ब्रेकिंग न्यूज़
पाली में 15 जुलाई को बंद रहेंगे प्राइवेट स्कूल:आरटीई भुगतान और सरकारी नीतियों का विरोध, शहर को 5 सेक्टर में बांटा

पाली में आरटीई के लंबित भुगतान और सरकारी नीतियों के विरोध में 15 जुलाई को निजी स्कूल बंद रहेंगे। इस दौरान सीबीएसई और आरबीएसई माध्यम के निजी शिक्षण संस्थान बंद रखकर विरोध जताया जाएगा। यह फैसला मंगलवार को रतनचंद लोढ़ा बाल निकेतन विद्यालय में हुई निजी शिक्षण संस्था विकास समिति की बैठक में लिया गया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सीबीएसई और आरबीएसई माध्यम के सभी निजी विद्यालयों से बंद को सफल बनाने का आह्वान किया गया है। इसके लिए पूरे शहर को पांच सेक्टरों में बांटकर अलग-अलग टीमों की जिम्मेदारी तय की गई है। 5 सेक्टरों में बांटी जिम्मेदारी सेक्टर ए की जिम्मेदारी हिम्मत सिंह, सेक्टर बी की जगदीश मंत्री, सेक्टर सी की हरवंश दवे और जयशंकर त्रिवेदी, सेक्टर डी की प्रवीण दाधीच और भरत निम्बार्क, सेक्टर ई की कानाराम किर को सौंपी गई है। वहीं, सीबीएसई विद्यालयों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदीप दवे और योगेंद्र आर्य को दी गई है। बैठक में बड़ी संख्या में स्कूल संचालक रहे मौजूद बैठक में अध्यक्ष प्रदीप दवे, जयशंकर त्रिवेदी, भीम सिंह, ओम मेवाड़ा, भारत, प्रवीण, मुल्तान सिंह, वीरमदेव जोशी, नंदकिशोर, छोगाराम, जगदीश मंत्री, भरत निम्बार्क, हेमंत, श्याम सुंदर, लक्ष्मण, नागेश्वर, ताराचंद, नितेश कुमार, रामकांत, रामनरेश, सीपी कुमावत, अमराराम, बालाजी, तन्मय मिश्रा, कुलदीप सिंह सहित कई पदाधिकारी और विद्यालय संचालक मौजूद रहे। बैठक के अंत में रतनचंद लोढ़ा बाल निकेतन विद्यालय के सचिव पुखराज ने सभी पदाधिकारियों, विद्यालय संचालकों और उपस्थित प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

सुरक्षा जवान-सुपरवाइजर और ड्रोन पायलट भर्ती कैंप कल से:18 से 26 हजार तक मिलेगी सैलरी, जानिए- पंचायत समिति में कब कहां लगेंगे कैंप

भारत सरकार के प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसीज रेगुलेशन एक्ट (पसारा) एक्ट अधिनियम 2005 के तहत जीडीएक्स सिक्योरिटी ग्रुप नोएडा की ओर से 250 सुरक्षा जवान, 30 सुपरवाइजर, 20 ड्रोन पायलट के लिए भर्ती कैम्प होंगे। इसकी शुरुआत कल से 15 जुलाई से होगी। इसमें हर महीने 18 से 26 हजार रुपए सैलरी मिलेगी। भर्ती अधिकारी राजेन्द्र कुमार सरगरा ने बताया- 15 जुलाई को पंचायत समिति अराई, 16 को पंचायत समिति भिनाय, 17 को पंचायत समिति केकड़ी, 20 को पंचायत समिति किशनगढ़, 21 को पंचायत समिति पीसांगन, 22 को पंचायत समिति सरवाड़, 23 को पंचायत समिति श्रीनगर, 24 को पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण में सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक भर्ती कैम्प आयोजित किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए भर्ती अधिकारी के मो.न.9289153551, 9555736203 पर सम्पर्क कर सकते हैं। उम्र 18 से 45 साल तक रखी है सुरक्षा जवान के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास, उम्र 18 से 45 साल, ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, वजन 52 से 96 किलो रखी गई है। सुपरवाइजर के लिए ग्रेजुएट + कम्प्यूटर, उम्र 22 से 40 साल, ऊंचाई 170 सेमी और वजन 55 से 96 किलो होना जरूरी है। इसके लिए मार्कशीट, आधार कार्ड की फोटोकॉपी और दो पासपोर्ट साईज फोटो, रजिस्ट्रेशन शुल्क 250 रुपए के साथ उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती शिविर में दूसरे जिले के युवा भी ब्लॉक में उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं। यहां मिलेगी जॉब चयनित युवाओं को जीडीएक्स ग्रुप के ट्रेनिंग सेंटर एनआईएमटी कैंपस नियर परीचौक कालेज ग्राउंड में स्थित सेंटर में 15 दिन के आवासीय प्रशिक्षण के बाद सर्टिफिकेट के साथ जयपुर एयरपोर्ट, बीकानेर सोलर प्लांट, जयपुर निम्स हॉस्पिटल, मोल,अहमदाबाद एयरपोर्ट एवं राजस्थान के बड़े-बड़े ओद्योगिक क्षेत्रों में 18000 से 26,000 तक के मासिक सेलरी के साथ 58 साल तक स्थाई नौकरी दी जाएगी। साथ ही पीएफ, पेंशन, बीमा, मेडिकल सुविधा, ग्रेच्युटी, सालाना वेतन में वृद्धि, लोन की सुविधा, प्रमोशन जैसे सुविधाओं के साथ ड्यूटी दौरान रहने व खाने की सुविधाएं रियायती दरों पर मिलेगी। ……….. पढ़ें ये खबर भी…. इंजीनियर्स का 2 लाख का खेल,चहेतों को 43.86-करोड़ का ठेका:पोल खुली तो 50 लाख के टेंडर देने वाला SE सस्पेंड, करोड़ों वालों पर एक्शन नहीं अजमेर डिस्कॉम (14 जिलों) के अंदर एक बड़ा खेल सामने आया है। इंजीनियर्स ने पिछले दो सालों में 43.86 करोड़ के टेंडर अपने चहेते ठेकेदारों को दे दिए। इसके लिए उन्होंने एक नियम का फायदा उठाया, जिसमें 2 लाख से कम के काम के लिए ई टेंडर जारी करने की जरूरत नहीं होती। (पूरी खबर पढ़ें)

