राजस्थान यूनिवर्सिटी की पहली मेरिट लिस्ट जारी:महारानी कॉलेज में बीकॉम 97% तो राजस्थान कॉलेज में बीए 95.79% पर बंद हुई पहली कट-ऑफ

राजस्थान विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के ग्रेजुएशन एडमिशन के लिए पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। यूनिवर्सिटी महारानी कॉलेज, महाराजा कॉलेज, राजस्थान कॉलेज और यूनिवर्सिटी कॉमर्स कॉलेज समेत सभी संघटक कॉलेजों की पहली कट-ऑफ सोमवार को वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई। सीटों के मुकाबले कई गुना आवेदन आने के कारण इस बार अधिकांश लोकप्रिय कोर्सों की कट-ऑफ पिछले सालों की तुलना में अधिक रही।
पहली मेरिट लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों को 30 जून से 2 जुलाई तक संबंधित कॉलेज में दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। इसके बाद 3 जुलाई तक फीस जमा कर प्रवेश सुनिश्चित करना होगा।
महारानी कॉलेज में बीकॉम पास कोर्स की कट-ऑफ सबसे ज्यादा 97%
यूनिवर्सिटी महारानी कॉलेज में कॉमर्स संकाय की कट-ऑफ सबसे अधिक रही। बीकॉम पास कोर्स में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 97 प्रतिशत रही। ओबीसी के लिए 94.40, एससी 87.20, एसटी 75.60, ईडब्ल्यूएस 92.40 और एमबीसी 80.40 प्रतिशत रही।
बीकॉम मेजर (एबीएसटी) में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 96.20 प्रतिशत, ओबीसी 92.30, एससी 79, एसटी 61, ईडब्ल्यूएस 91.20 और एमबीसी 80.80 प्रतिशत रही। बीकॉम मेजर (बीएडीएम) में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 95.40 प्रतिशत, जबकि बीकॉम मेजर (ईएएफएम) में 96.20 प्रतिशत रही। वहीं बीबीए (एसएफएस) में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 91.20 प्रतिशत रही। राजस्थान कॉलेज में बीए के लिए 95.79% तक पहुंची कट-ऑफ
राजस्थान कॉलेज में थ्री/फोर ईयर बीए पास कोर्स (डे) में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 95.79 प्रतिशत रही। ओबीसी 93.80, एससी 91, एसटी 91.60, ईडब्ल्यूएस 92.40 और एमबीसी 93 प्रतिशत रही।
एसएफएस बीए पास कोर्स में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 68.40 प्रतिशत रही। बीए मेजर में भूगोल और राजनीति विज्ञान के लिए सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 94-94 प्रतिशत रही। अर्थशास्त्र में 91.60, इतिहास में 90.60, अंग्रेजी साहित्य में 90, हिंदी में 75.80, मनोविज्ञान में 74 और समाजशास्त्र में 70 प्रतिशत कट-ऑफ रही। लोक प्रशासन विषय में 50 प्रतिशत तक प्रवेश रखा गया है। कॉमर्स कॉलेज में बीकॉम रेगुलर के लिए 93% कट-ऑफ
कॉमर्स कॉलेज में बीकॉम रेगुलर के लिए सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 93 प्रतिशत रही। ओबीसी 88, एससी 75, एसटी 45.20, एमबीसी 61.60 और ईडब्ल्यूएस 85 प्रतिशत रही।
बीबीए में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 90.20 प्रतिशत, बीसीए में 87.60 प्रतिशत रही। बीकॉम (एबीएसटी) में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 93 प्रतिशत, बीकॉम (बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) में 86.50 प्रतिशत और बीकॉम (ईएएफएम) में 84.60 प्रतिशत रही। बीकॉम (एसएफएस) में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 75 प्रतिशत और बीकॉम (बीएफएसआई) में 75.80 प्रतिशत रही।
महाराजा कॉलेज में बीएससी (मैथ्स) की कट-ऑफ सबसे ज्यादा 96%
महाराजा कॉलेज में विज्ञान संकाय की पहली मेरिट लिस्ट में सबसे अधिक कट-ऑफ बीएससी (मैथ्स) के लिए रही। सामान्य वर्ग में बीएससी (मैथ्स) की कट-ऑफ 96 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके अलावा बीएससी (मैथ्स ग्रुप) में 95.40 प्रतिशत, बीएससी (फिजिक्स) में 95.40 प्रतिशत, बीएससी (केमिस्ट्री) में 93.40 प्रतिशत, बीएससी (जूलॉजी) में 92 प्रतिशत, बीएससी (बायो ग्रुप) में 91.20 प्रतिशत और बीएससी (बॉटनी) में 91 प्रतिशत कट-ऑफ रही। वहीं बीसीए में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ 90 प्रतिशत और बीएससी (स्टैटिस्टिक्स) में 71 प्रतिशत रही। अधिकांश पाठ्यक्रमों में ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और एमबीसी वर्ग की कट-ऑफ भी 80 से 94 प्रतिशत के बीच रही, जिससे स्पष्ट है कि इस बार महाराजा कॉलेज में भी प्रवेश के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। रिक्त सीटें बचने पर जल्द जारी होगी दूसरी मेरिट लिस्ट
राजस्थान विश्वविद्यालय में इस बार 22 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि चारों संघटक कॉलेजों में करीब 6700 आवेदन जमा हुए। सीटों की तुलना में कई पाठ्यक्रमों में तीन गुना तक आवेदन आने से प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ी और पहली कट-ऑफ भी ऊंची रही। विश्वविद्यालय के अनुसार पहली मेरिट लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों को 30 जून से 2 जुलाई तक दस्तावेज सत्यापन कराना होगा। इसके बाद 3 जुलाई तक फीस जमा करने के बाद संबंधित कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रिक्त सीटें बचने पर विश्वविद्यालय दूसरी मेरिट लिस्ट जारी करेगा।

