ब्रेकिंग न्यूज़
बिजली विभाग की दबंगई: पहले बिना मीटर लगाए थमाया बिल, शिकायत की तो पुराना मीटर टांगकर सिस्टम में दर्ज की फर्जी रीडिंग

गोविन्दगढ़ (अलवर)।

स्थानीय जयपुर विद्युत वितरण निगम (JVVNL) कार्यालय में भ्रष्टाचार और तानाशाही का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विभाग के कर्मचारियों ने अपनी पुरानी तकनीकी चोरी और लापरवाही को छुपाने के लिए उपभोक्ता के घर न केवल पुराना इस्तेमालशुदा मीटर टांग दिया, बल्कि सरकारी कंप्यूटर सिस्टम में फर्जी प्रारंभिक रीडिंग भी दर्ज कर दी। विरोध करने पर उपभोक्ता के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी केबल (डोरी) काटकर छोटी कर दी गई। पीड़ित उपभोक्ता ने इस संगठित धोखाधड़ी के खिलाफ मुख्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला?

ग्राम मुंडपूरीखुर्द निवासी पीड़ित उपभोक्ता प्रकाश सैनी पुत्र तुलसी राम सैनी ने बताया कि उन्होंने बीते 14 मई 2026 को घरेलू बिजली के नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया था और नियमानुसार डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) के जरिए फीस भी जमा करवा दी थी। आरोप है कि इसके बाद वे दो महीने तक लगातार बिजली घर के चक्कर काटते रहे, जहां तैनात कर्मियों द्वारा उनसे ‘मिठाई-पानी’ के नाम पर अवैध राशि (रिश्वत) की मांग की गई। रिश्वत न देने पर उन्हें लगातार परेशान किया गया। हद तो तब हो गई जब घर पर मीटर लगा ही नहीं और विभाग ने उपभोक्ता को ₹1638 का भारी-भरकम बिजली बिल थमा दिया।

चोरी छुपाने के लिए नया षड्यंत्र

जब पीड़ित ने इस फर्जी बिल की शिकायत उच्च स्तर पर की, तो बौखलाए विभाग ने मामले को दबाने के लिए नया खेल रच दिया। शुक्रवार (17 जुलाई) को विभाग का एक कर्मचारी शौक़ीन खान (मोबाइल नंबर: 7665238792) उपभोक्ता के घर मीटर लगाने पहुंचा। आरोप है कि उसने जो मीटर लगाया वह पहले से इस्तेमाल किया हुआ था, जिसमें भौतिक रूप से 76 रीडिंग दर्ज थी। लेकिन विभाग ने अपनी ऑनलाइन प्रणाली पर इस मीटर की शुरुआती रीडिंग को फर्जी तरीके से सीधे 276 यूनिट दर्ज कर दिया, ताकि बिना मीटर जारी किए गए ₹1638 के पुराने फर्जी बिल को सही ठहराया जा सके।

विरोध करने पर केबल काटी, दी धमकी

उपभोक्ता प्रकाश सैनी ने जब इस धोखाधड़ी और फर्जी 276 रीडिंग का मौके पर विरोध किया, तो कर्मचारी शौक़ीन खान आगबबूला हो गया। उसने उपभोक्ता के साथ घोर अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि “इस 276 रीडिंग को आगे के बिलों में एडजस्ट करवा लेना।” बात यहीं खत्म नहीं हुई; बदले की भावना से कार्रवाई करते हुए कर्मचारी ने गुस्से में आकर खंभे से मीटर तक आने वाली सर्विस केबल (डोरी) को बीच से काटकर छोटा कर दिया, जबकि उपभोक्ता के लिए लंबी डोरी मंजूर हुई थी।

अवैध वसूली का आरोप, निलंबन की मांग

पीड़ित प्रकाश सैनी का कहना है कि बिजली विभाग के कर्मचारी अब बदले की भावना से उनसे 276 यूनिट की अवैध वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं। इस तानाशाही और भ्रष्टाचार से त्रस्त होकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री को पूरक शिकायत भेजकर दोषी कर्मचारियों को तुरंत निलंबित करने, फर्जी रीडिंग को तकनीकी सिस्टम से हटाने और परिसर पर शून्य (0) रीडिंग का नया सीलबंद मीटर लगाने की मांग की है।

पूर्व-IAS संजय दीक्षित के खिलाफ सीबीआई में दर्ज एफआईआर रद्द:हाईकोर्ट ने 17 साल पुरानी एफआईआर रद्द की; हिस्ट्रीशीटर का चरित्र सत्यापन किया था

राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच ने पूर्व आईएएस संजय दीक्षित और रणजीत सिंह के खिलाफ दर्ज करीब 17 साल पुरानी एफआईआर को रद्द कर दिया है। यह आदेश जस्टिस अनूप ढंढ की अदालत ने संजय दीक्षित और रणजीत सिंह की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए। दीक्षित ने रणजीत सिंह के पासपोर्ट के लिए उनका चरित्र सत्यापन किया था। इस मामले में प्रहलाद गुर्जर ने साल 2009 में पासपोर्ट कार्यालय में शिकायत की थी कि रणजीत सिंह को जारी पासपोर्ट अवैध है, उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। हाईकोर्ट के आदेश से दर्ज हुई थी एफआईआर पासपोर्ट कार्यालय ने प्रहलाद गुर्जर के प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया था। इस पर गुर्जर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। इसके आधार पर हाईकोर्ट की एकलपीठ ने 13 जनवरी 2010 में सीबीआई को मामला सौंप दिया था। सीबीआई ने 29 जनवरी 2010 को एफआईआर दर्ज की। खंडपीठ ने 10 नवंबर 2010 को एकलपीठ का आदेश रद्द कर मामले पर पुन: सुनवाई का आदेश दिया। सत्यापन वापस लेने की सूचना दे दी थी दीक्षित की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता माधव मित्र और अधिवक्ता जया मित्र ने कोर्ट को बताया कि जैसे ही प्रार्थी को रणजीत सिंह के आपराधिक रिकॉर्ड और उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली, उसने सत्यापन वापस लेने की पुलिस को सूचना दे दी। वहीं रणजीत सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग शर्मा ने कोर्ट को बताया- प्रहलाद गुर्जर की जिस याचिका के आधार पर सीबीआई को जांच सौंपी गई, वह बिना आदेश के ही समाप्त हो चुकी है। ऐसे में एफआईआर को रद्द किया जाए। सीबीआई की ओर से अधिवक्ता जगमोहन शर्मा ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि दीक्षित ने हिस्ट्रीशीटर रहे व्यक्ति के चरित्र का सत्यापन किया और रणजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सीबीआई ने इस मामले में जांच कर ली, लेकिन कोर्ट ने चार्जशीट को अंतिम रूप देने से इनकार कर दिया गया था।

होटल की लिफ्ट में फंसे कांग्रेस सांसद शशि थरूर:14 मिनट के बाद रेस्क्यू टीम ने निकाला, मुस्कुराते हुए थरूर बोले- हम ठीक हैं

केरलम के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर एक होटल की लिफ्ट में फंस गए। घटना शुक्रवार शाम को हुई जब थरूर रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के इंस्टॉलेशन इवेंट में शामिल होने पहुंचे थे। लिफ्ट में फंसे कांग्रेस सांसद को निकालने के लिए फायर और रेस्क्यू सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाइड्रोलिक स्प्रेडर का इस्तेमाल करके लिफ्ट का दरवाजा खोला और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। फायर स्टेशन के अधिकारियों के अनुसार, शाम 7:37 बजे सूचना मिली कि होटल की लिफ्ट में शशि थरूर फंस गए हैं। इसके तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंच गया। रेस्क्यू की तस्वीर.. बाहर आते ही मुस्कुराकर बोले थरूर- शुक्रिया, हम ठीक हैं शुरुआत में होटल स्टाफ और लिफ्ट मैकेनिकों ने लिफ्ट खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने स्प्रेडर की मदद ली। शाम 7:51 बजे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया गया कि लिफ्ट अपने निर्धारित फ्लोर तक पूरी तरह नहीं पहुंची थी, जिसके कारण उसके दरवाजे नहीं खुल सके। लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद शशि थरूर मुस्कुराते हुए दिखाई दिए। उन्होंने फायर एंड रेस्क्यू कर्मियों का धन्यवाद करते हुए कहा, “आप सभी का धन्यवाद। आपने बहुत अच्छा काम किया।” लिफ्ट में थरूर के साथ 7 लोग फंसे थे तिरुवनंतपुरम के पीएमजी इलाके में रोटरी क्लब का इवेंट था। जब थरूर लिफ्ट से जा रहे थे तो वह छठी मंजिल पर जाकर रुक गई। थरूर के साथ लिफ्ट में कुल 7 लोग फंसे थे। रेस्क्यू ऑफिसर जितेश कुमार कहते हैं, “जब हम मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि लिफ्ट के अंदर सांसद थरूर भी शामिल हैं। पहले तो हम लिफ्ट की चाबी से लिफ्ट नहीं खोल पाए। बाद में स्प्रैडर मंगाया। हाइड्रोलिक स्प्रेडर क्या है… हाइड्रोलिक स्प्रेडर एक हाइड्रोलिक दबाव से चलने वाला स्पेशल रेस्क्यू टूल है। इसका इस्तेमाल फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें उन हालात में करती हैं, जहां किसी व्यक्ति को फंसे हुए स्थान से सुरक्षित निकालना होता है। इसके आगे दो मजबूत धातु के जबड़े होते हैं। हाइड्रोलिक दबाव की मदद से ये जबड़े धीरे-धीरे फैलते हैं। इससे लिफ्ट का दरवाजा, गाड़ी का दरवाजा, धातु की चादर जैसी चीजों के बीच सुरक्षित जगह बनाई जाती है, ताकि अंदर फंसा व्यक्ति निकल सके। आमतौर पर इसका इस्तेमाल लिफ्ट का दरवाजा बंद होने पर, सड़क दुर्घटना में कार के दरवाजे जाम हो जाएं, इमारत गिरने के बाद मलबे में फंसे लोगों को निकालना हो और इंडस्ट्रियल हादसों में मेटल के ढांचे खोलने के लिए किया जाता है। —————————— ये खबर भी पढ़ें… संसद परिसर में सीढ़ियों से गिरे सांसद शशि थरूर: अखिलेश यादव और सांसदों ने संभाला, गंभीर चोट नहीं आई फरवरी 2026 में भी बजट सत्र के दौरान संसद परिसर में कांग्रेस सांसद शशि थरूर सीढ़ियों से उतरते समय फिसलकर गिर पड़े थे। मौके पर मौजूद सांसदों और कर्मचारियों ने तुरंत उनकी मदद की थी। कांग्रेस सांसद शशि थरूर मोबाइल फोन पर बात करते हुए संसद भवन परिसर में सीढ़ियों से उतर रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वे गिर पड़े। इस दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य सांसदों ने तुरंत आगे बढ़कर उन्हें संभाला। पढ़ें पूरी खबर…

सर गैरी सोबर्स का 89 साल की उम्र में निधन:वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट खेले, फर्स्ट-क्लास में पहली बार 6 गेंद पर 6 छक्के लगाए

वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स का 89 साल की आयु में निधन हो गया है। एक ओवर की सभी 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड उन्होंने बनाया था। उन्होंने यह कारनामा फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में किया था। उन्होंने 1968 में नॉटिंघमशायर की तरफ से खेलते हुए ग्लेमोर्गन के खिलाफ सेंट हेलेन्स मैदान पर एक ओवर में 6 छक्के जड़े थे। 16 साल की उम्र में डेब्यू सोबर्स ने साल 1953 में 16 साल की उम्र में बारबाडोस के लिए अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था। इसके अगले ही साल 1954 में उन्हें वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम में शामिल कर लिया गया। साल 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया और नाबाद 365 रन की पारी खेली। यह टेस्ट मैच की एक पारी में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था, जिसे 1994 में वेस्टइंडीज के ही ब्रायन लारा ने तोड़ा। 38 साल की उम्र में लिया संन्यास सोबर्स ने साल 1974 में 38 साल की उम्र में संन्यास ले लिया था। विजडन ने 1975 में टिप्पणी की थी कि वे मानसिक और शारीरिक रूप से थक चुके थे और खेल के प्रति उनका उत्साह कम हो गया था। 93 टेस्ट मैच में 8 हजार से ज्यादा रन बनाए सर गैरी सोबर्स ने 1954 से 1974 तक वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 57.78 की औसत से 8,032 रन बनाए और 235 विकेट लिए। अपने करियर के आखिरी दिनों में साउथ ऑस्ट्रेलिया और नॉटिंघमशायर के लिए खेलने वाले सोबर्स ने 383 फर्स्ट-क्लास मैचों में 28,000 से ज्यादा रन बनाए और 1,000 से ज्यादा विकेट चटकाए। साल 1975 में उन्हें ‘नाइटहुड’ (सर) की उपाधि और 2009 में ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया।से नवाजा गया था। वैभव सूर्यवंशी ने श्रद्धांजलि दी वैभव सूर्यवंशी ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, मुझे सर गैरी सोबर्स को खेलते देखने का मौका कभी नहीं मिला, लेकिन बचपन से ही अपने पिता से उनकी महानता के किस्से सुनते हुए बड़ा हुआ हूं। वह ऐसी महान शख्सियत थे, जिनका नाम पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। ——————— स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… कोहली ने विवियन रिचर्ड्स की बराबरी की:रोहित के साथ 8 हजार साझेदारी रन पूरे इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में भारत को 4 विकेट से हरा दिया। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए इस मैच में विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना 14वां 50+ स्कोर बनाकर वेस्टइंडीज के सर विवियन रिचर्ड्स की बराबरी कर ली। पूरी खबर…

भाजपा बोली- महाराष्ट्र में NCP के दोनों गुट मिल जाएं:फिर NDA में शामिल हों; केंद्रीय कैबिनेट में दो पद का भी ऑफर

महाराष्ट्र में एनसीपी के दो गुट (सुनेत्रा पवार गुट और शरद पवार गुट) आपस में विलय कर सकते हैं। उन्हें साथ आने का ऑफर NDA की तरफ से मिला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार संसद में महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक ला सकती है। इसके लिए सदन में दो-तिहाई बहुमत चाहिए। इसलिए एनडीए के पार्टी नेतृत्व ने सुझाव दिया है कि नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुट आपस में फिर से मिल जाएं और एनडीए की सहयोगी पार्टी बन जाएं। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने NCP के दोनों गुटों के बीच सत्ता का संतुलन बनाने के लिए केंद्रीय कैबिनेट में दो पद देने का भी ऑफर दिया है। शरद गुट और सुनेत्रा गुट के एक साथ आने में 5 चैलेंज… उधर शरद गुट की भाजपा-कांग्रेस दोनों से बातचीत उधर महाराष्ट्र में NCP (शरद गुट) पार्टी कांग्रेस और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए दोनों से बातचीत को तैयार है। सूत्रों के मुताबिक, NCP (SP) के 8 लोकसभा सांसद और 10 विधायक पार्टी के भविष्य को लेकर दो धड़ों में बंटे हुए हैं। दावा है कि कुछ सांसद और विधायक NDA में शामिल होने के पक्ष में हैं, जबकि कुछ कांग्रेस के साथ विलय चाहते हैं। शरद पवार कांग्रेस में विलय के लिए तभी तैयार होंगे, जब सुप्रिया सुले को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी मिले। इसमें महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष पद पर पवार समर्थक, सुप्रिया सुले को कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाने और कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) में पर्याप्त प्रतिनिधित्व जैसी मांगें शामिल बताई गई हैं। दूसरी ओर, एक अन्य सूत्र का दावा है कि पार्टी का एक प्रभावशाली धड़ा भाजपा और NDA के साथ जाने का समर्थक है। बातचीत में सुप्रिया सुले के लिए केंद्रीय मंत्री पद और पवार समर्थकों के लिए दो मंत्री पद की चर्चा भी होने का दावा किया गया है। हालांकि, इस पर किसी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ‘परिसीमन बिल’ के चलते मोदी सरकार को संख्या बल की जरूरत NCP के NDA में शामिल होने से मोदी सरकार संसद में दो तिहाई बहुमत के और करीब आ जाएगी, जो संविधान संशोधन विधेयक पास करने के लिए अहम है। सरकार महिला आरक्षण कानून लागू करने और परिसीमन विधेयक के जरिए संसद और राज्य विधानसभाओं की संख्या बढ़ाने वाले संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए जरूरी संख्या जुटानी की कोशिश कर रही है। अप्रैल में राज्यसभा के विशेष सत्र में सरकार की यह कोशिशें नाकाम हो गई थीं। इसके बाद से विपक्ष की चार पार्टियों के 37 लोकसभा और राज्यसभा सांसद सत्ता पक्ष में शामिल हो चुके हैं। अप्रैल के मुकाबले दोनों सदनों में सरकार का समर्थन बढ़ा है, लेकिन दो-तिहाई बहुमत से अब भी पीछे है… लोकसभा: दो-तिहाई आंकड़े से 42 वोट पीछे राज्यसभा: दो-तिहाई बहुमत से 11 वोट पीछे ——————————— ये खबर भी पढ़ें… NDA का मिशन 360, अब DMK-NCP-सपा में सेंध की तैयारी:लोकसभा में दो-तिहाई का आंकड़ा पाने अब 41 सांसदों की जरूरत भाजपा के शीर्ष रणनीतिकार सियासी तस्वीर बदलने के लिए ‘मिशन 360’ में जुटे हैं। 17 अप्रैल को महिला आरक्षण व परिसीमन से जुड़े बिल पर लोकसभा में झटका लगने के बाद ही भाजपा ने संसद में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की रणनीति तेज कर दी थी। पूरी खबर पढ़ें…

मेक्सिको में 7.4 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का खतरा बढ़ा:10 लाख लोगों के लिए अलर्ट जारी, पड़ोसी देशों में भी महसूस हुए झटके

मेक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास के तट पर शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। इसके बाद करीब 10 लाख लोगों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। अमेरिकी एजेंसी USGS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मेक्सिको के प्यूर्टो मडेरो शहर के पास था। यह 10 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिससे आसपास के इलाकों में तेज झटकों की आशंका बढ़ गई है। US सुनामी वार्निंग सिस्टम ने इस क्षेत्र के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया है। 7.4 तीव्रता के भूकंप को ‘मेजर’ कैटेगरी में रखा जाता है, जो बड़े पैमाने पर तबाही मचा सकते हैं। भूकंप के झटके मेक्सिको के पड़ोसी देश ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर में भी महसूस किए गए। फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है। सोशल मीडिया पर भूकंप से जुड़ा यह वीडियो वायरल है… 300 किमी के दायरे में सुनामी का खतरा अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भूकंप के केंद्र से करीब 300 किलोमीटर के दायरे में खतरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं। सुनामी अलर्ट मुख्य रूप से 3 इलाकों के लिए जारी किया गया है: चियापास का दक्षिणी प्रशांत तट ओआक्साका के तटीय इलाके ग्वाटेमाला से लगे प्रशांत तटीय क्षेत्र प्रशासन ने लोगों से समुद्र तट और निचले तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की है। मेक्सिको-ग्वाटेमाला सीमा पर स्थित सुचियाते में समुद्र के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। पिछले 30 दिनों में 22 भूकंप दर्ज भूकंप ‘पैसिफिक रिंग ऑफ फायर’ में आया, जो प्रशांत महासागर के चारों ओर फैला करीब 40 हजार किलोमीटर लंबा घोड़े की नाल के आकार का इलाका है। यह दुनिया का सबसे एक्टिव भूकंपीय क्षेत्र माना जाता है। यहां दुनिया के करीब 75% सक्रिय और निष्क्रिय ज्वालामुखी हैं और लगभग 90% भूकंप इसी क्षेत्र में आते हैं। पिछले 30 दिनों में इस इलाके में 22 भूकंप दर्ज किए गए हैं। इनमें शुक्रवार का 7.4 तीव्रता वाला भूकंप सबसे शक्तिशाली बताया जा रहा है। भूकंप के तुरंत बाद अधिकारियों ने कहा कि समुद्र में उठने वाली ऊंची और खतरनाक लहरें तटीय इलाकों में बाढ़ ला सकती हैं। लोगों से संभावित बाढ़, तेज समुद्री धाराओं और ऊंची लहरों को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है। हालांकि, अमेरिका के नेशनल सुनामी वार्निंग सेंटर ने साफ किया है कि अमेरिका के पश्चिमी तट, ब्रिटिश कोलंबिया और अलास्का के लिए सुनामी का कोई खतरा नहीं है। भूकंप क्यों आते हैं
हमारी धरती की सतह मुख्य तौर पर 7 बड़ी और कई छोटी-छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से मिलकर बनी है। ये प्लेट्स लगातार तैरती रहती हैं और कई बार आपस में टकरा जाती हैं।

टकराने से कई बार प्लेट्स के कोने मुड़ जाते हैं और ज्‍यादा दबाव पड़ने पर ये प्‍लेट्स टूटने लगती हैं। ऐसे में नीचे से निकली ऊर्जा बाहर की ओर निकलने का रास्‍ता खोजती है और इस डिस्‍टर्बेंस के बाद भूकंप आता है। ——————————- भूकंप से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… वेनेजुएला में फिर भूकंप के झटके, अब तक 1430 मौतें:करीब 3300 घायल, 51 हजार लापता; लोग खुद मलबा हटाकर अपनों को तलाश रहे
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 25 जून को आए दो भूकंप के बाद स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर को एक और भूकंप आया। देश के उत्तरी तट के पास आए इस भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, राजधानी कराकास और माराके में भी झटके महसूस किए गए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

वसुंधरा के बयान पर सचिन पायलट ने दी प्रतिक्रिया:कहा- जब पद छुड़वा दिया जाता है तो सुर बदल जाते हैं

