आमेर महल के होमगार्ड ने पेश की ईमानदारी की मिसाल:1.06 लाख नकद, कीमती सामान और दस्तावेजों से भरा बैग ओडिशा के पर्यटक को लौटाया

आमेर महल में तैनात होमगार्ड जवान ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। आमेर महल घूमने आए ओडिशा निवासी पर्यटक नित्यानंद साहू का बैग कहीं छूट गया था। बैग में ₹1.06 लाख नकद, अन्य कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। आमेर महल में ड्यूटी पॉइंट पर तैनात होमगार्ड जवान फैज़ल खान (बेल्ट नंबर 1041) को शीश महल के पास यह लावारिस बैग दिखाई दिया। बैग की जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती सामान मिला। फैज़ल खान ने बिना देर किए इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी और पर्यटक की तलाश शुरू कराई। इस बीच पर्यटक नित्यानंद साहू बैग मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे। जब उन्हें सूचना दी गई कि उनका बैग और उसमें रखा पूरा कैश व सामान सुरक्षित है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आमेर महल प्रशासन की मौजूदगी में फैज़ल खान ने बैग में रखे ₹1.06 लाख नकद, कीमती सामान और सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रूप से पर्यटक को सौंप दिए। अपना खोया हुआ बैग वापस मिलने पर पर्यटक ने भावुक होकर होमगार्ड जवान फैज़ल खान का धन्यवाद किया और उनकी ईमानदारी की सराहना करते हुए एक वीडियो भी बनाया। फैज़ल खान की इस सराहनीय पहल ने एक बार फिर “अतिथि देवो भवः” की भावना को साकार करते हुए पर्यटकों के बीच राजस्थान की सकारात्मक छवि को मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *