ब्रेकिंग न्यूज़
राजस्थान हाईकोर्ट ने रद्द किया पाली कोर्ट का फैसला:कहा- कानूनी प्रतिनिधियों को शामिल किए बिना मुकदमा स्वतः समाप्त

हाईकोर्ट ने पाली के एक सिविल विवाद में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए ट्रायल कोर्ट द्वारा पारित एक डिक्री को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने यह कार्रवाई इसलिए की क्योंकि यह डिक्री मुकदमे के एकमात्र वादी की मृत्यु के बाद, उसके कानूनी प्रतिनिधियों को पक्षकार बनाए बिना ही पारित कर दी गई थी। इस फैसले के साथ ही, डिक्री के आधार पर शुरू की गई निष्पादन कार्यवाही भी स्वतः रद्द हो गई है। यह मामला पाली के रोहट क्षेत्र निवासी कालूराम की अपील से जुड़ा है। अपील में बताया गया कि अतिरिक्त जिला न्यायाधीश, पाली ने 30 अप्रैल 2025 को लाला राम के पक्ष में एकपक्षीय डिक्री पारित की थी, जबकि लाला राम की मृत्यु 26 मई 2023 को ही हो चुकी थी। अपील में यह भी बताया गया कि लाला राम की मृत्यु के बावजूद, उनके कानूनी प्रतिनिधियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिकॉर्ड पर नहीं लाया गया। इसके लिए न तो देरी माफी का आवेदन किया गया और न ही मुकदमे की समाप्ति को रद्द करने के लिए कोई अर्जी दी गई। जस्टिस फरजंद अली ने अपने फैसले में कहा- सिविल प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) के ऑर्डर 22 के तहत निर्धारित अवधि में कानूनी प्रतिनिधियों को रिकॉर्ड पर नहीं लाने से मुकदमा स्वतः समाप्त हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुकदमे को कानूनी रूप से बहाल किए बिना ट्रायल कोर्ट आगे की कार्यवाही नहीं कर सकता। हाईकोर्ट ने कालूराम की अपील को स्वीकार करते हुए ट्रायल कोर्ट द्वारा पारित डिक्री और उससे जुड़ी निष्पादन कार्यवाही को रद्द कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने कानूनी प्रतिनिधियों को कानून के तहत उपलब्ध अन्य कानूनी उपाय अपनाने की स्वतंत्रता दी है।

सीएलजी की बैठक में छेड़छाड़ की घटनाओं का मुद्दा उठा:बाड़ी रेलवे स्टेशन, धनोरा रोड, कृषि उपज मंडी में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग

बाड़ी के कोतवाली थाने में मंगलवार को सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) सदस्यों की बैठक हुई। इसमें बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार और थाना एसआई भागवत सिंह मौजूद रहे। नए एसआई भागवत सिंह ने सदस्यों से परिचय किया और शहर से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। छेड़छाड़ की घटनाओं का मुद्दा उठा
सीएलजी सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि शहर में छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। किला गेट से पुराना बाजार क्षेत्र इन घटनाओं का मुख्य केंद्र बन गया है। सदस्यों ने शिकायत की कि यह समस्या कई बार उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। इसके अलावा,आबकारी विभाग की अनदेखी के कारण शहर में अवैध शराब की बिक्री हो रही है। अनाधिकृत दुकानों पर शराब बेची जा रही है। साथ ही, लाइसेंसधारी दुकानों पर भी तय समय से अधिक समय तक शराब बेची जा रही है। सदस्यों ने पुलिस से अपराध नियंत्रण के लिए गश्त व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। उन्होंने रेलवे स्टेशन, धनोरा रोड, कृषि उपज मंडी सहित विभिन्न स्थानों पर सुबह-शाम पुलिस निगरानी बढ़ाने का भी आग्रह किया। पुलिस अधिकारियों ने सदस्यों को आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीएलजी सदस्य एडवोकेट जितेंद्र सिंह चौहान, विष्णु महेरे, रशीद खान, वीरेंद्र यादव, जगदीश जगरिया, मंगल सिंह कुशवाहा, नईम खान, पप्पू अग्रवाल, सतीश प्रजापति, लखना यादव, अनिल गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

जयपुर जिला अदालत को मिलेगी नई मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग:हाईकोर्ट ने सरकार से पूछा- क्या काम चलने तक होटल अशोका में शिफ्ट हो सकती है कोर्ट?

जयपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में ही मौजूदा भवन की जगह नई मल्टी-स्टोरी (बहुमंजिला) बिल्डिंग बनेगी। इसकी जानकारी आज हाईकोर्ट में राज्य सरकार की ओर से दी गई। महाधिवक्ता (एजी) राजेन्द्र प्रसाद ने कोर्ट को बताया कि मौजूदा कोर्ट परिसर में ही महानगर प्रथम और एमएसीटी कोर्ट की बिल्डिंग की जगह मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग बनाने की प्लानिंग की जा रही है।
इस पर कोर्ट ने कहा कि नई बिल्डिंग बनने में करीब दो साल का समय लगेगा। तब तक क्या कोर्ट परिसर के सामने स्थित होटल अशोका में कोर्ट संचालित की जा सकती है? कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा और जस्टिस भुवन गोयल की खंडपीठ ने यह आदेश दीन दयाल खंडेलवाल की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। अब मामले की अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी।
सरकार ने शहर से दूर जमीन चिन्हिंत की थी
इससे पहले सरकार ने कोर्ट में जानकारी दी थी कि सैशन कोर्ट के लिए सीकर रोड पर नींदड़ में सौ बीघा और अजमेर रोड पर गांव पीपला भगतसिंह में कोर्ट के लिए जमीन चिन्हिंत की गई हैं। इस पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को सुझाव दिया था कि मौजूदा जगह से अगर कोर्ट को दूर भेजा गया तो पक्षकारों को काफी समस्या होगी। ऐसे में मौजूदा जगह पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाने पर विचार किया जाना चाहिए। वहीं बेसमेंट पार्किंग बनाकर वाहनों के पार्क करने की समस्या का हल भी निकाला जा सकता हैं। इस पर सरकार ने जवाब देने के लिए समय मांगा था। जनहित याचिका में कहा गया था कि कोर्ट परिसर में जगह कम होने से यहां आने वाले वकीलों, पक्षकारों और न्यायिक अधिकारियों के साथ ही न्यायिक कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता हैं।

उदयपुर में सड़क पर उतरे कांग्रेसी, पुतला फूंका:बलीचा चौराहे पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा

नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और राजनीतिक दलों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर बुधवार को उदयपुर ग्रामीण विधानसभा के गिर्वा और हिरणमंगरी ब्लॉक कांग्रेस के बैनर तले बलीचा चौराहे पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों और ढुलमुल रवैये पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने कहा- नीट पेपर लीक जैसी गंभीर घटना ने देश के लाखों मेहनती छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। इतनी बड़ी धांधली के बावजूद केंद्र सरकार मुख्य दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने में पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस ने मांग की कि इस खिलवाड़ की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें। पुलिस ने डॉ. विवेक कटारा सहित कई नेताओं को किया गिरफ्तार प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ सदस्य और राष्ट्रीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. विवेक कटारा कर रहे थे। बलीचा चौराहे पर चक्काजाम की स्थिति और उग्र प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। माहौल को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने डॉ. विवेक कटारा सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन पुलिस की इस कार्रवाई के बावजूद कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक असली गुनाहगारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह आंदोलन सड़कों पर जारी रहेगा। इस दौरान पूर्व विधायक सज्जन कटारा, गिर्वा ब्लॉक अध्यक्ष ओनार सिंह सिसोदिया, हिरणमंगरी ब्लॉक अध्यक्ष कमल डांगी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

23 जुलाई का राशिफल:मीन राशि वालों की बड़ी डील हो सकती है, मकर राशि वालों को विदेश से जुड़ी खुशखबरी मिल सकती है

