ब्रेकिंग न्यूज़
कलश यात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत, सात दिवसीय भागवत कथा शुरू हुई

भास्कर संवाददाता | चूरू नई सड़क भरतिया कुएं के पास बुधवार को कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय भागवत कथा शुरू हुई। कथा के शुभारंभ पर राधा-श्रीकृष्ण मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई, जो मुख्य मार्गों से होते हुए कथास्थल पहुंची। कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कथा का समापन 14 जुलाई को होगा। कथा के पहले दिन कथावाचक हरिशरण महाराज ने कहा कि कथा का श्रवण करने से मनुष्य के पाप कर्म नष्ट होते है तथा पुण्य की प्राप्ति होती है। हमें कथा को केवल श्रवण करना ही नहीं चाहिए, बल्कि उसमें बताए गए मार्ग का भी पालन करते हुए जीवन व्यतीत करना चाहिए। कथा हमें धर्म के मार्ग पर चलना सिखाती है तथा सदमार्ग दिखाती है। आयोजन समिति के मोहन गढ़वाल ने बताया कि कथा के तहत प्रतिदिन सुबह पांच बजे नित्य स्तुति व प्रार्थना, सुबह सात बजे प्रभात फेरी तथा दोपहर 1:15 बजे से भागवत कथा प्रवचन होंगे। कथा में पहुंचे विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आध्यात्मिक जीवन की प्रेरणा देने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों का हम सभी को लाभ उठाना चाहिए तथा भावी पीढ़ी को भी इससे जोड़ना चाहिए, ताकि वह हमारी संस्कृति व परंपरा से जुड़ सके तथा संस्कारवान बन सके। इस मौके पर विमला गढ़वाल, मनोज गढ़वाल, संजय रक्षक, पदम सिंह, राजकरण चौधरी, मनोज गढ़वाल, सुरेश सारस्वत, नारायण बेनीवाल, राजेश रक्षक, प्रताप इशरान, कौशल्या देवी, विजयपाल धुआ, सुमन देवी, सत्यनारायण कनोडिया, सुरेश शर्मा, चंदू गोयनका, धर्मेंद्र प्रजापत, ओम खेमका आदि उपस्थित थे।

संतोष चौधरी कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष

झुंझुनूं | संतोष चौधरी लालपुरिया को प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक प्रकोष्ठ डॉ. तुहिना प्रकाश शर्मा के अनुमोदन पर झुंझुनूं जिला कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया। संतोष चौधरी शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष व मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने बधाई दी। पूर्व सैनिक संघ झुंझुनूं के उपाध्यक्ष कैलाश सुरा, गौरव सेनानी सेवा समिति के जिला अध्यक्ष कैप्टन महेंद्र झाझड़िया, गौरव सेनानी शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष महेंद्र लाम्बा तथा जाट महासभा की शरबती कस्वा, रेनू कस्वा, सुमिता पूनिया, ओमपति चौधरी, विमला नूनिया और अरविंद नूनिया ने खुशी जाहिर की।

अधिकतम पारा 5.1 डिग्री गिरकर 35.9 डिग्री हुआ, दो दिन बारिश की संभावना

जिले में बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही, हालांकि कहीं भी बारिश या बूंदाबांदी नहीं हुई। बुधवार को सुबह 10 बजे तक घने बादल छाए रहे। बाद में कुछ देर धूप का असर तेज रहा, मगर दोपहर में फिर से बादलवाई शुरू हो गई। इस दौरान हवा का दबाव कम रहने से उमस बनी रही। इससे पहले मंगलवार शाम को अधिकांश क्षत्रों में हुई बारिश के बाद गर्मी का असर कुछ कम हुआ तथा तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 5.1 डिग्री की गिरावट के साथ 35.9 व न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री की गिरावट के साथ 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री तथा न्यूनतम 28.5 डिग्री रहा था। इधर, पड़ोसी जिले सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर बुधवार को अधिकतम तापमान 36.0 व न्यूनतम 23.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के कुछ भागों में आगामी दो-तीन दिन मानसून सक्रिय रहने व 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में गिरावट होने की प्रबल संभावना है। नौ जुलाई को कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। शेष अधिकांश भागों में भी मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। 10 जुलाई को केवल भरतपुर संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने तथा शेष अधिकांश भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। केवल उत्तरी व पूर्वी भागों में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

अजमेर रोड का खूनी स्पॉट, चालक ट्रक सहित गायब:28 घंटे पहले जहां 4 मौतें, वहीं ट्रक ने 19 साल की भारती को कुचला, मौत

अजमेर रोड पर श्याम नगर थाना क्षेत्र का ब्लैक स्पॉट 28 घंटे में दूसरी बार खून से रंग गया। मंगलवार को जिस जगह भीषण हादसे में 4 लोगों की मौत हुई थी, बुधवार दोपहर उसी जगह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। हादसे में भारती सैनी (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा नवदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि टक्कर लगते ही युवक-युवती सड़क पर गिर गए। भारती ट्रक की तरफ गिरी और भारी वाहन का टायर उसके सिर के ऊपर से निकल गया। इसके बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बगरू टोल और किशनगढ़ टोल पर सूचना दी, लेकिन देर रात तक पता नहीं चला। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज से वाहन और चालक को तलाश रही है। पुलिस के अनुसार दौसा के गीजगढ़ निवासी भारती सैनी महिंद्रा सेज स्थित कंपनी में काम करती थी और बड़ी बहन के साथ भांकरोटा क्षेत्र में रहती थी। बुधवार दोपहर 3 बजे वह परिचित नवदीप के साथ बाइक पर भांकरोटा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। नवदीप सड़क की दूसरी ओर गिरा, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भारती का शव एसएमएस की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। तस्वीर में देखिए सिस्टम की खामी… आधे किलोमीटर में 5 लेन का ट्रैफिक, शहर की ओर जाने वाले वाहन उल्टी दिशा से गुजरते हैं 4 लोगों को कुचलने वाला ट्रेलर चालक गिरफ्तार मंगलवार को 4 लोगों की जान लेने वाले ट्रेलर चालक सतवीर सिंह को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सतवीर से श्याम नगर पुलिस पूछताछ कर रही है। हादसे में घायल कैलाशी के पैरों की बुधवार को एसएमएस अस्पताल में सर्जरी की गई। पति और बच्चों के शवों का गांव में एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।

स्कूटी योजना; दिव्यांग 31 तक कर सकेंगे आवेदन

चूरू | बजट घोषणा 2026-27 के तहत मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना के तहत पात्र लाभार्थी 31 जुलाई तक एसएसओ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि या आक्षेप पाए जाने पर उसकी पूर्ति अंतिम तिथि के 15 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। इसके बाद आवेदन में रही कमियां दूर नहीं कर पाएंगे।

महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों, पुलिस हर कदम पर आपके साथ : एसपी

पुलिस प्रशासन द्वारा जिले में महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय पर टाउन हॉल में महिलाओं से संवाद व सम्मान समारोह हुआ। समारोह में आए एसपी निश्चय प्रसाद एम ने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी। एसपी ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और किसी भी विपरीत परिस्थिति में मुखर होकर आवाज उठाएं, पुलिस हर मोड़ पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि डीजीपी के निर्देशानुसार यह राज्य स्तरीय अभियान 1 जुलाई से 29 जुलाई तक चलाया जा रहा है। टाउन हॉल में जहां 400 से अधिक महिलाएं उपस्थित थीं, वहीं जिले के अधीनस्थ थानों के अटल सेवा केंद्रों के जरिए करीब दो हजार महिलाएं ऑनलाइन जुड़ीं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली 29 महिलाओं को सम्मानित किया गया। एसआईयूसीएडब्ल्यु की एएसपी डॉ. कृष्णा ने आभार जताया। समारोह में सुरक्षा सखी, महिला सीएलजी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, साथिन, आशा सहयोगिनी, एनएसएस/एनसीसी कैडेट्स, स्कूल-कॉलेज की शिक्षिकाएं आदि शामिल हुई।

सरकार की सख्ती; पुलिस ने खामियों का सर्वे कराया:रोड समतल करें और हर 5 से 10 किमी पर रम्बल स्ट्रिप्स लगाएं, इससे ड्राइवर अलर्ट रहेंगे

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार बढ़ रहे हादसों को रोकने के लिए सरकार की सख्ती के बाद पुलिस ने खामियों का सर्वे कराया है। जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने सर्वे में सामने आई कमियों को दूर कराने के लिए एनएचएआई को पत्र लिखा है। इसमें रोड अलाइनमेंट और समतलीकरण दुरुस्त कराने, हर 5 से 10 किमी पर रम्बल स्ट्रिप्स लगाने, रेस्ट एरिया बढ़ाने और एक्सप्रेस-वे को सीसीटीवी कवरेज में लेने जैसे सुझाव दिए गए हैं। आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर कई जगह सड़क समतल नहीं है। कुछ स्थानों पर अचानक गड्ढेनुमा स्ट्रक्चर और सड़क की असमानता के कारण तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर रोड अलाइनमेंट और समतलीकरण ठीक कराने की जरूरत है। रात में लंबी दूरी तय करने वाले चालकों को नींद की झपकी आने का खतरा रहता है। इसलिए प्रत्येक 5 से 10 किलोमीटर पर पर्याप्त संख्या में रम्बल स्ट्रिप्स लगाने का सुझाव दिया गया है, ताकि वाहन चालक अलर्ट रहें। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर अतिरिक्त चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाने की भी अनुशंसा की गई है। इंटरकनेक्टिविटी प्वाइंट पर अचानक लेन बदलने से हादसे सर्वे में सामने आया कि इंटरकनेक्टिविटी प्वाइंट पर चालक अचानक लेन बदलते हैं। इससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है। आईजी ने सुझाव दिया है कि ऐसे प्वाइंट से करीब एक किलोमीटर पहले ही नीचे उतरने के लिए अलग लेन निर्धारित की जाए। साथ ही बड़े आकार के संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि चालक समय रहते अलर्ट हो सकें और अचानक कट न मारें। जयपुर-बांदीकुई के बीच रेस्ट एरिया नहीं, मुख्य मार्ग पर खड़े हो रहे वाहन जयपुर से बांदीकुई के बीच रेस्ट एरिया नहीं है। ऐसे में भारी वाहनों के चालक टायर गर्म होने या विश्राम के लिए वाहनों को मुख्य मार्ग पर ही खड़ा कर देते हैं। यह हादसों का बड़ा कारण बन सकता है। पत्र में इस हिस्से में रेस्ट एरिया विकसित करने का सुझाव दिया गया है। रेस्ट एरिया में ट्रक चालकों के लिए सस्ती दरों पर भोजनालय की व्यवस्था भी होनी चाहिए, ताकि चालक भोजन या आराम के लिए गलत जगह वाहन न रोकें। जून में 34 हादसे, 40 मौतें 1 जुलाई को दौसा में हुए हादसे के बाद आईजी राहुल प्रकाश ने एक्सप्रेस-वे का खुद निरीक्षण किया था। इसके बाद कमेटी से भी विजिट कराई गई। दौसा-अलवर क्षेत्र में पिछले दिनों हादसे लगातार बढ़े हैं। एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी बढ़ रहा है। पिछले साल जून में 170 किलोमीटर के क्षेत्र में 25 हादसे हुए थे, जिनमें 21 लोगों की मौत हुई थी। इस साल जून में 34 हादसे हुए, जिनमें 40 लोगों की मौत हुई और 65 लोग घायल हुए। ट्रॉमा सेंटर और रेस्क्यू संसाधन बढ़ाने का सुझाव अलवर-दौसा क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर बनाने की जरूरत बताई गई है। साथ ही प्रत्येक रेस्ट एरिया में दमकल, एम्बुलेंस, क्रेन, वेल्डिंग मशीन, कटिंग उपकरण और प्रशिक्षित ऑपरेटर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया है। इससे हादसे के बाद घायलों को समय पर मदद मिल सकेगी और वाहन में फंसे लोगों को जल्द निकाला जा सकेगा। कैमरे बदलें, ओवरस्पीडिंग व नो-पार्किंग पर ई-चालान हों आईजी ने एक्सप्रेस-वे को सीसीटीवी कवरेज में लेने का सुझाव भी दिया है। इससे ओवरस्पीडिंग और नो-पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों के ऑटोमैटिक ई-चालान हो सकेंगे। पहले लगाए गए कई कैमरे खराब हो चुके हैं। इन्हें बदलकर बेहतर क्वालिटी के कैमरे लगाने की जरूरत बताई गई है। एक्सप्रेस-वे पर लगातार बढ़ रहे हादसों को रोकने के लिए कमेटी से सर्वे कराया है। जो खामियां मिली हैं, उन्हें दुरुस्त कराने के लिए एनएचएआई को पत्र लिखा है।
– राहुल प्रकाश, रेंज आईजी, जयपुर

