ब्रेकिंग न्यूज़
युवक को फ्लैट पर बुलाकर पैर तोड़ा, 2 युवतियां लापता:डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार, पढ़ें शहर की 10 बड़ी खबरें

कमिश्नरेट पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चौतरफा शिकंजा कसते हुए पिछले 24 घंटों में कड़ी कार्रवाइयां की हैं। करवड़ और झंवर पुलिस ने जहां अवैध मादक पदार्थों (एमडी और डोडा पोस्त) के साथ तस्करों को दबोचा, वहीं जमीनों की धोखाधड़ी के मामले भी सामने आए हैं। पेश है महानगर की सभी बड़ी और खास खबरों का स्पेशल बुलेटिन: पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी परमेश्वरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंडलनाथ चौराहा दईजर के पास नाकेबंदी के दौरान सिविल एयरपोर्ट रोड निवासी राकेश नायक (39) को दबोचा। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 40 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। कार में अवैध डोडा पोस्त तस्करी झंवर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान दड़ी की ढाणी जोलियाली निवासी फुलाराम विश्नोई (44) को अवैध डोडा पोस्त के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना किसी परमिट और लाइसेंस के अपने कब्जे में अवैध डोडा पोस्त रखकर उसका परिवहन कर रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच विवेक विहार थानाधिकारी बलवताराम को सौंपी है। फ्लैट पर बुलाकर पैर तोड़ा राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के अरिहंत अग्रिमा फ्लैट्स में रहने वाली महिला ने दर्ज मामले में बताया कि आरोपी अजय निवासी भावी उसके पति को पैसे देने का झांसा देकर फ्लैट से नीचे बुलाकर ले गया। आरोपी अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर पति को मुख्य गेट के बाहर ले गया, जहां उसने जानलेवा हमला कर पत्थर से प्रार्थी के पति का पैर तोड़ दिया और सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जाली दस्तावेज से जमीन हड़पने का आरोप उदयमंदिर थाना क्षेत्र की सिलावटों की ईदगाह के पीछे रहने वाली बसंती मेघवाल (49) ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी मोहम्मद इमरान, मोहम्मद आसिफ और जमील अहमद ने उसकी जमीन के फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़प ली और बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। मारपीट का मामला दर्ज डांगियावास के खैडी सालवां निवासी श्यामलाल विश्नोई और रमेश विश्नोई ने थाने में परस्पर विरोधी मामले दर्ज करवाए हैं। दोनों पक्षों का आरोप है कि आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर उनके व उनके परिवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों तरफ से क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रंजिश के चलते किया हमला लूणी के शुभदण्ड गांव में रहने वाले पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि नामजद आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते प्रार्थी और उसके परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आई प्रार्थी की पत्नी और बेटी के साथ भी मारपीट कर उनकी लज्जाभंग करने की कोशिश की। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। भाई को प्रताड़ित करने का आरोप महामंदिर। मदेरणा कॉलोनी निवासी सिकन्दर छिपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी नाजमीन, खलील और आसिफ ने उसके भाई को लगातार प्रताड़ित किया और सरेआम जान से मारने की धमकियां दीं। इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर परिवादी के भाई ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कमरे में फंदा लगाकर युवक ने दी जान: बनाड निवासी पुखराज मेघवाल ने पुलिस को सूचना दी कि उनके 23 वर्षीय पुत्र सुखदेव ने रात को अपने कमरे में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। फांसी के फंदे पर झूला युवक: लूणी पुलिस थाना क्षेत्र के रोहिचा खुर्द गांव में नागौर निवासी ओमप्रकाश जाट (32) ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। जोधपुर में गुमशुदगी के तीन मामले बस से मंडोर गई युवती लापता: बनाड निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दी कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री थबुकड़ा गांव से मंडोर के लिए बस में निकली थी, जो वापस घर नहीं लौटी। बिना बताए घर से निकली युवती गायब: महामंदिर आकाशवाणी के पीछे से सोयला निवासी एक व्यक्ति की 21 वर्षीय पुत्री बिना बताए कहीं चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। नाबालिग पुत्र लापता: प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गुरुओं का तालाब इलाके से महिला का नाबालिग पुत्र बिना बताए कहीं चला गया, जिसका सुराग नहीं लगा है।

भीलवाड़ा में 3 लाख कैश और जेवर ले गए चोर:परिवार हॉस्पिटल गया था, सूने मकान के ताले तोड़कर घुसे बदमाश