गुरुवार, 23 जुलाई को मीन राशि वालों की बड़ी बिजनेस डील हो सकती है और रुका हुआ पैसा मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मकर राशि वालों को विदेश जाने से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है। कर्क राशि के लोगों को पुराने निवेश से अच्छा फायदा होगा। तुला राशि वालों की इनकम बेहतर होगी। कुंभ राशि के नौकरीपेशा लोगों को महत्वपूर्ण अधिकार या जिम्मेदारी मिल सकती है। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- घर की सुविधा से जुड़ी कोई खास चीज खरीद सकते हैं। रिश्तेदारों से मुलाकात होने पर खुशी मिलेगी। बातचीत के दौरान कई काम की जानकारियां भी मिलेंगी। युवा पूरे जोश के साथ अपने भविष्य से जुड़े कामों पर ध्यान दें। मेहनत के अच्छे नतीजे मिलने की संभावना है।
नेगेटिव- आपके सीधे और सरल स्वभाव का कुछ लोग गलत फायदा उठा सकते हैं। अनजान लोगों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा न करें। किसी फैसले को लेकर बहुत ज्यादा सोचने में समय बर्बाद न करें। संतान से जुड़ी समस्या का समाधान परिवार के लोगों से बातचीत करके मिल सकता है। व्यवसाय- बिजनेस में चल रही परेशानियों का समाधान मिलेगा। काम की रफ्तार बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति कुछ बेहतर होगी। नौकरी या बिजनेस करने वाली महिलाओं को घर और काम के बीच तालमेल बनाने में दिक्कत होगी। सरकारी नौकरी में किसी मामले की जांच हो सकती है।
लव- पति-पत्नी के बीच अच्छा तालमेल और प्यार बना रहेगा। प्रेम संबंधों में भी नजदीकियां बढ़ेंगी।
स्वास्थ्य- संक्रमण, खांसी या जुकाम की परेशानी हो सकती है। ज्यादा प्रदूषण और भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 3 वृष – पॉजिटिव- समय आपके पक्ष में है। किसी मुश्किल काम में अचानक मदद मिल सकती है। आपकी काम करने की क्षमता और समझदारी की तारीफ होगी। रिश्तेदारों और पड़ोसियों के साथ मिलने-जुलने का मौका मिलेगा। रचनात्मक कामों में भी समय बीतेगा।
नेगेटिव- विरोधियों की गतिविधियों को नजरअंदाज न करें। कोई आपके खिलाफ चाल चल सकता है। गलत सोच रखने वाले लोगों से दूरी रखें। घर के बड़े लोगों की सलाह को महत्व दें। व्यवसाय- बिजनेस में ज्यादा मेहनत करनी होगी, लेकिन मन मुताबिक नतीजे भी मिलेंगे। राजनीति और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ेंगे। नए लोगों के साथ कारोबार करते समय सावधानी रखें। किसी गलत या नियमों के खिलाफ काम से दूर रहें।
लव- जीवनसाथी और परिवार के लोग घर की जिम्मेदारियां निभाने में पूरा सहयोग देंगे। प्रेम संबंध मर्यादा में बने रहेंगे।
स्वास्थ्य- सेहत में छोटे-मोटे बदलाव रहेंगे। थोड़ी सावधानी रखने से परेशानी से बच सकते हैं।
भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 6 मिथुन – पॉजिटिव- दिनभर व्यस्तता रहेगी। योजना बनाकर काम करने से सफलता मिलेगी। आपका ज्यादातर ध्यान निजी और पारिवारिक कामों पर रहेगा। घर के बड़े सदस्य से उपहार मिल सकता है।
नेगेटिव- बिना जांचे-परखे किसी पर भरोसा न करें। अपनी योग्यता पर विश्वास रखकर फैसला लें। करीबी रिश्तेदारों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना आपकी जिम्मेदारी होगी। व्यवसाय- बिजनेस को बढ़ाने से जुड़े काम शुरू होंगे। आज मार्केटिंग के काम टालना बेहतर होगा, क्योंकि कार्यस्थल पर आपकी मौजूदगी जरूरी है। पार्टनरशिप से जुड़ा फैसला लेने के लिए समय अच्छा है। स्टाफ और कर्मचारियों के काम पर नजर रखें।
लव- परिवार के लोगों के लिए भी समय निकालें। इससे घर में प्यार और अच्छा तालमेल बना रहेगा। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी।
स्वास्थ्य- यूरिन इन्फेक्शन जैसी परेशानी हो सकती है। पर्याप्त पानी और दूसरे तरल पदार्थ लें। साफ-सफाई का खास ध्यान रखें।
भाग्यशाली रंग- गहरा पीला, भाग्यशाली अंक- 2 कर्क – पॉजिटिव- दिन काफी व्यस्त रहेगा। अपनी परेशानियों को कुछ समय के लिए अलग रखकर काम पर ध्यान देने से सफलता मिलेगी। सकारात्मक सोच के कारण मुश्किल हालात में भी अपना काम पूरा कर लेंगे। पुश्तैनी संपत्ति से जुड़ा मामला आपकी कोशिशों से सुलझ सकता है।
नेगेटिव- पड़ोसी या किराएदार से विवाद न बढ़ाएं। गुस्से के कारण स्थिति बिगड़ सकती है। घर के अनुभवी लोगों की सलाह मानने से कई परेशानियों से बच जाएंगे। विद्यार्थी पढ़ाई को लेकर लापरवाही न करें। व्यवसाय- बिजनेस में नया काम शुरू करने के लिए समय ठीक नहीं है। पहले किए गए निवेश से अच्छा फायदा मिल सकता है। मीडिया और ऑनलाइन कामों से जुड़ी नई जानकारी हासिल करें। ऑफिस में बॉस की सलाह पर ध्यान दें।
लव- पति-पत्नी छोटी नकारात्मक बातों को नजरअंदाज करें। इससे रिश्ते बेहतर होंगे। प्रेम संबंधों में गंभीरता बनी रहेगी।
स्वास्थ्य- नसों में खिंचाव और दर्द बढ़ सकता है। योग और हल्की एक्सरसाइज पर ध्यान दें।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 1 सिंह – पॉजिटिव- पुश्तैनी संपत्ति से जुड़ा मामला चल रहा है, तो उसे सुलझाने में किसी की मदद मिलेगी। मेहनत के साथ किस्मत का भी साथ मिलेगा। नए कामों की योजना बनेगी। खास लोगों से मुलाकात फायदेमंद रहेगी।
नेगेटिव- करीबी रिश्तेदार की कड़वी बात आपको दुखी कर सकती है। छोटी बातों को नजरअंदाज करना बेहतर होगा। अपनी योजनाएं सभी के साथ शेयर न करें, वरना कोई उनका गलत फायदा उठा सकता है। पैसों का लेन-देन सावधानी से करें। व्यवसाय- बिजनेस के सभी महत्वपूर्ण काम अपनी निगरानी में करवाएं। स्टाफ या कर्मचारियों के भरोसे काम छोड़ने से नुकसान हो सकता है। किसी गैरकानूनी काम में शामिल न हों। जांच या जुर्माने की स्थिति बन सकती है।
लव- परिवार के साथ मनोरंजन की योजना बनाने से घर का माहौल खुशनुमा होगा। प्रेम संबंधों में चल रही नाराजगी दूर होगी।
स्वास्थ्य- ज्यादा भागदौड़ के कारण थकान और सिरदर्द हो सकता है। कुछ समय खुली हवा और हरियाली के बीच बिताने से ताजगी मिलेगी।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 5 कन्या – पॉजिटिव- किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलेगा। घर में शांत माहौल रहेगा। अनुभवी लोगों का साथ और सहयोग आपकी छवि बेहतर बनाएगा। दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात सुखद रहेगी।
नेगेटिव- विवाद या सरकारी मामला सुलझाते समय किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह लेकर ही आगे बढ़ें। इलेक्ट्रॉनिक सामान या वाहन खराब होने से बड़ा खर्च सामने आ सकता है। खर्च पूरा करने के लिए उधार लेने से बचें। व्यवसाय- बिजनेस में अचानक कोई रुकावट आ सकती है। हिम्मत न हारें और आत्मविश्वास बनाए रखें। समय के साथ समस्या का समाधान भी मिल जाएगा। नौकरीपेशा लोग बड़े अधिकारियों के साथ बहस न करें और अपना काम समय पर पूरा करें।
