घर में घुसकर जानलेवा हमला किया, आरोपी को आजीवन कारावास:साथियों को भी 7-7 साल की सजा; 8 साल बाद आया कोर्ट का फैसला

घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में पाली की स्पेशल कोर्ट ने आरोपी शिवलाल उर्फ शिवराज को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही आरोपी भीकाराम और वीरमाराम को 7-7 साल की सजा सुनाई। मामले में कोर्ट के विशिष्ठ लोक अभियोजक लादूराम मेवाड़ा ने बताया- पाली के सदर थाना क्षेत्र के भालेलाव गांव निवासी दल्लाराम पुत्र कालूराम ने थाने में 8 मार्च 2018 को रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि 8 मार्च 2018 की शाम करीब 6 बजे वह साइकिल पर जा रहा था। पानी की टंकी के पास उसे शिवलाल उर्फ शिवराज ने रोका और झगड़ा करने लगा, ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और वह घर आ गया। करीब 10 मिनट बाद शिवलाल, भीकाराम, वीरमाराम निवासी भालेलाव उसके घर में जबरदस्ती घुसे और उस पर जानलेवा हमला किया। बीच-बचाव में आए परिवार के अन्य लोगों से भी मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की। 4 जुलाई 2018 को कोर्ट में आरोप पत्र पेश किया। 7 जनवरी 2020 को आरोप सुनाए गए। मामले में अब जज राकेश गोरा ने 3 जुलाई को फैसला सुनाया। इसमें भालेलाव गांव निवासी शिवलाल उर्फ शिवराज(38) पुत्र वीरमाराम को आजीवन कारावास और 10 हजार के जुर्माने की सजा सुनाई। साथ ही भालेलाव गांव के ही अभियुक्त भीकाराम(65) पुत्र मंगलाराम और वीरमाराम(38) पुत्र भीकाराम को 7-7 साल के साधाराण कारावास और 10 हजार रुपए जुर्मान की सजा सुनाई।

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने 5 मनचले युवकों को पकड़ा:महिलाओं-छात्राओं से अभद्रता करने और शोर-शराबा करने पर कार्रवाई

झालावाड़ में जिला पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने शुक्रवार को पांच मनचले युवकों को गिरफ्तार किया है। इन युवकों पर सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं से अभद्रता करने और शोर-शराबा कर शांति भंग करने का आरोप है। यह कार्रवाई महिला सुरक्षा और मनचलों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट शहर के पार्क, कॉलेज, स्कूल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रख रही है। इसी अभियान के तहत, चांदखेड़ी कॉलोनी क्षेत्र के पास पांच युवक सार्वजनिक स्थान पर अनावश्यक रूप से शोर-शराबा करते पाए गए। संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने उन्हें शांति भंग के आरोप में हिरासत में लेकर कोतवाली थाना पुलिस को सौंप दिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान दीपेन्द्र सिंह, रविन्द्र सिंह, राहुल मीणा, पप्पू मीणा और शान खटीक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत नियमित रूप से स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, पार्कों और मुख्य बाजारों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गश्त करती है। इस टीम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ एवं अभद्रता जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस ने बताया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों की टीम शहर में लगातार गश्त कर रही है। सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उदयपुर में 4 जुलाई को 7 घंटे रहेगी बिजली गुल:सुबह 10 बजे से शाम तक होगी कटौती; जानें प्रभावित इलाकों की सूची

उदयपुर शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने मेंटेनेंस कार्य के चलते पावर शटडाउन की सूचना जारी की है। बिजली निगम के अनुसार- सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक 7 घंटे बिजली बंद रहेगी। इसके तहत शक्तिनगर, देहलीगेट, एलआईसी बिल्डिंग, एयर पैलेस, दुर्गा नर्सरी रोड, धबाई जी की बाड़ी, शिव पार्क कॉलोनी, अशोक नगर मैन रोड और इनके आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग ने बताया- जरूरी मेंटेनेंस और लाइन शिफ्टिंग के काम के कारण शटडाउन लिया जा रहा है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने जरूरी काम पहले निपटा लें।

SSC-GD कॉन्स्टेबल परीक्षा में डमी कैंडिडेट बैठाया,ऑल-इंडिया 34वीं रैंक आई:हरियाणा-गुजरात में काटी फरारी, आरोपी गिरफ्तार; एग्जाम में 3 घंटे बाथरूम में बैठा रहा था मुख्य अभ्यर्थी

