ब्रेकिंग न्यूज़
कोटा की नांदिका सिंह बनीं राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियन:सीनियर ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड मैडल; इस साल मिला तीसरा पदक

कोटा की निशानेबाज नांदिका सिंह ने एक बार फिर शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राजस्थान का नाम रोशन किया। जयपुर में आयोजित 24वीं राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में नांदिका ने सीनियर कैटेगरी ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर स्टेट शूटिंग चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के कई प्रतिभाशाली शूटरों ने हिस्सा लिया, लेकिन नांदिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। नांदिका के कोच और पिता अशोक पाल सिंह ने बताया- सीनियर कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को स्टेट चैंपियन का अवॉर्ड दिया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में नांदिका का यह तीसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले वह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित खेलो इंडिया प्रतियोगिता और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। अब तक 22 पदक जीते नांदिका अब तक पिस्टल शूटिंग और ट्रैप शूटिंग में 22 से अधिक पदक जीत चुकी हैं। लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते इसी वर्ष चीन में आयोजित होने वाली वर्ल्ड यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए भी उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है। जयपुर में आयोजित सम्मान समारोह में पंजाब के पूर्व राज्यपाल वी. पी. सिंह बदनोर ने नांदिका सिंह को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

कोटा में नहर-चंबल नदी से युवक-युवती के शव निकाले:3 दिन से लापता था युवक, शिकायत दर्ज कराने जाते समय परिजनों को शव की सूचना मिली

कोटा में नगर निगम की गोताखोर टीम ने दो अलग-अलग रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक युवक और एक युवती के शव मंगलवार को बरामद किए। पहली घटना गुमानपुरा थाना क्षेत्र की दाईं मुख्य नहर में अग्निशमन कार्यालय के सामने की है, जहां नहर में शव तैरता दिखाई देने की सूचना पर गोताखोरों ने रेस्क्यू कर शव बाहर निकाला। शव काफी सड़ चुका था। पुलिस जांच में मृतक की पहचान दिनेश पांचाल (40) के रूप में हुई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त की। इसके बाद शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। मृतक के भाई रोहित पांचाल ने बताया- दिनेश रविवार से लापता था। वह खाई रोड स्थित बद्रीनारायण मंदिर के पीछे रहता था और रामपुरा में एक किराना दुकान पर काम करता था। दो दिन तक घर नहीं लौटने पर परिवार गुमशुदगी दर्ज कराने जा रहा था, तभी नहर में मिले शव की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो शव दिनेश का ही निकला। उसकी बाइक भी पुलिया के पास खड़ी मिली। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या है या हादसा, इसका पता नहीं चल सका है। युवती का शव निकाला, पहचान नहीं वहीं किशोरपुरा थाना क्षेत्र में चंबल नदी के अपस्ट्रीम स्थित कराई के बालाजी के पास दूसरी घटना हुई। नदी में शव होने की सूचना पर नगर निगम की गोताखोर टीम ने मोटर बोट की मदद से तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद एक युवती का शव निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमबीएस अस्पताल भेजा गया है। किशोरपुरा थाना अधिकारी चेतन शर्मा ने बताया- युवती की अभी पहचान नहीं हो सकी है। सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों मामलों की पुलिस जांच जारी है।

उदयपुर में कल 15 इलाकों में रहेगा पावर कट:सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बंद रहेगी बिजली; जानें कौनसे इलाके होंगे प्रभावित

मेंटेनेंस के चलते उदयपुर शहर में 15 जुलाई को 15 से ज्यादा इलाकों में पावर कट रहेगा। अजमेर विद्युत वितरण निगम के इंजीनियर्स के अनुसार- इस दौरान सुबह 10 से 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इसके तहत न्यू भोपालपुरा, सीपीएस स्कूल,अशोक नगर रोड नंबर 2, पन्ना विहार, वृंदावन धाम, डीपी सिंह गली, मयंक कॉलोनी, शुभ केसर गार्डन, राजकिरण गार्डन, दिव्य ज्योति, राम वाटिका, जैन कॉलोनी, आर्ची आर्केड, मेहता एंड संस और आसपास क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

कोटा में अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला:टक्कर के बाद डिवाइडर पर उछलकर गिरा, पहचान नहीं; NH 27 पर पैदल रोड क्रॉस कर रहा था

कोटा-उदयपुर NH27 पर तेज रफ्तार एक वाहन ने युवक को कुचल दिया। युवक के सिर और दोनों पैरों में चोट लगी। घटना आरकेपुरम थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम 6 बजे हुई है। हाईवे एम्बुलेंस की मदद से युवक को इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया। जहां डॉक्टर ने चेक कर उसे मृत घोषित किया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हुई है। हुलिए से युवक की उम्र 35 से 40 के बीच बताई गई है। युवक ने पजामा और टी शर्ट पहन रखा था। आरकेपुरम थाना ASI धनराज ने बताया- NH 27 पर नयागांव की पुलिया पर हादसा हुआ। युवक पैदल हाईवे क्रॉस कर रहा था। उसी समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। युवक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर जा गिरा। घायल युवक को तुरंत एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जहां युवक की मौत हो गई। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हुई है। शव को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया है। हादसा कैसे हुआ, किस दिशा से आ रहे वाहन ने टक्कर मारी। इस संबंध में जांच की जा रही है। परिजनों का पता लगने के बाद आगे की स्थिति साफ होगी।

भाजपा-मंत्री के साथ ट्रैक्टर पर बैठे कांग्रेसी-नेता, पद से हटाया:कांग्रेस ने 5 दिन पहले ही बनाया था बीकानेर देहात जिला उपाध्यक्ष

कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता सुमित गोदारा के कोलायत दौरे के दौरान उनके ट्रैक्टर पर बैठे कांग्रेस नेता श्याम सिंह भाटी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने कार्रवाई की है। प्रदेश कांग्रेस ने श्याम सिंह भाटी को बीकानेर देहात कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है। श्याम सिंह भाटी को करीब 5 दिन पहले 9 जुलाई को ही बीकानेर देहात कांग्रेस में जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। मंत्री गोदारा के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई देने का वीडियो सामने आने के बाद पार्टी नेतृत्व ने इसे अनुशासन का मामला मानते हुए कार्रवाई की। हालांकि, श्याम सिंह भाटी ने अपने ऊपर लगे राजनीतिक आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वह कोलायत क्षेत्र की जनसमस्याओं और मांगों को लेकर मंत्री सुमित गोदारा से मिलने गए थे। उन्होंने बताया कि मंत्री उनके पड़ोसी हैं और उन्होंने उन्हें ट्रैक्टर पर बैठा लिया था। भाटी के अनुसार, वह करीब सौ कदम चलने के बाद ही ट्रैक्टर से उतर गए थे, लेकिन उनका पक्ष सुने बिना ही पार्टी ने कार्रवाई कर दी। उन्होंने कहा कि वे आगे भी कोलायत की जनता की मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे। वीडियो सामने आने के बाद हुई कार्रवाई
कोलायत दौरे के दौरान मंत्री सुमित गोदारा के ट्रैक्टर पर कांग्रेस नेता के सवार होने का वीडियो सामने आते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इसे पार्टी विरोधी बताया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। हालांकि कांग्रेस की इस कार्रवाई को संगठनात्मक अनुशासन से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने इस फैसले के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी लाइन से अलग सार्वजनिक गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा और अनुशासन के मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ये खबर भी पढ़िए…. मंत्री की जनसुनवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा:विधायक को नहीं बुलाने पर की नारेबाजी; गोदारा ने गलती मानी, बोले- आगे से मिलकर काम करेंगे
बीकानेर के कोलायत में मंगलवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा की जनसुनवाई में हंगामा हो गया। कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी को नहीं बुलाने से भाजपा कार्यकर्ता नाराज हो गए। पूरी खबर पढ़िए

जोधपुर शहर में 17 जुलाई को नहीं आएगा पानी:पानी के स्टोरेज और मेंटेनेंस के चलते होगा शटडाउन; जानें-क्या रहेगा शेड्यूल

