पाली में प्रतिभावान स्टूडेंट्स को मिले पुरस्कार:शहीद बीरबल सिंह जीनगर के 80वें शहादत दिवस पर हुआ कार्यक्रम

अमर शहीद बीरबल सिंह जीनगर के 80वें शहादत दिवस पर मंगलवार को जीनगर समाज एवं प्रगतिशील युवा संस्था की ओर से पाली के न्यू मोची कॉलोनी स्थित शहीद बीरबल सिंह बगेची में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में अखिल भारतीय एकीकरण जीनगर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश परमार ने शहीद बीरबल सिंह जीनगर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर साफा पहनाया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर महासचिव ओमप्रकाश बागड़ी, उपाध्यक्ष टीकमचंद चौहान, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सिसोदिया, राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष गोविंद गोयल एवं प्रदेश महासचिव गोविंद राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अव्वल आए प्रतिभागियों को मिले पुरस्कार
प्रगतिशील युवा संस्था की ओर से दयानंद बगेची में आयोजित पांच दिवसीय खेलकूद सप्ताह एवं प्रतिभावान सम्मान समारोह के तहत छात्रों को साफा, दुपट्टा, प्रशस्ति पत्र, नकद पुरस्कार एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। 2 से 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस एवं डांस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश परमार की ओर से 2 हजार रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1500 रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को 500-500 रुपए देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। खेल सप्ताह के दौरान आयोजित क्रिकेट, मेहंदी एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रधानाचार्य तुलसीराम चौहान (राजकीय विद्यालय, राणा) ने साफा, दुपट्टा, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश परमार ने कहा कि शहीद बीरबल सिंह जीनगर ने तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रगतिशील युवा संस्था के अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान, उपाध्यक्ष कमलेश सांखला, भरत सांखला, सचिव कांतिलाल सांखला, कोषाध्यक्ष कुलदीप बोराणा, कल्याण गहलोत, पन्नालाल चौहान, कमल चौहान, टीकम चौहान, अमृत सांखला, श्रवण चितारा, मनोज गोयल, प्रेम पंवार सहित समाज के युवाओं का विशेष सहयोग रहा।

मारवाड़ मेडिकल यू​निवर्सिटी से जुड़े कॉलेज के एग्जाम 3 से:डॉक्टर्स डे पर किया पौधरोपण; आईएमए पदाधिकारियों ने किया ब्लड डोनेशन

मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेज के अलग-अलग डिपार्टमेंट की परीक्षा 3 जुलाई को दो पारियों में होगी। ये परीक्षा जोधपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर व उदयपुर शहरों में होगी। वहीं डॉक्टर्स डे पर एमडीएम हॉस्पिटल में पौधरोपण हुआ। साथ ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से भी डॉक्टर्स डे पर पौधरोपण और ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। पढ़ें शहर की प्रमुख खबरें… 1. ग्रेजुएशन और ​डिप्लोमा कोर्स के एग्जाम 3 जुलाई को मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी जोधपुर से जुड़े कॉलेज के विभिन्न डिपार्टमेंट और डिप्लोमा कोर्स के लिए एंट्रेस एग्जाम 3 जुलाई को दो पारियों में होगी। ये परीक्षा जोधपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर व उदयपुर शहरों में होगी। जानकारी के अनुसार नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और डिप्लोमा कोर्स के लिए 21 मई को ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। ये एग्जाम ‘कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT)’ के माध्यम से दो पारियों में आयोजित की जाएगी। पहली पारी सुबह 9 से 11 और दूसरी पारी का एग्जाम 1:30 से 3:30 होगा। एग्जाम से आधे घंटे पहले कैंडिडेट्स को पहुंचना हाेगा। इस एग्जाम के माध्यम से बीएससी नर्सिंग, बी-फॉर्मेसी, डी. फार्मेसी एवं एलाइड हेल्थ साइंसेज के विभिन्न पाठ्यक्रमों- बीपीटी, बीएमआरआईटी, बीएमएलएस एव ‘बी. ऑप्टोमेट्री में प्रवेश दिया जाएगा। मारवाड़ चिकित्सा विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलगुरु डॉ. एम.के. आसेरी की ओर से एग्जाम में शामिल होने वाले सभी कैंडिडेट्स को समय से पहले पहुंचने की अपील की है। 2. डॉक्टर्स डे पर किया पौधरोपण डॉक्टर्स डे के अवसर पर बुधवार को एमडीएम अस्पताल के गैस्ट्रो बिल्डिंग के सामने और पीजी हॉस्टल के बाहर पौधरोपण किया गया। इस दौरान 15 फीट ऊंचाई के 11 पौधे लगाए गए। ये सभी पौधे पर्यावरण प्रेमी और भामाशाह प्रमोद धानदिया द्वारा डॉक्टर्स डे के अवसर पर गिफ्ट किए गए। समाजसेवी भवानी शंकर नायक और देवराज चौहान ने बताया- मुख्य अतिथि अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित के नेतृत्व में समारोह आयोजित हुआ। इसमें डॉक्टर्स ने इनके संरक्षण का भी संदेश दिया। एमडीएम हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट विकास राजपुरोहित ने सभी से ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की अपील की। डॉ. हरीश अग्रवाल, न्यूरो फिजिशियन डॉ. नवीन सिरवी ने भी सभी को इन पौधों के संरक्षण की अपील की। वहीं नर्सेज एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश जाट ने भी बारिश के समय ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने को कहा। कार्यक्रम में डॉ. विकास राजपुरोहित, डॉ. हरीश अग्रवाल, भामाशाह प्रमोद धानदिया, डॉ. करणी प्रताप सिंह, डॉ. नवीन सीरवी, डॉ. निशा, अरशद कुरैशी (का.नर्सिंग अधीक्षक), जगदीश जाट (अध्यक्ष RNA), भवानी शंकर नायक, देवराज चौहान, दीपक सोनी, करणसिंह राठौड़, मुकुल परिहार, घमंडाराम चौधरी, ओम सारण, चूनाराम चौधरी, अजीत चौधरी, सुनील तालणिया, सुमेरसिंह, वसीम आदि मौजूद थे। 3. एक पेड़ कॉलेज के नाम, ब्लड डोनेशन भी किया इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जोधपुर ब्रांच की ओर से बुधवार को डॉक्टर्स डे पर ‘एक पेड़ कॉलेज के नाम’ अभियान के तहत 100 पौधे लगाए। आईएमए जोधपुर के अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ राज लोढ़ा, सचिव डॉ. प्रदीप जैन और कोषाध्यक्ष डॉ. अमित सिंघवी के नेतृत्व में डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज, जोधपुर परिसर में 100 पौधे लगाए। इस पौधरोपण अभियान का शुभारंभ डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी.एस. जोधा ने किया। डॉक्टर्स डे के अवसर पर ब्लड डोनेशन कैंप का भी आयोजन किया गया। आईएमए जोधपुर के अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ राज लोढ़ा ने कहा- डॉक्टर्स डे चिकित्सकों के सम्मान के साथ-साथ समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए सकारात्मक योगदान देने का भी अवसर है। सचिव डॉ. प्रदीप जैन ने कहा कि पौधरोपण और रक्तदान जैसे कार्यक्रम चिकित्सकों की समाज, पर्यावरण एवं मानवता के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाते हैं। कोषाध्यक्ष डॉ. अमित सिंघवी ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी डॉक्टर्स, मेडिकल स्टूडेंट, रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों का आभार जताया। इस अवसर पर डॉ. सिद्धार्थ राज लोढ़ा, डॉ. प्रदीप कुमार जैन, डॉ. अमित सिंहवी, डॉ. रईस, डॉ. अनिल कुमार अरोड़ा, डॉ. आर्य त्रिलोक सांखला, डॉ. पुरुषोत्तम दान, डॉ. कुशल कटारिया, डॉ. रामेश्वर लाल, डॉ. दीपक भंडारी, डॉ. आशीष व्यास, डॉ. तेजपाल फरोड़ा, डॉ. अजय हरित, डॉ. के. सी. अग्रवाल, डॉ. संगीता लोढ़ा, डॉ. संजीव बत्रा, डॉ. रंजना माथुर निगम, डॉ. नागाराम धांधे, डॉ. प्रियंका माथुर सिंह, डॉ. सुमिता अग्रवाल, डॉ. रुनू भाटिया, डॉ. सरिता चरण, डॉ. गोपेश, डॉ. कीर्ति सचदेव, डॉ. महेश पंवार, डॉ. एस. एन. चावला, डॉ. पी. सी. गुप्ता, डॉ. अजय मालवीय, डॉ. सुनीता मालवीय, डॉ. श्याम माथुर, डॉ. मनीष के. जैन, डॉ. मनीष परिहार, डॉ. श्याम सुंदर वैष्णव, डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. स्नेहलता शर्मा, डॉ. आशीष बत्रा, डॉ. के. के. असेरी, डॉ. पी. के. गुप्ता, डॉ. पुष्पा जैन, डॉ. महेंद्र सांखला, डॉ. किशन राठी, डॉ. कांतेश खेतानी, डॉ. मीनल जैन, डॉ. खुशाली जैन, डॉ. आलोक गुप्ता, डॉ. गुलाब सिंह सारण, डॉ. शिव रतन जोशी, डॉ. सिद्धेश कुमार गौर, डॉ. सी. के. लोहरा, डॉ. सुरेश सांचेती, डॉ. बाबूलाल जैन, डॉ. कमलकांत, डॉ. जयश्री शर्मा, डॉ. महेंद्र प्रकाश सोनी (बाड़मेर), डॉ. मधुशेखर बिस्सा, डॉ. सी. एस. भार्गव, डॉ. सूची भार्गव, डॉ. नीलम सांवल, डॉ. मंजुला व्यास, डॉ. भूषण हाथी, डॉ. प्रमोद शर्मा, डॉ. प्रतिभा पाटनी, डॉ. हंसा सोनी, डॉ. मनीष पारख, डॉ. राजेश जैन, डॉ. डी. एस. चौधरी (एनेस्थीसिया), डॉ. संजय मकवाना, डॉ. रेनू मकवाना, डॉ. प्रतीक मकवाना, डॉ. विनीत कुमार जैन, डॉ. बीना गोयल, डॉ. संदीप टाक, डॉ. मालती माथुर, डॉ. कुशल बन गोस्वामी, डॉ. नरेंद्र सिंह राजपुरोहित, डॉ. बी. पी. शर्मा, डॉ. प्रनेह शर्मा, प्रनेट शर्मा (मेडिको), संतोष शर्मा, डॉ. जयदेव जेठानी, डॉ. सीमा सुराना, डॉ. अशोक जैन, डॉ. कल्पित मेहता, डॉ. रामनिवास सेवार, डॉ. हनुमान तोषणीवाल, डॉ. गीता सिंगारिया, जितेंद्र खेतावत, डॉ. दौलाल रंगा, डॉ. लवलीन जनवेजा, डॉ. जगदीश सिंह शेखावत, डॉ. ओम शाह, डॉ. मूल सिंह राठौड़, डॉ. ऋषभ मालू, डॉ. पुष्पा माथुरिया एवं डॉ. कपिल रहेजा मौजूद रहे।

फलोदी में 8 जुलाई को कांग्रेस का सर्व धर्म सम्मेलन:सीमावर्ती क्षेत्र में ऑपरेशन क्लीन का विरोध, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

कांग्रेस ने 8 जुलाई को जिला मुख्यालय पर सर्व धर्म सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है। यह सम्मेलन सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने के विरोध में किया जा रहा है। सम्मेलन के बाद कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। वरिष्ठ नागरिक और जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा इस सर्व धर्म सम्मेलन की तैयारियों के लिए बुधवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में एक बैठक हुई। पूर्व विधायक किसनाराम बिश्नोई की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सर्व धर्म समाज के वरिष्ठ नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। ऑपरेशन क्लीन का किया विरोध बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक किसनाराम बिश्नोई ने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार में जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थिति विकट हो गई है। बिश्नोई ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ के नाम पर मस्जिदों और मंदिरों को तोड़े जाने का भी जिक्र किया। ये रहे मौजूद इस बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सलीम नागौरी, वरिष्ठ नेता प्रकाश छंगाणी, कुंभ सिंह पातावत, पीसीसी सदस्य महेश व्यास, पंचायत समिति प्रधान हाजी उमरदीन, ताज मोहम्मद, गोपाल शर्मा, शीशपाल बिश्नोई, कीर्ति सिंह भील, प्रेम सिंह राजपुरोहित, श्रीगोपाल व्यास, हरभज नोखडा, सतीश पुरोहित एडवोकेट, नटवर मेघवाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

42 लाख रुपए की लागत से बनेंगी सड़कें:शहर की तीन मुख्य सड़कों को सुधारने का काम शुरू; लोगों को मिलेगी गड्ढों से राहत

उदयपुर शहर के लोगों को जल्द ही खराब और गड्ढों वाली सड़कों से राहत मिलेगी। शहर विधायक ताराचंद जैन ने अलग-अलग वार्डों के लिए मंजूर हुए 42 लाख रुपए के सड़क निर्माण कामों का बुधवार को शिलान्यास किया। इस बजट से शहर की तीन मुख्य सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इसमें महाराष्ट्र भवन रोड, सत्यनारायण मंदिर के पीछे वाली रोड और राज रानी रोड नंबर 2 शामिल हैं। इन सड़कों के नए सिरे से बनने और मजबूत होने से स्थानीय निवासियों को आने-जाने में आ रही बड़ी परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा। कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ताराचंद जैन ने कहा- उदयपुर शहर का चारों तरफ से विकास करना और आम जनता को पानी, बिजली, सड़क जैसी बेहतर बुनियादी सुविधाएं देना ही उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यक्रम में आए लोगों को भरोसा दिलाया कि शहर के हर वार्ड और गली-मोहल्ले तक विकास के कामों को पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा- जनता की भलाई और विकास से जुड़े कामों में बजट की कोई कमी कभी आड़े नहीं आने दी जाएगी। हर इलाके की समस्या को दूर किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान विधायक के साथ बीजेपी नेता विजय गोधा, राकेश जैन, गिर्राज सालवी, कुसुम पंवार, शोभा मेहता, अनिल कटारिया, नीलम रमेजा, चौसर माली, भावना और विशाल साहू आदि लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल का देवमाली दौरा कल, तैयारियां तेज:विधायक कानावत व अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 2 जुलाई को देवमाली दौरा प्रस्तावित है। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर कमल राम मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक, जिला परिषद अजमेर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, मंच निर्माण और बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का लक्ष्य मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सीकर में देशभर की 11 यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर-स्पीकर जुटेंगे:शेखावाटी के इतिहास, कला-संस्कृति पर करेंगे चर्चा; अगस्त में होगी नेशनल कॉन्फ्रेंस

सीकर में देश की 11 यूनिवर्सिटी के टॉप प्रोफेसर, स्पीकर और शोधकर्ता जुटेंगे। अगस्त महीने में 3 दिन की नेशनल कॉन्फ्रेंस में शेखावाटी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राचीन भित्ति चित्रों और मूर्तिकला पर शोध और चर्चा की जाएगी। सीकर स्थित त्रिलोक सिंह रीसर्च और डवलपमेंट संस्थान के तत्वावधान में यह कॉन्फ्रेंस होगी। इस एकेडमिक आयोजन में देश के विभिन्‍न इतिहासकार शेखावाटी के छिपे हुए ऐतिहासिक पहलुओं और नई खोज की संभावनाओं पर मंथन करेंगे। संस्थान के सचिव केडी नेहरा ने बताया- 3 दिन के आयोजन में विभिन्न सत्र होंगे, जिन्हें स्पीकर्स व प्रोफेसर संबोधित करेंगे। पहले दिन पूरा सत्र समग्र भारतीय इतिहास के विभिन्न पहलुओं, राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य और शोध प्रवृत्तियों पर फोकस रहेगा। दूसरे दिन सभी प्रतिभागी इतिहासकार और शोधार्थी शेखावाटी अंचल के ऐतिहासिक स्थलों का ऑन-फील्ड (धरातलीय) भ्रमण करेंगे। इस दौरान शेखावाटी क्षेत्र की विश्वप्रसिद्ध मूर्तिकला, प्राचीन शिलालेखों, महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों और शेखावाटी की हवेलियों में बने दुर्लभ भित्ति चित्रों (फेस्को पेंटिंग्स) की बारीकी से सर्वे व स्टडी की जाएगी। नेशनल कॉन्फ्रेंस का अंतिम दिन शेखावाटी के इतिहास पर केंद्रित होगा। अंतिम दिन शेखावाटी के नए ऐतिहासिक साक्ष्यों और भविष्य में खोज की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। 8 जुलाई को देंगे सूचना सचिव नेहरा ने बताया- इस सेमिनार की मुख्य थीम (विषय) और विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक सूचना 8 जुलाई को जारी की जाएगी। 8 जुलाई को आयोजित होने वाले प्रारंभिक कार्यक्रम की अध्यक्षता अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के हिस्ट्री डिपार्टमेंट के Ex HOD बीएल भादानी करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुधवार को शिक्षाविद् शिवनाथ सिंह भड़िया, संस्थान के चेयरमैन गणेश बेरवाल, और एडवोकेट (वकील) सूरजभान सिंह मौजूद थे।

पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, जेल भेजा:गृहक्लेश को लेकर शराब के नशे में मारपीट कर दबाया था गला

अजमेर में गृहक्लेश के बाद पत्नी के साथ मारपीट और गला दबाकर हत्या करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आदर्शनगर थाना पुलिस के अनुसार- भीलवाड़ा हाल राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के पास डेरा निवासी माया भील पत्नी काना बावरिया की 24 मई को हत्या हो गई थी। वह अपने पति के साथ झुग्गी में रहती थी। हादसे की रात को पति काना शराब के नशे में था। किसी बात पर गुस्से में आकर पति ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। बाद में उसका गला दबा दिया। अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। उसे गंभीर हालत में जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस पहुंची और आरोपी पति को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। कोर्ट में किया पेश, जेल भेजा पुलिस ने माया के भाई ग्राम कालिया आसिंद भीलवाड़ा निवासी रमेश को बुलाया और जेएलएन अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव उसे सौंप दिया। मृतका के भाई रमेश भील ने बताया- हमारा माया से 4-5 साल से कोई संपर्क नहीं है। मेरी बहन माया को काना अपने साथ भगा लाया था। वह तब से काना के साथ रह रही थी। उनके यहां कोई आना-जाना नहीं था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मनरेगा को फिर बहाल करने की मांग, कलेक्ट्रेट पर तनातनी:अखिल भारतीय किसान सभा का प्रदर्शन; अतिक्रमण कार्रवाई पर उठाए सवाल

अखिल भारतीय किसान सभा ने झुंझुनूं में प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। शहर में बुधवार को रैली निकालकर मनरेगा बहाली समेत कई मांगें रखी गई। रैली मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। जहां प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस-प्रदर्शनकारियों में तनातनी हो गई। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन में कई अन्य प्रमुख मांगें रखी गई। किसान सभा ने आरोप लगाया कि सुनियोजित साजिश के तहत मनरेगा को खत्म किया जा रहा है। फंड में कटौती और नियमों में बदलाव के कारण यह योजना दम तोड़ रही है। सरकार योजना को फिर से बहाल करे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तनातनी ​रैली जैसे ही कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंची, प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और बैरिकेड्स लांघकर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। इस दौरान वहां तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई और स्थिति आमने-सामने के टकराव जैसी बन गई। अतिक्रमण कार्रवाई पर उठाए सवाल वक्ताओं ने कहा- अतिक्रमण के नाम पर गरीबों के घरों और धार्मिक स्थलों को तोड़ा जा रहा है। यह कार्रवाई तत्काल बंद की जाए। किसानों को एमएस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) को कानूनी गारंटी दी जाए। वर्ष 2022-23 की रबी फसल के शेष मुआवजे का भुगतान तुरंत किया जाए। फसल बीमा का क्लेम ‘क्रॉप कटिंग’ रिपोर्ट के आधार पर दिया जाए। पुलिस पर छात्र को अवैध हिरासत में रखने का आरोप किसान सभा के नेता फूलचंद बर्बर ने कहा- 21 जून को झुंझुनूं पुलिस ने पातूसर गांव के निवासी छात्र नवीन कुमार को बिना किसी ठोस कारण या जुर्म के उसके घर (किसान कॉलोनी) से उठा लिया। पुलिस ने छात्र के साथ मारपीट की और बिना परिवार को सूचित किए उसे पूरे दिन अवैध तरीके से हिरासत में रखा। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन से डेटा चोरी किया। 22 जून को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

डॉक्टर्स-डे पर लगा चिकित्सा शिविर:आंखों से लेकर ईसीजी तक की फ्री जांच; दवाईयां भी दी

डॉक्टर्स डे के अवसर पर ग्लोबल हेल्थ एंड वेलफेयर सोसायटी की ओर से निर्माण नगर स्थित फिटयोग संस्थान में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. मुकेश गुप्ता ने बताया कि शिविर का उद्देश्य डॉक्टर्स डे के अवसर पर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। महासचिव डॉ. ओम बालोदिया और आयोजन सचिव लाइफ कोच इशिता बिंद्रा ने बताया कि शिविर में करीब 450 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराईं। सभी मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में डॉ. श्वेता टिक्कीवाल, डॉ. विकास मित्तल, डॉ. स्वाति जैन, डॉ. पीयूष त्रिवेदी, डॉ. आजाद सिंह, डॉ. विनोद शर्मा, डॉ. एस.के. जोशी, डॉ. अंजू कोठारी, डॉ. मो. अमान, डॉ. सायमा अली, डॉ. अंकिता माथुर, डॉ. रिया शर्मा और डॉ. निशिता सोनी सहित करीब दो दर्जन डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान आंखों की जांच, ऑडियोमेट्री, थायरॉइड, लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और ईसीजी समेत कई जांचें निशुल्क की गईं।