ईशबोरजी-पोसितरा में पादरेसी माता का वार्षिकोत्सव मनाया:संयम लोढ़ा बोले- धार्मिक स्थलों का विकास ही समाज के विकास की नींव

सिरोही के मेर माडवाडा के निकट ईशबोरजी पोसितरा में पादरेसी माताजी का 18वां वार्षिकोत्सव समारोह श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने माताजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पादरेसी माताजी की कृपा से यह क्षेत्र सदैव शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहे। उन्होंने 18 वर्षों से निरंतर चल रहे इस वार्षिकोत्सव को आस्था और एकता का प्रतीक बताया। लोढ़ा ने कहा कि ईशबोरजी पोसितरा की यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों को संस्कार और सेवा का संदेश देती है। लोढ़ा ने इस बात पर जोर दिया कि धार्मिक स्थलों का विकास ही समाज के विकास की नींव है। उन्होंने कहा कि माताजी के दरबार में हर जाति और समाज का व्यक्ति समान श्रद्धा के साथ आता है, जो हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी ताकत है। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने आगे कहा कि हमारा समाज आज भी अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ है और धर्म तथा संस्कार से ही मजबूत बनता है। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि घर में बेटे हों या बेटियां, दोनों को बराबर पढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब बेटियां पढ़ेंगी, तभी परिवार और समाज आगे बढ़ेगा, क्योंकि बेटियां आज हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रही हैं। उन्हें रोकने के बजाय ‘पंख’ देने चाहिए। लोढ़ा ने श्रद्धालुओं से अपनी कमाई का कुछ हिस्सा मंदिर और समाज के लिए लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मंदिर हमारे संस्कारों का केंद्र होते हैं, जहां से सेवा, शिक्षा और एकता का संदेश प्रसारित होता है।अंत में, संयम लोढ़ा ने मेला लाभार्थी जोग सिंह और कल्याण सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई दी और मंदिर के विकास कार्यों में हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

उदयपुर के फलासिया में खुलेगा जवाहर नवोदय विद्यालय:केंद्र सरकार ने दी मंजूरी; प्रशासन को जमीन-आवंटन के लिए भेजा लेटर, सांसद ने उठाई थी मांग

उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र में ‘पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय’ खुलने की तैयारी है। केंद्र सरकार ने स्कूल को मंजूरी देते हुए जमीन चिह्नित करने के लिए जिला प्रशासन को लेटर भेजा है। लेटर मिलने के बाद प्रशासन ने अब जमीन आवंटन (अलॉटमेंट) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत भी इसके लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। यह कागजी कार्रवाई पूरी होते ही स्कूल के निर्माण का काम तेजी से शुरू हो जाएगा। वर्तमान में उदयपुर जिले के मावली विधानसभा क्षेत्र में एक नवोदय विद्यालय संचालित है, लेकिन यह क्षेत्र चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस कारण सांसद डॉ. रावत के उदयपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले आठों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक एक भी नवोदय विद्यालय नहीं था। इस कमी को दूर करने के लिए सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने पंचायत समिति फलासिया (झाड़ोल) में नया नवोदय विद्यालय खोलने की मांग उठाई थी। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेटर भी लिखा था। सांसद ने केंद्रीय मंत्री को बताया था कि उदयपुर पूरी तरह से आदिवासी और जनजाति बहुल इलाका है। यह दक्षिण राजस्थान का इकलौता संभाग मुख्यालय भी है। यहाँ के गरीब और कम आमदनी वाले परिवारों के बच्चों में पढ़ाई को लेकर बहुत लगन है, लेकिन अच्छी सुविधाएं नहीं मिलने से वे पीछे छूट जाते हैं। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया- झाड़ोल और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी लंबे समय से यहाँ नवोदय विद्यालय खोलने की मांग कर रहे थे। जनता की इस मांग को मजबूती से केंद्र सरकार के सामने रखा। रावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस मांग को सही माना और तुरंत मंजूरी दे दी है। इस नए स्कूल के खुलने से अब ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को मुफ्त में बेहतरीन और आधुनिक शिक्षा मिल सकेगी।

