ब्रेकिंग न्यूज़
जनगणना 2027: 29 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में पहला चरण पूरा:तमिलनाडु और त्रिपुरा में सेल्फ-एन्यूमरेशन शुरू; CM विजय जोसेफ ने रजिस्ट्रेशन किया

भारत की जनगणना 2027 के पहले चरण का कार्य देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पूरा हो गया है। वहीं, शुक्रवार से तमिलनाडु और त्रिपुरा में जनगणना के पहले चरण के तहत हाउसलिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस (HLO) के लिए ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन यानी सेल्फ रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। तमिलनाडु CM सी जोसेफ विजय ने भी सचिवालय में अपनी जानकारी पोर्टल में दर्ज की। दोनों राज्यों में 31 जुलाई तक पोर्टल खुला रहेगा। इसके बाद 1 अगस्त से 30 अगस्त तक जनगणनाकर्मी घर-घर जाकर हाउसलिस्टिंग और जनगणना करेंगे। मंत्रालय का कहना है कि जो परिवार ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन पूरा करेंगे, वे अपने जनरेट किए गए सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी को नोट करके रखें। जब जनगणनाकर्मी उनके घर आएं तो वह नंबर उनसे शेयर कर दें, ताकि प्रक्रिया पूरी की जा सके। जनगणना 2027 पहली बार डिजिटल मोडेम में कराई जा रही है। इसके लिए विशेष मोबाइल एप के जरिए डेटा संग्रह किया जा रहा है, हालांकि घर-घर जाकर गणना की व्यवस्था भी जारी रहेगी। केरलम-नगालैंड में 30 जुलाई तक चलेगा हाउसलिंस्टिंग वर्क इस बीच, केरलम और नगालैंड में हाउसलिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस का फील्ड सर्वे जारी है। यह 30 जुलाई तक चलेगा। जिन परिवारों ने सेल्फ-एन्यूमरेशन का विकल्प नहीं चुना है, उन्हें गणनाकर्मी घर-घर जाकर कवर करेंगे। हाउसलिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस के दौरान घर-परिवार का विवरण, सुविधाएं और संपत्तियों से जुड़ी जानकारी 33 सवालों के जरिए इकट्‌ठा की जा रही है। गृह मंत्रालय का कहना है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत जुटाई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी। इनका इस्तेमाल केवल स्टेटेटिक एनालिसिस और डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए किया जाएगा।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनजोत कालरा श्रीलंका में गिरफ्तार:खिलाड़ी को रिश्वत देने का आरोप, 2018 अंडर-19 फाइनल में शतक लगाया था

पूर्व भारतीय अंडर-19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका में गिरफ्तार किया गया है। उन पर लंका प्रीमियर लीग (LPL) में एक खिलाड़ी को रिश्वत देने का आरोप लगा है। कालरा LPL की टीम जाफना किंग्स के को-ऑनर हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी टूर्नामेंट के छठे सीजन की शुरुआत से कुछ घंटे पहले की गई। 27 साल के कालरा को खेल से जुड़े अपराधों की जांच करने वाली श्रीलंका पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने हिरासत में लिया। उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने 31 जुलाई तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस मामले में उनके सहयोगी युवराज पुष्पा को भी गिरफ्तार किया गया है। श्रीलंकाई खिलाड़ियों की शिकायत के बाद कार्रवाई श्रीलंकाई पुलिस के अनुसार, कालरा पर लंका प्रीमियर लीग से जुड़े एक खिलाड़ी को पैसों का लालच देने का आरोप है। जांच एजेंसियों ने बताया कि संबंधित खिलाड़ी ने करीब 10 दिन पहले हुई इस कथित पेशकश की जानकारी अधिकारियों को दी थी। कोर्ट में बताया गया कि इस मामले की शिकायत भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो, दुनिथ वेलालागे और दो अन्य खिलाड़ियों ने दर्ज कराई है। टूर्नामेंट के पहले दिन हुई गिरफ्तारी गिरफ्तारी ऐसे समय हुई, जब कोलंबो के SSC ग्राउंड्स में जाफना किंग्स और गाले गैलेंट्स के बीच LPL 2026 का ओपनिंग मैच खेला जाना था। पांच टीमों वाला यह टूर्नामेंट 24 मैचों का है और 8 अगस्त तक चलेगा। इसी साल इससे पहले भी एक अन्य फ्रेंचाइजी मालिक को रिश्वत के आरोप मे सजा सुनाई जा चुकी है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगा। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाया मनजोत कालरा 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की खिताबी जीत के हीरो रहे थे। न्यूजीलैंड के माउंट माउंगानुई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए फाइनल में उन्होंने नाबाद 101 रन बनाए थे। भारत ने 217 रन का लक्ष्य 38.5 ओवर में हासिल कर चौथी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था। उस टीम के कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान पृथ्वी शॉ थे, जबकि शुभमन गिल, शिवम मावी, कमलेश नागरकोटी और इशान पोरेल भी उसी टीम का हिस्सा थे। IPL और घरेलू क्रिकेट में नहीं मिला मौका अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद IPL 2018 के ऑक्शन में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। उन्होंने दिल्ली के लिए फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी-20 क्रिकेट भी खेला। —————
स्पोर्ट्स से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
क्या कोहली और गंभीर के बीच बातचीत बंद है, दावा- ट्रेनिंग में दूर-दूर दिखे इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच अनबन की अटकलें हैं। इन अटकलों को टाइम्स नॉउ न्यूज की रिपोर्ट ने हवा दी है, जिसमें दावा किया गया है कि कोहली और गंभीर के बीच बातचीत नहीं हो रही है। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे आज बर्मिंघम में है। पढ़ें पूरी खबर

