ब्रेकिंग न्यूज़
सफाई कर्मचारियों को 8 महीने से भत्ता नहीं मिला:48 घंटे में बकाया पैसे जारी करने की मांग, कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी

बयाना नगरपालिका के स्थायी सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर एसडीएम दीपक मित्तल को ज्ञापन सौंपा। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस से जुड़े कर्मचारियों ने पिछले आठ महीने से लंबित अंतरिम भत्ता तुरंत जारी करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि अगर 48 घंटे के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से सफाई कार्य का बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि उनका अंतरिम भत्ता पिछले आठ महीनों से बकाया है। इस दौरान कई बार जल्द भुगतान का आश्वासन मिला, लेकिन अब तक राशि जारी नहीं की गई। कर्मचारियों ने कहा कि लगातार देरी से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और अब जल्द भुगतान होना चाहिए। नगर पालिका में कक्ष और नए सफाई निरीक्षक की भी मांग संगठन ने ज्ञापन में अन्य मांगें भी रखीं। कर्मचारियों ने अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस की बयाना इकाई के अध्यक्ष के लिए नगर पालिका कार्यालय में एक कक्ष आवंटित करने की मांग की। इसके अलावा फायरमैन पवन कुमार को सफाई निरीक्षक के पद से हटाकर उनकी जगह किसी योग्य कर्मचारी की नियुक्ति करने की मांग भी उठाई। मांगें नहीं मानी गईं तो बंद होगा सफाई कार्य संगठन ने साफ कहा कि यदि तय समय सीमा में उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो सभी सफाई कर्मचारी सामूहिक रूप से काम बंद कर देंगे। कर्मचारियों का कहना है कि इसके बाद शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान कई कर्मचारी रहे मौजूद एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के अध्यक्ष मुकेश चौहान के साथ सोनू कुमार, रामजीलाल, जैनेन्द्र कुमार, माधो सिंह और अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

खोंड में ग्रामीण सेवा शिविर, समस्याओं का हुआ समाधान:426 पशुओं का भी हुआ इलाज, बंटवारा और सीमांकन सहित कई सेवाओं का ग्रामीणों को मिला लाभ

सोमेसर कस्बे की खोंड ग्राम पंचायत में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रानी तहसीलदार मोहनलाल राठौड़ की मौजूदगी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। साथ ही लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। ग्राम विकास अधिकारी महावीरसिंह ने बताया कि शिविर में पंचायत राज विभाग की ओर से 4 जॉब कार्ड, 7 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और 1 विवाह प्रमाण पत्र जारी किया गया। वहीं, राजस्व विभाग ने 37 रिकॉर्ड सुधार (शुद्धिकरण), 3 बंटवारे और 5 सीमांकन के मामलों का निस्तारण किया। इसके अलावा 4 जाति और मूल निवास प्रमाण पत्र भी बनाए गए। पशुपालन और परिवहन विभाग ने भी दी सेवाएं शिविर में पशुपालन विभाग ने 20 मंगल पशु बीमा पॉलिसियां वितरित कीं। साथ ही 426 पशुओं का इलाज कर पशुपालकों को राहत दी गई। परिवहन विभाग की ओर से 3 वरिष्ठ नागरिक कार्ड भी जारी किए गए। शिविर में नायब तहसीलदार मदनसिंह राजपुरोहित, सहायक विकास अधिकारी सिद्धार्थ चारण, प्रशासक समिति सदस्य मालमसिंह, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नैनाराम, आरआई पोमाराम चौधरी, पीईईओ मनाराम मीणा, पीएचईडी के जेईएन करुणा, प्रधानाचार्य महावीरसिंह, पटवारी नागराज, कनिष्ठ सहायक अशोक मेंसन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रींगस अरनिया पंचायत में उपसरपंच ने सरपंच का कार्यभार संभाला:श्रद्धांजलि सभा में सौंपा गया कार्यभार, अजय सिंह खर्रा ने प्रदान किया नियुक्ति पत्र