भीलवाड़ा में परिवार के अस्पताल के बाद सूने मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। बदमाश घर से करीब 3 लाख रुपए नकद और 40 से 45 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी कर ले गए। परिवार पोते के जन्म के बाद अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा के लिए खाना लेकर गया था। वारदात सोमवार दोपहर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शास्त्रीनगर मेन सेक्टर में हुई। मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान चौधरी ने बताया कि मामला शास्त्रीनगर मेन सेक्टर का है। यहां रहने वाले घड़ी व्यवसायी हरीश मूलचंदानी के परिवार में शनिवार को एक निजी अस्पताल में पोते का जन्म हुआ था। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा के लिए भोजन लेकर गए थे। इसी दौरान मकान सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और घर में घुस गए। अलमारियां तोड़ीं, कमरे अस्त-व्यस्त किए घर में घुसने के बाद चोरों ने दो अलमारियों को खंगाला और उनमें रखे सोने के जेवर तथा करीब 3 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। चोरों ने कमरों का सामान बिखेर दिया और पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए जेवर और नकदी की कुल कीमत 40 से 45 लाख रुपए के बीच आंकी जा रही है। पुलिस के अनुसार पूरी वारदात करीब साढ़े तीन घंटे के अंदर हुई। शाम को लौटे तो टूटा मिला ताला शाम करीब 5 बजे के बाद जब परिवार अस्पताल से वापस घर पहुंचा तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे अस्त-व्यस्त थे और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मेरे और बेटी के जेवर रखे थे, सब चोरी हो गए पीड़िता रेनू मूलचंदानी ने बताया कि पोते के जन्म के कारण वह सुबह 11 बजे से अस्पताल में थीं। उनकी बेटी भी घर पर ताला लगाकर अस्पताल आ गई थी। शाम को जब वे घर लौटे तो ताले टूटे मिले। उन्होंने बताया कि घर में उनके और उनकी बेटी के सोने के जेवर रखे हुए थे, जो सभी चोरी हो गए। किसी को भुगतान करना था, नकदी भी ले गए रेनू मूलचंदानी ने बताया कि किसी को भुगतान करने के लिए घर में 3 से 4 लाख रुपए नकद रखे हुए थे, जिन्हें भी चोर ले गए। उनकी बेटी ससुराल से आई हुई थी और उसके जेवर भी घर में रखे थे। चोरी में कुल 40 से 45 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जैसलमेर में अगले चार दिन नहीं होगी बारिश:इंतजार ने किसानों की चिंता बढ़ाई, उमस से लोग बेहाल

जैसलमेर में मंगलवार सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। सुबह ठंडी हवाएं चलने से गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन बादलों के बिना बरसे आगे निकल जाने से उमस लगातार बढ़ती गई। मानसून की सुस्ती के बीच मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक जिले में बारिश की संभावना नहीं जताई है। ऐसे में खरीफ की फसल बो चुके किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। चार दिन तक मौसम रहेगा साफ, हल्के बादल आते-जाते रहेंगे मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक जैसलमेर और आसपास के इलाकों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि इस दौरान आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। नमी अधिक होने से लोगों को उमस परेशान करेगी। ठंडी हवाएं थमीं तो बढ़ गई उमस सुबह मौसम सुहावना रहा और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में हल्की गिरावट महसूस हुई। लेकिन दिन चढ़ने के साथ हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ गई। इसके बाद वातावरण में मौजूद नमी और बादलों के कारण उमस तेजी से बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर में तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को भारी उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है। बारिश नहीं होने से किसानों की बढ़ी चिंता जैसलमेर और सीमावर्ती क्षेत्रों में खेती मुख्य रूप से मानसूनी बारिश पर निर्भर है। जुलाई का आधा महीना बीतने के बाद भी अच्छी बारिश नहीं होने से खरीफ की बुआई कर चुके किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो खेतों में खड़ी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच सकती हैं। आसमान में बादल तो लगातार दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उनके बिना बरसे निकल जाने से किसान मायूस होकर बारिश का इंतजार कर रहे हैं। अगले चार दिन उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से उमस का असर लगातार बना रहेगा।

चलती ट्रेन से हुई 3करोड़ की गोल्ड चोरी का खुलासा:नवलगढ़ से 3 आरोपी गिरफ्तार, जमीन में दबाया हुआ 2 करोड़ का सोना बरामद;कंपनी का पूर्व कर्मचारी ही निकला आरोपी

नवलगढ़ पुलिस और हरियाणा पुलिस ने हरियाणा में चलती ट्रेन से करीब तीन करोड़ रुपए के सोने के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर दिया है। सोने की चोरी लॉजिस्टिक कंपनी का सोना ले जा रहे कर्मचारी से की गई थी। जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड लॉजिस्टिक कंपनी का ही पूर्व कर्मचारी था, जिसने करीब दो महीने तक रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। हरियाणा जीआरपी की एसआईटी और नवलगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब दो करोड़ रुपए के सोने के गहने बरामद किए गए हैं। पहले ग्राफिक्स से समझे पूरा घटनाक्रम