3000 जिलेटिन छड़ और 7500 मीटर डेटोनेटिंग कॉर्ड जब्त:सरमथुरा पुलिस ने वोल्वो से पकड़ी विस्फोटक सामग्री, ड्राइवर फरार

धौलपुर जिले की सरमथुरा थाना पुलिस ने अवैध विस्फोटक सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक वोल्वो वाहन से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान वाहन ड्राइवर पुलिस को देखकर जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर खुद्दिरा पुल, नादनपुर रोड पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध वोल्वो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही ड्राइवर ने वाहन को पीछे मोड़ा और बाद में उसे छोड़कर उबड़-खाबड़ रास्ते से जंगल की ओर भाग निकला। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 3000 जिलेटिन छड़ (15 कट्टे), 7500 मीटर डेटोनेटिंग कॉर्ड (5 कट्टे), 366 मीटर सेफ्टी फ्यूज (काली बत्ती) और 10 डेटोनेटर (सिल्वर टोपी) मिले। पुलिस ने एक मोबाइल फोन और वोल्वो वाहन भी जब्त किया है। सरमथुरा पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार ड्राइवर और वाहन मालिक की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कैलाशचंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

NEET में झुंझुनूं के स्टूडेंट्स ने हासिल की सफलता:सच हुआ डॉक्टर बनने का सपना, पेपर लीक के टेंशन को पछाड़कर बने विजेता

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। झुंझुनूं के प्रतिभावान स्टूडेंट्स ने कठिन चुनौतियों और परीक्षा की अनिश्चितताओं को पीछे छोड़ते हुए शानदार सफलता हासिल की है। इन बच्चों की मेहनत ने न केवल उनके परिवारों का सिर गर्व से ऊंचा किया है, बल्कि जिले के लिए भी नई मिसाल पेश की है। अब पढ़िए संघर्ष और सफलता की कहानियां… ​नीट में शाहीना बानो, भवानी शंक, सौम्या और तरन्नुम खान ने अपने जुनून, संघर्ष, मेहनत और लगातार घंटो पढ़ाई से सफलता हासिल की है। संघर्ष और दृढ़ संकल्प की मिसाल ​शाहीना ने बताया- इस बार की NEET परीक्षा उनके लिए एक चुनौतीपूर्ण सफर रही। तीन मई को हुई पहली परीक्षा में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 672 अंक हासिल किए थे, लेकिन पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई। शाहीना ने बताया कि इस खबर से उनका मनोबल टूट गया था, लेकिन परिवार ने उन्हें इस कठिन समय में अटूट समर्थन दिया। हिम्मत हारने के बजाय, शाहीना ने फिर से तैयारी शुरू की और सीकर जाकर एक महीने तक कड़ी मेहनत की। इसके बाद, री-नीट (re-NEET) परीक्षा में भी उन्होंने अपनी काबिलियत साबित करते हुए 600 अंक हासिल किए और 10,000 के भीतर रैंक सुरक्षित की। ​सफलता का जिक्र करते हुए छलके आंसू ​अपनी सफलता का श्रेय पिता को देते हुए शाहीना भावुक हो गईं। उन्होंने कहा- उनके डॉक्टर बनने का सपना उनके पिता का सपना है। परिवार का अटूट साथ ही उनकी सफलता की असली वजह है। शाहीना ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा- “मैं आज जो कुछ भी हूं, सिर्फ अपने परिवार की वजह से हूं।” शाहीना के पिता आरिफ और अन्य परिजन भी इस उपलब्धि पर भावुक नजर आए, उनकी आंखों में बेटी की सफलता पर गर्व के आंसू थे। सकारात्मक सोच सबसे बड़ी ताकत ​झुंझुनूं के भवानी शंकर और सौम्या ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। भवानी ने 662 अंक प्राप्त कर 789वीं ऑल इंडिया रैंक (AIR) हासिल की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा- सकारात्मक दृष्टिकोण ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही। वहीं, सौम्या ने 661 अंकों के साथ 837वीं ऑल इंडिया रैंक (AIR) प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार के अटूट समर्थन को दिया। ​तरन्नुम खान ने माता-पिता को सफलता का श्रेय दिया ​झुंझुनूं की बेटी तरन्नुम खान ने नीट यूजी में सफलता हासिल कर अपने परिवार और खानदान का नाम रोशन किया है। यह सफलता उनके लिए एक भावुक पल है। तरन्नुम ने बताया- उनके दादा मरहूम नेताजी अलीमद्दीन खान पहाड़ियांन का सपना था कि डॉक्टर बने। पिता याकूब खान पहाड़ियांन ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा- उनके परिवार के लिए यह गौरव का क्षण है कि उनके खानदान डॉक्टर बनने जा रही है।

