सादुलपुर में भी आज संगठनात्मक बैठक लेंगे

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सचिव व प्रदेश सह प्रभारी चिरंजीव राव गुरुवार को संगठनात्मक बैठक लेंगे। कांग्रेस देहात ब्लॉक अध्यक्ष अशोक पूनिया ने बताया कि मोहता वाटिका में गुरुवार को सुबह 10 बजे होने वाली संगठनात्मक बैठक को सह प्रभारी चिरंजीव राव, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया सहित अन्य वक्ता संबोधित करेंगे। शहर ब्लॉक अध्यक्ष सीताराम प्रजापत ने बताया कि बैठक को लेकर तैयारियां पूरी की जा चुकी है।

इमरजेंसी-भर्ती फिलहाल पुरानी बिल्डिंग में ही:SMS के नए कार्डियक सेंटर में ट्रायल शुरू, ओपीडी में पहले दिन 482 मरीज

एसएमएस हॉस्पिटल में लंबे इंतजार के बाद बुधवार से नए कार्डियक सेंटर में दिल के मरीजों का इलाज शुरू हो गया। फिलहाल यहां ट्रायल के तौर पर ओपीडी और जांचें शुरू की गई हैं। इमरजेंसी केस और भर्ती की व्यवस्था अभी पुरानी बिल्डिंग में ही रहेगी। पहले दिन नई बिल्डिंग की ओपीडी में 482 मरीज इलाज कराने पहुंचे। इनमें से 31 मरीजों को भर्ती के लिए पुरानी बिल्डिंग में भेजा गया। नई बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी शुरू होते ही मरीजों और परिजनों की भीड़ नजर आई। पहले दिन 54 मरीजों की सीटीएमटी और 150 मरीजों की 2डी इको जांच हुई। इसके साथ ही ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सोनोग्राफी जैसी जांचें भी यहीं शुरू कर दी गई हैं। करीब 80 करोड़ रुपए की लागत से तैयार कार्डियक सेंटर पूरी तरह शुरू होने के बाद दिल के मरीजों को पर्ची, ओपीडी, जांच, भर्ती और ऑपरेशन के लिए अलग-अलग बिल्डिंगों में नहीं भटकना पड़ेगा। हालांकि नई बिल्डिंग में पार्किंग और रैंप को लेकर पहले विवाद सामने आ चुका है। अब मोबाइल में नेटवर्क नहीं आने की समस्या भी मरीजों के लिए परेशानी बन रही है। कॉल करने के लिए मरीजों और परिजनों को बार-बार बाहर जाना पड़ रहा है। कार्डियक सेंटर में ट्रायल रन के तौर पर बुधवार से ओपीडी शुरू की गई है। 2डी इको, सोनोग्राफी, टीएमटी सहित कई जांचें भी नए भवन में हो रही हैं। कुछ दिन में भर्ती वार्ड और इमरजेंसी भी शिफ्ट कर दिए जाएंगे। मरीजों को एक ही जगह सुविधाएं मिलेंगी। -डॉ. सुनील शर्मा, नोडल अधिकारी

लंबित कृषि कनेक्शन जारी करने की मांग

चूरू | सातड़ा गांव व आस-पास की ढाणियों में लंबित कृषि कनेक्शन जारी करने की मांग को लेकर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आदूराम न्यौल ने ऊर्जा मंत्री, डिस्कॉम चेयरमैन व जोधपुर डिस्कॉम एमडी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में लिखा है कि आरडीएसएस के तहत कई गांवों व ढाणियों में किसानों के कृषि कनेक्शन नहीं हुए हैं। इस संबंध में अधिकारी भी कुछ नहीं कर रहे हैं। ज्ञापन में जिम्मेदार अधिकारियों को पाबंद कर लंबित कनेक्शन जारी करने की मांग की गई।

बमोरी चौराहे से देलवाल जी मार्ग बदहाल

खेरदा क्षेत्र में बमोरी चौराहे से देलवाल जी वाला मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क पर पानी भरा रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय निवासी हरिसिंह छाबड़ी एवं कमल शर्मा ने बताया कि बमोरी चौराहे के पास देलवाल जी जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से सड़क खराब पड़ी है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे पूरी तरह छिप जाते हैं। ऐसे में दोपहिया और अन्य वाहन चालक गड्ढों का अनुमान नहीं लगा पाते और हादसे का शिकार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

विकास कार्यों का लोकार्पण व सीएलजी बैठक आज

सादुलपुर | हरियाणा राज्य के बॉर्डर गोठ्यां बड़ी स्थित पुलिस चौकी में जन सहयोग से करवाए गए विकास कार्यों का लोकार्पण गुरुवार सुबह 10 बजे होगा। चौकी प्रभारी एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि चौकी में जन सहयोग से कई विकास कार्य व कुंड आदि का निर्माण करवाया गया है, जिसका लोकार्पण गुरुवार सुबह 10 बजे एसपी निश्चय प्रसाद एम करेंगे। इस मौके पर सीएलजी की बैठक में जन सुनवाई तथा भामाशाहों का सम्मान करेंगे।

