अलवर में बादल छाए, उमस से लोग परेशान:मानसून की एंट्री के बाद भी अच्छी बारिश का इंतजार, 10 जुलाई तक बरसात का अलर्ट
अलवर में मानसून की दस्तक के चौथे दिन रविवार को सुबह से धूप खिली रही। हवा नहीं चलने के कारण उमस और गर्मी का असर बढ़ गया, जिससे लोग पसीने से तरबतर नजर आए। शहर सहित जिले के कुछ इलाकों में हल्के बादल जरूर छाए रहे, लेकिन सुबह से बारिश के कोई संकेत नहीं मिले। हालांकि, मौसम विभाग ने रविवार से 10 जुलाई तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा में नमी 75 से 80 प्रतिशत रहने से उमस बनी रह सकती है। अलवर में मानसून की एंट्री 2 जुलाई को हुई थी। उस दिन जिले में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। 3 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं 4 जुलाई को सुबह से शाम तक घने बादल छाए रहे। इस दौरान सरिस्का, थानागाजी और अलवर शहर के आसपास बूंदाबांदी हुई, जबकि कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश भी दर्ज की गई। इससे शनिवार को लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली थी। इसके बावजूद जिले में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है। पिछले 10 सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिन वर्षों में मानसून की एंट्री देर से हुई, उन वर्षों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई थी। ऐसे में इस बार भी लोगों की नजर आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी हुई है।