रींगस ग्राम पंचायत अरनिया में पूर्व सरपंच स्वर्गीय गणपति देवी की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसी दौरान उपसरपंच कोयली देवी जाट को सरपंच पद का कार्यभार सौंपा गया। कार्यक्रम ग्राम पंचायत सभागार भवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूडीएच मंत्री के पुत्र अजय सिंह खर्रा ने उपसरपंच कोयली देवी जाट को सरपंच पद का नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने स्वर्गीय गणपति देवी के कार्यकाल में पंचायत क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों और उनके योगदान की सराहना की। उपसरपंच और वार्ड पंचों का किया सम्मान कार्यक्रम में सीताराम बाड़ीगर ने नवनियुक्त सरपंच कोयली देवी जाट और सभी वार्ड पंचों का शॉल एवं साफा पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों का भी स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सिमारला जागीर के पूर्व सरपंच सरदार सिंह यादव, महरौली प्रतिनिधि सुरेश झाझरिया, ग्राम विकास अधिकारी रमेश कुमार, कनिष्ठ सहायक प्रकाश बराला, मुकेश शेषमा, श्रवण कुमार बाड़ीगर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ग्रामीण सेवा शिविर में अधिकारियों के काम से नाराज ग्रामीण:बोले- राजस्व कार्यों में हो रही देरी, फिर तहसील के चक्कर लगाने पड़ेंगे; SDM ने दिया व्यवस्था सुधारने का आश्वासन

बामनवास क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुडला में मंगलवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व कार्यों में हुई देरी को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि शिविर की प्रभारी अधिकारी समय पर नहीं पहुंचीं, जिसके कारण लोगों को कई घंटे तक इंतजार करना पड़ा और कई काम समय पर नहीं हो सके। इस मामले में उपखंड अधिकारी मोहन चौधरी ने कहा- शिविरों में प्रभारी अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। ग्रामीणों के मुताबिक, शिविर शुरू होने के काफी समय बाद तक प्रभारी अधिकारी मेघा मीणा मौजूद नहीं थीं। इससे नामांतरण, बंटवारा और अन्य राजस्व से जुड़े मामलों की सुनवाई शुरू नहीं हो सकी। लोगों का कहना है कि दोपहर करीब 3:30 बजे अधिकारी के पहुंचने के बाद ही राजस्व मामलों पर काम शुरू हुआ। आम रास्ते और खातेदारी के मामलों में भी हुई देरी राधेश्याम, गोपाल, हीरालाल, मुकेश और भरतलाल ने बताया कि वे अपनी ढाणी के लिए आम रास्ते से जुड़े मामले का समाधान कराने शिविर में आए थे, लेकिन लंबे इंतजार के कारण उनका काम नहीं हो सका। वहीं, नावंड किशनपुरा के पप्पू, राजू, भूरसिंह और रामस्वरूप अपने खातेदारी वाले कुएं में चारों भाइयों के नाम साझेदारी दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन उनके काम में भी देरी हुई। ग्रामीण बोले- अगर शिविर में काम नहीं होगा तो फिर क्या फायदा ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे शिविर इसलिए लगाए जाते हैं ताकि नामांतरण, आपसी सहमति से बंटवारा, राजस्व रिकॉर्ड में गलती सुधारने और अतिक्रमण जैसे मामलों का मौके पर ही समाधान हो सके। लेकिन अगर अधिकारी समय पर मौजूद नहीं रहेंगे तो लोगों को फिर तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ेंगे। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। ग्रामीणों ने की समय पर अधिकारियों की मौजूदगी की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण सेवा शिविरों में सभी जिम्मेदार अधिकारी तय समय तक मौजूद रहें और ज्यादा से ज्यादा राजस्व मामलों का मौके पर ही समाधान करें, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