50 मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी अटकने पर ग्राम सेवा शिविर में ग्रामीणों का हंगामा

चांदणोली में आयोजित ग्राम सेवा शिविर के दौरान मनरेगा मजदूरी का भुगतान नहीं होने से महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 50 महिला श्रमिकों ने शिविर में पहुंचकर अधिकारियों के सामने विरोध जताया और जल्द भुगतान की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने जून माह में 16 से 30 जून तक हरिजन की तलाई से प्रहलाद डामा के थला की ओर जाने वाली सड़क पर मनरेगा के तहत कार्य किया था। कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक मजदूरी का भुगतान उनके खातों में नहीं पहुंचा है। इससे पहले भी तकनीकी कारणों से उनका मस्टर रोल शून्य (जीरो) हो जाने के कारण भुगतान अटक गया था। श्रमिक महिलाओं का कहना था कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे परेशान होकर वे ग्राम सेवा शिविर में पहुंचीं और बकाया मजदूरी का भुगतान कराने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। नायब तहसीलदार राजेश मीणा मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों से बात की। समीक्षा कर नियमानुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना विरोध समाप्त किया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगी। मलारना चौड़ नायब तहसीलदार राजेश मीना ने बताया कि बीडीओ से बात की है। उन्होंने जांच कर नियमानुसार भुगतान करवाने का आश्वासन दिया।

चूरू में राव का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया

चूरू | पंखा सर्किल के पास बुधवार को एआईसीसी सचिव व प्रदेश सहप्रभारी चिरंजीव राव, पीसीसी महासचिव प्रद्युम्न सिंह, जिला प्रभारी हाकम खान व जिलाध्यक्ष मनोज मेघवाल का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस सचिव व बीकानेर जिला सहप्रभारी मुस्ताक खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास सहारण, हसन रियाज चिश्ती, निवर्तमान पार्षद अंजनी शर्मा, पुरुषोत्तम बिजारणिया, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नरपत रोलन, पुलकित चौधरी, नवरतन दर्जी, प्रशासक रामनिवास कड़वासरा, गुलजार खान, फरमान खान, आदिल गौरी, इमरान, सूफियान तंवर आदि मौजूद रहे।

रोडवेज कंडक्टर से मारपीट के मामले के दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग

रोडवेज डिपो में बुधवार को राजस्थान परिवहन निगम श्रमिक संगठन संयुक्त मोर्चा की तरफ से रोडवेज कंडक्टर के साथ हुई मारपीट के मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर डिपो मुख्य आगार प्रबंधक को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में मामले के दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, चूरू-झुंझुनूं रूट पर निजी वाहनों की नियमानुसार जांच करने तथा पुराना कलेक्ट्रेट, डिपो चौराहा सहित विभिन्न अस्थाई स्टॉपेज को नो पार्किंग जोन घोषित करने की मांग की गई। संगठन ने 10 जुलाई तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 11 जुलाई से डिपो की बसों का संचालन बंद कर चक्का जाम करने की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालो में इंटक, सीटू, एटक तथा बीएमएस के पदाधिकारी शामिल थे।

बच्चों को बैग व स्टेशनरी किट दिए

सादुलपुर | पीएमश्री राजकीय मोहता गर्ल्स उच्च माध्यमिक स्कूल में पांचवी क्लास तक के 140 बच्चों को बैग व स्टेशनरी किट दी गई। संस्था प्रधान डॉ. सुशीला बलौदा की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। संस्था प्रधान बलौदा ने पीएमश्री योजना के तहत स्कूल में संचालित विभिन्न गतिविधियों जैसे कम्युनिटी कनेक्ट प्रोग्राम, बाल वाटिका, आई कार्ड व बैज, एक से पांच तक बच्चों के टीएलएम आदि की जानकारी दी। हैड टीचर शमशेर खान, टीएलएम प्रभारी ओमप्रकाश प्रजापत, गोपाल शर्मा मौजूद रहे।

सालरी शिविर में 3 सहमति विभाजन, 50 शुद्धियां की

रायपुर| कस्बे व सालरी में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित हुआ। शिविर में ग्रामीणों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन और जानकारी दी गई। राजस्व विभाग ने 3 सहमति विभाजन, 50 शुद्धियां और 31 नामांतरण मामलों का निस्तारण किया। रायपुर ग्राम पंचायत ने 940 पीएम आवास की सूची जारी की, जिसे देखने के लिए ग्रामीण पहुंचे। चिकित्सा विभाग ने 150 लोगों को सेवाएं दीं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 150 लाभार्थियों को सहायता मिली। शिविर प्रभारी हरिशंकर जांगिड़ और अतिरिक्त खंड विकास अधिकारी घनश्याम पालीवाल सहित अधिकारी मौजूद रहे।