ब्रेकिंग न्यूज़
हाईकोर्ट ने PTI भर्ती-2022 में नियुक्ति रोकने से किया इनकार:स्थायी डिबार आदेश पूर्व प्रभाव से लागू नहीं होगा, सत्यापन कर दें नियुक्ति

राजस्थान हाईकोर्ट ने पीटीआई ग्रेड-3 भर्ती 2022 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने कहा- भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी स्थायी डिबार आदेश को पूर्व प्रभाव से लागू कर उम्मीदवारों की नियुक्ति नहीं रोकी जा सकती। जस्टिस कुलदीप माथुर की बेंच ने राज्य सरकार और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) को निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा- अभ्यर्थियों के वर्तमान शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए और दस्तावेज सही पाए जाने पर मेरिट के अनुसार नियुक्ति दी जाए। ये था पूरा मामला याचिकाकर्ताओं की वर्ष 2018 की पीटीआई भर्ती में प्रस्तुत बी.पी.एड. डिग्रियां सत्यापन में वास्तविक नहीं पाई गई थीं। इसके कारण उन्हें नियुक्ति नहीं मिली थी। इसके बाद उन्होंने मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों से नई बी.पी.एड. डिग्रियां हासिल कीं और वर्ष 2022 की भर्ती परीक्षा में चयनित हो गए। हालांकि साल 2024 में उन्हें भविष्य की सभी आरएसएसबी परीक्षाओं से स्थायी रूप से डिबार कर दिया गया था। कोर्ट ने पाया कि डिबार करने से पहले अभ्यर्थियों को सुनवाई का अवसर नहीं दिया गया और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन भी नहीं हुआ। इसलिए यह डिबार आदेश वर्ष 2022 की भर्ती पर लागू नहीं किया जा सकता। हाईकोर्ट ने चार माह के भीतर दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के निर्देश दिए हैं।

जयपुर में एक साथ दबोचे गए 313 बदमाश:अपार्टमेंट से 3 युवतियों समेत 94 संदिग्ध हिरासत में, बिना वेरिफिकेशन के रह रहे थे

जयपुर पुलिस आयुक्तालय (कमिश्नरेट) ने गुरुवार को अपराधियों के खिलाफ बड़ा ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान चलाते हुए पूरे शहर में कार्रवाई की। अभियान के तहत हार्डकोर अपराधियों, गैंग के सदस्यों, हिस्ट्रीशीटरों और वांछित बदमाशों पर एक साथ शिकंजा कसा गया। पुलिस ने 313 बदमाशों (अपराधियों) को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक सक्रिय गैंग के सदस्य को भी दबोचने में सफलता मिली है। पुलिस टीमों ने जयपुर उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ मोर्चा संभाला। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई, अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दी गई, हिस्ट्रीशीटरों का भौतिक सत्यापन किया गया और संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त (पेट्रोलिंग) की गई। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया। 14 मामले दर्ज, अवैध शराब और हथियार जब्त पुलिस ने अलग-अलग थानों में कुल 14 नए मामले दर्ज किए। इनमें आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत 10, आर्म्स एक्ट (हथियार कानून) के तहत 1, एनडीपीएस एक्ट (नशीले पदार्थ) के तहत 1 और आरएनसी एक्ट (RNC Act) के तहत 2 प्रकरण शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 173 पव्वे अवैध शराब भी जब्त की है। 54 बदमाशों पर निरोधात्मक कार्रवाई, वारंटियों की धरपकड़ पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत 54 व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की। इसके अलावा, लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 स्थायी वारंटों का निस्तारण किया गया और 10 गिरफ्तारी वारंट तामील करवाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने खुद हार्डकोर अपराधियों, गैंग के सदस्यों और हिस्ट्रीशीटरों के ठिकानों पर जाकर उनका भौतिक सत्यापन किया और उनकी वर्तमान गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। जयपुर पुलिस ने इस अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थों, अवैध हथियारों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ चौतरफा कार्रवाई की। जिन थाना क्षेत्रों में अपराधियों की सक्रियता चिह्नित की गई थी, वहां विशेष टीमें बनाकर लगातार दबिश दी गई। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में बड़ा सर्च अभियान खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) सचिन मित्तल और डीसीपी (पूर्व) रंजिता शर्मा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल तथा एसीपी विनोद शर्मा के सुपरविजन में थाना प्रभारी प्रकाशराम के नेतृत्व में 12 पुलिस टीमों ने सुबह पांच बजे से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। गिरनार अपार्टमेंट से 3 युवतियों समेत 94 संदिग्ध हिरासत में स्विगी, जोमैटो, ओला और उबर जैसी कंपनियों के गिग वर्कर्स (डिलीवरी बॉयज/राइडर्स) के साथ लगातार हो रही चोरी, लूट, छीना-झपटी और मारपीट की घटनाओं को देखते हुए आवासन मंडल की ‘गिरनार अपार्टमेंट सोसायटी’ में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। यहां बिना रेंट एग्रीमेंट (किरायानामा) और बिना पुलिस वेरिफिकेशन (सत्यापन) के रह रहे 3 युवतियों सहित कुल 94 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर पाबंद किया गया। 20 संदिग्ध वाहन जब्त सर्च ऑपरेशन के दौरान बिना नंबर प्लेट और अवैध रूप से संचालित किए जा रहे 20 संदिग्ध वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) एवं अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत जब्त किया गया। अवैध शराब बेचने वाली तीन महिलाओं समेत चार गिरफ्तार हाल ही में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई। इस कार्रवाई में तीन महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। जुआ खेलते चार आरोपी गिरफ्तार राजस्थान सार्वजनिक द्यूत (जुआ) अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 13,380 रुपये की जुआ राशि जब्त की है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

टोंक में 11वीं की छात्रा ने किया सुसाइड:कमरे में फंदे पर लटका मिली बॉडी, कारणों का नहीं चल पाया पता

