार से सियाणा लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे आकोली और सियाणा के बीच आडवाडा गांव के पास सामने से आई एक गाड़ी में सवार अज्ञात लोगों ने उनकी कार रुकवाई और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान आसपास अन्य लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल नटवर सिंह राजपुरोहित को सियाणा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सिरोही रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज जारी है। सिर में गहरा घाव, हाथ में फ्रैक्चर हमले में नटवर सिंह राजपुरोहित के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया। हमले से उनके सिर में गहरा और लंबा चीरा लग गया, जिससे काफी खून बहा। घाव इतना गंभीर था कि सिर पर कई टांके लगाने पड़े। इसके अलावा उनके एक हाथ में भी फ्रैक्चर हुआ है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी। गिरफ्तारी की मांग को लेकर रात 11 बजे तक धरना घटना की सूचना मिलते ही सियाणा क्षेत्रपाल व्यापार संघ और राजपुरोहित समाज के लोग सियाणा पुलिस चौकी के सामने जमा हो गए। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। धरना रात करीब 11 बजे तक चला। बाद में बागरा थाना प्रभारी मोहनलाल गर्ग के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर गुरुवार शाम 5 बजे तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। पुलिस कर रही मामले की जांच बागरा थाने के सीआई मोहनलाल गर्ग ने बताया कि रात में हुई मारपीट के मामले में जांच की जा रही और टीमें बनाकर आरोपियों के पकड़ने का प्रयास किया जा रहा हैं।

जयपुर- टूरिस्ट जिप्सी की ओर दौड़ा लेपर्ड, कुत्ते का शिकार,VIDEO:12 सेकेंड में मारा, कुछ देर डॉग के पास बैठा, फिर घसीटकर ले गया

जयपुर की झालाना सेंचुरी में लेपर्ड ‘बहादुर’ ने अचानक तीन टूरिस्ट जिप्सी की ओर दौड़ लगा दी। इससे कुछ देरी के लिए जिप्सी में सवार 10 से ज्यादा पर्यटक डर गए। हालांकि, लेपर्ड के निशाने पर एक जिप्सी के नीचे बैठा डॉग था। करीब 12 सेकेंड में बहादुर ने डॉग को गर्दन से दबोचकर मार दिया। घटना बुधवार दोपहर को वॉच टावर के पास बने वाटर पॉइंट की है। शिकार के इस नजारे को एक टूरिस्ट ने कैप्चर किया। सबसे पहले देखिए- ‘बहादुर’ ने कैसे किया शिकार शिकार के पास बैठा, फिर जंगल में ले गया टूरिस्ट रोहित गंगवाल ने बताया शिकार के बाद लेपर्ड कुछ देर तक वहां रुका और फिर उसे लेकर घने जंगल की ओर चला गया। जंगल में शिकार की यह पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद पर्यटक केवल उसे देखते ही रह गए। बता दें कि लेपर्ड अवसरवादी शिकारी होता है। ऐसे में अगर उसे आस-पास आसान शिकार दिखाई देता है, तो वह बिना समय गंवाए हमला कर देता है। ऐसे में झालाना लेपर्ड रिजर्व में सामने आए इस घटनाक्रम ने पर्यटकों को रोमांचित कर दिया। जयपुर के झालाना में 50 से ज्यादा लेपर्ड जयपुर में पिछले कुछ वक्त से लेपर्ड की संख्या लगातार बढ़ रही है। झालाना, आमागढ़ और नाहरगढ़ सफारी में लगभग 75 लेपर्ड रह रहे हैं। इनमें सबसे अधिक लगभग 50 लेपर्ड झालाना में है। वहीं, 20 से ज्यादा लेपर्ड आमागढ़ के जंगलों में है। जयपुर देश का पहला ऐसा शहर है जहां 2 लेपर्ड सफारी, एक लॉयन सफारी, एक टाइगर और एक एलिफेंट सफारी है। राजस्थान के इन जिलों में हैं लेपर्ड की मौजूदगी राजस्थान में जयपुर, अलवर, सीकर, भरतपुर, करौली, बूंदी, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, राजसमंद, अजमेर, पाली, सिरोही, जालोर, डूंगरपुर, झुंझुनूं, सवाईमाधोपुर, धौलपुर, कोटा, झालावाड़, बारां, टोंक और दौसा जिलों में लेपर्ड की मौजूदगी है। इनके अलावा बाड़मेर और जोधपुर में कभी-कभी अजमेर, पाली, राजसमंद, सिरोही के जंगलों से लेपर्ड का मूवमेंट होता है। …. लेपर्ड के शिकार करने की ये खबर भी पढ़िए… होटल की छत पर सो-रहे कर्मचारी के पास पहुंचा लेपर्ड;VIDEO:कुत्ते का शिकार किया माउंट आबू (सिरोही) के एक होटल में लेपर्ड घुस गया। उसने होटल की छत पर सो रहे कर्मचारी (युवक) के पास बंधे कुत्ते का शिकार किया। इसके बाद लेपर्ड युवक की तरफ बढ़ा। पूरी खबर पढ़िए…

जयपुर में बिना जांच बसों में रखे जा रहे पार्सल:यात्रियों की जान से खिलवाड़; दौसा अग्निकांड के बाद ग्राउंड पर भास्कर का रियलिटी चेक

दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार (30 जून) देर रात हुए बस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। भीषण हादसे के बाद यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की अनदेखी पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बस की डिक्की में सिगरेट के कार्टन (बॉक्स) समेत भारी मात्रा में पार्सल ठसाठस भरे हुए थे। इसी दावे की जमीनी हकीकत जानने के लिए ‘दैनिक भास्कर’ की टीम बुधवार को जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड पहुंची। वहां जो तस्वीरें और लापरवाही के नजारे सामने आए, उन्होंने यात्री बसों में अवैध रूप से चल रहे पार्सल ढुलाई के खेल को उजागर करने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भास्कर के रियलिटी चेक में सामने आए ये 4 बड़े खुलासे… 1. बसों की डिक्की में धड़ल्ले से लोड हो रहे पार्सल रियलिटी चेक के दौरान कई निजी स्लीपर बसों की डिक्कियों में बड़े पैमाने पर पार्सल लोड होते मिले। कहीं गत्ते के बड़े बॉक्स रखे जा रहे थे, तो कहीं प्लास्टिक की बोरियां और अन्य पैकेट। कई जगह इस व्यावसायिक सामान को बिना किसी सुरक्षात्मक अलगाव के यात्रियों के निजी सामान (लगेज) के साथ ही ठसाठस भरा जा रहा था। पार्सल लोडिंग का यह खेल खुलेआम और लगातार चलता नजर आया। 2. न सामान की जांच, न सुरक्षा की कोई व्यवस्था भास्कर टीम ने देखा कि ज्यादातर बसों में पार्सल रखने से पहले उनकी कोई सुरक्षा जांच नहीं की जा रही थी। सामान किस श्रेणी का है, उसमें कोई ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री तो नहीं है, या उसे सुरक्षित तरीके से पैक किया गया है या नहीं- इसकी पुष्टि करने वाली कोई व्यवस्था मौके पर दिखाई नहीं दी। बिना किसी रोक-टोक के पार्सल सीधे बस की डिक्की में सरकाए जा रहे थे। 3. बेखबर यात्री, खतरे में जान बस में सफर करने वाले ज्यादातर यात्रियों को यह भनक तक नहीं होती कि जिस डिक्की में उनका कीमती सामान रखा है, उसी में किस तरह के कमर्शियल पार्सल भी ले जाए जा रहे हैं। यदि किसी पार्सल में ज्वलनशील या जोखिमपूर्ण सामग्री हो, तो किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना के समय आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। 4. हादसे के बाद फिर खड़े हुए गंभीर सवाल दौसा हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यात्री बसों का इस्तेमाल पार्सल ढुलाई के लिए तय सुरक्षा मानकों के अनुसार हो रहा है? क्या हर पार्सल की उचित जांच और स्क्रीनिंग की जाती है? क्या प्रतिबंधित सामग्री को रोकने का कोई सिस्टम है? और यदि नहीं, तो यह लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा के लिए कितना बड़ा टाइम बम साबित हो सकती है? अधिकारियों से नहीं मिला जवाब मामले में दैनिक भास्कर टीम ने संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया। सबसे पहले राजस्थान के परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा से फोन और संदेश के माध्यम से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने न तो कॉल रिसीव किया और न ही भेजे गए संदेश का कोई जवाब दिया। इसके बाद परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा से भी इस मामले में प्रतिक्रिया लेने के लिए संपर्क किया गया। मंत्री ने कहा कि वे पूरे मामले की जानकारी लेकर अपना पक्ष देंगे। ———— दौसा हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… राजस्थान में बस-ट्रेलर भिड़े, 8 मौतें:DNA टेस्ट से पहचान होगी, आग में फंसे थे 40 पैसेंजर्स; दावा- डिक्की में सिगरेट बॉक्स भरे थे राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात बस-ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। एक्सीडेंट में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने से और 2 की सिर पर चोट लगने के कारण हुई है। पढ़ें पूरी खबर

TMC बागी गुट आज चुनाव आयोग से मिलेगा:नई कार्यकारिणी को मान्यता देने की मांग; 80 में से 58 विधायक ममता से अलग हो चुके

तृणमूल कांग्रेस (TMC) का बागी गुट आज दोपहर 12 बजे नई दिल्ली में चुनाव आयोग से मिलेगा। 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पार्टी में हुए संगठनात्मक बदलावों और नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी (NWC) को मान्यता देने की मांग करेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने कहा- 22 जून को कोलकाता में प्रतिनिधि बैठक हुई। इसमें नए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और 30 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव आयोग (कोलकाता और नई दिल्ली) को इसकी जानकारी भेजी गई। ममता बनर्जी के नेतृत्व से अलग हुए 58 विधायक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद 3 जून को TMC के 80 में से 58 विधायक ममता बनर्जी के नेतृत्व से अलग हो गए थे। इसके अलावा 15 जून को टीएमसी के 20 सांसदों ने भी पार्टी छोड़कर त्रिपुरा की नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी (NCPI) में विलय कर लिया था। बंगाल में भी महाराष्ट्र जैसी बगावत 20 जून 2022 को महाराष्ट्र में शिवसेना के 55 में से 40 विधायक एकनाथ शिंदे के साथ गए। तब उद्धव सीएम थे। राज्यपाल ने उन्हें फ्लोर टेस्ट को कहा। उद्धव सुप्रीम कोर्ट गए, लेकिन कोर्ट ने फ्लोर टेस्ट नहीं रोका तो उद्धव ने इस्तीफा दे दिया। 30 जून 2022 को शिंदे भाजपा के समर्थन से सीएम बन गए। फिर दोनों गुट एक-दूसरे के विधायकों को अयोग्य ठहराने सुप्रीम कोर्ट गए। कोर्ट ने फैसला स्पीकर राहुल नार्वेकर पर छोड़ दिया। 10 जनवरी 2023 को स्पीकर ने कहा कि जब बगावत हुई, तब शिंदे गुट में 37 विधायक थे। इसलिए यही असली शिवसेना है। स्पीकर ने विधायकों को अयोग्य ठहराने की याचिकाएं खारिज कर दीं। इनकी सदस्यता भी रद्द नहीं की। इसी बीच, चुनाव आयोग ने शिवसेना का चुनाव चिह्न धनुष-बाण शिंदे गुट को दे दिया। ममता के पास अब सिर्फ 22 विधायक और 18 सांसद बचे टीएमसी के पास कुल 28 लोकसभा सांसद थे, जिसमें से 20 अलग हो गए हैं। अब लोकसभा में ममता के पास सिर्फ 8 सांसद बचे हैं। राज्यसभा की बात करें तो 13 में से 4 सांसद इस्तीफा दे चुके हैं यानी सिर्फ 9 राज्यसभा सांसद बचे हैं। विधानसभा की बात करें तो टीएमसी ने इस बार के चुनाव में 80 सीटें जीती थीं। जिसमें से 58 विधायक अलग गुट बना चुके हैं। ममता के पास सिर्फ 22 विधायक बचे हैं। TMC सांसदों और विधायकों की ममता से बगावत का घटनाक्रम… 8 जून: ममता बनर्जी के 28 में से 20 लोकसभा सांसद टूटे 8 जून को टीएमसी के लोकसभा के 28 सांसदों में से 20 ने एनडीए सरकार को समर्थन देने का फैसला किया था। सांसद और TMC की पूर्व नेता काकोली घोष दस्तीदार ने कहा था कि सांसदों के साइन वाला पत्र लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को भेज दिया है। इसमें अलग संसदीय ब्लॉक के रूप में अलग बैठने की व्यवस्था की मांग भी की गई। 3 जून: 28 साल पुरानी TMC में बगावत, 58 विधायक अलग हुए 3 जून को टीएमसी में पहली बार बगावत की खबर सामने आई थी। 58 बागी विधायकों ने पार्टी से निकाले गए विधायक ऋतब्रत बनर्जी को अपना नेता चुना। विधानसभा स्पीकर रथींद्र बोस को समर्थन पत्र दिया। इसमें मांग की गई कि ऋतब्रत को नेता विपक्ष घोषित किया जाए। स्पीकर ने मंजूरी दे दी। TMC में फूट के बाद आगे क्या हो सकता है…9 संभावनाएं ———————— ये खबर भी पढ़ें… TMC बागी गुट की 47 पूर्व पार्षदों के साथ बैठक: ममता गुट ने शिकायत दर्ज कराई, कहा- पार्टी के नाम-सिंबल का गलत इस्तेमाल हुआ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी गुट ने 27 जून को एक हफ्ते में दूसरी बार मीटिंग की थी। इसमें 47 पूर्व पार्षदों शामिल हुए थे। बैठक पूर्वी कोलकाता के टॉपसिया इलाके में हुई। इससे पहले 22 जून को न्यू टाउन में भी बागी गुट की बैठक हुई थी। दोनों बैठकों में TMC का नाम और चुनाव चिह्न इस्तेमाल किया गया, लेकिन ममता बनर्जी की तस्वीर नहीं लगाई गई। पूरी खबर पढ़ें…

रायपुर एयरपोर्ट की जमीन पर दावा, किसान सुप्रीम कोर्ट पहुंचा:बोला- 1942 में अंग्रेजों ने जमीन युद्ध के लिए ली थी, 3500 करोड़ मुआवजा दें