पूर्व कर्मचारी था मास्टरमाइंड, दो महीने की रेकी सीआई अजय सिंह ने बताया – आरोपियों ने करीब दो महीने तक लॉजिस्टिक कंपनी की गतिविधियों और गहनों की सप्लाई पर नजर रखी। गिरोह का सदस्य ऋषभ पहले उसी लॉजिस्टिक कंपनी में काम कर चुका था। उसे गहनों की सप्लाई, पैकिंग और ट्रांसपोर्ट का पूरा सिस्टम पता था, जिसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पानी लेने उतरा कर्मचारी, चोर बैग लेकर फरार 10 जून को कंपनी का कर्मचारी नरेंद्र सिंह दिल्ली से बठिंडा तक करीब तीन करोड़ रुपए के सोने के आभूषण लेकर ट्रेन से जा रहा था। हरियाणा के जाखल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर वह पानी लेने नीचे उतरा। इसी दौरान बदमाश उसकी सीट पर रखा गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के नवलगढ़ आने की जानकारी मिली। तीनों आरोपी नवलगढ़ के रहने वाले हैं। आरोपी ऋषभ व गोविंद डेरा वाली ढाणी नवलगढ़ के और तीसरा आरोपी बबलू नवलड़ी का रहने वाला है। 7 और 10 जुलाई को एसआईटी ने नवलगढ़ पुलिस के साथ डेरावाली ढाणी में दबिश देकर ऋषभ और गोविंद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में बबलू नामक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मंदिर के पास जमीन में दबाकर छिपाए थे गहने आरोपियों की निशानदेही पर कल्याणपुरा के जोहड़ के पास मंदिर के निकट जमीन में दबाकर छिपाए गए करीब दो करोड़ रुपए के सोने के गहने बरामद किए गए। आरोपियों ने नवलगढ़ पहुंचकर गहनों का आपस में बंटवारा कर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। फरार आरोपियों और बाकी गहनों की तलाश जारी पुलिस अब फरार आरोपियों और चोरी हुए शेष करीब एक करोड़ रुपए के गहनों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पानी से भरे गड्ढे में डूबे 2बच्चे, 1 की मौत:भंडारिया गांव में तालाब के पास खेलते समय हुआ हादसा

डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के भंडारिया पानी दरा गांव में सोमवार को पानी से भरे गड्ढे में 2 मासूम डूब गए। इनमे से एक की मौत हो गई।
घर के पास तालाब के निकट पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार भंडारिया गांव के तालाब के पास 10 वर्षीय नरेंद्र और 12 वर्षीय संगीत खेल रहे थे। खेलते समय वे तालाब के निकट बने पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गए।
बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं संगीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीआईसीयू (बाल चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई) में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। मृतक नरेंद्र के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आज कांग्रेस का प्रदर्शन:भजन-कीर्तन कर भाजपा को 'सद्बुद्धि' की करेगी प्रार्थना, दान राशि पर श्वेत पत्र की मांग

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में अपना आंदोलन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज (मंगलवार को) जिला मुख्यालयों में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता प्रभु श्रीराम के मंदिरों में पहुंचकर भजन-कीर्तन करेंगे और भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेंगे। साथ ही लोगों को कथित चढ़ावा चोरी के मामले से अवगत कराया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश जारी कर जिला मुख्यालयों में स्थित प्रभु श्रीराम मंदिरों के प्रांगण में भजन-कीर्तन आयोजित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को कथित चढ़ावा चोरी और उससे जुड़े आरोपों की जानकारी दी जाएगी। विनय कुमार ने कहा कि संघ और भाजपा ने 130 हिंदुओं की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई है, जिसे कांग्रेस सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को तब तक उठाती रहेगी, जब तक कथित मामले के वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और दानपात्र का पैसा वापस नहीं किया जाता। दान राशि और खर्च को लेकर श्वेत पत्र जारी किया जाए: विनय उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए अब तक प्राप्त दान और उसके खर्च का श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की। उनका कहना है कि इस कथित महाघोटाले के बाद भाजपा में खलबली मची हुई है और उसके नेता बयानबाजी कर अपनी सफाई देने में लगे हैं। हिमराल बोले- भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करेंगे जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि शिमला में कांग्रेस मुख्यालय से राम मंदिर तक विरोध रैली निकाली जाएगी। इसके बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन कर भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की जाएगी और लोगों को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा। इसी मामले में सीएम सुक्खू अपनी कैबिनेट समेत बीते बुधवार को शिमला के राम मंदिर में पूजा कर चुके हैं। राज्य में कांग्रेस चढ़ावा चोरी मामले में खूब भुना रही है।