सीकर में SSC-GD कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में डमी कैंडिडेट बैठाने मामले में पुलिस ने 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी मुख्य अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर लिया। सीकर के धोद DYSP राजेश ढाका ने बताया- आरोपी सचिन मलिक (22) पुत्र जय भगवान जाट निवासी पूर्णपुरा भिवानी नौकरी के लिए हरियाणा और गुजरात चला गया था। वहां फरारी काटने के बाद नौकरी ढूंढता रहा। परंतु वेरिफिकेशन नहीं होने पर नौकरी नहीं मिली तो आरोपी सचिन वापस सीकर आया। इस पर पुलिस ने उसे गुरुवार को पकड़ लिया। बता दें कि 7 फरवरी 2025 को प्राइवेट सेंटर पर SSC-GD कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा हुई थी। इसमें सचिन मलिक ने परीक्षा में अपनी जगह डमी कैंडिडेट सचिन (26) पुत्र जगमेंद्र निवासी रोहतक (हरियाणा) काे बैठाया था। SSC-GD परीक्षा का रिजल्ट कुछ महीने बाद ही आ गया था। इसमें डमी कैंडिडेट की बदौलत असली कैंडिडेट सचिन की ऑल इंडिया लेवल पर 34वीं रैंक आई थी। डेढ़ लाख में हुई थी डील भादरा हनुमानगढ़ के रहने वाले संदीप ने सीकर के SBS शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान के ऑनलाइन एग्जाम सेंटर को एक साल से अनुबंध पर ले रखा था। संदीप की असली कैंडिडेट सचिन मलिक से दिल्ली में मुलाकात हुई थी। वह दिल्ली में कोई परीक्षा देने के लिए गया था। तब संदीप ने उससे कहा था- वह उसे ऑनलाइन एग्जाम में पास करवा देगा। संदीप ने उसके मोबाइल नंबर भी ले लिए थे। दिल्ली में एग्जाम देने के बाद असली कैंडिडेट सचिन मलिक अपने घर चला गया था। इसके बाद संदीप ने वॉट्सएप के जरिए उससे संपर्क किया। SSC-GD कॉन्स्टेबल परीक्षा में उसकी जगह डमी कैंडिडेट बैठाने के लिए दोनों के बीच डेढ़ लाख रुपए में डील फाइनल हुई। डील फाइनल होने के बाद एग्जाम के दिन 7 फरवरी 2025 को असली कैंडिडेट सचिन मलिक सीकर पहुंचा। जहां संदीप ने सेंटर स्टाफ के साथ मिलीभगत करके डमी कैंडिडेट (सचिन) को एंट्री दिलवा दी। परीक्षा के दौरान असली कैंडिडेट संदीप मलिक वॉशरूम में रहा और उसकी जगह डमी कैंडिडेट हरियाणा निवासी सचिन ने परीक्षा दी। फरवरी 2025 को हुआ था एग्जाम SSC-GD का एग्जाम 7 फरवरी 2025 को ऑनलाइन हुआ था। एग्जाम टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की ओर से करवाया गया था। सीकर में SBS शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान पर सेंटर था। एग्जाम के बाद 10 फरवरी को कंसल्टेंसी सर्विसेज IEG के पर्यवेक्षक नरेश कुमार ने SBS का दौरा किया था। उन्होंने सेंटर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को चेक किया था। इसके बाद डमी कैंडिडेट की ओर से परीक्षा देने का खुलासा हुआ था। इसके बाद सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ। इसके बाद मामले में TCS के 2 कर्मचारी राकेश, दिनेश, डमी कैंडिडेट सचिन, बजरंगलाल को गिरफ्तार किया गया था। वहीं अब तक सेंटर संचालक संदीप फरार हैं। फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद सीकर के ऑनलाइन सेंटर SBS शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान को एग्जाम के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था। हरियाणा और गुजरात में काटी फरारी आरोपी सचिन ने पहले हरियाणा में रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां फरारी काटी। इसके बाद आरोपी नौकरी करने के मकसद से गुजरात गया, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के चलते उसका वेरिफिकेशन नहीं हो सका और उसे नौकरी नहीं मिली। ऐसे में वापस आरोपी आ गया। पुलिस को ह्यूमन इंटेलिजेंस से सूचना मिली कि आरोपी सीकर आया हुआ है। जहां पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी में सीओ धोद ऑफिस के हैड कॉन्स्टेबल मंगलाराम, कॉन्स्टेबल पवन, देवकीनंदन और सदर पुलिस थाने के कॉन्स्टेबल अनिल की विशेष भूमिका रही।
ये खबरें भी पढ़ें… SSC-GD परीक्षा में फर्जीवाड़ा,बाथरूम में कैंडिडेट की अदला-बदली:स्टाफ ने करवाई डमी अभ्यर्थी की एंट्री; एग्जाम कराने वाली TCS कंपनी के दो कर्मचारी गिरफ्तार SSC-GD एग्जाम में बैठा डमी कैंडिडेट तिहाड़ जेल में था:सीकर में फर्जीवाड़े से पेपर देकर गया था, ऑल इंडिया लेवल पर 34वीं रैंक आई

झुंझुनूं कलेक्ट्रेट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग:फाइलें सुरक्षित; कंप्यूटर और AC जले, कर्मचारियों ने पाया काबू

झुंझुनूं कलेक्ट्रेट के दो कमरों में शुक्रवार सुबह 5 से 5.30 के बीच आग लग गई। नाइट ड्यूटी कर रहे स्टाफ ने उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी। आग में कंप्यूटर और AC जल गए। जबकि सभी तरह की फाइलें सुरक्षित हैं। कलेक्ट्रेट में 5 कंप्यूटर जले.. स्टाफ ने कमरे से उठता देखा धुआं जानकारी के अनुसार- ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने कमरा नंबर 115 से धुआं उठते देखा। उसने सिविल डिफेंस के कर्मचारी, सुरक्षा गार्ड और अन्य स्टाफ को तुरंत मौके पर बुलाया। कमरा खोला तो अंदर आग की लपटें दिखी। बिजली के बोर्ड पूरी तरह जल चुके थे। इस कमरे में कलेक्टर के रीडर बैठते हैं। इसी तरह कमरा नंबर 116 में भी आग की घटना हुई। इस कमरे में रेवेन्यू का काम होता है। कर्मचारियों ने अग्निरोधी यंत्रों से आग पर काबू पाया। ​घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग और एडीएम अजय आर्य तुरंत कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के निर्देश दिए। शॉर्ट सर्किट से लगी आग आग लगने का कारण प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना में सरकारी फाइलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि दोनों कमरों का सामान, 5 कंप्यूटर, दोनों कमरों के दो एयर कंडीशनर, फर्नीचर और फॉल सीलिंग खराब हो गई। इन कमरों के साथ-साथ आसपास के कमरों और बरामदे की बिजली की लाइनें भी जल गई हैं।

MP के देवास से जैश मॉड्यूल का संदिग्ध गिरफ्तार:गुजरात ATS का दावा- पाकिस्तान हैंडलर्स के संपर्क में थे, आतंकी नेटवर्क खड़ा कर रहे थे

गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने मध्यप्रदेश के देवास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। युवक की पहचान बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना (18) के रूप में हुई है। गुजरात ATS का दावा है कि वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े उस मॉड्यूल का सदस्य है, जिसके खिलाफ गुजरात और मध्यप्रदेश में संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार रात गुजरात ATS की टीम देवास के नाहर दरवाजा क्षेत्र स्थित गफूर बस्ती पहुंची। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में टीम ने बिलाल के घर पर करीब आधे घंटे तक परिवार से पूछताछ की। इसके बाद युवक को अभिरक्षा में लेकर देवास पुलिस के जरिए गुजरात ATS को सौंप दिया गया। देवास एसपी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गुजरात ATS एक संदिग्ध की तलाश में आई थी। नियमानुसार युवक को गुजरात ATS के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच गुजरात ATS कर रही है। ATS ने एक साथ पांच राज्यों में की कार्रवाई गुजरात ATS के अनुसार, गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की विचारधारा का प्रचार कर रहे हैं और गुजरात में उसका नेटवर्क खड़ा करने की साजिश में जुटे हैं। तकनीकी और मानव खुफिया जांच के बाद पांच राज्यों/जिलों में एक साथ कार्रवाई की गई। गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, पाटन, नवसारी और मध्यप्रदेश के देवास से कुल 8 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। ATS का दावा है कि आरोपियों ने “दारुल इस्लाम गुजरात जैश-ए-मोहम्मद” नाम से एक संगठन बनाया था और नए लोगों को जोड़ने के प्रयास कर रहे थे। पाकिस्तान से संपर्क और फंडिंग का आरोप जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स अब्दुल्ला और मोहम्मद उमर से संपर्क के सबूत मिले हैं। आरोप है कि मॉड्यूल को करीब 3 लाख रुपए की फंडिंग मिली, जिससे एक पुरानी कार खरीदी गई। आरोपियों पर जैश के साहित्य का गुजराती में अनुवाद कर कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने का भी आरोप है। मोबाइल और साहित्य समेत कई सबूत मिलने का दावा ATS के अनुसार, छापेमारी में एक आरोपी के मोबाइल से 254 जिहादी दस्तावेज, ऑडियो-वीडियो, फोटो और जैश-ए-मोहम्मद का झंडा मिला। इसके अलावा मसूद अजहर की किताबें, उर्दू में लिखे पत्र और गुजराती में अनूदित जिहादी साहित्य भी बरामद किया गया है। इन सबूतों के आधार पर सभी 8 आरोपियों के खिलाफ UAPA की विभिन्न धाराओं और BNS की धाराओं 61 व 148 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह खबर भी पढ़ें गुजरात-एमपी में जैश के 8 आतंकी पकड़े गए गुजरात ATS ने आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े आठ आतंकियों को गुजरात और मध्य प्रदेश से पकड़ा है। सभी को अलग अलग जिलों से पकड़ा गया है। इनमें से दो की उम्र 18 और 19 साल है। पूरी खबर पढ़ें

महिलाओं को यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी जानकारी दी:शिविर में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और समय-सीमा के बारे में बताया

जिला पुलिस और महिला अधिकारिता विभाग की महिला कर्मियों और अधिकारियों के लिए शुक्रवार को जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही कार्यालय में सचिव सवित्री आनंद निर्भीक की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य न्यायालय, जिला पुलिस सिरोही और महिला अधिकारिता विभाग की महिला कर्मियों और अधिकारियों को जागरूक करना था। इसमें कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों, महिलाओं के अधिकारों, शिकायत निवारण तंत्र और नियोक्ताओं के दायित्वों पर विस्तृत जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सवित्री आनंद निर्भीक ने अधिनियम, 2013 के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने आंतरिक शिकायत समिति के गठन, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, पीड़िता के अधिकारों, गोपनीयता बनाए रखने के प्रावधानों और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संस्थान का दायित्व है कि वह महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभावमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करे। महिला अधिकारिता विभाग, सिरोही की सहायक निदेशक अंकिता राजपुरोहित ने शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और समय-सीमा के बारे में बताया। उन्होंने आंतरिक शिकायत समिति द्वारा जांच और शिकायत के निपटान की पूरी प्रक्रिया समझाई। राजपुरोहित ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई महिला दुर्भावनापूर्ण या जानबूझकर झूठी शिकायत करती है, तो अधिनियम में ऐसे मामलों के लिए भी कानूनी प्रावधान मौजूद हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई पीड़ित महिला आंतरिक शिकायत समिति के निर्णय या कार्यवाही से संतुष्ट नहीं होती है, तो उसे सक्षम न्यायालय में अपील करने और कानून के अनुसार न्याय प्राप्त करने का अधिकार है। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रतन बाफना, न्यायालय की महिला कार्मिक, जिला पुलिस सिराेही की महिला कार्मिक, महिला अधिकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों से कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अधिनियम के प्रावधानाें के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयाेग प्रदान करने का आह्वान किया गया।

मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी कैंपस में लगाए पौधे:भास्कर के एक पेड़, एक जिंदगी अभियान के तहत लॉ और आर्ट्स कॉलेज में पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण को लेकर दैनिक भास्कर की ओर से शुरू किए गए एक पेड़, एक जिंदगी अभियान को लेकर उदयपुर में खासा उत्साह है। इस अभियान के तहत आज मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय कैंपस में पौधे रोपे गए। अभियान के तहत सुखाड़िया विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज और आर्ट्स कॉलेज में पौधरोपण किया गया। इस दौरान संकल्प किया गया कि इन पौधों के नियमित संरक्षण पर भी काम किया जाएगा, ताकि कैंपस में ये पेड़ का रूप ले सके। ये पौधे आने वाली पीढ़ी के लिए साफ हवा और पक्षियों का घर उदयपुर के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लॉ के डीन प्रो. आनंद पालीवाल के नेतृत्व में कॉलेज के ​टीचर्स और अन्य स्टाफ ने कैंपस में पौधे रोपे गए। इस दौरान एक-एक कर कई पौधे कैंपस में लगाए गए। प्रो.पालीवाल ने कहा कि पौधे लगाने के साथ इनकी देखभाल कर इनको विशाल पेड़ के रूप में तैयार करें। ये आने वाली पीढ़ी के लिए साफ हवा है, पक्षियों का घर है, और हरियाली बढ़ेगी तो हमारी आबो-हवा भी ठीक रहेगी। कॉलेज के डीन प्रो. नीरज शर्मा के नेतृत्व में पौधारोपण इसके बाद आर्ट्स कॉलेज में कार्यक्रम हुआ, जहां पर कॉलेज के डीन प्रो. नीरज शर्मा के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। इस दौरान सह अधिष्ठाता डॉ नवीन नंदवाना, डॉ. बालूदान बारहठ, डॉ. राजकुमार व्यास, डॉ गिरिराज सिंह चौहान, डॉ. गट्टू लाल पाटीदार,डॉ. भीमराज पटेल, अतिथि संकाय अध्यक्ष डॉ. मोहित नायक,पूर्व अध्यक्ष भाग्योदय सोनी, दैनिक भास्कर से गिरीश शर्मा, मुकेश हिंगड़ आदि मौजूद रहे। आज उदयपुर प्रवास के दौरान प्रतापनगर क्षेत्र में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने उदयपुर टीम के साथ एक पेड़ एक जिंदगी अभियान के तहत पौधरोपण किया।

कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा 5 जुलाई को:करौली में 12 सेंटर बनाए, 4 हजार 512 अभ्यर्थी दो पारियों में देंगे परीक्षा

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB), जयपुर द्वारा 5 जुलाई को करौली जिला मुख्यालय पर लिपिक ग्रेड द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 4 हजार 512 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए शहर में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पारियों में संपन्न होगी। पहली पारी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर महावीर सिंह को परीक्षा का समन्वयक नियुक्त किया गया है, जबकि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार गुप्ता अतिरिक्त समन्वयक की भूमिका निभा रहे हैं। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एक ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। इसमें समन्वयक एवं एडीएम महावीर सिंह, अतिरिक्त समन्वयक एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा, निगरानी और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीनियर ड्रग ऑफिसर बलदेव चौधरी बने असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर:अवैध और नशीली दवाओं का नेटवर्क पकड़ा था, स्टेट मेरिट अवॉर्ड से हो चुके सम्मानित

सीकर के सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर बलदेव चौधरी को पदोन्नत कर असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर नियुक्त किया गया है। सरकार ने बलदेव चौधरी की उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें तय समय से पहले प्रमोट किया है। बलदेव चौधरी को प्रमोशन के बाद जयपुर में पोस्टिंग दी गई है। चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान अवैध और नशीली दवाओं के नेटवर्क के खिलाफ कई प्रभावी कार्रवाई कर उन्हें बेनकाब किया था। बलदेव चौधरी को एक्टिव वर्किंग के लिए डिपार्टमेंट में कई बार सम्मानित किया जा चुका है। राजस्थान सरकार ने चौधरी को ‘स्टेट मेरिट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया है। बलदेव चौधरी नेशनल लेवल पर ‘ड्रग कंट्रोल ऑफिसर्स इंडिया एसोसिएशन’ के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। चौधरी ने इंटर स्टेट ड्रग्स कॉर्डिनेशन को मजबूत करने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बलदेव चौधरी देश और राज्य में नकली दवाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने और नार्कोटिक्स (नशीली दवाओं) के अवैध कारोबार के विरुद्ध कई प्रभावी कार्रवाई कर चुके हैं। बलदेव चौधरी ने कहा कि ड्रग्स कंट्रोल और पब्लिक हैल्थ सिक्योरिटी को मजबूत किया जाएगा।