राजस्थान विधानसभा के 75 साल पूरे होने पर साल भर चलने वाले कार्यक्रमों के उद्घाटन के मौके पर वसुंधरा राजे ने कहा था-सामाजिक रिश्तों को राजनीति के कारण खराब नहीं करना चाहिए। उनके इस बयान पर पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने प्रतिक्रिया दी। उन्होने कहा- कोई व्यक्ति पद पर होता है तो उसके सुर अलग होते हैं, जब पद छूट जाता है या छुड़वा दिया जाता हैं तो सुर बदल जाते हैं। सचिन पायलट शुक्रवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र टोंक पहुंचे थे। जयपुर कोटा नेशनल हाईवे के पास सोहेला कट कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने सवालों के जवाब दिए। विरोध भी हो तो मजबूती से हो पायलट ने वसुंधरा राजे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- मैं मानता हूं कि राजनीति में व्यक्ति को अपने आचरण और भाषा से उदाहरण पेश करना चाहिए। अगर विरोध हो तो भी जमकर होना चाहिए। मजबूती से होना चाहिए। लेकिन विरोध सैद्धांतिक और वैचारिक होना चाहिए। लेकिन आज की राजनीति व्यक्तिगत टीका-टिप्पणी करने, सोशल मीडिया पर भला-बुरा कहने की हो गई है। इससे लोकतंत्र में और समाज में अच्छा मैसेज नहीं जा रहा। प्रदेश में हेल्थ व्यवस्था चरमराई कोटा समेत अन्य जगह प्रसूताओं की मौतों के सवाल पर पायलट बोले- प्रदेश में स्वास्थ्य की व्यवस्था चरमरा गई है। किसी की जवाबदेही नहीं है। इतनी महिलाओं की जान चली गई लेकिन किसी पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। उन्होंने कहा- छोटे-मोटे अधिकारियों के ट्रांसफर कर रहे हैं लेकिन बीकानेर-कोटा की ही बात नहीं, कहीं भी चले जाएं, पूरे प्रदेश में ही स्वास्थ्य व्यवस्था का कोई धणी-धोरी नहीं है। दुख की बात है कि सरकार का रवैया गैर जिम्मेदाराना है। मौतों पर जांच बैठानी चाहिए। जनता का विश्वास टूट चुका है। सरकार शिक्षा, चिकित्सा और कानून व्यवस्था तीनों मोर्चों पर पूरी तरह फेल हो गई है। टैक्सपेयर के पैसे से विज्ञापन छपवाने, अपनी बढ़ाई करने, अपनी पीठ थपथपाने में सरकार लगी हुई है। जबकि शिक्षा और चिकित्सा दोनों डिपार्टमेंट पूरी तरह ध्वस्त हैं। इन मुद्दों पर भी बोले सचिन पायलट BSS सुप्रीमो नरेश मीणा की जमानत खारिज होने के मामले में पायलट ने कहा- न्याय पालिका का सम्मान करना चाहिए। मुझे लगता कि सबका भरोसा न्याय पालिका पर होना चाहिए। यह खबर भी पढ़ें वसुंधरा बोलीं- राजनीति के लिए सामाजिक रिश्ते खराब न करें:मेरे खिलाफ चुनाव लड़े अबरार अहमद की मौत पर कांग्रेस कार्यालय गई थी पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा- सामाजिक रिश्तों को राजनीति के कारण खराब नहीं करना चाहिए। राजनीति से अलग भी हमारे सामाजिक रिश्ते होते हैं। विधानसभा सदन से बाहर आने पर बहुत सी बातें ऐसी होती हैं, जिन पर हम साथ बैठ सकते हैं। लेकिन अब सदन के भीतर अमर्यादित आचरण के छींटे लगने लगे हैं और भाषा का स्तर बहुत गिर चुका है। (पढ़ें पूरी खबर)

18 जुलाई का राशिफल:धनु राशि वालों को प्रमोशन या इंक्रीमेंट मिलने के योग हैं, मकर राशि वालों को रुकी पैसा मिल सकता है