पुरानी टोंक थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक 17 वर्षीय 11वीं छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। सुसाइड के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। मां चाय के लिए बुलाने गई तो हुआ खुलासा
परिजनों के अनुसार, छात्रा ने अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में गई थी। शाम करीब 4 बजे उसकी मां चाय लेकर उसे बुलाने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने और कुंडी खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो छात्रा दुपट्टे के फंदे से पंखे पर लटकी मिली। उसे तुरंत सआदत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर शाम मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

निगम की बैठक में जमीन से जुड़े 22 केस अप्रूव:3 के कागजों में कमी मिली, जनसुनवाई भी की गई; पढ़ें जोधपुर की प्रमुख खबरें

भू उपयोग परिवर्तन के पेंडिंग आवेदन के निस्तारण को लेकर गुरुवार को नगर निगम आयुक्त राहुल जैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में 22 प्रकरणों को अप्रूव किया गया। आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि शहर के विभिन्न जोन में भू उपयोग परिवर्तन के लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए पिछले डेढ़ महीने में तीन बैठक आयोजित की जा चुकी है। इसी कड़ी में गुरुवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कुल 25 मामले रखे गए थे। इनमें से अधिकांश प्रकरण चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र से संबंधित थे। सभी प्रकरणों पर समिति सदस्यों ने विस्तृत चर्चा की , जिसके बाद 22 मामलों को स्वीकृति दी गई , वहीं तीन प्रकरणों को आवश्यक डॉक्यूमेंट की कमी के चलने अप्रूव नहीं किया गया था। आयुक्त ने बताया कि आगामी दो सप्ताह के भीतर उपयोग परिवर्तन समिति की एक और बैठक आयोजित की जाएगी , ताकि जल्द से जल्द लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जा सके। बैठक में मौजूद हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के साथ हाउसिंग बोर्ड की फाइलों को निगम में ट्रांसफर करने की भी चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त अर्चना व्यास, एसटीपी जोन भूपेंद्र सिंह, निगम एसटीपी मनीष कुमार, डीटीपी गौतम माथुर , एटीपी आयुष, विधि अधिकारी मोहर सिंह सहित सभी संबंधित लिपिक मौजूद रहे। नगर निगम में हुई जनसुनवाई वहीं, दूसरी तरफ नगर निगम में गुरुवार को दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक जनसुनवाई हुई। इसमें आयुक्त राहुल जैन ने 50 से ज्यादा लोगों की समस्या सुनी और निस्तारण को लेकर आश्वासन दिया। आयुक्त राहुल जैन ने मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आवेदकों ने बताया कि नगर निगम से जुड़े विभिन्न कार्यों को लेकर आमजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं और जनसुनवाई के माध्यम से उन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। आगे पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें…

हाईकोर्ट ने पूछा-किसानों की उपज खरीदने की क्या व्यवस्था है?:सरकार से एमएसपी पर मांगा जवाब; 12 अगस्त को होगी अगली सुनवाई

राजस्थान हाईकोर्ट ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर केंद्र और राज्य सरकार से जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा कि केवल एमएसपी घोषित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सरकार को प्रभावी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी, खासकर तब जब किसानों को खुले बाजार में समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा हो। जस्टिस मुन्नूरी लक्ष्मण और जस्टिस अनुरूप सिंघी की खंडपीठ ने ये निर्देश भारतीय किसान संघ, राजस्थान प्रांत की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए। खंडपीठ ने राज्य और केंद्र सरकार को प्रदेश में एमएसपी वाली फसलों के सभी सरकारी खरीद केंद्रों, नामित खरीद एजेंसियों और उनकी कार्यप्रणाली का पूरा ब्योरा पेश करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी कोर्ट ने यह भी पूछा है कि जिन क्षेत्रों में किसानों को एमएसपी (MSP) नहीं मिल रही है, वहां खरीद की क्या व्यवस्था की गई है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 12 अगस्त को होगी। याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि मंडी अधिनियम के तहत किसानों की उपज को एमएसपी से कम दाम पर बिकने से रोकना मंडी समितियों का वैधानिक दायित्व है। इसके बावजूद, प्रदेश की कई मंडियों में फसलें समर्थन मूल्य से काफी कम दाम पर बिक रही हैं। इस स्थिति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने केंद्र व राज्य सरकार से तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है और किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए एक प्रभावी खरीद तंत्र सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। याचिका में क्या कहा गया? भारतीय किसान संघ की ओर से अधिवक्ता रमनदीप सिंह खरलिया ने अदालत को बताया कि ‘राजस्थान कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1961’ की धारा 9(2)(xii) के तहत मंडी समितियों का यह वैधानिक दायित्व है कि वे किसानों की उपज को सरकार द्वारा घोषित एमएसपी से कम मूल्य पर बिकने से रोकें। इसके बावजूद, प्रदेश की मंडियों में कई फसलों की नीलामी समर्थन मूल्य से नीचे हो रही है। याचिका में यह भी रेखांकित किया गया कि ‘राजस्थान कृषि उपज मंडी नियम, 1963’ के नियम 64(3) के तहत होने वाली खुली नीलामी में एमएसपी को आधार मूल्य (बेस प्राइस) नहीं बनाया जाता। इसके कारण किसानों को घोषित समर्थन मूल्य का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाता और कानून का मूल उद्देश्य ही प्रभावित होता है। कोर्ट ने सरकारों से क्या पूछा? सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि केंद्र सरकार की व्यवस्था के अनुसार गेहूं और धान की खरीद भारतीय खाद्य निगम (FCI) तथा अन्य फसलों की खरीद नैफेड (NAFED) व सीसीआई (CCI) सहित अन्य नामित एजेंसियों के माध्यम से की जाती है। ऐसे में राज्य सरकार यह स्पष्ट करे कि राजस्थान में इन एजेंसियों के कितने खरीद केंद्र संचालित हैं और किसानों को एमएसपी दिलाने के लिए उनकी वास्तविक धरातलीय व्यवस्था क्या है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार यह स्पष्ट नहीं कर सकी कि जिन क्षेत्रों में किसानों को एमएसपी नहीं मिल पा रही है, वहां प्रभावी सरकारी खरीद व्यवस्था कैसे उपलब्ध कराई जा रही है। इस पर नाराजगी जताते हुए अदालत ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों से विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है।

