ब्रेकिंग न्यूज़
राजस्थान में 5 ठिकानों पर ईडी के छापे:महादेव ट्रेडिंग केस में रेड, वित्तीय लेन-देन को लेकर खंगाले रिकार्ड

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजस्थान सहित कई राज्यों में शुक्रवार सुबह बड़ी छापेमारी की। राजस्थान में श्रीगंगानर सहित 5 ठिकानों पर ईडी ने रेड डाली। छापे की कार्रवाई महादेव ट्रेडिंग केस में PMLA के तहत की जा रही है। ईडी टीमों की ओर से वित्तीय लेन-देन और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे है ईडी सूत्रों के मुताबिक, महादेव ट्रेडिंग मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच को लेकर राजस्थान, दिल्ली और बिहार सहित कई राज्यों में एक साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ईडी की यह कार्रवाई महादेव ट्रेडिंग मामले में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है। राजस्थान में जयपुर और श्रीगंगानगर सहित पांच ठिकानों पर ईडी की टीमों ने महादेवी ट्रेडिंग केस को लेकर छापेमारी की। ईडी की कार्रवाई में श्रीगंगानगर में कारोबारी अशोक चांडक से जड़े 4 ठिकानों व जयपुर के वैशाल नगर में 1 ठिकाने पर सर्च किया गया। इसके साथ ही अशोक चांडक के रिश्तेदारों और उनसे जुड़े अन्य लोगों के ठिकानों पर भी सर्च किया गया है। ईडी टीमें छापेमारी में मिले डॉक्यूमेंट, डिजिटल रिकॉर्ड, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। ईडी की ओर से छापेमारी की कार्रवाई जारी है, जांच पूरी होने के बाद मामले में बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई गई है।

पाली में मेडिकल स्टोर पर छापा:10 हजार की दवाएं सील; बिना पर्ची बेचने का आरोप

पाली शहर के सोसायटी नगर स्थित आयुष मेडिकल एंड जनरल स्टोर पर औषधि नियंत्रण विभाग ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान यहां एनडीपीएस और शेड्यूल H-1 श्रेणी की दवाओं का अवैध भंडारण मिला। विभाग ने करीब 10 हजार रुपए कीमत की दवाएं जब्त कर सील कर दीं और उनके सैंपल जांच के लिए भेज दिए। मामले की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खरीद के बिल नहीं दिखा सका संचालक औषधि नियंत्रक भरत गोस्वामी ने बताया कि औषधि नियंत्रण अधिकारी माधव सिंह और दिनेश कुमार सुथार ने निरीक्षण के दौरान जब इन दवाओं के खरीद बिल मांगे तो फर्म संचालक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जांच में यह भी सामने आया कि एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं का विक्रय फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में, बिना डॉक्टर की पर्ची और बिना बिल जारी किए किया जा रहा था। नशे में दुरुपयोग की शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई विभाग के अनुसार, क्षेत्र में इन दवाओं के नशे के रूप में दुरुपयोग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर मेडिकल स्टोर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। कार्रवाई के दौरान करीब 10 हजार रुपए की एनडीपीएस घटक युक्त दवाओं को सील किया गया और संदेह के आधार पर उनके नमूने जांच के लिए लिए गए। जांच के बाद होगी सख्त कानूनी कार्रवाई भरत गोस्वामी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि औषधि नियंत्रक, जयपुर और जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिले में एनडीपीएस घटक युक्त दवाओं के दुरुपयोग और अवैध बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। दोषी पाए जाने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल स्टोर संचालकों से विभाग की अपील सहायक औषधि नियंत्रक ने जिले के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की कि वे एनडीपीएस श्रेणी की दवाएं केवल वैध बिल से खरीदें और डॉक्टर के विधिवत प्रिस्क्रिप्शन पर बिल सहित ही बेचें, ताकि इन दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

झालावाड़ में 16 दिन में 2100 चालान काटे:21 लाख का जुर्माना लगाया, अभियान में हेलमेट के लिए जागरूक भी किया

झालावाड़ में सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने 16 दिवसीय विशेष हेलमेट अभियान चलाया। इस अभियान के तहत जिलेभर में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतिम दिन शाम तक ट्रैफिक पुलिस ने लगभग 2100 चालान बनाए, जिन पर कुल 21 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर यह अभियान पूरे जिले में चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक भी किया गया।
जागरूकता के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले दुपहिया सवारों के खिलाफ ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से चालान किए गए। ऑनलाइन चालानों की सूचना मोबाइल संदेश के जरिए भेजी गई है, जबकि ऑफलाइन चालानों की अधिकांश राशि मौके पर ही जमा करा ली गई। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है उद्देश्य
ट्रैफिक पुलिस प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है, जिसके लिए प्रति चालान 1000 रुपए का जुर्माना निर्धारित है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।

बड़े भाई का सिर कुल्हाड़ी से फोड़ा:बोला- आज जान से मार दूंगा; जमीन विवाद को लेकर किया वार

जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि सिर पर करीब 10 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव हो गया और घायल को 9 टांके लगाने पड़े। खून से लथपथ हालत में परिजन उसे बाखासर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया। हमले के बाद भी छोटा भाई बोला- आज जान से मार दूंगा। घटना बाड़मेर जिले के बाखासर थाना इलाके अरटी गांव बीती रात करीब 8 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पिता के साथ चल रही थी जमीन को लेकर बातचीत बाखासर थानाधिकारी गोविंदराम के अनुसार अरटी गांव निवासी 42 साल के श्रवण कुमार अपने पिता भावाराम के साथ जमीन के मामले को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई रमेश कुमार वहां पहुंच गया। श्रवण के साले भंवरलाल ने बताया का आरोप है कि रमेश ने वहां पहुंचते ही पिता और बड़े भाई के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और श्रवण कुमार को जान से मारने की धमकी भी दी। परिवार के अनुसार रमेश को यह भी पता था कि श्रवण के सिर के दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। उनके दिमाग की नस से जुड़ी परेशानी के कारण पहले दो बार सर्जरी हुई थी और डॉक्टरों ने उन्हें सिर पर चोट से बचने की सलाह दी थी। पुलिस के अनुसार आरोप है कि इसी दौरान रमेश कुमार ने पीछे से आकर श्रवण कुमार के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि कुल्हाड़ी उनके सिर में गहराई तक लग गई। हमले के बाद श्रवण वहीं गिर पड़े और उनके सिर से काफी खून बहने लगा। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और जान से मारने की धमकी देता रहा। हमले के दौरान श्रवण कुमार की पत्नी और बच्चों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी कुल्हाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिजन घायल श्रवण कुमार को खून से लथपथ हालत में बाखासर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया और हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए गुजरात रेफर कर दिया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को रिपोर्ट नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित बोला- शराब के नशे में किया हमला घायल श्रवण कुमार ने बताया कि रात करीब 8 बजे वह घर पर अपने पिता के साथ तारबंदी तोड़ने के मुद्दे पर बात कर रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई रमेश कुमार शराब के नशे में वहां आया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। श्रवण कुमार के अनुसार शोर सुनकर उनकी पत्नी और बच्चे मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि रमेश कुमार ने उनके पिता की लाठी से भी हमला करने का प्रयास किया और इसके बाद वहां से भाग गया।

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल 20वें दिन जारी:कहा- 20 जुलाई तक जिंदा रहना चाहूंगा; संसद मार्च के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग आएं

शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन अनशन शुक्रवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गया। वांगचुक ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर 20 जुलाई तक जीवित रहेंगे। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि लंबे उपवास के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई है और अंगों को नुकसान पहुंचने का खतरा है। जंतर-मंतर पर परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का विरोध प्रदर्शन 28वें दिन भी जारी रहा। वांगचुक ने समर्थकों से 20 जुलाई को संसद तक होने वाले शांतिपूर्ण मार्च में भारी संख्या में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे लोकतंत्र के मंदिर में अपनी बात रखेंगे। वांगचुक ने कहा कि वह बाहर से कमजोर हैं, लेकिन अंदर से मजबूत हैं। उन्होंने मजाक में कहा कि अगर 20 जुलाई का मार्च सफल नहीं हुआ, तो वह भूत बनकर वापस आएंगे। उन्होंने सरकार से कोई प्रतिक्रिया न मिलने तक अनशन खत्म करने से इनकार कर दिया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने अधिकारियों को उनके स्वास्थ्य की निगरानी करने का निर्देश दिया है। इसी बीच, AISA ने बताया कि उनके सदस्य नेहा, मनीष और आमीन की स्थिति भी गंभीर है। आमीन को डिहाइड्रेशन के कारण हाइपोवोलेमिक शॉक का खतरा है, नेहा का ब्लड शुगर 49 mg/dL तक गिर गया है और मनीष का वजन 10 फीसदी से ज्यादा कम हो गया है। ये छात्र वांगचुक के साथ एकजुटता बनाए हुए हैं। CJP केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा अनियमितताओं के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग कर रही है। यह प्रदर्शन 20 जून से चल रहा है, जबकि वांगचुक 28 जून को इसमें शामिल हुए थे। संसद मार्च मानसून सत्र के पहले दिन आयोजित किया जाएगा। खबर अपडेट हो रही है…

तीन थाना इलाकों से तीन बाइक चोरी:मंडी से पैसे और मोबाइल समेत बाइक चोरी हुई; पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

अलवर शहर में बाइक चोर लगातार सक्रिय बने हुए हैं। कोतवाली, अरावली विहार और एनईबी थाना क्षेत्र से तीन मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले सामने आए हैं। तीनों मामलों में संबंधित थानों ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मिर्जापुर निवासी जितेंद्र चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 जुलाई को वह कंपनी गार्डन में कवरेज के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (आरजे-02-वीबी-3486) कंपनी गार्डन के पीछे अशोक लेमिनेशन के पास खड़ी की थी। करीब 45 मिनट बाद लौटे तो बाइक गायब मिली। बाइक पर “PRESS” लिखा हुआ था, जिससे उसकी पहचान आसानी से हो सकती है। दूसरा मामला अरावली विहार थाना क्षेत्र का है। ग्रीन पार्क, मालवीय नगर निवासी माधुरी सैन ने बताया कि 15 जुलाई की शाम उनके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल (आरजे-02-डीएफ-9398) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी हैं। तीसरा मामला एनईबी थाना क्षेत्र का है। हादरहेड़ा निवासी राजकुमार ने रिपोर्ट में बताया कि 7 जुलाई को वह सब्जी मंडी खरीदारी करने गए थे। बारिश शुरू होने पर उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (आरजे-02-डीजे-7125) के बॉक्स में ओप्पो रेनो 14 5जी मोबाइल और 3,500 रुपये रख दिए। सब्जी लेकर लौटे तो बाइक सहित मोबाइल और नकदी भी चोरी हो चुके थे। तीनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है।

कुचामन में नए बस स्टैंड पर रूट विवाद:2 आरोपी गिरफ्तार, 2 बस-3 स्कॉर्पियो और 1 कैंपर वाहन जब्त

कुचामन सिटी के नए बस स्टैंड पर बस संचालकों के बीच रूट को लेकर चल रहे विवाद में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 2 बसों सहित 6 वाहन जब्त किए और 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई थाना कुचामन सिटी प्रभारी राजेंद्र खदाव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि नए बस स्टैंड पर बुटाटी-सीकर-जयपुर रूट पर बस संचालन को लेकर बस मालिकों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। जानकारी मिली थी कि बड़ी संख्या में लोग और वाहन एकत्र हो रहे हैं, जिससे किसी भी समय झगड़ा होने की आशंका थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से 2 बस, 3 स्कॉर्पियो और 1 कैंपर वाहन जब्त किए। इस दौरान रामेश्वर लाल विश्नोई निवासी पोलास, मेड़ता रोड और नंद सिंह निवासी जालसू कलां, डेगाना को गिरफ्तार किया।

धौलपुर में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य शोभायात्रा:मचकुंड सरोवर में जल आचमन, महाआरती और भंडारा हुआ

धौलपुर में मचकुंड स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से गुरुवार शाम भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के बाद मचकुंड सरोवर में जल आचमन, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शोभायात्रा शाम 5 बजे मंदिर परिसर से शुरू हुई और मचकुंड परिक्रमा मार्ग से होते हुए विभिन्न स्थानों तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। सेवा के लिए मीठे पानी की प्याऊ भी लगाई गई थी। जय जगन्नाथ के गूंजे जयकारे
यात्रा में महिला-पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा के समापन पर भगवान जगन्नाथ का पवित्र मचकुंड सरोवर में विधि-विधान के साथ जल आचमन कराया गया। इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
पूरे आयोजन के दौरान मचकुंड क्षेत्र धार्मिक उल्लास और भक्ति के रंग में सराबोर रहा। जगन्नाथ मंदिर के महंत श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि यह शोभायात्रा प्रतिवर्ष परंपरा के अनुसार निकाली जाती है। जल आचमन, महाआरती और भंडारे का आयोजन विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न कराया जाता है।

पूर्व सभापति, आयुक्त की अग्रिम जमानत खारिज:फर्जी दस्तावेज तैयार कर डेढ़ करोड़ की सरकारी जमीन सस्ते में बेचने का आरोप

बारां नगर परिषद के चर्चित भूखंड पट्टा घोटाले में पूर्व सभापति ज्योति पारस और तत्कालीन नगर परिषद आयुक्त रिंकल गुप्ता को झटका लगा है। अदालत ने दोनों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि प्रथम दृष्टया रिकॉर्ड से यह सामने आता है कि सरकारी जमीन को आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर औने-पौने दाम पर पट्टा जारी किया गया। इससे सरकारी संपत्ति के गबन का मामला बनता है। औने-पौने दाम में बेची बेशकीमती जमीन
यह मामला कोतवाली थाने में दर्ज एफआईआर से संबंधित है। परिवादी तेजेश सुमन ने आरोप लगाया था कि अस्पताल रोड स्थित नगर परिषद का करीब 1500 वर्गफीट का खाली सरकारी भूखंड, जिसकी बाजार कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए थी, उसे हड़प लिया गया। आरोप के अनुसार इस बेशकीमती भूखंड का पट्टा फर्जी दस्तावेज, नक्शे और रिकॉर्ड तैयार कर मात्र 28 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से जारी किया गया था। शिकायत में तत्कालीन आयुक्त रिंकल गुप्ता, तत्कालीन सभापति ज्योति पारस सहित अन्य लोगों पर मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। सुनवाई के दौरान, बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि यह मामला राजनीतिक दुर्भावना से दर्ज कराया गया है और संबंधित पट्टा पहले ही निरस्त किया जा चुका है।
वहीं, अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि पट्टा निरस्त होने से अपराध समाप्त नहीं हो जाता। जांच में सामने आया है कि मौके पर खाली भूखंड होने के बावजूद फर्जी नक्शे और शपथ पत्रों के आधार पर पुराने मकान का रिकॉर्ड तैयार कर पट्टा जारी किया गया था। कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज की
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि जांच के दौरान उपलब्ध सामग्री से प्रथम दृष्टया यह साबित होता है कि सरकारी भूमि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेचे जाने की साजिश रची गई।
अदालत ने यह भी माना कि मामले की जांच अभी जारी है और पट्टा निरस्त किए जाने से आपराधिक दायित्व समाप्त नहीं होता। इन परिस्थितियों में अग्रिम जमानत देना न्यायोचित नहीं माना जा सकता। इसके बाद अदालत ने रिंकल गुप्ता और ज्योति पारस दोनों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं।

बिगबॉस की आवाज विजय-विक्रम सिंह जयपुर आए:बोले- मैं यहां का दामाद हूं, अपनापन महसूस होता है; सनी देओल के साथ की फिल्म

रियलिटी शो बिगबॉस में अपनी आवाज देने वाले एक्टर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट विजय विक्रम सिंह गुरुवार देर रात जयपुर पहुंचे। भास्कर से खास बातचीत में विजय विक्रम सिंह ने जयपुर से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा- जयपुर जितना यहां के लोगों का है, उतना ही मेरा भी है। मैं जयपुर का दामाद हूं। यहां आकर हमेशा अपनापन महसूस होता है।अक्सर जब भी जयपुर आता हूं तो होटल में नहीं, अपने ससुराल में ही रुकता हूं। लेकिन इस बार काम के सिलसिले में आया हूं, इसलिए होटल में ठहरा हूं। जयपुर आते ही मन खुश हो जाता है। बता दें कि विजय विक्रम सिंह एक बेहतरीन एक्टर, वॉइस ओवर आर्टिस्ट और मोटिवेशनल स्पीकर में रूप में पहचाने जाते है। हाल में सनी देओल और अक्षय खन्ना के साथ फिल्म इक्का में नजर आ रहे है। जयपुर में एक विशेष कम्युनिकेशन और पर्सनालिटी डवलपमेंट सेशन में हिस्सा लेने आए है।
कम्युनिकेशन स्किल ही सफलता की असली कुंजी बता दें कि वॉइस ओवर आर्टिस्ट के अलावा विजय एक सफल एक्टर भी हैं। वे वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’, ‘स्पेशल ऑप्स’, ‘क्रिमिनल जस्टिस’, ‘ह्यूमन’, ‘रुद्र’ सहित कई चर्चित फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में एक्टिंग कर चुके हैं। हाल में सनी देओल और अक्षय खन्ना के साथ इक्का फिल्म में नजर आ रहे हैं। एक्टिंग के साथ-साथ वे देशभर में मोटिवेशनल सेशन और कम्युनिकेशन वर्कशॉप भी करते हैं, जहां हजारों युवा उनसे सीखने पहुंचते हैं। विजय विक्रम सिंह ने कहा- आज के दौर में केवल तकनीकी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। यदि व्यक्ति अपनी बात प्रभावी ढंग से नहीं रख पाता तो उसका ज्ञान अधूरा रह जाता है। उन्होंने कहा कि आप तकनीकी रूप से कितने भी मजबूत क्यों न हों लेकिन अगर आप खुद को सही तरीके से व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं तो आपकी सारी जानकारी बेकार हो जाती है। एक्सप्रेशन आपकी सबसे बड़ी ताकत है। यह सिर्फ एक्टिंग में नहीं, बल्कि नौकरी, बिजनेस, इंटरव्यू, लीडरशिप और रोजमर्रा की जिंदगी के हर क्षेत्र में काम आता है। उन्होंने बताया कि उनकी कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को यह समझाना है कि वे सार्वजनिक मंच पर आत्मविश्वास के साथ कैसे बोलें, अपनी कम्युनिकेशन स्किल कैसे बेहतर करें और अपनी बात को प्रभावी ढंग से लोगों तक कैसे पहुंचाएं। कम्युनिकेशन और पर्सनालिटी डवलपमेंट कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा नावेंटम और उसके स्किल डवलपमेंट प्लेटफॉर्म ओरियन लेब के तहत कम्युनिकेशन और पर्सनालिटी डवलपमेंट कार्यक्रम किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को इंडस्ट्री से जुड़े व्यावहारिक अनुभव और भविष्य के लिए जरूरी कौशल प्रदान करना है। युवाओं, स्टूडेंट्स और उभरते कलाकारों को इनसे काफी कुछ सीखने को मिलेगा। युवाओं को मिलेगा इंडस्ट्री एक्सपोजर कार्यक्रम का आयोजन नावेंटम की ओर से किया जा रहा है, जो ब्रांड स्ट्रेटजी, डिजाइन, मार्केटिंग, डिजिटल इनोवेशन और क्रिएटिव कंसल्टिंग के क्षेत्र में कार्यरत कंपनी है। कंपनी अपने स्किल डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म ओरियन लैब के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, उद्योग जगत के नेताओं और प्रसिद्ध हस्तियों को युवाओं से जोड़ रही है। इसका उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच मौजूद दूरी को कम करना है, ताकि युवाओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं बल्कि वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव भी मिल सके। इसी पहल के तहत विजय विक्रम सिंह जैसे अनुभवी कलाकार और वक्ता युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।