राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:40 साल के डॉक्टर की हार्टअटैक से मौत; बेनीवाल के काफिले में घुसी कार, समर्थकों ने तोड़फोड़ की; प्रदर्शन में महिला बेहोश

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां एक बंद मकान से पिता-बेटी के सड़े-गले शव मिले। दोनों शव करीब 5 दिन पुराने बताए जा रहे हैं। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. ट्रांसफर की छूट 5 दिन और बढ़ाई
राजस्थान सरकार ने तबादलों पर छूट की अवधि को 5 दिन और बढ़ा दिया है। अब 10 जुलाई तक सरकारी विभागों में तबादले करने की छूट बढ़ाई गई है। पहले 19 जून को सरकार ने 5 जुलाई तक तबादलों से बैन हटाया था। बीजेपी नेता तबादलों में छूट को और आगे बढ़ाने की मांग की कर रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 2. चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा में भारी बारिश, गाड़ियां फंसीं
राजस्थान में लेट आए मानसून ने दो दिन में 22 जिलों को कवर कर लिया। चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा और कपासन में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए। बांसवाड़ा में मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। बीसलपुर बांध में 24 घंटे में 2 सेंटीमीटर पानी आया है। पूरी खबर पढ़ें 3. बेनीवाल के काफिले में घुसी कार, समर्थकों ने तोड़फोड़ की
बाड़मेर के दांता गांव में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले में एक कार घुस गई। इसके बाद बेनीवाल के समर्थकों ने सरिए, डंडों और लातों से कार में तोड़फोड़ कर दी। घटना का जिक्र करते हुए बेनीवाल ने कहा- लोगों के पेट में दर्द है कि हनुमान यहां क्यों घूम रहा है। पूरी खबर पढ़ें 4. बंद घर में पिता-बेटी के सड़े-गले शव मिले
जयपुर में शुक्रवार को एक बंद घर में पिता-बेटी के सड़े-गले शव मिले। मकान से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के बेटों की मौजूदगी में दरवाजा खोला। दोनों शव करीब 5 दिन पुराने बताए जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 5. डकैत जगन गुर्जर की हत्या करने वाला विष्णु जाट गिरफ्तार
अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या करने वाले आरोपी विष्णु को पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। शुक्रवार सुबह 10.30 बजे हथियारबंद जवान जेल से कड़ी सुरक्षा में उसे लेकर सिविल लाइन थाना पहुंचे। विष्ण ने बताया- झगड़े के कारण जगन को मार डाला। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. तेज रफ्तार कार ने मां-बेटे को कुचला, महिला की मौत
डीग जिले के सीकरी कस्बे में घर के बाहर चारपाई पर बैठी मां और सो रहे बेटे को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार में सवार 2 लोगों को पकड़कर पिटाई कर दी। पुलिस ने कार जब्त कर ली। पूरी खबर पढ़ें 7. 40 साल के डॉक्टर की हार्टअटैक से मौत
दौसा जिला अस्पताल में पोस्टेड 40 साल के डॉक्टर की हार्टअटैक से मौत हो गई। डॉ. हिमांशु शर्मा शुक्रवार को जयपुर स्थित अपने घर पर थे। इस दौरान उनको सीने में दर्द हुआ। परिजन उनको प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 8. प्रदर्शन में चक्कर खाकर गिरी आशा सहयोगिनी
अलवर में आशा सहयोगिनियों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान एक आशा सहयोगिनी चक्कर खाकर गिर गई। साथियों ने उसे पानी पिलाकर संभाला। आशा सहयोगिनियों ने कहा- हम हड़ताल करते हैं तो अधिकारी हटाने की धमकी देते हैं। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. गुलाब का फूल देकर ट्रैफिक नियम समझाए
भीलवाड़ा में यातायात पुलिस ने अनोख अंदाज से लोगों को जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को हाथ में गुलाब देकर हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने के लिए कहा। भीलवाड़ा में ट्रैफिक नियमों की पालना के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. पीएम मोदी पचपदरा में रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह जोधपुर में एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचेंगे और HPCL रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे।

रानीखेत एक्सप्रेस के इंजन में खराबी, 3 घंटे खड़ी रही:बोमादड़ा रेलवे स्टेशन के पास अचानक रुकी, यात्री परेशान हुए