लव- परिवार के साथ हंसी-मजाक और मनोरंजन में अच्छा समय बीतेगा। लव पार्टनर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जाने का मौका मिल सकता है।
स्वास्थ्य- मौसम के अनुसार खानपान न रखने से पेट की परेशानी हो सकती है। अपनी खाने की आदतों में सुधार करें।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 7 तुला – पॉजिटिव- कई तरह के कामों में दिन बीतेगा। जीवनशैली में बदलाव लाने की योजना बनाएंगे। इन बदलावों से आपका व्यक्तित्व ज्यादा प्रभावशाली बनेगा। संतान की उपलब्धि से खुशी और संतुष्टि मिलेगी।
नेगेटिव- इस समय मेहनत करना जरूरी है। युवा मौज-मस्ती में ज्यादा समय बर्बाद न करें। तरक्की के लिए व्यवहार में समझदारी और गंभीरता लाएं। गैरकानूनी मामलों से दूर रहें। खर्च करते समय बजट का ध्यान रखें। व्यवसाय- बिजनेस की व्यवस्था में सुधार आएगा और इनकम बेहतर होगी। कर्मचारियों और सहयोगियों की मदद से काम अच्छे तरीके से पूरे होंगे। पार्टनरशिप के बिजनेस में किसी प्रोजेक्ट को लेकर सहयोगी से बहस हो सकती है।
लव- जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। परिवार में किसी शुभ काम की योजना भी बन सकती है।
स्वास्थ्य- मौसम के अनुसार भोजन और दिनचर्या रखें। नियमित एक्सरसाइज और योग करें। भारी, तला हुआ और मसालेदार खाना लेने से पेट खराब हो सकता है।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 2 वृश्चिक – पॉजिटिव- रुकी हुई पेमेंट मांगने पर थोड़ी-थोड़ी करके मिल सकती है। इससे आर्थिक स्थिति कुछ बेहतर होगी। समाज से जुड़े कामों में बदलाव लाने के लिए किसी संस्था का सहयोग करेंगे। वहां आपकी मौजूदगी को सम्मान मिलेगा।
नेगेटिव- दोस्त या रिश्तेदार के साथ चल रहे विवाद को समझदारी से सुलझाएं। गुस्से और जल्दबाजी की आदत में सुधार करें। ऐसा न करने पर नुकसान आपको ही होगा। व्यवसाय- बिजनेस में किस्मत का साथ मिलेगा और कई काम आसानी से पूरे होते जाएंगे। फिर भी जल्दबाजी न करें। धैर्य से काम पूरा करें। नौकरीपेशा लोगों को कोई खास जिम्मेदारी मिलने से काम का दबाव बढ़ेगा।
लव- पारिवारिक जिम्मेदारियां अच्छी तरह निभाएंगे। रिश्तों में नजदीकियां बनी रहेंगी।
स्वास्थ्य- व्यवस्थित दिनचर्या और अच्छी जीवनशैली के कारण सेहत ठीक रहेगी। शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता भी अच्छी रहेगी।
भाग्यशाली रंग- लाल, भाग्यशाली अंक- 3 धनु – पॉजिटिव- किसी अनुभवी और खास व्यक्ति से मुलाकात आपकी सोच में सकारात्मक बदलाव लाएगी। जीवन के कामों को करने का बेहतर तरीका समझ आएगा। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। किसी खास काम को लेकर की जा रही कोशिश सफल हो सकती है।
नेगेटिव- किसी मुद्दे पर बातचीत करते समय सही शब्द चुनें। कोई करीबी रिश्तेदार परेशानी का कारण बन सकता है। बेकार की बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस रखें। अनुभव न होने पर कोई बड़ी जिम्मेदारी न लें। व्यवसाय- बिजनेस में अचानक रुकावट आ सकती है। हिम्मत न हारें और आत्मविश्वास बनाए रखें। समय के साथ समस्या का समाधान मिल जाएगा। नौकरीपेशा लोग बड़े अधिकारियों के साथ बहस न करें और काम समय पर पूरा करें।
लव- घर में शांत और सुखद माहौल रहेगा। बच्चे भी अनुशासित रहेंगे और आपकी बात मानेंगे।
स्वास्थ्य- मौसम से जुड़ी हल्की परेशानी हो सकती है। थोड़ी सावधानी रखने से सेहत ठीक रहेगी।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 9 मकर – पॉजिटिव- दिन का ज्यादातर समय पारिवारिक जिम्मेदारियां पूरी करने में बीतेगा। रुका हुआ सरकारी काम किसी अधिकारी की मदद से सुलझ सकता है। विदेश जाने की कोशिश कर रहे लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है।
नेगेटिव- पैसों के लेन-देन में गलती हो सकती है, इसलिए लापरवाही न करें। बच्चों के साथ समय बिताने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। पड़ोसियों से विवाद करने पर तनाव और काम में रुकावट आ सकती है। व्यवसाय- बिजनेस सामान्य रहेगा। बहुत ज्यादा फायदे की उम्मीद न रखें, लेकिन जरूरतें पूरी होती रहेंगी। रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को अच्छा मुनाफा हो सकता है। सरकारी नौकरी कर रहे लोगों पर ज्यादा काम होने से तनाव रहेगा।
लव- पति-पत्नी के बीच प्यार बना रहेगा। प्रेम संबंधों में एक-दूसरे का सम्मान करने से रिश्ता मजबूत होगा।
स्वास्थ्य- मौसम के कारण गले में संक्रमण, खांसी या जुकाम हो सकता है। लापरवाही न करें और जरूरत होने पर डॉक्टर की सलाह लें।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 4 कुंभ – पॉजिटिव- पिछले कुछ समय से किसी काम को लेकर की गई मेहनत के अच्छे नतीजे मिलेंगे। आपकी योग्यता और प्रतिभा लोगों के सामने आएगी। विरोधियों पर जीत मिलेगी।
नेगेटिव- गुस्से पर काबू रखें और शांत रहकर काम पूरे करें। बहुत साफ और कड़े शब्दों में बात करने की आदत आपके लिए परेशानी पैदा कर सकती है। इससे कुछ रिश्ते भी खराब हो सकते हैं। आज यात्रा टालना बेहतर होगा। व्यवसाय- बिजनेस के काम व्यवस्थित रहेंगे। आज आप कार्यस्थल पर ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे, लेकिन स्टाफ और कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों को अपने पद से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण अधिकार या जिम्मेदारी मिल सकती है।
लव- परिवार के लोगों के बीच तालमेल की कमी आपको परेशान कर सकती है। युवा प्रेम संबंधों में जरूरत से ज्यादा समय बर्बाद न करें।
स्वास्थ्य- मौसम से जुड़ी बीमारियों से सावधान रहें। त्वचा संबंधी परेशानी हो सकती है।
भाग्यशाली रंग- क्रीम, भाग्यशाली अंक- 1 मीन – पॉजिटिव- घर में बदलाव से जुड़ी योजनाओं पर काम शुरू करने के लिए समय अच्छा है। रुका हुआ पैसा मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। युवाओं को करियर से जुड़ी कोशिशों में अच्छी खबर मिल सकती है।
नेगेटिव- अपनी निजी बातें किसी के साथ शेयर न करें। कोई करीबी दोस्त धोखा दे सकता है या पैसों का नुकसान करा सकता है। किसी समारोह में जाते समय अपने सामान का ध्यान खुद रखें। व्यवसाय- बिजनेस के काम बढ़ेंगे। कोई महत्वपूर्ण डील हो सकती है। मार्केटिंग से जुड़े काम कम मेहनत में पूरे हो जाएंगे। नौकरीपेशा लोगों के बड़े अधिकारियों से अच्छे संबंध फायदेमंद रहेंगे।
लव- जीवनसाथी और परिवार के लोगों की सलाह आपके लिए फायदेमंद रहेगी। मनोरंजन और मौज-मस्ती में अच्छा समय बीतेगा।
स्वास्थ्य- ज्यादा तनाव और मेहनत के कारण ब्लड प्रेशर से जुड़ी परेशानी हो सकती है। जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज लें।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 8

नीति आयोग के CEO बने अनुराग जैन:अशोक बर्णवाल एमपी के कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त; नई नियुक्ति तक प्रभार संभालेंगे

मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन को नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। अपॉइंटमेंट कमेटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) ने बुधवार शाम इसका आदेश जारी किया। वे पदभार ग्रहण करने की तारीख से दो वर्ष तक इस पोस्ट पर रहेंगे। इस आदेश के बाद मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने सीनियर आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल (बैच 1991) को अस्थायी तौर पर राज्य का नया कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक के लिए की गई है। 1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी अनुराग जैन को 3 अक्टूबर 2024 को मध्य प्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था। 2025 में रिटायरमेंट के बाद उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2026 को समाप्त हो रहा है। मध्य प्रदेश सरकार को 1 अक्टूबर से नए मुख्य सचिव की नियुक्ति करनी थी, लेकिन अब चयन प्रक्रिया जुलाई में ही पूरी किए जाने की संभावना है। राजौरा, गोविल और अग्रवाल की भी थी दावेदारी वर्तमान में मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अफसरों में मुख्य सचिव अनुराग जैन के बाद डॉ. राजेश कुमार राजौरा सबसे सीनियर हैं। इस लिहाज से मुख्य सचिव पद पर उनकी दावेदारी सबसे मजबूत थी। उनके अलावा केंद्र में पदस्थ मनोज गोविल, पंकज अग्रवाल भी इस लिस्ट में शामिल थे। इसी तरह अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी मनु श्रीवास्तव और नीरज मंडलोई के नाम भी चर्चा में था। ये खबर भी पढ़ें… अफसरों-नेताओं की लड़ाई केंद्र पहुंची; CS को चिट्‌ठी-अधिकारियों को व्यवहार सिखाइए मध्य प्रदेश में नेताओं और अफसरों के बीच टकराव की स्थिति है। विवाद केंद्र सरकार तक पहुंच गया। केंद्र सरकार के DoPT के डिप्टी सेक्रेटरी जीके रजनीश ने नेताओं के पक्ष में मुख्य सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा- अधिकारियों को सांसदों और विधायकों के साथ व्यवहार का तरीका सिखाइए। पढ़ें पूरी खबर…