रायपुर के 53 वर्षीय किसान अश्विनी बांधे का दावा है कि जिस जमीन पर आज स्वामी विवेकानंद इंटरनेशनल एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग और गार्डन बने हैं, वह उनकी है। बांधे के मुताबिक यह जमीन द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश सरकार ने अस्थायी तौर पर ली थी। उनका कहना है कि युद्ध खत्म होने के बाद यह जमीन लौटाई जानी थी। इसी दावे के आधार पर वे 35 साल से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। साल 2026 में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दोबारा जांच करने के आदेश दिए। वहीं किसान का कहना है कि सक्षम अधिकारी पहले ही जांच कर चुके हैं। इस आधार पर जून 2026 में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई और करीब 3500 करोड़ के मुआवजे की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट ने अभी इस दावे को सही या गलत नहीं माना है। मामला विचाराधीन है। पहले देखिए ये तस्वीरें- 35 साल…और फाइलें ही बन गईं जिंदगी अश्विनी बांधे के लिए सरकारी फाइलें ही उनकी जिंदगी बन चुकी हैं। पिछले 35 साल से वे रिकॉर्ड रूम, दफ्तरों, लाइब्रेरी और कोर्ट के चक्कर काटकर एक-एक दस्तावेज जोड़ रहे हैं। 1990 के दशक में जब उन्होंने जमीन के रिकॉर्ड तलाशना शुरू किया, तब उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी का सबसे लंबा सफर बन जाएगा। आज उनके पास ऐसे अहम दस्तावेज हैं जो गूगल पर भी नहीं मिलेंगे। 3 दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है। अब उनकी पूरी उम्मीद सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी है। उनका कहना है कि इस मामले की पैरवी में अब तक उनके 15 से 20 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इसमें अदालतों के चक्कर, वकीलों की फीस, देश भर से पुराने रिकॉर्ड जुटाने और लगातार यात्रा का खर्च शामिल हैं। कहानी की शुरुआत 1942 से होती है द्वितीय विश्व युद्ध और ब्रिटिश काल का कनेक्शन: इस कहानी का पहला चैप्टर साल 1942 में शुरू होता है, जब दुनिया द्वितीय विश्व युद्ध की आग में जल रही थी और भारत पर अंग्रेजों का राज था। युद्ध के दौरान अपनी सैन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए ब्रिटिश सरकार ने ‘डिफेंस ऑफ इंडिया एक्ट’ लागू किया। इसके तहत देशभर में एयरफील्ड और सैन्य ठिकाने बनाने के लिए करीब 17.5 लाख हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई थी। उसी दौर में छिनी बांधे परिवार की जमीन: अंग्रेजों की इसी देशव्यापी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया का हिस्सा रायपुर का माना एयरपोर्ट इलाका भी बना। इसी दौरान बांधे परिवार के पूर्वजों की माना एयरपोर्ट इलाके में स्थित 30 एकड़ 18 डिसमिल जमीन भी सरकारी कब्जे में चली गई। यही वह शुरुआत थी, जिसने दशकों लंबी कानूनी लड़ाई की बुनियाद रखी। ब्रिटिश कानून से रखी गई विवाद की नींव:इस विवाद की जड़ साल 1939 में शुरू हुए द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़ी है। तब ब्रिटिश सरकार ने सैन्य जरूरतों, हवाई पट्टियों और शरणार्थी शिविरों के लिए ‘डिफेंस ऑफ इंडिया एक्ट, 1939’ लागू किया था। इसी सख्त कानून के तहत देशभर में करीब 17.5 लाख हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया था, जो इस पूरे मामले की मुख्य वजह बनी। जमीन के बदले ₹1300 सालाना किराया अश्विनी बांधे के पास मौजूद दस्तावेजों के मुताबिक, तत्कालीन सेंट्रल प्रोविंसेज एंड बरार क्षेत्र में करीब 15,539.49 एकड़ जमीन 4 एयरफील्ड परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की गई। इनमें माना (रायपुर), चकरभाठा (बिलासपुर), मोहानभाठा एयरस्ट्रिप (जगदलपुर) और बिरसी (तत्कालीन मध्य प्रदेश का भंडारा क्षेत्र, वर्तमान महाराष्ट्र) शामिल थे। माना एयरफील्ड के लिए उनके पूर्वजों की जमीन भी इसी दौरान ली गई थी। उनके पास मौजूद रिकॉर्ड के अनुसार, यह अधिग्रहण स्थायी नहीं था, बल्कि युद्धकालीन जरूरतों के लिए अस्थायी व्यवस्था थी। दस्तावेजों में जमीन के बदले ₹1300 सालाना किराया देने का भी जिक्र है। लेकिन न तो उनके परिवार को कभी यह किराया मिला और न ही युद्ध खत्म होने के बाद जमीन वापस की गई। अब बकाया किराया, ब्याज और अन्य दावों को जोड़ते हुए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में करीब साढ़े 3 हजार करोड़ रुपए का दावा किया है। युद्ध खत्म हुआ तो कानून भी खत्म हो गया अश्निनी बताते हैं कि डिफेंस ऑफ इंडिया एक्ट में यह व्यवस्था थी कि युद्ध समाप्त होने और उसके छह महीने बाद तक ही यह कानून प्रभावी रहेगा। दस्तावेजों के मुताबिक, 20 सितंबर 1946 को यह कानून समाप्त हो गया। इसके एक साल बाद 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ। आजादी के बाद प्रशासनिक कामकाज अचानक प्रभावित न हो, इसलिए केंद्र सरकार ने कंटीन्यूएंस ऑफ पावर्स एक्ट, 1947 लागू किया। इस कानून के जरिए युद्धकालीन कई व्यवस्थाओं को अस्थायी रूप से जारी रखा गया। संविधान बना, फिर आया नया कानून दस्तावेजों का अगला पन्ना पलटते हुए वे शेयर करते हैं कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के बाद केंद्र ने ‘रिक्विजिशनिंग एंड एक्विजिशन ऑफ इमूवेबल प्रॉपर्टी एक्ट, 1952’ (RAIP Act) बनाया। इस नए कानून के जरिए ही युद्धकालीन जमीनों का प्रशासनिक प्रबंधन शुरू हुआ। दावों के अनुसार, इन जमीनों का नियंत्रण पहले ‘मिनिस्ट्री ऑफ वर्क्स, हाउसिंग एंड सप्लाई’ के पास रहा। आगे चलकर सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (CPWD) ने इनका जिम्मा संभाला और जरूरत के मुताबिक अन्य मंत्रालयों या विभागों को ट्रांसफर किया। संस्कृति विभाग की प्रदर्शनी में मिले जमीन के रिकॉर्ड करीब साल भर पहले रायपुर में संस्कृति विभाग की ओर से पुराने अभिलेखों और ऐतिहासिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। इसे देखने पहुंचे अश्विनी बांधे तब चौंक गए, जब उन्हें वहां माना एयरफील्ड से जुड़े कई ऐसे सरकारी रिकॉर्ड दिखाई दिए जिनमें उनके पूर्वजों की जमीन का जिक्र था। प्रदर्शनी में कुछ दस्तावेज उन्हें पहले से मालूम थे, लेकिन कई अहम रिकॉर्ड पहली बार उनके सामने आए थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत ‘लोक सेवा गारंटी अधिनियम’ का इस्तेमाल कर संस्कृति विभाग से इन सभी दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां (Certified Copies) निकालवाईं। उनका दावा है कि विभाग से मिले ये नए सबूत अब सुप्रीम कोर्ट में चल रही उनकी कानूनी लड़ाई का सबसे मजबूत हिस्सा हैं। दस्तावेजों में कई किसानों के नाम दर्ज हैं संस्कृति विभाग के उपसंचालक डॉ. प्रताप पारेख के मुताबिक कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान माना एयरफील्ड के निर्माण के लिए बरौदा, रामचंडी और आसपास के गांवों की जमीन अधिग्रहित की गई थी। विभाग के अभिलेखों में उस दौर के कई राजस्व और अधिग्रहण संबंधी दस्तावेज आज भी सुरक्षित हैं, जिनमें प्रभावित किसानों व भू-स्वामियों के नाम दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि अश्विनी बांधे ने प्रदर्शनी के दौरान इन दस्तावेजों को देखा था और बाद में ‘लोक सेवा गारंटी अधिनियम’ के तहत इनकी कॉपियां मांगी थीं। विभाग ने नियमानुसार उपलब्ध रिकॉर्ड उन्हें सौंप दिए हैं, जिनमें उनके पूर्वजों के नाम भी शामिल हैं। अब फैसला सुप्रीम कोर्ट के हाथ में करीब 35 साल से अश्विनी बांधे के हाथ में एक फाइल है। हर सुनवाई में वह थोड़ी और मोटी हो जाती है। उसमें 1942 का रिकॉर्ड है, रक्षा मंत्रालय के पत्र हैं, राजस्व दस्तावेज हैं और उनके पूर्वजों के नाम भी। अब फैसला सुप्रीम कोर्ट को करना है कि इन फाइलों में दर्ज इतिहास सिर्फ कागज है या फिर उस जमीन पर हक की कानूनी बुनियाद, जहां आज रायपुर का इंटरनेशनल एयरपोर्ट खड़ा है। RAIP (STR) कानून और रेकरिंग रिवाइज्ड कंपनसेशन के नियम: RAIP (STR) कानून और रेकरिंग रिवाइज्ड कंपनसेशन (Recurring Revised Compensation) के नियमों के मुताबिक, सरकार जिस तारीख से जमीन कब्जे में लेती है, उसके 365 दिनों (1 साल) के भीतर भुगतान करना अनिवार्य है। यदि ऐसा नहीं होता है, तो ब्याज की दरें समय के साथ इस तरह बढ़ती हैं: 1 से 3 साल तक: समय पर भुगतान न होने पर 9% सालाना ब्याज। 3 से 5 साल तक: इसके बाद भी राशि न मिलने पर 12% ब्याज। 5 से 15 साल तक: 5 साल बीतने पर 15% ब्याज के साथ संशोधित मुआवजा। 15 साल के बाद: इस अवधि के बाद भी भुगतान लंबित रहने पर 18% चक्रवृद्धि (Compound) ब्याज का नियम लागू होता है। 84 साल का हिसाब: अश्विनी का कहना है कि साल 1942 से लेकर अब तक (करीब 84 साल) का बकाया किराया, उस पर अलग-अलग अवधि का भारी ब्याज और अन्य कानूनी दावों को मिलाकर ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में ₹3,500 करोड़ का क्लेम किया है। एयरपोर्ट से आगे भी है विवाद यह मामला सिर्फ एयरपोर्ट परिसर तक सीमित नहीं है। अश्विनी के मुताबिक नवा रायपुर और आसपास की कुछ अन्य जमीनों को लेकर भी इसी तरह के विवाद और रिकॉर्ड मौजूद हैं। उनका कहना है कि इन मामलों से जुड़े दस्तावेज भी उनके पास हैं और अलग-अलग स्तर पर कानूनी प्रक्रिया चल रही है। (इस रिपोर्ट में किसान अश्विनी बांधे के उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों, उनके पक्ष और न्यायालय में लंबित मामले से संबंधित दावों का उल्लेख है। मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। संबंधित सरकारी विभागों को भी हमने इमेल भेजा है, उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।) यहां देखें दस्तावेज अन्य दस्तावेज …………………. रायपुर की ये खबर भी पढ़िए… 100 रुपए की रिश्वत, 39 साल केस, सब बिखर गया: केस लड़ते-लड़ते पत्नी चल बसी, बच्चों की पढ़ाई छूटी, अब हाईकोर्ट बोला- जागेश्वर निर्दोष है 83 साल की उम्र में चेहरे पर गहरी झुर्रियां, आंखों में न थमने वाला दर्द और 39 साल तक कोर्ट-कचहरी की थकावट। यही पहचान बन गई है जागेश्वर प्रसाद अवधिया की। रायपुर के इस बुजुर्ग ने अपनी पूरी जिंदगी केवल एक लड़ाई में गुजार दी। 100 रुपए की रिश्वत के झूठे केस में बेगुनाही साबित करने की लड़ाई। पढ़ें पूरी खबर

