ब्रेकिंग न्यूज़
भारतवंशी बिजनेसमैन ने इंडोनेशियाई राष्ट्रपति से 425 करोड़ ठगे:CIA एजेंट बताकर प्रेसिडेंट का भरोसा जीता, बोला- 36 फाइटर प्लेन, मिलिट्री सिस्टम दिला दूंगा

अमेरिका में धोखाधड़ी के मामलों का सामना कर रहे भारतवंशी कारोबारी गौरव श्रीवास्तव पर अब इंडोनेशिया में भी बड़े फर्जीवाड़े का आरोप लगा है। OCCRP और इंडोनेशियाई मैगजीन टेम्पो की रिपोर्ट के मुताबिक, गौरव ने खुद को CIA एजेंट बताकर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो (तब रक्षा मंत्री) का भरोसा जीता और रक्षा सौदों के नाम पर 425 करोड़ रुपए का फर्जी कर्ज मंजूर करा लिया। रिपोर्ट के अनुसार, गौरव ने 36 F-15 लड़ाकू विमान, ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर और मिलिट्री कमांड सिस्टम दिलाने का दावा किया। जांच में पता चला कि जिन चार कंपनियों के जरिए उसने पांच रक्षा सौदे हासिल किए, वे सभी शेल कंपनियां थीं। बाद में टैक्स नहीं चुकाने पर इन्हें बंद कर दिया गया। सिर्फ 36 F-15 लड़ाकू विमानों की संभावित डील ही करीब 1.32 लाख करोड़ रुपए की थी। बताया गया है कि यह कथित फर्जीवाड़ा 2020 से 2022 के बीच हुआ। आरोप है कि इसी रकम से गौरव ने लॉस एंजिलिस में करीब 208 करोड़ रुपए का आलीशान बंगला खरीदा। अमेरिका में उसके खिलाफ 2024 से धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज हैं। प्रबोवो गौरव को ‘मिस्टर G’ बुलाते कहते थे रिपोर्ट के मुताबिक गौरव ने प्रबोवो का इतना भरोसा जीत लिया था कि वे उसे ‘मिस्टर G’ कहकर बुलाते थे। उसने राष्ट्रपति के निजी जीवन से जुड़ी ऐसी जानकारियों का भी इस्तेमाल किया, जो केवल उनके करीबी लोगों को पता थीं। इनमें यह बात भी शामिल थी कि प्रबोवो अपने घर के मकड़ी के जालों को प्रकृति का हिस्सा मानते हैं और उन्हें साफ नहीं कराते। गौरव ने यह भी दावा किया कि उसने 2002 के बाली बम धमाकों के आतंकियों को पकड़वाने और प्रबोवो का नाम अमेरिकी इमिग्रेशन की ब्लैकलिस्ट से हटवाने में मदद की थी। इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रिको सिराइत ने कहा कि जिन रक्षा सौदों पर बातचीत हुई थी, वे आखिरी समझौते तक नहीं पहुंचे थे। इसलिए सरकार को कोई सीधा आर्थिक नुकसान नहीं हुआ। खुद को बाइडेन का करीबी बताता था गौरव अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स और अदालत में दायर मुकदमे के मुताबिक गौरव श्रीवास्तव खुद को तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलीवन, सीनेटर चक शूमर और कई सैन्य अधिकारियों का करीबी बताता था। वह इन नेताओं और अधिकारियों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर लोगों को यकीन दिलाता था कि उसकी पहुंच अमेरिकी सत्ता और सुरक्षा तंत्र के टॉप तक है। हालांकि, बाद में आईं रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इन नेताओं तक उसकी पहुंच किसी सरकारी भूमिका की वजह से नहीं, बल्कि राजनीतिक चंदे, सार्वजनिक कार्यक्रमों और आयोजनों के जरिए बनी थी। मुकदमे में आरोप है कि गौरव ने इसी छवि का इस्तेमाल कर कई कारोबारियों और विदेशी अधिकारियों का भरोसा जीता। CIA एजेंट बताकर सुनाता था जेम्स बॉन्ड जैसी कहानियां अमेरिका में दायर केस के मुताबिक गौरव श्रीवास्तव खुद को अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA का ‘नॉन-ऑफिशियल कवर (NOC)’ एजेंट बताता था। लोगों का भरोसा जीतने के लिए वह जासूसी मिशनों से जुड़ी कई कहानियां सुनाता था। गौरव दावा करता था कि उसने CIA के ट्रेनिंग सेंटर ‘द फार्म’ में विशेष प्रशिक्षण लिया है। वह अपने शरीर पर मौजूद निशानों को गुप्त ऑपरेशन के दौरान लगी चोट बताता था। इसके अलावा वह कहता था कि 2008 में कांगो में एक मिशन के दौरान ISIS ने उसे बंधक बना लिया था, जहां से वह किसी तरह बच निकला। हालांकि, मुकदमे में कहा गया कि ये सभी दावे झूठे थे। जांच में सामने आया कि उसके शरीर पर मौजूद निशान किसी गुप्त मिशन के नहीं, बल्कि बचपन में हुई किडनी की सर्जरी के थे।

