ब्रेकिंग न्यूज़
राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान में पहुंचीं डिप्टी सीएम दीया कुमारी:बोलीं- शिक्षा से ही बनेगा विकसित भारत, मेधावी स्टूडेंट्स को आगे बढ़ाना समाज की जिम्मेदारी

राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है और मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। स्वर्णकार सेवा दल की ओर से रविवार को बिड़ला सभागार में राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, मेडल, स्मृति-चिह्न और स्टेशनरी सामग्री भेंट कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर सम्मान मिलने की खुशी साफ दिखाई दी, वहीं अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की सफलता पर गर्व महसूस किया। दिया कुमारी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है। शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संस्कारी और जागरूक नागरिक बनाने की प्रक्रिया है। आज का विद्यार्थी कल का बनाएगा भारत उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का भारत बनाएगा। इसलिए युवाओं को केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा। सिर्फ अंक नहीं, संस्कार भी जरूरी दीया कुमारी ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी अच्छा इंसान बनना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा अपनी प्रतिभा का उपयोग देश और समाज के विकास में करने का आह्वान किया। डिप्टी सीएम ने की स्वर्णकार सेवा दल की इस पहल की सराहना डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने स्वर्णकार सेवा दल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना अत्यंत प्रेरणादायी कार्य है। ऐसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित भी करते हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज अपने मेधावी बच्चों को पहचान देता है, तो वे और अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं और दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं। दीया कुमारी ने अपने संबोधन में सभी सामाजिक संगठनों और समाजों से आग्रह किया कि वे भी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे सम्मान समारोह आयोजित करें। होनहार बच्चों के सम्मान से शिक्षा का स्तर बेहतर होगा उन्होंने कहा कि अगर हर समाज अपने होनहार बच्चों का सम्मान करेगा, तो निश्चित रूप से शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा और युवाओं में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा पैदा होगी। समारोह के दौरान सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मेधावी छात्र-छात्राओं ने इसे अपने जीवन का यादगार पल बताया। वहीं अभिभावकों ने कहा कि इस तरह के सम्मान बच्चों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देते हैं और उनकी मेहनत को नई पहचान मिलती है।

विधायक ने 150-फीट लंबे और 30-फीट चौड़े पुल-का किया लोकार्पण:छगनसिंह बोले- यह पुल क्षेत्र के विकास को नई गति देगा

जालोर में भंवरानी बायपास एवं भंवरानी-रायथल मार्ग पर 150 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुल बनकर तैयार हो गया है। जिसका आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने शनिवार को लोकार्पण किया। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की महत्वपूर्ण सौगात मिली। डॉ. मुखर्जी महान राष्ट्रवादी चिंतक थे इस अवसर पर विधायक राजपुरोहित ने कहा- महान राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया। एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के उनके उद्घोष ने देश की एकता को नई दिशा प्रदान की। उनका जीवन और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पुल क्षेत्र के विकास को नई गति देगा उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से समर्पित यह पुल क्षेत्र के विकास को नई गति देगा और भंवरानी, रायथल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए आवागमन को अधिक सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाएगा। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद इस अवसर पर सरपंच गोविन्दराम सुथार, ईश्वर सिंह, भेराराम घांची, सेतान सिंह, सावलाराम देवासी, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधिगण, विभाग के अधिकारीगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

खैरथल में रक्तदान शिविर, 304 यूनिट रक्त संग्रहित:414 लोगों ने कराया पंजीकरण, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया

खैरथल लायंस क्लब शक्ति और लियो क्लब खैरथल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मातोर रोड स्थित महावर धर्मशाला में हुए शिविर में 414 लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 304 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह रक्त विभिन्न अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर में अलवर ब्लड बैंक और मोनार्क ब्लड बैंक की विशेषज्ञ चिकित्सक टीमों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से रक्त संग्रह किया। रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई और निर्धारित मानकों के अनुसार रक्त लिया गया। अतिथियों ने किया रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रामहेत यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व चेयरमैन अशोक डाटा, किशनगढ़बास भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष विश्वास यादव और पूर्व पार्षद कृष्ण यादव शामिल रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। सुबह से शाम तक चला शिविर शिविर संयोजक एडवोकेट भानु प्रकाश अग्रवाल और अभिषेक गोयल ने बताया कि शिविर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रहीं और बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया ये रहे मौजूद शिविर में क्लब अध्यक्ष ललित सिंघानिया, सचिव नीलम गुप्ता, कोषाध्यक्ष नीरज जांगिड़, करमचंद वरयानी, विनेश सिरवानी, सुधीर कुमार, चुन्नीलाल जांगिड़, समाजसेवी चेतन तनवानी, अनिल चंचलानी, रूपेश गुप्ता, सुमित तनेजा, जसपाल सिंह, अनिल मानसिंघानी और लियो क्लब अध्यक्ष गुण अरोड़ा सहित कई क्लब पदाधिकारी मौजूद रहे। वैश्य महिला संगठन, महावर महिला मंडल, अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन जिला महिला मंडल और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी निभाई।

