कोटा में गंडासे और डंडे लेकर दुकान में घुसे बदमाश,VIDEO:काउंटर, शीशे और सामान तोड़ा; जान बचाने के लिए दुकानदार ने शटर बंद किया

कोटा में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक दुकान पर हमला कर दिया। गंडासे, सरियों और डंडों से जमकर तोड़फोड़ की। साथ में चाकू लहराते हुए कॉलोनी में दहशत फैलाई। घटना नांता थाना क्षेत्र में विजय सैनी की दुकान पर हुई। वहीं, पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी अनुसार, तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर विजय सैनी की दुकान पर पहुंचे। आते ही डंडों और सरियों से काउंटर, शीशे और दुकान में रखा सामान तोड़ना शुरू कर दिया। करीब दो से तीन मिनट तक बदमाश खुलेआम गंडासा और चाकू लहराते रहे, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए दुकानदार को शटर बंद करना पड़ा। आगे तस्वीरों में देखें पूरी घटना… पीड़ित पक्ष के कुलदीप सैनी ने बताया- आरोपी पीयूष जेठी पुरानी रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ दुकान पर आया था। उसने पहले भी चाकू से हमला किया था। जब वे शिकायत देने गए हुए थे, उसी दौरान आरोपी दो साथियों के साथ गंडासा और चाकू लेकर दुकान पर पहुंचा और अंदर बैठे सूरज पर हमला करने का प्रयास किया। गाली-गलौज करते रहे बदमाश काफी देर तक गाली-गलौज करते रहे और फिर मौके से फरार हो गए। घटना की पूरी रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसे नांता थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई है। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश नांता थाना अधिकारी अजीत बागडोलिया ने बताया- दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है। पहले भी विवाद हो चुका है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *