उदयपुर के फलासिया में खुलेगा जवाहर नवोदय विद्यालय:केंद्र सरकार ने दी मंजूरी; प्रशासन को जमीन-आवंटन के लिए भेजा लेटर, सांसद ने उठाई थी मांग
उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र में ‘पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय’ खुलने की तैयारी है। केंद्र सरकार ने स्कूल को मंजूरी देते हुए जमीन चिह्नित करने के लिए जिला प्रशासन को लेटर भेजा है। लेटर मिलने के बाद प्रशासन ने अब जमीन आवंटन (अलॉटमेंट) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत भी इसके लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। यह कागजी कार्रवाई पूरी होते ही स्कूल के निर्माण का काम तेजी से शुरू हो जाएगा। वर्तमान में उदयपुर जिले के मावली विधानसभा क्षेत्र में एक नवोदय विद्यालय संचालित है, लेकिन यह क्षेत्र चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस कारण सांसद डॉ. रावत के उदयपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले आठों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक एक भी नवोदय विद्यालय नहीं था। इस कमी को दूर करने के लिए सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने पंचायत समिति फलासिया (झाड़ोल) में नया नवोदय विद्यालय खोलने की मांग उठाई थी। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेटर भी लिखा था। सांसद ने केंद्रीय मंत्री को बताया था कि उदयपुर पूरी तरह से आदिवासी और जनजाति बहुल इलाका है। यह दक्षिण राजस्थान का इकलौता संभाग मुख्यालय भी है। यहाँ के गरीब और कम आमदनी वाले परिवारों के बच्चों में पढ़ाई को लेकर बहुत लगन है, लेकिन अच्छी सुविधाएं नहीं मिलने से वे पीछे छूट जाते हैं। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया- झाड़ोल और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी लंबे समय से यहाँ नवोदय विद्यालय खोलने की मांग कर रहे थे। जनता की इस मांग को मजबूती से केंद्र सरकार के सामने रखा। रावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस मांग को सही माना और तुरंत मंजूरी दे दी है। इस नए स्कूल के खुलने से अब ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को मुफ्त में बेहतरीन और आधुनिक शिक्षा मिल सकेगी।