पाली से जोधपुर की ओर से जाने वाली रानीखेत एक्सप्रेस (15014) के इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण करीब तीन घंटे देरी से शुक्रवार को पाली रेलवे स्टेशन पहुंची। जानकारी के अनुसार ट्रेन बोमादड़ा रेलवे स्टेशन के पास अचानक रुक गई। जहां इंजन का पावर फेल होने से ट्रेन को करीब तीन घंटे तक खड़ा रखना पड़ा। इस दौरान गर्मी में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंजन में तकनीकी खराबी आने से संचालन प्रभावित जोधपुर रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया- इंजन में तकनीकी खराबी आने से ट्रेन का संचालन प्रभावित हुआ। जिसे तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर खराबी को दूर किया। जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। रानीखेत एक्सप्रेस का पाली रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 3:30 बजे था, लेकिन देरी के कारण यह शाम 6:25 बजे पहुंची। ट्रेन लेट होने से आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों का कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ।

जोधपुर के इन्फ्लूएंसर ने भास्कर समाधान पर बनाया VIDEO:लिखा- हर मोहल्ले के ग्रुप में इसे शेयर करें; प्रतीक बोले- अब समाधान भी होगा

“जोधपुर शहर में सड़क से लेकर बिजली और पानी की समस्याओं का समाधान अब एक क्लिक पर हो रहा है। ऐसे में जोधपुर के इन्फ्लुएंसर प्रतीक मुथा ने ‘दैनिक भास्कर समाधान’ पर एक वीडियो बनाकर इसे शेयर किया है। इस वीडियो में दादा की एक्टिंग करने वाले प्रतीक की गाड़ी जब एक गड्ढे की वजह से स्लिप (फिसल) हो जाती है, तो पूरा परिवार चिंता में आ जाता है और पूछता है कि इसका समाधान कैसे होगा? तब प्रतीक बताते हैं कि इसका समाधान ‘दैनिक भास्कर एप’ के जरिए होगा।”
वीडियो में देखें: ‘दैनिक भास्कर समाधान’ पर प्रतीक की शहरवासियों से अपील प्रतीक ने मां और पत्नी के साथ वीडियो बनाया प्रतीक ने दैनिक भास्कर एप के ‘समाधान’ सेगमेंट की तारीफ करते हुए कहा- यह शहरवासियों के लिए सबसे बेहतरीन प्लेटफॉर्म है, जहां पर सभी समस्याओं का समाधान होगा। क्योंकि जिनकी जवाबदेही है, वे अब शहरवासियों की समस्याओं को सुनेंगे भी और उनका समाधान भी करेंगे। प्रतीक ने अपनी मां और पत्नी के साथ यह वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया है और लिखा है- जोधपुर के हर मोहल्ले के ग्रुप में इसे शेयर करें।
कहा- लाइट से लेकर पानी तक, सभी समस्याएं सुनी जाएंगी प्रतीक ने इस वीडियो में दादा का रोल निभाया है। वे लाठी लेकर अपनी बहू के साथ घर में एंट्री करते हैं और बताते हैं कि मोहल्ले के मोड़ पर एक गड्ढा है, जहां उनकी गाड़ी स्लिप हो गई। तब परिवार कहता है, वहां तो हम भी गिर चुके हैं। इस पर प्रतीक कहते हैं- इसमें दादा की गलती नहीं है, गलती तो घटिया रोड बनाने वाले की है। इस पर परिवार पूछता है कि उसे कैसे पकड़ेंगे? तब प्रतीक बताते हैं- उसे भी पकड़ेंगे, दैनिक भास्कर एप से उसे पकड़ेंगे। आपके एरिया की टूटी सड़क हो या बंद स्ट्रीट लाइट, हर वो समस्या जिसके लिए प्रशासन की जवाबदेही होनी चाहिए, उसकी फोटो एप पर अपलोड करो और यह शिकायत सीधे जिम्मेदार अधिकारी तक पहुंचेगी। इस पर प्रतीक का परिवार पूछता है- पानी नहीं आता, लाइट भी चली जाती है, तो क्या ये समस्याएं भी सुनी जाएंगी? तब वे बताते हैं कि ‘दैनिक भास्कर समाधान’ के जरिए सारी समस्याएं सुनी भी जाएंगी और उनका त्वरित समाधान भी होगा।

आपराधिक मामले में 2 दोषियों को 7-7 साल की जेल:20-20 हजार जुर्माना लगाया, जमा नहीं कराने पर भुगतना होगा अतिरिक्त कारावास

जिले के तारानगर स्थित अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने आठ साल पुराने एक आपराधिक मामले में फैसला सुनाया है। कोर्ट ने दो आरोपियों को सात-सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई और उन पर 20-20 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया। कोर्ट ने तारानगर निवासी जगदीश उर्फ पप्पू और अजय कुमार को भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दोषी ठहराया। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि यदि आरोपी अर्थदंड जमा नहीं कराते हैं, तो उन्हें एक-एक वर्ष का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। इस मामले में राज्य सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज कुमार स्वामी ने पैरवी की। न्यायालय के इस फैसले के साथ ही आठ साल पुराने इस प्रकरण का न्यायिक पटाक्षेप हो गया है।