आठ साल पुरानी नाले की समस्या का हुआ समाधान:जनसमस्याओं पर कार्रवाई जारी, समाधान से लोगों को मिली राहत, प्रमोद कुमार बने आज के 'स्टार ऑफिसर'

उदयपुर में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। कई क्षेत्रों में अधूरी सड़क और नाली, टूटी पाइपलाइन, झुके बिजली पोल और कचरे के ढेर से लोग परेशान हैं। वहीं, भास्कर समाधान पर उठाई गई शिकायतों पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए वर्षों से गंदगी से भरे नाले की सफाई करवाई और बार-बार बंद हो रही स्ट्रीट लाइट की समस्या का समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाई। आज के स्टार ऑफिसर के रूप में नगर निगम जोन-2 के सुपरवाइजर प्रमोद कुमार ने भी त्वरित कार्रवाई कर मिसाल पेश की। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… वर्षों से अधूरी सड़क और नाली निर्माण से कॉलोनीवासी परेशान बड़गांव स्थित शिव कॉलोनी (पिंक पर्ल) निवासी बंशी सुथार ने ‘भास्कर समाधान’ पर समस्या पोस्ट कर बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों से सड़क और नाली निर्माण अधूरा पड़ा है। कच्ची सड़क के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। वहीं जलभराव और गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। गैस लाइन डालने से टूटी पानी की पाइप, सड़क पर जलभराव हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित वकील कॉलोनी निवासी डॉ. राधिका सेठिया ने ‘भास्कर समाधान’ पर समस्या पोस्ट कर बताया कि गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान पानी की पाइपलाइन टूट गई है। इससे प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह रहा है। साथ ही खुदाई के बाद खुले गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। झुका बिजली का पोल, लटकती थ्री-फेज लाइन बने हादसे का खतरा सज्जन नगर स्थित अन्नेदर रोड निवासी डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने भास्कर समाधान पर समस्या पोस्ट कर बताया कि पिछले दो महीनों से उनके घर के सामने थ्री-फेज बिजली लाइन सड़क पर लटकी हुई है और लोहे का बिजली पोल भी झुक गया है। उन्होंने बताया कि बिजली लाइन की चपेट में आने से एक पेड़ भी जल चुका है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। कई बार जानकारी देने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से जल्द समाधान की मांग की है। सड़क किनारे कचरे का ढेर बना परेशानी का कारण अहमद हुसैन कॉलोनी, मल्ला तलाई स्थित भिलूराणा कॉलोनी के पास सुलभ कॉम्प्लेक्स के समीप बाबूलाल कटारा ने ‘भास्कर समाधान’ पर समस्या पोस्ट कर बताया कि सड़क किनारे लंबे समय से कचरे का ढेर जमा है। इससे दुर्गंध फैल रही है और आवारा पशु वहां मंडराते रहते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने नगर निगम से जल्द सफाई करवाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने की मांग की है। 8 साल से गंदगी से भरे नाले की हुई सफाई उदयपुर के रकमपुरा स्थित नाकोड़ा नगर तृतीय, गंगौर वाटिका के पास धौजी की बावड़ी क्षेत्र में वर्षों से गंदगी से अटे पड़े नाले की आखिरकार सफाई कर दी गई। स्थानीय निवासी अवंती लाल चौधरी ने वर्ष 2018 से नाले की सफाई नहीं होने की समस्या उठाई थी। नाले में कचरा जमा होने से मच्छर, सांप और अन्य जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया था, साथ ही आसपास दुर्गंध फैलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए नाले की सफाई करवाई। इससे गंदगी हटने के साथ जल निकासी सुचारु हुई और क्षेत्रवासियों को दुर्गंध व बीमारियों के खतरे से राहत मिली। बार-बार बंद हो रही स्ट्रीट लाइट का हुआ समाधान उदयपुर के पंचवटी क्षेत्र में लंबे समय से स्ट्रीट लाइट बार-बार बंद होने की समस्या का समाधान कर दिया गया है। स्थानीय निवासी पार्थ ने शिकायत में बताया था कि शिकायत के बाद लाइट कुछ दिन चलती थी, लेकिन दोबारा बंद हो जाने से रात के समय सड़क पर अंधेरा छा जाता था और राहगीरों को परेशानी होती थी। समस्या सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने आवश्यक मरम्मत और तकनीकी सुधार किए। इसके बाद स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से चालू हो गई हैं। शिकायतकर्ता ने भी समस्या के समाधान की पुष्टि की है, जिससे क्षेत्र के लोगों को रात में सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिल रही है। आज के ‘स्टार ऑफिसर’ : सुपरवाइजर प्रमोद कुमार आज के हमारे स्टार ऑफिसर नगर निगम जोन-2 के सुपरवाइजर प्रमोद कुमार बने हैं। उदयपुर के रकमपुरा स्थित नाकोड़ा नगर तृतीय निवासी अवंती लाल चौधरी ने भास्कर समाधान पर शिकायत पोस्ट की थी कि वर्ष 2018 से नाले की सफाई नहीं होने के कारण उसमें कचरा जमा हो गया था। इससे दुर्गंध फैल रही थी और मच्छरों, सांप सहित अन्य जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ था। शिकायत मिलने के बाद सुपरवाइजर प्रमोद कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित टीम से नाले की सफाई करवाई। समय पर कार्रवाई से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ और क्षेत्रवासियों को गंदगी व दुर्गंध से राहत मिली। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए… 1.उदयपुर में बुनियादी सुविधाओं की खुली पोल:सीवर और गंदगी की शिकायतों पर निगम ने दिखाया एक्शन, अजय घारू बने आज ‘पब्लिक के स्टार’ 2.उदयपुर में जलभराव और सीवर से मिली राहत:श्रीनाथ नगर और हिरण मगरी में दूर हुआ संकट, जमादार प्रकाश चंद्र बने ‘पब्लिक के स्टार’ 3.उदयपुर में बंद स्ट्रीट लाइटों से बढ़ी लोगों की चिंता:कहीं कचरे का अंबार, कहीं पानी-बिजली की मार, लाइनमैन आशीष मीणा बने आज के ‘पब्लिक के स्टार’ 4.उदयपुर में सड़क पर गड्ढे, नलों में सूखा:कॉलोनियों में बुनियादी विकास की खुली पोल, ऐप पर पोस्ट होते ही दौड़ा प्रशासन 5.उदयपुर में सड़कें बनीं आफत:गारियावास में छाया अंधेरा, प्रताप नगर में गैस पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क छोड़ दी अधूरी 6.उदयपुर में जनता की आवाज का दिखा दम:कहीं 15 दिन बाद हटा कचरा तो कहीं दुरुस्त हुई पानी की टंकी 7.‘भास्कर समाधान’ पर एक क्लिक में हल:फतहसागर में बेसहारा पशु ब्रिज से गिर रहे, बड़गांव में बिजली के तारों पर लटका पेड़, खुली नालियों से हादसे का डर 8.हिरण मगरी में बंद रोड लाइटें ठीक:आर्य समाज मार्ग पर नाली साफ होने से खत्म हुआ जलभराव, लेकिन कॉलोनियों में टूटी सड़क बनी परेशानी 9.उदयपुर में समस्याओं को लेकर लोगों ने उठाई आवाज:सीवर के पानी और मलबे से बढ़ी आफत, खुले नाले और बंद पड़ी रोड लाइटें दे रहीं हादसों को न्यौता 10.उदयपुर के भुवाना में सुरक्षा भगवान भरोसे:तुलसी नगर RAC ऑफिस के सामने रोड लाइट गायब, अंधेरे में हादसों का डर

भास्कर समाधान : सीवरेज पाइपलाइन की रुकावट हुई दूर:गंदगी और जलभराव से राहत की उम्मीद, भास्कर समाधान पर उठी जनता की आवाज

जोधपुर शहर के लोग दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ पर लगातार अपनी समस्याएं पोस्ट कर रहे हैं, जिन पर प्रशासन भी कार्रवाई कर समाधान कर रहा है। शहर में कहीं नाली ओवरफ्लो होने, सड़क खराब होने, कचरा जमा होने और सीवरेज जाम जैसी समस्याएं सामने आईं, वहीं शिकायतों के बाद कई क्षेत्रों में लोगों को राहत भी मिली। ‘भास्कर समाधान’ के जरिए उठी समस्याओं पर कार्रवाई भी हुई। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… ओवरफ्लो नाली से दुकानदार परेशान जोधपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र में ओवरफ्लो हो रही नाली के कारण स्थानीय लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता सुमित्रा परिहार ने बताया कि उनकी दुकान के सामने गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और आने-जाने वालों को भी परेशानी हो रही है। उन्होंने नगर निगम से जल्द नाली की सफाई करवाकर जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। खराब सड़क और जलभराव से राहगीर परेशान जोधपुर बाईपास स्थित प्रेम विहार, तिलवाड़िया की मुख्य सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गंदा पानी भरा रहने से पैदल चलना और वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी नरेश परिहार ने बताया कि समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से समाधान नहीं किया गया। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। एक माह से खुला गड्ढा, हादसे का खतरा जोधपुर के श्री गंगानगर क्षेत्र में मंदिर के सामने और मुख्य मंदिर के पीछे की ओर करीब एक माह से अधिक समय से खोदा गया गड्ढा अब तक नहीं भरा गया है। शिकायतकर्ता जीत ने बताया कि गड्ढे के कारण स्थानीय लोगों, बच्चों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी हो रही है। साथ ही हादसे का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जल्द गड्ढा भरवाकर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। तीन दिन से नहीं उठा कचरा, फैली गंदगी जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र स्थित रिडिया फांटा चौराहा पर बालाजी स्वीट्स के सामने पिछले तीन दिनों से कचरे का ढेर पड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता मोहन सिंह ने बताया कि न तो सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे हैं और न ही कचरा उठाने वाली गाड़ी आई है। लगातार जमा हो रहे कचरे से आसपास गंदगी फैल रही है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द सफाई करवाकर नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था करने की मांग की है। सीवरेज पाइपलाइन की रुकावट दूर, सफाई के बाद लोगों को मिली राहत जोधपुर के सूरसागर स्थित हिंगलाज नगर में सीवरेज पाइपलाइन ब्लॉक होने की समस्या का समाधान कर दिया गया है। स्थानीय निवासी कैलाशदान चारण ने समस्या में बताया था कि पाइपलाइन जाम होने से गंदा पानी ओवरफ्लो हो रहा था और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या सामने आने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीवरेज लाइन की सफाई कर रुकावट दूर की। सफाई प्रभारी राजेश सारवान ने भी समस्या के समाधान की पुष्टि की है। पाइपलाइन सुचारु होने से गंदे पानी की निकासी सामान्य हो गई है और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। सड़क किनारे फैली गंदगी हटी, जीवीपी पॉइंट पर सफाई से क्षेत्र हुआ स्वच्छ जोधपुर के प्रताप नगर स्थित युमासिटी कॉलोनी की गली नंबर-2 में सड़क किनारे खुले में फैले कचरे की समस्या का समाधान कर दिया गया है। स्थानीय निवासी कमर अली ने समस्या में बताया था कि लोग सड़क किनारे कचरा डाल रहे थे, जिससे आवारा पशु जुट जाते थे और स्कूल आने-जाने वाले बच्चों सहित राहगीरों को परेशानी होती थी। समस्या के बाद नगर निगम ने मौके पर सफाई करवाई और पूरे क्षेत्र से कचरा हटाया। सफाई प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि यह जीवीपी पॉइंट वर्षों से संचालित है और अब यहां नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कचरा हटने से क्षेत्र साफ-सुथरा हो गया है और लोगों को गंदगी व दुर्गंध से राहत मिली है। राजेश सारवान बने आज ‘पब्लिक के स्टार’ जोधपुर के सूरसागर स्थित हिंगलाज नगर निवासी कैलाशदान चारण ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत पोस्ट की थी कि सीवरेज पाइपलाइन ब्लॉक होने से गंदा पानी ओवरफ्लो हो रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या मिलने के बाद वार्ड प्रभारी राजेश सारवान ने मामले पर कार्रवाई करते हुए संबंधित टीम से सीवरेज पाइपलाइन की सफाई करवाकर समस्या का समाधान कराया। समय पर कार्रवाई से क्षेत्रवासियों को गंदे पानी और परेशानी से राहत मिली। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए… 1.जोधपुर में बिजली विभाग और डिस्कॉम का एक्शन:दो बड़ी समस्याओं का हुआ स्थाई समाधान, एग्जीक्यूटिव कुंदन बने ‘पब्लिक के स्टार 2.जोधपुर के लक्ष्मण नगर में सीवर ब्लॉकेज खुला:जुनावो की ढाणी को मिली बिजली-पानी के संकट से मुक्ति, डिस्कॉम के सूर्यभान बने ‘पब्लिक के स्टार’ 3.भास्कर समाधान: कचरा हटा, रोड लाइट चालू; लोगों को राहत:गंदे पानी, जाम सीवर और खुले चैंबर की समस्या, दिव्या दैया बनी आज की ‘स्टार ऑफिसर’ 4.’भास्कर समाधान’ पर एक पोस्ट से हल:3 साल से 500 घर जी रहे अंधेरे में, सरकारी पाइपलाइन पर लगाए अवैध वॉल्व, सप्लाई में आ रहा गंदा पानी 5.भास्कर समाधान, कई दिनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाईट चालू:अजमेर में कहीं गंदा पानी, कही पेयजल संकट, सड़क और सीवरेज समस्याओं से जूझ रहे लोग 6.‘भास्कर समाधान’: एक पोस्ट से मिल रहा हल:अजमेर में अधिकारी शिकायतों पर ले रहे एक्शन, यूजर बोले 25 साल से नालियां ठीक नहीं हुईं तो दरगाह बाजार का 15 दिन से गड्‌ढा 7.‘भास्कर समाधान’: समस्याओं का हल एक पोस्ट से:अधिकारी शिकायतों का खुद करवा रहे समाधान, अजमेर में नाली, सफाई और पानी सबसे बड़ी बुनियादी समस्या 8.भास्कर समाधान का असर; बेसहारा पशुओं की समस्या का निस्तारण:हाईटेंशन लाइन और पानी लीकेज से लोग परेशान, देवेन्द्र सिंह बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 9.‘भास्कर समाधान’: अधिकारी खुद करवा रहे सॉल्यूशन:दरगाह बाजार में नहीं सुधर रही सफाई व्यवस्था, 6 महीने से खराब हैंडपंप

‘भास्कर समाधान’ में लक्ष्मीकांत बने 'पब्लिक के स्टार':लो वोल्टेज, स्ट्रीट लाइट और बिजली तारों की समस्या सुलझी, हाईटेंशन लाइन और जर्जर सड़क का समाधान होना बाकी

अजमेर में ‘भास्कर समाधान’ से लोगों को अब उनकी समस्याओं के रियल टाइम समाधान मिल रहे हैं। समस्या पोस्ट होने के साथ ही उस पर कार्रवाई शुरू हो जाती है जिसे एप के जरिये मॉनिटर भी कर सकते हैं। अजमेर में आज कुछ पुरानी समस्याओं के अपेक्षित हल मिले हैं। इनमें टहनियों के बिजली के तारों में उलझने से खराब हो रही रोड लाइट्स और लो पॉवर की शिकायत का त्वरित समाधान शामिल है। इसके अलावा 15 दिन से खराब पड़ी रोड लाइट फिर से रोशन हो गई है। ऐसी ही अन्य समस्याओं के समाधान भी विभाग की ओर से करवाए जा रहे हें। पहले एक नजर डालते हैं उन समाधानों पर जिससे लोगों को तुरंत राहत मिली… लक्ष्मीकांत शर्मा बने ‘पब्लिक के स्टार’ अजमेर के तेजाजी नगर, रसूलपुरा रोड से गौरव शर्मा ने लो वॉल्टेज की समस्या ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि एरिया में लगातार लो वॉल्टेज की समस्या बनी हुई है। टाटा पॉवर के अधिकारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। इस समस्या पर एक्शन लेते हुए टाटा पॉवर के पीआरओ लक्ष्मीकांत शर्मा ने समस्या का समाधान करवा दिया है। उन्होंने शिकायतकर्ता की पोस्ट पर इसकी जानकारी भी शेयर की। विलायती बबूल की परेशानी हुई खत्म अजमेर के वार्ड 62, घुघरा घाटी, अजमेर रोड से राधा मोहन सेन ने विलायती बबूल के बिजली के तारों में उलझने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि उनके घर के पास लगे इस बबूल की डालियां आंधी–बारिश में बिजली के तारों में स्पार्किंग की वजह बनती हैं। वार्ड पार्षद नरेन्द्र तुनवाल ने बबूल की छंटाई करवाकर समाधान करवा दिया है। 15 दिन से खराब स्ट्रीट लाइट्स हुईं दुरुस्त अजमेर के वार्ड 54 से अशोक गोयर ने खराब स्ट्रीट लाइट्स की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि बीते 15 दिनों से कई बार इस समस्या की जानकारी ‘भास्कर समाधान’ के जरिये जिम्मेदारों तक पहुंचा चुका हूं लेकिन समाधान नहीं हो रहा। इस पर एक्शन लेते हुए संबंधित विभाग ने शक्ति नगर, आम का तालाब के पास लगी इस लाइट को ठीक कर दिया। अब गली में फिर से रोशनी हो गई है जिससे लोगों को अंधेरे में आने-जाने की समस्या से निजात मिली है। टूटी दीवार को फिर से बनाया अजमेर के अनुपम नगर रोड, पुलिस लाइंस से योगेश महावर ने टूटी दीवार की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि नाले की सफाई के लिए इस दीवार को तोड़ा गया था। लेकिन काम पूरा होने के बाद उसे वापस नहीं बनाया गया। एक महीने से यह दीवार ऐसे ही टूटी पड़ी है। इस समस्या के ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट होने के बाद स्थानीय पार्षद ने रिद्धी सिद्धी गणेश मंदिर के पास टूटी नाले की इस दीवार को फिर से बनवा दिया है। आइए अब एक नजर उन समस्याओं पर भी डालें, जिनका समाधान होना अभी बाकी हैं… आए दिन बंद हो जाती है रोड लाइट अजमेर के वार्ड 58, भाटी की गली, श्रीनगर से मोहन सिंह भाटी ने रोड लाइट की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि एरिया में जामुन के पेड़ की शाखें बिजली के तार से उलझी हुई हैं। निगम का बिजली विभाग इस पेड़ की छंटाई करे तो समस्या का