पहली बार चेकिया की 2 प्लेयर्स के बीच विंबलडन फाइनल:मुहोवा-नोस्कोवा में भिड़ंत 11 जुलाई को होगी, आज मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल होंगे

विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के लेडीज सिंगल्स में इस बार चेकिया की 2 खिलाड़ियों के बीच फाइनल मुकाबला होगा। टूर्नामेंट के इतिहास में 19 साल बाद एक ही देश की 2 खिलाड़ी फाइनल में पहुंची हैं। इससे पहले 2009 में अमेरिका की विलियम्स सिस्टर्स के बीच फाइनल खेला गया था। गुरुवार को चेक गणराज्य की 29 साल की करोलिना मुहोवा ने 7वीं सीड अमेरिकी टेनिस स्टार कोको गॉफ को 6-2, 1-6, 7-6 (12-10) से हराकर पहली बार फाइनल में प्रवेश किया। इसके कुछ घंटों बाद लिंडा नोस्कोवा ने यूक्रेन की मार्ता कोस्त्युक को 6-4, 6-4 से हराते हुए खिताबी दौर में जगह बनाई। दोनों में मुकाबला शनिवार को सेंटर कोर्ट पर खेला जाएगा। मुचोवा ने तीसरे सेट में मैच पॉइंट बचाया निर्णायक सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर रही। टाई-ब्रेकर में स्कोर 8-8 होने पर सर्विस में देरी के कारण मुहोवा को टाइम वॉयलेशन की चेतावनी मिली। अगले ही अंक पर उनका फोरहैंड बाहर चला गया और कोको गॉफ को मैच पॉइंट मिल गया। हालांकि, गॉफ नेट पर ड्रॉप शॉट खेलने में चूक गईं। मुचोवा ने इसका पूरा फायदा उठाया और लगातार दो अंक जीतकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। डॉक्टरों ने कहा था- टेनिस छोड़ दो महोवा का करियर लगातार चोटों से प्रभावित रहा है। वह कलाई, पेट, पीठ, जांघ, टखने और पैर की कई गंभीर चोटों से जूझ चुकी हैं। 2022 में डॉक्टरों ने उन्हें टेनिस छोड़ने तक की सलाह दे दी थी। इसके बाद 2023 और 2024 में उनकी दाईं कलाई की सर्जरी हुई, जिससे वह करीब 10 महीने कोर्ट से बाहर रहीं। अब शानदार वापसी करते हुए वह अपने पहले ग्रैंड स्लैम खिताब से सिर्फ एक जीत दूर हैं। गॉफ की सर्विस बनी हार की बड़ी वजह मुहोवा ने पहले सेट में गॉफ की कमजोर सर्विस का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने तीसरे और पांचवें गेम में सर्विस ब्रेक कर 6-2 से सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में गॉफ ने जोरदार वापसी करते हुए 6-1 से जीत हासिल की और मुकाबला निर्णायक सेट तक पहुंचाया। हालांकि, आखिरी सेट के दबाव भरे पलों में मुचोवा ने बेहतर खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। जीत के बाद बोलीं मुचोवा मुहोवा ने कहा, ‘फाइनल में पहुंचना मेरे लिए बेहद खास पल है। मुकाबला बहुत कठिन था और पूरे मैच में लगातार उतार-चढ़ाव आते रहे। कोर्ट पर सोचने का ज्यादा समय नहीं था। आखिर तक मुकाबला काफी तनावपूर्ण रहा।’ ——————————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… ब्रिटेन के आर्थर फेरी पहली बार विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचे:ऐसा करने वाले दूसरे वाइल्ड कार्ड; कोबोली को हराया; ज्वेरेव से मुकाबला ब्रिटेन के वाइल्डकार्ड आर्थर फेरी ने विंबलडन 2026 में उलटफेर करते हुए पहली बार ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचे। 114वीं रैंक वाले फेरी ने इटली के 9वीं सीड फ्लावियो कोबोली को 6-4, 7-6 (7-4), 6-0 से हराया। पूरी खबर पढ़ें…

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सुरक्षा में चूक:एमपी में एक्सप्रेस-वे पर गुजरते काफिले के सामने आए 3 युवक; 120 की रफ्तार में थीं गाड़ियां

रतलाम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सुरक्षा में गुरुवार दोपहर चूक का मामला सामने आया है। 8 लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गडकरी के काफिले के सामने अचानक तीन युवक आ गए। घटना रतलाम जिले के शिवगढ़ ब्रिज के पास की है। केंद्रीय मंत्री के काफिले में शामिल वाहन इन ग्रामीणों के बगल से गुजरते हुए दूसरी लेन से निकल गए। इन गाड़ियों की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तस्वीरों में पूरी घटना गुजरात जा रहे थे नितिन गडकरी इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। दिख रहा है कि हाईवे के बीच में खड़े तीन युवक गाड़ियों को रुकने का इशारा कर रहे हैं। गडकरी बुधवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करने राजस्थान पहुंचे थे। उन्होंने बूंदी से कोटा तक करीब 90KM की दूरी में एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। इसके बाद वे गुजरात जा रहे हैं। इसी दौरान गुरुवार को रतलाम से भी गुजरे थे। ग्रामीण बोले- युवक बच्चों को सड़क पार करा रहे थे पुलिस ने मामले की पड़ताल की। युवकों के नाम शांतिलाल (32), नंदलाल भाभर (30) और दिनेश भाभर (30) हैं। ये सभी निमकोपाड़ा पलसोड़ी गांव के रहने वाले हैं। युवकों ने पुलिस को बताया कि उनके बच्चे हाईवे के दूसरी तरफ बने स्कूल में पढ़ते हैं। गुरुवार को भी वे बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे, जिसके लिए वे गाड़ियों को रुकने का इशारा कर सड़क पार कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें केंद्रीय मंत्री गडकरी के काफिले के यहां से गुजरने की कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ये खबर भी पढ़ें… केंद्रीय मंत्री ने मिनी बस से किया एक्सप्रेसवे का निरीक्षण केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 550 किमी का सफर किया। गडकरी ने करीब 90 किलोमीटर तक मिनी बस में सवार होकर हाईवे की स्थिति और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। पढे़ं पूरी खबर…