टोंक में 4 इंच से ज्यादा बारिश:अलवर में बहने लगी नदी, दौसा में जगह-जगह पानी भरा; 10 से ज्यादा जिलों में बारिश

राजस्थान में गुरुवार को मानसून की एंट्री हो गई है। जयपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, अलवर, अजमेर, प्रतापगढ़, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, भरतपुर, उदयपुर सहित 10 से ज्यादा जिलों में बरसात हुई। टोंक जिले के मालपुरा क्षेत्र के टोरडी सागर में 4 इंच से ज्यादा बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ में एक से डेढ़ इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। अलवर में तेज बारिश के बाद रूपारेल नदी बहने लगी। सीकर के नीम का थाना में बारिश से सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। उदयपुर के ऋषभदेव में आधे घंटे तक बरसात हुई। दौसा जिले के कई इलाकों में पानी भरने होने से लोगों को परेशानी हो रही है। दो दिन से बदले मौसम के कारण लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इधर राजस्थान-पाकिस्तान के बॉर्डर वाले जिलों में अब भी तेज गर्मी का असर है। यहां तापमान 40 डिग्री के ऊपर रिकॉर्ड हो रहा है। पहले देखिए मौसम से जुड़ी 4 फोटोज… अब देखिए- मानसून की वर्तमान स्थिति बीते 24 घंटे में बदला मौसम देरी से आए मानसून के कारण इस बार जून के अंत तक तेज गर्मी और उमस रही है। बीते 24 घंटे में राजस्थान के अधिकतर जिलों में मौसम बदला है। जयपुर, दौसा, अलवर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में रुक-रुककर बरसात हो रही है। जयपुर में इस साल मानसून ने दो दिन की देरी से एंट्री की। अब देखिए- राजस्थान में बारिश की अन्य PHOTOS
राजस्थान में मानसून की एंट्री:7 दिन की देरी से आया, 12 जिलों को कवर किया; इस बार कमजोर रहने की संभावना मौसम से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

पत्नी का सिर दीवार पर मारा, फिर गला घोंटकर हत्या:पकड़े जाने के डर से दोनों बच्चों का मर्डर, पछतावे में फंदा लगाकर किया सुसाइड