बीकानेर में दिनभर गर्मी, शाम को अरजनसर में हुई बारिश:होर्डिंग गिरे; खरीफ फसलों को मिली राहत, शहर में रहा सूखा

बीकानेर शहर में तो मंगलवार को भी बारिश नहीं हुई, लेकिन श्रीगंगानगर से सटे अरजनसर में पिछले करीब 15 दिनों के इंतजार के बाद मंगलवार शाम मौसम बदल गया। दिनभर भीषण गर्मी और उमस के बाद तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। अरजनसर कस्बे में करीब 3 से 4 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, निकटवर्ती ग्राम पंचायत चकजोड़ में भी दोपहर के समय अच्छी बारिश हुई। वहीं, बीकानेर में दिनभर बादलों की आवाजाही रही, लेकिन बरसात नहीं हुई। तेज तूफान के कारण कस्बे में कई स्थानों पर लगे होर्डिंग उखड़ गए, जबकि दुकानों के बाहर लगे लोहे के छज्जे हवा के दबाव से टूटकर करीब 200 मीटर दूर जा गिरे। हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली। बारिश से किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है। किसानों का कहना है कि जिन खेतों में खरीफ फसलों की बुवाई पहले ही हो चुकी है, उनके लिए यह बारिश काफी लाभदायक साबित होगी। इससे फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी और उनकी बढ़वार में तेजी आएगी। मिठड़िया निवासी किसान नारायण सिंह ने बताया कि यह बारिश पहले से बोई गई फसलों के लिए फायदेमंद है, लेकिन नई बुवाई शुरू करने के लिए अभी पर्याप्त नहीं मानी जा सकती। उनका कहना है कि व्यापक स्तर पर बुवाई के लिए किसानों को अभी एक-दो अच्छी बारिश का और इंतजार करना होगा। बारिश के बाद क्षेत्र के किसानों में मानसून को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। उनका मानना है कि यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश का दौर जारी रहता है तो खरीफ सीजन रफ्तार पकड़ेगा और खेती-किसानी को नई गति मिलेगी।

महाजन में सेना ने जिंदा बम डिफ्यूज किया:तेज धमाके के बाद दूर तक दिखा रेत का गुबार, दो दिन पहले खेत में मिला था बम

बीकानेर के महाजन कस्बे के निकट एक खेत में मिले जिंदा बम को मंगलवार को सेना के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। बम का धमाका होने के साथ ही रेत का गुबार आसमान में दिखाई दिया। दरअसल, बम को मिट्‌टी में दबाकर डिफ्यूज किया गया, जिससे धमाका भी हुआ और गुबार भी ऊपर तक दिखाई दिया। जानकारी के अनुसार, बम तीन दिन पहले महाजन फिल्ड फायरिंग रेंज के पास खेत में मिला था। सूचना मिलने पर महाजन पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र को सुरक्षित करवाते हुए सेना के बम निरोधक दस्ते को इसकी जानकारी दी। सेना के अभ्यास के दौरान कई बार बम आसपास के खेत में पहुंच जाते हैं, जिसे डिफ्यूज करने का काम भी सेना ही करती है। मंगलवार को लेफ्टिनेंट कर्नल सारस्वत पटनायक के नेतृत्व में सेना की बम निरोधक टीम महाजन पहुंची। घेसूरा जाने वाली संपर्क सड़क के पास स्थित एक सूने खेत में सुरक्षा मानकों के अनुरूप विशेष प्रक्रिया अपनाई गई। दस्ते ने पहले निर्धारित स्थान पर गड्ढा खोदा और उसके बाद नियंत्रित तरीके से जिंदा बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। पूरी कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। ऑपरेशन के दौरान महाजन थाना पुलिस का जाप्ता भी मौके पर मौजूद रहा। एएसआई जगदीश मीणा, हेड कॉन्स्टेबल बाबूलाल बिश्नोई सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि सेना के जवानों ने पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सेना और पुलिस की सतर्कता से संभावित खतरे को समय रहते टाल दिया गया।