शनिवार, 18 जुलाई को धनु राशि वालों के बिजनेस में बदलाव और नौकरी में प्रमोशन या वेतन वृद्धि के योग हैं। मकर राशि वालों को अटकी पेमेंट मिल सकती है और एक्स्ट्रा इनकम के लिए पार्ट टाइम काम शुरू हो सकता है। तुला राशि वालों को बिजनेस बढ़ाने के मौके मिलेंगे। सिंह राशि वालों को भविष्य की योजना में लगाए पैसे से फायदा हो सकता है। वृष राशि वालों को पार्टनरशिप और गैरकानूनी कामों से बचना होगा। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- आज का समय आपके पक्ष में है। किसी रिश्तेदार के साथ निजी विवाद चल रहा है, तो किसी समझदार व्यक्ति की मदद से मामला सुलझ सकता है। विद्यार्थी पढ़ाई पर पूरा ध्यान देंगे।
नेगेटिव- अपने ज्यादातर काम दिन के पहले हिस्से में पूरे करने की कोशिश करें। दोपहर बाद कुछ रुकावटें आ सकती हैं। अचानक मेहमान आने से खर्च बढ़ सकता है। हालांकि परिवार और करीबियों के साथ अच्छा समय भी बीतेगा। करियर- बिजनेस में मनचाही सफलता मिल सकती है और नए मौके भी मिलेंगे। किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से रुका काम पूरा हो सकता है। ऑफिस में किसी सहयोगी के साथ प्रोजेक्ट को लेकर तनाव बढ़ने की आशंका है।
लव- पति-पत्नी के बीच अच्छा तालमेल रहेगा। परिवार के साथ घूमने और मनोरंजन का प्रोग्राम बन सकता है। प्रेम संबंधों में कुछ नाराजगी हो सकती है।
हेल्थ- महिलाओं को अपनी सेहत का खास ध्यान रखना होगा। जोड़ों में दर्द और कमजोरी जैसी परेशानी बढ़ सकती है।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 2 वृष – पॉजिटिव- समय हर तरह से फायदेमंद है। घर की मरम्मत या रिनोवेशन की योजनाएं बनेंगी। मेहमानों की आवाजाही रहेगी और समय हंसी-खुशी बीतेगा। आपका समझदार और संतुलित व्यवहार लोगों के बीच आपकी इमेज बेहतर बनाएगा।
नेगेटिव- समय की अहमियत समझें और अपने काम तय समय पर पूरे करने की कोशिश करें। आलस नुकसानदायक हो सकता है। कोई दोस्त अपने स्वार्थ के कारण संबंध खराब कर सकता है, इसलिए किसी पर जरूरत से ज्यादा भरोसा न करें। करियर- कार्यक्षेत्र में हालात पहले जैसे रहेंगे। आज किसी के साथ पार्टनरशिप का काम शुरू न करें, क्योंकि नुकसान हो सकता है। कोई भी काम करने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करें। गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें।
लव- परिवार के लोगों के बीच गलतफहमी न बढ़ने दें, वरना घर का माहौल भी खराब हो सकता है। आज प्रेम संबंधों में उलझने से बचें।
हेल्थ- मौजूदा मौसम के कारण सेहत का ध्यान रखना जरूरी है। आयुर्वेदिक चीजों का भी सही मात्रा में सेवन करें।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 6 मिथुन – पॉजिटिव- भविष्य से जुड़ा कोई लक्ष्य पूरा हो सकता है। आपके प्रयासों में तेजी आएगी। पिछली गलतियों से सीखकर काम करने का तरीका सुधारना सफलता दिलाएगा। कोई अच्छी खबर मिलने से आत्मविश्वास और ऊर्जा बढ़ेगी।
नेगेटिव- अनजान लोगों के साथ व्यवहार करते समय सावधान रहें। आपके साथ धोखा हो सकता है। शांति और धैर्य बनाए रखना जरूरी है। किसी रिश्तेदार से नाराजगी चल रही है, तो बातचीत से मामला सुलझाने की कोशिश करें। करियर- बिजनेस में दिनभर मेहनत करनी पड़ेगी। कर्मचारियों का सहयोग और उनकी काम करने की क्षमता व्यवस्था बनाए रखने में मदद करेगी। ट्रांसपोर्ट से जुड़े बिजनेस में फायदा हो सकता है। सरकारी ऑफिस में बड़े अधिकारियों से मतभेद होने की आशंका है।
लव- अपनी योजनाओं में जीवनसाथी और परिवार वालों की सलाह भी लें। प्रेम संबंधों में एक-दूसरे के प्रति भावनात्मक लगाव बढ़ेगा।
हेल्थ- दिनचर्या और खानपान को लेकर लापरवाही न करें। मौजूदा मौसम के कारण अपना खास ध्यान रखना जरूरी है।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 3 कर्क – पॉजिटिव- परिवार या प्रॉपर्टी से जुड़ा विवाद खत्म होने से राहत मिलेगी। आप मेहनत और अपनी क्षमता से योजनाबद्ध तरीके से काम पूरे कर पाएंगे। पूजा-पाठ या ध्यान में कुछ समय बिताने से मन शांत रहेगा और ऊर्जा महसूस होगी।
नेगेटिव- परिवार या बिजनेस से जुड़े मामलों पर चर्चा होगी, लेकिन जिद और जल्दबाजी में कोई फैसला न लें। परेशानी आने पर बड़े और अनुभवी लोगों की सलाह आपका हौसला बढ़ाएगी। अपनी कमजोरियां पहचानकर उन्हें दूर करने की कोशिश करें। करियर- कारोबार में चल रही दिक्कतें किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मदद से दूर हो सकती हैं। महिलाओं को करियर में खास सफलता मिलने के योग हैं। पार्टनरशिप के बिजनेस में सफलता मिलेगी। पार्टनर के साथ काम और पैसों को लेकर कोई बात न छिपाएं।
लव- जीवनसाथी और परिवार वालों का सहयोग आपका हौसला बढ़ाएगा। प्रेम संबंधों में नजदीकी बढ़ेगी।
हेल्थ- अपनी ताकत से ज्यादा काम का बोझ न लें। तनाव और थकान का असर सेहत पर पड़ सकता है। अपने लिए भी कुछ समय जरूर निकालें।
भाग्यशाली रंग- ऑरेंज, भाग्यशाली अंक- 6 सिंह – पॉजिटिव- भविष्य से जुड़ी किसी योजना में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो फायदा हो सकता है। काम के हर पहलू पर अच्छी तरह विचार करके आगे बढ़ें। किसी धार्मिक जगह पर जाने का प्रोग्राम भी बन सकता है।
नेगेटिव- पैसों के लेनदेन में कोई बात न छिपाएं। गुस्सा और दूसरों पर हर बात में हक जताना आपको करीबी लोगों से दूर कर सकता है। बच्चों को पढ़ाई और करियर को लेकर तनाव रह सकता है। करियर- बिजनेस में कुछ चुनौतियां रहेंगी, लेकिन अपनी काबिलियत से काम पूरे कर लेंगे। पैसों का लेनदेन करते समय सावधान रहें, क्योंकि धोखा हो सकता है। ऑफिस के काम के दौरान गुस्से पर कंट्रोल रखें।
लव- परिवार के लोगों का सहयोग घर में अच्छा माहौल और अनुशासन बनाए रखेगा। प्रेम संबंधों में भी नजदीकी और गहराई बढ़ेगी।
हेल्थ- दांतों का दर्द परेशान कर सकता है। एसिडिटी बढ़ाने वाली चीजों का ज्यादा सेवन न करें।
भाग्यशाली रंग- क्रीम, भाग्यशाली अंक- 3 कन्या – पॉजिटिव- सफलता वाला समय है। किसी की सलाह आपके बहुत काम आएगी और नई ऊर्जा महसूस होगी। आपको अपनी बात रखने का मौका भी मिलेगा। विद्यार्थी और युवा पढ़ाई तथा करियर पर पूरा ध्यान देंगे।
नेगेटिव- दोस्तों और करीबी रिश्तेदारों की गतिविधियों से पूरी तरह बेखबर न रहें। कोई पीठ पीछे नुकसान पहुंचा सकता है। आपका नाम खराब होने का डर भी है। अपनी योजनाएं और गतिविधियां हर किसी के सामने जाहिर न करें। करियर- बिजनेस के काम मन मुताबिक पूरे होते जाएंगे, लेकिन इनकम में ज्यादा सुधार नहीं होगा। महिलाएं अपने करियर को लेकर खास तौर पर सावधान रहेंगी। नौकरीपेशा लोगों को लक्ष्य पूरा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी।