बड़, पीपल, नीम लगाने का अभियान शुरू

सादुलपुर | संत कबीर मानव धर्म चेतन आश्रम संत रतनदास महाराज द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में निशुल्क पौधरोपण का अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के नागरिक नीम, बड़, पीपल लगवाने के लिए उनसे संपर्क कर सकते हैं। पौधरोपण का किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, बल्कि आश्रम की तरफ से यह सुविधा निशुल्क रहेगी।

राजस्थान के हर 10वें सरकारी स्कूल में बिजली नहीं:7,200 स्कूलों में 1 शिक्षक, 140 में शून्य विद्यार्थी…पर 189 टीचर

राजस्थान में स्कूलों की संख्या और शिक्षक-छात्र अनुपात देखने पर शिक्षा व्यवस्था संतुलित नजर आती है। 1,06,445 स्कूल, 7,93,158 शिक्षक और 1.59 करोड़ विद्यार्थी हैं। औसत छात्र-शिक्षक अनुपात 20:1 है। लेकिन यूडाइस 2025-26 रिपोर्ट बताती है कि तस्वीर अलग है। 7,200 स्कूल ऐसे हैं जहां एक शिक्षक है। इनमें 1 लाख 78 हजार 531 विद्यार्थी हैं। दूसरी ओर, 140 स्कूल ऐसे हैं जहां एक भी विद्यार्थी नहीं है, लेकिन 189 शिक्षक हैं। मूलभूत सुविधा की बात करें तो कुल स्कूलों में से 98,399 (92.4%) में बिजली कनेक्शन है, जबकि 97,405 (91.5%) स्कूलों में कार्यशील बिजली उपलब्ध है। सरकारी स्कूलों की स्थिति निजी स्कूलों से कमजोर है। 69,983 सरकारी स्कूलों में से 63,809 (91.2%) में बिजली कनेक्शन है और 63,117 (90.2%) में बिजली है। यानी करीब हर दस में एक सरकारी स्कूल आज भी कार्यशील बिजली से वंचित है। असमानता… देश में पहली बार एक शिक्षक वाले स्कूलों की संख्या घटी… लेकिन अब भी एक लाख से ज्यादा ऐसे स्कूल हैं देशभर में एक शिक्षक वाले स्कूलों की संख्या में पहली बार गिरावट दर्ज की गई है। 2025 सत्र में 1,04,125 की तुलना में 2026 सत्र में 1,00,843 बचे हैं। हालांकि, आंध्र प्रदेश में बीते साल 3,445 एकल शिक्षक स्कूल बढ़ गए। महाराष्ट्र में 1,117 स्कूल, राजस्थान में 1,063 स्कूल, कर्नाटक में 693 स्कूल, झारखंड में 655 स्कूल, असम में तमिलनाडु में 286 स्कूल, असम में भी ऐसे 339 स्कूल, हरियाणा में 212 स्कूल, हिमाचल प्रदेश में 164 स्कूल और बिहार में 141 स्कूल बढ़े।

बाजार में मोबाइल मिला, मालिक को लोटाया

चौथ का बरवाड़ा| तहसील क्षेत्र के राजकीय विद्यालय जाझेड़ा के वरिष्ठ अध्यापक सांवरा गुर्जर व उनके बड़े भाई छीतर गुर्जर कंवरपुरा ने एक व्यक्ति का गिरा मोबाइल लोटाया। शिक्षक ने बताया उन्हें अलीगढ़ के बाजार में ओप्पो कंपनी का महंगा मोबाइल पड़ा हुआ मिला। इसकी कीमत 27 हजार रुपए थी। दोनों ने मोबाइल में मिले नंबरों के आधार पर मोबाइल मालिक रामप्रसाद मीणा देवरी खोहल्या को लौटाया।