बीकानेर में कोल्ड ड्रिंक 'रेड बुल' के 608 कैन सीज:सीएमएचओ बोले- भ्रामक प्रचार के कारण कैफिनेटेड बेवरेज पर की कार्रवाई

बीकानेर के रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स बोथरा एंड संस के प्रतिष्ठान एवं गोदाम पर निरीक्षण कर सैंपल कलेक्ट किए गए। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कैफिनेटेड बेवरेज रेड बुल का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (एफएसएसएआई अधिनियम) के तहत नमूना लिया गया और जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक उक्त उत्पाद के 608 कैन सीज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) के अनुसार कैफिनेटेड बेवरेज के लेबल पर स्टिम्युलेट्स माइंड, एनर्जाइज बॉडी, एनर्जी ड्रिंक अथवा स्पोर्ट्स ड्रिंक जैसे दावों का उल्लेख भ्रामक प्रचार की श्रेणी में माना जाता है। इसी संबंध में एफएसएसएआई द्वारा विभिन्न प्रमुख बेवरेज ब्रांडों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। डॉ. साध ने बताया कि अधिक कैफीन युक्त ऐसे पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों और कैफीन के प्रति संवेदनशील व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए खाद्य सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि लिए गए नमूने को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, बीकानेर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार और राकेश गोदारा शामिल रहे।

समान नागरिक संहिता पर तीन जिलों के लोगों ने दिए-सुझाव:कमेटी मेंबर चौहान बोलीं- ज्यादा लोग सुझाव दें, तभी यूसीसी का प्रभावी प्रारूप होगा तैयार

राजस्थान में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में लोगों से सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से जोधपुर में जनसुनवाई की गई। मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान पाली, जालोर और सिरोही जिलों के लोगों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए। राजस्थान समान नागरिक संहिता प्रारूप समिति की सदस्य डॉ. शुचि चौहान ने प्रतिभागियों के सुझावों को सुना और कहा कि प्राप्त सुझावों का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया में समुचित परीक्षण किया जाएगा। इन्होंने दिए सुझाव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित जनसुनवाई में पाली, जालोर और सिरोही के जिला कलेक्टर्स सहित संबंधित जिलों के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, सामाजिक विज्ञान और विधि विषय के शिक्षाविदों, विधिवेत्ताओं, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों समेत अन्य प्रबुद्धजनों ने प्रस्तावित समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर सुझाव और विचार साझा किए। कांग्रेस ने जताया था विरोध वहीं जनसुनवाई में कांग्रेस ने सोमवार को विरोध में ज्ञापन दिया था। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने कहा- प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार और मंगलवार को UCC कानून बनाने के संबंध में जनसुनवाई कर कई राजनीतिक दलों को बुलाया गया। वहीं वास्तविकता यह है कि राज्य सरकार ने अभी तक न तो कानून का ड्राफ्ट तैयार किया और न ही सुझाव और आक्षेप आमंत्रित करने के लिए उसे किसी पोर्टल अथवा अन्य माध्यम से सार्वजनिक किया है। वेबसाइट एवं क्यूआर कोड के माध्यम से भी दे सकते हैं सुझाव संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने बताया- जनसुनवाई विभिन्न वर्गों के लोगों ने प्रस्तावित समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी सुझावों का प्रारूप समिति द्वारा जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संभागीय आयुक्त ने बताया- आमजन की सहभागिता के लिए राज्य सरकार द्वारा ucc.rajasthan.gov.in वेबसाइट विकसित की गई है। वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक या प्रचार सामग्री में दिए क्यूआर कोड को स्कैन कर लोग पोर्टल पर सुझाव ऑनलाइन दे सकते हैं। उपखंड अधिकारी कार्यालय में 25 जुलाई तक दे सकेंगे लिखित सुझाव स्वामी ने बताया- ऑनलाइन व्यवस्था के साथ लोग 25 जुलाई तक संबंधित उपखंड अधिकारी कार्यालय में लिखित सुझाव, अभ्यावेदन या रिप्रेजेंटेशन प्रस्तुत कर सकते हैं। इन सभी सुझावों को एकत्र कर राजस्थान समान नागरिक संहिता प्रारूप समिति को उपलब्ध कराया जाएगा।