हैल्थ इंस्पेक्टर मनोज बने 'स्टार ऑफिसर':नयागांव में लगी रोड लाइट, बोरखेड़ा में साफ हुई नालियां; मगरमच्छ और बंद वॉटर कूलर जैसी समस्या अब भी लंबित

कोटा में ‘भास्कर समाधान’ से पब्लिक को अपनी लंबित समस्याओं के समाधान भी मिल रहे हैं। आज दो अच्छी खबरें सामने आई हैं। पहली, नयागांव में अंधेरे की समस्या पोस्ट होने के बाद रोड लाइट्स लगा दी गईं और दूसरी, बोरखेड़ा में कई महीनों से कचरे से बंद पड़ी नालियों की सफाई होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की गईं ऐसी ही अन्य समस्याओं के समाधान भी प्रक्रिया में हैं। हालांकि, कुछ शिकायतें अब तक लंबित हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेज में तीन महीने से वॉटर कूलर बंद होने से छात्रों को गर्म पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, रेलवे कॉलोनी में नाला चोक होने से मच्छर जनित रोगों के फैलने का डर बना हुआ है। पहले एक नजर डालते हैं उन समाधानों पर जिससे लोगों की समस्याएं हल हुईं… हैल्थ इंस्पेक्टर मनोज बने ‘स्टार ऑफिसर’ पार्श्वनाथ नगर, सहारा एनक्लेव, बोरखेड़ा से अल्फेज खान ने अपने एरिया की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि भगत वाली गली, शक्ति विहार में होली फैमिली हॉस्पिटल के पास की गली में नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। पानी निकलने की जगह ही नहीं है। इस समस्या के पोस्ट होने के बाद वार्ड के हैल्थ इंस्पेक्टर मनोज कुमार पचेरवाल ने सफाई करवाकर स्थानीय लोगों को राहत दिलाई है। पोस्ट के बाद कॉलोनी में लगीं रोड लाइट कोटा के रोझड़ी, नयागांव से प्रेम मेहता ने रोड लाइट से जुड़ी समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि दबूकड़ा देव महाराज, गोविंदजी की ट्यूबवैल वाली गली में लंबे समय से रोड लाइट न होने की शिकायत लंबित है। अंधेरे का लाभ उठाकर चोर और असामाजिक तत्व सक्रिय हैं। इस पर एक्शन लेते हुए संबंधित विभाग ने समाधान करवा दिया है। एप से लोगों को मिल रहा समाधान अपने क्षेत्र की समस्याएं पोस्ट कर यूजर विभागों और जिम्मेदारों को जमीनी हकीकत बता रहे हैं और अधिकारी अपनी टीम से उसका समाधान भी करवा रहे हैं। आप भी अपने क्षेत्र, वार्ड, सेक्टर, गांव या गली की समस्या हमें पोस्ट कर सकते हैं। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… अब उन समस्याओं पर एक नजर जिनके समाधान होना अभी बाकी हैं… बिजली के तारों पर गिरा टूटा पेड़ बालाकुंड की बसंत विहार कॉलोनी से अंजनी तापड़िया ने बिजली विभाग से जुड़ी समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि घर के सामने बिजली के खम्भे पर एक टूटा पेड़ गिरा हुआ है। साथ ही बेलों के कारण तारों पर वजन इतना बढ़ गया है कि यह कभी भी टूटकर गिर सकता है। बारिश के दिनों में करंट फैलने से हादसे का अंदेशा बना हुआ है। नाले का पानी–मगरमच्छों का डर कोटा के आदर्श नगर, बोरखेड़ा से धीरज कुमार ने नाले की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि श्रीजी नगर कॉलोनी में बारिश के दौरान नाले का पानी घरों में घुस जाता है। दोपहिया वाहन भी नहीं चल पाते। पानी के साथ ही 15 से 20 बड़े मगरमच्छ भी आ जाते हैं जिनसे बच्चों और मवेशियों को हमेशा खतरा बना रहता है। इसका समाधान करवाएं। 3 महीने से बंद पड़े हैं वॉटर कूलर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) से सभी स्टूडेंट्स ने सामूहिक रूप से यह समस्या ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लाइब्रेरी में अंदर औा बाहर लगे दोनों वॉटर कूलर बीते तीन महीने से बंद पड़े हैं। वॉटर प्यूरीफायर भी खराब हैं। इससे 500 से ज्यादा स्टूडेंट्स गर्मी में पानी के लिए परेशान हैं। कॉलेज प्रशासन को इस संबंध में जानकारी देने के बाद भी समाधान नहीं हुआ है। नाला चोक होने से लोग परेशान एस.डी. शर्मा ने कोटा जंक्शन, सोगारिया में रेलवे कॉलोनी के पास बना नाला जाम होने की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि काफी समय से यह नाला जाम पड़ा है। लेकिन कोटा डवलपमेंट अथॉरिटी और कलेक्टर को समस्या से अवगत कराने के बाद भी इसका समाधान नहीं हुआ है। गंदगी और मच्छरों से कॉलोनीवासी परेशान हैं। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ‘भास्कर समाधान’ की ये खबरें भी पढ़िए… 1.‘भास्कर समाधान’: पोस्ट होते ही मिल रहा हल:सफाई, पानी और सड़क हैं पब्लिक की सबसे बड़ी समस्या, खुले नाले से संक्रमण का डर 2.‘भास्कर समाधान’: समस्या पोस्ट होते ही मिल रहा हल:कॉलोनी में जल भराव से आना-जाना मुश्किल, पार्क में हरे पेड़ों को सीमेंट से कवर किया 3.जयपुर में ‘भास्कर समाधान’ से चमकी स्ट्रीट लाइटें:जनता की आवाज का असर; नगर निगम उपायुक्त मनीषा यादव बनीं ‘स्टार ऑफिसर’ 4.जयपुर में पहली बारिश ने खोली प्रशासन की पोल:खाली प्लॉटों में आवारा पशुओं का डेरा; XEN रूपाराम बने आज ‘स्टार ऑफिसर’

