11KV लाइन की अवैध-शिफ्टिंग करने पर इंजीनियर समेत 4 सस्पेंड:3 कर्मचारियों को चार्जशीट; बांसवाड़ा में हादसे के बाद अजमेर डिस्कॉम की कार्रवाई

​अजमेर डिस्कॉम ने बांसवाड़ा ने तलवाड़ा में हुए अवैध विद्युत लाइन शिफ्टिंग और हादसे के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। डिस्कॉम ने लापरवाही बरतने के आरोप में एक कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) मनीष भगोरा और तीन तकनीकी कर्मचारियों में ​अभिषेक व्यास, ​हेमंत जोशी और ​नीरज जोशी को सस्पेंड कर दिया है। उपखंड के सहायक अभियंता (एईएन) ​महीप जोशी के साथ मुकेश पटेल और देवेंद्र भट्ट लापरवाही के लिए चार्जशीट दी गई है। ​कार्रवाई 20 जून को तलवाड़ा में बिना अनुमति के किए जा रहे अवैध विद्युत लाइन शिफ्टिंग के दौरान हुए हादसे के बाद की गई है। इस अवैध कार्य के दौरान एक ठेका कर्मी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया था। जांच कमेटी गठित, 5 दिन में मांगी रिपोर्ट
​मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है, जिसका नेतृत्व एक्सईएन कुशलगढ़ कर रहे हैं। ​एसई भगवानदास बैरवा ने बताया कि जांच कमेटी को अगले 5 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी खुद ही शिफ्ट कर रहे थे 11KV की लाइन
तलवाड़ा गांव में एक व्यक्ति बिजली की 11 केवी की लाइन शिफ्ट करवाना चाहता था। डिस्कॉम के कुछ कार्मिकों ने उसे डिस्कॉम में भेजने के बजाय खुद ही लाइन शिफ्ट करने का ठेका ले लिया। ये कर्मचारी दो पोल शिफ्ट भी कर चुके थे। 20 जून को तीसरा पोल शिफ्ट करते समय ठेका श्रमिक हरीश(35) करंट लगने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ था।

हॉस्पिटल में भर्ती विधायक से सीएम बोले-'ठीक है न भाई':मजाकिया अंदाज में कहा- 'भाभीजी से छिपकर कुछ खाकर आए क्या'; थड़ी पर चाय पी

सीएम भजनलाल शर्मा शनिवार को हॉस्पिटल में एडमिट सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे। यहां उनका हाथ पकड़ा, नब्ज देखी और पूछा- ‘ठीक है न भाई।’ इसके बाद मजाकिया अंदाज में विधायक जोशी से कहा- ‘भाभीजी से छिपकर कुछ खाकर आए थे क्या ?’ फिर बोले- ‘भाई मैं तो तुम्हारा जयपुर में इंतजार कर रहा था।’ हॉस्पिटल से सर्किट हाउस जाते हुए सीएम ने थड़ी पर चाय भी पी। दरअसल, जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल और पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन को लेकर सीएम दो दिन से जोधपुर दौरे पर थे। पीएम मोदी भी आज जोधपुर और पचपदरा पहुंचे थे। दोनों कार्यक्रम के बाद सीएम भजनलाल शर्मा शाम करीब 4 बजे जीवन ज्योति हॉस्पिटल में एड​मिट विधायक देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे थे। एक दिन पहले हुए थे एडमिट, हाथ पकड़कर पूछा क्या हो गया जानकारी अनुसार सूरसागर विधायक को शुक्रवार को डायरिया की शिकायत हुई थी। इसके बाद वे जीवन ज्योति हॉस्पिटल पहुंचे थे। दो दिन उन्हें ड्रिप चढ़नी थी, ऐसे में उन्हें एडमिट किया गया। इधर, सीएम भजनलाल शर्मा को जब इसके बारे में जानकारी मिली तो वे देवेंद्र जोशी से मिलने पहुंचे। यहां जोशी से मिलते ही सीएम ने उनका हाथ पकड़ा और पूछा क्या हो गया भाई। साथ ही कहा…आप जयपुर आने का कह रहे थे। बताया जा रहा है कि जोशी जयपुर भी सीएम ने मिलने जा रहे थे लेकिन लंबे समय से तबीयत सही नहीं होने की वजह से उनका प्रोग्राम नहीं बन पाया। मजाकिया अंदाज में जोशी की पत्नी को कहा- ‘क्या खिला दिया आपने’ इस दौरान विधायक की पत्नी भी वहां मौजूद थी। सीएम ने उनसे मजाकिया अंदाज में कहा- ‘क्या खिला दिया आपने ?’ ये कह रहे थे- ‘दही खिला दिया, ​दही से कोई बीमार होता नहीं है।’ इस पर सीएम ने मजाकिया अंदाज में विधायक से कहा- ‘आप कुछ न कुछ भाभीजी से छिपकर खाकर आए हैं।’ सर्किट हाउस जाते चाय पीने के लिए थड़ी पर रुके इधर, हॉस्पिटल से रवाना होकर सीएम ​सर्किट हाउस के लिए निकले। इससे पहले वे भाटी चौराहे पर स्थित एक चाय की होटल पर रुके। यहां करीब पांच मिनट तक उन्होंने एक थड़ी पर बैठकर चाय पी। इसके साथ ही वहां मौजूद लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान एक बच्ची से हंसी-मजाक में पूछा- ‘तुम्हें घर पर कौन डांटता है।’ बच्ची ने जवाब दिया, ‘मम्मी-पापा दोनों।’ इस पर सीएम हंसने लगे। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री जोगाराम पटेल और शहर विधायक अतुल भंसाली भी मौजूद थे।

राजसमंद में 402 युवाओं को मिले नियुक्ति-पत्र:PM के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण; देवासी बोले-रिफाइनरी से मिलेगी तेज गति

राजसमंद में शनिवार को मार्बल गैंगसा एसोसिएशन के सभागार में पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण कार्यक्रम लाइव देखा गया। इस दौरान जिले के 402 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी मुख्य अतिथि रहे। देवासी ने कहा- रिफाइनरी से राजस्थान को विकास के तेज गति मिलेगी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बालोतरा जिले के पचपदरा से ₹1.05 लाख करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों के शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में देखा गया। देवासी बोले-महत्वपूर्ण परियोजना राज्यमंत्री देवासी ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास को नई गति दे रही है। आधारभूत संरचना, उद्योग, जल संसाधन, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पचपदरा रिफाइनरी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना है। इससे रोजगार, निवेश और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र के साथ वेलकम किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, जिला भाजपा अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

पाली में 80 युवाओं ने किया ब्लड डोनेट:आयोजक बोले- जरुरतमंदों को ब्लड के लिए भटकना न पड़े, इसलिए हर साल लगाते हैं कैंप

पाली शहर के बांगड़ हॉस्पिटल ब्लड बैंक में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 80 युवाओं ने ब्लड डोनेट किया। इस मौके पर आयोजकों ने ब्लड डोनेट करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। रंगरेज समाज विकास समिति पाली के पूर्व सदर एवं पाली जिला कार टैक्सी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष वजीर अली रंगरेज की चौथी बरसी पर शनिवार को ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने 80 यूनिट रक्तदान किया। आयोजन समिति के जिशान अली रंगरेज ने बताया- शिविर का उद्देश्य मानव सेवा और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। शिविर अतिथि के रूप में विधायक भीमराज भाटी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपालसिंह राजपुरोहित, पूर्व जिलाध्यक्ष अजीज दर्द, मुस्लिम समाज सदर एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष हकीम भाई, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जाहिर मकरानी, सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन हटेला, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष जीवराज बोराणा शामिल रहे। जबकि चोटिला दरगाह कमेटी सदर अमजद अली रंगरेज, पूर्व पार्षद आमीन अली रंगरेज, शहजाद शेख, मोहसिन खत्री, तालिब चूड़ीगर, एडवोकेट साबिर खान, मुन्ना मकरानी, जोगाराम सोलंकी, सत्तार पठान, दीनू खान, सेवादल जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी, मेहमूद भाई कबाड़ी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेश जोशी, सिकंदर खान, नौसाद खान, शाकिर अली, बबलू संजरी, ज़ाहिद गौरी, कलीम अख्तर, जावेद सिरोहा, नूर अली रंगरेज, इस्माइल अली रंगरेज, अख्तर अली रंगरेज, इमरान तंवर, मुनाजिर चूड़ीगर, अयूब लोहार, आरिफ पिंजारा, आबिद कुरैशी, मनीष जावा सहित कई जनों की भी मौजूदगी रही।

45 किलो अफीम डोडाचूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:कार-बाइक भी बरामद, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई

प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 किलो 360 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट कार और एस्कॉर्ट में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। यह कार्रवाई एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर एएसपी गजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में की गई। शनिवार को बरवाड़ा नाका पर नाकाबंदी के दौरान सफलता छोटीसादड़ी थाना अधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को बरवाड़ा नाका पर नाकाबंदी के दौरान यह सफलता हासिल की। पुलिस को अचलपुरा की ओर से एक मोटरसाइकिल के पीछे स्विफ्ट कार आती दिखी। पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल चालक को रुकने का इशारा करने पर उसने पीछे आ रही कार को वापस लौटने का संकेत दिया। कार चालक ने वाहन मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कार बंद हो गई। इस दौरान चालक और पीछे बैठा एक व्यक्ति जंगल की ओर भागने में सफल रहे, जबकि आगे की सीट पर बैठे एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। 45 किलो 360 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गणपतराम पुत्र जगमालाराम विश्नोई (44), निवासी दांता, थाना सांचौर, जिला जालौर के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे तीन कट्टों से 45 किलो 360 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एस्कॉर्ट कर रहे राहुल पुत्र मेघराज मालवीय (28), निवासी अचलपुरा, थाना छोटीसादड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध छोटीसादड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

फलोदी में 359 कार्मियों को मिले नियुक्ति पत्र:जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में हुआ वितरण, सरकार की योजनाओं को गिनाया

फलोदी नगर परिषद टाउन हॉल में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक सुधार, शिक्षा, राजस्व, पुलिस और विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों में चयनित 359 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। नव नियुक्त कार्मिकों को मिले नियुक्ति पत्र जीव-जंतु बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, विधायक पब्बाराम बिश्नोई, जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसडीएम पूजा चौधरी ने नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीव-जंतु बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पचपदरा में 79 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित आधुनिक रिफाइनरी का भी जिक्र किया, जिसे प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को समर्पित किया है। 359 युवाओं को दी बधाई विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने बताया कि ‘डबल इंजन’ की सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने राज्य स्तर पर 50 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने का भी उल्लेख किया। बिश्नोई ने यमुना जल परियोजना के एमओए पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जिले के 359 चयनित युवाओं को बधाई दी। ये रहे मौजूद इस अवसर पर जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, एसडीएम पूजा चौधरी, एसीईओ गौतम चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति जाणि, किन्नर समाज की अध्यक्ष विस्की बाई, शिवप्रकाश पंचारिया, सौरभ बोहरा और जगदीश पालीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

टेंट हाउस गौदाम में युवक ने किया सुसाइड:लेबर ने फंदे पर लटके देखा तो पुलिस बुलाई; डेकोरेशन का काम करता था

भीलवाड़ा में टेंट डेकोरेशन गोदाम में काम करने वाले 32 साल के एक pयुवक ने अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना का पता लगने पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई और परिजनों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतरवाया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। लेबर ने फंदे पर लटके देखा था मामला शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है। यहां देवा जी का खेड़ा स्थित एक टेंट डेकोरेशन गोदाम में काम करने वाले और नर्मदा विहार कॉलोनी में रहने वाले विशाल पाराशर (32) ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। आज दोपहर बाद में जब टेंट गोदाम पर काम करने वाली लेबर वहां कुछ सामान लेने गई तो विशाल उन्हें फंदे पर लटका हुआ नजर आया। डेकोरेशन का काम करता था विशाल टेंट व डेकोरेशन का कार्य करता था, उसने सुसाइड क्यों किया फिलहाल इसके कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया और मामला दर्ज कर जांच शुरु की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

नियुक्ति पत्र पाकर 1600 युवाओं के चेहरे खिले:चूरू में रोजगार उत्सव, रिफाइनरी को बताया राजस्थान के विकास का नया अध्याय

चूरू की कृषि उपज मंडी परिसर में शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में 1600 नवनियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट और नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम पचपदरा में भारत की प्रथम ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह से वर्चुअल माध्यम से जुड़ा रहा। जनप्रतिनिधियों ने रिफाइनरी परियोजना को राजस्थान के औद्योगिक विकास, निवेश और युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। रिफाइनरी से रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी गति कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को साकार कर रही है। उनके अनुसार यह परियोजना राजस्थान की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी। ‘राजस्थान की विकास यात्रा में ऐतिहासिक उपलब्धि’ पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रिफाइनरी परियोजना को राजस्थान की विकास यात्रा की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, ऊर्जा सुरक्षा और निवेश को नई दिशा मिलेगी। राठौड़ ने कहा कि डबल इंजन सरकार विकासोन्मुख सोच के साथ प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कार्य कर रही है, जिसमें जयपुर मेट्रो कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं भी शामिल हैं। युवा, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है। उन्होंने राजस्थान रिफाइनरी और यमुना जल समझौते को प्रदेश के विकास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि ये परियोजनाएं युवाओं को नया संबल प्रदान करेंगी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी कार्यक्रम में पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष देवेंद्र झाझड़िया, पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां, पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि, पूर्व जिला प्रमुख वंदना आर्य, जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा, एसपी निश्चय प्रसाद एम सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री कन्हैयालाल बोले-रिफाइनरी से लोग सम्पन्न होंगे:टोंक में पचपदरा लोकार्पण कार्यक्रम LIVE देखा; 1660 युवाओं को नियुक्ति-पत्र बांटे

टोंक के कृषि ऑडिटोरियम में शनिवार को पचपदरा रि‌फाइनरी का लोकार्पण समारोह लाइव देखा गया। टोंक में 1660 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए। इस दौरान मौजूद जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा- रिफाइनरी से राजस्थान में रोजगार बढ़ेंगे। लोग आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। कई अवसरों में बढ़ोतरी होगी और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से प्रदेश के लाखों लोगों को फायदा होगा। राइजिंग राजस्थान के MOU धरातल पर उतर रहे जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा- प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सपना देख रहे हैं कि किस तरह युवाओं को रोजगार मिलें। राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू में से करीब दस लाख करोड़ रुपए के काम धरातल पर उतरने लगे हैं। आने वाले समय में हर क्षेत्र में हम आत्मनिर्भर बनेंगे। राम जल सेतु से लेकर यमुना जल समझौता हुआ है। शेखावाटी को ऐतिहासिक सौगात मिली। किसी भी देश, राज्य की ग्रोथ जल से होती है। आने वाले समय में बाहर जाने वाले पानी को रोक कर उपयोग करने पर काम कर रहे हैं। राजस्थान में पानी की कोई कमी नहीं रहेगी। ऊर्जा के क्षेत्र में हम सरप्लस की ओर बढ़ रहे हैं। दिन में बिजली दी जा रही है। कांग्रेस 80 हजार नौकरी नहीं दे सकी चौधरी ने कहा- कांग्रेस ने पांच साल में 80 हजार से ज़्यादा नौकरियां नहीं दी। हमारे मुख्यमंत्री ने चार लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा की थी। हमने सवा लाख युवाओं को नौकरी दे दी और एक लाख 45 हजार नौकरियों का कलेंडर जारी कर दिया। आने वाले समय में चार लाख लोगों को नौकरी देंगे और छह लाख युवाओं को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देंगे। दस लाख युवाओं को रोजगार देने का मुख्यमंत्री का लक्ष्य पूरा करेंगे। राजस्थान हरा भरा होगा, ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएंगे। फलदार पौधे लगाएंगे। सब लोगों को पौधे लगाने चाहिए। इस मौके पर जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, कलेक्टर टीना डाबी, एसपी रोशन मीना, बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पूर्व टोंक विधायक अजित सिंह मेहता व अन्य अतिथि मौजूद थे।

भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी:भीकमपुरा हनुमान मंदिर में पूर्णाहुति के साथ रामचरितमानस पाठ का समापन

जिले के भीकमपुरा गांव स्थित प्राचीन घेर वाले हनुमान मंदिर में आयोजित दो दिवसीय रामचरितमानस पाठ का शनिवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। यह पाठ मंदिर भक्तमंडली और ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित किया गया था। शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हुआ। शाम को एक भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। शनिवार सुबह विधि-विधान से पूर्णाहुति और आह्वान की धार्मिक रस्में पूरी की गईं। इसके उपरांत विशाल भंडारे में पुआ, खीर और सब्जी की प्रसादी हजारों श्रद्धालुओं को वितरित की गई। आसपास के गांवों और दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर से जुड़े भगवान सिंह ने बताया कि भीकमपुरा का घेर वाले हनुमान मंदिर क्षेत्र की एक प्राचीन और प्रमुख आस्था स्थली है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से प्रार्थना करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी कारण वर्षभर प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए यहां आते हैं।