TCS ने पहली तिमाही में जोड़े 9,200 से ज्यादा कर्मचारी:नेट प्रॉफिट 5% बढ़कर ₹13,349 करोड़ हुआ, ₹12 प्रति शेयर डिविडेंड का देगी कंपनी

आईटी सर्विसेज कंपनी TCS ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जून को खत्म हुई इस तिमाही में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या पिछले क्वार्टर के मुकाबले 9,200 से ज्यादा बढ़कर 5,93,798 पहुंच गई है। इसके साथ ही सालाना आधार पर कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 5% बढ़कर 13,349 करोड़ रुपए रहा है। तीन तिमाहियों की गिरावट के बाद बढ़े कर्मचारी वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में TCS के कुल कर्मचारियों की संख्या 5,84,519 थी, जो अब बढ़कर 5,93,798 हो गई है। यह बढ़ोतरी कंपनी के लिए एक वापसी की तरह है, क्योंकि इससे पहले लगातार तीन तिमाहियों तक हेडकाउंट में गिरावट देखी गई थी। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में कर्मचारियों की संख्या 6,13,069 के पीक पर थी, जो वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही तक गिरकर 5,82,163 के निचले स्तर पर आ गई थी। 35% महिला कर्मचारी, 148 देशों के लोग काम कर रहे TCS के तिमाही फैक्टशीट के मुताबिक, IT सर्विसेज बिजनेस में स्वैच्छिक एट्रिशन रेट यानी, नौकरी छोड़ने की दर पिछले 12 महीनों के आधार पर 13.6% रही है। कंपनी ने हाल के क्वार्टर में इस स्तर को बड़े पैमाने पर बनाए रखा है। इसके साथ ही कुल वर्कफोर्स में महिला कर्मचारियों की हिस्सेदारी 35% है। कंपनी में कुल 148 अलग-अलग देशों के लोग काम करते हैं। ऑपरेशंस रेवेन्यू 14% बढ़ा, ₹12 अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी कंपनी का नेट प्रॉफिट एक साल पहले की समान तिमाही के 12,760 करोड़ रुपए के मुकाबले 5% बढ़कर 13,349 करोड़ रुपए रहा है। इस अवधि के दौरान ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 14% बढ़कर 72,275 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 12 रुपए प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है और इसके लिए 15 जुलाई को रिकॉर्ड डेट तय किया है। 9.5 बिलियन डॉलर की डील्स में SKF के साथ एआई प्रोजेक्ट इस तिमाही में कंपनी की कुल ऑर्डर बुक 9.5 बिलियन डॉलर रही है। इसमें SKF के साथ हुआ 800 मिलियन डॉलर का एआई-बेस्ड ट्रांसफॉर्मेशन सौदा शामिल है। इसके अलावा, कंपनी ने सर्विसनाउ के साथ एक मल्टी-मिलियन-डॉलर की स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप और यूरोप बेस्ड फॉर्च्यून ग्लोबल 50 कंपनी के साथ एक और डील साइन की है। मुनाफे को बनाए रखते हुए AI क्षमताओं को बढ़ाने पर फोकस TCS के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) समीर सेकसरिया ने कहा, “कंपनी ने कर्मचारियों के लिए सालाना वेतन वृद्धि लागू कर दी है। इसके साथ ही अपने पार्टनर इकोसिस्टम को मजबूत किया है और लॉन्ग-टर्म कॉम्पिटिटिवनेस को बेहतर बनाने के लिए टारगेटेड इन्वेस्टमेंट किए हैं।” उन्होंने आगे कहा कि कंपनी प्रॉफिटेबिलिटी और रिटर्न रेशियो को बनाए रखते हुए AI-बेस्ड कैपेबिलिटीज को बनाने, हासिल करने या पार्टनरशिप करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। नॉलेज पार्ट: क्या होता है ‘एट्रिशन रेट’ और ‘रिकॉर्ड डेट’?

10 जुलाई का राशिफल:मिथुन राशि के लोग नई शुरुआत करने का मन बना सकते हैं, वृष राशि वालों को बिजनेस में फायदा मिल सकता है