वर्ल्ड अपडेट्स:बलूचिस्तान में पुलिस चौकी पर हमले में 9 ढेर, जवाबी कार्रवाई में 15 आतंकियों के मारे जाने का दावा

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के जियारत जिले में सोमवार देर रात आतंकियों ने एक पुलिस चौकी पर बड़ा हमला कर दिया। इस हमले में दो स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) समेत कम से कम 9 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, हमलावर आठ पुलिसकर्मियों को अगवा कर ले गए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षा बलों ने सुरक्षित छुड़ा लिया। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि हमले के बाद खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने व्यापक अभियान चलाया। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में 15 आतंकियों को मार गिराया गया। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन अधिकारियों को संदेह है कि इसके पीछे प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का हाथ हो सकता है। हाल ही में इसी संगठन ने बलूचिस्तान के जिवानी इलाके में एक सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली थी। बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी हिंसा और आतंकी गतिविधियों से प्रभावित रहा है। हाल के महीनों में सुरक्षा बलों पर हमलों में तेजी आई है, जिसके बाद पाकिस्तान ने आतंकियों के खिलाफ अभियान और तेज करने की बात कही है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… चीन में भूस्खलन से 33 लोग दबे: 17 को बचाया गया, 16 की तलाश जारी चीन के पश्चिमी गांसू प्रांत के पहाड़ी इलाके में मंगलवार को हुए भूस्खलन में 33 लोग मलबे में दब गए। सरकारी मीडिया के मुताबिक, अब तक 17 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 16 लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव अभियान जारी है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सभी प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच, सेंट्रल चीन के हुबेई प्रांत में सोमवार रात आए तेज तूफान और आंधी-बारिश से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 275 लोग घायल हुए हैं। एक व्यक्ति अब भी लापता है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में 149 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलीं। अगले 24 घंटे में 260 मिमी तक बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बना हुआ है। चीन के मौसम विभाग ने सुपर टाइफून ‘बावी’ को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। यह तूफान 290 किमी/घंटा तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ प्रशांत महासागर से ताइवान की ओर बढ़ रहा है। अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। यूक्रेन को पेट्रिएट मिसाइल भेजने की पुष्टि: जानकारी लीक करने वालों की जांच कर रहा पोलैंड
पोलैंड ने स्वीकार किया है कि उसने मार्च में अपने सैन्य भंडार से पीएसी-3 पेट्रिएट मिसाइल इंटरसेप्टर यूक्रेन को भेजे थे। इस जानकारी के सार्वजनिक होने के बाद सरकार ने सैन्य खुफिया एजेंसी को लीक करने वालों की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं विपक्ष ने आरोप लगाया है कि इस फैसले से पोलैंड की अपनी वायु रक्षा क्षमता कमजोर हुई है। शनिवार को सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि पोलैंड ने संसद और जनता को बताए बिना यूक्रेन को पेट्रिएट इंटरसेप्टर भेजे। विवाद बढ़ने के बाद रक्षा मंत्री व्लादिस्लाव कोसिनियाक-कामिश ने सोमवार को पुष्टि की कि NATO महासचिव मार्क रुटे के अनुरोध पर यह आपूर्ति की गई थी। उन्होंने कहा कि भेजी गई मिसाइलों की संख्या सीमित थी और इससे पोलैंड की सुरक्षा पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। रक्षा मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से चर्चा के बाद 2022 से 2026 तक यूक्रेन को दी गई सभी सैन्य सहायता का रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाएगा। साथ ही पोलिश मिलिट्री काउंटरइंटेलिजेंस सर्विस को यह जांच सौंपी गई है कि गोपनीय जानकारी किसने लीक की। इस बीच पेट्रिएट मिसाइलों की उपलब्धता को लेकर NATO देशों पर दबाव बना हुआ है। अमेरिकी थिंक टैंक FPRI के अनुसार, इंटरसेप्टर की मांग और उत्पादन के बीच बड़ा अंतर है, जिससे इनकी आपूर्ति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ट्रम्प का मेलोनी पर नया तंज: बोले- इनके खिलाफ ‘रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर’ लेना पड़ेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पर एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए तंज कसा है। ट्रम्प ने रविवार को Truth Social पर मेलोनी की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उन्हें उनके खिलाफ “रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर” लेना पड़ सकता है। पिछले महीने G7 सम्मेलन के बाद ट्रम्प ने दावा किया था कि मेलोनी उनसे तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्सुक थीं। हालांकि मेलोनी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि ट्रम्प के बेहद करीब दिखना किसी भी नेता की लोकप्रियता के लिए नुकसानदेह हो सकता है। दोनों नेताओं के संबंध तब और तनावपूर्ण हो गए जब इटली ने अमेरिका-इजराइल के ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान का खुला समर्थन नहीं किया। मेलोनी ने पोप लियो XIV को लेकर ट्रम्प की टिप्पणियों की भी आलोचना की थी। इस सप्ताह तुर्किये की राजधानी अंकारा में होने वाले NATO नेताओं के शिखर सम्मेलन में ट्रम्प और मेलोनी की मुलाकात प्रस्तावित है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दोनों नेता हालिया विवादों को पीछे छोड़कर संबंधों में आई तल्खी कम कर पाते हैं या नहीं।