रिलायंस का मुनाफा सालाना 22% घटकर ₹20,946 करोड़:पिछली तिमाही से 23% ज्यादा रहा; पहली तिमाही में रेवेन्यू 25% बढ़कर ₹3.11 लाख करोड़ पहुंचा

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 22.40% घटकर 20,946 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की समान तिमाही में मुनाफा ₹26,994 करोड़ था। हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 23% बढ़ा है। पिछली तिमाही यानी वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी को 16,971 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। कंपनी का रेवेन्यू 25% बढ़कर 3.11 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही यानी अप्रैल-जून 2026 में यह 2.48 लाख करोड़ रुपए रहा था। वहीं तिमाही आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 4% घटा है। पिछली तिमाही में रेवेन्यू 3.25 लाख करोड़ रुपए था। इस साल अब तक 10% गिरा रिलायंस का शेयर शुक्रवार को FY27 की पहली तिमाही के नतीजों से पहले रिलायंस का शेयर 2.48% बढ़कर 1,328 रुपए पर बंद हुआ। बीते 5 दिन में कंपनी का शेयर 2% चढ़ा है। इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक शेयर 15% गिरा है। वहीं एक साल में 10% गिरा है। रिलायंस का मार्केट कैप 17.95 लाख करोड़ रुपए है। भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर कंपनी है रिलायंस रिलायंस भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर कंपनी है। ये अभी हाइड्रोकार्बन एक्सप्लोरेशन और प्रोडक्शन, पेट्रोलियम रिफाइनिंग और मार्केटिंग, पेट्रोकेमिकल्स, एडवांस मटेरियल और कंपोजिट, रिन्यूएबल एनर्जी, डिजिटल सर्विस और रिटेल सेक्टर में काम करती है। ये खबर भी पढ़ें… देश में जल्द चलेंगे प्लास्टिक-नोट, RBI ने जारी किया टेंडर: ₹10 और ₹20 के नोटों से शुरू होगा ट्रायल, 2027 में फुल-स्केल लॉन्च की उम्मीद रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जल्द ही देश में प्लास्टिक यानी पॉलीमर से बने नोटों का पहला पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह देश में नए जनरेशन की करेंसी लाने की RBI के प्लान का अगला कदम है। पूरी खबर पढ़ें…