दर्दनाक हादसे का चश्मदीद बोला- शवों के बीच तड़पता रहा:आंख खुली तो अस्पताल में था, जयपुर-अजमेर हाईवे पर खड़ी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत

जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर दूदू के महला गांव के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बस के खलासी मोहम्मद रेहान ने होश आने के बाद हादसे का ऐसा मंजर बयां किया जिसे सुनकर हर कोई सिहर उठा। उसने कहा कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साथ खड़े लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह खुद शवों के बीच खून से लथपथ पड़ा रहा। सोमवार सुबह करीब पांच बजे जयपुर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस का एक्सल टूट जाने के कारण बस को हाईवे किनारे खड़ा किया गया था। ड्राइवर बस ठीक करने में जुटा था, जबकि खलासी मोहम्मद रेहान नया एक्सल लेकर लौटा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में मधुराज, राहुल हरिजन और भंवर सिंह राजावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
घायल खलासी ने सुनाई हादसे की खौफनाक कहानी गंभीर घायल मोहम्मद रेहान ने बताया कि वह ड्राइवर सहित आठ लोगों के साथ बस के आगे खड़ा था। बस की बैक लाइट और इंडिकेटर चालू थे, फिर भी तेज रफ्तार ट्रक सीधे बस में आ घुसा। उसने कहा कि टक्कर इतनी भयानक थी कि जो लोग ट्रक के नीचे आए, उनके बचने की कोई उम्मीद नहीं थी। वह खुद सिर, चेहरे, कंधे और पेट पर गंभीर चोट लगने के बाद दर्द से तड़पता रहा। उसकी आंखों के सामने मृतकों और घायलों को उठाया जा रहा था, लेकिन वह खुद हिल भी नहीं पा रहा था। कुछ देर बाद उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया और जब होश आया तो वह एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के बेड पर था। बहन बोलीं- भाई था सिर्फ कमाने वाला रेहान की बहन नेहा ने बताया कि आठ महीने पहले ही उसके भाई ने बस में खलासी का काम शुरू किया था और वही पूरे परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। पिता बीमारी के कारण काम करने में असमर्थ हैं, जबकि परिवार में दो बहनें और एक छोटा भाई पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है, लेकिन रोजगार की तलाश में जयपुर आकर किराये पर रह रहा है। परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है। फिलहाल गंभीर घायल मोहम्मद रेहान का एसएमएस अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, पुलिस हादसे की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर खड़े वाहनों की सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रेप के दोषी नाबालिग बालक को 20 साल की जेल:DNA रिपोर्ट ने साबित किया अपराध, पीड़िता को 5 लाख रुपए मुआवजा