RAS अफसर ने लिखा-बच्चों के प्रोटेस्ट को बदनाम मत करो:इनको तो डिमांड करना भी नहीं आता; पेपरलीक करने वालों को 7 दिन में फांसी दी जाए

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में स्टूडेंट के विरोध प्रदर्शन पर RAS अफसर पंकज ओझा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। ओझा ने अपनी बेटी की तस्वीर लगाते हुए फेसबुक पोस्ट में लिखा- बच्चों के प्रोटेस्ट को बदनाम मत करो। ओझा ने पोस्ट के साथ ही लिखा कि इसका संबंध किसी पार्टी या किसी के समर्थन-विरोध से नहीं है। इस पोस्ट का संबंध मेरी छोटी प्यारी सी बेटी से है, जो इस सब से बहुत आहत है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग में अतिरिक्त निदेशक पंकज ओझा की यह पोस्ट चर्चा का विषय बनी हुई है। RAS अफसर पंकज ओझा ने लिखा- बच्चों के प्रोटेस्ट को बदनाम मत करो भाइयों, यही हमारे देश का अगला भविष्य हैं। हमारे बच्चे बहुत सीधे हैं, इनको तो बेचारों को डिमांड करना भी नहीं आता। ये केवल धर्मेंद्र प्रधान साहब के इस्तीफे से खुश होना चाहते हैं, जबकि इससे कुछ होगा नहीं। कोई और आ जाएगा, फिर वही होगा। मैं RAS की परीक्षा दे रहा था, तब भी हुए थे पेपरलीक ओझा ने लिखा- जब मैं RAS की परीक्षा दे रहा था। तब भी इसी प्रकार से पेपर आउट हुए थे। हमारे पूरे दो साल की मेहनत बेकार हो गई थी। तब हमने तत्कालीन अध्यक्ष से डेलिगेशन के रूप में जाकर बात की थी। ओझा ने लिखा- डिमांड यह होनी चाहिए कि ऐसा फुल प्रूफ सिस्टम हो कि कोई एग्जाम का पेपर आउट नहीं हो। कोई गड़बड़ करे तो 7 दिन के अंदर उसे फांसी दी जाए। इसमें जो शामिल हो, उन्हें भी फांसी दी जाए। साथ ही जिन बच्चों ने आत्महत्या की है, उनके पेरेंट्स को धनराशि दी जाए और उनके घर वालों को नौकरी दी जाए। ऐसा सिस्टम बनाना होगा कि बच्चों की मेहनत बेकार नहीं जाए ओझा ने आगे लिखा- हमें ऐसा सिस्टम बनाना होगा कि बच्चों की मेहनत बेकार नहीं जाए। उनके टैलेंट और उनकी बुद्धिमत्ता का सही ढंग से मूल्यांकन हो और उनको उचित अवसर प्राप्त हो सके। तभी हम नवीन और अच्छे भारत का निर्माण कर सकेंगे। हमें अपने बच्चों को सड़कों पर नहीं, आसमान की उन ऊंचाइयों तक पहुंचाना है जहां से वे सारे जगत को अपनी प्रतिभा से रोशन कर सकें। डिस्कलेमर लिखा- पोस्ट का संबंध मेरी बेटी से, जो आहत है ओझा ने फेसबुक पोस्ट के साथ डिस्कलेमर में लिखा- इस पोस्ट का संबंध किसी पार्टी या किसी के समर्थन-विरोध से नहीं है। इस पोस्ट का संबंध मेरी छोटी प्यारी सी बेटी से है, जो इस सब से बहुत आहत है। चिंतित है। इसके बाप से भी इस पोस्ट का संबंध है, जो उसे अपनी जान से ज्यादा चाहता है। ये खबरें भी पढ़ें जयपुर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा से पुलिस की धक्का-मुक्की:वाटर कैनन चलाई, एक महिला बेहोश हुई; भाजपा कार्यालय घेरने जा रहे थे जयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाई:कांग्रेस कार्यालय घेराव करने निकले थे,राठौड़ बोले- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले भाड़े के टट्‌टू और पत्थरबाज थे

जयपुर में बंदरों से डरकर छत से गिरी महिला, मौत:कपड़े सुखाने गई थी; पति ऑफिस के लिए निकले थे, हादसे की सुनकर अस्पताल पहुंचे

