डूंगरपुर में आज भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी:रात को रुक-रुककर बरसे मेघ, मौसम हुआ सुहावना

डूंगरपुर जिले में शनिवार रात को रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। आसपुर में सर्वाधिक 23 एमएम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार के लिए जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते आज भी बारिश की संभावना बनी हुई है। जिले में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बरसात का दौर जारी है। शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। रात करीब 8:30 बजे के बाद हल्की और रिमझिम फुहारें शुरू हुईं। इस बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को दिनभर की उमस से राहत मिली। खेतों में जुटे किसान
रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने डूंगरपुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 59 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है। किसान और स्थानीय लोग बेसब्री से और बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
पहली बारिश के बाद किसान खेतों में सक्रिय हो गए हैं। वे खेतों की साफ-सफाई, मेड़बंदी और बाड़ लगाने जैसे काम कर रहे हैं। कई किसान बारिश के बाद मक्का की बुवाई में भी जुट गए हैं। रविवार सुबह 8 बजे तक दर्ज की गई बारिश के आंकड़ों के अनुसार, आसपुर में सबसे अधिक 23 एमएम वर्षा हुई। इसके अतिरिक्त, गणेशपुर में 18 एमएम, सोम कमला आम्बा बांध क्षेत्र में 17 एमएम, धंबोला में 10 एमएम और साबला में 6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

सड़क के नीचे दबी लाखों की विद्युत केबल:झालावाड़ में 2 साल से हादसे का खतरा, स्थायी समाधान की मांग

झालावाड़ शहर की अंबेडकर कॉलोनी में आरटीओ कार्यालय के पास सड़क निर्माण के दौरान लाखों रुपए की विद्युत केबल सीमेंट सड़क के नीचे दबा दी गई। यह घटना लगभग 2 साल पहले हुई थी, और तब से यह केबल क्षेत्र में लगातार हादसे का खतरा बनी हुई है।
आरोप है कि सड़क निर्माण के समय गंभीर लापरवाही बरती गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क के नीचे दबी इस केबल के कारण क्षेत्र में हर समय करंट फैलने की आशंका बनी रहती है। कॉलोनी की इस सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग और बच्चे आवागमन करते हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है। बारिश के दिनों में करंट फैलने का बढ़ा खतरा
क्षेत्रवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया है। हालांकि, आज तक न तो केबल को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया है और न ही मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और विद्युत निगम से मामले की निष्पक्ष जांच करने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और सड़क के नीचे दबी विद्युत केबल की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इस संबंध में क्षेत्र के रामलाल, सुरेंद्र, भंवरलाल और विष्णु दयाल ने बताया कि केबल दबने से बारिश के दौरान क्षेत्र के लोगों में करंट का डर बना हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क निर्माण के समय ठेकेदार और विद्युत निगम को इस मामले में अवगत कराया गया था, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके कारण बारिश में अधिक समस्या बनी रहती है।

सरमथुरा में 5 महीने से सफाईकर्मियों को नहीं मिला वेतन:परिवार चलाने में मुश्किल, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित

धौलपुर जिले की सरमथुरा नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मियों को पिछले 5 महीने से ज्यादा समय से वेतन नहीं मिला है। इससे उनमें रोष है और उन्होंने जल्द भुगतान की मांग की है। सफाई कर्मियों ने जिम्मेदार अधिकारियों से गुहार लगाते हुए कहा कि उनका वेतन ही परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। वेतन नहीं मिलने से घर चलाना मुश्किल हो गया है। सफाई कर्मियों का कहना है कि कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि उनका वेतन दिलवाया जाए, अन्यथा उनके बच्चों को भूखा रहना पड़ेगा। उनका कहना है कि इसी वेतन से परिवार का पालन-पोषण होता है और घर का चूल्हा जलता है। परिवार को पालने में हो रही परेशानी
कर्मचारियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण स्थानीय दुकानदारों ने भी राशन उधार देना बंद कर दिया है। वहीं, नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के बाद बच्चों के लिए कॉपी-किताब, स्कूल ड्रेस और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदना भी संभव नहीं हो पा रहा है।
सफाईकर्मी हरि मोहन बाल्मीक ने बताया कि उनका समाज मुख्य रूप से सफाई कार्य पर ही निर्भर है। पिछले 5 महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण कई परिवारों को मजबूरी में कबाड़ बीनकर गुजर-बसर करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि वे कई बार अधिकारियों से वेतन भुगतान की मांग कर चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। सफाई कर्मियों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।

चोरी के मोबाइल का बंटवारा करते 4 युवक पकडे़:17 फोन जब्त; भीड़-भाड़ के बीच वारदात करना कबूल की

अजमेर की दरगाह थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल का बंटवारा करते चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 मोबाइल भी जब्त किए हैं। आरोपियों ने दरगाह व आस पास के क्षेत्र में भीड़ भाड़ के बीच मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। दरगाह थाना पुलिस के अनुसार-एएसआई कालूराम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के मोबाइल को आपस में बांट रहे हैं। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे। इस पर पुलिस ने चारों को पकड़ लिया। 17 मोबाइल जब्त पुलिस ने वसीम पुत्र यासीन, मोहम्मद अहसान पुत्र सलीम, अमीन पुत्र सलीम, मोहम्मद रियाजुद्दीन को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 17 मोबाइल जब्त किए हैं। पूछताछ में मोबाइल चोरी करना कबूल किया है। पुलिस आरोपियों से और भी पूछताछ कर रही है। …….. पढें ये खबर भी… आरएएस (मेंस)-2024 की आंसर-बुक देखने के लिए आवेदन कल से:27 जुलाई तक कर सकेंगे अप्लाई, कैंडिडेट्स 12 सितंबर तक कर सकेंगे डाउनलोड राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (मुख्य) परीक्षा- 2024 (RAS) के कैंडिडेट्स अपनी आंसर-बुक देखने के लिए कल (6 जुलाई) से आवेदन कर सकेंगे। (पूरी खबर पढें)

डूंगरपुर में 105 बदमाश गिरफ्तार:40 टीमों ने 238 ठिकानों पर दी दबिश, एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया

डूंगरपुर पुलिस ने जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एक विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत जिलेभर में एक साथ 40 पुलिस टीमों ने 238 स्थानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 105 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में 166 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने वांछित एवं चालानशुदा अपराधियों की धरपकड़ की। अभियान के तहत हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में वांछित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी और अन्य मामलों में 4 आरोपियों को पकड़ा गया। सामान्य मामलों में वांछित 9 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत 81 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने संपत्ति संबंधी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में 5 चालानशुदा अपराधियों से गहन पूछताछ की। जिलेभर में 35 हिस्ट्रीशीटरों की जांच कर उन्हें पाबंद किया गया। साथ ही, स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के तहत 8 अलग-अलग कार्रवाई भी की गईं। अवैध रूप से पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
कार्रवाई के दौरान कुआं थाना क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई, जिसकी सूचना खनन विभाग को दी गई है। वहीं, सदर थाना क्षेत्र में लगभग 400 लीटर महुआ वॉश को नष्ट कर अवैध शराब निर्माण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

पाली में दो ट्रकों की भिड़ंत, ड्राइवर की मौत:हाईवे पर हाथलाई गांव के पास देर रात हुआ हादसा, जोधपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम

पाली में दो ट्रकों में टक्कर हो गई। जिसमे एक ट्रक ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गया। जिसे गंभीर हालत में पाली से जोधपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए थे। हादसा हाईवे पर हाथलाई गांव के पास शनिवार रात 10 बजे हुआ। घायल ड्राइवर का इलाज के दौरान मौत खौड चौकी प्रभारी समुंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया- हादसा शनिवार रात 10 बजे हाईवे पर हाथलाई गांव के पास हुआ। आगे चल रहे ट्रक से दूसरा ट्रक टकरा गया। इस हादसे में अलवर जिले के रहने वाले ट्रक ड्राइवर मुकेश कुमार (35) गंभीर घायल हो गया। वह ट्रक के केबिन में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद उसे निकाला गया और इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों ट्रक ड्राइवर पाली की तरफ आ रहे थे। इस दौरान यह हादसा हो गया।

जयपुर-दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटी छात्रा ने सुसाइड किया:सहेली बोली- मैं डॉग लेने गई थी, वापस आई तो फंदे से लटकी मिली

जयपुर में दोस्त की मौत से दुखी छात्रा ने शनिवार शाम सुसाइड कर लिया। उसके दोस्त की एक दिन पहले (3 जुलाई को) एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। शनिवार शाम को वह दोस्त के अंतिम संस्कार से लौटी थी। उसके बाद गेस्ट हाउस के कमरे में चुन्नी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना जवाहर नगर थाना इलाके की है। SHO सरला यादव ने बताया- 19 साल की छात्रा एक गेस्ट हाउस में किराए से रहती थी। शाम करीब 7:30 बजे कुछ दूरी पर किराए के कमरे में रहने वाली सहेली (फ्रेंड) उसके पास गई थी। जब उसके रूम के अंदर गई तो छात्रा फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मामले की जांच कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को कॉपी में मोटे अक्षरों में लिखा एक पेज का सुसाइड नोट मिला है। पढ़िए, छात्रा का सुसाइड नोट.. एक दिन पहले हुई थी दोस्त की मौत छात्रा (मृतका) की सहेली ने पुलिस को बताया- छात्रा बीए कर रही थी। पहले वह हॉस्टल में रहती थी। करीब एक महीने पहले ही गेस्ट हाउस में शिफ्ट हुई थी। 10 दिन पहले ही हम दोनों फ्रेंड बने थे। सहेली ने बताया कि छात्रा की एक लड़के से दोस्ती थी। उस लड़के की एक दिन पहले रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। इसे लेकर वह काफी दुखी थी। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वह मुझे लेकर लड़के के गांव भी गई थी। वहां से लौटने के बाद लगातार रो रही थी। काफी समझाने के बाद उसका मन बहलाने के लिए मैं डॉग लेने चली गई। कुछ देर बाद लौटी तो कमरा बंद था। गेस्ट हाउस में डिजिटल लॉक लगे हुए हैं। सहेली होने के कारण लॉक का पासवर्ड मुझे पता था। पासवर्ड से लॉक खोलने पर वह अंदर फंदे से लटकी मिली। डिवाइडर से टकराई थी थार मृतका का दोस्त जयपुर ग्रामीण इलाके का रहने वाला था। उसकी उम्र 20 साल थी। शुक्रवार (3 जुलाई) की रात वह अपने दोस्त के साथ अपनी थार गाड़ी से जयपुर शहर आया था। हसनपुरा में ओवर स्पीड के कारण थार डिवाइडर से टकरा गई थी। सेफ्टी बैलून खुलने के बाद भी उसकी मौत हो गई थी। वहीं घायल दोस्त को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था। सदर थाना पुलिस ने मामले में लापरवाही से वाहन चलाकर एक्सीडेंट करने की FIR दर्ज कर क्षतिग्रस्त थार को जब्त किया था। पुलिस ने शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजन सौंप दिया था। … ये खबर भी पढ़ें… SMS मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में MBBS स्टूडेंट का सुसाइड:8वीं मंजिल की सीढ़ियों पर फंदे से लटका, आज पेपर था सवाई मान सिंह (SMS) मेडिकल कॉलेज के न्यू आरडी हॉस्टल में MBBS फाइनल ईयर के स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। उसने शनिवार तड़के 8वें फ्लोर पर फंदा लगा लिया। सुसाइड की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार ने सवाल खड़े किए कि यूजी के स्टूडेंट को पीजी के हॉस्टल में एंट्री कैसे दी गई। (पूरी खबर पढ़ें)

पहली मानसून बारिश में सोलर प्लांट गिरा, बुजुर्ग की मौत:स्कूटी सवार परिवार पर गिरा, 2 पोते गंभीर घायल; एक गाय की भी गई जान

जैसलमेर में शनिवार शाम मानसून की पहली तेज बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांधी कॉलोनी में एक होटल की छत पर लगा सोलर प्लांट तेज हवा में उखड़कर सड़क पर गिर गया। उस समय स्कूटी से गुजर रहे खत्री पाड़ा निवासी सुभाष खत्री (50) और उनके दो पोते संयम (4.5 साल) व वंश (2.5 साल) इसकी चपेट में आ गए। हादसे में सुभाष खत्री की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे गंभीर घायल हो गए। सड़क पर खड़ी एक गाय की भी मौत हो गई। लोगों ने घायलों को जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से दोनों बच्चों को जोधपुर रेफर किया गया। होटल की छत से सड़क पर गिरा सोलर प्लांट शनिवार शाम गांधी कॉलोनी इलाके में तेज तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान होटल की छत पर लगा भारी सोलर प्लांट सिस्टम तेज हवाओं से उखड़ गया। सोलर सिस्टम सीधे मुख्य सड़क पर गिरा। उसी समय वहां से स्कूटी पर गुजर रहे सुभाष खत्री और उनके दो पोते इसकी चपेट में आ गए। दादा की मौत, दोनों पोते गंभीर घायल हादसे में प्लांट की भारी लोहे की प्लेटें सुभाष खत्री के ऊपर गिर गईं। प्लेटों की चपेट में आने से उनका जबड़ा टूट गया, सिर में गंभीर चोट आई और शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी चोटें भी लगीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में उनके दोनों पोते संयम और वंश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया। हादसे की चपेट में सड़क किनारे खड़ी एक गाय भी आ गई, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हॉस्पिटल पहुंचे हादसे की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों की हालत की जानकारी ली और डॉक्टरों से बेहतर इलाज करने को कहा। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। अमरदीन फकीर ने हॉस्पिटल में फैली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से स्वास्थ्य सेवाएं तुरंत सुधारने की मांग की। मानसून की पहली बारिश से मिली गर्मी से राहत जैसलमेर जिले में लंबे इंतजार के बाद शनिवार को मानसून ने दस्तक दी। शनिवार शाम पोकरण और रामदेवरा में तेज बारिश हुई। इसके बाद जिला मुख्यालय, चांदन, बडोड़ा गांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी तेज हवा के साथ अच्छी बारिश हुई। इस बारिश से लोगों को कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। रविवार सुबह 8:30 बजे तक जैसलमेर में 14.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। तापमान अब भी 40 डिग्री के पार मानसून की पहली बारिश के दौरान जवाहिर हॉस्पिटल परिसर में भी पानी भर गया। बारिश के बाद हॉस्पिटल में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। मौसम के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल जुलाई के पहले हफ्ते में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया था। इस बार जुलाई की शुरुआत से ही तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। शनिवार को अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 6 और 7 जुलाई के लिए येलो अलर्ट मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय होगा। विभाग ने 6 और 7 जुलाई के लिए जैसलमेर में तेज आंधी और भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बिजली चमकने, बादल गरजने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है। हादसे की जानकारी मिलने पर शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ भी जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।

