दौसा सांसद मीणा ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को लिखा पत्र:दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे हादसों की जांच के लिए हाईलेवल कमेटी गठित की मांग
दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हाे रहे लगातार भीषण सड़क हादसों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की है। सांसद ने कहा- एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों में हर माह कई लोगों की जान जा रही है। जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नितिन गडकरी को पत्र लिखा सांसद ने अपने पत्र में 1 जुलाई को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के NE-4 एवं NE-4C जंक्शन पर हुई भीषण बस-ट्रक दुर्घटना का जिक्र करते हुए बताया- हादसे में 8 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात करने और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण करने का भी उल्लेख किया। एक्सप्रेस-वे पर कमियों में सुधार की मांग पत्र में सांसद ने एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था में कई कमियां गिनाते हुए कहा- इंटरचेंज और एग्जिट पर पर्याप्त एवं स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड नहीं हैं, कई पुलों और फ्लाईओवरों पर सड़क की सतह असमान है, जगह-जगह गड्ढे एवं लहरदार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। सांसद ने बताया- इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 की रात्रिकालीन प्रतिक्रिया, क्षतिग्रस्त किलोमीटर संकेतक, अग्निशमन सुविधाओं की कमी तथा स्पीड मैनेजमेंट सिस्टम की आवश्यकता पर भी ध्यान आकर्षित किया है। उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग सांसद ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों का तकनीकी अध्ययन कर स्थायी समाधान लागू किए जा सकें। साथ ही एक्सप्रेसवे पर एसी स्लीपर बसों के सुरक्षा मानकों की विशेष जांच कर उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराई जाए।