शुक्रवार, 10 जुलाई को वृष राशि वालों को बिजनेस में अच्छा मुनाफा होने की संभावना है। मिथुन राशि वालों की नए काम शुरू करने की इच्छा पूरी हो सकती है और नौकरी से जुड़ी फाइल का पॉजिटिव रिजल्ट मिलेगा। तुला राशि वालों के फाइनेंस से जुड़े काम मन मुताबिक पूरे हो सकते हैं। वृश्चिक राशि वालों को मेहनत के अच्छे नतीजे मिलने शुरू होंगे। कुंभ राशि वालों के लिए नया बिजनेस शुरू करने या बिजनेस बढ़ाने के लिहाज से अनुकूल दिन रहेगा। मीन राशि वालों को पार्टनरशिप के बिजनेस में अच्छा मुनाफा हो सकता है। एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन मेष – पॉजिटिव- आपका शांत स्वभाव और व्यवस्थित तरीके से काम करने की आदत दिन को अच्छा बनाएगी। कोई रुकी हुई या उधार दी हुई पेमेंट आज वापस मिल सकती है। धैर्य के साथ हर काम पूरा करने से आपको मन मुताबिक नतीजे मिलेंगे। साथ ही आप अपने दूसरे व्यक्तिगत कामों पर भी ध्यान दे पाएंगे।
नेगेटिव- विद्यार्थी और युवा अनुशासन में रहें और मर्यादा वाला व्यवहार रखें। सोशल मीडिया और बेकार की बातों में समय खराब न करें। आपकी कोई कीमती चीज चोरी या गुम होने की आशंका है, इसलिए अपनी चीजें संभालकर रखें। बिजनेस- कारोबार में कॉम्पिटिशन रहेगा। कुछ लोग आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी कर सकते हैं। कोई भी खास फैसला लेने से पहले घर के वरिष्ठ सदस्य या किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह जरूर लें। इससे आपको सही समाधान मिलेगा। ऑफिस में व्यवस्था ठीक बनी रहेगी।
लव- दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी। प्रेम संबंधों में लव पार्टनर की भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है।
स्वास्थ्य- तनाव और उदासी जैसी स्थिति रह सकती है। समस्या से घबराने के बजाय समाधान ढूंढें। योग और मेडिटेशन के लिए भी कुछ समय जरूर निकालें।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 9 वृष – पॉजिटिव- ग्रह स्थिति अनुकूल है। अपने जीवन से जुड़ी कई समस्याओं का हल आप खुद निकालने में काफी हद तक सफल रहेंगे। अतीत को भूलकर वर्तमान पर ध्यान देने की कोशिश करें। व्यस्तता के बावजूद आप मित्रों और रिश्तेदारों के साथ संबंध मधुर बनाए रखेंगे।
नेगेटिव- कोई विवाद हो, तो उसे बढ़ाने के बजाय बातचीत से सुलझाने की कोशिश करें। युवा लोग दोस्तों के बहकावे में आकर अपने लक्ष्य से न भटकें। किसी अनचाहे काम को मजबूरी में करना पड़ सकता है और इससे तनाव भी रहेगा। बिजनेस- आज बिजनेस में अच्छा मुनाफा होने की संभावना है। कोशिश करें कि ऑर्डर समय पर पूरे हों और उनकी क्वालिटी भी अच्छी रहे। बिजनेस के सिलसिले में किसी यात्रा का प्लान बन सकता है। ऑफिस के प्रोजेक्ट को लेकर अधिकारियों से बातचीत करते समय सहज रहें।
लव- घर के वरिष्ठ लोगों के सहयोग और मार्गदर्शन से व्यवस्था अच्छी बनी रहेगी। अपने लव पार्टनर को कोई उपहार जरूर दें।
स्वास्थ्य- सेहत से जुड़ी छोटी-मोटी समस्याएं रह सकती हैं। महिलाएं और बुजुर्ग अपनी सेहत का खास ध्यान रखें।
भाग्यशाली रंग- क्रीम, भाग्यशाली अंक- 7 मिथुन – पॉजिटिव- काम करने का जोश और जज्बा आपको अच्छी सफलता देगा, इसलिए मेहनत में कोई कमी न रखें। प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त से जुड़ी योजनाएं भी आगे बढ़ेंगी। रोचक और ज्ञान बढ़ाने वाला साहित्य पढ़ने में भी कुछ समय बीतेगा।
नेगेटिव- घर-परिवार में किसी व्यक्तिगत मामले को लेकर तनाव बन सकता है। गुस्से या जल्दबाजी के बजाय धैर्य और शांति से समस्या का हल निकालें। बाहरी लोगों के दखल से व्यक्तिगत दिक्कतें बढ़ सकती हैं। बिजनेस- कारोबार में कोई नया काम शुरू करने की इच्छा आज पूरी हो सकती है। युवाओं को नौकरी से जुड़ी भेजी गई फाइल का पॉजिटिव रिजल्ट मिलेगा। ऑफिस में काम ज्यादा रहेगा, इसलिए एक्स्ट्रा समय देना पड़ सकता है। साथ ही उच्च अधिकारियों का सहयोग भी मिलेगा।
लव- परिवार के लोगों और जीवनसाथी का पूरा सहयोग रहेगा। ध्यान रखें, नकारात्मक सोच वाले मित्रों से ज्यादा मेलजोल आपके मान-सम्मान को नुकसान पहुंचा सकता है।
स्वास्थ्य- सेहत अच्छी रहेगी। सिर्फ व्यक्तिगत संबंधों में कड़वाहट आने से थोड़ा तनाव रह सकता है।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 2 कर्क – पॉजिटिव- जिस लक्ष्य को पाने के लिए आप लंबे समय से कोशिश कर रहे थे, आज उसके अच्छे नतीजे मिलने का समय है। कोशिश जारी रखें और उम्मीद बनाए रखें। विदेश जाने की कोशिश कर रहे लोगों की कोई समस्या हल हो सकती है।
नेगेटिव- कहीं निवेश करने या कोई महंगी चीज खरीदने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार कर लें। कई मामलों में धैर्य रखना जरूरी है। गुस्से और जल्दबाजी से परिस्थितियां बिगड़ सकती हैं। आर्थिक स्थिति फिलहाल पहले जैसी ही रहेगी। बिजनेस- बिजनेस बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं पर दोबारा विचार जरूर करें। यह समय कामों को बहुत गंभीरता और समझदारी से पूरा करने का है। कोई भी छोटा या बड़ा फैसला लेते समय किसी का मार्गदर्शन और सलाह लेना आपके लिए अच्छा रहेगा।
लव- परिवार में आपसी तालमेल बनाकर रखें। किसी बाहरी व्यक्ति के दखल से घर की व्यवस्था बिगड़ सकती है। बेकार के प्रेम प्रसंगों में न पड़ें।
स्वास्थ्य- थकान और तनाव का असर सेहत पर पड़ सकता है। काम के साथ-साथ अपनी सेहत का भी ध्यान रखना जरूरी है।
भाग्यशाली रंग- केसरिया, भाग्यशाली अंक- 2 सिंह – पॉजिटिव- किसी मुश्किल मुकाम को मेहनत से हासिल कर लेंगे। बस हर किसी पर भरोसा न करें और अपने काम से मतलब रखें। आत्ममंथन करने से मानसिक और आत्मिक शांति मिलेगी। बच्चे अपनी पढ़ाई पर ध्यान लगाए रखेंगे।
नेगेटिव- युवाओं की छोटी सी लापरवाही से बड़ा नुकसान हो सकता है। किसी भी उलझन में किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह जरूर लें। नकारात्मक सोच वाले लोगों से दूरी बनाकर रखें। स्थान परिवर्तन की योजना बन रही है, तो फिलहाल कुछ समय के लिए टाल दें। बिजनेस- बिजनेस में आपके काम को लेकर स्थिति अनुकूल होती दिख रही है। कुछ नई जानकारियां मिलेंगी, जो आपकी तरक्की में मददगार रहेंगी। अधीनस्थ कर्मचारी की वजह से कोई दिक्कत आ सकती है। बेहतर होगा कि जरूरी काम अपनी देखरेख में ही करवाएं।
लव- जीवनसाथी की सलाह और सहयोग आपके लिए लाभदायक रहेगा। युवाओं की दोस्ती प्रेम संबंधों में बदल सकती है।
स्वास्थ्य- तनाव और चिंता का असर सेहत पर पड़ सकता है। बेकार की बातों पर ध्यान न दें। योग और मेडिटेशन जरूर करें।
भाग्यशाली रंग- सफेद, भाग्यशाली अंक- 1 कन्या – पॉजिटिव- आलस छोड़ें और एक्टिव रहें। अनुभवी लोगों से मुलाकात के मौके मिलेंगे। आपकी सोच और दिनचर्या में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। किसी सामाजिक गतिविधि में आपके योगदान और काम की तारीफ होगी।
नेगेटिव- प्रॉपर्टी या किसी पॉलिसी में निवेश करने की योजना है, तो उस पर दोबारा विचार जरूर करें। यह समय अपनी क्षमता का पूरा उपयोग करने का है, इसलिए दोस्तों के साथ या आलस में समय खराब न करें। बिजनेस- कारोबार में मौजूदा कामों को ही व्यवस्थित करें। अभी कोई नया काम शुरू करने में जल्दबाजी न करें। पहले उस पर और ज्यादा सोच-विचार करने की जरूरत है। इस समय वित्तीय मामलों में सुधार आएगा। फाइनेंस से जुड़े कामों में हालात सामान्य रहेंगे।
लव- कामकाज में चल रही धीमी गति का असर पारिवारिक जीवन पर भी पड़ सकता है। जीवनसाथी का सहयोग आपका आत्मविश्वास बनाए रखेगा।
स्वास्थ्य- सेहत में छोटे-मोटे उतार-चढ़ाव रहेंगे। थोड़ी सी सावधानी आपको स्वस्थ रखेगी।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 4 तुला – पॉजिटिव- अपने रुके हुए कामों को गति देने के लिए समय अनुकूल है। फाइनेंस से जुड़े काम मन मुताबिक पूरे होते जाएंगे। परिवार के किसी सदस्य के विवाह को लेकर बातचीत हो सकती है। घर में रिश्तेदारों के आने से चहल-पहल वाला माहौल रहेगा।
नेगेटिव- दूसरों पर ज्यादा अनुशासन थोपना संबंधों में दूरी ला सकता है, इसलिए समय के अनुसार अपने व्यवहार में बदलाव लाना जरूरी है। अहम की वजह से भाइयों के साथ कुछ वाद-विवाद हो सकता है। हालांकि, आप अपनी व्यवहार कुशलता से हर समस्या का हल भी निकाल लेंगे। बिजनेस- कारोबार में छोटी-मोटी परेशानियां आ सकती हैं, लेकिन समय रहते आप उनका हल भी ढूंढ लेंगे। वर्किंग महिलाओं को परिवार और बिजनेस से जुड़े कामों के बीच तालमेल बनाने में कुछ दिक्कत रहेगी। प्राइवेट ऑफिस में अपना टारगेट पूरा हो जाने से राहत और सुकून मिलेगा।
लव- पारिवारिक माहौल अच्छा रहेगा। घर के सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारियां अच्छी तरह निभाएंगे।
स्वास्थ्य- ज्यादा तनाव का असर सेहत पर पड़ सकता है। मेडिटेशन जरूर करें और कुछ समय प्रकृति के साथ भी बिताएं।
भाग्यशाली रंग- बादामी, भाग्यशाली अंक- 6 वृश्चिक – पॉजिटिव- आज दिन शुभ रहेगा। आपके मित्र और रिश्तेदार किसी परेशानी को सुलझाने में आपकी मदद करते दिखेंगे। पिछले कुछ समय से चल रही सेहत संबंधी दिक्कतों से राहत मिलेगी। रुके हुए कामों को पूरा करने की कोशिश भी जारी रहेगी।
नेगेटिव- कभी-कभी ऐसा लग सकता है कि भाग्य साथ नहीं दे रहा। सकारात्मक रहें और खुश रहने की कोशिश करें। भाइयों के साथ चल रही कहासुनी को घर के वरिष्ठ लोगों की मदद से सुलझाने की कोशिश करें। राजनीति में सक्रिय लोगों के लिए समय थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। बिजनेस- बिजनेस से जुड़ी गतिविधियों में कुछ अनुकूलता रहेगी। काम को लेकर की गई मेहनत के मनचाहे नतीजे मिलने शुरू होंगे। खर्चे ज्यादा रहेंगे, लेकिन आय के रास्ते भी बने रहेंगे, इसलिए आर्थिक समस्या नहीं आएगी। ऑफिस में उच्च अधिकारियों के साथ संबंध मधुर रखें।
लव- पति-पत्नी को एक-दूसरे पर भरोसा बनाए रखना बहुत जरूरी है। व्यक्तिगत मामलों को पारिवारिक सुख-शांति पर हावी न होने दें। प्रेम संबंधों से दूर रहें।