15.24 करोड़ की लागत से बदला डीग रेलवे स्टेशन:पीएम मोदी ने किया लोकार्पण, यात्रियों को मिलेगी बेहतर और सुगम यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। राजस्थान के आठ स्टेशनों में शामिल डीग रेलवे स्टेशन का करीब 15.24 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास किया गया है। आधुनिक यात्री सुविधाओं, दिव्यांग अनुकूल व्यवस्थाओं और स्थानीय स्थापत्य की झलक से सुसज्जित यह स्टेशन अब क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति देने के साथ यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा। लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी डीग में आयोजित लोकार्पण समारोह में राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बैडम मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवानी राहीमा, स्वतंत्रता सेनानी हुकम चंद सैनी और रामजी लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। यात्रियों को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन पर नया स्टेशन भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही पेयजल, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिलेगा। स्थानीय विरासत के अनुरूप हुआ सौंदर्यीकरण स्टेशन के पुनर्विकास में डीग की स्थानीय संस्कृति और स्थापत्य कला को विशेष महत्व दिया गया है। स्टेशन भवन के फसाड और सौंदर्यीकरण में क्षेत्रीय विरासत की झलक दिखाई देती है, जिससे स्टेशन को आधुनिकता के साथ स्थानीय पहचान भी मिली है। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था स्टेशन को सभी यात्रियों के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, लो-हाइट टिकट काउंटर और सुगम प्रवेश मार्ग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन व्यवस्थाओं से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी।
पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, कृषि गतिविधियों, रोजगार और क्षेत्रीय संपर्क को नई मजबूती देगा। आधुनिक स्टेशन बनने से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और डीग को रेल नेटवर्क के माध्यम से विकास की नई संभावनाएं मिलेंगी।

शिक्षा विभाग अब ट्रांसफर के लिए लेगा परिवेदनाएं:एकल-विधवा, असाध्य बीमारियों के मामले में टीचर्स लगा सकेंगे गुहार

शिक्षा विभाग में 19 जून से 10 जुलाई तक टीचर्स के तबादले हुए। इसके बाद कुछ खास मामलों में अब शिक्षा विभाग ट्रांसफर की परिवेदनाएं स्वीकार करेगा। तबादले को लेकर जिन टीचर्स को आपत्ति है, वे परिवेदना लगा सकेंगे। इस आधार पर राहत देने के लिए निदेशालय ने अलग-अलग कमेटियों का गठन किया है। इन कमेटियों को ट्रांसफर में राहत देने का अधिकार होगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने स्थानांतरण आदेशों से संबंधित परिवेदनाओं (आपत्तियों) की जल्दी जांच और निपटारे के लिए निदेशालय और संभाग स्तर पर समितियों का गठन किया है। यह आदेश प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से ट्रांसफर पर लगी रोक में 19 जून से 10 जुलाई 2026 तक दी गई छूट के दौरान जारी ट्रांसफर ऑर्डर के संदर्भ में जारी किया गया है। इनकी होगी सुनवाई निदेशक की ओर से जारी आदेश के अनुसार एकल महिला, विधवा, मेडिकल बोर्ड से प्रमाणित गंभीर और असाध्य रोगों जैसे कैंसर, मस्तिष्क, हृदय, फेफड़े, किडनी आदि से पीड़ित, दिव्यांग कार्मिक, दीर्घावधि सेवाकाल और सरकारी सेवा में कार्यरत पति-पत्नी के मामलों से जुड़ी परिवेदनाओं की सुनवाई निर्धारित समितियां करेंगी। दो स्तर पर गठित हुई समितियां

टीचर ने खुद तबादला करवाया, बच्चों ने किया प्रदर्शन:स्कूल पर ताला लगाया, हमारे टीचर को वापस लाओ के नारे लगाए

सलूंबर जिले के वीरवा गांव की राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के स्टूडेंट्स ने स्कूल पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। बच्चे स्कूल के टीचर का ट्रांसफर करने का विरोध कर रहे हैं। हालांकि टीचर ने स्वैच्छिक ट्रांसफर लिया है, लेकिन बच्चों ने टीचर को वापस स्कूल में लाने की मांग की। टीचर को वापस लाओं के नारे लगाए ग्रामीणों ने बताया-टीचर हितपाल सिंह के मार्गदर्शन में छात्रों का शैक्षणिक स्तर सुधरा है। उनका ट्रांसफर बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा। बच्चों ने हमारे टीचर को वापस लाओ के नारे लगाए। सड़क पर प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए स्थानीय मार्ग पर यातायात भी बाधित हुआ। स्कूल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से शांति बनाए रखने और पढ़ाई बाधित न करने की अपील की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले को नियमानुसार उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा। टीचर बोले-10 साल में बच्चों से आत्मीय संबंध बना बच्चों के प्रदर्शन के बाद टीचर हितपाल सिंह ने बताया- मैंने 19 अगस्त 2016 को इस स्कूल में कार्यभार ग्रहण किया था। तब से लेकर अब तक उनका विद्यार्थियों के साथ बेहद आत्मीय रिश्ता रहा और बच्चों का उनसे विशेष लगाव बन गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें 5 सितंबर 2024 को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया गया था। स्कूल में आवश्यकता के अनुसार उन्होंने अपने निर्धारित विषय के अलावा अन्य विषय भी पढ़ाकर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी। हितपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण पूरी तरह उनकी स्वैच्छिक इच्छा पर हुआ है। जब विभाग ने स्वैच्छिक स्थानांतरण के लिए आवेदन मांगे थे, तब उन्होंने नियमानुसार स्वयं आवेदन किया था और अपनी इच्छा के अनुसार स्थानांतरण का विकल्प भरा था। विभाग द्वारा उसी आवेदन के आधार पर उनका स्थानांतरण किया गया है।

नगर परिषद टीम ने हटाए शहर में अतिक्रमण:चांग गेट से श्रम विभाग ऑफिस तक चली कार्रवाई, सड़क पर व्यापार कर रहे लोगों को हटाया

नगर परिषद ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत चांग गेट से श्रम विभाग कार्यालय तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर बैठकर व्यापार कर रहे लोगों को हटाया गया। उन्हें भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने की समझाइश दी गई। नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों और व्यापारियों को बताया कि सड़क पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है और आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर परिषद के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा दोबारा सड़क या सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण किया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। परिषद ने नागरिकों से भी सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

राजस्थान हाईकोर्ट में स्टेनोग्राफर के 163 पदों पर होगी भर्ती:22 जुलाई से आवेदन शुरू; 12वीं पास उम्मीदवार कर सकेंगे अप्लाई

राजस्थान हाईकोर्ट में 163 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इसके लिए उम्मीदवार 22 जुलाई से 10 अगस्त तक जोधपुर हाईकोर्ट की ऑफिशल वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जिला न्यायालयों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों (स्थायी लोक अदालतों सहित) में स्टेनोग्राफर ग्रेड-III (हिंदी-अंग्रेजी) और स्टेनोग्राफर ग्रेड-II (हिंदी) पदों पर राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर ने आवेदन मांगे हैं। स्टेनोग्राफर ग्रेड-III (अंग्रेजी) के 141 पद, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III (हिंदी) के 13 पद, जबकि स्टेनोग्राफर ग्रेड-II (हिंदी) के 9 पद भरे जाएंगे। जानें कौन कर सकता है आवेदन आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (कला, विज्ञान या वाणिज्य) पास होना जरूरी है। साथ ही देवनागरी लिपि में हिंदी लिखने के साथ ही राजस्थानी बोलियों का सामान्य ज्ञान होना चाहिए। कंप्यूटर योग्यता के रूप में अभ्यर्थी के पास RSCIT, O Level, COPA, DPCS, कंप्यूटर साइंस या कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डिप्लोमा, 12वीं में कंप्यूटर साइंस विषय या समकक्ष मान्य कंप्यूटर योग्यता होना अनिवार्य है। सिलेक्शन के समय अभ्यर्थी को मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। सिलेक्ट होने पर अभ्यर्थियों को प्रोबेशन पीरियड के दौरान 23 हजार 700 रुपए हर महीने मिलेंगे। वहीं प्रोबेशन पूरा होने के बाद नियमित नियुक्ति पर पे-मैट्रिक्स लेवल-10 (33,800 से 1,06,700 रुपए) के अनुसार सैलरी और अन्य सरकारी सुविधाएं मिलेंगी। आवेदन के लिए फीस सामान्य वर्ग, ओबीसी (क्रीमी लेयर), एमबीसी (क्रीमी लेयर) और अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन फीस 750 रुपए निर्धारित है। राजस्थान के ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), एमबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपए आवेदन फीस देनी होगी। वहीं राजस्थान के अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), दिव्यांगजन, पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 450 रुपए रखा गया है। तीन फेज में होगा सिलेक्शन प्रोसेस भर्ती प्रक्रिया तीन फेज में पूरी होगी। सबसे पहले अभ्यर्थियों की शॉर्टहैंड परीक्षा होगी। आवेदन किए गए पद के अनुसार अंग्रेजी या हिंदी स्टेनोग्राफी टेस्ट देना होगा। इसके बाद सभी अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर टेस्ट होगा, जिसमें स्पीड टेस्ट और दक्षता परीक्षण शामिल रहेगा। इन दोनों चरणों में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। फाइनल सिलेक्शन शॉर्ट सर्किट हैंड टेस्ट, कंप्यूटर दक्षता, इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन मेडिकल परीक्षण के बाद किया जाएगा। ऐसे करें आवेदन राजस्थान हाईकोर्ट स्टेनोग्राफर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान अपनी पर्सनल जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करने होंगे।