एईएन हिमांशु शर्मा बने 'स्टार ऑफिसर':जलभराव, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं सुलझीं; ESI डिस्पेंसरी की परेशानी बरकरार

जयपुर में ‘भास्कर समाधान’ पर लोगों को उनकी समस्याओं के हल मिलने से लगातार भरोसा बढ़ रहा है। आज शहर के अलग–अलग इलाकों से कई अच्छी खबरें सामने आईं। शास्त्रीनगर में घर के आगे जलभराव की समस्या सुलझी तो यूजर ने आभार जताया। ऐसे ही बसंत विहार में खराब स्ट्रीट लाइट ठीक होने से अंधेरे से छुटकारा मिला। अम्बाबाड़ी में हाईमास्ट कई दिनों से खराब थी। पोस्ट होने के बाद वह फिर से रोशन हो गई है। झोटवाड़ा में कई दिनों से पड़ा कचरा उठने से लोगों को काफी राहत मिली है। ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की गईं ऐसी ही अन्य समस्याओं के समाधान भी प्रक्रिया में हैं। पहले एक नजर डालते हैं उन समाधानों पर जिससे लोगों की समस्याएं हल हुईं… एईएन हिमांशु शर्मा बने ‘स्टार ऑफिसर’ निगम के बिजली विभाग के एईएन हिमांशु शर्मा ने गोपालपुरा बाईपास की बसंत विहार कॉलोनी के दिलीप की समस्या का समाधान करवाया है। दिलीप ने गली की स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत पोस्ट की थी। उन्होंने अंधेरे के कारण हो रही असुविधा का हवाला देते हुए बारिश के इस मौसम में लाइट जल्द ठीक करवाने की अपील की थी। समस्या सामने आते ही एईएन हिमांशु शर्मा ने स्ट्रीट लाइट ठीक करवा दी। जलभराव की समस्या हुई खत्म जयपुर के शास्त्री नगर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सेक्टर 5 से एक यूजर ने घर के आगे बरसात और नाले का पानी भरने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था कि सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के पास मकान संख्या 11–12 के सामने रोड की ढलान गलत बनाने से कीचड़ और पानी जमा रहता है। ‘भास्कर समाधान’ पर समस्या पोस्ट होने के बाद वार्ड 17 के पार्षद शिव कुमार ने लोहे की जाली लगवाकर समाधान करवा दिया है। खराब हाईमास्ट पोस्ट के बाद हुई ठीक ‘भास्कर समाधान’ पर अनिल ने नयाखेड़ा की विवेकानंद कॉलोनी से हाईमास्ट खराब होने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा कि नीलकमल नर्सरी के सामने, माल रोड, अंबाबाड़ी में लगी हाईमास्ट कई दिनों से खराब पड़ी है। इस समस्या के सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने इसे ठीक करवा दिया जिससे इलाके में फिर से रोशनी हो गई है। पोस्ट के बाद एक महीने पुराना कचरा उठा शहर के झोटवाड़ा इलाके से एल.पी. जोशी ने कचरा नियमित न उठने की समस्या पोस्ट की थी। उन्होंने बताया कि उनके एरिया सूरज नगर, निर्मला विहार में वर्धमान हाेराइजन, नागल पुलिया, 200 फीट बायपास के पास करीब एक महीने से कचरा पड़ा हुआ है। इस पर एक्शन लेते हुए वार्ड के सफाई प्रभारी ने कचरा उठवाकर सफाई करवा दी है। अब एक नजर उन समस्याओं पर जिनके समाधान होने बाकी हैं… रामगंज में इलाज करने वाले ही परेशान जयपुर के दयानंद