ब्रेकिंग न्यूज़
मंदिर आए भाई-बहन को लाठी-डंडों से पीटा, VIDEO:खिलौने खरीदने के दौरान दुकानदार से हुआ था झगड़ा, 5 आरोपी गिरफ्तार

बूंदी जिले के इंद्रगढ़ में प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर में दर्शन करने आए भाई-बहन के साथ दुकानदार ने मारपीट की। कोटा जिले के अयाना इलाके से आए भाई-बहन और एक दुकानदार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने अन्य लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इस दौरान मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। 20 जुलाई को हुए पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। इंद्रगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले देखिए PHOTOS… खिलौने खरीद रहे थे, दुकानदार ने मारपीट की पीड़िता हेमलता बैरवा पत्नी सत्यनारायण बैरवा निवासी सुवास थाना किशनगंज (बारां) ने इंंद्रगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें पीड़िता ने बताया कि 20 जुलाई को बिजासन माता मंदिर में गांव के सामूहिक रसोई कार्यक्रम में आए थे। मैं और मेरा भाई रवि प्रकाश एक दुकान से खिलौने खरीद रहे थे। इस दौरान दुकानदार से कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। करीब 6 लोगों ने रवि के साथ डंडों से मारपीट की। घायल हो गए भाई-बहन इंद्रगढ़ थानाधिकारी भोजाराम ने बताया- जब लोग रवि को पीट रहे थे तो बीच-बचाव करने आई उसकी बहन हेमलता के साथ भी दुकानदारों ने मारपीट की। मारपीट में भाई-बहन घायल हो गए। इस पूरे घटनाक्रम को किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। पुलिस ने दोनों घायलों का इंद्रगढ़ सामुदायिक अस्पताल में मेडिकल करवाया। मामले में पुलिस ने ओमप्रकाश योगी, इंद्रजीत, गोविंद लाल, नरेंद्र और दीपक को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच थाने के ASI विजेंद्र सिंह कर रहे हैं। लोगों से संयम बरतने की अपील की पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करें। जांच पूरी होने तक संयम बरतने का आग्रह किया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है।

जयपुर के तालकटोरा में तैरता मिला व्यापारी का शव:एक दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी रिपोर्ट, पहले परिवार को बताए बिना गया था दिल्ली

जयपुर के नाहरगढ़ रोड थाना क्षेत्र स्थित तालकटोरा में बुधवार को एक व्यक्ति का शव तैरता मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकाला। पुलिस जांच में मृतक कि पहचान गणगौरी बाजार निवासी मनमोहन शर्मा (62) के रूप में हुई है। मृतक कैटरिंग व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि एक दिन पहले ही मृतक मनमोहन के लापता होने पर गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। नाहरगढ़ रोड थाना पुलिस का कहना है कि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। परिवार से नाराज होकर दिल्ली चला गया था ASI राज कृष्ण के मुताबिक मनमोहन (62) की परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। इससे पहले 20 जुलाई को परिवार से नाराज होकर मृतक दिल्ली चला गया था। परिजन उसे 21 जुलाई की सुबह 3.45 पर दिल्ली से लेकर जयपुर आए। 21 जुलाई सुबह 4.24 पर वह फिर घर से बाहर निकल गया। बुधवार तड़के ब्रह्मपुरी खर्रे से तालकटोरे तक कैमरों में नजर आ रहा था। उसके बाद मृतक की लोकेशन ट्रेस नहीं हो रही थी। आज सुबह पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने तालकटोरे में शव तेरने की जानकारी दी। सूचना पर शव निकालकर मृतक की पहचान परिजनों से करवाई और शव पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थानाधिकारी सज्जन से ने बताया कि तालकटोरे में शव मिलने की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस और एसडीआरफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव निकलवाया था। मृतक के परिवार ने गुमशुदगी दर्ज करवा रखी थी। परिजनों को मौके पर बुलवाकर मृतक की पहचान करवाई गई। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक मनमोहन शर्मा जिस दिन दिल्ली बिना किसी को बताए गए थे। उस दिन परिवार का नहर के गणेश जी मंदिर में जीमण का आयोजन था। जिस दिन ही वे परिवार को बिना बताए दिल्ली चले गए थे। वहीं उन्होंने उसके बाद की कैटरिंग की बुकिंग भी कैंसिल कर दी थी।

सांवलियाजी को चढ़ाई 25.65 लाख की चांदी की सिल्लियां:श्रद्धालु ने बेटे के लिए मांगी थी मन्नत, पूरी होने पर MP से आया परिवार

चित्तौड़गढ़ में सांवलिया सेठ मंदिर में बुधवार को एक श्रद्धालु ने 11 किलो 400 ग्राम वजन चांदी की 19 सिल्लियां भेंट कीं। इनकी बाजार कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है। मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोहनगंज क्षेत्र निवासी श्रद्धालु ने अपना नाम सार्वजनिक नहीं किया। मंदिर प्रशासन को बताया कि उसने बेटे से जुड़ी एक मनोकामना लेकर सांवलिया सेठ के दरबार में प्रार्थना की थी। कुछ समय बाद जब उसकी मन्नत पूरी हो गई तो वह धन्यवाद देने के लिए यह भेंट लेकर परिवार के साथ मंदिर पहुंचा। मंदिर प्रशासन ने जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन सिल्लियों को भंडार में सुरक्षित जमा करा दिया।
राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया ने बताया कि मौजूदा बाजार भाव के अनुसार 11 किलो 400 ग्राम चांदी की कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपए है। श्री सांवलिया मंदिर में हर महीने बड़ी मात्रा में नकद दान के साथ-साथ सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं भी श्रद्धालुओं की ओर से भेंट की जाती हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से इस चढ़ावे का रिकॉर्ड रखा जाता है और उन्हें सुरक्षित भंडार में जमा किया जाता है। बाद में इन्हें मंदिर की नियमित दान गिनती और रिकॉर्ड में शामिल किया जाता है। सांवलियाजी के भंडार से निकले 38.23 करोड़ रुपए श्री सांवलिया मंदिर में कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोले गए भंडार की गिनती मंगलवार को पूरी हुई। नकद राशि और ऑनलाइन दान को मिलाकर इस बार मंदिर में कुल 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए चढ़ावा आया है। भक्तों ने करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपए का सोना और चांदी भी चढ़ाया है। (पूरी खबर पढ़ें) सांवलिया सेठ में लगातार बढ़ रही श्रद्धा श्री सांवलिया मंदिर देश के प्रमुख कृष्ण मंदिरों में गिना जाता है। यहां राजस्थान ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश, गुजरात और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनोकामना लेकर पहुंचते हैं। कई लोग इच्छा पूरी होने के बाद अपनी क्षमता के अनुसार नकद राशि, सोना, चांदी या दूसरी कीमती वस्तुएं भगवान को अर्पित करते हैं। ग्राफिक्स में देखिए सांवलिया सेठ का इतिहास… …. सांवलिया सेठ से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… सांवलिया सेठ के चढ़ावे का रिकॉर्ड टूटा, ₹51 करोड़ आए:भक्तों ने 1 किलो से ज्यादा सोना, 207 किलो से ज्यादा चांदी दान की चित्तौड़गढ़ के सांवलिया धाम में दिवाली पर चढ़ावे का नया रिकॉर्ड बना था। इस दौरान चढ़ावे की रकम 51 करोड़ से ज्यादा था। इसके अलावा सोने-चांदी की ज्वलेरी भी आई थी। पढ़ें पूरी खबर…

कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी हमला, हेड कॉन्स्टेबल की मौत:अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा में तैनात थे; द रेजिस्टेंस फ्रंट ने जिम्मेदारी ली

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लाल चौक इलाके में बुधवार को आतंकियों ने पुलिस पर हमला किया। इसमें हेड कॉन्स्टेबल (35 साल) की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग की। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलियां चलीं। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले के बाद आतंकी भाग गए। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। जिस जगह फायरिंग हुई, वह शहर का मुख्य बाजार है। यहां आम दिनों में भी काफी भीड़ रहती है। घटनास्थल की 3 तस्वीरें… सभी रास्तों पर नाकेबंदी, आतंकियों की तलाश तेज घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर भेजे गए और आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इलाके में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले में कितने आतंकी शामिल थे और फायरिंग के बाद वे किस दिशा में भागे। जम्मू-कश्मीर में हाल की दो आतंकी घटनाएं 1. 18 जुलाई: राजौरी LoC पर घुसपैठ की कोशिश जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर 17 जुलाई की रात संदिग्ध गतिविधि देख भारतीय सेना ने फायरिंग की। अधिकारियों के मुताबिक, तारकुंडी फॉरवर्ड इलाके में रात करीब 10 बजे सैनिकों ने कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि देखी, जिसके बाद फायरिंग की गई। अधिकारियों ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी हुई। हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। सेना का मानना है कि संदिग्ध आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। 2. 8 जुलाई : शोपियां लश्कर कमांडर जाकिर अहमद ढेर सुरक्षाबलों ने शोपियां में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर जाकिर अहमद गनी को मार गिराया। वह पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी 14 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल था। ऑपरेशन सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त रूप से चलाया था। ————————- ये खबर भी पढ़ें… हाफिज सईद ने ही पहलगाम हमले की साजिश रची:NIA बोली- भारत के खिलाफ जंग छेड़ी; अब तक हमले के आरोपी 3 आतंकी ढेर पहलगाम हमले पर NIA ने सोमवार को सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की। एजेंसी ने कहा कि बैसरनघाटी में हुए आतंकी हमले की साजिश लश्कर-ए-तैयबा चीफ हाफिज सईद ने ही रची थी। NIA ने हाफिज पर भारत के खिलाफ जंग छेड़ने का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें…

PM मोदी से मिले NCP(SP) चीफ शरद पवार:बेटी सुप्रिया सुले भी साथ थीं, एक दिन पहले CJP चीफ दीपके से मिले थे

NCP (SP) चीफ शरद पवार ने बुधवार सुबह PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मौके पर सुप्रिया सुले भी उनके साथ रहीं। यह मुलाकात संसद भवन में हुई। शरद पवार ने मोदी को एक पत्र भी सौंपा। दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई? अभी इसका ब्योरा सामने नहीं आया है। एक दिन पहले शरद पवार जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने अभिजीत दिपके से मुलाकात की थी। मुलाकात की 4 तस्वीरें: पवार के NDA में जाने की अटकलें शरद पवार की मोदी से मुलाकात ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। परिसीमन बिल पर बीजेपी को एनसीपी (SP) के 8 सांसदों का समर्थन चाहिए। इस मुलाकात को उससे जोड़कर भी देखा जा रहा है। सुप्रिया सुले ने कुल सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी की लिखित गारंटी मिलने पर इस बिल को सशर्त समर्थन देने के संकेत दिए हैं। हालांकि सुप्रिया सुले ने एनडीए में शामिल होने या किसी भी तरह के विलय के प्रस्तावों को खारिज किया है। ऐसे में शरद पवार के अगले कदम पर सस्पेंस है। मोदी-पवार के निजी रिश्ते मजबूत मोदी और पवार के बीच रिश्ते निजी तौर पर बेहद सौहार्दपूर्ण और आदरपूर्ण हैं। हालांकि चुनावी राजनीति के मंच पर दोनों एक-दूसरे पर तीखे हमले करने से नहीं चूकते। मोदी ने चुनाव में पवार पर कड़े हमले किए साल 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान मोदी ने शरद पवार की NCP को ‘नेचुरली करप्ट पार्टी’ करार दिया था और जनता से ‘चाचा-भतीजा’ (शरद पवार और अजीत पवार) की जोड़ी को उखाड़ फेंकने की अपील की थी। 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान पीएम मोदी ने शरद पवार का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘भटकती आत्मा’ कहा था, जो राजनीतिक स्थिरता को नुकसान पहुंचाती है। शरद पवार भी मोदी सरकार की नीतियों की लगातार आलोचना करते आए हैं। उन्होंने मोदी की तुलना रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से करते हुए देश में डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया था। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी की तुलना पूर्व जवाहरलाल नेहरू से करने पर भी आपत्ति जताई थी। ———————– ये खबर भी पढ़ें: शरद पवार के NDA में जाने की अटकलें:पार्टी ने कहा- विपक्ष को कमजोर करने की साजिश; एक दिन पहले पवार-शिंदे की मुलाकात हुई थी मुंबई शरद पवार की पार्टी NCP के NDA में शामिल होने या कांग्रेस में विलय की अटकलें हैं। हालांकि, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने इन सभी चर्चाओं को अफवाह बताया है। सूत्रों के मुताबिक, शरद की पार्टी के नेता NDA में शामिल के फेवर में नहीं हैं। कुछ नेताओं ने इस पर असहमति जताई है। पोता रोहित पवार इस फैसले के खिलाफ हैं। पढ़ें पूरी खबर…

'कॉकरोचों' पर लाठीचार्ज- सुप्रीम कोर्ट का सुनवाई से इनकार:चीफ जस्टिस बोले- वीडियो देखने का वक्त नहीं, हमारा समय बर्बाद न करें

सुप्रीम कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी समर्थकों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ दायर याचिका पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया है। बुधवार को एक वकील ने CJI की अगुआई वाली 3 जजों की बेंच के सामने जनहित याचिका लगाई थी। CJI सूर्यकांत ने कहा, ‘हमें वीडियो देखने में कोई रुचि नहीं है। हमारे पास उन्हें देखने का समय नहीं है।’ जब वकील ने छात्रों के साथ मारपीट के वीडियो देखने का दूसरी बार अनुरोध किया तो CJI ने कहा, ‘हमारा और अपना समय बर्बाद मत कीजिए।’ बता दें कि 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान CJI ने कहा था, ‘कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच जैसे होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करने लगते हैं।’ इस टिप्पणी के बाद ही अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी नाम से अकाउंट बनाया था। कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जुलाई को संसद मार्च निकाला था। इस दौरान हजारों प्रदर्शनकारी संसद की तरफ बढ़े थे, इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इसमें 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी और छात्रों को चोटें आई थीं। कोर्ट रूम LIVE दिल्ली हाईकोर्ट का भी तत्काल सुनवाई से इनकार मंगलवार को ऐसा ही एक मामला दिल्ली हाईकोर्ट में भी पहुंचा था। तब दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इसी तरह की याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया था। कहा था कि कोर्ट को इसमें न घसीटें। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने कहा- लाठीचार्ज की जांच हो
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने निर्दोष छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की है। एसोसिएशन ने कहा है कि इस कार्रवाई में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए। इस घटना की तुरंत, निष्पक्ष और समय से जांच होनी चाहिए। जिम्मेदार लोगों की पहचान और उन पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। CJI के बयान से बनी कॉकरोच जनता पार्टी कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई 2026 में CJI सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई थी। इसे सोशल मीडिया पर बनाया गया। देखते ही देखते लाखों फॉलोअर्स बढ़ गए। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच 15 जनवरी को वकील संजय दुबे की दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ता सीनियर वकील का दर्जा पाना चाहता था। जस्टिस बागची ने सवाल किया कि क्या सीनियर एडवोकेट का टैग सिर्फ एक स्टेटस सिंबल है या न्याय व्यवस्था में भागीदारी का एक जरिया। CJI सूर्यकांत ने तब कहा था, कॉकरोच की तरह बहुत से युवा ऐसे हैं, जिन्हें इस पेशे में रोजगार नहीं मिल रहा है। वे सोशल मीडिया और RTI एक्टिविज्म बन रहे हैं। हजारों लोग ऐसे हैं जो काले चोगे पहनकर घूम रहे हैं, लेकिन उनकी डिग्रियों पर गंभीर संदेह है। बेंच ने यह भी कहा था कि दुनिया में हर कोई सीनियर बनने के योग्य हो सकता है, लेकिन याचिकाकर्ता इसके हकदार नहीं हैं। अगर उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट ने सीनियर एडवोकेट बना भी दिया, तो सुप्रीम कोर्ट उनके व्यवहार को देखते हुए उस फैसले को रद्द कर देगा। CJI ने सफाई दी थी, कहा था- बयान को गलत तरीके से दिखाया गया CJI ने बाद में सफाई दी थी। कहा था कि मीडिया के एक वर्ग ने मेरी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया। CJI ने कहा, मेरी टिप्पणी खास तौर पर उन लोगों के लिए थी, जो फर्जी और नकली डिग्रियों के सहारे वकालत जैसे पेशों में आ गए हैं। मीडिया, सोशल मीडिया और दूसरे सम्मानित पेशों में भी ऐसे लोग घुस आए हैं। वे परजीवियों जैसे हैं। ———————– ये खबरें भी पढ़ें CJP का प्रदर्शन, दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन बंद, कॉकरोच पार्टी बोली- सरकार बातचीत को तैयार कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच सरकार ने दूसरी बार बातचीत की पेशकश की है। सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने इसकी पुष्टि की है। रांका का कहना है कि कोर टीम से चर्चा के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें
कॉकरोच पार्टी समर्थकों की पिटाई पर संसद में हंगामा, अखिलेश बोले- बेटियों के कपड़े फाड़े संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को विपक्ष ने कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर हंगामा किया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने लोकसभा में पूछा कि पुलिस को बेटियों के कपड़े फाड़ने का अधिकार किसने दिया। पूरी खबर पढ़ें

आर्मी के फर्जी आई-कार्ड के साथ युवक को पकड़ा:बांदनवाड़ा टोल पर दिखाया था कार्ड; कार जब्त

आर्मी के फर्जी आईकार्ड से हाइवे पर टोल बचाने के मामले में एक युवक को पकड़ा गया है। आर्मी इंटेलिजेंस ने बांदनवाड़ा स्थित टोलकर्मियों को टोल से गुजरने के दौरान वाहन चालकों के आर्मी कार्ड सही से जांच करने की हिदायत दी गई। इसके बाद सीकर निवासी कार चालक को पकड़कर भिनाय थाना पुलिस को सौंपा गया। फर्जी आर्मी कार्ड टोल पर दिखाया आर्मी इंटेलिजेंस के सदस्यों ने बताया कि टोल चार्ज बचाने के लिए सैनिक के आई-कार्ड को स्कैन कर उसका दुरुपयोग करने की सूचना मिली थी। इसके बाद बांदनवाड़ा स्थित टोल पर इसकी जानकारी दी गई थी। बांदनवाड़ा टोल से गुजर रही एक कार के चालक ने मंगलवार को आर्मी का आई-कार्ड दिखाकर टोल में छूट देने की बात की गई। आई-कार्ड फर्जी लगने पर टोलकर्मियों ने आर्मी इंटेलिजेंस को सूचना दी। आर्मी इंटेलिजेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आर्मी के आई-कार्ड की जांच की। उक्त कार्ड किसी सैनिक के मूल पहचान पत्र को स्कैन कर रंगीन प्रिंट निकालकर बनाया गया था, जो कि फर्जी है। टोलकर्मियों ने कार चालक सीकर निवासी नीलेश चौधरी को भिनाय थाना पुलिस को सौंप दिया। कार चालक को पाबंद करते हुए कार को 207 एमवी एक्ट में जब्त कर लिया। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)

CJP आंदोलन में पहुंचे निहंग, युवती बोली- जान आ गई:ब्लू फोर्स पहुंची जंतर-मंतर; गुरुद्वारे में आए आंदोलनकारी तो पुलिस बाहर रुकी

नई दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन में निहंग भी शामिल होंगे। ब्लू फोर्स निहंगों की टीम मंगलवार देर शाम 7 बजे जंतर-मंतर पहुंची। उन्हें देखकर प्रदर्शनकारियों में बड़ा उत्साह दिखा। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा ने निहंग को देखकर कहा, “हमारे अंदर जो जान आ गई है ना, उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।” वहीं एक निहंग ने कहा कि आपको जब भी हमारी जरूरत पड़ेगी हम आपके साथ हैं। बहुत बढ़िया है कि आप डटे हुए हो। इसी दौरान जंतर-मंतर पर पुलिस लाठीचार्ज के दौरान कई प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे में शरण ली थी। पुलिस जब उन्हें पीटने के लिए पहुंची तो आंदोलनकारियों ने गुरुद्वारे के अंदर आकर गेट बंद कर दिया। जिस वजह से पुलिस उन्हें नहीं खदेड़ सकी और बाहर ही रुकना पड़ा। अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल व सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इसका वीडियो पोस्ट किया है। जानिए, आंदोलन को लेकर निहंग संगठन ने क्या कहा
ब्लू फोर्स निहंग संगठन के मुखी निहंग वरिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार को हमारी टीम के करीब 30 से 40 सदस्य जंतर-मंतर पहुंचे थे। पंजाब से भी कई निहंग वहां पहुंच चुके हैं और अन्य सदस्य लगातार पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज टीम की ओर से प्रदर्शन में शामिल छात्रों के लिए पंखे और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बता दें कि ये निहंग संगठन गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाले मुस्लिम युवक सुब्हान रंगरीज से माफी मंगवाने के बाद सुर्खियों में आया था। इसी संगठन ने उसके घर जाकर उसे पकड़ा था और फिर माफी मंगवाने के बाद गाजियाबाद पुलिस के हवाले किया था। अब जानिए, कैसे बंगला साहिब गुरुद्वारे में जमा हुए प्रदर्शनकारी
सांसद हरसिमरत बादल ने एक वीडियो ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि मैं हर उस सेवादार और सिख पंथ के हर सदस्य के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं जो विनम्रता और करुणा के साथ सेवा कर रहे हैं। सेवा की यही भावना हमारी सबसे बड़ी ताकत और हमारी सबसे गौरवशाली विरासत है। वहीं अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल ने लिखा- सेवा सिखों का कोई कर्तव्य नहीं है, बल्कि यह हमारी पहचान है। जरूरतमंदों को गुरु के दरबार में हमेशा शरण मिलेगी। आज जब विद्यार्थी सुरक्षा और सम्मान की तलाश में हैं, तब हमारे गुरुद्वारे एक बार फिर आश्रय, भोजन, देखभाल और सबसे महत्वपूर्ण, आशा का स्रोत बन गए हैं। सिख पंथ पर गर्व है कि वह हमारे युवाओं के साथ खड़ा है और भारत को एक बार फिर याद दिला रहा है कि सेवा ही साहस का सर्वोच्च रूप है। इस वीडियो में दिख रहा है कि प्रदर्शनकारी गुरुद्वारे के अंदर हैं और पुलिस बाहर खड़ी है। यह वीडियो 20 जुलाई का माना जा रहा है जब कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलनकारियों ने संसद कूच की कोशिश की और पुलिस ने उन पर लाठियां भांजीं। बंगला साहिब गुरुद्वारे में आंदोलनकारियों के PHOTOS.. *******************
ये खबर भी पढ़ें… कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन, पंजाबी एक्टर-सिंगर बंटे:बब्बू मान बोले- हर बार हम ही क्यों लाठी खाएं; सोनम बाजवा ने टूटे दिल की इमोजी लगाई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन पर पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री बंट गई है। एक तरफ दिलजीत दोसांझ और सोनू सूद ने लाठीचार्ज पर सवाल उठाए। उन्होंने छात्रों के अधिकारों और उनकी मांगों को जायज ठहराया है। वहीं बब्बू मान ने आंदोलन के समर्थन से इनकार कर दिया। बब्बू मान ने तो सीधे सवाल उठाया कि जब 2020 में दिल्ली में किसान आंदोलन हुआ तो CJP बनाने वाले अभिजीत दीपके वहां आए थे क्या?। पंजाबी हर बार लाठियां खाने के लिए आगे नहीं आ सकते। वहीं जसबीर जस्सी ने सभी पार्टियों को अपील की कि इस मामले को संवेदनशीलता से देखा जाए। इसका राजनीतिकरण न किया जाए। एक्ट्रेस सोनम बाजवा ने इंस्टाग्राम पर टूटे हुए दिल की इमोजी लगाई (पढ़ें पूरी खबर)

विवाद के बाद युवक की हत्या, तलाई में मिला शव:गले पर चोट के निशान मिले; एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

दौसा के सदर थाना क्षेत्र में भांडारेज मोड़ के पास मिले युवक के शव की पहचान मान क्लब के पास टैगोर कॉलोनी निवासी सौरभ वर्मा (28) के रूप में हुई है। जिसके बाद जिला अस्पताल में शव के पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं मृतक के पिता जयनारायण ने सदर थाने में हत्या की रिपोर्ट दी है। थाना इंचार्ज युधिष्ठिर ने बताया- मृतक सौरभ सवारी बसों में सामान बेचकर अपना जीवनयापन करता था। वह शराब आदि का नशा भी करता था। संभावना है कि किसी से विवाद के बाद उसकी हत्या की गई हो। मृतक के गले पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहे हैं। सदर थाना इंचार्ज ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटनास्थल से एफएसएल टीम ने भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। अब पुलिस जांच और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि सौरभ की हत्या किसने और किन कारणों से की। मामले को लेकर पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। तलाई में मिला था शव बता दें कि भांडारेज मोड़ के पास मंगलवार शाम को सुनसान इलाके में तलाई में युवक का शव मिला था। सूचना पर एएसपी शंकर लाल मीणा, डिप्टी एसपी धर्मेंद्र शर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। पहचान के लिए शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया था। एएसपी शंकर लाल मीणा ने बताया- मृतक युवक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। मर्डर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

श्रीगंगानगर में कांग्रेस विधायक और पुलिस के बीच धक्कामुक्की:रूपिंदर कुन्नर बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा, कई कांग्रेसी जमीन पर गिरे

दिल्ली के जंतर मंतर पर नीट परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेने के विरोध में श्रीगंगानगर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हो गई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुन्नर बीबी नहर पर पुलिस द्वारा की गई नाकाबंदी को तोड़कडर मांझूवास-नरसिंहपुरा बारानी अपने समर्थकों के साथ जा रहे थे। कुन्नर अपने समर्थकों के साथ बेरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़े। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की हो गई, जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता जमीन पर गिर गए। प्रदर्शनकारियों ने सुबह 10 बजे ही पदमपुर-श्रीगंगानगर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष व श्रीकरणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर के नेतृत्व में सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता किसान चौक सीसी हेड पर धरने पर बैठ गए। श्रीगंगानगर-पदमपुर स्टेट हाईवे को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरी तरह से जाम कर दिया। हाईवे पर बैठकर कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसके कारण 6 सीसी से श्रीगंगानगर रूट डायवर्ट किया गया है। जिलाध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुन्नर ने कहा- केंद्र सरकार छात्रों का भविष्य बर्बाद करने वाले घोटालों को दबाने के लिए दमनकारी नीति अपना रही है। जंतर मंतर पर लाठीचार्ज और बड़े नेताओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या है। परेशान छात्रों ने सुसाइड किया है। इसके वाबजूद सरकार छात्रों को पीट रही है। हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखेंगे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मांग की कि पेपर लीक की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। चक्का जाम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इनपुट सहयोग- अरुण चावला, श्रीगंगानगर