ब्रेकिंग न्यूज़
भाई को बचाने डिग्गी में कूदा बड़ा भाई,दोनों की मौत:रेस्क्यू करने के लिए ग्रामीण उतरे; पाइप ठीक करते समय पैर फिसला था

श्रीगंगानगर में खेत में पाइप ठीक करते समय पानी की डिग्गी में गिरे छोटे भाई को बचाने के लिए बड़ा भाई भी कूद गया। दोनों गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक रेस्क्यू किया, लेकिन दोनों को नहीं बचाया जा सका। हादसे में दोनों सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसा रायसिंहनगर क्षेत्र के 56 एनपी गांव में मंगलवार को सुबह हुआ। पाइप ठीक करते समय छोटा भाई डिग्गी में गिरा, बचाने कूदा बड़ा भाई जानकारी के अनुसार, 45 एनपी के रहने वाले राजदीप सिंह (20) और गुरजीत सिंह (24) खेत में पाइप ठीक कर रहे थे। इसी दौरान राजदीप का पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गया। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई गुरजीत भी तुरंत डिग्गी में कूद गया, लेकिन दोनों डूब गए। ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू, दोनों भाइयों को नहीं बचाया जा सका घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर दोनों भाइयों को बचाने के लिए रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। हादसे में दोनों सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर पहुंचे, शव डिग्गी से निकाले घटना की सूचना मिलते ही रायसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों को भी बुलाया। उनकी मदद से दोनों भाइयों के शव डिग्गी से बाहर निकाले गए। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

पाकिस्तान में पेट्रोल 35 पैसे सस्ता, डीजल 5.71 रुपया महंगा:पेट्रोल 315.80 और डीजल 360.06 रुपया लीटर मिल रहा, नई कीमतें 21 जुलाई से लागू

पाकिस्तानी सरकार ने पेट्रोल के दाम में 35 पैसे प्रति लीटर की कटौती की है, जबकि हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत 5.71 रुपया लीटर बढ़ा दी है। नई दरें 21 जुलाई से लागू हो गई हैं। दामों में इस बदलाव के बाद अब बाजार में पेट्रोल की नई कीमत 315.80 रुपया लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 360.06 रुपया प्रति लीटर हो गई है। भारत और पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतें नोट: ₹- भारतीय रुपया, पाकिस्तान में भारतीय रुपए की वेल्यू 2.89 पाकिस्तानी रुपया के बराबर है। अप्रैल के रिकॉर्ड हाई से कम हैं मौजूदा दरें ईंधन की मौजूदा कीमतें इस साल अप्रैल में बने अपने ऑल-टाइम हाई से अब भी काफी नीचे हैं: अब हफ्ते की जगह रोजाना तय हो रहे पेट्रोल डीजल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतों में आ रहे तेज उतार-चढ़ाव को देखते हुए सरकार ने बड़ा नीतिगत बदलाव किया है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने घोषणा की है कि अब देश में फ्यूल रेट्स हफ्ते के बजाय रोजाना आधार पर तय किए जाएंगे। डीलर्स एसोसिएशन ने फैसले का विरोध किया सरकार के रोजाना रेट तय करने के फैसले का ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन ने कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन ने इस व्यवस्था को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि वे इस फैसले के खिलाफ इसी हफ्ते विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। मिडिल क्लास और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर पेट्रोल की कीमतों में बदलाव का सीधा असर देश के मिडिल और लोअर-मिडिल क्लास पर पड़ता है, क्योंकि इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से प्राइवेट गाड़ियों, छोटी कारों, ऑटो रिक्शा और टू-व्हीलर्स में होता है। वहीं, डीजल महंगा होने से पूरे देश में महंगाई बढ़ने का खतरा है, क्योंकि इसका इस्तेमाल भारी कमर्शियल वाहनों (ट्रकों-बसों), पावर प्लांट्स और बड़े जनरेटरों में होता है। पाकिस्तान में हर महीने करीब 7 से 8 लाख टन पेट्रोल और डीजल की भारी-भरकम बिक्री होती है, जबकि केरोसिन (मिट्टी के तेल) की मासिक मांग सिर्फ 10 हजार टन ही है। यही वजह है कि पेट्रोल-डीजल सरकार के लिए रेवेन्यू जुटाने का सबसे बड़ा जरिया बने हुए हैं।