पॉक्सो मामलों के विशिष्ट न्यायाधीश बृजेश कुमार शर्मा ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने नाबालिग आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कारावास और 1 लाख 2 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। इसके साथ ही पीड़ित बालिका को पीड़ित प्रतिकर स्कीम के तहत 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिलाने का भी आदेश दिया गया है। इस मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य, विशेषकर डीएनए रिपोर्ट, आरोपी को दोषी सिद्ध करने का प्रमुख आधार बनी। विशिष्ट लोक अभियोजक गजेंद्र शर्मा ने बताया कि यह मामला जिले के महावीरजी थाना क्षेत्र का है। पीड़ित बालिका की ताई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार घटना से लगभग तीन-चार महीने पहले आरोपी बालक ने पीड़िता को अपनी मौसी के लड़के को खिलाने के बहाने अपने घर बुलाया था। जब पीड़िता उसके घर पहुंची, तो आरोपी उसे जबरन एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के चिल्लाने पर आरोपी ने उसके मुंह में चुन्नी ठूंस दी और धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसे जान से मार देगा। इस डरावनी घटना और जान से मारने की धमकी के कारण पीड़िता चुप रही। परिणामस्वरूप, उसे चार माह का गर्भ ठहर गया। पेट में बदलाव देखने के बाद पीड़िता ने अपनी ताई को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद महावीरजी थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन अनुसंधान किया और आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में 21 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त 43 महत्वपूर्ण दस्तावेज साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किए गए। पीड़िता के गर्भपात के बाद सुरक्षित रखे गए भ्रूण के सैंपल और विधि से संघर्षरत बालक के खून के नमूने की डीएनए जांच कराई गई थी। फॉरेंसिक रिपोर्ट में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि भ्रूण का जैविक पिता वही बालक था। इन सभी पुख्ता और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर विशिष्ट न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए 20 साल के कारावास और आर्थिक जुर्माने की सजा सुनाई।

कोलकाता में राजस्थान फोरम ने किया दिया कुमारी का अभिनंदन:प्रख्यात संस्कृतिविद् एवं राजस्थान फोरम के संस्थापक संदीप भुतोड़िया ने की मुलाकात, राजस्थान कला, संस्कृति पर हुई चर्चा

राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी से राजस्थान फोरम के संस्थापक एवं प्रख्यात संस्कृतिविद्, संदीप भुतोड़िया ने कोलकाता के आईटीसी सोनार में शिष्टाचार भेंटे की। इस अवसर पर भुतोड़िया ने बंगाल का पारंपरिक कांथा दुपट्टा ओढ़ाकर उप मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और साथ ही गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की गीतांजलि पुस्तक भेंट स्वरूप प्रदान की । इस दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री को राजस्थान फोरम की ओर से संचालित सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों के बारे में अवगत कराया और आगामी कार्यक्रमों एवं पहलों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया ने कहा कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है। राजस्थान फोरम द्वारा कला, संस्कृति, साहित्य और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। मुझे विश्वास है कि संस्था भविष्य में भी अपनी सांस्कृतिक पहलों के माध्यम से राजस्थान की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी। उल्लेखनीय है कि भूतोड़िया देशभर में विशेषकर राजस्थान और जयपुर में कला, संस्कृति एवं साहित्य के सक्रिय प्रवर्तक के रूप में प्रतिष्ठित हैं। भारतीय लोक कला, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति उनका योगदान व्यापक रूप से सराहा जाता रहा है।