मार्ग, रामगंज चौपड़ से डॉ. रूपल पारीक ने ईएसआई डिस्पेंसरी 3 की समस्या पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि अस्पताल के प्रवेश द्वार पर बारिश के गंदे पानी से भरा एक गड्‌ढा बन गया है। इस गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। मरीजों को गाड़ियां पार्क करने में भी परेशानी होती है। एक महीने से बंद स्ट्रीट लाइट ‘भास्कर समाधान’ पर टीकमदास भगवानी ने ठाकुर नारायण सिंह मार्ग, सिंधी कॉलोनी से स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या पोस्ट की है। उन्हाेंने लिखा कि उनकी गली में लगी स्ट्रीट लाइट बीते एक महीने से खराब पड़ी है। माॅनसून के दौरान रात को अंधेरे में गली से आने–जाने वालों को इससे काफी असुविधा होती है। जल्द समाधान करवाएं। गलियों में कचरा, सफाई नहीं होती पुरानी बस्ती के माउंट रोड की बैरवा बस्ती से राहुल बोलिया ने कचरे की समस्या पोस्ट करते हुए समाधान की अपील की है। उन्होंने लिखा कि मकान संख्या 28 के बाद रास्ता बंद है। सफाई न होने और रोज कचरा न उठाने से पूरी गली में कचरा फैला हुआ है। इससे न केवल स्थानीय लोग परेशान हैं बल्कि पैदल आना–जाना भी दूभर हो गया है। जर्जर फैरो कवर से हादसे का डर मोहन नगर, पुरानी बस्ती, नाहरगढ़ रोड से संगीता शर्मा ने गली नंबर 3 के सामने खराब पड़ी मुख्य सड़क और जर्जर फैरो कवर की परेशानी शेयर की है। उन्होंने लिखा कि बीते दो महीने से सड़क और नाली के ऊपर लगे फैरो कवर जर्जर हैं। जगह–जगह गड्‌ढे हैं और वाहन चालकों को असुविधा हो रही है। ट्रैफिक जाम तो आम बात है। एप से लोगों को मिल रहा समाधान समस्याएं पोस्ट कर यूजर विभागों को जमीनी हकीकत बता रहे हैं और अधिकारी अपनी टीम से उसका समाधान भी करवा रहे हैं। आप भी अपने क्षेत्र, वार्ड, सेक्टर या गांव की समस्या हमें पोस्ट कर सकते हैं। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए… 1.भास्कर समाधान, कई दिनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाईट चालू:अजमेर में कहीं गंदा पानी, कही पेयजल संकट, सड़क और सीवरेज समस्याओं से जूझ रहे लोग 2.‘भास्कर समाधान’: एक पोस्ट से मिल रहा हल:अजमेर में अधिकारी शिकायतों पर ले रहे एक्शन, यूजर बोले 25 साल से नालियां ठीक नहीं हुईं तो दरगाह बाजार का 15 दिन से गड्‌ढा 3.‘भास्कर समाधान’: समस्याओं का हल एक पोस्ट से:अधिकारी शिकायतों का खुद करवा रहे समाधान, अजमेर में नाली, सफाई और पानी सबसे बड़ी बुनियादी समस्या 4.भास्कर समाधान का असर; बेसहारा पशुओं की समस्या का निस्तारण:हाईटेंशन लाइन और पानी लीकेज से लोग परेशान, देवेन्द्र सिंह बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 5‘भास्कर समाधान’: अधिकारी खुद करवा रहे सॉल्यूशन:दरगाह बाजार में नहीं सुधर रही सफाई व्यवस्था, 6 महीने से खराब हैंडपंप

मेवाड़ का इतिहास अब होगा डिजिटल:चित्तौड़गढ़ दुर्ग में 108 करोड़ से बढ़ेंगी मॉडर्न फैसिलिटी, पद्मिनी महल में बनेगी नई हिस्ट्री गैलरी