राजस्थान- एक बीमारी के कारण हो रही प्रसूताओं की मौत:डॉक्टर बोले- अचानक हो जाती है खून की कमी; जानिए क्यों हो रही ये समस्या

राजस्थान में सिजेरियन और नॉर्मल डिलीवरी के बाद कई प्रसूताओं की तबीयत खराब होने और मौत होने के मामले सामने लगातार सामने आ रहे है। वहीं कुछ महिलाओं में डिलीवरी के बाद लगातार खून में कमी हो रही है और उसका असर उनकी किडनी पर पड़ रहा है। डॉक्टर्स के अनुसार- इन सभी का कारण HELLP (हेल्प) सिंड्रोम बीमारी है। प्रसूताओं में इसकी पहले स्क्रीनिंग नहीं हो सके तो तबीयत बिगड़ने पर सिजेरियन डिलीवरी ही इसका इलाज है। बताया जा रहा है कि जोधपुर में हाल ही रेफर होकर आईं प्रसूता या​ ​जिनका इलाज चल रहा है, उनमें ये सिंड्रोम सबसे कॉमन पाया गया है। इसमें अचानक खून की कमी होना, ब्लड प्रेशर बढ़ना, किडनी पर असर और फिर ब्लड प्लेटलेट्स कम हो जाता है। जोधपुर में भी एक प्रसूता की मौत इन्हीं कारण से हुई। वह 25 दिन से वेंटिलेटर पर थी। इसके अलावा एक महिला को पाली जिले से उम्मेद हॉस्पिटल में रेफर किया गया था। उसका अचानक बीपी बढ़ गया और जब उसे यहां लाया गया तो उसकी डिलीवरी करनी पड़ी। ये प्रसूताएं अलग-अलग सेंटर से आईं। डिलीवरी से पहले या फिर बाद में इनमें एक ही चीज कॉमन दिखी। अचानक बीपी बढ़ी, एक दिन वेंटिलेटर पर रखना पड़ा पाली जिसे से एक महिला को उम्मेद हॉस्पिटल में रेफर किया गया था। महिला के ब्लीडिंग ज्यादा होने लगी और लीवर में सूजन थी। इस कारण उसे एक बार वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। आगे जानिए क्यों आ रही ये समस्या… प्रसूताएं इसलिए हो रहीं सिंड्रोम की शिकार डॉक्टर्स के अनुसार- हाल ही जो रेफर होकर केस आए हैं, उनमें जानकारी सामने आई कि कई महिलाओं में एंटीनेटल चेकअप (एएनसी) नहीं थी। यानी गर्भावस्था के दौरान महीने, 15 दिन और फिर सात दिन में होने वाली स्क्रीनिंग प्रॉपर नहीं हो रही। ऐसे में गर्भावस्था के दो-तीन महीने बाद जब उनकी जांच हो रही है तो पता चल रहा है कि वे इस सिंड्रोम का शिकार हो रही हैं। एएनसी जांच से हो सकती समस्या दूर दरअसल, जब महिला में प्रेग्नेंसी की शुरुआत होती है तो उसमें सबसे जरूरी होती है एंटीनेटल चेकअप (एएनसी) यानी गर्भावस्था के दौरान होने वाली देखभाल। इसमें महिलाओं में ब्लड की कमी से लेकर, उनके ब्लड प्रेशर और बाकी जांच की जाती है। ताकि पता लगाया जा सके कि गर्भावस्था के दौरान कोई बड़ी समस्या तो नहीं होगी। प्रसूताओं में ब्लड प्रेशर की मॉनिटरिंग जरूरी डॉक्टर्स के अनुसार- प्रेग्नेंसी के दौरान ब्लड प्रेशर की लगातार जांच होनी चाहिए, जो सबसे ज्यादा जरूरी है। ब्लड प्रेशर के भी कंडीशनल और पैरामीटर अलग हैं। इस सिंड्रोम की वजह से ब्लड प्रेशर सबसे सीवियर कंडीशन पर पहुंच जाता है। इससे किडनी, लीवर, ब्रेन सहित दूसरों अंगों पर भी असर होता है। इसके बाद एक ही ऑप्शन रहता है कि प्रसूता की किसी भी हाल में डिलीवरी करवानी होती है। खून और प्लेटलेट्स की कमी, किडनी पर इफेक्ट डॉक्टर्स के अनुसार- इस HELLP सिंड्रोम के चलते शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं (RBC) टूटने लगती हैं और खून की कमी होने लगती है। इसकी वजह से ब्लड प्लेट्लेट्स और प्लाज्मा में भी कमी आने लगती है। इस बीमारी की कंडीशन में जब भी डिलीवरी होती है तो ब्लीडिंग ज्यादा होने लगती है। खून का थक्का जमने में परेशानी होने लगती है। ऐसे में खून का फ्लो नहीं बनने पर किडनी इफेक्ट होती है। डॉक्टर्स के अनुसार- इस स्थिति में कई बार लगातार ब्लीडिंग होने लगती है। कई बार लगातार प्रयास के बाद भी उसे रोक नहीं पाते हैं। ऐसे में बच्चेदानी तक निकालनी पड़ जाती है।

ये खबर भी पढ़िए- उम्मेद हॉस्पिटल में भर्ती दो प्रसूताओं की स्थिति में सुधार:सिजेरियन डिलीवरी के बाद 5 प्रसूताओं की बिगड़ गई थी तबीयत; एक मरीज वेंटिलेटर पर जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 5 प्रसूताओं की ​तबीयत बिगड़ी है। इन सभी का इलाज उम्मेद हॉस्पिटल में चल रहा है। (पढ़िए पूरी खबर) डिलीवरी के बाद खून नहीं रुका तो बच्चेदानी निकाली,अब मौत:महिला की किडनी डैमेज हुई; जोधपुर में 25 दिन से वेंटिलेटर पर थी कोटा, बीकानेर, बांसवाड़ा के बाद अब जोधपुर में भी एक प्रसूता की मौत हो गई। महिला की 24 जून को तिंवरी हॉस्पिटल में नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद खून नहीं रुका तो उसे उम्मेद हॉस्पिटल रेफर किया गया था। (पूरी खबर पढ़ें)

सीकर में बारिश से अंडरपास, कॉलोनियां और पटरियां डूबीं:2 किलोमीटर तक 4 फीट पानी भरा, सीवरेज ओवरफ्लो; 2 दिन का अलर्ट

सीकर में आज मानसून की दूसरी अच्छी बारिश हुई। मानसूनी हवा के दोबारा एक्टिव होने के बाद सीकर में रात डेढ़ बजे से सुबह करीब साढ़े सात बजे तक रुक-रुककर बारिश हुई। इससे नवलगढ़ रोड पर 4 फीट तक पानी भर गया। सीकर में अब तक 90 MM यानी करीब 3.5 इंच बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण नवलगढ़ रोड पर करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र में 4 फीट तक पानी भर गया। जलभराव के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ। सुबह कोचिंग जाने वाले स्टूडेंट्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए, जबकि लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। बारिश पुलिसकर्मियों और कलेक्ट्रेट कार्मिकों के लिए आफत बन गई। पुलिस लाइन में बने सरकारी क्वार्टरों में बरसात का पानी भर गया। वहीं, सीवरेज ओवरफ्लो होने की वजह से शहर का गंदा पानी भी सरकारी क्वार्टरों में घुस गया। अंडरपास लबालब हो गया। कॉलोनियों में पानी भर गया। सीकर में मानसून की दूसरी बारिश से ही हालात बदतर होने लगे हैं। बारिश से सीकर में जलभराव की स्थिती के PHOTOS…
सीकर में बारिश से जुड़े अपडेट… पिछले 24 घंटे में बारिश के आंकड़े…

IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर रेप का आरोप:कोलकाता हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी के आदेश दिए; डिवाइस जब्त करने को कहा

कोलकाता हाईकोर्ट ने रेप मामले में IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने पुलिस को अभिषेक के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने का आदेश दिया है, ताकि कथित निजी फोटो और वीडियो शेयर ना किए जा सकें। बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर एक महिला ने शादी का वादा कर संबंध बनाने और दोनों के निजी पलों की रिकॉर्डिंग करने के आरोप लगाए हैं। क्रिकेटर पर धमकियां देने के भी आरोप हैं। 23 साल के अभिषेक विकेटकीपर बैटर हैं। वे बंगाल के लिए 116 और आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के लिए 35 मैच खेल चुके हैं। दिल्ली ने उन्हें 4 करोड़ रुपए में रीटेन किया था। पीड़िता का आरोप- फ्लैट पर संबंध बनाए, अब धमकी दे रहा शिकायत के अनुसार अभिषेक पोरेल की महिला से जनवरी 2023 में पहचान हुई थी। महिला का आरोप है कि पोरेल उसे मंकुंडू स्थित अपने फ्लैट में ले गया और शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी के अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध थे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अभिषेक ने उसे अवैध रूप से रोके रखा, खाना नहीं दिया और अलग-थलग रखा गया। दो अप्रैल 2026 को दिल्ली में हुई कथित घटना के बाद उसकी शारीरिक स्थिति बिगड़ गई थी और उसे तत्काल इलाज कराना पड़ा। महिला ने फोन और सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है। अदालत ने कहा- जांच के दौरान एक पेन ड्राइव जब्त की गई है, जिसमें अहम डिजिटल सामग्री होने की आशंका है। ऐसे में आरोपी की गिरफ्तारी और उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जब्ती आवश्यक है, ताकि कथित आपत्तिजनक डेटा को आगे शेयर होने से रोका जा सके। अब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी हाईकोर्ट ने कहा कि पुलिस पहले से आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अदालत ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी और डिजिटल सबूतों को सुरक्षित करने के लिए कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। क्रिकेटर ने आरोपों को झूठा बताया था क्रिकेटर अभिषेक पोरेल इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर उनके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज की गई है, तो आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। यह मामला मोगरा पुलिस स्टेशन में 23 जून 2026 को दर्ज किया गया था। आखिर में अभिषेक पोरेल का करियर ————————————————————— क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनजोत कालरा श्रीलंका में गिरफ्तार पूर्व भारतीय अंडर-19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका में गिरफ्तार किया गया है। उन पर लंका प्रीमियर लीग (LPL) में एक खिलाड़ी को रिश्वत देने का आरोप लगा है। कालरा LPL की टीम जाफना किंग्स के को-ऑनर हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी टूर्नामेंट के छठे सीजन की शुरुआत से कुछ घंटे पहले की गई। पढ़ें पूरी खबर

कोटपूतली-बहरोड़ में फिर मानसून सक्रिय, लगातार दूसरे दिन बारिश:पिछले 24 घंटे से शहर में धूप नहीं निकली, अगले 5 दिन तक बारिश का अलर्ट

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही। सुबह से ही आसमान घने बादलों से ढका रहा और धूप नहीं निकलने से मौसम पूरे दिन सुहावना बना रहा। दोपहर करीब 12 बजे से मूसलाधार बारिश का दौर जारी हुआ, जो करीब एक घंटे तक चला। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली। बारिश का असर सुबह के समय सबसे अधिक स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों पर देखने को मिला। कई जगह सड़कों पर पानी भरने और फिसलन बढ़ने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने से स्थानीय नागरिकों की परेशानी भी बढ़ गई। देखें बारिश से जुड़े PHOTOS 36 घंटे में 35 एमएम बारिश दर्ज बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार सुबह 17 एमएम और शाम को 11 एमएम वर्षा दर्ज की गई थी। वहीं मंगलवार सुबह तक 7 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस तरह पिछले 36 घंटों में कोटपूतली क्षेत्र में कुल 35 एमएम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे जिले में मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। खरीफ फसलों के लिए बारिश बनी राहत लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। कृषि उपनिदेशक डॉ. रामजी लाल यादव ने बताया कि मौजूदा बारिश खरीफ सीजन की फसलों के लिए काफी लाभदायक है। इससे खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी और फसलों की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है। जलभराव और फिसलन से बढ़ी आवागमन की मुश्किल एक ओर बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है, वहीं दूसरी ओर शहरी इलाकों में जलभराव और सड़कों पर बढ़ी फिसलन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। कई स्थानों पर वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ रहा है, जबकि पैदल आने-जाने वालों को भी फिसलन की वजह से अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।

सेंसेक्स 238 अंक गिरकर 77470 पर बंद:निफ्टी 50 अंक नीचे 24188 पर आया, सरकारी बैंक और IT शेयर्स में बिकवाली

सेंसेक्स आज यानी 21 जुलाई को 238 अंक नीचे 77,470 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 51 अंक की गिरावट रही, ये 24,188 के स्तर पर आ गया। सरकारी बैंक और IT शेयर्स में आज ज्यादा बिकवाली दिखी। SBI फंड्स मैनेजमेंट का शेयर 7% ऊपर लिस्ट SBI फंड्स मैनेजमेंट का शेयर 574 रुपए के IPO प्राइस से 6.85% तेजी के साथ लिस्ट हुआ। NSE पर SBI फंड्स मैनेजमेंट का शेयर 613.30 रुपए पर खुला। वहीं BSE पर यह 610 रुपए यानी 6.27% ऊपर लिस्ट हुआ। एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला कारोबार 20 जुलाई को अमेरिकी बाजार में गिरावट रही थी 7 दिन में विदेशी निवेशकों ने ₹6,439 करोड़ के शेयर खरीदे नोट: FIIs और DIIs की नेट खरीदारी/बिकवाली के आंकड़े करोड़ रुपए में हैं। कल बाजार में रही थी गिरावट इससे पहले शेयर बाजार में कल यानी 20 जुलाई को गिरावट रही थी। सेंसेक्स 443 अंक की गिरावट के साथ 77,709 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 96 अंक की गिरावट रही, ये 24,239 पर आ गया था।

अलवर के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई:मौसम विभाग ने जारी की बिजली गिरने की चेतावनी, अगले पांच दिन येलो अलर्ट

अलवर जिले में सोमवार से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश से कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मंगलवार सुबह से ही अलवर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छाए हुए हैं। कई जगह हल्की बूंदाबांदी और रिमझिम बारिश का दौर जारी है, जबकि कुछ इलाकों में फुहारें पड़ रही हैं। कठूमर में सबसे ज्यादा 44 मिमी बारिश लगातार बारिश के कारण मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पिछले कई दिनों की तुलना में रात का तापमान भी कम रहा, जिससे मंगलवार सुबह ठंडक का अहसास बना रहा। सोमवार को सबसे अधिक 44 मिमी बारिश कठूमर में दर्ज की गई। इसके अलावा राजगढ़ में 28 मिमी, लक्ष्मणगढ़ में 17 मिमी, रामगढ़ में 14 मिमी, गोविंदगढ़ में 6 मिमी, अलवर शहर और सिलीसेढ़ में 5-5 मिमी, जयसमंद में 4 मिमी, थानागाजी में 2 मिमी तथा मालाखेड़ा और टहला में 1-1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार देर रात भी जिले के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। 22 से 26 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और जिले के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 22 से 26 जुलाई तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। इस अवधि में अधिकांश दिनों के लिए आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। लगातार बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आएगी तथा 24 और 25 जुलाई को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।

कोटा में हुई तेज बारिश, तापमान गिरा:मानसून की एंट्री से अब तक 38% कम बरसात हुई; 2 दिन यलो अलर्ट

कोटा में सुबह रिमझिम बारिश हुई। वहीं दोपहर को तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब 20 मिनट तक शहर में तेज बारिश हुई। इससे लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली। वहीं रिमझिम बारिश का दौर अभी जारी है। इस कारण तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। सुबह से आसमान में काली घटाएं छाई हुई हैं। मौसम विभाग ने 2 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। 38% कम बारिश हुई मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस सीजन में 20 जुलाई तक 38% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 20 जुलाई तक औसत 236.4 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में मानसून की एंट्री होने से अभी तक 146.2 मिमी बारिश हुई है। एक दिन पहले 32.9 डिग्री रहा था अधिकतम तापमान शहर में सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहे। रात तक बारिश नहीं हुई। बादल छाए रहने से तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री व न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज हुआ। लोग बारिश का इंतजार करते रहे। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की टर्फ लाइन अपनी सामान्य स्थिति में है। इससे राज्य के पूर्वी और उत्तर पूर्वी भागों में आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने की उम्मीद की जा रही है। मंगलवार को कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम और मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

वर्ल्ड अपडेट्स:ब्रिटेन में 2 भारतवंशियों को मंत्री पद: कनिष्क नारायण को AI, लीजा नंदी को संस्कृति मंत्रालय की जिम्मेदारी

ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने सोमवार को पद संभालते ही अपनी नई कैबिनेट का गठन किया। BBC के मुताबिक, बर्नहैम ने अपनी नई टीम में कई पुराने मंत्रियों को बनाए रखा है, जिनमें कनिष्क नारायण और लीजा नंदी भी शामिल हैं।
कनिष्क नारायण को कृत्रिम मेधा (AI) मंत्री बनाया गया है, जबकि लीजा नंदी को संस्कृति मंत्री के पद पर बरकरार रखा गया है। कनिष्क का जन्म बिहार के मुजफ्फरपुर में हुआ था। 12 साल की उम्र में वह अपने परिवार के साथ ब्रिटेन के कार्डिफ चले गए।
राजनीति में आने से पहले उन्होंने तकनीक और वित्त क्षेत्र में काम किया। इस दौरान उन्होंने AI, फिनटेक और जलवायु से जुड़े कारोबारों के साथ काम किया। 2025 में कीर स्टार्मर सरकार ने उन्हें AI और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री बनाया था।
भारतीय मूल की लीजा नंडी को एंडी बर्नहैम ने अपनी नई कैबिनेट में संस्कृति मंत्री के पद पर बनाए रखा है। लीजा का जन्म मैनचेस्टर में हुआ। उनके पिता दीपक नंदी कोलकाता के रहने वाले थे, जबकि उनकी मां लुईस बायर्स ब्रिटेन की रहने वाली हैं। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… ट्रम्प ने कनाडा पर 50% टैरिफ लगाया; 30 दिन बाद लागू होगा फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कनाडा से आयात होने वाले कई उत्पादों पर 50% नया टैरिफ लगाने का आदेश दिया है। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि कनाडा अमेरिकी शराब, ऑटोमोबाइल और डेयरी उत्पादों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रहा है। नया टैरिफ 30 दिन बाद लागू होगा। व्हाइट हाउस के मुताबिक एनर्जी, पोटाश और पहले से सेक्टर-विशेष टैरिफ के दायरे में आने वाले उत्पादों को इससे बाहर रखा गया है। सबसे अहम बात यह है कि USMCA (अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा मुक्त व्यापार समझौता) के तहत आने वाले कई उत्पाद भी अब इस नए टैरिफ के दायरे में आएंगे। ट्रम्प ने इस फैसले के लिए 1930 के टैरिफ एक्ट की धारा-338 का इस्तेमाल किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहली बार इस प्रावधान के तहत टैरिफ लगाने का आदेश दिया है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि उनकी सरकार अमेरिका के साथ बातचीत तेज करने के लिए तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका पहले भी USMCA का उल्लंघन करते हुए एकतरफा टैरिफ लगाता रहा है और कनाडा ने सिर्फ उसका जवाब दिया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फैसला अमेरिका-कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव और बढ़ा सकता है। अमेरिकी शराब उद्योग ने भी चिंता जताई है कि जवाबी कार्रवाई से दोनों देशों के कारोबार और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर असर पड़ सकता है। श्रीलंका में डेंगू का कहर: 76 हजार संक्रमित, 53 मौतें; एयरफोर्स ड्रोन से छतों पर जमा पानी खोज रही
श्रीलंका में मच्छरों से फैलने वाली बीमारी डेंगू का करीब एक दशक में सबसे गंभीर प्रकोप सामने आया है। जनवरी से अब तक 76,044 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 53 मौतें हुई हैं। बीमारी के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों के साथ अब देश की सेना भी अभियान में जुट गई है। श्रीलंका की एयरफोर्स ड्रोन की मदद से मानसून की बारिश के बाद छतों पर जमा पानी की पहचान कर रही है। वहीं सेना और पुलिस के जवान घरों, निर्माण स्थलों और स्कूलों की जांच कर रहे हैं, ताकि मच्छरों के पनपने की जगहों को खत्म किया जा सके। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, जुलाई के पहले दो हफ्तों में 18 हजार से ज्यादा मामले सामने आने के बाद अस्पतालों ने बेड बढ़ाने शुरू कर दिए। जून में डेंगू के 21,537 मामले दर्ज किए गए थे। नेशनल डेंगू कंट्रोल यूनिट के कार्यवाहक डायरेक्टर जनरल कपिला कन्नंगारा ने कहा कि मरीजों की संख्या ज्यादा है और गंभीर मामलों की संख्या भी बढ़ी है। करीब 75% मामले DENV-2 स्ट्रेन से जुड़े हैं, जो तेजी से फैल रहा है। डेंगू का बढ़ता प्रकोप चक्रवात डिटवाह के बाद सामने आया है। नवंबर के अंत में आए इस चक्रवात को श्रीलंका की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा बताया गया है। इससे जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सुविधाओं को नुकसान पहुंचा था। जापान ने चीन के लाइव-फायर ड्रिल पर जताया विरोध