सलूंबर में 20वां सांख्यिकी दिवस समारोह:कलेक्टर बोले- सटीक आंकड़े सशक्त नीति निर्माण की आधारशिला

सलूंबर जिला आर्थिक एवं सांख्यिकी कार्यालय की ओर से सोमवार को होटल अमृत में 20वें जिला स्तरीय सांख्यिकी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कलेक्टर मुहम्मद जुनैद भी पहुंचे। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सटीक डेटा से बनेगी, सटीक नीति कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद ने कहा कि किसी भी योजना का निर्माण,उसका प्रभावी क्रियान्वयन और मूल्यांकन सांख्यिकी पर आधारित होता है।उन्होंने नीतिनिर्माण और नीति मूल्यांकन में सांख्यिकी की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कलेक्टर ने जोर दिया कि गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध होने पर ही योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी होगा और आमजन को बेहतर लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जितना बेहतर और गुणवत्तापूर्ण डेटा मिलेगा, उतनी ही प्रभावी नीतियां बनेंगी और उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। ये रहे मौजूद इस दौरान मुख्य आयोजना अधिकारी भारतजोशी,ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी,जयसमंद एवं सराड़ा प्रकाश लाल भट्ट ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारीलसाड़िया गोपाल अग्रवाल,ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी,सलूंबरअनीता चौधरी,ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी,झल्लारा नवीन कुमार मीणा,ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी,सेमारी भगवान लालपटेल,सूचना सहायक नरेश सुथार सहित कर्मचारी मौजूद रहे

अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का सरगना और साथी गिरफ्तार:गुगोर किले के खंडहरों से चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद

जिले की छबड़ा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से और उनकी निशानदेही पर कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें से छह बाइकें गुगोर किले के नीचे झाड़ियों में बने खंडहरों से मिली हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि जोशी कॉलोनी निवासी इमरान पुत्र अकरम ने छबड़ा थाने में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी कमल जांगिड़ और डीएसपी ताराचंद के पर्यवेक्षण में छबड़ा सीआई राजेश कुमार खटाना के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कुंभराज रोड पर नाकाबंदी कर मध्यप्रदेश के गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के मीरवाड़ा निवासी विष्णु गुर्जर (25) और बिरोली निवासी धीरप गुर्जर (26) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक चोरी की बाइक बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने चोरी की अन्य बाइकें गुगोर किले के नीचे झाड़ियों में बने खंडहरों में छिपा रखी थीं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छह और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।

चपरासी भर्ती परीक्षा का रिवाइज्ड रिजल्ट:5750 कैंडिडेट्स का रिजल्ट होल्ड, 48 हजार का घोषित; कल पता चलेगा किसे मिला कौन सा विभाग

राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती (चपरासी भर्ती) परीक्षा का रिवाइज्ड (संशोधित) रिजल्ट सोमवार को कर्मचारी चयन बोर्ड ने जारी कर दिया है। भर्ती के लिए पिछले साल 19 से 21 सितंबर तक परीक्षा का आयोजन किया गया था। हालांकि, किस उम्मीदवार को कौन सा विभाग या जिला आवंटित हुआ है, इसकी सूची (शीट) 30 जून को जारी की जाएगी। यह रिजल्ट चार अलग-अलग शीट में जारी किया गया है, जिसमें रोल नंबर के अनुसार अभ्यर्थियों का विवरण दिया गया है। चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान करते हुए चयनित उम्मीदवारों को बधाई दी है। आलोक राज ने बताया- कोर्ट के आदेश की अनुपालना में लगभग 5,750 अभ्यर्थियों का रिजल्ट होल्ड (रोक) पर रखते हुए, बाकी करीब 48,000 अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी किया गया है। 24 लाख से ज्यादा आए थे आवेदन भर्ती के लिए कुल 24 लाख 71 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 21.17 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। इस परीक्षा में सफल होने वाले 53,749 उम्मीदवारों को नौकरी दी जाएगी।