गर्मी के लिए पानी स्टोरेज और जोधपुर शहर के फिल्टर प्लांट, पम्प हाउस, पाइप लाइनों के मेंटेनेंस के चलते 17 जुलाई को जोधपुर शहर के समस्त फिल्टर हाउस से सभी क्षेत्रों में पानी सप्लाई नहीं होगा। शहर के कायलाना, चौपासनी व सुरपुरा फिल्टर हाउस से संबंधित सभी क्षेत्रों में 17 जुलाई को होने वाली जलापूर्ति 18 जुलाई और 18 जुलाई को होने वाली जलापूर्ति 19 जुलाई को की जाएगी। पीएचईडी एसई राजेंद्र मेहता ने बताया कि झालामंड और 0 तख्त सागर फिल्टर हाउस से जुडे क्षेत्र सरस्वती नगर और कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टरों एवं पाल बाइपास, शिल्पग्राम के आस-पास क्षेत्रो में 17 जुलाई को सुबह 10:00 बजे तक की जाने वाली जलापूर्ति सामान्य रूप से होगी। इन क्षेत्रों में 18 जुलाई को की जाने वाली जलापूर्ति 19 जुलाई को और 19 जुलाई को की जाने वाली जलापूर्ति 20 जुलाई को होगी।

जयपुर महिला जेल की डिप्टी सुपरिटेंडेंट सस्पेंड:कैदियों से वसूली करती थीं; एक IAS और दो RPS पर भी एक्शन, डॉक्टर बर्खास्त

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गड़बड़ियों में शामिल और ड्यूटी में लापरवाही करने पर महिला जेल डिप्टी सुपरिटेंडेंट सरोज विश्नोई को सस्पेंड कर दिया। वहीं दो RPS के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मंजूरी दी है। सीएम ने एक आईएएस अफसर के खिलाफ एक्शन लेने की भी मंजूरी दी है। इसके साथ ही एक डॉक्टर को बर्खास्त कर दिया। सीएम ने कानून-व्यवस्था पर बैठक के अगले ही दिन मंगलवार को पुलिस अफसरों के खिलाफ मिली शिकायतों के बाद कार्रवाई को मंजूरी दी है। जयपुर की महिला बंदी सुधार गृह की डिप्टी सुपरिटेंडेंट सरोज विश्नोई को सस्पेंड कर मुख्यालय जयपुर से भरतपुर किया गया है। सरोज विश्नोई के खिलाफ शिकायतें मिली थीं कि वे एक महिला कैदी को अपने साथ रखती थीं। महिला बंदी का दफ्तर के कामों में कर्मचारियों की तरह हस्तक्षेप था। सरोज विश्नोई पर पैसे लेकर बंदियों को नियम विरूद्ध सुविधाएं उपलब्ध करवाए जाने की भी शिकायतें थीं। जोधपुर के साइबर क्राइम एसीपी देरावर सिंह के खिलाफ विभागीय एक्शन मुख्यमंत्री ने जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में साइबर क्राइम के एसीपी देरावर सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मंजूरी दी है। देरावर सिंह को 16 सीसी की चार्जशीट देने की मंजूरी दी है। देरावर सिंह ने डीग के कामां थाने में इंस्पेक्टर रहते हुए हत्या के एक मामले में आठ में से केवल एक आरोपी को जांच में दोषी मानते हुए सात दोषियों को बचाने का प्रयास किया था। इस मामले की शिकायत हुई। देरावर सिंह की भूमिका पाए जाने पर अब सीएम ने सख्ती दिखााते हुए एक्शन लिया है। आरपीएस लाभुराम बिश्नोई के खिलाफ कार्रवाई मुख्यमंत्री ने आरपीएस लाभुराम विश्नोई के खिलाफ आरोपों को प्रमाणित मानते हुए विभागीय जांच रिपोर्ट को मंजूरी दी है। लाभुराम विश्नोई ने सवाईमाधोपुर के चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में बनास नदी में बजरी माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अवैध खनन और अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की थी। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने के हालात पैदा हो गए थे। खुद सहित पुलिस जाब्ते की जान को जोखिम में डाला। साथ ही, कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के साथ कोई समन्वय भी नहीं किया। सीएम की आईएएस के खिलाफ कार्रवाई की मंजूरी मुख्यमंत्री ने बेशकीमती सरकारी जमीन को नीलामी की जगह मनमाने तरीके से आवंटित करने के मामले में एक आईएएस के खिलाफ एक्शन लेने की मंजूरी दी है। आईएएस के खिलाफ ऑल इंडिया सर्विस रूल्स के नियम 8 में अनुशासनात्मक कार्रवाई की मंजूरी दी है। आईएएस के नाम का खुलासा नहीं किया है। सीएम ने दहेज उत्पीड़न के मामले में एक मेडिकल ऑफिसर के पद पर काम कर रहे डॉक्टर को नौकरी से बर्खास्त करने की मंजूरी दी है। 2 मामलों में अफसरों के सालाना इंक्रीमेंट रोकने, एक रिटायर्ड वेटरनरी अफसर की 20 फीसदी पेंशन हमेशा के लिए रोकने का फैसला किया है। सीसीए नियम 34 में रिव्यू के 5 मामलों में अफसरों की याचिकाओं को खारिज कर कार्रवाई को बरकरार रखा है। रिश्वत के आरोपी एक डीएसपी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। भीलवाड़ा के तत्कालीन सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी, राकेश खोईवाल के खिलाफ सीसीए नियम 16 के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दी है। …… ये खबर भी पढ़ें… मुख्यमंत्री ने अफसरों को जमकर फटकारा: कहा- प्रदेश में अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, अगर हुआ तो IG-SP जिम्मेदार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अपराध कंट्रोल को लेकर 13 जुलाई को हुई बैठक में पुलिस अधिकारियों को खूब फटकार लगाई। सीएम ने पुलिस अफसरों को चेतावनी दी कि अब किसी जिले में अपराध हुआ तो उसकी सीधी जिम्मेदारी संबंधित आईजी और एसपी की मानी जाएगी। पूरी खबर पढ़ें…

जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़,45 सिलेंडर जब्त:पटाखा फैक्ट्री हादसे में प्रोडक्शन वारंट पर मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

जयपुर की खोह नागोरियान थाना पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों से हो रही अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मंगलवार को मौके से 45 गैस सिलेंडर और गैस ट्रांसफर में काम आने वाले उपकरण जब्त किए हैं। वहीं, 9 जून को करीम नगर-बी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड और अवैध विस्फोटक भंडारण से जुड़े मामलों में दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडरों से की जा रही थी अवैध गैस रिफलिंग थाना प्रभारी प्रकाश राम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खोह नागोरियान क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से छोटे और व्यावसायिक सिलेंडरों में गैस भरी जा रही है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें 31 घरेलू, 9 व्यावसायिक और 5 अप्रमाणित छोटे गैस सिलेंडर सहित कुल 45 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा एक रेगुलेटर, रबर पाइप, गैस ट्रांसफर के लिए इस्तेमाल होने वाला जुगाड़ और चार बांसुरियां भी जब्त की गईं। मौके पर रसद विभाग को बुलाकर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया। हालांकि, पुलिस दबिश की सूचना पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग से 8 की मौत के मामले में मुख्य आरोपी अरेस्ट वहीं पुलिस ने 9 जून को करीम नगर-बी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत के मामले में मुख्य आरोपी फिरोज (33) निवासी गाजियाबाद को केंद्रीय कारागृह जयपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, फिरोज अवैध पटाखा फैक्ट्री के संचालन से जुड़ा हुआ था और उससे पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा अवैध पटाखा फैक्ट्री और विस्फोटकों के भंडारण से जुड़े एक अन्य प्रकरण में संपत्ति मालिक कयूम खान (50) निवासी रहीम नगर, खोह नागोरियान को भी केंद्रीय कारागृह जयपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी पुलिस पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पटाखे बनवाने से लेकर बारूद को शहर तक लाने की कड़ी में पूछताछ करेंगी। साथ ही अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी। खोह नागोरियान थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग, अवैध विस्फोटक भंडारण और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पायलट बोले- राजस्थान में मंत्री-सांसद की कोई नहीं सुन रहा:उदयपुर में कहा- जनप्रतिनिधियों की बजाय अधिकारियों के बल पर चल रही सरकार

उदयपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा- राजस्थान में सरकार अफसरों के भरोसे चल रही है। यहां भाजपा अपने पैर पीट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। वे मंगलवार शाम को उदयपुर के जिंक स्मेल्टर देबारी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पायलट ने कहा कि राजस्थान में जनप्रतिनिधियों की बजाय अधिकारियों के बल पर सरकार चल रही है। सत्ताधारी दल के जो मंत्री, सांसद और विधायक भी अपने पैर पीट रहे हैं, उनकी कोई सुन नहीं रहा है। उनकी जवाबदेही तय नहीं हो रही है। ये बहुत संकट का समय है। उन्होंने कहा- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत पर पानी फेर दिया और सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। पेपर और रिजल्ट में हो रही गड़बड़ी सचिन पायलट ने कहा- छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा और पारदर्शी परिणाम चाहिए, लेकिन पेपर और रिजल्ट दोनों में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली और जयपुर की सरकारें अपने-अपने स्तर पर असफल साबित हुई हैं। राज्य सरकार ने आधा कार्यकाल बीतने के बावजूद जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कानून व्यवस्था, शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। पायलट ने कहा- प्रदेश में गर्भवती महिलाओं की मौतों ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्कूलों की छतें गिरने से बच्चों की मौत हो रही है। हाईकोर्ट को सरकार को फटकार लगानी पड़ रही है, लेकिन जवाबदेही तय नहीं की जा रही। उन्होंने आरोप लगाया- सड़क हादसों, अपराध और दुष्कर्म की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने पंचायत, निकाय और छात्रसंघ चुनाव समय पर नहीं कराने को लेकर भी सरकार को घेरा। पायलट ने कहा कि संविधान के अनुसार हर पांच साल में चुनाव कराना अनिवार्य है, लेकिन सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है, क्योंकि उसे जनता के गुस्से का डर है। असली जिम्मेदारों पर नहीं हो रही कार्रवाई केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा- 12 साल के शासन के बाद सत्ता में अहंकार आ गया है। पायलट ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में चंदे से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए कहा- करोड़ों रुपए के कथित गबन के मामले में असली जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रधानमंत्री के “ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा” वाले नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में केवल लीपापोती की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब संसद जब चलती है, तब कोई जवाब नहीं देता है। विपक्ष की आवाज को दबाने का काम होता है। ये गैर संवैधानिक और गैर कानूनी रूप से परिसीम​न का बिल पारित करना चाहते हैं, जबकि एक प्रणाली होती है, जनणगना होती है परिसीमन आयोग बनता है। इसके बाद उसकी सिफारिश के बाद संसद में कार्रवाई होती है। ईंधन नीति पर बोलते हुए पायलट ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के एथेनॉल संबंधी निर्णयों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता पर थोपा जा रहा है, जबकि लोगों को अपनी पसंद का विकल्प मिलना चाहिए। किसान खुश नहीं, युवा परेशान पायलट ने दावा किया कि आज किसान खुश नहीं हैं, युवा परेशान है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और पार्टी का लक्ष्य भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के सामने उजागर कर आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाना है। मेरे दौरे में हर जगह कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। इस दौरान उदयपुर देहात के अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, मावली विधायक पुष्करलाल डांगी, पूर्व मंत्री डा. मांगीलाल गरासिया, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा आदि ने पायलट का स्वागत किया।

कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, 33 दिन में बने 692 पट्टे:एम्स के पीडियाट्रिक सर्जरी डिपार्टमेंट में 250 से ज्यादा ऑपरेशन; पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें

जोधपुर शहर में मंगलवार को अलग-अलग कार्यक्रम हुए। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन (NWREU) के बैनर तले मंगलवार को कैरेज एंड वेगन डिपो के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं शहरी सेवा शिविर में 33 दिनों में 692 पट्टे जारी किए गए। एम्स जोधपुर ने बच्चों की किडनी सर्जरी कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पीडियाट्रिक सर्जरी डिपार्टमेंट ने 250 से ज्यादा लेप्रोस्कोपिक पायलोप्लास्टी सर्जरी की है। शहर में देशभर के ज्योतिष जुटे। पूर्व न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास की अध्यक्षता में ज्योतिष परामर्श शिविर का आयोजन हुआ। शहर की प्रमुख खबरों के लिए पढ़ें लाइव ब्लॉग…