जापान ने मंगलवार को चीन के खिलाफ राजनयिक विरोध दर्ज कराया। जापान का कहना है कि चीन ने उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) में लाइव-फायर सैन्य अभ्यास किया। जापान की सेना के मुताबिक, यह अभ्यास रविवार सुबह ओकिनोटोरी द्वीप के दक्षिण-पश्चिम में करीब 180 किमी दूर किया गया। अभ्यास में रूसी नौसैनिक जहाज भी शामिल थे। जापान के शीर्ष सरकारी प्रवक्ता मिनोरू किहारा ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने राजनयिक माध्यमों से चीन के सामने विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से आसपास से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। चीन ओकिनोटोरी को द्वीप नहीं, बल्कि चट्टान मानता है। उसका कहना है कि इसलिए जापान को इसके आसपास के समुद्री क्षेत्र को अपना विशेष आर्थिक क्षेत्र घोषित करने का अधिकार नहीं है। जापानी सेना के मुताबिक, उसने चार जहाजों को अपने EEZ की ओर आते देखा था। इनमें चीन के रेनहाई-क्लास गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर, लुयांग III-क्लास गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर और फुची-क्लास रीप्लेनिशमेंट शिप के साथ रूस का स्टेरेगुश्चिय-क्लास फ्रिगेट शामिल था। रूस के जेट इंजन वाले शहीद ड्रोन बढ़े, अब तेज इंटरसेप्टर बनाने की होड़
रूस के जेट इंजन वाले शहीद अटैक ड्रोन की संख्या बढ़ने के बीच डिफेंस कंपनियां अब उन्हें रोकने के लिए तेज इंटरसेप्टर ड्रोन बनाने में जुट गई हैं। यूक्रेन की बड़ी ड्रोन निर्माता कंपनी स्काईफॉल ने सोमवार को ब्रिटेन के फार्नबोरो एयरशो में नया हाई-स्पीड इंटरसेप्टर पेश किया। दुनिया के बड़े एयरशो में शामिल फार्नबोरो एयरशो में इस साल ड्रोन पर खास फोकस है। स्काईफॉल का नया ड्रोन कंपनी के मौजूदा इंटरसेप्टर का तेज वर्जन है, जिसे पिछले साल के अंत से यूक्रेन में तैनात किया गया है। कंपनी के मुताबिक, नया ड्रोन अधिकतम 370 किमी/घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है। वहीं, इसके पुराने मॉडल की अधिकतम रफ्तार 310 किमी/घंटे तक है। शहीद कम कीमत वाले लंबी दूरी के अटैक ड्रोन हैं, जिन्हें ईरान ने डिजाइन किया था। रूस इन्हें गेरेन नाम से इस्तेमाल करता है और हर महीने यूक्रेन पर हजारों ड्रोन लॉन्च करता है। रूस ने शहीद के डिजाइन में कई बदलाव किए हैं। इनमें जेट इंजन भी शामिल हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, हाल के महीनों में रूस के जेट इंजन वाले शहीद ड्रोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। ट्रम्प के करीबी FBI चीफ का रूस दौरा: 14-15 अक्टूबर को मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग जाने की खबर
FBI डायरेक्टर काश पटेल इस साल रूस की यात्रा कर सकते हैं। पॉलिटिको ने सोमवार को एक अमेरिकी अधिकारी और मामले की जानकारी रखने वाले एक अन्य व्यक्ति के हवाले से बताया कि पटेल 14 और 15 अक्टूबर को मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, पटेल रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSB) के अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। रूस की यात्रा करने वाले आखिरी FBI डायरेक्टर के तौर पर रॉबर्ट म्यूलर का नाम सामने आता है, जिन्होंने 2013 में रूस का दौरा किया था। काश पटेल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के लंबे समय से सहयोगी रहे हैं। उन्होंने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रम्प कैंपेन के रूस के साथ मिलीभगत के डेमोक्रेट्स के आरोपों का विरोध किया है। पटेल ने इन आरोपों को “रशियागेट होक्स” बताया है। पॉलिटिको की रिपोर्ट में पटेल की रूस यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट नहीं बताया गया है। FBI डायरेक्टर की यात्रा की आधिकारिक पुष्टि भी अभी नहीं हुई है। फ्रांस में विवादित कीटनाशकों की वापसी का रास्ता साफ: संसद ने कृषि बिल को दी मंजूरी
फ्रांस की संसद ने मंगलवार तड़के एक आपातकालीन कृषि बिल को मंजूरी दे दी। इसके तहत मधुमक्खियों को नुकसान पहुंचाने के आरोप वाले दो कीटनाशकों के सीमित और अस्थायी इस्तेमाल की अनुमति मिल सकती है। इन कीटनाशकों पर फ्रांस में प्रतिबंध है, हालांकि यूरोपीय संघ में इनके इस्तेमाल की अनुमति है। फ्रांस की नेशनल असेंबली ने बिल को 296-224 वोट से मंजूर किया। इसके समर्थन में मुख्य रूप से दक्षिणपंथी और अति-दक्षिणपंथी सांसद रहे। अब बिल पर मंगलवार को सीनेट में अंतिम मतदान होना है। बिल को मंजूरी मिलने के बाद पर्यावरण समूहों ने इसका विरोध किया है। ग्रीनपीस ने इसे “शर्मनाक” बताया और कहा कि इसमें परागण करने वाले जीवों, पारिस्थितिकी तंत्र और स्वास्थ्य पर संभावित खतरों को लेकर वैज्ञानिक चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया है। इस फैसले से फ्रांस की पर्यावरण संक्रमण मंत्री मोनिक बारब्यूट के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फ्रांसीसी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, वह सीनेट में मतदान के बाद इस्तीफा दे सकती हैं। हालांकि, बारब्यूट ने नेशनल असेंबली में हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया। कृषि मंत्री एनी जेनेवार्ड और सरकार की प्रवक्ता मौद ब्रेजों ने मंगलवार को बारब्यूट के संभावित इस्तीफे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।