यूनेस्को विश्व धरोहर चित्तौड़गढ़ दुर्ग अब बड़े बदलाव के दौर से गुजरने वाला है। केंद्र सरकार ने इसे DESH योजना में शामिल किया है, जिसके तहत करीब 108 करोड़ रुपए की लागत से पहले विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी और फिर चरणबद्ध तरीके से संरक्षण व विकास कार्य शुरू होंगे। योजना के तहत ऐतिहासिक इमारतों का संरक्षण किया जाएगा, पद्मिनी महल में नई हिस्ट्री गैलरी बनेगी, आधुनिक साइट म्यूजियम, वॉकवे, व्यूइंग डेक, इंटरप्रिटेशन सेंटर और पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। डिजिटल तकनीक और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास को नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। सभी काम यूनेस्को के नियमों के तहत किए जाएंगे, ताकि दुर्ग का मूल स्वरूप सुरक्षित रहे। इससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। DESH योजना में शामिल हुआ चित्तौड़गढ़ दुर्ग
यूनेस्को विश्व धरोहर चित्तौड़गढ़ दुर्ग को केंद्र सरकार ने बजट 2026-27 में घोषित DESH (डेवलपमेंट ऑफ एक्सवेटेड साइट्स एंड हेरिटेज कॉम्प्लेक्स) योजना के तहत देश के 15 प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में शामिल किया है। करीब 108 करोड़ रुपए की इस परियोजना से दुर्ग के संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं के विकास का नया चरण शुरू होगा। डीपीआर के बाद शुरू होंगे काम
योजना के तहत सबसे पहले विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से काम शुरू होगा। पद्मिनी महल में भी 30 से 40 लाख की लागत से आधुनिक तकनीक से सुसज्जित नई हिस्ट्री गैलरी बनाने का भी प्रस्ताव है। पिछले 12 वर्षों में हुए कई विकास कार्य
सांसद सीपी जोशी ने बताया कि बीते करीब 12 सालों में रिंग रोड, सूरजपोल मार्ग, रतन सिंह महल और फतेह प्रकाश महल के संरक्षण, घी बावड़ी व तेल बावड़ी के जीर्णोद्धार, नगीना बाजार के विकास, सुरक्षा रेलिंग और लाइट एंड साउंड शो जैसे कई काम पूरे किए गए हैं। अधूरी सुविधाओं को किया जाएगा पूरा
पर्यटकों के लिए शौचालय, शेड, टिकट काउंटर, क्लॉक रूम और वेटिंग एरिया का काम बीच में रुक गया था। अब इन परियोजनाओं को दोबारा शुरू कर जल्द पूरा किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विरासत संरक्षण के साथ बढ़ेगा रोजगार
सांसद ने कहा कि यह योजना सिर्फ निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए उसे देश-दुनिया के सामने बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने की पहल है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यूनेस्को के नियमों के अनुसार होंगे सभी कार्य
दुर्ग विश्व धरोहर सूची में शामिल है, इसलिए सभी निर्माण और विकास कार्य संबंधित संस्थाओं की अनुमति और तय नियमों के तहत ही किए जाएंगे। उद्देश्य ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए सुविधाओं का विस्तार करना है। आधुनिक तकनीक से जीवंत होगा इतिहास
एएसआई के अनुसार, सुरक्षित वॉकवे, व्यूइंग डेक, आधुनिक इंटरप्रिटेशन सेंटर और साइट म्यूजियम बनाए जाएंगे। डिजिटल तकनीक, इमर्सिव स्टोरीटेलिंग और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से चित्तौड़गढ़ के इतिहास को जीवंत रूप में दिखाया जाएगा। पर्यटकों को कई भाषाओं में जानकारी और बेहतर गाइड सेवाएं भी मिलेंगी। नई गैलरी और अन्य परियोजनाओं से बदलेगा अनुभव
पद्मिनी महल में 30 से 40 लाख रुपए की लागत से नई हिस्ट्री गैलरी बनाई जाएगी। इसके अलावा बायोलॉजिकल पार्क, रोपवे और भविष्य में आधुनिक तकनीक आधारित प्रस्तुतियों की भी तैयारी है। सांसद ने कहा कि इन सभी योजनाओं के पूरा होने से चित्तौड़गढ़ दुर्ग का पर्यटन अनुभव पूरी तरह बदल जाएगा और इसकी विरासत को नई पहचान मिलेगी।

भास्कर समाधान : जलभराव की समस्या से मिली राहत:सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट की परेशानी बरकरार, अमित स्वामी बने आज के 'स्टार ऑफिसर'

सीकर शहर में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं जर्जर सड़क हादसों का कारण बन रही है तो कहीं खुले नाले, जाम नालियां और बंद स्ट्रीट लाइट से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं ‘भास्कर समाधान’ पर उठाई गई कुछ शिकायतों पर संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान कर लोगों को राहत भी पहुंचाई है। भास्कर एप पर अपनी समस्या पोस्ट करने लिए यहां क्लिक कीजिए… देवीपुरा रोड पर जर्जर सड़क बनी हादसों का कारण देवीपुरा रोड स्थित बस डिपो की ओर जाने वाली सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी है। स्थानीय निवासी योगेश शर्मा ने भास्कर समाधान पर शिकायत पोस्ट कर बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। खुले नाले से फैल रही दुर्गंध, लोग परेशान नवलगढ़ रोड निवासी कैलाश कुमार ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत पोस्ट कर बताया कि उनके घर के पास स्थित नाला काफी समय से खुला पड़ा है। नाले से लगातार दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में गंदगी और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों ने नाले को ढकने और नियमित सफाई कराने की मांग की है। जाम नालियों से निकासी ठप, गंदा पानी भरने की आशंका न्यू जनता कॉलोनी निवासी रोहिताश्व कुमार ने शिकायत पोस्ट कर बताया कि पीपराली रोड स्थित सूर्य मार्ग की अधिकांश नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हैं। नालियों की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। बारिश के दौरान गंदा पानी सड़क पर भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नगर परिषद से जल्द नालियों की सफाई कराने की मांग की है। तीन-चार दिन से बंद स्ट्रीट लाइट, अंधेरे में गुजरने को मजबूर लोग मनसा कॉलोनी निवासी पीयूष जोधा ने शिकायत पोस्ट कर बताया कि भंवर कॉलोनी में पिछले तीन-चार दिनों से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। रात के समय पूरी गली अंधेरे में डूब जाती है, जिससे महिलाओं, बच्चों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी होती है। लोगों ने जल्द स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग की है। पालवास रोड पर जलभराव की समस्या से मिली राहत कलवारिया कुंज निवासी किशन सिंह ने भास्कर समाधान पर शिकायत पोस्ट की थी कि पालवास रोड पर सीवरेज कार्य के कारण वाहनों का आवागमन दूसरी ओर से हो रहा था, जहां हल्की बारिश में भी पानी भर जाता था। कई दिनों तक जलभराव रहने से लोगों को परेशानी होती थी। शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने आवश्यक कार्रवाई कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी। अब क्षेत्र में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिली है। समय पर पहुंचने लगी कचरा गाड़ी, सफाई व्यवस्था सुधरी आरटीओ ऑफिस रोड निवासी विक्रम शिवराण ने भास्कर समाधान पर शिकायत पोस्ट की थी कि उनके क्षेत्र में कचरा गाड़ी समय पर नहीं आती थी और पांच-छह दिन में केवल एक बार पहुंचती थी। साथ ही गाड़ी का साउंड सिस्टम बंद होने से लोगों को उसके आने की जानकारी भी नहीं मिलती थी। शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू करवाई और साउंड सिस्टम भी चालू कर दिया। अब क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर हो गई है। आज के ‘स्टार ऑफिसर’ : एईएन अमित स्वामी आज के हमारे स्टार ऑफिसर एईएन अमित स्वामी बने हैं। आरटीओ ऑफिस रोड निवासी विक्रम शिवराण ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत पोस्ट की थी कि उनके क्षेत्र में कचरा गाड़ी समय पर नहीं पहुंच रही थी और कई दिनों तक कचरा नहीं उठने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत मिलने के बाद एईएन अमित स्वामी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित टीम से नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई। समय पर कार्रवाई से क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ और लोगों को राहत मिली। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए…. 1.भास्कर समाधान : बिजली लाइन हुई ठीक, खतरा टला:सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं से लोग परेशान, वाजिद अली बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 2.भास्कर समाधान: लगातार बिजली कटौती की समस्या का हुआ समाधान:सड़क, बिजली, पानी और सफाई की समस्याओं से लोग परेशान 3.भास्कर ‘समाधान’: शिकायत के बाद प्रशासन हुआ अलर्ट:गड्ढे, गंदगी और आवारा पशुओं से बढ़ी लोगों की मुश्किलें, अमित स्वामी बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 4.सीकर में जनता की समस्याओं पर जागा प्रशासन:जर्जर सड़कें, सीवर और नंगे तारों की शिकायतों पर अधिकारियों ने की कार्रवाई 5.सीकर में बहानेबाजी पर भारी पड़ा ऐक्शन:कहीं सिस्टम की सुस्ती से बढ़ा खतरा, तो कहीं ‘स्टार अफसर’ ने दूर की जनता की परेशानी 6.भास्कर समाधान: पोस्ट करने के 4 घंटे में हुआ समाधान:सीवर समस्या सुलझी; नाला, जलभराव और आवारा पशु बने परेशानी, अमित स्वामी बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 7.सीकर शहर की समस्याएं भास्कर समाधान पर पहुंचीं:कहीं टूटी सड़क तो कहीं जलभराव और नाली की परेशानी, सुरेंद्र गोदारा बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 8.भास्कर समाधान: लाइट की समस्या का हुआ समाधान:सीकर में पानी, बिजली, सड़क और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं से लोग परेशान 9.भास्कर समाधान: कचरा हटने पर लोगों को मिली राहत:आवारा पशुओं का आतंक, अंधेरे में डूबी गलियां और सड़क पर गहरे गड्ढे से बढ़ी परेशानी 10.सीकर में नाली, सड़क से जुड़ी समस्याओं का हुआ समाधान:नालों की सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समस्याओं से लोग परेशान