स्ट्रीट डॉग को लेकर लोक अदालत में दिया परिवाद:एडवोकेट बोले- ये लोगों को काट रहे, लेकिन जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान

पाली में डॉग बाइट के मामले बढ़ते जा रहे हैं। लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इन स्ट्रीट डॉग्स को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने का काम नहीं कर रहे हैं। इससे परेशान होकर पाली के एडवोकेट भरतसिंह राजपुरोहित ने मंगलवार को स्थानीय लोक अदालत में परिवाद दायर किया है, जिससे जिम्मेदार विभागों की जिम्मेदारी तय की जा सके। उन्होंने निगम और जिला प्रशासन को इसमें पार्टी बनाया है। पाली शहर के महावीर नगर निवासी एडवोकेट भरतसिंह राजपुरोहित ने मंगलवार को परिवाद दर्ज करवाया। इसमें बताया कि पिछले कुछ महीनों से डॉग बाइट के मामले बढ़ रहे हैं। शहर के महावीर नगर, मंडिया रोड सहित अन्य मोहल्लों में डॉग बाइट के मामले सामने आ रहे हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने भी कई बार निगम में शिकायत की, लेकिन समाधान को लेकर कुछ नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी के पीछे भी कई बार डॉग्स भागे। रात में कई मोहल्लों में डॉग्स भौंकते रहते हैं, जिससे लोगों की नींद खराब होती है। डॉग्स गंदगी फैलाते हैं। निगम की ओर से डॉग्स नहीं पकड़ने के कारण लगातार शहर में उनकी संख्या बढ़ रही है। खासकर बच्चों पर डॉग्स ज्यादा अटैक करते हैं। परिवाद में उन्होंने शहरवासियों को गलियों में घूमने वाले डॉग्स से राहत दिलाने की मांग की है।

सोलर प्लांट से केबल चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार:मुंडावर पुलिस ने केबल, कार और बाइक जब्त किए, चोरी में इस्तेमाल कटर मशीन भी बरामद

मुंडावर थाना पुलिस ने सोलर पावर प्लांट से बिजली की केबल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई केबल के साथ वारदात में इस्तेमाल कटर मशीन, एक मोटरसाइकिल और एक एक्सयूवी कार भी बरामद की है। 27-28 जून की रात हुई थी चोरी पुलिस के अनुसार, 27 और 28 जून 2026 की रात मुंडावर थाना क्षेत्र के करनीकोट गांव स्थित बोहरा जी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के सोलर पावर प्लांट से अज्ञात बदमाश बिजली की केबल चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी अलग-अलग गांवों के रहने वाले गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय निकेश पुत्र महेंद्र कुमार प्रजापत निवासी नांगल उदिया, 35 वर्षीय अनिल उर्फ कालू पुत्र योगेंद्र सिंह जाट निवासी नांगल उदिया और 31 वर्षीय विक्की बसवाल पुत्र पतराम खटीक निवासी खरखड़ी कला, थाना नारायणपुर (कोटपूतली-बहरोड़) के रूप में हुई है। केबल, कटर मशीन, बाइक और एक्सयूवी कार बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई केबल बरामद कर ली है। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई कटर मशीन, एक मोटरसाइकिल और एक एक्सयूवी कार भी जब्त की गई है। एसपी के निर्देश पर बनी टीम ने किया खुलासा यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह और किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव की निगरानी में थानाधिकारी मोहर सिंह मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।