ह्यूमन एल्बुमिन के सैंपल में HIV रिएक्टिव होने का दावा:हाईकोर्ट ने जनहित याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा; ह्यूमन प्लाज्मा से बने हैं प्रोडक्ट्स

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर खंडपीठ में ह्यूमन प्लाज्मा से तैयार मेडिकल प्लाज्मा प्रोडक्ट्स में HIV रिएक्टिव पाए जाने से जुड़ी जनहित याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वकील कृष्ण शरण कौरव ने पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि अब हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार है कि ह्यूमन एल्बुमिन 20 प्रतिशत (AlbuRel-OS) के बाकी 2 सीलबंद सैंपल की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी या नहीं। केंद्र सरकार की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल सुनील कुमार जैन ने दलीलें पेश कीं। सामाजिक कार्यकर्ता ने दायर की है याचिका यह जनहित याचिका नरसिंहपुर के सामाजिक कार्यकर्ता शुभम कौरव ने दायर की है। याचिका में दावा किया गया है कि 2024 में नरसिंहपुर निवासी महेश कुमार वर्मा के इलाज के दौरान खरीदे गए रिलायंस लाइफ साइंसेज के ह्यूमन एल्बुमिन 20 प्रतिशत (AlbuRel-OS) के एक सैंपल की जांच में HIV रिएक्टिव रिजल्ट मिला था। याचिका के अनुसार, यह प्रोडक्ट ह्यूमन प्लाज्मा से तैयार किया जाता है। पैकेजिंग पर इसे एंटी-HIV के लिए नॉन-रिएक्टिव बताया गया है। इसके बावजूद जांच में HIV रिएक्टिव रिजल्ट मिलने का दावा किया गया है, जिसे जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया गया है। मरीज के इलाज के दौरान खरीदी गई थीं तीन बोतलें याचिका में बताया गया है कि महेश कुमार वर्मा का इलाज जबलपुर के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. पंकज असाटी की देखरेख में चल रहा था। डॉक्टर की सलाह पर जबलपुर के एक मेडिकल स्टोर से ह्यूमन एल्बुमिन 20 प्रतिशत (AlbuRel-OS) की तीन बोतलें खरीदी गई थीं। आरोप है कि इनमें से एक बोतल के नमूने की जांच में HIV रिएक्टिव परिणाम मिला। दोबारा जांच में भी वही परिणाम आने का दावा किया गया है। संबंधित विभागों को सूचना देने का दावा याचिकाकर्ता का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद रिलायंस लाइफ साइंसेज, ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI), औषधि सुरक्षा विभाग, मध्यप्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन और औषधि निरीक्षक कार्यालय को सूचना दी गई थी। इसके बावजूद उसी बैच की बची दो सीलबंद बोतलों की जांच नहीं कराई गई और न ही जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ ठोस कार्रवाई हुई। हाईकोर्ट से क्या मांग की गई याचिका में मांग की गई है कि संबंधित बैच की बची दो सीलबंद बोतलों के सैंपल लेकर राष्ट्रीय स्तर की मान्यता प्राप्त लैब में जांच कराई जाए। साथ ही प्रोडक्ट के मैन्युफैक्चरिंग, इंपोर्ट, डिस्ट्रिब्यूशन और बिक्री से जुड़े सभी पक्षों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए। जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि मामला सीधे जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा है। अगर याचिका में लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो इसके भयावह प्रभाव हो सकते हैं। मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच कराना जरूरी है।

डीग में रेलवे आरक्षण काउंटर की मांग तेज:डीआरएम तक पहुंची आवाज, जल्द कार्रवाई का भरोसा मिला

भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर मध्य रेलवे, आगरा के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को ज्ञापन सौंपकर डीग में जल्द रेलवे आरक्षण खिड़की शुरू करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि आरक्षण काउंटर नहीं होने से यात्रियों को टिकट बुक कराने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। जिले में नहीं है रेलवे आरक्षण काउंटर ज्ञापन में बताया गया कि डीग जिले में रेलवे आरक्षण काउंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण आम यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को ट्रेन टिकट आरक्षित कराने के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। इससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है। जिला बनने के बाद बढ़ी जरूरत प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डीग के जिला बनने के बाद यहां की आबादी और रेल यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है। ऐसे में जिले में रेलवे आरक्षण खिड़की की सुविधा शुरू करना समय की मांग है। इससे हजारों यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा और उन्हें टिकट बुकिंग के लिए दूसरे शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लंबे समय से उठ रही है मांग गिरीश शर्मा ने बताया कि जिलेवासी लंबे समय से रेलवे आरक्षण काउंटर खोलने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द आरक्षण खिड़की शुरू करने की मांग की। डीआरएम ने दिया कार्रवाई का भरोसा ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उत्तर मध्य रेलवे के डीआरएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ये रहे मौजूद इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में विजय अरोड़ा, धर्मवीर शर्मा, हरदेव शर्मा, बंटी विवेक, टोनी, सौरव, पुष्कर, रौनक सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कोटपूतली में साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग गिरोह का भंडाफोड़:20 वर्षीय युवक गिरफ्तार, किराए के खातों से चलाता था नेटवर्क

कोटपूतली। प्रागपुरा थाना पुलिस ने साइबर अपराध और अवैध ऑनलाइन गेमिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से बड़ी मात्रा में बैंकिंग और डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई ग्राम चांदोली में अवैध गतिविधियों की सूचना पर की गई। एसपी सतवीर सिंह ने बताया कि 3 जुलाई को थानाधिकारी भजनाराम को चांदोली गांव में लक्ष्मण मीणा के घर के पास एक मंदिर के कमरे में अवैध गतिविधियां चलने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर गठित पुलिस टीम ने दबिश दी और आरोपी लक्ष्मण मीणा (20) पुत्र छितरमल मीणा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में मिले कई उपकरण जब्त तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, 15 एटीएम/डेबिट कार्ड, 8 बैंक पासबुक, 11 चेकबुक, 15 मोबाइल फोन, 4 सिम कार्ड और एक एयर फाइबर वाई-फाई सेटअप बॉक्स सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने परिचितों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेता था। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन गेमिंग से संबंधित लेनदेन के लिए किया जाता था, जिसमें राशि जमा और निकाली जाती थी। चार अलग-अलग ऑनलाइन गेमिंग साइट संचालित आरोपी ‘महादेव बुक’ नामक ऑनलाइन गेमिंग साइट का प्रचार करता था और ग्राहकों को खाते फ्रीज न होने की गारंटी देता था। जांच में यह भी पता चला है कि वह चार अलग-अलग ऑनलाइन गेमिंग साइट संचालित कर रहा था और इस नेटवर्क में उसके अन्य साथी भी शामिल हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तथा पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

बारां के 23 छात्रावासों में होगी शिक्षकों की नियुक्ति:सामाजिक न्याय विभाग करेगा अधीक्षक पदों पर तैनाती, 5,000 रुपए मानदेय मिलेगा

बारां में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित 23 सरकारी छात्रावासों में शिक्षकों को अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया जाएगा। यह नियुक्तियां रिक्त पदों को भरने के लिए अतिरिक्त कार्य व्यवस्था के तहत की जा रही हैं। इनमें गवर्नमेंट अम्बेडकर एवं सावित्रीबाई फुले छात्रावास शामिल हैं। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि चयनित शिक्षकों को प्रतिमाह 5,000 रुपए का समेकित मानदेय दिया जाएगा। यह नियुक्तियां 28 फरवरी 2027 तक या नियमित छात्रावास अधीक्षक की नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेंगी। बालिका छात्रावासों में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला शिक्षिकाओं को छात्रावास परिसर में अधीक्षक आवास में निवास करना अनिवार्य होगा। उन्हें छात्राओं की रात्रिकालीन देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। वहीं, पुरुष छात्रावासों के लिए निकटवर्ती स्कूल में कार्यरत या छात्रावास के समीप रहने वाले शिक्षकों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जाएगा।

बीकानेर में तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट:चूरू, झुंझुनूं और सीकर में भी बारिश होने की आशंका, लोगों को मिलेगी उमस से राहत

बीकानेर में भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार जिले में मेघगर्जन के साथ तेज बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को बीकानेर संभाग के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आगामी दिनों में भी बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बादल छाए रहने और बारिश का दौर शुरू होने से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर के अलावा चूरू, झुंझुनूं और सीकर में भी बारिश हो सकती है। राज्यभर में मानसून होगा सक्रिय मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा उदयपुर, अजमेर और झुंझुनूं से होकर गुजर रही है। अगले दो से तीन दिनों में इसके राजस्थान के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ने की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने सुस्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान से गुजर रही सीजनल ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। शनिवार को बीकानेर सहित जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में अगले पांच से सात दिनों तक कहीं-कहीं भारी और तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी आंधी और बारिश का दौर तेज होने का पूर्वानुमान है।

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:जीजा को जिंदा जलाया; दिल्ली से पूर्व CM चन्नी को कॉल; गोल्डन टेंपल में CM की फोटो वाले आईकार्ड उतरवाए

नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस में बगावत से जुड़ी रही। टूट के डर से अब हाईकमान अलर्ट है। दिल्ली से पूर्व CM चन्नी को फोन आया और राहुल गांधी से मीटिंग कराने की बात कही गई है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. जीजा को जिंदा जलाने का VIDEO, बचाने आई भाभी भी जली तरनतारन में अपनी पत्नी को मायके से ससुराल ले जाने आए पति को उसके ही साले ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसमें व्यक्ति की मौत हो गई। उसे बचाने आई भाभी भी आग की चपेट में आई, जिससे उसकी भी जान चली गई। इतना ही नहीं, इन दोनों को आग के हवाले करने वाला साला भी चपेट में आ गया, जिससे वह भी बुरी तरह झुलस गया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया। यह दुर्घटना तो पिछले महीने की है, लेकिन पूरे अग्निकांड का अब सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस सीसीटीवी में व्यक्ति के साथ कहासुनी, हाथापाई होती दिख रही है। इसके बाद आग लगने पर पीड़ित इधर-उधर भागते दिख रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला तरनतारन के गांव संघा का है।(पढ़ें पूरी खबर) 2. कांग्रेस में टूट का डर, दिल्ली से पूर्व CM चन्नी को बड़े फैसले से रोका बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की तरह पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से 8 महीने पहले ही टूट के आसार बने हुए हैं। पूर्व CM व जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी के बगावती तेवर देख कांग्रेस हाईकमान एक्टिव हो गया है। दिल्ली से एक सीनियर नेता ने चन्नी को कॉल कर अभी कोई बड़ा कदम न उठाने को कहा है। चन्नी के करीबी सोर्स के मुताबिक नेता ने भरोसा दिलाया कि राहुल गांधी 7 जुलाई को विदेश से लौट आएंगे, उसके बाद चन्नी की उनसे मीटिंग करा दी जाएगी। दूसरी तरफ कल शुक्रवार को दिल्ली में अमित शाह से मिलकर आए गुरदासपुर सांसद सुखजिंदर रंधावा ने हाईकमान पर ही सवाल खड़े किए। वहीं पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल भी इसको लेकर हरकत में आ गए हैं। वह कल चंडीगढ़ पहुंचकर मौजूदा प्रधान सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व CM सांसद चरणजीत चन्नी से मुलाकात कर सकते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 3. सिद्धू मूसेवाला के पिता पर जमीन कब्जाने का आरोप दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह मानसा के पूर्व सरपंच पर भड़क गए। जमीन कब्जाने के दावे पर उन्होंने कहा कि जिस आधा किला जमीन को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वो उन्होंने पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत खरीदी है। उनके पास इस जमीन की रजिस्ट्री, इंतकाल और अन्य सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। बलकौर सिंह ने आगे कहा- सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर मुझे बदनाम करने की कोशिशि की जा रही है। कुछ लोग जानबूझकर छवि खराब करने और मेरी ही जमीन पर कब्जा करने की नीयत से साजिश रच रहे थे। बेटे शुभ ने मेरे लिए बहुत कुछ छोड़ा है, मुझे किसी की जमीन कब्जाने की कोई जरूरत नहीं। कुछ दिन पहले ही इस जमीनी विवाद में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि दोनों ने पिछले साल मूसा गांव में 1.87 करोड़ रुपए में बलकौर सिंह को जमीन बेची था, लेकिन कब्जा सौंपने से इनकार कर रहे थे। इसको लेकर पूर्व सरपंच ने एक वीडियो जारी कर बलकौर सिंह पर कब्जा करने का आरोप लगाए थे। (पढ़ें पूरी खबर) 4. रंधावा बोले- फैसला पहले से तय था तो बैठकों का क्या मतलब पंजाब कांग्रेस में प्रधान पद को लेकर मचे विवाद के बीच सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पहली बार खुलकर पार्टी हाईकमान पर सवाल उठाए हैं। रंधावा ने कहा कि कई दौर की बैठकों, लंबी मशक्कत और नेताओं से अलग-अलग बातचीत के बावजूद आखिर वही फैसला लागू किया गया, जो चार महीने पहले तय हो चुका था। ऐसे में पूरी कवायद का कोई औचित्य नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर यही निर्णय लेना था तो हाईकमान को पहले दिन ही साफ शब्दों में एक लाइन का आदेश जारी कर देना चाहिए था कि यही अंतिम फैसला है, जिसे मंजूर हो वह पार्टी में रहे और जिसे मंजूर न हो, वह अपना रास्ता चुन सकता है। गृहमंत्री अमित शाह से अपनी मुलाकात को लेकर कहा कि कहा कि इस मुलाकात के पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं थी। उनका गुरदासपुर-पठानकोट का निर्वाचन क्षेत्र सीधे पाकिस्तान बॉर्डर से सटा हुआ है, जहां सुरक्षा की बड़ी चुनौतियां हैं। अगर मुझे कोई राजनीतिक सेटिंग करनी होती, तो मैं सीधे उनके ऑफिस में जाता या फिर काले शीशे वाली गाड़ी में छिपकर जाता। (पढ़ें पूरी खबर) 5. अमृतसर-जालंधर में तेज बारिश, 9 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अुनसार, 9 जुलाई तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चल सकती है। ज्यादातर जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान चंडीगढ़ के साथ गुरदासपुर, पठानकोट, फरीदकोट, मोहाली, पटियाला और अमृतसर में में बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को गुरदासपुर में भारी बारिश हुई, जिससे बहरामपुर में धुसी बांध टूट गया। इसका पानी गांव मुगलानिचक के खेतों में भर गया। हालांकि, अब पानी निकलने लगा है और हालात सामान्य हो रहे हैं। यह बांध पिछले साल आई बाढ़ में टूटा था, जिसे विभाग ने पक्के तौर पर ठीक नहीं किया था। (पढ़ें पूरी खबर) 6. गोल्डन टेंपल में भगवंत मान की फोटो वाले आईकार्ड उतरवाए अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में शनिवार को नया विवाद हो गया। यहां मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान की तस्वीर वाले पहचान पत्र पहनकर पहुंचे श्रद्धालुओं के गले से ये पहचान पत्र उतरवाए गए। गोल्डन टेंपल में मौजूद सेवादारों ने इन पहचान पत्रों पर कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से CM भगवंत मान को पंथ दोखी घोषित किया जा चुका है, इसलिए उनकी तस्वीर वाले पहचान पत्र पहनकर गुरु घर में प्रवेश नहीं किया जाना चाहिए। इसके बाद सेवादारों ने श्रद्धालुओं के गले से पहचान पत्र उतरवा दिए। वहीं, तीर्थ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि ये पहचान पत्र उन्हें सरकारी व्यवस्था के तहत दिए गए थे। उनका कहना था कि उनका उद्देश्य केवल श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकना और दर्शन करना था। सिख कौम की सर्वोच्च संस्था अकाल तख्त साहिब ने 15 जून को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंथ दोषी (दोखी) और गुरु विरोधी घोषित किया। यह फैसला अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने अमृतसर में गोल्डन टेंपल परिसर स्थित अकाल तख्त सचिवालय की फसील (प्राचीर) से सुनाया।(पढ़ें पूरी खबर) 7. पेट्रोल पंप पर फायरिंग, 2 युवकों ने जबरन पंप खुलवाना चाहा चंडीगढ़ के सेक्टर-38 वेस्ट में एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे बवाल हो गया। यहां पेट्रोल भरवाने पहुंचे 2 बाइक सवारों ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ कहासुनी की। बात इतनी बढ़ गई कि सिक्योरिटी गार्ड को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करनी पड़ी। गोली चलती देख युवक वहां से भाग गए। सिक्योरिटी गार्ड का कहना है कि पेट्रोल पंप बंद हो चुका था। फिर भी युवक पंप खोलकर बाइक में पेट्रोल डालने का दबाव बना रहे थे। वे गाली-गलौज कर रहे थे, इसलिए उन्हें डराने के लिए फायरिंग की गई। सूचना मिलते ही मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने 2 युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से एक की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. पीएम मोदी का 13 जुलाई को पंजाब दौरा पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पीएम नरेन्द्र मोदी जुलाई में आ सकते हैं। वह पिछले दिनों डेरा बल्लां आ चुके हैं। उनकी रैली दोआबा में हो सकती है। सूत्रों का दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 13 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने खुद पंजाब आ रहे हैं। पीएम मोदी का यह दौरा केवल एक रेलवे स्टेशन के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहेगा। जालंधर में प्रधानमंत्री की एक बड़ी जनसभा (रैली) आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। रैली के जरिए पीएम मोदी पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के प्रचार अभियान का शंखनाद कर सकते हैं। पीएम के संभावित दौरे की खबर के बाद से ही प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर आ गए हैं। स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। यदि 13 जुलाई को पीएम मोदी का यह दौरा होता है, तो यह पंजाब की राजनीति और विकास दोनों ही लिहाज से एक बड़ा और दूरगामी मोड़ साबित होगा। (पढ़ें पूरी खबर) खबर विदेश से… 9. पंजाबी युवक की बुल्गारिया में मौत, एक साल पहले गया था अमृतसर के अजनाला में रहने वाले युवक की बुल्गारिया में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह करीब एक साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और रोजी-रोटी कमाने के लिए विदेश गया था। वह वहां काम कर रहा था। मृतक की पहचान पलविंदर सिंह के नाम से हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे वाले दिन पलविंदर एक बस के पास खड़ा था। इसी दौरान अचानक हुए सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बताया कि पलविंदर बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर विदेश गया था। उसका पार्थिव शरीर अजनाला लाया गया, जिसके बाद परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। खबर जरा हटके… 10. चॉकलेट की जिद ने पिता को बना दिया ‘किडनैपर’ जगराओं रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह चॉकलेट की जिद कर रहे एक मासूम के रोने से ऐसा हंगामा मचा कि लोगों ने उसके पिता को ही किडनैपर समझ लिया। ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में पिता बेटे को गोद में लेकर प्लेटफॉर्म की ओर दौड़ रहा था, लेकिन बच्चे के लगातार रोने पर यात्रियों ने अपहरण का शक जताते हुए शोर मचा दिया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। करीब दो घंटे तक चली जांच और पूछताछ के बाद सच्चाई सामने आई कि बच्चा उसी व्यक्ति का बेटा है। दरअसल, ट्रेन छूटने के डर से पिता जल्दी में था, जबकि बच्चा चॉकलेट लेने की जिद कर रहा था। इसी गलतफहमी ने पूरे स्टेशन पर अफरा-तफरी मचा दी। रेलवे चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद पिता-पुत्र को अगली ट्रेन से रवाना कर दिया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सतर्क रहना जरूरी है, लेकिन किसी भी घटना की सच्चाई जाने बिना उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना या अफवाह फैलाना सही नहीं है। बच्चे के अपहरण की खबर पूरी तरह झूठी और निराधार निकली। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

चंडीगढ़ में 54 साल पुरानी 2 मंजिला बिल्डिंग गिरी:मलबे में दबे सभी लोगों का साढ़े 5 घंटे में रेस्क्यू, 2 को सफेद कपड़े में लपेट अस्पताल भेजा

चंडीगढ़ में शनिवार को अचानक 54 साल पुरानी 2 मंजिला बिल्डिंग गिर गई। जिससे अंदर काम कर रहे बिल्डिंग मालिक और मजदूर मलबे में दब गए। इसका पता चलते ही पुलिस की टीमें तुरंत इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में पहुंची। बिल्डिंग के मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया। इसमें 4 को पहले निकाला था, जबकि 2 लोगों को रात 9:45 बजे निकाला गया। इन दोनों को सफेद कपड़े में लपेट कर टीम अस्पताल ले गई। मलबे से जिंदा बचे रमेश नाम के व्यक्ति ने कहा कि हम अंदर 20 से 25 लोग थे। शाम में करीब 4.20 बजे अचानक भूकंप जैसा झटका लगा और बिल्डिंग नीचे गिर गई। जिसमें सारे लोग दब गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तुरंत NDRF की टीम बुलाई गई। जिसके बाद जेसीबी के जरिए पहले लेंटर हटाया गया, ताकि अंदर हवा जाती रहे और वहां दबे लोगों की जिंदगी बचाई जा सके। NDRF के अधिकारी संजीव कोहली ने बताया कि हमने दो लोगों को मलबे में से बाहर निकाला है, इसमें पहला बेहोश था, जबकि दूसरा बात कर रहा था। हमारी टीम ने लेंटर को सिक्योर किया। साढ़े 5 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन चला। इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपीएस चावला ने कहा- यह बिल्डिंग काफी पुरानी थी। इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर 28/9 में बनी इस बिल्डिंग में स्क्रैप का काम चल रहा था। बिल्डिंग पुरानी होने की वजह से ही उसकी छत गिरी है। बिल्डिंग गिरने के बाद की PHOTOS… 1972 में बनी बिल्डिंग, 15 दिन पहले किराए पर ली जानकारी के अनुसार, यह बिल्डिंग 1972 की अलॉटमेंट है। उसी दौरान इसका निर्माण हुआ था। यह पूरी तरह से कॉमर्शियल थी। करीब 15 दिन पहले ही इसको किराए पर लिया गया था। अभी काम चल रहा था। दो दिन से बारिश हो रही थी। इस वजह से अचानक सीलन होने से इमारत गिरी है। जो लोग अंदर फंसे हुए थे, उनका नाम तरुण कौशिक और तरुण जैन है, जो यूपी के मेरठ के रहने वाले हैं। हादसा शाम करीब 4.20 बजे हुआ, इसके तुंरत बाद पुलिस और फिर सिविल डिफेंस की टीम पहुंची, जिसनें रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन NDRF को तुरंत सूचना नहीं दी गई। करीब पौने 7 बजे यानी हादसे के ढाई घंटे बाद NDRF को सूचना दी गई, जिसके बाद NDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। मेयर बोले- रेनोवेशन का काम चल रहा था चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने कहा- हादसे के समय इमारत के अंदर छह से सात लोग मौजूद थे। इनमें से चार लोग सुरक्षित बाहर निकल लिया। दो लोग अभी भी मलबे में फंसे हैं, लेकिन उनकी स्थिति ठीक है। उनसे लगातार बातचीत की जा रही है। मेडिकल टीम भी मौके पर मौजूद है और फंसे लोगों से संपर्क बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि यह एक पुरानी इमारत थी, जहां रेनोवेशन का काम चल रहा था। हालांकि जब मेयर सौरभ जोशी से पूछा गया कि सिविल डिफेंस की टीम ने NDRF को लेट सूचना दी, तो उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से मना कर दिया। खबर से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…..

पीएम मोदी ने कॉन्स्टेबल से कहा-डरो मत, भागो मत:नियुक्ति पत्र सौंपकर पीठ थपथपाई, लेक्चरर से पूछा-कहां की रहने वाली हो, भरतपुर बताने पर सीएम मुस्कुराए

राजस्थान के बालोतरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन किया। इस समारोह में पीएम ने अलग- अलग विभागों में चयनित 5 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। सिरोही जिले के पिंडवाड़ा तहसील निवासी पिंटाराम गरासिया पुलिस कॉन्स्टेबल का नियुक्ति पत्र लेकर मंच से हड़बड़ाहट में लौटने लगे। तभी पीएम मोदी ने उनका हाथ पकड़ कर रोक लिया। मोदी ने पिंटाराम से कहा- किसी से डरो मत, भागो मत। इसके बाद प्रधानमंत्री ने उनकी पीठ थपथपाई और आगे भी मेहनत करते रहने का कहकर हौसला बढ़ाया। पिंटाराम बोले- पीएम से मिला नियुक्ति पत्र सबसे यादगार पल
पिंटाराम ने बताया- मेरी चयन वर्ष 2025 में राजस्थान पुलिस कॉन्स्टेबल के पद पर हुआ है। मेरी नियुक्ति उदयपुर में है। यह मेरे परिवार की पहली सरकारी नौकरी है। पिंटाराम ने बताया- मेरे पिता किसान हैं। मेरे बड़े भाई ने मेरी पढ़ाई में काफी मदद की। उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री से नियुक्ति पत्र प्राप्त करना मेरे जीवन का यादगार पल है। भरतपुर बोलते ही पीएम के पास खड़े सीएम मुस्कुरा दिए भरतपुर निवासी श्रुति गुप्ता को भी प्रधानमंत्री ने नियुक्ति पत्र सौंपा। श्रुति का चयन स्कूल लेक्चरर पद पर हुआ है। उन्होंने 15 जून को भरतपुर के हायर सेकेंडरी स्कूल में कार्यभार ग्रहण किया था। श्रुति ने बताया- मैंने इस सफलता के लिए एक साल तक लगातार मेहनत की। मैं अपने परिवार की पहली गजटेड अधिकारी बनी हूं। उन्होंने कहा- नियुक्ति मिलने की खुशी तो थी ही, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना मेरे लिए और भी गर्व एवं खुशी का क्षण रहा। श्रुति ने कहा- प्रधानमंत्री ने मुझसे पूछा- कहां की रहने वाली हो। मैंने भरतपुर बताया तो पास में खड़े मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुस्कुरा दिए। प्रधानमंत्री ने मुझे बधाई देते हुए कहा-आगे भी इसी तरह मेहनत करती रहो और अपनी सफलताओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाओ। दीक्षा ने कहा- भर्ती परीक्षा 2018 में हुई थी, रिजल्ट 2025 में आया श्रीगंगानगर निवासी दीक्षा को भी पीएम ने नियुक्ति पत्र सौंपा। दीक्षा ने कहा- मैंने 2018 में कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी की परीक्षा दी थी। मेहनत खूब की थी, इसलिए रिजल्ट का भी बेसब्री से इंतजार था। रिजल्ट 2025 में आया। इसी साल 24 जून को हमारी नियुक्ति हुई। 30 जून को मोकलसर(बालोतरा) में जॉइन किया है। PM साहब से मिलने के बाद मुझे और मेरे परिवार वालों को बहुत खुशी हुई है। उन्होंने मुझे बधाई दी और आगे ईमानदारी से काम करने की सलाह दी है। पीएम मोदी ने कार्यक्रम में मनोज कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और श्रीगंगानगर की लवप्रीत सिंह को पंचायती राज विभाग में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर नियुक्ति के पत्र सौंपे। PM के राजस्थान दौरे से संबंधित PHOTOS… ये खबर भी पढ़िए… PM बोले- भारत सबसे बड़े ऊर्जा संकट से उबरा:2 हजार तक पहुंच सकती थी घरेलू सिलेंडर की कीमत, राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- युद्ध के कारण जो हालात पैदा हुए, उसके कारण घरेलू गैस के दाम 2 हजार रुपए तक जा सकते थे। सरकार ने इसको लेकर बेहतर मैनजमेंट किया। इसी का परिणाम है, सिलेंडर 950 रुपए के करीब मिल रहा है। पूरी खबर पढ़िए