स्वास्थ्य- सेहत से जुड़ी कोई पुरानी समस्या दोबारा उभर सकती है। मौसम से भी अपना बचाव रखें।
भाग्यशाली रंग- हरा, भाग्यशाली अंक- 5 धनु – पॉजिटिव- इस समय अपना लक्ष्य हासिल करना आपकी प्राथमिकता रहेगी और सफलता भी मिलेगी। किसी धार्मिक या सामाजिक समारोह में जाने का मौका मिल सकता है। रिश्तों को मजबूत बनाने में आपका खास योगदान रहेगा।
नेगेटिव- बाहरी लोगों के दखल का नकारात्मक असर घर की व्यवस्था पर पड़ सकता है। बच्चों को अपनी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। घर में मेहमानों के आने से कुछ जरूरी कामों में रुकावट आएगी, इसलिए व्यवस्थित तरीके से काम करें। बिजनेस- बिजनेस में उतार-चढ़ाव जैसी स्थिति रहेगी। इस समय कहीं निवेश करना ठीक नहीं है। हालांकि, सावधानी और मेहनत से जरूरत के अनुसार काम होते जाएंगे। सरकारी नौकरी करने वाले लोगों पर एक्स्ट्रा काम आने से ओवरटाइम करना पड़ सकता है।
लव- घर में सुख-शांति वाला माहौल रहेगा। अचानक किसी पुराने मित्र से मुलाकात आपको खुशी और नई ऊर्जा देगी। प्रेम संबंधों में स्थिरता बनाए रखने के लिए एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना होगा।
स्वास्थ्य- एसिडिटी और पेट दर्द जैसी परेशानी बढ़ सकती है। इस समय अपनी दिनचर्या और खान-पान को संतुलित रखना बहुत जरूरी है।
भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 2 मकर – पॉजिटिव- ग्रह स्थिति सुखद बनी हुई है। कुछ समय से मन में चल रही उलझन खत्म होगी। आप अपनी पसंद के कामों के लिए भी समय निकाल लेंगे। किसी प्रियजन से मुलाकात सभी को खुशी देगी। आपसी बातचीत से कई नई बातों की जानकारी भी मिलेगी।
नेगेटिव- सफलता पाने के लिए थोड़ा व्यावहारिक होना पड़ेगा। भावनाओं में बहकर कोई भी फैसला जल्दबाजी में न लें। प्रॉपर्टी या वाहन खरीदने के लिए लोन लेना पड़ सकता है, लेकिन यह आपकी संपत्ति और समृद्धि बढ़ाने वाला रहेगा, इसलिए ज्यादा चिंता न करें। बिजनेस- बिजनेस के काम समय पर पूरे करने के लिए अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने की जरूरत है। कर्मचारियों और स्टाफ की सलाह पर ध्यान दें, आपको कोई सही सुझाव मिल सकता है। नौकरीपेशा लोग जल्दी ही अपना मनचाहा काम पा सकते हैं। बॉस और उच्च अधिकारियों का सहयोग भी बना रहेगा।
लव- परिवार के लोगों के बीच मधुरता और प्रेम बना रहेगा। युवा लोग प्रेम संबंधों में समय खराब करने के बजाय अपने परिवार और करियर पर ध्यान दें।
स्वास्थ्य- मौसम का नकारात्मक असर सेहत पर पड़ सकता है। खान-पान और दिनचर्या में लापरवाही न करें।
भाग्यशाली रंग- नीला, भाग्यशाली अंक- 8 कुंभ – पॉजिटिव- कई तरह की गतिविधियां आज आपको व्यस्त रखेंगी। सामाजिक और पारिवारिक लोगों की तरफ से खास मान-सम्मान मिलेगा। घर में रिश्तेदारों के आने से किसी खास मुद्दे पर सकारात्मक बातचीत होगी। विद्यार्थी नए सेशन की पढ़ाई को लेकर उत्साहित रहेंगे।
नेगेटिव- अपनी कार्यक्षमता और योग्यता पर भरोसा रखें। युवा लोग भावनाओं में आकर अपना नुकसान कर सकते हैं, इसलिए व्यावहारिक सोच रखें। जीवन से जुड़ी हर गतिविधि को व्यावहारिक तरीके से समझने की कोशिश करें। बिजनेस- कोई नया बिजनेस शुरू करना चाहते हैं या बिजनेस बढ़ाना चाहते हैं, तो आज उससे जुड़ी शुरुआत के लिए समय अनुकूल रहेगा। प्रॉपर्टी के बिजनेस के लिए भी लाभदायक स्थिति बनी हुई है। ऑफिस के कामों में सफलता मिलेगी, लेकिन अपनी फाइलें और पेपर्स संभालकर रखें।
लव- घर में मेहमानों के आने से चहल-पहल वाला खुशनुमा माहौल रहेगा। किसी नजदीकी मित्र से अचानक मुलाकात होगी।
स्वास्थ्य- सेहत के प्रति लापरवाही समस्या बढ़ा सकती है। डायबिटीज वाले लोग अपनी नियमित जांच में लापरवाही न करें।
भाग्यशाली रंग- आसमानी, भाग्यशाली अंक- 5 मीन – पॉजिटिव- अनुभवी लोगों से मिली अच्छी सलाह आपके लिए लाभदायक रहेगी। कोई भी काम करने से पहले उसके हर पहलू पर सोच-विचार करें। इससे आपकी तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे। आपका आत्मविश्वास भी भरपूर रहेगा।
नेगेटिव- किसी मित्र या संबंधी का अपने वादे से पीछे हटना आपको तनाव दे सकता है। इसलिए दूसरों से ज्यादा उम्मीद न रखें। दूसरों पर भरोसा करने के बजाय अपने मन की आवाज और अपने फैसले को प्राथमिकता दें। बिजनेस- पारिवारिक या व्यक्तिगत कारणों से कार्यस्थल पर ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे। हालांकि कर्मचारियों का सहयोग व्यवस्था को अच्छा बनाए रखेगा। पार्टनरशिप के बिजनेस में अच्छा मुनाफा होने वाला है। नौकरीपेशा लोगों को मन मुताबिक काम मिलने से तनाव से राहत मिलेगी।
लव- अपने व्यस्त समय में से कुछ समय परिवार के लिए भी निकालें। व्यवस्था बनाए रखने में जीवनसाथी का सहयोग करना जरूरी है। कई मुद्दों पर उनकी राय आपके लिए लाभदायक साबित होगी।
स्वास्थ्य- अपना काम दूसरों के साथ बांटें, वरना सेहत प्रभावित हो सकती है। सर्वाइकल और कंधों में दर्द की स्थिति रहेगी।
भाग्यशाली रंग- गुलाबी, भाग्यशाली अंक- 2