जयपुर में मकान की छत पर कपड़े सुखाने गई महिला बंदरों के झुंड से बचने के प्रयास में संतुलन खो बैठी और दो मंजिला मकान से नीचे गिर गई। गंभीर घायल महिला सुशीला (42) को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह हादसा रामगंज थाना क्षेत्र स्थित हीदा की मोरी के मंडी खटीकान इलाके में बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। परिजनों के अनुसार- सुशीला घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान छत पर मौजूद बंदरों का झुंड उनकी ओर लपटका। बंदरों से बचने के लिए सुशीला घबराकर पीछे हटीं, लेकिन संतुलन बिगड़ने से पहले दीवार से टकराईं। इसके बाद दो मंजिला मकान की छत से नीचे सड़क पर गिर गईं। गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल सुशीला सड़क पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मोहल्ले में शोक हो गया। होमगार्ड में सिपाही हैं पति परिजनों ने बताया- सुशीला के पति गजेंद्र मल्होत्रा होमगार्ड में सिपाही हैं और नगर निगम में कार्यरत हैं। घटना से कुछ देर पहले वे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। गजेंद्र हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे। दंपती के दो बच्चे हैं, जो स्कूल और कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार के अनुसार- करीब एक महीने पहले गजेंद्र मल्होत्रा के पिता का निधन हुआ था। परिवार उस सदमे से अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब सुशीला की मौत ने परिवार को शोक में डुबो दिया। बंदरों के बढ़ते आतंक से लोगों में नाराजगी घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ते बंदरों के आतंक पर चिंता जताई है। लोगों ने कहा- बंदरों के झुंड आए दिन परकोटा क्षेत्र में छतों और गलियों में उत्पात मचाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से बंदरों के आतंक पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इंपैक्ट फीचर:ICICI प्रूडेंशियल फ्लेक्सीकैप फंड की कहानी; 5 साल, 2 गुना ग्रोथ-राजीव अरोड़ा

ICICI प्रूडेंशियल फ्लेक्सीकैप फंड को लॉन्च हुए पांच साल हो गए हैं; इस दौरान इसकी NAV 10 से बढ़कर 20 हो गई है। एक फ्लेक्सीकैप फड होने के नाते, इसे लार्ज-कैप, मिड-कैप और स्मॉल-कैप स्टॉक्स में निवेश करने की आजादी है, और यह उन जगहों पर अपने पोर्टफोलियो मिक्स को बदलता रहता है जहां सबसे अच्छे मौके दिखते हैं। यह फंड ‘बॉटम-अप’, ‘हाई-कनविक्शन’ निवेश शैली अपनाता है, जो इसके बेंचमार्क के मुकाबले 60% से जयादा के ‘एक्टिव शेयर’ से पता चलता है। यह वीडियो फंड की मुख्य सोच, पांच सालों में इसके विकास और इक्विटी निवेशकों के लिए लंबे समय के निवेश के महत्व के बारे में बताता है। यह उन लोगों के लिए एक छोटा और आसान वीडियो है जो यह समझना चाहते हैं कि कैसे सोच-समझकर चुने गए स्टॉक्स ने समय के साथ लगातार वेल्थ बनाने में मदद की है। वीडियो में अल्फानॉमिक्स कैपिटल के फाउंडर राजीव अरोड़ा ने क्या कहा जानने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…

ललित मोदी 16 साल बाद भारत लौटेंगे:ED का जुर्माना रद्द; IPL का पैसा विदेश भेजने का केस; बोले- मैं लीग की भलाई चाहता था

