भतीजे-बहू ने की डेढ़ करोड़ की चोरी:बिजनेसमैन चाचा का परिवार खाटू श्यामजी गया था, पहली मंजिल पर रहने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

अजमेर पुलिस ने बिजनेसमैन चाचा के घर से डेढ़ करोड़ रुपए के गहने और 5 लाख रुपए कैश चोरी करने वाले भतीजे और उसकी बहू को गिरफ्तार किया है। परिवार जब खाटू श्याम जी दर्शन करने गया था, तब पीछे से आरोपी पति-पत्नी ने इस वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने वारदात से पहले ही मकान की एक चाबी चोरी कर अपने पास रख ली थी। एएसपी (ASP) सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया- आदर्श नगर के माधव द्वार के रहने वाले बिजनेसमैन गोपाल खंडेलवाल ने 1 जुलाई को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। गोपाल खंडेलवाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि 30 जून को दोपहर करीब 12 बजे वह किसी काम से बाहर गए थे। मेरे जाने के बाद उनकी पत्नी, दोनों बेटे और दोनों बहुएं खाटू श्याम जी (सीकर) दर्शन के लिए चले गए थे। जाते समय वे घर का ताला लगाकर गए थे।
फर्श पर पड़ा चांदी का गिलास देख हुआ चोरी का शक एएसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ के अनुसार, गोपाल खंडेलवाल रात करीब 10:30 बजे घर लौट आए थे, जबकि उनके परिजन रात 1:30 बजे वापस लौटे। अगली सुबह करीब 8:30 बजे जब उनकी पत्नी कमरे में गईं, तो चांदी का गिलास नीचे फर्श पर रखा देख उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने अलमारी खोलकर चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने और 5 लाख रुपये की नकदी गायब थी। ताले तोड़कर नहीं, चाबी से खोलकर की थी चोरी एएसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो सामने आया कि घर के ताले तोड़कर चोरी नहीं की गई थी, बल्कि किसी ने चाबी से ताला खोलकर वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की। पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और परिवार के लोगों की सीडीआर (CDR) डिटेल निकाली। संदेह के आधार पर पुलिस ने पहली मंजिल पर रहने वाले मनीष खंडेलवाल उर्फ मोनी और उसकी पत्नी दीप्ति खंडेलवाल उर्फ डोली को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो सारा सच सामने आ गया। पहली मंजिल पर रहने वाले भतीजे-बहू ही निकले चोर पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पति-पत्नी मकान की पहली मंजिल पर रहते हैं और रिश्ते में गोपाल खंडेलवाल के भतीजे और बहू लगते हैं। गोपाल खंडेलवाल मकान के नीचे वाले हिस्से में रहते हैं। आरोपियों ने रंजिश के चलते वारदात से एक दिन पहले ही परिवादी गोपाल खंडेलवाल के कमरे की एक चाबी चुपके से चुराकर अपने पास रख ली थी और मौका पाकर इस बड़ी चोरी को अंजाम दे डाला। आदर्श नगर पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सभी गहने और कैश बरामद कर लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *