खातौली में 71 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास:स्पीकर ओम बिरला ने 132 केवी जीएसएस, सामुदायिक भवन समेत कई सौगातें दी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को खातौली स्थित कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 71 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पणऔर शिलान्यास किया। इन कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, पूर्व मंत्री रामगोपाल बेरवा, इटावा नगर पालिका अध्यक्ष रजनी सोनी, देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, उपाध्यक्ष पवन हाडा, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सुमन, भाजपा युवा नेता सत्येंद्र सिंह निमोला, श्याम सोनी और अखिल भारतीय वैष्णव महासभा के संभागीय अध्यक्ष भुवनेश शर्मा सहित कई व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान बिरला ने 36 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 132 केवी जीएसएस का भी शिलान्यास किया। यह परियोजना क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में सुधार लाएगी। जोरावरपुरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बालूपा में उप स्वास्थ्य केंद्र, स्टेट हाईवे-70 का दो लेन से चार लेन चौड़ीकरण, विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली नई सड़कें, पुलियों का जीर्णोद्धार और संपर्क मार्गों का निर्माण भी इन विकास कार्यों में शामिल है। कृषि उपज मंडी खातौली का विकास, हाट बाजार और सब्जी मंडी का निर्माण, राजीविका सीएलएफ भवन, सामुदायिक भवन, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, मुक्तिधाम विकास, पेयजल सुविधाएं और पर्यटन स्थल झरेल के बालाजी का विकास जैसे कार्य भी इस सौगात का हिस्सा हैं।