निर्वाचन आयोग ने निकाय-पंचायत चुनाव करवाने का समय बताया:पंचायती-राज विभाग को लिखा लेटर, कहा- चुनाव करवाने में कम से कम 90 दिन लगेंगे

प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों 31 जुलाई तक नहीं हो सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को पंचायती राज विभाग को लिखे एक पत्र में दोनों संस्थाओं (पंचायत और नगरीय निकाय) के चुनाव करवाने के लिए कम से कम 90 दिन का समय लगने की बात कही है। ये तब है जब राज्य सरकार अपने स्तर या ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के आधार पर एससी, एसटी, ओबीसी और महिला के आरक्षण का निर्धारण करके देती है। 14 अगस्त तक आएगी ओबीसी आरक्षण की रिपोर्ट दरअसल राजस्थान हाईकोर्ट ने 22 मई को आदेश देते हुए आयोग को 31 जुलाई तक दोनों संस्थाओं के चुनाव करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन राज्य में अब तक इन चुनावों में ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षण का निर्धारण नहीं हो सका है। पिछले दिनों पंचायती राज विभाग ने एक पत्र निर्वाचन आयोग को लिखा, जिसमें बताया कि ओबीसी आयोग ने अपनी ​आरक्षण संबंधि रिपोर्ट 14 अगस्त 2026 तक तैयार करके सौंपने के लिए कहा है। अगर रिपोर्ट 14 अगस्त तक आ जाती है तो पंचायती राज विभाग 31 अगस्त तक सभी वर्गो के पदों का आरक्षण निर्धारित कर देगा। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद आयोग कितने समय में चुनाव करवा सकता है। चार और दो चरणों में करवाने पड़ेंगे चुनाव आयोग ने इस पत्र के जवाब में बताया- अगर आरक्षण का निर्धारण हो जाता है तो विभाग जिस दिन भी चुनाव संबंधि प्रेस विज्ञप्ति जारी करेगा उसके 90 दिवस के अंदर चुनाव संपादित हो जाएंगे। इसमें 50 दिन का समय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में लगेगा और 40 दिन का समय नगरीय निकाय चुनाव में। आयोग ने बताया- बढ़ी हुई पंचायतें और संसाधनों को देखते हुए पंचायत चुनाव 4 चरण में करवाए जाने संभावित है, ज​बकि नगरीय निकाय चुनाव 2 चरणों में पूरे होंगे। ———— ये खबर भी पढ़िए… पंचायत चुनाव जुलाई तक होना भी संभव नहीं:OBC आयोग के पास आरक्षण के लिए स्पष्ट आंकड़े नहीं, सुप्रीम कोर्ट जा सकती है सरकार राजस्थान में पंचायत चुनाव 31 जुलाई तक होंगे या नहीं? हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद इस पर संशय बरकरार है। बड़ा सवाल यह है कि इस बार भी ओबीसी आयोग 20 जून तक आरक्षण का डेटा नहीं दे पाता है तो एक फिर पंचायत चुनाव टल जाएंगे? या फिर राज्य निर्वाचन आयोग सुप्रीम कोर्ट के मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव पर दिए निर्णय को आधार बनाकर बिना आरक्षण के चुनाव कार्यक्रम जारी करेगा? (पढ़िए पूरी खबर)

जयपुर में परिवार पर चढ़ा ट्रेलर, 4 की मौत:बच्चों के शव टुकड़ों में नाले में गिरे, मां के पैर टूटे; ट्रेलर के 5 चालान पेंडिंग

जयपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शवों के चिथड़े उड़ गए। एक बच्चे के शव के दो टुकड़े हो गए। सभी लोग नाले में गिर गए। हादसा श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाइपास पर कमला नेहरू नगर में मंगलवार सुबह 8:46 बजे हुआ। मृतकों की पहचान राजसमंद के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश (40) और उनके बेटों रमेश (11), रतन (10), दीपक (8) के रूप में हुई है। चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी (35) गंभीर रूप से घायल है। कैलाशी के दोनों पैर टूट गए हैं। एसएमएस हॉस्पिटल के ट्रॉमा में इलाज चल रहा है। गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था परिवार हादसे का शिकार बागरी समाज का परिवार वैशाली नगर में किराए के मकान में रहता था। फुटपाथ पर झाड़ू बनाकर बेचता था। आज सुबह गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान ट्रेलर रेलिंग को तोड़ते हुए माता-पिता और तीनों बच्चों को कुचल दिया। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माता-पिता को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को नाले से निकाला। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। हादसे की 3 PHOTOS… हादसे की चश्मदीद कैलाशी से भास्कर रिपोर्टर ने बातचीत की… सवाल- हादसा कैसे हुआ ? जवाब – हम लोग गाड़ी के इंतजार में सड़क किनारे बैठे थे, मेरे बच्चे भी साथ थे। तेज गति से एक ट्रेलर आया और हम सबको कुचलते हुए निकल गया। हम लोगों को बचने का भी मौका नहीं मिला। सवाल- ट्रेलर कितना तेज आ रहा था, क्या आपको बचने का मौका मिला था? जवाब – गाड़ी बहुत तेज आई थी, बचने का भी मौका नहीं मिला। सवाल- ट्रेलर को रफ्तार में आता देखा, तो आपको क्या लगा था? जवाब – हमें लगा था, हम लोग नहीं बचेंगे। सवाल- हादसे के बाद आपको होश कब आया? जवाब -अस्पताल में आने के बाद होश आया। पति और तीन बेटों को खोने के बाद कैलाशी सदमे में है। कैलाशी का एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। उसके दोनों पैर टूट गए।
हादसे के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

PM मोदी के लिए लगेगा ₹2 करोड़ का टेंट:चंडीगढ़ में 17 जुलाई को प्रस्तावित दौरा; एक ही दिन में 8 टेंडर जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित किया जाना है। इसके लिए सोमवार को प्रशासन के विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग टेंडर जारी किए। इनमें सबसे बड़ा टेंडर करीब 2.02 करोड़ रुपए का है, जो टेंट और कार्यक्रम स्थल पर अस्थायी व्यवस्थाओं के लिए जारी किया गया है। इसके अलावा लाइटिंग, बिजली, कैमरे और अन्य सुविधाओं के लिए भी अलग-अलग टेंडर निकाले गए हैं। चंडीगढ़ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीजीआई और पंजाब यूनिवर्सिटी के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किए गए कालका, मोहाली, अंब अंदौरा और आनंदपुर साहिब समेत चार आधुनिक रेलवे स्टेशनों को भी समर्पित किया जाएगा। प्रधानमंत्री चंडीगढ़ से इन स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। 3 पॉइंट्स में जानें PM मोदी के दौरे को लेकर खास इंतजाम:- आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद रेलवे प्रवक्ता के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे की आधिकारिक सूचना अभी पीएमओ से आनी बाकी है। हालांकि, रेलवे ने अपने स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इन चारों स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को इन स्टेशनों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। लोकल कल्चर-आर्किटेक्चर को बढ़ावा योजना की एक प्रमुख विशेषता स्थानीय संस्कृति और वास्तुकला को बढ़ावा देना भी है। इसी उद्देश्य से स्टेशनों के निर्माण में स्थानीय कला, विरासत और क्षेत्रीय पहचान को शामिल किया गया है, ताकि प्रत्येक स्टेशन अपने शहर और क्षेत्र की सांस्कृतिक छवि को दर्शा सके। ये स्टेशन केवल यात्रा के केंद्र नहीं होंगे, बल्कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए भी विकसित किए जा रहे हैं। अब तक 172 से अधिक स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से अन्य स्टेशनों का भी लोकार्पण किया जाएगा।