मांगीलाल कुम्हार अध्यक्ष, हरिराम मीणा सचिव बने:भारत विकास परिषद की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, सेवा कार्य को बताई प्राथमिकता

भारत विकास परिषद राजस्थान दक्षिण प्रांत की डूंगरपुर शाखा का वार्षिक दायित्व ग्रहण एवं शपथ ग्रहण समारोह रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी सामुदायिक भवन में हुआ। समारोह में नवगठित कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली और समाज सेवा तथा जनकल्याण के कार्यों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि संत कमलेश शास्त्री थे, जबकि प्रांतीय अध्यक्ष मयंक दोषी ने अध्यक्षता की। रीजनल सचिव गिरीश सोमपुरा, महंत जय सिंह सोलंकी, शाखा अध्यक्ष मांगीलाल कुम्हार, सचिव हरिराम मीणा और कोषाध्यक्ष नरेश जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। शाखा के वरिष्ठ सदस्यों ने अतिथियों का उपर्णा और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। शाखा अध्यक्ष मांगीलाल कुम्हार ने स्वागत उद्बोधन देते हुए शाखा की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। शाखा संरक्षक दिनेश श्रीमाल ने शाखा का परिचय प्रस्तुत किया।
इसके बाद, प्रांतीय अध्यक्ष मयंक दोषी ने अध्यक्ष मांगीलाल कुम्हार, सचिव हरिराम मीणा और कोषाध्यक्ष नरेश जोशी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रांतीय संयोजक गिरीश पानेरी ‘साथी’ ने नए सदस्यों को, जबकि रीजनल सचिव गिरीश सोमपुरा ने कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई। सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए मयंक दोषी, गिरीश सोमपुरा, दिनेश श्रीमाल और गिरीश पानेरी ‘साथी’ ने परिषद की सेवा गतिविधियों और सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता संत कमलेश शास्त्री एवं महंत जय सिंह सोलंकी ने समाज में जनकल्याण, संस्कार और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान गोसेवकों, भक्तों और दानदाताओं को शॉल, पगड़ी, उपर्णा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में परिषद परिवार के सदस्यों, नगर के गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लिया। महिला प्रमुख राजकुमारी कुम्हार एवं उनकी सहयोगी टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश चौबीसा एवं ऋषि दवे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सुभाष रोत ने व्यक्त किया।

पीपलखूंट में ट्रैक्टर-बाइक में भिड़ंत, एक की मौत:गुजरात में मजदूरी कर लौट रहे थे दो दोस्त, गांव से 2KM पहले हुआ हादसा

प्रतापगढ़ में ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। दोनों युवक मजदूरी कर गुजरात से अपने गांव लौट रहे थे। गांव से 2 किमी पहले ही हादसा हो गया। हादसा पीपलखूंट थाना क्षेत्र के मोरवानिया गांव के पास रविवार सुबह हुआ। गांव के मांझी भाई ने बताया- मोरवानिया निवासी विजयपाल (18) पुत्र अनिल मईडा और धारना निवासी विनोद (27) दोनों दोस्त एक महीने पहले मजदूरी करने गुजरात गए थे। दोनों रविवार को गुजरात से अपने घर लौट रहे थे। गांव से 2 किमी पहले ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक
पीपलखूंट थाने के सहायक उप निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया- मोरवानिया गांव से 2 किमी पहले दोनों दोस्तों की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में मोरवानिया निवासी विजयपाल की मौत हो गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए पीपलखूंट अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। एक युवक प्रतापगढ़ रेफर
दुर्घटना में धारना निवासी विनोद (27) पुत्र बापुलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। विनोद को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीपलखूंट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर किया गया। विनोद की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर्स ने उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीपलखूंट थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। विजयपाल अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। घायल विनोद भी अविवाहित हैं और मजदूरी का काम करता है।

हाईवे पर सामने गाय आई,ट्रेलर के ब्रेक लगाने पर ट्रक-भिड़ा:केबिन में फंसा ट्रक ड्राइवर, जेसीबी की मदद से पुलिस और लोगों ने निकाला

उदयपुर में नेशनल हाईवे-48 पर एक ट्रेलर और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इसमें ट्रक ड्राइवर गंभीर घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक ड्राइवर केबिन में फंस गया। पुलिस और लोगों की मदद से मशक्कत के बाद ड्राइवर को निकाला गया। बाद में घायल को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया। यह हादसा डबोक थाना क्षेत्र में भमरासिया घाटी मोड़ पर रविवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार- ट्रेलर और ट्रक दोनों उदयपुर की तरफ जा रहे थे। भमरासिया घाटी मोड़ी रोड चौराहे के ओवरब्रिज पर सामने अचानक गाय आने के कारण ट्रेलर ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रहा ट्रक ड्राइवर अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर गंभीर घायल होकर केबिन में फंस गया। ट्रक के केबिन में फंस गया था ड्राइवर जानकारी के अनुसार- हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर गंभीर घायल होकर केबिन के अंदर फंस गया। हादसे की सूचना पर भटेवर चौकी प्रभारी महेंद्र ढाका, कॉन्स्टेबल राजवीर यादव सहित हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने ग्रामीणों की सहायता से ड्राइवर को बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन केबिन क्षतिग्रस्त होने से ड्राइवर अंदर फंसा रहा। इसके बाद जेसीबी मंगवाई गई। ट्रक के केबिन को जेसीबी से लोहे की चेन से खींचते हुए तोड़ा। इसके बाद ड्राइवर को निकाला गया। इसके बाद हाईवे एंबुलेंस से घायल को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे में ड्राइवर के पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित रहा। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से दूर हटवाकर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई। इनपुट: रमेश डांगी, वल्लभनगर

फलोदी में संस्कृत भारती की फलोदी में बैठक:प्रचार-प्रसार को लेकर की चर्चा, कार्य योजना को लेकर चर्चा

संस्कृत भारती की विभागीय बैठक रविवार को फलोदी के बाबाजी का बसेरा जागरिया में आयोजित की गई। विभाग संयोजक चंद्रशेखर चौधरी ने इसका संयोजन किया, जबकि क्षेत्र संगठन मंत्री कमल शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। संगठन विस्तार को लेकर की चर्चा बैठक में संस्कृतभारती के आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें तय किया गया कि प्रत्येक दो माह में विभागीय स्तर पर और हर माह जनपद स्तर पर नियमित रूप से गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। संगठन ने वर्ष के अंत तक विभाग के सभी विकासखंडों और नगरों को सक्रिय एवं कार्ययुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। संगठन से जोड़ने का आह्लान बैठक में संस्कृत परिचय वर्ग, विद्यालय कार्य, साहित्य विभाग, भाषा शिक्षण, सरल संस्कृत परीक्षा, प्रचार-प्रसार और कार्यकर्ता निर्माण जैसे विभिन्न विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। नवंबर माह में आयोजित होने वाले भाषा बोधन वर्ग की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यकर्ताओं से संस्कृत संभाषण को जन-जन तक पहुंचाने, नियमित संपर्क बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर जनपद एवं विभाग के विभिन्न प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें उत्तर पश्चिम क्षेत्र के संगठन मंत्री कमल महोदय, जैसलमेर के जनपद मंत्री गजेंद्र सिंह, फलोदी के जिलाध्यक्ष सवाई सिंह, क्षेत्राध्यक्ष तुलसीदास शर्मा, विभाग संयोजक चंद्रशेखर चौधरी, नगर अध्यक्ष जसवंत गिरि गोस्वामी, महेश दाधीच, फलोदी के जनपद मंत्री मोतीलाल सांखी, मनोज सिंह, जसराज चौधरी, धनसुख पालीवाल, पृथ्वी सिंह, भवानी सिंह खीची, अशोक कुमार, डूंगर सिंह राजपुरोहित, किशन सिंह, प्रेम सुथार और लीलाधर मेघवाल शामिल थे। बैठक का समापन संस्कृतभारती के ध्येय “जयतु संस्कृतम्, विश्वं संस्कृतम्” के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2031 तक संस्कृतभारती की स्वर्ण जयंती के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन विस्तार और संस्कृत प्रचार के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

खैरथल-तिजारा के 24 केंद्रों पर एलडीसी परीक्षा संपन्न:71 प्रतिशत से ज्यादा कैंडिडेट रहे उपस्थित, 4 फ्लाइंग टीम रही सक्रिय

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 शनिवार को खैरथल-तिजारा जिले में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। जिला प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं, कड़े सुरक्षा प्रबंधों और अधिकारियों की सतत निगरानी के चलते जिले के सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पारियों की परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने बताया- राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की गोपनीयता, सुरक्षित परिवहन और परीक्षार्थियों की सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्व में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, जिससे परीक्षा पूरी तरह व्यवस्थित और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सकी। उन्होंने बताया- पहली पारी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित हुई। इसमें पंजीकृत 7008 अभ्यर्थियों में से 5026 ने परीक्षा दी, जबकि 1982 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहली पारी में 71.72 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पारी में भी अभ्यर्थियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। कुल 7008 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4990 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2018 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में 71.20 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। एडीएम शिवपाल जाट ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा और गोपनीयता के मानकों का सख्ती से पालन कराया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के समन्वित प्रयासों और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते दोनों पारियों की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट के निर्देशन में गठित 4 फ्लाइंग टीमों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और सभी अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।

भतीजे-बहू ने की डेढ़ करोड़ की चोरी:बिजनेसमैन चाचा का परिवार खाटू श्यामजी गया था, पहली मंजिल पर रहने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

अजमेर पुलिस ने बिजनेसमैन चाचा के घर से डेढ़ करोड़ रुपए के गहने और 5 लाख रुपए कैश चोरी करने वाले भतीजे और उसकी बहू को गिरफ्तार किया है। परिवार जब खाटू श्याम जी दर्शन करने गया था, तब पीछे से आरोपी पति-पत्नी ने इस वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने वारदात से पहले ही मकान की एक चाबी चोरी कर अपने पास रख ली थी। एएसपी (ASP) सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया- आदर्श नगर के माधव द्वार के रहने वाले बिजनेसमैन गोपाल खंडेलवाल ने 1 जुलाई को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। गोपाल खंडेलवाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि 30 जून को दोपहर करीब 12 बजे वह किसी काम से बाहर गए थे। मेरे जाने के बाद उनकी पत्नी, दोनों बेटे और दोनों बहुएं खाटू श्याम जी (सीकर) दर्शन के लिए चले गए थे। जाते समय वे घर का ताला लगाकर गए थे।
फर्श पर पड़ा चांदी का गिलास देख हुआ चोरी का शक एएसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ के अनुसार, गोपाल खंडेलवाल रात करीब 10:30 बजे घर लौट आए थे, जबकि उनके परिजन रात 1:30 बजे वापस लौटे। अगली सुबह करीब 8:30 बजे जब उनकी पत्नी कमरे में गईं, तो चांदी का गिलास नीचे फर्श पर रखा देख उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने अलमारी खोलकर चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने और 5 लाख रुपये की नकदी गायब थी। ताले तोड़कर नहीं, चाबी से खोलकर की थी चोरी एएसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो सामने आया कि घर के ताले तोड़कर चोरी नहीं की गई थी, बल्कि किसी ने चाबी से ताला खोलकर वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की। पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और परिवार के लोगों की सीडीआर (CDR) डिटेल निकाली। संदेह के आधार पर पुलिस ने पहली मंजिल पर रहने वाले मनीष खंडेलवाल उर्फ मोनी और उसकी पत्नी दीप्ति खंडेलवाल उर्फ डोली को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो सारा सच सामने आ गया। पहली मंजिल पर रहने वाले भतीजे-बहू ही निकले चोर पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति-पत्नी मकान की पहली मंजिल पर रहते हैं और रिश्ते में गोपाल खंडेलवाल के भतीजे और बहू लगते हैं। गोपाल खंडेलवाल मकान के नीचे वाले हिस्से में रहते हैं। आरोपियों ने रंजिश के चलते वारदात से एक दिन पहले ही परिवादी गोपाल खंडेलवाल के कमरे की एक चाबी चुपके से चुराकर अपने पास रख ली थी और मौका पाकर इस बड़ी चोरी को अंजाम दे डाला। आदर्श नगर पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सभी गहने और कैश बरामद कर लिए हैं।

कोटा में गंडासे और डंडे लेकर दुकान में घुसे बदमाश,VIDEO:काउंटर, शीशे और सामान तोड़ा; जान बचाने के लिए दुकानदार ने शटर बंद किया

कोटा में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक दुकान पर हमला कर दिया। गंडासे, सरियों और डंडों से जमकर तोड़फोड़ की। साथ में चाकू लहराते हुए कॉलोनी में दहशत फैलाई। घटना नांता थाना क्षेत्र में विजय सैनी की दुकान पर हुई। वहीं, पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी अनुसार, तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर विजय सैनी की दुकान पर पहुंचे। आते ही डंडों और सरियों से काउंटर, शीशे और दुकान में रखा सामान तोड़ना शुरू कर दिया। करीब दो से तीन मिनट तक बदमाश खुलेआम गंडासा और चाकू लहराते रहे, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए दुकानदार को शटर बंद करना पड़ा। आगे तस्वीरों में देखें पूरी घटना… पीड़ित पक्ष के कुलदीप सैनी ने बताया- आरोपी पीयूष जेठी पुरानी रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ दुकान पर आया था। उसने पहले भी चाकू से हमला किया था। जब वे शिकायत देने गए हुए थे, उसी दौरान आरोपी दो साथियों के साथ गंडासा और चाकू लेकर दुकान पर पहुंचा और अंदर बैठे सूरज पर हमला करने का प्रयास किया। गाली-गलौज करते रहे बदमाश काफी देर तक गाली-गलौज करते रहे और फिर मौके से फरार हो गए। घटना की पूरी रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसे नांता थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई है। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश नांता थाना अधिकारी अजीत बागडोलिया ने बताया- दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है। पहले भी विवाद हो चुका है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।