लव- घर में अच्छा माहौल बनाए रखने के लिए पति-पत्नी एक-दूसरे का सम्मान करें। संतान की इच्छा रखने वाले लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है।
हेल्थ- दिनचर्या और खानपान संतुलित रखें। मौसम के कारण सिरदर्द और बदन दर्द जैसी परेशानी हो सकती है।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 2 तुला – पॉजिटिव- खर्च के साथ इनकम भी बनी रहेगी, इसलिए बढ़ते खर्च की ज्यादा चिंता नहीं होगी। घर के किसी सदस्य के विवाह के लिए अच्छा रिश्ता आ सकता है। परिवार में चल रही अव्यवस्था और अनुशासन की कमी दूर करने के लिए नियम बनाएंगे और इसमें सफलता भी मिलेगी।
नेगेटिव- किसी योजना या काम से जुड़े कागज अच्छी तरह पढ़कर ही साइन करें। स्वभाव में घमंड न आने दें और व्यवहार सहज रखें। बच्चों की परेशानियां दूर करने में आपका सहयोग जरूरी रहेगा। करियर- बिजनेस के लिहाज से समय बहुत अच्छा है। कारोबार बढ़ाने की योजनाएं बनेंगी और कई अच्छे मौके मिल सकते हैं। मेहनत के मुताबिक अच्छे नतीजे मिलेंगे। सरकारी नौकरी करने वाले लोगों को कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
लव- जीवनसाथी और परिवार वालों से सही सलाह मिलेगी। प्रेम संबंधों में भी नजदीकी बढ़ेगी।
हेल्थ- हल्का खाना खाएं। गले में इंफेक्शन जैसी परेशानी महसूस हो, तो तुरंत इलाज लें।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 9 वृश्चिक – पॉजिटिव- आज दिनभर दौड़-भाग और मेहनत ज्यादा रहेगी, लेकिन काम की सफलता आपकी थकान दूर कर देगी। किसी जरूरतमंद दोस्त की मदद करने से मन को सुकून मिलेगा। विद्यार्थी और युवा करियर से जुड़े प्रयासों में मन मुताबिक नतीजे पा सकते हैं।
नेगेटिव- कोई बड़ा फैसला लेने से पहले अनुभवी व्यक्ति की सलाह जरूर लें। कुछ लोग आपकी भावुकता का गलत फायदा उठा सकते हैं। ज्यादा तनाव लेने से सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। करियर- बिजनेस पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। विरोधी नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र की अंदरूनी व्यवस्था में कुछ बदलाव करने होंगे। युवा अपना लक्ष्य पूरा कर पाएंगे। जल्दी ही जगह बदलने के योग भी हैं।
लव- पति-पत्नी के बीच तनाव रह सकता है। शांति से काम लें, वरना समस्या बढ़ सकती है। प्रेम संबंधों में मिठास बनी रहेगी।
हेल्थ- गैस बढ़ाने वाली चीजों से परहेज करें। सिरदर्द और जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ सकती है।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 4 धनु – पॉजिटिव- समय आपके पक्ष में है। इसका सही उपयोग आपकी क्षमता पर निर्भर करेगा। काम में नयापन लाने से बोरियत दूर होगी और मन लगाकर काम कर पाएंगे। दोस्तों के साथ अच्छा समय बीतेगा।
नेगेटिव- जरूरी काम दिन की शुरुआत में ही पूरे करने की कोशिश करें। दोपहर बाद हालात कुछ कमजोर हो सकते हैं। बनते कामों में रुकावट आने से हौसला कम हो सकता है। धैर्य रखें और भावनात्मक रूप से मजबूत बने रहें। करियर- बिजनेस के लिए समय अच्छा है। कुछ ठोस और बड़े फैसले लेंगे, जो फायदेमंद रहेंगे। बिजनेस में बदलाव की संभावना भी है। प्रभावशाली लोगों से मुलाकात होगी। नौकरी में प्रमोशन या वेतन वृद्धि के योग हैं।
लव- परिवार के सभी लोग अपनी जिम्मेदारियां अच्छी तरह निभाएंगे, जिससे आपका काम कम होगा। प्रेमी-प्रेमिका को मिलने या डेट पर जाने का मौका मिलेगा।
हेल्थ- नियमित जांच करवाते रहें। डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ सकती है। दिनचर्या भी व्यवस्थित रखें।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 8 मकर – पॉजिटिव- दिन की शुरुआत में कोई परेशानी हो सकती है, लेकिन जल्दी ही उसका समाधान मिल जाएगा। करीबी लोगों से मुलाकात होने से खुशी मिलेगी। कोई रुका काम पूरा होगा। अटकी पेमेंट मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है।
नेगेटिव- घर-परिवार से जुड़ा फैसला लेते समय परिवार वालों से सलाह जरूर करें। करीबी संबंध बचाने के लिए झुकना पड़े, तो इसे अपनी हार न मानें। युवाओं को लक्ष्य पाने के लिए ज्यादा मेहनत करनी होगी। करियर- एक्स्ट्रा इनकम के लिए कोई पार्ट टाइम काम शुरू हो सकता है। प्रॉपर्टी डील फाइनल करने में जल्दबाजी न करें। पार्टनरशिप के बिजनेस में चल रहा तनाव दूर होगा और आपसी संबंध बेहतर होंगे।
लव- जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। किसी मनोरंजक कार्यक्रम में जाने का विचार बन सकता है। पति-पत्नी और प्रेम संबंधों में नजदीकी बढ़ेगी।
हेल्थ- ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीज अपनी दिनचर्या, काम करने के तरीके और खानपान का खास ध्यान रखें।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 5 कुंभ – पॉजिटिव- किसी नई योजना पर काम शुरू करने से अच्छे नतीजे मिलेंगे। चुनौतियां स्वीकार करें और क्रिएटिव तरीके से काम करें। किसी करीबी रिश्तेदार का सहयोग मिलेगा। विद्यार्थियों को मेहनत के मुताबिक नतीजे मिलेंगे।
नेगेटिव- इनकम से ज्यादा खर्च हो सकता है। कई मामलों में धैर्य रखना जरूरी है। बातचीत के दौरान सही शब्दों का इस्तेमाल करें। गुस्सा और जल्दबाजी कुछ काम बिगाड़ सकती है। करियर- कारोबार में रुकावटें बनी रहेंगी। जोखिम वाले काम में समय और पैसा बर्बाद न करें। नौकरीपेशा लोगों को काम समय पर पूरा न होने से तनाव रह सकता है। किसी बड़े अधिकारी की मदद लेना फायदेमंद रहेगा।
लव- पति-पत्नी आपसी तालमेल से घर का माहौल अच्छा बनाए रखेंगे। प्रेम संबंधों में भी नजदीकी बढ़ेगी।
हेल्थ- बदलते मौसम से अपना बचाव रखें। जोड़ों या घुटनों का दर्द परेशान कर सकता है।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 7 मीन – पॉजिटिव- पैसे से जुड़े काम बढ़ेंगे और फंसा हुआ पैसा वापस मिलने की उम्मीद है। दिनचर्या और काम करने के तरीके में किए बदलाव फायदेमंद साबित होंगे। प्रॉपर्टी के लेनदेन में अच्छी डील हो सकती है।
नेगेटिव- विद्यार्थी और युवा गलत संगत तथा बुरी आदतों से दूर रहें, वरना करियर पर असर पड़ सकता है। ज्यादा काम के बोझ से स्वभाव में चिड़चिड़ापन आ सकता है। धैर्य बनाए रखना जरूरी है। करियर- कारोबार में कुछ चुनौतियां रहेंगी। बाहरी लोगों का दखल भी हो सकता है। सभी काम अपनी देखरेख में करवाएं। सरकारी ऑफिस में किसी अधिकारी से उलझने के बजाय शांति और धैर्य रखें। इससे काम सुलझाने में मदद मिलेगी।
लव- परिवार के लोगों के बीच अच्छा तालमेल रहेगा। प्रेम संबंध को शादी में बदलने की योजना बन सकती है।
हेल्थ- काम के बोझ से तनाव हो सकता है। योग और मेडिटेशन की मदद लें।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 3