2026 का सबसे बड़ा IPO लॉन्च करेगा SBI फंड्स:प्राइस बैंड ₹545-574 तय, 14 जुलाई से खुलेगा इश्यू; ₹11,693 करोड़ जुटाने का टारगेट

भारतीय शेयर बाजार में इस साल का सबसे बड़ा IPO आने जा रहा है। स्टेट बैंक की सब्सिडियरी कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड ने इसके लिए बुधवार देर रात अपना RHP यानी, रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस फाइल किया। कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए 11,693 करोड़ रुपए तक जुटाएगी। 14 जुलाई को खुलेगा IPO, प्राइस बैंड ₹545 रुपए से ₹574 रुपए इस IPO के लिए शेयर का प्राइस बैंड 545 रुपए से 574 रुपए तय किया गया है। इस प्राइस बैंड के ऐलान से पहले अनलिस्टेड मार्केट में कंपनी के शेयर करीब 830 रुपए प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे। यह एसेट मैनेजमेंट कंपनी अपना पब्लिक इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 14 जुलाई को खोलेगी। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 1.17 लाख करोड़ रुपए पहुंच जाएगा। प्रमोटर्स अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे, पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल है। इसमें SBI अपनी 6.3% हिस्सेदारी के बराबर यानी 12.83 करोड़ शेयर बेचेगा। वहीं, इसकी जॉइंट वेंचर पार्टनर अमुंडी इंडिया होल्डिंग अपनी 3.7% हिस्सेदारी के बराबर यानी 7.56 करोड़ शेयर ओपन मार्केट में ऑफलोड करेगी। वर्तमान में SBI और अमुंडी के पास कंपनी की करीब 98% हिस्सेदारी है। शुरुआत में अमुंडी की यह हिस्सेदारी सोसिते जेनेराल SA के पास थी, जिसे जून 2011 में अमुंडी को ट्रांसफर किया गया था। यह इस साल का पहला एक बिलियन डॉलर से बड़ा IPO होगा। मार्केट सेंटिमेंट: ट्रम्प के बयान से बाजार में गिरावट, लेकिन टाइमलाइन पर असर नहीं पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद पिछले महीने कई बड़े IPO फाइल किए गए थे। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को ईरान के साथ सीजफायर खत्म करने की बात की। इससे भारतीय बाजार का सेंटिमेंट प्रभावित हुआ है। बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी में 2% से ज्यादा की गिरावट आई, जो मार्च के बाद की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट है। बाजार में अनिश्चितता रहेगी, लेकिन हमारा भरोसा कायम कंपनी के नमैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर देवाशीष मिश्रा ने कहा, “बाजार हमेशा अनिश्चित रहेगा, लेकिन हमारी कंपनी में लोगों का भरोसा हमेशा बना रहेगा। अगर बाजार के हालात मौजूदा स्थिति से भी बदतर होते, तो भी हमारे लॉन्च की टाइमलाइन पर कोई असर नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि इस IPO से कंपनी को बाजार में जरूरी विजिबिलिटी मिलेगी। इससे हम ज्यादा जिम्मेदार और पारदर्शी बनेंगे, जिससे म्यूचुअल फंड की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। फाइनेंशियल परफॉर्मेंस: ₹29 लाख करोड़ के एसेट्स के साथ देश का सबसे बड़ा एसेट मैनेजर कंपनी की 2026 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, SBI फंड्स म्यूचुअल फंड बिजनेस में 1.8 करोड़ यूनिक निवेशकों को अपनी सेवाएं देता है और कुल 128 म्यूचुअल फंड स्कीम्स मैनेज करता है। यह कुल ₹29 लाख करोड़ से अधिक के एसेट के साथ भारत का सबसे बड़ा एसेट मैनेजर है। कंपनी का तीन सालों का वित्तीय लेखा-जोखा वित्त वर्ष 2026 में रेवेन्यू ₹4,390 करोड़ रहा। ये वित्त वर्ष 2025 के ₹3,598 करोड़ से 22% ज्यादा है। मुनाफा 21% बढ़कर ₹3,067 करोड़ पहुंच गया जो पहले ₹2,540 करोड़ था। वहीं वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने ₹2,691 करोड़ के रेवेन्यू पर ₹2,073 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था। टाइमलाइन: 18 जुलाई को अलॉटमेंट और 21 जुलाई को होगी लिस्टिंग SBI फंड्स के IPO का अलॉटमेंट 18 जुलाई को फाइनल होने की उम्मीद है। इसके बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 21 जुलाई को NSE और BSE दोनों पर की जाएगी। नॉलेज पार्ट: क्या होता है ‘रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस’ (RHP) रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस वह आधिकारिक दस्तावेज होता है जिसे कोई भी कंपनी अपना IPO लाने से पहले मार्केट रेगुलेटर के पास जमा करती है। इस दस्तावेज में कंपनी के बिजनेस ऑपरेशन, वित्तीय स्थिति, प्रमोटर्स की जानकारी और IPO की वजहों की पूरी डिटेल होती है।