प्रतापगढ़ में स्वयंसेवकों को स्कूबा डाइविंग की ट्रेनिंग दी:अंडरवाटर सर्च एंड रेस्क्यू के बारे में बताया, प्लानिंग तैयार करने की जानकारी दी
प्रतापगढ़ में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को स्कूबा डाइविंग और अंडरवाटर सर्च एंड रेस्क्यू का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ), राजस्थान की डी-06 कंपनी द्वारा दीपेश्वर तालाब स्थित तरणताल में आयोजित किया गया। रेस्क्यू के बारे में दी ट्रेनिंग प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को पानी के भीतर सुरक्षित तरीके से खोज अभियान चलाने, डूबे हुए व्यक्ति या शव की तलाश और बचाव की मानक प्रक्रियाओं के बारे में बताया गया। उन्हें स्कूबा डाइविंग उपकरणों को सही ढंग से पहनने और संचालित करने के तरीके तथा जल बचाव कार्यों के दौरान आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। त्वरित बचाव की तैयारी बताई इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवकों को जल आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी एवं त्वरित बचाव कार्यों के लिए तैयार करना था। एसडीआरएफ डी-06 कंपनी के प्रभारी रामप्रताप और प्रेमाराम विश्नोई सहित टीम के सदस्यों ने स्कूबा डाइविंग उपकरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने जल बचाव एवं आपदा राहत अभियानों में इन उपकरणों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। साथ ही, अंडरवाटर सर्च तकनीकों, रेस्क्यू ऑपरेशन की कार्यप्रणाली और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं सुनियोजित कार्रवाई के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। ये रहे मौजूद प्रशिक्षण कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा के डिप्टी चीफ वार्डन उमेश कुमार रैदास, मास्टर ट्रेनर नरेंद्र कुमावत, प्रदीप पाटीदार, ऋतुराज सिंह, मोहनलाल मीणा, भूर सिंह, कुशाल सिंह, बद्रीलाल मीणा, भरत मेघवाल, मुकेश मीणा, राजेंद्र मीणा तथा महिला स्वयंसेवक सविता यादव, दिव्या दमानी, पुष्पा सूर्यवंशी एवं अंजलि गहलोत सहित अन्य स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया और जल बचाव तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया।