करौली में रोजगार उत्सव की तैयारियां पूरी:मुंशी स्टेडियम में 1,555 नवनियुक्त कार्मिकों का होगा सम्मान

करौली में शनिवार को जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 1,555 नवनियुक्त कार्मिकों का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। सुबह 10 बजे मुंशी त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम में आयोजित समारोह में उन्हें वेलकम किट, राजकीय दायित्वों से संबंधित पुस्तिका और मुख्यमंत्री का बधाई संदेश दिया जाएगा। वहीं, राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा, ताकि सभी नवचयनित कार्मिक मुख्यमंत्री के संबोधन से जुड़ सकें। तैयारियां पूरी, व्यापक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन ने रोजगार उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंजीकरण, स्वागत, बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, सुरक्षा और पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। जनसेवा के प्रति करेंगे प्रेरित रोजगार उत्सव का उद्देश्य केवल नवनियुक्त कार्मिकों का स्वागत करना नहीं, बल्कि उन्हें जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करना भी है। समारोह के दौरान उन्हें उनकी भूमिका और कर्तव्यों से संबंधित उपयोगी जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे अपनी सेवाओं का बेहतर निर्वहन कर सकें। नोडल अधिकारी और प्रशासन की अपील यह आयोजन जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा के निर्देशन में होगा। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सर्वेश गुप्ता को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी इन्द्रेश तिवारी को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन ने सभी चयनित कार्मिकों से निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण कराने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

नवनेरा परियोजना में अधिग्रहित भूमि पर खेती प्रतिबंधित:किसानों को चेतावनी, बुवाई की तो होगी कार्रवाई; 7 गांवों में काम शुरू

बूंदी जिले में नवनेरा-गलवा-बीसलपुर-ईसरदा लिंक परियोजना के तहत अधिग्रहित सात गांवों की जमीन पर अब किसान खेती नहीं कर सकेंगे। प्रशासन ने सार्वजनिक सूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि अधिग्रहित भूमि पर जुताई, बुवाई या फसल बोने पर फसल को होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित किसान की होगी। प्रशासन ने हिदायत दी है कि सरकारी आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ राजकीय कार्रवाई भी की जाएगी। सात गांवों की भूमि परियोजना के लिए अधिग्रहित राजस्थान वाटर ग्रिड कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीआईयू) कोटा के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि नवनेरा बैराज के डिलीवरी सिस्टर्न से मेज एनीकट तक फीडर निर्माण के लिए गुहाटा, कोटाखुर्द, लबान, दहीखेड़ा, डपटा, रामगंज और खरायता गांवों की भूमि अधिग्रहित की गई है। भूमि अर्जन अधिनियम-2013 के तहत 28 मई 2025 को अवार्ड जारी किया जा चुका है। अधिकांश किसानों को मिल चुका मुआवजा परियोजना से प्रभावित अधिकांश किसानों को मुआवजा वितरित किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुआवजा प्राप्त कर चुके या मुआवजे की प्रक्रिया में शामिल सभी किसान अधिग्रहित भूमि पर किसी भी प्रकार की कृषि गतिविधि नहीं कर सकेंगे। जुताई-बुवाई करने पर किसान खुद होंगे जिम्मेदार प्रशासन के अनुसार अधिग्रहित भूमि पर जुताई, बुवाई, खाद-बीज डालना या फसल उगाने जैसे कार्य प्रतिबंधित हैं। यदि इसके बावजूद कोई किसान खेती करता है और निर्माण कार्य के दौरान उसकी फसल को नुकसान होता है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित हितधारी की होगी। ऐसे मामलों में किसी प्रकार का नुकसान दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्देशों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई विभाग ने बताया कि किसानों को पहले भी इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है। अब सार्वजनिक सूचना जारी कर दोबारा चेतावनी दी गई है कि सरकारी निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी राजकीय कार्रवाई की जाएगी

एसएमबी कॉलेज के विज्ञान ब्लॉक में दरारें:6.72 करोड़ का घटिया सामान लगाने का आरोप, स्टूडेंट्स ने जांच की मांग उठाई

सेठ मथुरादास बिनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नाथद्वारा में बने नए विज्ञान ब्लॉक की हालत को लेकर स्टूडेंट्स ने विरोध किया। स्टूडेंट्स ने कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। स्टूडेंट्स का कहना है कि डीएमएफटी फंड से 6.72 करोड़ रुपए की लागत से बना भवन अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही उसमें कई जगह दरारें आ गई हैं। शुरू होने से पहले ही भवन में दिखीं दरारें स्टूडेंट्स ने शिकायत में बताया कि डीएमएफटी फंड से करीब 6.72 करोड़ रुपए खर्च कर विज्ञान ब्लॉक बनाया गया है। भवन का अभी तक उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही कई जगह दरारें आ गई हैं। छत का प्लास्टर उखड़ गया है और पिलरों के जोड़ पर भी दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। घटिया सामान लगाने का आरोप स्टूडेंट्स का आरोप है कि भवन बनाने में गंभीर लापरवाही की गई और घटिया सामान लगाया गया। उनका कहना है कि इसी वजह से नया भवन शुरू होने से पहले ही खराब होने लगा। कॉलेज प्रशासन पर भी लगाए आरोप स्टूडेंट्स का कहना है कि करीब दो महीने पहले कॉलेज प्रशासन ने बिना सही जांच किए भवन अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने ठेकेदार और कॉलेज प्रशासन की मिलीभगत और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। साथ ही भवन की तकनीकी जांच, भवन बनाने में इस्तेमाल सामान की जांच और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। स्टूडेंट्स ने चेतावनी दी है कि अगर सात दिन के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

भारत के प्रधानमंत्री का बनाया फेक वीडियो:छवि बिगाड़ने के लिए AI का किया यूज, फेसबुक पोस्ट डालकर किया वायरल

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। संवैधानिक पद पर बैठे देश के नेता की छवि बिगाड़ने के लिए यह AI जनरेटेड (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) वीडियो बनाया गया है। इस मामले में मुहाना थाने में बीजेपी के जयपुर शहर प्रवक्ता की ओर से शुक्रवार को FIR दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने बताया कि मुहाना के रामपुरा रोड निवासी खेमचंद शर्मा (39) ने यह रिपोर्ट दर्ज करवाई है। हाईकोर्ट के एडवोकेट खेमचंद शर्मा बीजेपी के जयपुर शहर प्रवक्ता हैं। उनका आरोप है कि फेसबुक पर कार्तिकेय भारद्वाज नाम के व्यक्ति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का AI जनरेटेड वीडियो अपने अकाउंट पर पोस्ट किया है। शिकायत में कहा गया है कि यह वीडियो प्रधानमंत्री पद की गरिमा के विपरीत है और लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है। यह संवैधानिक पद पर बैठे प्रधानमंत्री के विरुद्ध अविश्वास की भावना पैदा करता है। इसके जरिए लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित देश के नेता की छवि धूमिल की जा रही है। मुहाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोर्ट रीडर की पत्नी का मंगलसूत्र छीन भागे बाइकसवार:टहलते हुए घर लौट रहे थे दंपती; दो दिन बाद भी सुराग नहीं

श्रीगंगानगर कोर्ट में सीनियर रीडर की पत्नी का मंगलसूत्र तोड़ने वालों का सुराग 2 दिन बाद भी पुलिस को नहीं लगा है। सीनियर पेशकार नरेंद्र सिंह बताया कि पति-पत्नी 1 जुलाई की रात 8.55 बजे टहलने निकले थे। घर लौटते वक्त जवाहरनगर थाना इलाके में 100 फीट रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया जिसमें बाइक सवार दोनों आरोपी CCTV में नजर आए। सफेद शर्ट पहने युवक बाइक चला रहा था। जबकि पीछे लाल टीशर्ट में बैठे उसके साथी ने गले से मंगलसूत्र तोड़ा। जवाहरनगर थाना पुलिस कर रही सर्च डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सीनियर पेशकार नरेन्द्र सिंह की पत्नी अंजूबाला ने बताया- हम फ्रेंड्स विहार गली नंबर-1 में रहते हैं। बुधवार रात 8.55 बजे मैं पति के साथ घर से टहलने निकली थी। हम दोनों अग्रसेन चौक से एसएसबी रोड की ओर पैदल जा रहे थे। 100 फीट रोड के पास पीछे से तेज स्पीड से आए बाइक सवार दो युवकों में से एक ने झपट्टा मारकर मेरे गले से मंगलसूत्र छीन लिया। घटना इतनी जल्दी हुई कि हम कुछ समझ ही नहीं पाए। वारदात का एहसास हुआ तो हमने शोर मचाया। आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। अंजूबाला ने रिपोर्ट में बताया- दोनों युवकों ने अपने चेहरा सफेद रंग के साफे से ढक रखा था जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। बाइक चला रहे युवक ने सफेद रंग की शर्ट पहनी हुई थी जबकि पीछे बैठे युवक ने लाल रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी। एएसआई जसवीर सिंह ने कहा- महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। अभी मामले की जांच जारी है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की है। आरोपी युवकों की पहचान होते ही जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