समाधान हो। अभी शॉट सर्किट की वजह से आए दिन रोड लाइट खराब हो जाती है। संबंधित विभाग से समाधान करवाने की अपील है। टेलीफोन का पोल हटे, तो हादसा टले अजमेर के लेन नंबर 2, बिहारी गंज से रमेश कुमार शर्मा ने टेलीफोन के अनुपयोगी पोल की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि उनके एरिया हनुमान नगर की गली नंबर 2 में रोड के बीच एक अनुपयोगी टेलीफोन पोल लगा हुआ है। चौराहे पर होने के कारण कार मुड़ने में परेशानी होती है। रात को दोपहिया वाहन चालक टकराकर घायल हो जाते हैं। टूटी सड़क से हादसे का डर प्रवीण भाटी ने शास्त्री नगर चुंगी चौकी से खुदी हुई रोड की मरम्मत न होने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा कि चौकी के पास कमल प्रोविजन स्टोर के बाहर सड़क पर रोड़ी–गिट्‌टी पड़ी हुई है। इस सड़क को मेंटीनेंस और पाइपलाइन डालने के लिए एक साल पहले खोदा गया था। लेकिन उसके बाद इसे वापस बनाया ही नहीं गया। अब स्थानीय चालकों को टूटी सड़क से काफी असुविधा हो रही है। आए दिन फिसलने से कोई न कोई घायल हो रहा है। घर के ऊपर से गुजर रहा ‘खतरा’ ‘भास्कर समाधान’ पर जमील ने काकरिया से अपनी परेशानी पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूल के पास उनके घर के ऊपर से हाईटेंशन लाइन जा रही है। कई बार करंट आ चुका है। बच्चों पर निगरानी रखनी पड़ती है कि वे गलती से भी छत पर तार के करीब न चले जाएं। टाटा पॉवर को इस बारे में कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई समाधान अब तक नहीं मिल सका है। इस समस्या का जल्द समाधान करवाएं। एप से लोगों को मिल रहा समाधान समस्याएं पोस्ट कर यूजर विभागों को जमीनी हकीकत बता रहे हैं और अधिकारी अपनी टीम से उसका समाधान भी करवा रहे हैं। आप भी अपने क्षेत्र, वार्ड, सेक्टर या गांव की समस्या हमें पोस्ट कर सकते हैं। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ से जुड़ीं ये खबरें भी पढ़िए… 1.‘भास्कर समाधान’: अधिकारियों तक सीधे पहुंच रही समस्या:नलों से आ रहा बदबूदार पानी, सीवर ओवरफ्लो, आश्रम क्षेत्र में बच्चों को काट रहे बेसहारा कुत्ते 2.भास्कर समाधान का असर; बेसहारा पशुओं की समस्या का निस्तारण:हाईटेंशन लाइन और पानी लीकेज से लोग परेशान, देवेन्द्र सिंह बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 3.‘भास्कर समाधान’: अधिकारी खुद करवा रहे सॉल्यूशन:दरगाह बाजार में नहीं सुधर रही सफाई व्यवस्था, 6 महीने से खराब हैंडपंप 4.कब होगी पानी की सप्लाई, मोबाइल पर मिलेगा अपडेट:‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट में समस्या सामने आने के बाद SE ने दिए निर्देश 5.अजमेर में ‘भास्कर समाधान’ पर उठी आवाज:पानी, सफाई और जलभराव की समस्याओं से जूझ रहे लोग, कई शिकायतों के बाद मिली राहत 6.‘भास्कर समाधान’, अधिकारी खुद सुलझा रहे समस्या:10 दिन से स्ट्रीट लाइट बंद, नालियां जाम, घर के आगे ठेले खडे़ कर रहे सफाई कर्मचारी, सड़क बनने का इंतजार 7.‘भास्कर समाधान’, सरकारी विभाग आए एक्शन में:अधिकारी खुद कर रहे मॉनिटरिंग, 4 महीने से स्ट्रीट लाइट खराब, सफाई नहीं हो रही, पुलिया के नीचे सड़क जर्जर