IPL के संस्थापक ललित मोदी 16 साल बाद भारत लौटने की तैयारी में हैं। एक अपीलीय ट्रिब्यूनल ने 16 जुलाई को IPL 2009 के दक्षिण अफ्रीका आयोजन से जुड़े FEMA मामले में फैसला सुनाया था। इसमें
मोदी को राहत देते हुए ED के लगाए गए जुर्माने को रद्द कर दिया था। फैसले के बाद ललित मोदी ने कहा कि अब उनकी भारत वापसी का रास्ता साफ हो गया है और वह इस साल के आखिर या अगले साल की शुरुआत में भारत लौट सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी अक्टूबर में बच्चे को जन्म देने वाली है, जिसके बाद वह भारत आने की योजना बना रहे हैं।
भारत से दक्षिण अफ्रीका पैसे भेजने का मामला था यह मामला 2009 में IPL को भारत से दक्षिण अफ्रीका ले जाने से जुड़ा है। उस समय लोकसभा चुनाव के कारण सुरक्षा कारणों से टूर्नामेंट भारत से दक्षिण अफ्रीका शिफ्ट किया गया था। इसके आयोजन के लिए BCCI ने दक्षिण अफ्रीका में करीब 243.45 करोड़ रुपए भेजे थे। बाद में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आरोप लगाया कि यह रकम भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की पूर्व मंजूरी के बिना विदेश भेजी गई, जिससे विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) का उल्लंघन हुआ। ED ने 2011 में नोटिस जारी किया और 2018 में ललित मोदी समेत BCCI के कुछ पूर्व अधिकारियों पर जुर्माना लगाया था। ट्रिब्यूनल बोली- ललित व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार नहीं ललित मोदी ने कहा कि ट्रिब्यूनल ने ED की सबसे अहम दलील ही खारिज कर दी, जिससे पूरे मामले का आधार बदल गया। उनके मुताबिक अपीलीय ट्रिब्यूनल ने अपने फैसले में कहा कि दक्षिण अफ्रीका भेजी गई रकम ‘करंट अकाउंट ट्रांजैक्शन’ थी, न कि ‘कैपिटल अकाउंट ट्रांजैक्शन’। इसलिए इसके लिए RBI की पहले से मंजूरी लेना जरूरी नहीं था। ललित मोदी ने कहा, ट्रिब्यूनल ने यह भी माना कि वह BCCI की ओर से FEMA के तहत कानूनी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार नहीं थे और न ही उनके पास वह वित्तीय अधिकार थे, जिनका ED ने दावा किया था। इससे 2009 के दक्षिण अफ्रीका IPL से जुड़े सबसे बड़े कानूनी मामले का अंत हो गया। 2018 में लगा था 10.65 करोड़ रुपए का जुर्माना ED ने 2018 में ललित मोदी पर 10.65 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया था। इसके बाद उन्होंने इस आदेश के खिलाफ अलग-अलग अपील दायर की थीं। अब 16 जुलाई के फैसले में ट्रिब्यूनल ने उन आदेशों में बड़ा बदलाव करते हुए ललित मोदी समेत कई पक्षों को राहत दे दी। ट्रिब्यूनल के इस फैसले से 2010 में भारत छोड़ने के बाद ललित मोदी के सामने मौजूद सबसे बड़ी कानूनी बाधाओं में से एक खत्म हो गई है। हालांकि यह फैसला सिर्फ IPL 2009 के FEMA मामले तक सीमित है। ED ने ललित मोदी के खिलाफ कई दूसरी जांचें भी शुरू की थीं। ललित मोदी से जुड़े अन्य मामले 1. IPL ब्रॉडकास्ट राइट्स मामला जब 2008 में IPL शुरू हुआ, तब टीवी पर मैच दिखाने के अधिकार (ब्रॉडकास्ट राइट्स) वर्ल्ड स्पोर्ट्स ग्रुप (WSG) को दिए गए थे। WSG ने भारत में मैच दिखाने के अधिकार सोनी को दिए। 2009 में IPL के दूसरे सीजन से ठीक पहले ललित मोदी ने सोनी से करार रद्द कर दिया और बिना दोबारा टेंडर निकाले दोबारा WSG के साथ समझौता कर लिया। ED ने आरोप लगाया कि IPL के मीडिया और ब्रॉडकास्ट अधिकार देने की प्रक्रिया में FEMA और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े नियमों का उल्लंघन हुआ। इसमें WSG को 425 करोड़ रुपए का फायदा पहुंचाया गया। इस मामले में बाद में विशेष अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था। इस मामले में ललित मोदी को अभी कोई अंतिम कानूनी राहत नहीं मिली है। 2. BCCI की अनुशासनात्मक कार्रवाई 2010 में IPL से जुड़े कई विवाद सामने आने के बाद BCCI ने ललित मोदी को सस्पेंड कर दिया और उनके खिलाफ आंतरिक जांच शुरू की। जांच में BCCI ने आरोप लगाया कि ललित मोदी ने IPL चलाने के दौरान कई मामलों में नियमों का पालन नहीं किया। इनमें ब्रॉडकास्ट राइट्स, टीमों की बोली, टेंडर प्रक्रिया और वित्तीय फैसलों से जुड़े आरोप शामिल थे। करीब तीन साल तक जांच और सुनवाई चलने के बाद 2013 में BCCI की अनुशासन समिति ने ललित मोदी को सभी क्रिकेट गतिविधियों से आजीवन प्रतिबंधित कर दिया। लंदन के सबसे महंगे इलाके में रह रहे ललित मोदी ललित मोदी 2010 से लंदन में रह रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी मीनल मोदी और दोनों बच्चे आलिया और रुचिर भी थे। मीनल मोदी का 2018 में कैंसर से निधन हो गया। ललित मोदी का घर लंदन के बेलग्राविया-चेल्सी इलाके में है, जो शहर के सबसे महंगे इलाकों में गिना जाता है। यह इलाका विदेशी दूतावासों, लग्जरी ब्रांड्स और करोड़ों-करोड़ रुपये की संपत्तियों के लिए मशहूर है। ललित मोदी का जन्म दिल्ली के एक बड़े कारोबारी परिवार में हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 57 करोड़ डॉलर (करीब 4,555 करोड़ रुपए) है। वह अपने परिवार की कंपनी मोदी एंटरप्राइजेज के अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। इस कंपनी की स्थापना उनके दादा गुजर मल मोदी ने 1933 में की थी। मोदी एंटरप्राइजेज का कारोबार कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। इनमें फैशन, रसायन (केमिकल), हेल्थकेयर, रिटेल, सैलून, ट्रैवल, पर्सनल केयर, मनोरंजन और एफएमसीजी (रोजमर्रा के उपभोक्ता सामान) शामिल हैं। समूह के प्रमुख ब्रांडों में केके मोदी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, मोदीकेयर, बीकन ट्रैवल्स, कलरबार, पान विलास पान मसाला, ईगो इटालियन रेस्तरां और गॉडफ्रे फिलिप्स शामिल हैं। ———————————-
यह खबर भी पढ़ें… पूर्व क्रिकेटर राजेश चौहान पर 17.52 लाख ठगी का आरोप:नवीन जिंदल से पहचान बताकर काम में पार्टनर बनाने ठेकेदार को फंसाया; FIR के आदेश
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान पर 17.52 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगा है। जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रांसपोर्ट का काम दिलाने का झांसा देकर ठेकेदार से फ्रॉड किया गया। अब कोर्ट ने उन पर FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…