अलवर काले बादलों से दिन में अंधेरा हुआ:तेज बारिश हुई, अगले 3 दिन आंधी-बरसात का अलर्ट जारी किया गया

अलवर में मंगलवार को तेज बारिश हुई। शहर में घने काले बादल छाए, जिससे दिन में अंधेरा हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, रात में भी रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई है। अकबरपुर,अहमदपुर,नटनी का बारा समेत सिलीसेढ़ की तरफ बारिश हुई है। कई ग्रामीण इलाकों में सड़कों व खेतों में पानी भर गया। दोपहर बाद हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। 10 जुलाई तक आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभालना मौसम विभाग के अनुसार 7 से 10 जुलाई तक अलवर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों व पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। वहीं 11 और 12 जुलाई के लिए जिले में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। पिछले दो दिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। बारिश की कमी का सबसे ज्यादा असर किसानों पर दिखाई दे रहा था। जिले के अधिकांश किसानों ने खरीफ फसलों की बुआई पूरी कर ली है और कई क्षेत्रों में बाजरे के पौधे भी निकलने लगे हैं। इन फसलों की अच्छी पैदावार के लिए अब नियमित बारिश बेहद जरूरी है। बारिश होने से किसानों ने भी कुछ राहत की सांस ली हैं।

बचकर भाग रहे शराब तस्कर की मौत, शव रखकर प्रदर्शन:SDM के समझाने पर बॉडी मॉर्च्युरी रखवाई, धरने पर मांगों को लेकर अड़े

बालोतरा में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस से बचकर भाग रहे शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकराने से एक तस्कर की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने शव को गुड़ामालानी थाने में रखकर प्रदर्शन किया। देर रात समझाइश के बाद शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट किया गया, लेकिन परिजन एफआईआर और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। पढ़िए … सिलसिलिवार पूरा घटनाक्रम 1. पुलिस से बचकर भाग रही कार पेड़ से टकराई, एक तस्कर की मौत
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में सोमवार (6 जुलाई) को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस से बचकर भाग रहे शराब तस्करों की कार आमलियाला-भैडाणा रोड पर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। पुलिस टीम करीब 20 किलोमीटर तक कार का पीछा कर रही थी। हादसे में रावली नाड़ी निवासी पुनेश (22) पुत्र लाधुराम गंभीर घायल हो गया, जिसकी सांचौर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 20 वर्षीय प्रवीण पुत्र मेघाराम निवासी रावली नाड़ी को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने शराब से भरी क्षतिग्रस्त कार भी जब्त कर ली। कार पर केरल की नंबर प्लेट लगी थी, जबकि उसमें गुजरात की नंबर प्लेट भी मिली। 2. हादसे के बाद पोस्टमार्टम को लेकर विवाद, शव गुड़ामालानी लाया गया
हादसे के बाद सांचौर अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर पुलिस और मृतक के परिजनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद परिजन शव को गुड़ामालानी ले आए। यहां भी पुलिस और परिजनों के बीच बहस हुई, जिसके चलते थाने के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा। 3. थाने में शव रखकर प्रदर्शन, एफआईआर दर्ज करने की मांग
मृतक के परिजन और समाज के लोगों ने गुड़ामालानी थाना परिसर में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि मामले में एफआईआर दर्ज की जाए और रिपोर्ट की कॉपी उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने उन्हें समझाया कि यदि वे अतिरिक्त रिपोर्ट देंगे तो उसे पहले से दर्ज रिपोर्ट में शामिल कर लिया जाएगा, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। 4. आधी रात तक चली समझाइश, फिर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा शव
गुड़ामालानी एसडीएम भंवरलाल विश्नोई और पुलिस अधिकारियों ने देर रात तक कई दौर की वार्ता कर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। आखिर रात करीब 12 बजे परिजन माने और शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट कराया गया। देर रात करीब 1 बजे शव को मोर्चरी में रखवाया गया, लेकिन वहां भी परिजन धरने पर बैठे रहे। 5. एफआईआर और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की जिद
मृतक के परिजनों का कहना है कि उनकी बालोतरा एएसपी से बात हुई थी। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि मंगलवार को एफआईआर और जांच रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाएगी। परिजनों का कहना है कि रिपोर्ट मिलने और उसे देखने के बाद ही वे शव का पोस्टमॉर्टम करवाएंगे। फिलहाल दूसरे दिन भी परिजन अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। —– घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें … पेड़ से टकराई तस्करों की कार, एक की मौत:20KM पीछा कर एक साथी पकड़ा; पुलिस से धक्का-मुक्की, थाने पर प्रदर्शन बालोतरा में शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई।हादसे में एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। पढ़ें पूरी खबर

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टैंपो को टक्कर मारी,2 की मौत:3 गंभीर घायल, शिफ्ट पूरी कर फैक्ट्री से घर लौट रहे थे

अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में टैंपो-ट्रैक्टर की टक्कर में 2 युवकों की मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हैं। घटना सहजपुर पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात करीब ड़ेढ़ बजे की है। सभी मजदूर अशोक लीलैंड फैक्ट्री में काम कर घर लौट रहे थे। रोजाना की तरह काम खत्म कर लौट रहे थे घर जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुरा निवासी सुनील जाटव (32) पुत्र मोतीलाल और नरेश जाटव (28) पुत्र उदयराम अपने ही गांव के साथी मुकेश, प्रेम और मिथलेश के साथ उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित अशोक लीलैंड फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार देर रात करीब 1 बजे फैक्ट्री से शिफ्ट खत्म होने के बाद सभी रोजाना की तरह टेंपो में सवार होकर अपने गांव जयसिंहपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सहजपुर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टेंपो को टक्कर मार दी। मौके पर ही तोड़ा दम, तीन अस्पतालों में भर्ती चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील और नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टेंपो में सवार मुकेश, प्रेम और मिथलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अलवर के तीन अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, गांव में मातम पुलिस ने शनिवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद जयसिंहपुरा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दर्दनाक बात यह है कि हादसे का शिकार हुए सुनील और नरेश दोनों ही शादीशुदा थे। दोनों के दो-दो बेटी है। नरेश के घर 8 महीने पहले ही बेटी ने जन्म लिया था।

जालंधर में एक्टिवा के लिए खरीदा ₹8.52 का VIP नंबर:इसमें 8 एक्टिवा आ सकती हैं; ई-ऑक्शन में 25 लाख के बिके 9 नंबर

जालंधर में फैंसी नंबरों का क्रेज किसी से छिपा नहीं है। रीजनल परिवहन कार्यालय (RTO) की ओर से आयोजित ऑनलाइन ई-ऑक्शन में इस बार PB 08 GA सीरीज के 0001 नंबर के लिए सबसे अधिक 8 लाख 52 हजार 500 रुपए की बोली लगी। यह नंबर किसी लग्जरी कार नहीं, बल्कि एक्टिवा के लिए खरीदा गया है। अभी एक्टिवा का ऑन रोड प्राइस करीब 1.10 लाख रुपए है। यानी बोली लगी रकम से करीब 8 एक्टिवा खरीदी जा सकती थीं। वहीं, ई-ऑक्शन में 0007 नंबर 3 लाख 11 हजार रुपए, 0005 नंबर 2 लाख 83 हजार रुपए, 0008 नंबर 2.50 लाख रुपए, जबकि 0002, 0003, 0006 और 0009 नंबर 2-2 लाख रुपए में बिके। 000 सीरीज के नंबर लाखों रुपए में बिक रहे पिछले महीनों से लगातार 000 सीरीज के नंबर लाखों रुपए में बिक रहे हैं। हालांकि ऑक्शन में 8 लाख रुपए से ज्यादा कीमत में भी नंबर बिके हैं, लेकिन पिछले महीनों के मुकाबले यह ऑक्शन सबसे बेहतर रहा। इससे पहले PB 08 FZ सीरीज का 0001 नंबर 8 लाख 61 हजार रुपए में नीलाम हुआ था। 0001 नंबर 8,500 रुपए कम कीमत पर बिका मौजूदा सीरीज का 0001 नंबर उससे महज 8,500 रुपए कम कीमत पर बिका। आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, इच्छुक वाहन मालिक पोर्टल पर बोली लगाते हैं। सबसे अधिक बोली लगाने वाले को संबंधित नंबर आवंटित किया जाता है। तीन दिन ऐसे होती है ई-ऑक्शन… हर सप्ताह शनिवार, रविवार और सोमवार तक फैंसी नंबरों के लिए ऑनलाइन आवेदन लिया जाता है। मंगलवार और बुधवार को आवेदक परिवहन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बोली लगाते हैं। हर क्लिक के साथ बोली 500 रुपए बढ़ती है। 0001 से 0010 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 5 लाख रुपए है। रिजर्व प्राइस 1 लाख रुपए है इनमें भाग लेने के लिए 1 लाख रुपए सिक्योरिटी अमाउंट और 2,000 रुपए आवेदन शुल्क जमा करना होता है। 0011 से 0099 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 1 लाख रुपए है। नीलामी पूरी होने के बाद सफल बोलीदाता को निर्धारित समय सीमा के भीतर पैसे जमा कराने होते हैं।