बांसवाड़ा में आज 7 घंटे तक बिजली कटौती:सुबह 10 से शाम 5 बजे तक पावर कट, 10 से ज्यादा क्षेत्र प्रभावित

बांसवाड़ा में आज मंगलवार को अलग-अलग इलाकों में 5 से 7 घंटे तक बिजली कटौती रहेगी। सुरपुर जीएसएस क्षेत्र में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक 7 घंटे और परतापुर जीएसएस क्षेत्र में दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक 5 घंटे बिजली बंद रहेगी। इस दौरान 10 से अधिक गांवों और कॉलोनियों की बिजली सप्लाई प्रभावित होगी। तेजपुर लाइन से जुड़े गांवों में 7 घंटे बिजली बंद सुरपुर जीएसएस (GSS) से जुड़ी 11 केवी तेजपुर लाइन पर आज पेड़ों की छंटाई और जरूरी मेंटेनेंस का काम किया जाएगा। इसके चलते सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कुल 7 घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी। ये क्षेत्र रहेंगे प्रभावित तेजपुर, झांतला, डागला, पानीवाला गढ़ा, पद्मनाथ का गढ़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इस दौरान बिजली सप्लाई बंद रहेगी। परतापुर में 5 घंटे बिजली बंद, अगले 5 दिन भी रहेगा शटडाउन परतापुर क्षेत्र में 33 केवी जीएसएस से निकलने वाले चार खंभा फीडर पर जरूरी मेंटेनेंस का काम शुरू किया जा रहा है। इसके चलते आज दोपहर 1:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक बिजली बंद रहेगी। विभाग के अनुसार, यह काम अगले 5 दिनों तक चलेगा और तय समय पर रोजाना बिजली कटौती की जा सकती है। इन क्षेत्रों में रहेगा असर संतपुरा, हरिजन बस्ती, समाधि डूंगरी और बुनकर मोहल्ला इस शटडाउन से प्रभावित रहेंगे।

उदयपुर में तीन मॉडिफाई बसों को सीज किया:9 पर लगाया सवा लाख का जुर्माना, जजों के साथ मिलकर आरटीओ की टीम ने की कार्रवाई

उदयपुर में अवैध रूप से संचालित और अनधिकृत रूप से मॉडिफाई स्लीपर/लक्जरी बसों के खिलाफ सोमवार को कार्रवाई की गई। इसमें 3 लग्जरी स्लीपर बसों को सीज कर दिया गया, वहीं 9 बसों पर 1 लाख 20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर एवं परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई की गई। जिला एवं सेशन न्यायाधीश और उदयपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश गुप्ता के निर्देश पर सुरक्षित परिवहन के नागरिकों के अधिकार की रक्षा करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 20 बसों की जांच की गई शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में खेलगांव चौराहे पर संयुक्त निरीक्षण में कार्रवाई की गई। इसके तहत 20 बसों की जांच की गई। इनमें से 9 बसों के खिलाफ विभिन्न नियमों के उल्लंघन के तहत चालान बनाए गए और करीब एक लाख बीस हज़ार का जुर्माना ज़रिए चालान लगाया गया। 3 बसों को मौके पर ही सीज किया बसों में अनियमितताएं और अनधिकृत बदलाव पाए जाने पर 3 बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इस दौरान अपर जिला न्यायाधीश राहुल चौधरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार जोशी, जिला परिवहन अधिकारी मुकेश डाड और आरटीओ इंस्पेक्टर राजेंद्र दन्तसुलिया, तेजपाल, घनश्याम मीणा मौजूद रहे। बसों में बदलाव सड़क सुरक्षा को खतरा सेशन न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश गुप्ता ने बताया कि लक्जरी और स्लीपर बसों में अनाधिकृत रूप से किए जाने वाले बदलाव सड़क सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा हैं, जिससे कई बार भीषण हादसे होते हैं और कीमती मानव जीवन की हानि होती है। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा ताकि आम जनता का सफर सुरक्षित बनाया जा सके। आमजन से अपील उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि स्लीपर एवं लक्ज़री बसों की जांच सवारियों की सुरक्षा एवं जान माल की हानि को रोकने के लिए है, इसमें सहयोग करना चाहिए।

इस साल 2.64 लाख अधिकारी-कर्मचारियों की नहीं बढ़ेगी सैलरी:प्रमोशन भी नहीं होगा, जानिए- राजस्थान सरकार ने ऐसा क्यों किया

एक जनवरी, 2026 की स्थिति में अपनी अचल संपत्ति का ब्योरा नहीं देने वाले ढाई लाख से ज्यादा कर्मचारियों की जुलाई महीने में होने वाली वार्षिक वेतन वृद्धि सरकार ने रोक दी है। आमतौर पर वेतन वृद्धि के आदेश जुलाई के शुरुआती 10 दिनों के भीतर जारी कर दिए जाते हैं। जुलाई के सैलरी बिल 15 जुलाई से बनने शुरू हो जाएंगे। महीने की 20- 25 तारीख के आस-पास बिल कोषालय भेज दिए जाते हैं। हर साल 3 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि होती है। कार्मिक विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा- ब्योरा नहीं देने वाले कर्मचारियों के वेतन वृद्धि का आदेश जारी नहीं हुआ है। इसलिए इसका लाभ नहीं मिलेगा। अचल संपत्ति का ब्योरा देने के किसने दिए थे आदेश? सरकारी कर्मचारियों को हर साल अपनी अचल संपत्ति का ब्योरा देना होता है। कार्मिक विभाग ने 31 दिसंबर, 2025 को आदेश निकाला था कि 31 जनवरी 2026 तक अपनी अचल संपत्ति का ब्योरा भर दें। 2 लाख 64 हजार 913 अधिकारियों-कर्मचारियों ने ब्योरा नहीं दिया। प्रदेश में कार्मिक विभाग (डीओपी) कार्मिक प्रशासन से संबंधित सभी मामलों का प्रबंधन करता है। इसमें राज्य सेवा अधिकारियों की भर्ती, नियुक्ति और पदोन्नति, अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों और राज्य सेवा अधिकारियों की तैनाती शामिल हैं। प्रशासनिक अधिकारियों, कार्यालय अधीक्षकों, मंत्रालय के कर्मचारियों और विभिन्न विभागों में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदस्थापन संबंधी मामले भी कार्मिक विभाग द्वारा देखे जाते हैं। प्रशासनिक विभाग का विभागाध्यक्ष वार्षिक वेतन वृद्धि के आदेश आईपीआर (अचल संपत्ति विवरण) के आधार पर निकालता है। जिन कर्मचारियों ने आईपीआर सार्वजनिक नहीं किए हैं, उनकी वेतन वृद्धि आदेश जारी नहीं हुए हैं। कार्मिक विभाग अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा- सरकार जवाबदेही तय करना चाहती है। नियमों में किसी प्रकार का समझौता नहीं। जवाबदेही तय हो। किसका क्या है कहना कार्मिक विभाग के संयुक्त सचिव धीरज कुमार का कहना है कि यदि हम इस बार शिथिलता बरतेंगे तो अगले साल भी ब्योरा नहीं देंगे। हर साल ऐसा ही होता रहा है। सरकार सुधार चाहती है। उच्च स्तर से निर्देश मिले हैं कि जिन्होंने संपत्ति का ब्योरा नहीं दिया है, उनकी वार्षिक वेतन वृद्धि रोक दी जाए। कर्मचारी नेता गजेंद्र सिंह राठौड़ का कहना है कि सरकार को आईपीआर दाखिल करने के लिए एक और मौका देना चाहिए था। ऐसे कर्मचारी बहुत हैं, जो सरकार के ही दूसरे कामों में लगे हुए थे। जिसकी वजह से ब्योरा देने के लिए समय नहीं मिल पाया। वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने की खबरें हैं, यह ठीक नहीं है।

भीलवाड़ा में आज 2 घंटे बिजली बंद रहेगी:3 फीडरों से जुड़े कई इलाके होंगे प्रभावित, मेंटेनेंस वर्क होगा

भीलवाड़ा शहर में मंगलवार को इलेक्ट्रिसिटी मेंटेनेंस कार्य के चलते अलग-अलग इलाकों में 2-2 घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। बिजली सप्लाई सुबह 8 से 10 बजे, सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे और दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान तीन फीडरों से जुड़े दर्जनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से जरूरी काम पहले ही निपटाने की अपील की है, ताकि असुविधा से बचा जा सके। सुबह 8 से 10 बजे तक इन इलाकों में रहेगा पावर कट एवीएनएल के सहायक अभियंता नीरज शर्मा ने बताया कि 11 केवी टेक्सटाइल मंदिर, गाडरी खेड़ा, भालेश्वर भवन, देवनारायण मंदिर, आजादनगर, भेरू कॉम्प्लेक्स, सिलावट मोहल्ला, अभिषेक मार्किट, मार्ट, नाहर पेट्रोल पंप, टेक्सटाइल मार्किट, ABCDEF ब्लॉक, रौनक मार्किट, सीधी प्लाजा, अम्बाजी मार्किट और गंगापुर चौराहा सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक यहां नहीं रहेगी बिजली मारुति कॉलोनी, हरिओम लघु उद्योग, आश्रम रोड, मलोला चौराहा, पट्टी स्टॉक, बजाड़, शारदा चौराहा, हाउस, विवेकानंद स्कूल, विवेकानंद नगर, आनंद स्कूल, मलोला रोड, चपरासी कॉलोनी, शिवम एवरिग्रेन, पथवारी रोड, बाबाधाम के पास, नाले के पास, सज्जन वाटिका, रेलवे लाइन के पास, किंजल वाटर, भट्टे के पास, आर्यव्रत कॉलोनी, देवनारायण डेयरी, 200 फीट रोड और सनसिटी वाटर पार्क सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बिजली बंद रहेगी। दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक इन क्षेत्रों में रहेगा पावर कट 11 केवी शिवम नर्मदा विहार फीडर से जुड़े राधेनगर, लक्कीनगर, नर्मदा विहार-1, नर्मदा विहार-2, आरटीओ ऑफिस, आर.पी. लड्डा नगर, डी. रानोलिया इंडस्ट्री और इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी।

ये कौन नेताजी हैं, जिन्हें विरोधी 'गैंडा स्वामी' बुलाते हैं:विधायकजी का 'ट्रांसफर', पटवारी परेशान; पुलिस की ये आवाज दिल को छूती है

नमस्कार राजस्थान में न तो बादलों से राहत मिल रही है और और न ही तबादलों से। अलवर में नेताजी को उनके विरोधी ‘गैंडा स्वामी’ तक कहते हैं लेकिन उनका कॉन्फिडेंस डिगता नहीं और दिल्ली पुलिस में चूरू की ममताजी ने अलग तरह से नाम कमाया है। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. तबादलों से भी राहत नहीं.. मानसून का सीजन चल रहा है, लेकिन बादलों से कोई राहत नहीं मिल रही। वैसे तबादलों से भी राहत नहीं मिल रही है। क्यों? क्योंकि तबादला सूचियों में इतनी भारी-भारी खामियां हुईं कि क्या बताएं। डीग में एक पटवारी ने विधायक शैलेश दिगंबर सिंह से अर्जी लगाई कि बालोतरा से डीग ट्रांसफर करवा दीजिए। विधायकजी ने भी तगड़ी डिजायर लगाई। जब तबादला लिस्ट आई तो पटवारी ने सिर पीट लिया। विभाग ने उसकी जगह विधायकजी का नाम ट्रांसफर लिस्ट में लिख दिया। अब परेशान पटवारी इधर-उधर घूम रहा है। उधर, विधायकजी सोचते होंगे कि जॉइन ही कर लूं, परमानेंट नौकरी है। टोंक में एक तहसील है दूनी। यहां अब तक पाठशाला में बच्चे ‘दो दूनी चार’ पढ़ते थे। अब पढ़ेंगे ‘दूनी में दो तहसीलदार’। क्योंकि विभाग ने यहां विपुल चौधरी को भी तहसीलदार लगा दिया और अजय कुमार पांडेय को भी। विपुल चौधरी पर तो इतनी मेहरबानी कि दूनी तहसीलदार के अलावा उन्हें फुलेरा का उप पंजीयक भी बना दिया। यानी ट्रांसफर करने में कोई कंजूसी नहीं। बंपर ट्रांसफर लो। एक पद पर दो-दो अधिकारी भी लगाए और एक अधिकारी को दो-दो जगह भी लगाया। इसी लिस्ट में किशनगढ़ (अजमेर) से नायब तहसीलदार प्रेमसुख वैष्णव का तबादला प्रेमपूर्वक परबतसर किया और सुखपूर्वक कुचामन भी कर दिया। जाओ सर, जहां मर्जी हो वहां जॉइन कर लो। आप भी क्या याद करोगे। इतना ही नहीं, जो रिटायर हो चुके उनको भी नहीं छोड़ा। हद तो तब हो गई, जब स्वर्ग सिधार चुके ASI अनोपारामजी की भी बदली कर डाली। इंद्र का सिंघासन हिलाओगे क्या अब? 2. नेताजी को ‘गैंडा स्वामी’ कहते हैं.. एक नेता को कभी उम्मीद का दामन नहीं छोड़ना चाहिए। खासतौर पर तब, जब निकाय और पंचायत चुनाव सिर पर हों। नेताजी अलवर में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहे। इन दिनों बुरी तरह एक्टिव हैं। आलाकमान का ध्यान खींचने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। कुछ दिन पहले इन्होंने नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल को खुली चुनौती दे दी थी। बेनीवाल ने मुख्यमंत्रीजी की जाति को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद से महोदय कोई मौका नहीं छोड़ रहे। हाल ही में उन्होंने एक पत्रकार को ‘मन की बात’ बताई। कहा- मुझे मेरे विरोधी ‘गैंडा स्वामी’ कहते हैं। ‘कालिया नाग’ कहते हैं। और भी बहुत कुछ कहते हैं। भगवान ने मुझे कृष्णजी का रंग दिया है काला। तो मैं कलियुग का कृष्ण भगवान हूं। मेरे चक्र के नीचे जो आ गया वो बचेगा नहीं। बॉडी शेमिंग करने वालों को नेताजी ने करारा जवाब दिया। आदमी का रंग कैसा भी हो, न मन काला होना चाहिए और न कारनामे। इसलिए लगे रहो नेताजी, भगवान जरूर सुनेगा। 3. चलते-चलते.. कई लोग इस बात से इत्तेफाक रख सकते हैं कि पुलिस वालों की भाषा बड़ी कड़क और कर्कश होती है। वे भी क्या करें। रात-दिन अपराध और अपराधियों से घिरे रहते हैं। इतनी नेगेटिव एनर्जी लेकर आदमी अबे-तबे करेगा ही। लेकिन सारे पुलिसवाले एक जैसी भाषा नहीं बोलते। आप कभी हनुमानगढ़ वाले ट्रैफिक पुलिस अधिकारी अनिल चिंदा से मिलिए। आपकी रूह प्रसन्न हो जाएगी। इतने सभ्य और मनोरंजक ढंग से ट्रैफिक रूल्स को लेकर लोगों को जागरूक करते हैं कि पुलिस परेड दिवस पर सीएम ने सम्मानित किया। इसी तरह जयपुर के ट्रैफिक पुलिस अधिकारी प्रवीण कुमार उर्फ पी.के. मस्त हैं। वे ड्यूटी पर तैनात थे। एक कार को उन्होंने रोका। ड्राइवर से पूछा- कहां के हो? ड्राइवर ने जन्मस्थान की जानकारी दी। अब ड्राइवर ने पूछा- आप कहां के हो? ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने कहा- मेरी शादी हो चुकी है, मैं कहीं का नहीं रहा। चालान के डर से घबराया ड्राइवर खुलकर हंसा। राजस्थान के चूरू जिले के छोटे से गांव मेलुसर की ममता सोनगरा दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल हैं। उन्हें गाने का शौक। सिंगिंग टैलेंट इतना गजब कि जब भी गाती हैं तो सोशल मीडिया पर उनका गीत वायरल हो जाता है। एक प्रोग्राम में उन्होंने ‘दिल है कि मानता नहीं’ गीत गाया। इतनी मधुर आवाज सुनकर खुद सिंगर अनुराधा पौडवाल ने उनका हौसला बढ़ाया। सिंगर मीका सिंह के साथ वे स्टेज भी शेयर कर चुकी हैं। कानून की हिफाजत के लिए पुलिसवालों को कड़क भाषा बोलनी पड़ती है। इसके मतलब ये नहीं कि बोली की मिठास का महत्व उन्हें पता नहीं। इनपुट सहयोग- महावीर बैरवा (टोंक), मुकेश कुमार जांगिड़ (डीग), विजय कुमार (बाड़मेर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।