पुलिस ने जब्त किए मादक पदार्थ को नष्ट किया:45 मामलों में 3726 किलो डोडा चूरा और ड्रग्स पकड़ी थी

एनडीपीएस एक्ट के 45 मामलों में जब्त भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। नष्ट किए गए पदार्थों में लगभग 3726 किलो 99 ग्राम डोडाचूरा, 690 ग्राम एमडीएमए, 6 किलो 737 ग्राम एमडी, 5 किलो 98 ग्राम गांजा, 4 किलो 219 ग्राम एमडी सहायक पाउडर और 446.78 ग्राम ब्राउनशुगर शामिल हैं। यह कार्रवाई महानिदेशक पुलिस राजस्थान, जयपुर के 17 मई 2016 के आदेश क्रमांक 7218-72 के तहत की गई। इस संबंध में जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की बैठक 29 जून 2026 को चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा स्थित सीमेंट फैक्ट्री में हुई थी। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने की। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अनुसंधान सेल) बलवीर सिंह और अपराध सहायक पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सदस्य भी मौजूद थे। समिति ने प्रतापगढ़, हथुनिया, रठांजना, सुहागपुरा, घंटाली, पीपलखूंट, सालमगढ, कोटडी, अरनोद, देवगढ़, धरियावद, छोटीसादड़ी, जलोदाजागीर और धोलापानी थानों द्वारा प्रस्तुत एनडीपीएस एक्ट के मामलों की समीक्षा की। 45 निस्तारण योग्य प्रकरणों में लगभग 3726 किलो 99 ग्राम अवैध डोडाचूरा, 690 ग्राम अवैध एमडीएमए, 6 किलो 737 ग्राम अवैध एमडी, 5 किलो 98 ग्राम अवैध गांजा, 446.78 ग्राम अवैध ब्राउनशुगर और 4 किलो 219 ग्राम अवैध एमडी सहायक पाउडर को जलाकर नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, लगभग 3 किलो 34 ग्राम अवैध अफीम का सत्यापन किया गया। इसे अफीम एवं क्षारोद कारखाना, नीमच में जमा कराने का निर्णय लिया गया है।

हाईवे क्रॉस करती छात्रा को वाहन ने मारी टक्कर, मौत:कॉलेज में एग्जाम देने जा रही थी, उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हादसा

सलूंबर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। छात्रा साइना मीणा (19) पुत्री सवा मीणा, निवासी खरबर-बी नदी फला, सराड़ा​ जिला सलूंबर सोमवार दोपहर को अपने घर से शहर के मीरा गर्ल्स कॉलेज में परीक्षा देने के लिए आ रही थी। तभी परसाद स्थित पुरानी पुलिस चौकी के पास सड़क पार करते वक्त अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत परसाद सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां हालत ज्यादा गंभीर होने से प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत उदयपुर एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। जहां शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
परसाद थाने के एएसआई भेरूसिंह ने बताया कि छात्रा दोपहर करीब 12 बजे घर से मीरा गर्ल्स कॉलेज एग्जाम देने के लिए निकली थी। वह फर्स्ट ईयर(आर्ट्स) में थी। उसका आज सेकंड सेमेस्टर का एग्जाम था। हाईवे क्रॉस करते वक्त अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे उसके सिर और कंधे में गंभीर चोट लगी। शाम करीब 5 बजे उसने एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका बेहद गरीब परिवार से थी। पिता खेती करते हैं। मंगलवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एएसआई ने बताया कि आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगा रहे हैं। इनपुट: बंशीलाल मीणा, टीडी