आगरा में पति की हत्याकर बाथरूम में दफनाया:मिस्त्री बुलाकर टाइल्स लगवाईं, 45 दिन तक लोगों से कहती रही पति लापता

आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर लाश घर के बाथरूम में ही दफना दी। किसी को इस बात का पता न चले, इसके लिए बाथरूम में टाइल्स लगवा दीं। 45 दिन तक लोगों से कहा कि पति लापता है। पुलिस जब शुक्रवार दोपहर 12 बजे वेरिफिकेशन करने पहुंची, तो पत्नी घबरा गई। पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया। पत्नी ने बताया कि हत्या के बाद मैंने लाश पर मिट्टी डालकर प्लास्टर करा दिया था। डेढ़ महीने पहले ही मिस्त्री और लेबर बुलाया था फिर टाइल्स भी लगवा दी थी। पुलिस ने बाथरूम की फर्श तोड़कर कंकाल बरामद किया। घटना का खुलासा होने के बाद बड़ी संख्या में इलाके के लोग मौके पर पहुंच गए। 2 तस्वीरें देखिए… मृतक के भाई की शिकायत पर पहुंची पुलिस राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) सिकंदरा में दहतोरा के रेणुका धाम कॉलोनी में रहते थे। उनकी शादी साल-2010 में रूबी से हुई थी। रूबी इटावा की रहने वाली है। दोनों के दो बेटियां रिद्धी (13) और सिद्धी (9) हैं। घर में सुरेंद्र के अलावा पत्नी रूबी, मां कमला और दोनों बेटियां रहती थीं। सुरेंद्र के पिता राधेश्याम शर्मा टीचर थे, जिनकी मौत हो चुकी है। सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। 26 मई को पत्नी रूबी ने थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। घरवालों और पड़ोसियों से पति के लापता होने की बात कहती रही। पुलिस शुक्रवार को एक पुराने मामले में पूछताछ के लिए रूबी के घर पहुंची, तो व्यवहार संदिग्ध लगा। सुरेंद्र के भाई ने भी पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने घर की गहन जांच कराई। पुलिस को बाथरूम की फर्श पर संदेह हुआ। इसके बाद बाथरूम की खुदाई कराई गई, जहां से सुरेंद्र का कंकाल मिला। पुलिस का मानना है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक के भाई से कहा- मारकर दफना दिया सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा ने बताया- सुरेंद्र कुछ करता नहीं था। वह शराब पीता था। इसको लेकर उसका रूबी से झगड़ा होता रहता था। 18 मई को रूबी ने मुझे कॉल करके कहा कि मेरे घर पुलिस दबिश दे रही है इसलिए मां और बच्चियों को अपने घर से ले जाओ। दूसरे दिन रूबी भी मेरे घर आ गई। उसने बताया कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं। 4-5 दिन में लौटने की बात कहकर गए हैं। जब सुरेंद्र नहीं आए, तब 26 मई को अनिल ने रूबी के साथ चौकी पर गुमशुदगी की शिकायत दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक कराए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मैंने कई बार पूछा, लेकिन रूबी ने कुछ नहीं बताया। 7 दिन पहले मैंने सुरेंद्र के परिवार और मां को उसके घर भेज दिया था। अनिल शर्मा ने बताया- 27 जून को मां को फिर सुरेंद्र के घर से ले आया। मां को भरतपुर ले जाकर बैंक का स्टेटमेंट चेक किया। क्योंकि, मां के खाते में पेंशन आती थी। वह रूबी ही खर्च करती थी। शुक्रवार को रूबी ने कॉल करके मुझे घर बुलाया। मैं सुबह 6 बजे ही घर पहुंच गया। उससे पूछा कि सुरेंद्र कहां है? उसने बताया कि बाथरूम में दफना दिया है। ——————— ये खबर भी पढ़ें… कौशांबी में LPG टैंकर का टोल से टकराने का VIDEO:टैंकर फटते ही गैस फैली, जेनरेटर की चिंगारी से भड़की आग, अब तक 5 की मौत कौशांबी में एलपीजी टैंकर के टोल प्लाजा से टकराने का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि टोल प्लाजा से टकराने के बाद टैंकर फट गया। गैस लीक होने लगी। चंद सेकंड में 30-40 फीट तक गैस फैल गई। पढ़िए पूरी खबर