श्रीगंगानगर में बदमाशों- पुलिस में मुठभेड़:पंजाब बॉर्डर के नजदीक भागते हुए पुल से नीचे गिरे; 3 पिस्टल, कारतूस और कार बरामद

श्रीगंगानगर में पंजाब बॉर्डर के नजदीक धींगतानिया पुल पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 बदमाश भागते हुए पुल से नीचे गिर गए। घायल बदमाशों को सादुलशहर के सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 पिस्टल, एक दर्जन कारतूस और एक कार भी बरामद की है। एसपी हरीशंकर के निर्देश पर ASP दीपक शर्मा के सुपरविजन में AGTF प्रभारी रामविलास बिश्नोई, DST प्रभारी जयकुमार भादू और CI मलकीयत सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार- गिरफ्तार किए गए बदमाश खेरूवाला और छापावाली में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना के आरोपी हैं। ये बदमाश हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांटेड थे। पुलिस का कहना है कि ये बदमाश अब फिर से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने इन्हें पहले ही पकड़ लिया। जिला पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी है। फिलहाल घायल बदमाशों को इलाज के लिए श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया है। SP हरीशंकर ने कहा- अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पंजाब बॉर्डर क्षेत्र में नाकेबंदी और गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि कोई भी बदमाश आसानी से भाग न सके। पूरे मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

मदन राठौड़ बोले-डोटासरा दूसरों को भी खुद जैसा समझते हैं:'गहलोत के सामने टीचर्स ने कबूल की थी ट्रांसफर में करप्शन की बात'

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- गोविंद सिंह डोटासरा जब शिक्षा मंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे तब उस वक्त के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने टीचर से पूछा था कि ट्रांसफर में भ्रष्टाचार हो रहा है तो सभी ने एक सुर में भ्रष्टाचार होने की बात स्वीकार की थी। ऐसे में जो व्यक्ति जैसा होता है वह दूसरों के बारे में भी वैसा ही सोचता है। शुक्रवार को दौसा रेलवे स्टेशन के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए राठौड़ ने कहा- हमारी सरकार में किसी भी प्रकार का कोई भ्रष्टाचार नहीं है। जरूरतमंद को उसकी आवश्यकता के अनुरूप निकटतम स्थान पर पारदर्शी तरीके से लगाने का काम हमारी सरकार कर रही है। इसमें कहीं कोई भ्रष्टाचार नहीं है। चहेतों को खुश करने के लिए बनाए थे अव्यवस्थित वार्ड निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर हाईकोर्ट द्वारा फटकार लगाने के सवाल पर कहा- कांग्रेस शासन के वक्त एक वार्ड 400 और दूसरा 8 हजार वोटर्स का बना दिया गया था। अपने चहेतों को खुश करने के लिए अव्यवस्थित वार्ड बना दिए थे, लेकिन हमारी सरकार ने पापुलेशन के आधार पर जनसंख्या का इक्वल डिस्ट्रीब्यूशन करके वार्डो का पुनर्गठन किया है। उन्होंने कहा कि अब ओबीसी आयोग की रिपोर्ट आने में देरी हुई है तो वह निर्वाचन आयोग और ओबीसी कमिशन के बीच का मामला है। हम तो राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता हैं, जिस दिन अधिसूचना जारी हो जाएगी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। जहां कांग्रेस के लोग डर की बात करते हैं तो आज तक हुए 78 चुनाव में से 62 चुनाव जीते हैं तो फिर वो मुह डर की बात करते हैं। केजरीवाल का नकाब उतर गया दिल्ली में चल रहे प्रोटेस्ट को लेकर कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई राजनीतिक दल नहीं है और उसे कोई मानता भी नहीं है। वहीं दिल्ली में आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को समझा दिया गया है, शायद वो मान भी गए है। अरविंद केजरीवाल राजनीति चमकाने के लिए बीच में आ गए। इससे जनता के सामने उनका नकाब उतर गया है।