अमरनाथ गुफा में शिवलिंग पूरी तरह पिघला:अभी यात्रा के 5 दिन ही हुए; करीब 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का दर्शन करना बाकी

अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक बर्फ का शिवलिंग लगभग पूरी तरह पिघल गया है। अभी यात्रा के पांच दिन ही बीते हैं। 57 दिन चलने वाली यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी। यात्रा के पहले चार दिनों में करीब 86 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में दर्शन किए। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को पांचवें दिन यह संख्या 1 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद है। यात्रा के लिए इस साल 4 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यानी कि अभी 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का दर्शन करना बाकी है। 23 मई को 7 फीट का था शिवलिंग 23 मई को BSF के जवानों ने जो तस्वीर जारी की थी, उसमें शिवलिंग का आकार करीब 7 फीट था। 29 जून को पहली पूजा के दिन भी हिमलिंग की ऊंचाई 5 फीट से ज्यादा थी। 6 जुलाई को सामने आई तस्वीर में हिमलिंग लगभग 90% गायब हो चुका है। 48 किमी लंबे नुनवान-पहलगाम रूट और 14 किमी वाले छोटे, लेकिन कठिन बालटाल रूट से लगातार यात्री दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन खत्म होगी। यात्रा से जुड़ी 3 तस्वीरें… अमरनाथ के बाबा बर्फानी प्राकृतिक बनते हैं, तराशा नहीं जाता अमरनाथ का हिम शिवलिंग किसी बर्फ के ब्लॉक को तराशकर नहीं बनाया जाता, बल्कि यह प्राकृतिक आइस स्टैलेग्माइट है। जैसे चूना-पत्थर की गुफाओं में जमीन से खनिज जमा होकर स्टैलेग्माइट बनते हैं, उसी तरह अमरनाथ गुफा में छत से टपकने वाला पानी जमकर बर्फ का शिवलिंग बनाता है। इसका आकार हर साल मौसम, तापमान और पानी की उपलब्धता के अनुसार अलग-अलग होता है। यही इसकी सबसे अनोखी विशेषता है।
शिवलिंग गायब होने से यात्रा पर क्या असर पड़ेगा, समझिए सवाल-जवाब में… 1.सवाल: क्या शिवलिंग फिर से बन सकता है? जवाब: इसकी संभावना बहुत कम है। ताजा बर्फबारी या तापमान शून्य से नीचे जाने पर ही दोबारा बन सकता है। 2. सवाल: प्राकृतिक शिवलिंग कैसे बनता है? जवाब: सर्दियों और वसंत में गुफा के अंदर पानी की बूंदें जमकर धीरे-धीरे बर्फ का शिवलिंग बनाती हैं। 3. सवाल: क्या शिवलिंग पिघलने से अमरनाथ यात्रा रुक जाएगी? जवाब: फिलहाल ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं है। यात्रा पहले की तरह जारी है। 4. सवाल: अब तक कितने श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं? जवाब: यात्रा शुरू होने के बाद अब तक 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। 5. सवाल: इस साल यात्रा के लिए कितने लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है? जवाब: इस साल करीब 4 लाख श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। यात्रा के 2 रूट, एक 48km लंबा लेकिन सरल, दूसरा 14km का लेकिन कठिन चढ़ाई अमरनाथ यात्रा दो रास्तों से की जाती है। पारंपरिक रास्ता 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम से है। दूसरा रास्ता गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल से है। यात्रा 28 अगस्त को खत्म होगी।