जालोर में 109 किलो डोडा-चूरा पकड़ा, तस्कर गिरफ्तार:स्टॉपर स्टिक तोड़कर भागी कार, 5 किलोमीटर पीछा कर दबोचा

एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की जालोर टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 109.883 किलो अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है। पुलिस ने कार का करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और कच्चे रास्ते का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि मेवाड़ क्षेत्र से एक कार में भारी मात्रा में डोडा-चूरा भरकर दो तस्कर भीनमाल-बागोड़ा की तरफ आ रहे हैं। कार उदयपुर, रणकपुर और जालोर होते हुए रामसीन के रास्ते भीनमाल पहुंचने वाली थी। सूचना के बाद भीनमाल-रामसीन रोड पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की गई। स्टॉपर स्टिक तोड़कर भागी कार कुछ देर बाद संदिग्ध कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस ने स्टॉपर स्टिक लगाकर कार रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक कार को बचाकर तेज गति से भाग निकला। इसके बाद एएनटीएफ टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया और स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट कर दिया। 5 किलोमीटर पीछा, एक तस्कर गिरफ्तार भीनमाल कस्बे से पहले तस्कर ने कार को यू-टर्न देकर कच्चे रास्ते पर दौड़ा दिया। करीब 4 से 5 किलोमीटर पीछा करने के बाद आगे लगी पुलिस नाकाबंदी में कार फंस गई। खुद को घिरा देख दोनों तस्कर कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर कूकावास निवासी विकास कुमार (23) पुत्र सुजाराम विश्नोई को पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पहले भी दर्ज हैं दो केस पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी विकास कुमार के खिलाफ पहले से मादक पदार्थ तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कार और 109.883 किलो डोडा-चूरा जब्त कर लिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर मेवाड़ के सप्लायर और जालोर में डोडा-चूरा लेने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपी की तलाश भी जारी है।

दो ट्रॉले के बीच फंसी कार, मार्बल व्यवसायी-ड्राइवर की मौत:जयपुर से गुजरात लौटते समय हुआ हादसा, फंसे शवों को कड़ी मशक्कत से निकाला

पाली में सड़क हादसे में गुजरात के एक मार्बल व्यवसायी और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। जयपुर से कच्छ लौटते समय उनकी कार पीछे से आए ट्रॉले की टक्कर के बाद आगे चल रहे ट्रॉले में जा घुसी और दो ट्रॉले के बीच बुरी तरह फंस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शनिवार रात सांडेराव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित ढोला ब्रिज के पास हुआ। पहले देखें… हादसे से जुड़ी तस्वीरें पीछे से ट्रॉले ने मारी टक्कर, आगे वाले ट्रॉले में घुसी कार
सांडेराव थाना प्रभारी श्यामराज सिंह ने बताया – गुजरात के कच्छ निवासी मार्बल व्यवसायी डिम्पल कुमार जैन (49) और आबूरोड के मावल निवासी उनके ड्राइवर जेताराम (24) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मार्बल व्यवसायी किसी काम से जयपुर गए थे। शनिवार रात वे अपने ड्राइवर के साथ कार से वापस कच्छ लौट रहे थे। इसी दौरान ढोला ब्रिज के पास पीछे से आ रहे एक ट्रॉले ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार आगे चल रहे दूसरे ट्रॉले से जा टकराई और दोनों ट्रोलों के बीच फंस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में फंसे शवों को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
हादसे के बाद कार बुरी तरह पिचक गई थी, जिससे दोनों के शव उसमें ही फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों शवों को सांडेराव अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।