फलोदी के फतेहगढ़ गांव में एक कृषि फार्म पर 30 जून को परिवार के 4 लोगों की मौत के मामले में पुलिस की जांच में कई हैरान करने वाली बातें सामने आई हैं। पाली के रोहट इलाके में बिठू गांव का गेनाराम (35) फलोदी से करीब 40 किमी दूर फतेहगढ़ गांव में कृषि फार्म पर खेती करता था। यहां वह पत्नी पुष्पा (32), 13 साल की बेटी खुशबू और 10 साल के बेटे किशन के साथ रहता था। गेनाराम की पत्नी पुष्पा की दिमागी हालत पिछले दो–तीन साल से ठीक नहीं थी। ऐसे में वह अजीब हरकतें करती थी। उसे पति व परिजन भोपा (तांत्रिक) के पास ले जा रहे थे। भूत-प्रेतात्मा का साया निकालने के लिए पुष्पा को देचू इलाके में भी लेकर गए। वहां भी भोपाओं ने जादू-टोटका कर भूत भगाने के दावे किए थे, लेकिन पुष्पा की सेहत में सुधार नहीं हुआ। देचू इलाके में गेनाराम के दो और भाई खेती करते हैं। पुष्पा का भाई भी खेती करता है। उनके साथ 29 जून को गेनाराम अपनी पत्नी पुष्पा को लेकर बिठू गांव में एक थान (मंदिर) पर ले गया। वहां भोपा ने दावा किया कि पूर्णिमा के दिन टोना-टोटका करने के बाद पुष्पा के सिर से भूत-प्रेत का साया निकल जाएगा। अपने दोनों बच्चों को फतेहगढ़ में छोड़ गेनाराम पत्नी, भाई-साले के साथ 29 जून को अपने गांव बिठू पहुंचा। वहां थान पर फेरी लगाई और भोपा से पूजा कराने के बाद जीप से उसी रात करीब 9 से 10 बजे फतेहगढ़ पहुंच गए। रास्ते में चामू गांव क्रॉस करते ही पुष्पा फिर से अजीब हरकतें करने लगी। गेनाराम व उसकी पत्नी को घर छोड़ कर उसका भाई-साला समेत चार लोग जीप से अपने घर चले गए। उस रात क्या हुआ? पत्नी की तबीयत में नहीं हो रहा था सुधार पुलिस का मानना है कि घटना वाली रात को गेनाराम इस बात को लेकर गुस्से में था कि सभी थान-मंदिर पर ले जाने के बाद भी उसकी पत्नी की सेहत में सुधार नहीं हो रहा था। उस रात अजीब हरकतें कर रही पत्नी को देख गेनाराम को लगा कि उस पर फिर से भूत-प्रेत सवार हो गया। ललाट पर चोट के निशान से लग रहा है कि बेकाबू पत्नी ने दीवार पर सिर मारा होगा। गेनाराम ने काबू में करने के लिए पत्नी को चारपाई पर सुलाने का प्रयास किया होगा, लेकिन वह काबू में नहीं आई। इससे गेनाराम ने उसका गला दबा दिया। पकड़े जाने के डर से बच्चों का गला घोंटा महिला की चारपाई के पास ही अन्य चारपाई पर बेटी खुशबू और बेटा किशन का शव मिला। दोनों के गले पर निशान है। आशंका है कि इन दोनों की भी हत्या गला दबाकर की गई है। पुलिस मान रही है कि पति-पत्नी के बीच शोर-शराबा सुन कर बच्चे जाग गए होंगे। पत्नी की हत्या के बाद गेनाराम को गलती का अहसास हुआ होगा और पकड़े जाने के डर से उसने दोनों बच्चों को भी गला दबाकर मार दिया। खुद भी फांसी पर लटक गया मां व दोनों बच्चों के शव चारपाई पर मिले। उनसे करीब 20–30 फीट की दूरी पर बरामदे में पंखे के हुक से बनाए फंदे पर गेनाराम का शव लटका मिला। पूजा-पाठ का सामान भी मिला। गेनाराम (मृतक) की जेब से मौली का धागा भी मिला। पुलिस यह मान रही है कि पत्नी व दोनों बच्चों की हत्या के बाद गेनाराम को अपने किए पर पछावा हुआ और उसने फांसी लगा कर अपनी जान दे दी। दो भाई भी फतेहगढ़ में खेती-बाड़ी करते हैं गेनाराम चार भाइयों और तीन बहनों में से एक था। उसके दो भाई चेनाराम और सियाराम भी फतेहगढ़ क्षेत्र में खेतों में मजदूरी करते हैं। बीठू गांव में उसके पिता जोधाराम, मां सीतादेवी और एक दिव्यांग भाई रहते हैं। पिता लकवाग्रस्त हैं। मां सीतादेवी पति और दिव्यांग बेटे की देखभाल करती हैं। उसके पिता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गेनाराम की पत्नी पुष्पा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी वजह से गेनाराम मानसिक तनाव में था। गेनाराम पिछले करीब चार साल से फतेहगढ़ क्षेत्र में खेतों में मजदूरी करता था और परिवार भी उसके साथ रहता था। परिजन बोले- अकेले तीन लोगों की गला दबाकर हत्या नहीं कर सकता परिजनों का कहना है कि गेनाराम अकेले तीन लोगों की गला दबाकर हत्या नहीं कर सकता। उन्हें आशंका है कि उसने पहले खाने में कोई नशीला या जहरीला पदार्थ मिलाकर पत्नी और बच्चों को खिलाया होगा। इसके बाद उनका गला घोंटकर हत्या की। फिर खुद फंदे पर झूल गया। गेनाराम के रिश्तेदार जगदीश कुमार ने बताया – गेनाराम 29 जून को अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ बीठू (रोहट) आया था। यहां उसने एक थान (मंदिर) पर पत्नी को दिखाया और प्रसाद चढ़ाया। इसके बाद शाम करीब साढ़े छह बजे वह परिवार सहित वापस फतेहगढ़ के लिए रवाना हो गया था। अगली सुबह चारों के शव खेत में मिले। पुलिस ने कहा- पत्नी की हालत से तनाव में था पति देचू थाना प्रभारी विक्रमसिंह सांदू ने बताया कि गेनाराम के परिजनों से अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि उसकी पत्नी की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। इससे वह डिप्रेशन (तनाव) में था। किसी भी बॉडी पर ऐसी कोई जाहिर चोट नहीं मिली, जिससे मौत हो सके। विस्तार से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि पत्नी व दोनों बच्चों का गला दबाकर हत्या करने के बाद गेनाराम भी फांसी पर झूल गया।
——- यह खबर भी पढ़िए… ‘बच्चों के लिए जीने वाला जान कैसे ले सकता है’:भाई बोला-बेटी को टीचर बनाना चाहता था, ट्रैक्टर चालाना भी सिखाया; हर इच्छा पूरी करता था पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर किसान गेनाराम के सुसाइड करने के बाद भाई को यकीन नहीं है कि वह ऐसा कैसे कर कसता है। भाई ने कहा- जो पिता बच्चों की हर छोटी-छोटी खुशी का ख्याल रखता था, उनके भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करता था। पढ़ें पूरी खबर… पत्नी, बेटे-बेटी की हत्या कर किसान ने सुसाइड किया:महिला पर बताया था भूत-प्रेत का साया; फर्श पर पड़े मिले शव फलोदी जिला मुख्यालय से करीब 42 किमी दूर फतेहगढ़ गांव में पत्नी, बेटा-बेटी की हत्या कर किसान ने सुसाइड कर लिया। चारों शव खेत में पड़े मिले। पुलिस के अधिकारी मौके पर छानबीन में जुटे हैं। FSL की टीम ने मौके से सबूत जुटाया। कहा जा रहा है कि पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी से पति परेशान रहता था। यह घटना देचू थाना इलाके में हुई है। पढ़ें पूरी खबर…

मोहाली में बच्चों के अंतिम संस्कार में पहुंची कातिल मां:लोगों ने चेहरा नहीं देखने दिया, कहा- तुझे ये हक नहीं; 3 बच्चे नहर में फेंके थे

मोहाली में अपने तीन बच्चों को नहर में फेंकने वाली मां शकुंतला को अंतिम संस्कार के समय बच्चों का मुंह नहीं देखने दिया गया। परिजन ने कहा कि जिसने हत्या की, उसे मुंह देखने का हक नहीं। वह अपने भाई और भाभी के साथ ऑटो में श्मशान घाट पहुंची थी। मुंह न दिखाने पर शकुंतला ने कहा- मैंने कौन सी गलती की है। मैंने खुद भी उनके साथ ही छलांग लगाई थी। मुझे वहां मौजूद लोगों ने देख लिया था और तुरंत नहर से निकाल लिया। इसी कारण मैं बच गई। शंकुतला ने कहा कि जब से उसके पति कमल की मौत हुई है, तब से ससुराल पक्ष उसे परेशान कर रहा है। उसके साथ उसका देवर, सास, ससुर, ननद और नंदोई सभी मारपीट करते हैं। इसी वजह से वह परेशान रहती थी। शकुंतला ने कहा कि वह इस मामले को लेकर अलग-अलग लोगों से मिली थी, लेकिन किसी ने भी उसकी मदद नहीं की। यहां तक कि वह परेशान होकर प्रधान के पास भी गई थी, लेकिन वहां से भी उसे कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद उसने यह कदम उठाया। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… लोगों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा बच्चों के अंतिम संस्कार में पहुंचे लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर गुस्सा है। अंतिम संस्कार में पहुंचे राजू नाम के युवक ने बताया कि दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बच्चों के शव तो नहर से बरामद कर लिए, लेकिन आरोपी महिला को खुला छोड़ रखा है और वह अपने मायके में रह रही है। दो पॉइंट में परिजन के आरोप… ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाब में मां ने की 3 बच्चों की हत्या:मोहाली से आकर रोपड़ नहर में फेंके; 4, 7 और 10 साल उम्र, खुद भी सुसाइड करने कूदी रोपड़ में मोहाली की एक महिला ने अपने 3 बच्चों को नहर में फेंक दिया। इसके बाद खुद भी आत्महत्या करने के लिए नहर में छलांग लगा दी। इस घटना में तीनों बच्चों की मौत गई। इनमें से 2 बच्चों के शव गोताखोरों ने बरामद कर लिए। जबकि, एक बच्चे की तलाश जारी है। पढ़ें पूरी खबर…

अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू से रवाना:सिर्फ रजिस्टर्ड श्रद्धालुओं को एंट्री मिली; बद्रीनाथ में 14.5 लाख, केदारनाथ में 13.75 लाख श्रद्धालु पहुंचे

जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से गुरुवार सुबह 4 बजे अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं को रवाना किया। श्रद्धालु ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुए। 57 दिन की यात्रा 3 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों रास्ते से शुरू होकर 28 अगस्त (रक्षाबंधन) तक चलेगी। पहले जत्थे में सिर्फ उन्हीं श्रद्धालुओं को शामिल किया गया, जिन्होंने पहले से रजिस्ट्रेशन कराया था। जिन्होंने RFID कार्ड बनवाया था और ई-केवाईसी पूरी की थी। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। 1 जुलाई तक बद्रीनाथ में 14.5 लाख और केदारनाथ में 13.75 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा से जुड़ी 2 तस्वीरें… अमरनाथ यात्रा के लिए 4 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक करीब 4 लाख श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, मेडिकल, परिवहन और दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को बेस कैंप पहुंचकर सुरक्षा, मेडिकल, ठहरने, बिजली-पानी, हेल्प डेस्क और दूसरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रा को लेकर सिक्योरिटी हाईअलर्ट पर बद्रीनाथ में रोजाना 18 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे चारधाम यात्रा में महज 20 दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 31 मई तक केदारनाथ में दर्शनार्थियों की संख्या बद्रीनाथ से दो लाख से ज्यादा थी, लेकिन जून के तीसरे सप्ताह से रुझान बदला और 30 जून तक बद्रीनाथ आगे निकल गया। अब तक 13,92,584 श्रद्धालु बद्रीनाथ और 13,68,170 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच चुके हैं। यानी बद्रीनाथ करीब 24 हजार श्रद्धालुओं ज्यादा पहुंचे है। मई के आखिर तक केदारनाथ में रोजाना 25 से 28 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे थे, जबकि बद्रीनाथ में यह संख्या 15 से 18 हजार के बीच थी। जून के तीसरे सप्ताह से बद्रीनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी और दोनों धामों के बीच दो लाख से ज्यादा का अंतर खत्म हो गया। अमरानाथ यात्रा के दो रूट, इस साल 57 दिन की यात्रा… ———————- ये खबर भी पढ़ें… 2029 से अमरनाथ के लिए केबल कार चलाने की तैयारी:अप्रैल 2027 से काम शुरू होगा; 5-8 घंटे का सफर 30 मिनट में पूरा होगा अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु 2029 से बालटाल रूट पर केबल कार से सफर कर सकेंगे। केंद्र सरकार अगले साल अप्रैल से 11.6 किमी लंबे रोपवे प्रोजेक्ट का निर्माण शुरू करने की तैयारी में है। परियोजना पूरी होने के बाद बालटाल से संगम टॉप तक पहुंचने में 5 से 8 घंटे की जगह 25 से 30 मिनट लगेंगे। पूरी खबर पढ़ें…

हिमाचल में आफत की बारिश, 46 सड़कें बंद:मरीज को जेसीबी से नाला पार कराया, किन्नौर की पेजर खड्ड में बाढ़, पुल-घरों को खतरा

हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री के साथ ही बारिश तबाही मचा रही है। लाहौल स्पीति में केलांग में आज सुबह धोनंधल नाले में मुंह धो रहे HRTC के कंडक्टर ज्ञान सिंह की पत्थर लगने से मौत हो गई। मंडी से संबंध रखने वाले ज्ञान सिंह केलांग डिपो में तैनात थे। लाहौल स्पीति में बर्फ पिघलने से आई बाढ़ से भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। जहालमा नाले में बाढ़ से सड़क बह जाने के बाद एक मरीज को जेसीबी की बकेट से बिठाकर नदी को पार कराया गया। वहीं सिरमौर के पांवटा साहिब में बुधवार रात में सबसे ज्यादा 100.4 मिमी और सोलन के कसौली में 86 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। किन्नौर के लिप्पा गांव में आधी रात भारी बारिश के बाद पेजर खड्ड (नाला) में बाढ़ आ गई। इससे पुल और तीन से चार घरों को खतरा पैदा हो गया है। रिस्पा गांव को जोड़ने वाली सड़क बही किन्नौर के रिस्पा गांव को जोड़ने वाली सड़क भी चेरंग खड्ड के तेज बहाव में बह गई। कांगड़ा और चंबा में सुबह 10 बजे तक तेज बारिश होती रही। मगर दिन में ज्यादातर भागों में हल्की धूप या आसमान में हल्के बादल छाए रहे। हालांकि मौसम विभाग (IMD) ने आज और कल भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। राज्य में दो दिन से हो रही बारिश से 46 सड़कें और 181 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े है। इनमें कुल्लू में सबसे ज्यादा 18 सड़कें, मंडी में 15, मंडी में 2, लाहौल स्पीति 2, सिरमौर में 9 और ऊना में भी 2 सड़कें अवरुद्ध है। आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट आज कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू और सोलन जिला में यलो अलर्ट है। इस दौरान कुछेक भागों में दो से तीन स्पेल भारी बारिश के हो सकते है। राज्य में इससे फ्लैश फ्लड, लैंडस्लाइड और जलभराव जैसी घटनाएं देखने को मिल सकती है। किन्नौर व लाहौल स्पीति के अधिक ऊंचे पहाड़ों पर हल्का हिमपात और अन्य भागों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज तूफान चल सकता है। कल 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट कल (3 जुलाई) भी कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिला में कुछेक भागों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कुल्लू और शिमला जिला में हल्की से मध्यम बारिश होगी। चार जुलाई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इस दिन मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में ही यलो अलर्ट की चेतावनी है। पांच-छह जुलाई को फिर भारी बारिश राज्य में पांच जुलाई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर स्ट्रांग होगा। इसे देखते हुए अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। पांच व छह जुलाई को मंडी व सिरमौर जिला में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। IMD ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्कता बरतने, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों और नदी नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है। इसी तरह, धुंध के कारण विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। चार से पांच डिग्री गिरेगा तापमान IMD के मुताबिक- राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट आ सकती है। बीते 24 घंटे में भी राज्य के ज्यादातर भागों में तेज बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 5.4॰C कम हुआ है। ताबो का अधिकतम तापमान 15.4॰C गिरा लाहौल स्पीति के ताबो के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 15.4॰C की गिरावट आने के बाद पारा 17.0॰C रह गया है। केलांग का पारा 8.0॰C कम होने के बाद 21.1॰C, भुंतर का पारा 8.1॰C लुढ़कने के बाद 26.9॰C, शिमला का पारा 6.7॰C गिरने के बाद 19.7॰C और मनाली का 5.4॰C कम होने के बाद 22.2॰C रह गया है। राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान हुई भारी बारिश से 34 सड़कें और 127 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हुए हैं। लोक निर्माण विभाग और बिजली बोर्ड इनकी बहाली में जुटे हुए है।